शीत लहर का प्रकोप जारी, न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री

मंडला में शीत लहर का प्रकोप जारी, न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री पर पहुँचा

  • अगले कुछ दिनों तक राहत नहीं
  • कान्हा में भी कड़ाके की ठंड: 6.6 डिग्री तापमान के बावजूद पर्यटक ले रहे सफारी का आनंद
  • मंडला जिले में कड़ाके की ठंड का दौर जारी, शीतलहर से दिन में भी ठिठुरन

मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। सोमवार की सुबह जिले में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव अपेक्षित नहीं है, जिससे शीतलहर का प्रभाव बना रहेगा। पिछले कुछ दिनों से ठंड से मिली हल्की राहत अब समाप्त हो चुकी है। शनिवार से ही न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।बताया गया कि रविवार को मंडला शहर का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। वहीं सोमवार को न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री रहा। जिसके कारण तापमान में यह गिरावट और हल्की हवा के कारण दिन के समय भी लोगों को ठंड का अहसास हो रहा है, जो शाम ढलते ही और भी बढ़ जाती है।

कान्हा और भिलवानी में भी तीव्र ठंड 

जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल कान्हा नेशनल पार्क में भी तीव्र ठंड महसूस की जा रही है। रविवार को कान्हा का तापमान 6.6 डिग्री था, जो सोमवार को थोड़ा बढ़कर 8.8 डिग्री हो गया। जिले के भिलवानी क्षेत्र में भी न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री दर्ज किया गया है। तीव्र ठंड के बावजूद, प्रकृति और वन्यजीवों के दीवाने पर्यटक सफारी का उत्साहपूर्वक आनंद ले रहे हैं।

ठंड से बचने की दी सलाह 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार वर्तमान में मध्यप्रदेश के ऊपर मौसम साफ बना हुआ है। आगामी दिनों में तापमान में किसी विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, जिससे लोगों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी गई है।



 

Leave a Comment