धर्म-कर्म, कार्यक्रम, धार्मिक आयोजन, विरोध, अपराध, हादसा, अवैध शराब, अभियान
राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ का आगाज, पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत
मंडला भक्तिमय, 108 कुंडीय महायज्ञ का शुभारंभ
भक्ति रस में डूबा नगर
विराट कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
मंडला महावीर न्यूज 29. अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वाधान में कुंभ स्थल मंडला में आयोजित चार दिवसीय 108 कुंडीय विराट राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ भक्तिमय और उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ। आयोजन के प्रथम दिवस नगर ने एक अभूतपूर्व धार्मिक उल्लास और आस्था की उमंग का अद्भुत संगम देखा। आयोजन का शुभारंभ गायत्री मंदिर से विशाल मंगल कलश यात्रा के साथ हुआ। मंगल ध्वनियों और वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य विधि-विधान से पूजन अर्चन के बाद मातृशक्तियों ने पवित्र कलश धारण कर शोभायात्रा आरंभ की। धर्मप्रेमी पीले वस्त्रों में सुसज्जित नजर आए, वहीं धार्मिक गीत-संगीत ने पूरे नगर का मन मोह लिया।
नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी इस भक्तिरस शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। धर्मप्रेमियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा की, तो वहीं फल, पेयजल और चाय बांटकर शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। कलश यात्रा के अग्रभाग में सुसज्जित घोड़े और पारंपरिक बग्घी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इसके साथ ही बाल कलाकारों द्वारा देवी-देवताओं की मनोहारी वेशभूषा, आकर्षक झांकियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र बनीं।
यज्ञ स्थल पर कलश स्थापना
बताया गया कि इस भव्य कलश यात्रा में पूरे नगर के माहौल में हम बदलेंगे युग बदलेगा, हम सुधरेंगे युग सुधरेगा जैसे उद्घोष गूंजते रहे, जिसने पूरे नगर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच कलश यात्रा नगर भ्रमण करते हुए नर्मदा के पावन तट पर स्थित महिष्मति कुंभ स्थल पहुंची। यहीं से 108 कुंडीय महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ। यज्ञ स्थल पर विधि-विधान से कलश स्थापना कराते हुए कलश पूजन एवं आरती की गई।
प्रदर्शनी का हुआ उद्घाटन
धार्मिक कार्यक्रम में देव संस्कृति दिग्दर्शन प्रदर्शनी गायत्री शक्ति पीठ छिंदवाड़ा द्वारा उद्घाटन किया गया। वरिष्ठ समाजसेवी विनोद अग्रवाल, अग्रणी प्रबंधक सुजय सिन्हा, जनपद अध्यक्ष संतोष सोनू भलावी, जिला पंचायत सदस्य जगत मरावी, नीरज अग्रवाल एवं पूर्व नपा अध्यक्ष नरेश कछवाहा, संदीप साहू ने प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए अवलोकन किया। यह प्रदर्शनी युग ऋषि परम पूज्य गुरूदेव द्वारा रचित युग साहित्य पर आधारित है और 20 नवंबर तक आमजन के लिए उपलब्ध रहेगी।
महायज्ञ का उद्देश्य और संकल्प
अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा और अखण्ड दीप के जन्म शताब्दी वर्ष 2026 के उपलक्ष्य पर आयोजित यह महायज्ञ युग निर्माण योजना के अंतर्गत एक वैश्विक उत्सव है। इसका मुख्य उद्देश्य युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के संकल्प मनुष्य में देवत्व का उदय और धरती पर स्वर्ग का अवतरण को साकार करना व समाज में सद्भाव, संस्कार और सकारात्मकता का संचार करना है।
आगामी तीन दिन होंगे विविध कार्यक्रम
बताया गया कि चार दिवसीय यह महायज्ञ 20 नवंबर तक चलेगा। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमियों से भारतीय परिवेश में सम्मिलित होने का आग्रह किया है। कार्यक्रम के द्वितीय दिन आज 18 नवम्बर प्रात: 6 से 7.30 बजे तक सामूहिक जप, ध्यान, प्रज्ञा योग-व्यायाम प्रात: 8 से 11 बजे तक यज्ञ का ज्ञान-विज्ञान देव पूजन एवं गायत्री महायज्ञ दोपहर 2 से कार्यकर्ता गोष्ठी 3 बजे तक, संगठनात्मक स्वरूप दोपहर 3 से 6 बजे तक संगीत, प्रवचन राष्ट्र समर्थ और सशक्त कैसे बने सप्त आंदोलन बुधवार 19 नवम्बर को 6 से 7.30 बजे तक सामूहिक जप, ध्यान, प्रज्ञा योग-व्यायाम प्रात: 8 से 11 बजे तक संस्कार परंपरा गायत्री महायज्ञ एवं विभिन्न वैदिक संस्कार दोपहर 2 से कार्यकर्ता गोष्ठी, 3 बजे तक अनुयाज कार्यक्रम दोपहर 3 से 6 बजे तक अखण्ड दीप एवं वंदनीया माताजी जन्म शताब्दी संकल्प दीप महायज्ञ यज्ञ में ऋषि प्रणीत वैदिक संस्कार नामकरण, अन्नप्राशन, मुंडन, विद्यारंभ, मंत्र दीक्षा- यज्ञोपवीत विवाह, जन्मदिन एवं विवाह दिवस आदि संस्कार नि:शुल्क सम्पन्न कराये जाएंगे। 20 नवम्बर को प्रात: 6 से 7.30 बजे तक सामूहिक जप, ध्यान, प्रज्ञा योग-व्यायाम प्रात: 8 से 11 बजे तक युग ऋषि परम पूज्य गुरुदेव एवं युग तीर्थ शन्तिकुंज गायत्री महायज्ञ एवं विभिन्न वैदिक संस्कार, पूर्णाहुति एवं टोली की विदाई यज्ञ में यथा संभव भारतीय परिवेश में सम्मिलित होने के लिए आग्रह किया गया है।
तेज रफ्तार ट्रक से बचने पुल से 20 फिट नीचे गिरी कार
