जादू-टोना के शक में महिला की हत्या, कुसमी गांव में खूनी वारदात

जादू-टोना के शक में महिला की हत्या, कुसमी गांव में खूनी वारदात

  • हत्यारा पड़ोसी 24 घंटे में गिरफ्तार
  • पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के निवास कुसमी गांव में अंधविश्वास और जादू-टोने के संदेह के चलते एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। निवास थाना क्षेत्र के कुसमी गांव के टिकरा टोला में शनिवार रात पड़ोसी राजेंद्र उर्फ गुड्डू मरावी ने 45 वर्षीय महिला रामबती धुर्वे के सिर पर लाठी मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि मृतका रामबती धुर्वे का पति लकवाग्रस्त था। अंधविश्वास के चलते रामबती लगातार अपने पड़ोसी राजेंद्र उर्फ गुड्डू मरावी 32 वर्ष पर यह आरोप लगाती थी कि वही जादू-टोना करके उनके पति को बीमार कर रहा है। बताया गया कि जांच में सामने आया कि विगत शनिवार रात रामबती और आरोपी राजेंद्र के बीच तीखा विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि राजेंद्र उर्फ गुड्डू मरावी ने आवेश में आकर बांस के डंडे से रामबती के सिर पर जोरदार वार कर दिया। इस घातक हमले से रामबती की मौके पर ही मौत हो गई।घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी राजेंद्र मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल घेराबंदी की और त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी राजेंद्र उर्फ गुड्डू मरावी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे

Leave a Comment