मंडला में रेल सुविधाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त
- विधायक नारायण सिंह पट्टा का अशासकीय संकल्प विधानसभा में पारित
- मंडला रेलवे स्टेशन अब वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम से जाना जाएगा, प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया
- विधायक पट्टा ने मंडला से जबलपुर नई ट्रेन और गोंडवाना एक्सप्रेस को विस्तार देने की मांग की
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बिछिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक नारायण सिंह पट्टा ने विधानसभा सदन में एक अशासकीय संकल्प प्रस्तुत किया, जिसे सदन द्वारा पारित कर दिया गया है। इस संकल्प के माध्यम से उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कई अहम मांगे रखी हैं।
बताया गया कि विधानसभा सदन में विधायक नारायण सिंह पट्टा द्वारा की गई मांग में मंडला से जबलपुर के बीच एक नवीन ट्रेन सेवा शुरू की जाए। ओवरनाईट एक्सप्रेस और इंटरसिटी एक्सप्रेस सहित प्रतिष्ठित गोंडवाना एक्सप्रेस को मंडला से चलाया जाए, जिससे जिले की कनेक्टिविटी बढ़े। मंडला रेलवे स्टेशन का नाम परिवर्तित कर वीरांगना रानी दुर्गावती स्टेशन मंडला किया जाए, जो कि जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती देगा।
केंद्र सरकार को भेजा जाएगा प्रस्ताव
विधायक नारायण सिंह पट्टा द्वारा प्रस्तुत यह अशासकीय संकल्प विधानसभा सदन में पारित हो चुका है। अब मध्यप्रदेश सरकार द्वारा इस प्रस्ताव को आवश्यक कार्यवाही और विचार के लिए केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। विधायक नारायण सिंह पट्टा ने इस पहल के महत्व को बताते हुए कहा कि मंडला जिले के विकास के लिए रेल सुविधाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि यद्यपि रेल सुविधा केंद्र सरकार का विषय है, फिर भी उन्होंने अपने स्तर से इस दिशा में प्रयास किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार द्वारा भेजे गए इस प्रस्ताव पर केंद्र सरकार गंभीरता से विचार करेगी और जिले के लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।