छत्तीसगढ़ से जबलपुर की तरफ गमी में जा रहे थे कार सवार
मंडला महावीर न्यूज 29. छत्तीसगढ़ से जबलपुर की तरफ गमी में जा रहे कार सवार हादसे का शिकार हो गए। कार में चार लोग सवार थे। हालाकि कार सवार सभी लोगों को इस हादसे में गंभीर चोट नहीं है, हादसे में सभी लोगों को मामूली चोटे लगी है। हादसे की सूचना बीजाडांडी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और पुल से नीचे गिरी कार के सवारों को ऊपर लगाया गया। जहां उन्हें उपचार के लिए स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया।जानकारी अनुसार छत्तीसगढ़ से जबलपुर की तरफ जा रही एसयूवी कार क्रमांक सीजी 04 पीडब्ल्यू 1600 बीजाडांडी थाना क्षेत्र के खूटा पड़ाव और धनवाही के बीच बनी पुलिया से करीब 20 फिट नीचे गिर गई। हादसे रविवार सोमवार की दरमियानी रात करीब तीन बजे हुआ, जब जबलपुर की तरफ एक तेज रफ्तार ट्रक मंडला की तरफ जा रहा था, वहीं कार सवार छत्तीसगढ़ से मंडला होते हुए जबलपुर की तरफ किसी परिचित के गमी में जा रहे थे।बीजाडांडी थाना प्रभारी प्रदीप पांडेय ने बताया गया कि कार सवार जबलपुर की तरफ जा रहे थे, इसी दौरान सामने आ रहे ट्रक से बचने के चक्कर में उनकी कार मिट्टी के ढेर से टकरा गई और कार अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे गिर गई। गनीमत रही कि हादसा भयावह नहीं हुआ, नहीं तो कार में सवार चार लोग गंभीर घायल हो जाते। हादसे की सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल बाहर निकाला गया। वैसे तो हादसे में कार सवार चारों लोगों को मामूली चोटे आई थी। जिसके बाद कार सवार ने अन्य वाहन से वापस छत्तीसगढ़ लौट गए।
1000 मेगावाट बरगी पम्प स्टोरेज प्रोजेक्ट को ‘संदर्भ की शर्तों’ के साथ मंजूरी, 4689 करोड़ की परियोजना का रास्ता साफ
ग्राम सभा की सहमति के बिना प्रक्रिया क्यों?
बरगी डैम विस्थापित संघ ने पम्प स्टोरेज प्रोजेक्ट पर उठाए सवाल
मंडला महावीर न्यूज 29.मेसर्स सरेनिटिका प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित 1000 मेगावाट बरगी ओपन पम्प स्टोरेज हाइड्रो प्रोजेक्ट को विशेषज्ञ मूल्यांकन समिति (EAC) ने अपनी प्रारंभिक मंजूरी दे दी है। समिति ने इस परियोजना के लिए पर्यावरणीय प्रभाव आकलन (EIA) और पर्यावरण प्रबंधन योजना तथा सार्वजनिक सुनवाई आयोजित करने हेतु संदर्भ की शर्तें (ToR) प्रदान करने से संबंधित आवेदन को अनुमोदित कर दिया है।
यह ToR अब पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा औपचारिक रूप से मेसर्स सरेनिटिका को भेजे जाएंगे। यह परियोजना पर्यावरण प्रभाव मूल्यांकन अधिसूचना, 2006 के तहत श्रेणी-ए की ‘नदी घाटी परियोजनाएं’ (आइटम 1(सी)) के अंतर्गत आती है, जिसका मूल्यांकन केंद्रीय स्तर पर होना आवश्यक है।
⚙️ परियोजना का विवरण और लागत
क्षमता: 1000 मेगावाट (200 मेगावाट की चार ईकाई और 100 मेगावाट की दो ईकाई)।
लागत: ₹4689.89 करोड़ अनुमानित।
उत्पादन: प्रतिवर्ष 2078.50 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का लक्ष्य।
संरचना: यह एक ओपन-लूप पम्प स्टोरेज प्रोजेक्ट होगा, जिसमें बिजली उत्पादन के लिए मौजूदा बरगी जलाशय का उपयोग किया जाएगा और 24.44 मिलियन क्यूबिक मीटर (MCM) कुल भंडारण क्षमता वाला एक नया ऊपरी जलाशय (अधिकतम बांध की ऊंचाई 25 मीटर) बनाना प्रस्तावित है।
आवंटन: कंपनी को नवीकरणीय ऊर्जा विभाग, ऊर्जा भवन, भोपाल द्वारा दिनांक 11.08.2025 को प्रारंभिक आवंटन पत्र जारी किया गया है।
???? भूमि और विस्थापन का मसला
परियोजना के लिए कुल 381.50 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है, जिसमें से 110.50 हेक्टेयर निजी भूमि और 271 हेक्टेयर वन भूमि है। परियोजना घटकों के निर्माण के लिए वन भूमि का गैर-वन उपयोग में परिवर्तन आवश्यक होगा। हालांकि, प्रस्तावक को अभी वन स्वीकृति (Forest Clearance) के लिए आवेदन प्रस्तुत करना बाकी है।
स्थान: यह परियोजना मंडला जिले के नारायणगंज एवं बीजाडांडी विकास खंड के पिंडरई माल, सलैया माल, जमठार, खापा, निवारी और पोंडी गांवों में प्रस्तावित है।
विस्थापन: इस ओपन पम्प स्टोरेज हाइड्रो प्रोजेक्ट से 5 गांवों के लगभग 81 लोग विस्थापित होंगे।
???? विस्थापित संघ का विरोध और किसानों की मांग
इस परियोजना की मंजूरी पर बरगी बांध विस्थापित एवं प्रभावित संघ के प्रतिनिधि राज कुमार सिन्हा ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सरकार से पूछा है कि पाँचवीं अनुसूची के क्षेत्रों में विकास परियोजना स्थापित करने से पहले विस्थापित ग्राम सभा से सहमति क्यों नहीं ली जा रही है और प्रक्रिया को सहमति के बिना कैसे आगे बढ़ाया जा रहा है।
संघ ने नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (NVDA) पर भी निशाना साधा। संघ का आरोप है कि NVDA एक ओर बरगी जलाशय से क्षेत्रीय किसानों को सिंचाई के लिए पानी देने से पीछे हट रहा है, वहीं दूसरी ओर पम्प स्टोरेज परियोजनाओं को त्वरित मंजूरी देने में आगे हो जाता है।
