संविधान ही वंचितों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करता है

नैनपुर के सर्रा पिपरिया स्कूल में 26 जनवरी तक चलेगा संविधान वाचन

  • बच्चों को दी मूल कर्तव्य की जानकारी
  • संविधान ही वंचितों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करता है
  • प्रतिदिन हो रहा बाल सभा का आयोजन, दो वर्षों से चल रहा है यह अनूठा कार्यक्रम

मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखण्ड नैनपुर की माध्यमिक शाला सर्रा पिपरिया में पिछले दो वर्षों से चलाए जा रहे संविधान वाचन कार्यक्रम का आयोजन इस वर्ष भी 26 नवंबर से 26 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन किया जा रहा है। इस अनूठी पहल के सातवें दिवस पर बच्चों को संविधान के भाग चार में सन्निहित मूल कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।प्रभारी शिक्षक संजीव सोनी के मार्गदर्शन में विषय शिक्षक गणेश ठाकुर द्वारा प्रतिदिन दोपहर 2.30 बजे से 2.45 बजे तक बाल सभा आयोजित कर संविधान का वाचन किया जाता है। इस कार्यक्रम का समापन 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर होता है, जहाँ सांस्कृतिक कार्यक्रम के मंच से संविधान से संबंधित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता रखी जाती है और सही उत्तर देने वालों को मौके पर ही पुरस्कृत किया जाता है।

वक्ताओं ने बताया संविधान का महत्व 

इस अवसर पर ग्राम सरपंच मीरा सिंगराम, उपसरपंच बिरिया वरकड़े, एसएमसी अध्यक्ष रूकमणी उइके सहित शाला परिवार और अन्य स्कूलों के शिक्षक उपस्थित रहे। माध्यमिक शाला सगोनिया के प्रभारी अमरसिंह चंदेला ने अपने संबोधन में बताया कि देश की स्वतंत्रता में वकील वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, और आगे भी संविधान के आधार पर लोगों के अधिकारों की सुरक्षा की जिम्मेदारी वकीलों पर ही रहेगी। शाला प्रभारी संजीव सोनी ने कहा कि आर्थिक, सामाजिक रूप से पिछड़े, वंचित वर्ग, और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा संविधान के आधार पर ही सुनिश्चित की जा सकती है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी बच्चों और अतिथियों का आभार व्यक्त शिक्षक सुरेश श्रीवास्तव ने किया।



 

Leave a Comment