कलेक्टर से शिकायत करने पर उपसंचालक कृषि ने किसान को फंसाने की तैयारी

कलेक्टर से शिकायत करने पर उपसंचालक कृषि ने किसान को फंसाने की तैयारी

  • महिला थाने में मामला दर्ज कराने की दी धमकी
  • मंडला कृषि विभाग के कर्मचारियों पर अभद्र व्यवहार का आरोप
  • कृषि कार्यालय में अभद्र व्यवहार की शिकायत पर किसान को झूठे केस में फंसाने की धमकी

मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम पंचायत जैदेपुर के सामाजिक कार्यकर्ता और किसान भुवनलाल सिंगौर ने कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर लगातार परेशान करने का गंभीर आरोप लगाया है। भुवन लाल सिंगौर ने बताया कि ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के लिए वह नियमित रूप से कृषि कार्यालय जाते हैं, लेकिन वहाँ पदस्थ कुछ कर्मचारी उनके साथ लगातार अभद्र व्यवहार करते आ रहे हैं। किसान भुवन लाल सिंगौर ने बताया कि कार्यालय में पदस्थ रंजीत यादव द्वारा उनके साथ र्दुव्यवहार किया गया, जिसकी शिकायत उन्होंने तत्काल कलेक्टर से की थी।भुवन लाल सिंगौर का आरोप है कि कलेक्टर से शिकायत किए जाने से उपसंचालक कृषि नाराज हो गए हैं और वे अब उन्हें झूठे मामले में फंसाने के उपाय खोज रहे हैं। भुवनलाल सिंगौर ने बताया कि मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान उपसंचालक श्री झरिया ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि तुम्हारी शिकायत महिला थाने में कराई जा रही है। भुवन लाल सिंगौर ने इस धमकी के जवाब में कहा कि कृषि कार्यालय में कैमरे लगे हुए हैं, जिनकी जांच करने पर सारा मामला स्पष्ट हो जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारी कार्यालय में नियमित रूप से नहीं बैठते हैं, जिससे योजनाओं की जानकारी किसानों को सहजता से नहीं मिल पाती है और कार्यालय में मनमर्जी का आलम चल रहा है।

भुवनलाल सिंगौर ने चेतावनी दी है कि इस समस्या के समाधान और अधिकारियों के इस रवैये के विरोध में वह शीघ्र ही किसान नेताओं से मिलकर धरना प्रदर्शन करेंगे। किसानों में रोष है कि उन्हें कृषि संबंधी योजनाओं की जानकारी के लिए भी इस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


 

Leave a Comment