प्रमुख मांग: बरगी बांध विस्थापित एवं प्रभावित संघ ने सरकार से मांग की है कि बरगी जलाशय से लिफ्ट सिंचाई की वर्षों से लंबित मांग को लेकर क्षेत्रीय किसानों से संवाद करने के बाद ही पम्प स्टोरेज हाइड्रो प्रोजेक्ट को अंतिम मंजूरी दी जाए।
निवास न्यायालय परिसर में हड़कंप, अधिवक्ताओं के बीच दिखा दो फुट लंबा जहरीला सांप
सर्प मित्र ने किया बैम्बू पिट वाईपर का रेस्क्यू
ठंड के कारण रिहायशी इलाकों में पहुंच रहे हैं जंगल के सांप
मंडला महावीर न्यूज 29.सोमवार की शाम लगभग पांच बजे निवास न्यायालय परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक अधिवक्ताओं के बीच लगभग दो फुट लंबा एक जहरीला सांप देखा गया। सांप के दिखने से अधिवक्ताओं में भगदड़ मच गई। इसकी जानकारी तत्काल वन विभाग के सर्प मित्र रंजीत ठाकुर को दी गई। जानकारी मिलते ही सर्प मित्र ने मौके पर पहुंचकर सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया।सर्प मित्र रंजीत ठाकुर ने बताया कि यह सांप हरे रंग का और बैम्बू पिट वाईपर स्नेक प्रजाति का था। इसमें साइटोटॉक्सिन एवं हीमोटॉक्सिन जहर का मिश्रण पाया जाता है। उन्होंने बताया कि यह प्रजाति आमतौर पर जंगलों में पेड़ों पर निवास करती है, लेकिन ठंड बढऩे के कारण ये रिहायशी क्षेत्रों में आ गए हैं। सांप का रेस्क्यू कर लिया गया है। रंजीत ठाकुर ने लोगों से ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय सावधानी बरतने और तुरंत वन विभाग या सर्प मित्र को सूचित करने की अपील की है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
सार्वजनिक वितरण प्रणाली में बड़ा घोटाला
दो उचित मूल्य की दुकानों से 3.91 लाख के खाद्यान्न का गबन
विक्रेता समेत तीन पर एफआईआर दर्ज
गरीबों के राशन की कालाबाजारी
पीओएस मशीन में अंगूठा लगाकर ग्राहकों को नहीं दिया अनाज
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत संचालित होने वाली दो उचित मूल्य की दुकानों में करीब 3.91 लाख के खाद्यान्न के गबन और कालाबाजारी का मामला सामने आया है। इस संबंध में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने विक्रेता समेत सहकारी समिति के प्रबंधक और प्रशासक (अध्यक्ष) के विरुद्ध दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। बताया गया कि बीजाडांडी पुलिस थाना में विगत 30 अक्टूबर को उप-निरीक्षक पंकज विश्वकर्मा की ओर से दो एफआईआर दर्ज की गईं।
जानकारी अनुसार बीजाडांडी के जमठार और भटाडुंगरिया सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किये गए गबन के मामले में तीन व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है, जिन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। जिन आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की गई है, उनमें जगदीश वरकड़े उचित मूल्य दुकान विक्रेता, शंकर लाल यादव समिति प्रबंधक, सरोज कुमार कुजूर आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित लेम्पस छिबलिया के प्रशासक (अध्यक्ष) है।
ऐसा डाला गरीबों के राशन पर डाका
बताया गया कि इस गरीबों के राशन के गबन की जांच रिपोर्ट में पाया गया कि आरोपी जगदीश वरकड़े द्वारा माह जून, जुलाई, अगस्त और सितंबर 2025 का खाद्यान्न वितरित नहीं किया गया। विशेष रूप से भटाडुंगरिया दुकान पर यह पाया गया कि विक्रेता ने पीओएस मशीन में हितग्राहियों का अंगूठा लगाकर खाद्यान्न की मात्रा चढ़ा दी, लेकिन उन्हें राशन नहीं दिया गया। अगस्त 2025 में भी दोनों दुकानों पर वितरण बहुत कम हुआ था, जिसमें जमठार में 71.94 प्रतिशत, भटाडुंगरिया में 14.4 प्रतिशत था, जिसके कारण हितग्राहियों को सितंबर माह का आवंटन भी कम मिला। जिसके कारण हितग्राहियों द्वारा सीएम हेल्पलाइन में शिकायतें दर्ज कराने के बाद यह मामला प्रकाश में आया। विक्रेता द्वारा कारण बताओ नोटिस का संतोषजनक जवाब न देने के बाद अभियोजन के लिए कलेक्टर मंडला से अनुमोदन प्राप्त किया गया, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली। आरोपियों पर मध्यप्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2015 की विभिन्न कंडिकाओं और दुकान आबंटन प्राधिकार पत्र की शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन करने का आरोप है।
दो राशन दुकानों से किया गबन
बताया गया कि गबन का यह मामला जून से अक्टूबर 2025 के बीच का है, जिसकी जांच अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) निवास द्वारा की गई थी। जांच में पाया गया कि ग्राम जमठार में चावल, गेहूं और नमक में 1,02,005 का गबन किया गया। वहीं भटाडुंगरिया में चावल, गेहूं और शक्कर में 2,89,765 का गबन किया गया। दोनों दुकानों से गबन की गई खाद्यान्न की कुल मात्रा लगभग 99 क्विंटल से अधिक है, जिसकी शासकीय राशि 3 लाख 91 हजार 770 रूपए बताई गई है।
सतगुरु बाबा ईश्वरशाह के स्वर्ण प्राकट्य दिवस पर अनूठी पहल
प्रकृति को समर्पित होगा उत्सव
23 नवंबर को देशभर में वृहद वृक्षारोपण
हरे माधव दरबार कटनी में जुटेगी संगत
स्वर्ण प्राकट्य दिवस पर लाखों शिष्य करेंगे पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
