संडे फॉर नर्मदा-युवाओं ने संभाला नर्मदा स्वच्छता का जिम्मा

संडे फॉर नर्मदा-अभाविप की अनूठी पहल, 5 वें रविवार भी महिष्मति घाट पर चला महा-सफाई अभियान

  • युवाओं ने संभाला नर्मदा स्वच्छता का जिम्मा
  • स्टूडेंट फॉर डेवलपमेंट के तहत हर रविवार हो रही घाट की सफाई

मंडला महावीर न्यूज 29. नर्मदा को स्वच्छ और अविरल बनाए रखने के संकल्प के साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की स्टूडेंट फॉर डेवलपमेंट इकाई द्वारा शुरू किया गया संडे फॉर नर्मदा अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में रविवार को शहर के महिष्मति घाट पर कार्यकर्ताओं ने सघन सफाई अभियान चलाया। यह इस अभियान का लगातार पांचवां रविवार था।जानकारी अनुसार रविवार सुबह कार्यकर्ता महिष्मति घाट पहुंचे और घाट किनारे फैले कचरे, प्लास्टिक, पन्नी और अन्य पूजन सामग्री को एकत्रित किया। एकत्रित कचरे को नगर परिषद के वाहन के माध्यम से निष्पादित किया गया। बताया गया कि इस अभियान की शुरुआत 26 अक्टूबर 2025 को की गई थी, जिसका उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि जन-मानस में स्वच्छता के प्रति चेतना जगाना है।

नर्मदा घाट की स्वच्छता के लिए किया संवाद 

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की स्टूडेंट फॉर डेवलपमेंट इकाई के छात्रों ने नर्मदा घाट में सफाई के साथ-साथ घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं और आस-पास की बस्तियों के रहवासियों से संवाद भी किया। उन्होंने अपील की कि नर्मदा में गंदगी न डालें और नदी की पवित्रता बनाए रखें।

स्टूडेंट फॉर डेवलपमेंट कर रहा जागरूक 

बताया गया कि स्टूडेंट फॉर डेवलपमेंट अभाविप का एक आयाम है, जिसकी स्थापना 1992 में हुई थी। इसका उद्देश्य छात्रों को सतत विकास, जल संरक्षण, प्लास्टिक रीसाइक्लिंग और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों के प्रति जागरूक करना है। यह मंच पर्यावरण के साथ-साथ आर्थिक और सांस्कृतिक विकास के मुद्दों पर भी कार्य करता है।

मुहिम में जुडऩे का किया आव्हान 

अभियान के बारे में बताते हुए स्टूडेंट फॉर डेवलपमेंट के जिला प्रमुख शिवा वरकड़े ने कहा कि हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा। स्वच्छता ही सेवा एवं स्वच्छता ही संस्कार है। जब नर्मदा मैया का जल साफ रहेगा, तभी हम भी स्वस्थ रहेंगे। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं और नागरिकों को इस मुहिम से जुडऩे का आह्वान किया।



 

Leave a Comment