दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर एक की मौत, एक गंभीर घायल

निवास-शहपुरा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा

  • दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में जनशिक्षक की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल

मंडला महावीर न्यूज 29. निवास-शहपुरा मार्ग पर निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिसौरा में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में अमगवा संकुल केंद्र के जनशिक्षक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।जानकारी अनुसार बिसौरा निवासी 55 वर्षीय जनशिक्षक राघवेंद्र तिवारी पिता स्व. जगन्नाथ तिवारी अपनी बाइक से घर के पास स्थित खेत की ओर जा रहे थे। बिसौरा के यात्री प्रतीक्षालय के सामने उनकी बाइक की सामने से आ रही एक अन्य बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर सवार 35 वर्षीय अजय धुर्वे पिता नवल धुर्वे, निवासी बरेला, डोभी अपने ससुराल से लौट रहे थे। बताया गया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि जनशिक्षक राघवेंद्र तिवारी के सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। अजय धुर्वे गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची और घायल अजय धुर्वे को निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद लाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत जबलपुर मेडिकल रेफर कर दिया गया। निवास पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को मृतक का पोस्टमार्टम किया गया, जिसके बाद पैतृक गांव बिसौरा में हिंदू रीति-रिवाज से उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे


 

Leave a Comment