मंडला महावीर न्यूज 29.हरे माधव परमार्थ सत्संग समिति कटनी शाखा मंडला के सदस्यों ने जानकारी दी है कि जीवन मुक्त पूरण सतगुरु बाबा ईश्वरशाह का 50वां प्राकट्य दिवस इस वर्ष प्रकृति को समर्पित किया जाएगा। इस अवसर पर देश भर में स्थित बाबा जी के लाखों अनुयायी 23 नवंबर, रविवार को एक ही समय में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करेंगे। समिति सदस्यों ने बताया कि यह वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम अनुयायियों एवं शिष्यों की ओर से सदगुरू साहिबान जी को उपहार स्वरूप होगा। बाबा जी अपने उपदेशों के माध्यम से सदा ही शिष्यों को प्रकृति से स्नेह और उसके पोषण की समझ देते रहे हैं।बताया गया कि स्वर्ण प्राकट्य दिवस 18 नवंबर को हरे माधव दरबार, माधव नगर, कटनी में एक आध्यात्मिक संगम मेला उत्सव का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा भाव से किया जाएगा। इस उत्सव में देश भर से आने वाली संगतों को सदगुरू जी की अपार कृपा और महर पाने का अवसर प्राप्त होगा। इस दौरान सदगुरू साहिबान जी का दिव्य दर्शन कराया जाएगा। सदगुरू साहिबान के भजनों से मुख से अमृत वर्षा का लाभ संगतों को प्राप्त होगा। बाल गोपालों की मन भावन सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र होंगी। पूरे भारत वर्ष में जीवन मुक्त पूरण सतगुरु बाबा ईश्वर शाह जी के लाखों की संख्या में शिष्य एवं अनुयायी हैं, जो अपने संबंधित शहरों में हरे माधव परमार्थ सत्संग समिति से जुड़े हुए हैं।
सेवा और सिमरन का संदेश
बाबा ईश्वर शाह जी सदा ही अपने अनुयायियों और शिष्यों को परमात्मा का नाम जप सिमरन, जीवात्माओं की सेवा, अन्न सेवा, जल सेवा और मरीजों की सेवा जैसे परमार्थ कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं। सदगुरू साहिबान जी सत्संग के रूप में परमात्मा और सत्य से परिचय करवाते हैं, जिससे शिष्यगण सर्वाधिक आनंद में जीवन जीने का अनुभव करते हैं। इस वर्ष, पर्यावरण को समर्पित यह संकल्प सेवा और परमार्थ के उनके संदेश को आगे बढ़ाता है।
बबैहा पुल से 200 मीटर दूर झाडिय़ों में फंसा मिला चालक धर्मवीर का शव
चार दिन तक एसडीआरएफ टीम करती रही सर्चिंग
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच की शुरू
मंडला महावीर न्यूज 29.विगत 12 नबंवर बुधवार रात्रि नेशनल हाईवे 30 मार्ग में बबैहा पुल से नदी में एक चांवल से लोड ट्रक गिर गया था। चार दिन बाद रविवार 16 नबंवर को सुबह एसडीआरएफ टीम को सर्चिंग के दौरान पुल से करीब 200 मीटर दूर झाडिय़ों में ट्रक चालक का शव बरामद कर लिया गया। एसडीईआरएफ की टीम पिछले चार दिनों से लगातार नदी में लापता लोगों की तालाश कर रही थी। रविवार को सर्चिंग अभियान के दौरान पुल से कुछ ही दूरी पर पानी में एक शव दिखा, जिसे बाहर निकालकर पहचान की गई। शव की पुष्टि ट्रक चालक धर्मवीर के रूप में हुई है।जानकारी अनुसार विगत 12 नबंवर बुधवार रात्रि को नेशनल हाईवे-30 मार्ग पर बबैहा पुल से गहरी नदी में गिरे चावल से भरे ट्रक के चालक का शव चार दिन बाद रविवार को बरामद कर लिया गया। एसडीईआरएफ की टीम ने लगातार चार दिनों तक गहन तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद पुल से करीब 200 मीटर दूर झाडिय़ो में फंसा हुआ चालक का शव मिला।
ड्राइवर-कंडेक्टर दोनों की हुई मौत
बुधवार देर रात हुए इस भीषण हादसे में ट्रक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में जा गिरा था। ट्रक चालक धर्मवीर की तलाश में एसडीआरएफ की टीम पिछले चार दिनों से नदी में जुटी हुई थी। टीम को रविवार सुबह पुल से कुछ दूरी पर पानी में एक शव दिखाई दिया, जिसे बाहर निकालकर पहचान की गई। शव की पुष्टि ट्रक चालक धर्मवीर के रूप में हुई है। इससे पूर्व शनिवार को दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के कंडेक्टर हरीशंकर कश्यप का शव भी बरामद कर लिया गया था। कंडेक्टर का शव मिलने के बाद ड्राइवर की तलाश के लिए एसडीआरएफ की आठ से अधिक सदस्यों वाली टीम ने दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया था, लेकिन शनिवार को सफलता नहीं मिल पाई थी। रविवार सुबह फिर से तलाशी अभियान शुरू किया गया और इसी दौरान ड्राइवर धर्मवीर का शव बरामद हुआ।
विशाखापत्तनम जा रहा था चावल से भरा ट्रक
ट्रक मालिक रणवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक 10 नवंबर को बुलन्दशहर से चावल लोड कर विशाखापटनम के लिए रवाना हुआ था। ट्रक मालिक रणवीर ने बताया कि 12 नवंबर की रात ट्रक का जीपीएस कनेक्शन अचानक बंद हो गया था, जिसके बाद उन्हें हादसे की जानकारी मिली।
पंचनामा तैयार कर पीएम के लिए भेजा शव
शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों मृतकों के परिजन पहले ही मंडला पहुंच चुके थे, जिन्हें इसकी सूचना दे दी गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आखिर किस कारण से ट्रक अनियंत्रित होकर पुल से नदी में गिरा। पुलिस ओवरलोडिंग, ड्राइवर की गलती, या तकनीकी खराबी जैसे संभावित कारणों की जांच कर रही है जिससे हादसे की असली वजह सामने आ सके।
