गौशाला की अव्यवस्था पर आक्रोश, निवास-शहपुरा मार्ग पर 3 घंटे चक्का जाम

गौशाला की अव्यवस्था पर आक्रोश, निवास-शहपुरा मार्ग पर 3 घंटे चक्का जाम

  • संत अनिल बाबा का आमरण अनशन हुआ उग्र
  • प्रशासन के आश्वासन पर थमा आंदोलन
  • 15 दिन में सुधार की चेतावनी

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम बिझौली स्थित गौशाला में व्याप्त घोर अव्यवस्थाओं के विरोध में चल रहा ग्रामीणों का धरना शुक्रवार को उग्र हो गया। तीन दिन से आमरण अनशन पर बैठे संत अनिल बाबा की अगुवाई में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने निवास-शहपुरा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे लगभग तीन घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। इस दौरान अप-डाउन करने वाले शासकीय कर्मचारी, स्कूली बच्चे और यात्री बसें भी जाम में फंसी रहीं।संत अनिल बाबा ने बताया कि गौशाला में चारा, भूसा, पानी और बिजली की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण लगातार गौवंशों की मौत हो रही थी। इन्हीं समस्याओं को लेकर उन्होंने मंगलवार से आमरण अनशन शुरू किया था। जब प्रशासन ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो शुक्रवार की सुबह यह आंदोलन उग्र हो गया और ग्रामीणों के सहयोग से मुख्य मार्ग को जाम कर दिया गया।प्रदर्शन की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक चैन सिंह वरकड़े, एसडीएम सीएल वर्मा, एसडीओपी पीएस वालरे, जनपद सीईओ श्रद्धा चौबे सोनी, तहसीलदार संदीप नागोंसे, नायब तहसीलदार आलोक सोनी, पशु चिकित्सा अधिकारी नितिन वैष्णव, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय जायसवाल, निवास थाना प्रभारी वर्षा पटेल सहित आसपास के थाने का बल और अन्य प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे।

गुस्साएं ग्रामीणों ने किया चक्का जाम 

प्रशासन को जैसे ही संत बाबा का अनशन उग्र होने की आशंका हुई, उन्होंने आंदोलन से बचने के लिए देर रात गौशाला में चारा, पानी सहित अन्य उचित व्यवस्थाएं करा दी थीं। हालांकि संत अनिल बाबा और ग्रामीणों का कहना था कि यह व्यवस्था अगर पहले ही कर दी गई होती, तो इतनी गौवंशों की मौत नहीं होती। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सुबह होते ही चक्काजाम कर दिया।

अतिरिक्त पुलिस बल हुआ तैनात 

चक्काजाम और गहमा-गहमी के माहौल को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। निवास एसडीओपी पीएस वालरे ने उच्च अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद निवास अनुभाग (डिवीजन) अंतर्गत टिकारिया थाना, बीजाडांडी थाना का बल मौके पर पहुंचा और साथ ही मंडला पुलिस लाइन से वज्र वाहन भी बुलवाया गया। हालांकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित नहीं हुई और प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से चला।

विधायक के हस्तक्षेप से थमा प्रदर्शन 

लगभग तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों और स्थानीय विधायक चैन सिंह वरकड़े ने संत अनिल बाबा और ग्रामीणों से बातचीत की। विधायक ने संत बाबा को लिखित आश्वासन दिया कि अब गौशाला में व्यवस्थाएं सुचारू रूप से जारी रहेंगी और किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। तीन दिनों से अनशन पर बैठे संत अनिल बाबा ने संकल्प लिया था कि जब तक व्यवस्थाएं नहीं सुधरेंगी, वह अपना अनशन नहीं तोड़ेंगे। उन्हें नर्मदा परिक्रमा वासियों सहित विभिन्न समाजसेवी संगठनों का भी समर्थन मिला। प्रशासन के भरोसे और लिखित आवेदन के बाद संत अनिल बाबा ने अपना आमरण अनशन और चक्काजाम समाप्त करने का फैसला लिया। विधायक चैन सिंह वरकड़े ने जल ग्रहण कराकर औपचारिक रूप से उनका अनशन तुड़वाया। इस दौरान समाजसेवियों ने गौ माता की जय के नारे लगाए।

15 दिन की मोहलत 

चक्का जाम स्थगित करने के बावजूद संत अनिल बाबा ने प्रशासन को 15 दिवस के अंदर गौशाला की अन्य व्यवस्थाओं को पूरी तरह से सुधारने की चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि भविष्य में भी व्यवस्थाओं में लापरवाही बरती गई, तो आंदोलन फिर से शुरू किया जाएगा। लगभग तीन घंटे बाद यातायात सुचारू रूप से बहाल हुआ।

इनका कहना हैं

ग्रामीणों की अधिकांश मांगों का निराकरण कर दिया गया है। गौशाला के सचिव को हटाने की मांग जिला पंचायत को भेजी गई है। इसके साथ ही गौशाला में हुई अनियमितताओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सीएल वर्मा, एसडीएम निवास

यह मामला सिर्फ बिझौली ग्राम की गौशाला की नहीं हैं प्रदेश भर की गौशालाओं की स्थिति ऐसी ही हैं सरकार से प्रत्येक गौशाला में एक नियमित कर्मचारी नियुक्त करने और बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करनी चाहिए।
चैन सिंह वरकड़े, विधायक निवास

जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची इससे पहले भी दो दिन पूर्व मौके पर पहुंची थी धरने पर बैठे अनिल बाबा को आश्वाशन दिया गया हैं जिसके बाद वह माने हैं वही व्यवस्थाएं गौशाला में सुचारू रूप से चालू हो गई हैं ।
श्रद्धा चौबे सोनी, सीईओ निवास

जानकारी मिली कि ग्राम बिझौली में चल रहे धरना प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया हैं और ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया, मौके पर निवास थाना के बल के साथ पहुंचा वही अतिरिक्त पुलिस बल निवास, टिकरिया, बीजाडांडी और मंडला से बुलाया गया, हालांकि शांति पूर्ण प्रदर्शन चला।
पीएस वालरे, एसडीओपी निवास


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे



 

Leave a Comment