पंचायत संपत्ति चोरी पर मौन बैठे सरपंच, पुलिस को सूचना देना समझा अनुचित

पंचायत संपत्ति चोरी पर मौन बैठे सरपंच, पुलिस को सूचना देना समझा अनुचित

  • डोंगर मंडला में चोरों की चांदी
  • नल जल योजना से लेकर सुलभ शौचालय तक की रेलिंग गायब
  • सरपंच पर मिलीभगत का आरोप

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं ने प्रशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं ताजा मामला जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित डोंगर मंडला से सामने आया है, जहाँ पंचायत की शासकीय संपत्तियों की लगातार चोरी हो रही है और स्थानीय सरपंच और जनप्रतिनिधि इस पर पूरी तरह मौन हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं, क्योंकि उन्हें स्थानीय नेतृत्व की ओर से कोई चुनौती नहीं मिल रही है।

जानकारी अनुसार चोरी की शुरुआत नल जल योजना के तहत लगाई गई पानी की टंकी से हुई, जिसे चोर आसानी से चुरा ले गए। इस घटना के बाद भी सरपंच द्वारा पुलिस या प्रशासन को कोई सूचना नहीं दी गई, जिससे अपराधियों का मनोबल बढ़ गया। बताया गया कि सरपंच की इस लापरवाही के तुरंत बाद चोरों ने एक और घटना को अंजाम दिया। उन्होंने नल जल योजना के कक्ष का ताला तोड़कर वहां लगे बिजली के उपकरण चोरी कर लिए। सूत्रों ने बताया कि इस दूसरी चोरी के बाद भी सरपंच ने पुलिस की सहायता लेना अनुचित समझा।

चोरी की नहीं दी जानकारी 

बताया गया कि चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि चोरों ने बेखौफ होकर तीसरी घटना को अंजाम दिया। बाजार टोला में लगाई गई नई फेंसिंग एक सप्ताह के भीतर चोरी हो गई। हद तो तब हो गई जब हाल ही में बने बाजार वार्ड के सुलभ शौचालय की रेलिंग भी चुरा ली गई, लेकिन इसके बाद भी सरपंच ने पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी।

चोरी के बाद भी सरपंच चुप 

एक के बाद एक चार बड़ी चोरी की घटनाओं पर सरपंच का लगातार मौन रहना स्थानीय निवासियों के बीच रोष का कारण बन गया है। लोगों का कहना है कि सरपंच की यह चुप्पी बता रही है कि इनको शासकीय संपत्ति से कोई मतलब नहींं है, या इन्हें इसका महत्व ही नहीं मालूम है या फिर वे जानबूझकर चोरों को शह दे रहे हैं। कई लोग तो यहाँ तक आरोप लगा रहे हैं कि इन लगातार हो रही चोरियों में सरपंच की मिलीभगत हो सकती है। बताया गया कि जिले में चोरी का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है, और ऐसा लगता है कि अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ खत्म हो गया है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन और पुलिस इस मौन बैठे सरपंच पर क्या कार्रवाई करती है और डोंगर मंडला की चोरी की घटनाओं को कब रोकती है।

इनका कहना है

मेरी संज्ञान में यह बात आई है और मैं इस पर उचित कार्रवाई करूंगी
सुरेश्वरी धुर्वे सरपंच

मेरे द्वारा सरपंच को फोन लगाकर संबंधित घटना का विवरण दिया गया लेकिन सरपंच महोदय के द्वारा किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।


संतोष धुर्वे, ग्राम निवासी

मेरे द्वारा सरपंच को इस बात की जानकारी दी गई की शौचालय की रेलिंग चोरी हो गई है सरपंच ने मुझे बताया कि यह जानकारी मेरे पास पहले से आ चुकी है, बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की गई।


गंगाराम नरते, ग्राम निवासी


 

Leave a Comment