आज से मंडला के नर्मदा तट पर 108 कुंडीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि महायज्ञ
सोमवार से चार दिवसीय महायज्ञ का आगाज
शांतिकुंज हरिद्वार की टोली कराएगी यज्ञ, मानव में देवत्व उदय का संकल्प
मंडला महावीर न्यूज 29.युग ऋषि वेद मूर्ति तपोनिष्ठ परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से मंडला में चार दिवसीय विराट 108 कुंडीय राष्ट्र शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ का आयोजन आज सोमवार 17 से 20 नवंबर तक किया जाएगा। यह महायज्ञ कुंभ स्थल नर्मदा तट मंडला पर आयोजित किया जाएगा, जिसे संपन्न कराने के लिए अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार की टोली मंडला पहुंची है।बताया गया कि यह आयोजन युग निर्माण योजना के अंतर्गत अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका परम वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा एवं अखंड दीप के जन्म शताब्दी वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में एक वैश्विक उत्सव के रूप में होने जा रहा है। इसका उद्देश्य क्षेत्र के जनमानस को आद्यशक्ति वेदमाता गायत्री के महामंत्र को साधनात्मक पुरुषार्थ, राष्ट्र शौर्य और समृद्धि हेतु प्रेरित करना है। आयोजक अखिल विश्व गायत्री परिवार मंडला की समस्त टोली ने जिलेवासियों से इस आयोजन में सपरिवार पहुंचने की अपील की है, क्योंकि ऐसी मान्यता है कि यज्ञ से सारे विश्व का कल्याण होता है और भगवान जल्दी प्रसन्न होते हैं।
कार्यक्रम की बनी रूपरेखा
चार दिवसीय इस आयोजन की शुरुआत आज सोमवार को दोपहर 12 बजे से होगी, जब भव्य मंगल कलश यात्रा गायत्री शक्तिपीठ से नगर भ्रमण करते हुए कुंभ स्थल पर जाकर समाप्त होगी। मंगलवार 18 नवंबर को सुबह 8 बजे से मुख्य यज्ञ प्रारंभ होगा। प्रत्येक दिन दोपहर 3 बजे से संगीत एवं प्रवचन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। महायज्ञ के दौरान विभिन्न प्रकार के संस्कार निशुल्क संपन्न कराए जाएंगे। यह महायज्ञ न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक और आत्मिक उत्थान का संदेश भी देगा।
बबैहा पुल हादसे में कंडेक्टर का शव बरामद
नदी में चावल की बोरियों के बीच दबा मिला हरीशंकर
चालक धर्मवीर का सुराग नहीं, एसडीआरएफ आज रविवार को फिर चलाएगी तलाशी अभियान
मंडला महावीर न्यूज 29. विगत बुधवार रात्रि नेशनल हाईवे 30 मार्ग में बबैहा पुल से गहरी नदी में एक चांवल से लोड ट्रक गिर गया था। जिसे करीब 40 घंटों बाद शुक्रवार को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालने में सफलता मिली, लेकिन इस दौरान ट्रक के चालक और कंडेक्टर का सुराग नहीं मिला था, लेकिन ट्रक को बाहर निकालने के बाद शनिवार को स्थानीय ग्रामीणों को एक शव नदी में तैरता हुआ दिखाई दिया। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने एसडीईआरएफ टीम को दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकाला।जानकारी अनुसार टिकरिया थाना प्रभारी गोपाल घासले ने मृतक की पहचान ट्रक के कंडेक्टर हरीशंकर कश्यप के रूप में होने की पुष्टि की। परिजनों को फोटो भेजकर पहचान कराई गई है और परिजन मंडला पहुंच रहे हैं। एसडीईआरएफ के हवलदार कोमल सिंह ने बताया कि कंडक्टर का शव नदी में नीचे चावल की बोरियों के बीच दबा हुआ था। 8 सदस्यीय टीम ने दिन भर नदी के काफी हिस्से में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन ट्रक के चालक धर्मवीर का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। बताया गया कि टीम आज रविवार सुबह फिर से व्यापक तलाशी अभियान शुरू करेगी।बताया गया कि इस हादसे की सूचना मिलने के बाद ट्रक मालिक रणवीर सिंह ठाकुर भी मंडला पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया कि ट्रक 10 नवंबर को बुलन्दशहर से चावल लोड कर विशाखापत्तनम के लिए निकला था। ट्रक मालिक ने बताया कि अचानक ट्रक का जीपीएस कनेक्शन 12 नवंबर की रात करीब 9.15 बजे बंद हो गया था, जिसके बाद दूसरे दिन भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन ड्राईवर और कंडेक्टर से संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद चांवल से लोड ट्रक के नदी में गिरने की सूचना मिली थी।
बाघों की गणना-एआईटीई-2026 के लिए कान्हा टाइगर रिजर्व कर रहा है 6 हजार वर्ग किमी लैंडस्केप का नेतृत्व
विश्व के सबसे बड़े वन्यजीवन मॉनिटरिंग कार्यक्रम के तीन चरण शुरू
कान्हा में कैमरा ट्रैप तैनाती का कार्य तेज
मंडला महावीर न्यूज 29.आगामी अखिल भारतीय बाघ आकलन के लिए कान्हा टाइगर रिजर्व को पूरे कान्हा लैंडस्केप के लिए नोडल नियुक्त किया गया है। यह आकलन न केवल भारत बल्कि सम्पूर्ण विश्व का सबसे बड़ा वन्यजीवन मॉनिटरिंग कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य केवल बाघों की वास्तविक संख्या का आंकलन करना नहीं है, बल्कि पूरे पारिस्थितिक तंत्र के स्वास्थ्य का वैज्ञानिक मूल्यांकन करना भी है, जो वन्यजीव संरक्षण के राष्ट्रीय संकल्प को बल देता है।जानकारी अनुसार कान्हा टाइगर रिजर्व कान्हा लैंडस्केप के लगभग 6 हजार वर्ग किलोमीटर वन क्षेत्र का नेतृत्व कर रहा है। इस व्यापक क्षेत्र में आठ वन मंडल और संरक्षित क्षेत्र शामिल हैं, जिसमें पूर्व मंडला, पश्चिम मंडला, डिंडोरी, उत्तर बालाघाट, दक्षिण बालाघाट, लामटा प्रोजेक्ट, मोहगांव प्रोजेक्ट, फेन अभयारण्य और स्वयं कान्हा टाइगर रिजर्व है।
