नारायणगंज में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस शिविर आयोजित
- गर्भवती महिलाओं की हुई नि:शुल्क जांच
- हाईरिस्क केस पर विशेष ध्यान
मंडला महावीर न्यूज 29. गर्भवती महिलाओं को बेहतर प्रसव पूर्व देखभाल प्रदान करने के उद्देश्य से नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व देखभाल की गुणवत्ता और कवरेज को बढ़ाना है। इसके साथ ही हाईरिस्क वाली महिलाओं की जांच, निदान और परामर्श सेवाओं में सुधार लाना है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल ने बताया कि शिविर में आई सभी गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच और परीक्षण कर उन्हें जरूरी परामर्श दिया गया। शिविर में महिलाओं का एचआईवी, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, यूरीन प्रोटीन और एल्बुमिन की जांच की गई। नर्सिंग ऑफिसर प्रमिला पुष्कर ने बताया कि गर्भवती महिलाओं में डायबिटीज की जांच पर प्रमुखता से ध्यान दिया जाता है। इसके लिए ओरल ग्लूकोज टॉलरेंस टेस्ट किया गया। यह टेस्ट शरीर की बड़ी मात्रा में चीनी को संसाधित करने की क्षमता को दर्शाता है और गर्भकालीन मधुमेह के निदान के लिए महत्वपूर्ण है।
बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए करें रेफरल
स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि जांच के बाद यदि किसी महिला के गर्भाशय में किसी भी प्रकार की शिकायत पाई जाती है, तो उसे तत्काल बेहतर स्वास्थ्य सेवा के लिए उच्च अस्पताल भेजा जाता है। ऐसा प्रसव के समय किसी भी संभावित परेशानी से बचने के लिए किया जाता है। मातृत्व दिवस अभियान के अंतर्गत सभी जांच और परामर्श सेवाएं सरकार द्वारा नि:शुल्क प्रदान की जा रही हैं।