तीन चरणों में संपादित होगा कार्य
एआईटीई-2026 का कार्य वैज्ञानिक रूप से तीन चरणों में संपादित किया जाएगा, जिसकी शुरुआत कान्हा लैंडस्केप में हो चुका है। प्रथम चरण 1 दिसम्बर 2025 से शुरू होगा। इस चरण में देशभर से चयनित स्वयंसेवक वन विभाग की टीम के साथ कार्निवोर साइन सर्वे और ट्रांसक्ट लाइन सर्वे में हिस्सा लेंगे। हजारों किलोमीटर के वन पथों पर मांसाहारी वन्यजीवों के पदचिह्न, स्कैट (मल) और अन्य प्रमाण तथा ट्रांजेक्ट लाइन पर शाकाहारी वन्यजीवों के प्रत्यक्ष दर्शन सहित आवश्यक डेटा दर्ज किया जाएगा। वहीं द्वितीय चरण में वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थान प्राप्त डेटा का वैज्ञानिक विश्लेषण कार्य संपादित करेंगे। इसके साथ ही तृतीय चरण 15 नवम्बर से शुरू हो चुका है। जिसमें कैमरा ट्रैप तैनाती का कार्य पूरे कान्हा लैंडस्केप में शुरू हो चुका है। इस चरण में चार ब्लॉकों में कैमरा ट्रैप तैनाती का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिसे अगले चार महीनों में पूर्ण करने का लक्ष्य है। इस कार्य के लिए विशेष कैमरा ट्रैप टास्क फोर्स गठित की गई है, जिसका नेतृत्व फील्ड डायरेक्टर कान्हा टाइगर रिजर्व कर रहे हैं।
बाघ संरक्षण की पहल
इस पूरी प्रक्रिया में वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के शोधकर्ता भी क्षेत्रीय टीम के साथ सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं, जिससे डेटा संग्रह की सटीकता, फील्ड वैलिडेशन और वैज्ञानिक गुणवत्ता और भी मजबूत हो रही है। कान्हा टाइगर रिजर्व के नेतृत्व में यह प्रक्रिया सुगठित, व्यवस्थित और वैज्ञानिक तरीकों से संचालित होने की अपेक्षा है, जो राष्ट्रीय बाघ संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है।
जनजातीय गौरव दिवस हमारे लिए गर्व का विषय है-कैबिनेट मंत्री
मंडला गौरव दिवस पर आंगन तिराहा बना बिरसा मुंडा तिराहा
पीएम कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ हितलाभ का वितरण
मंडला महावीर न्यूज 29.प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ऐतिहासिक निर्णय के सम्मान में इस वर्ष जनजातीय गौरव दिवस एवं मंडला गौरव दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह पीएमश्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के ऑडीटोरियम हॉल में भव्यता से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने महानायक भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती पर उन्हें याद करते हुए कहा कि यह दिवस हमारे लिए गर्व का विषय है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय सिंह कुशराम ने इस अवसर को इतिहास से जुडऩे और गौरवान्वित होने का मौका बताया। विधायक निवास चैनसिंह वरकड़े ने कहा कि हमें महानायकों के आदर्शों से प्रेरणा लेने और उनकी गौरवगाथा बच्चों को बताने की जरूरत है। इस अवसर पर गुजरात में आयोजित राष्ट्र स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा एवं सुना गया।कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने अपने संबोधन में बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा के त्याग और बलिदान को सम्मान देते हुए इस दिवस को मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि झारखंड के खूंटी जिले में जन्मे बिरसा मुंडा ने मात्र 16 वर्ष की अल्पायु में ही अंग्रेजों द्वारा जनजातीय समाज को धर्म से विमुख करने के कुचक्र को पहचान लिया और बगावत कर दी। मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में जेल में उनका देहांत हो गया। मंत्री ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस का उद्देश्य है कि हमारी आने वाली पीढ़ी भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान से प्रेरणा ले।
आंगन तिराहा अब बिरसा मुंडा तिराहा
कैबिनेट मंत्री ने घोषणा की कि सुबह नगर के आंगन तिराहा में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर मंडला गौरव दिवस की शुरूआत की गई थी, और अब से यह तिराहा भगवान बिरसा मुंडा तिराहा के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की सरकार जनजातीय समाज के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने धोती आबा योजना, प्रधानमंत्री जनमन आवास, आयुष्मान कार्ड जैसी विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया और कहा कि महापुरुषों के इतिहास को संजोने के लिए जबलपुर में म्यूजियम, रामनगर की ऐतिहासिक धरोहरों और संस्कृति के संरक्षण के लिए सार्थक प्रयास किए जा रहे हैं।
मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम दी प्रस्तुति
जिला स्तरीय समारोह में विभिन्न कलाकारों और छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। संस्कृति विभाग के कलाकारों ने गुदुम नृत्य प्रस्तुत किया, इसके साथ ही सीनियर आदिवासी कन्या छात्रावास और एकलव्य विद्यालय सहित अन्य संस्थाओं की छात्राओं ने आकर्षक समूह नृत्य प्रस्तुत किए। समारोह में भगवान बिरसा मुंडा के जीवनवृत्त पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।
पात्र हितग्राहियों को हितलाभ किये वितरित
इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से हितलाभ का वितरण किया गया, जिनमें प्रधानमंत्री जनमन आवास की चाबी, आयुष्मान कार्ड, सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना अंतर्गत ऋण पत्रक, बालिका विज्ञान प्रोत्साहन योजना 50 हजार और रानी दुर्गावती पुरस्कार 10 हजार की राशि के पत्रक दिया गया। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया।
जनजातीय गौरव दिवस पर नशा मुक्त ग्राम बनाने का संकल्प
ग्राम खमरिया में भगवान बिरसा मुंडा के जल, जंगल, जमीन संघर्ष पर हुई चर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29.भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती पर विकासखंड नारायणगंज के ग्राम खमरिया में मप्र जन अभियान परिषद मंडला के जिला समन्वयक राजेंद्र चौधरी के मार्गदर्शन में प्रगति जन कल्याण समिति द्वारा जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के योद्धा भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती मनाई गई।आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस दौरान विकासखंड समन्वयक अनिल कुमार मेहरा ने विस्तार से बताया कि जनजातीय गौरव दिवस क्यों मनाया जाता है और बिरसा मुंडा का जल, जंगल, जमीन के लिए संघर्ष कितना महत्वपूर्ण था।इस अवसर पर सभी ने संकल्प लिया कि वे बिरसा मुंडा के दिखाए मार्ग पर चलते हुए सामाजिक एकता को मजबूत करेंगे और आदिवासी समुदाय के विकास और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करेंगे। कार्यक्रम का समापन धरती आबा अमर रहें, जय बिरसा के नारों और नशा मुक्त ग्राम बनाने की शपथ के साथ किया गया। कार्यक्रम में परामर्शदाता कृष्ण कुमार झरिया, इंद्रा उइके, प्रगति जनकल्याण समिति अध्यक्ष कमलेश पावले, सचिव पुष्पा उइके सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
पुष्पराजगढ़ पंचायत में शोक की लहर: इटौर के उपसरपंच अजय चौकसे की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत
अनूपपुर-डिंडोरी सीमा पर बाइक दुर्घटना का शिकार हुए उपसरपंच, घोघरी में हुआ अंतिम संस्कार, पुलिस जांच में जुटी
अनूपपुर महावीर न्यूज 29. अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत इटौर के उपसरपंच अजय चौकसे (पिता केजूलाल चौकसे), जिनकी उम्र लगभग 50 वर्ष थी और जो घोघरी गाँव के निवासी थे, की एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
डिंडोरी जाते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपसरपंच अजय चौकसे अपनी मोटरसाइकिल से डिंडोरी मुख्यालय की ओर जा रहे थे। अनूपपुर और डिंडोरी जिले की सीमा के बीच स्थित ग्राम दूधी के पास वे सड़क हादसे का शिकार हो गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक उपसरपंच का शव रविवार को डिंडोरी मुख्यालय पर पोस्टमार्टम (पी.एम.) के लिए भेजा गया और वहीं पर यह प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
फिलहाल, दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच करणपठार (बेनीबारी) पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह हादसा किसी अन्य वाहन की टक्कर से हुआ या मोटरसाइकिल अनियंत्रित होने के कारण हुआ।
अजय चौकसे अपने सामाजिक कार्यों के कारण क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। उनकी असामयिक मृत्यु से ग्राम पंचायत इटौर और आसपास के क्षेत्र में गहरा दुख व्याप्त है। अजय चौकसे का अंतिम संस्कार उनके पैतृक ग्राम घोघरी के स्थानीय मुक्ति धाम में हिंदू रीति-रिवाज के साथ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
एनएच-30 बबैहा नाला हादसा
40 घंटे बाद भी लापता लोगों का नहीं लगा सुराग
भोपाल से पहुंची एक्सपर्ट टीम ने निकाला ट्रक
करीब 30 फिट गहरी नदी से तीन क्रेनों की मदद से निकाला गया ट्रक
शायद घटना से पहले ही निकल गए थे चालक, परिचालक
मंडला महावीर न्यूज 29.नेशनल हाईवे 30 पर बबैहा नाला में हुए भीषण ट्रक हादसे के 40 घंटे से अधिक बीत जाने के बाद भी लापता चालक और परिचालक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बुधवार देर रात चावल से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर बबैहा नाले में जा गिरा था, जिसकी गहराई करीब 25-30 फीट है। शुक्रवार सुबह भोपाल से पहुंची विशेषज्ञ टीम की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद ट्रक को नदी के किनारे तक लाया गया। हालांकि एसडीआरएफ टीम को ट्रक के केबिन में भी कोई नहीं मिला, जिससे अब यह संभावना बढ़ गई है कि चालक-परिचालक घटना से पहले ही ट्रक से निकल गए थे।जानकारी अनुसार हादसे के बाद गुरुवार को एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने पूरे दिन प्रयास किया, लेकिन स्थानीय संसाधन व प्रशिक्षित अमले की कमी के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद जिला प्रशासन ने भोपाल से एक्सपर्ट टीम को मदद के लिए बुलाया। शुक्रवार तड़के तीन बजे यह टीम मंडला पहुंची और तुरंत रेस्क्यू अभियान में जुट गई। विशेषज्ञों ने डीप एंड डाइविंग स्टिक का उपयोग कर ट्रक को क्रेन के बेल्ट से बांधा। होमगार्ड कमांडेंट नरेश साहू ने बताया कि तीन बार पट्टे टूटने के बावजूद तीन क्रेनों की मदद से ट्रक को गहराई से बाहर निकाला गया।एसडीआरईएफ टीम के लोकेश पटेल ने बताया कि ट्रक का केबिन बाहर निकालने पर उसका गेट खुला मिला और कांच टूटे हुए थे। जांच के दौरान केबिन से एक बैग व अन्य सामग्री मिली है, जिसकी मदद से पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। कमांडेंट साहू ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि 40 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कोई शव पानी में ऊपर नहीं आया है, जिससे अब यह प्रबल संभावना है कि चालक, परिचालक हादसे से पहले ही बाहर निकल गए होंगे। पानी में आगे भी तलाश जारी रहेगी।
जाम से परेशान हुए यात्री
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पुल पर हादसा होने के कारण हाईवे पर आवागमन में वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात को बार-बार रोकना पड़ा, और शाम को 4 बजे से 6.30 बजे तक आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया। जिसके कारण मंडला जबलपुर जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं जबलपुर से मंडला जाने वाले कई छोटे वाहन नारायणगंज से बबलिया होते हुए मंडला पहुंचे। इसके साथ ही जानकारी रखने वाले वाहनों ने निवास से जबलपुर का रास्ता लिया, जबकि कई यात्रियों को हाइवे पर ही रुकना पड़ा। जिसके कारण यात्री वाहनों समेत बड़े वाहन और छोटे वाहनों को करीब दो से तीन घंटे तक मार्ग खुलने का इंतजार करना पड़ा।
सुंदर विद्यालय कार्यक्रम से प्रेरित होकर जनप्रतिनिधियों ने गोद लिए निम्न ग्रेड वाले स्कूल
नारायणगंज शिक्षा समिति की बैठक में संकल्प पारित
जनपद अध्यक्ष ने फड़की रैयत स्कूल को लिया गोद
मार्च 2026 तक सभी विद्यालयों को ए ग्रेड में लाने की कवायद
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखण्ड नारायणगंज में विकासखंड शिक्षा अधिकारी डीके सिंगौर के तत्वावधान और सभापति अविनाश शर्मा की अध्यक्षता में शिक्षा स्थाई समिति जनपद पंचायत नारायणगंज की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय कार्यक्रम पर विस्तार से चर्चा की गई। जिससे प्रोत्साहित होकर जनपद के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने निम्न ग्रेड प्राप्त करने वाली शालाओं को गोद लेने की घोषणा की।
बैठक के दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष आशाराम भारतीया और उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा ने मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय कार्यक्रम की सराहना करते हुए घोषणा की कि वे पहली रेटिंग में ई और डी ग्रेड प्राप्त करने वाली संस्थाओं को गोद लेंगे। इस पहल के तहत जनपद अध्यक्ष ने एकीकृत माध्यमिक शाला फड़की रैयत को गोद लिया, जबकि सभापति ने माध्यमिक शाला पटेहरा और चंदेहरा को गोद लिया। इसी कड़ी में नारायणगंज सीईओ द्वारा एकीकृत माध्यमिक शाला शाहा को और प्राचार्य, एकलव्य आवासीय विद्यालय द्वारा प्राथमिक शाला कोण्डरा वन को गोद लिया गया। इन सभी स्कूलों को तीन माह के भीतर ए ग्रेड में लाने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मंशा व्यक्त की गई।
शिक्षा की गुणवत्ता और योजना की समीक्षा
बैठक में मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय कार्यक्रम की गहन समीक्षा की गई, और ए ग्रेड प्राप्त करने वाली संस्था एकीकृत माध्यमिक शाला सिकोसी का सम्मान किया गया। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी डीके सिंगौर द्वारा शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए शिक्षक-छात्र अनुपात, टीएलएम की उपलब्धता, शतप्रतिशत विद्यार्थी उपस्थिति, अनुशासन और नैतिक शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में लिया संकल्प
बैठक में खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिए दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित करने का संकल्प पारित हुआ। इसके साथ ही शासकीय योजनाओं पाठ्य पुस्तक, गणवेश, छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण और शालाओं में भवन एवं शौचालय की वास्तविक स्थिति की गहन समीक्षा की गई। बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम सुधारने की रणनीति पर विचार, विमर्श किया गया। इसके साथ ही प्रोजेक्ट द वाटर बेल को लागू करने, स्कूलों को तंबाकू मुक्त करने और आकांक्षी ब्लॉक योजना के 11 इंडिकेटर्स की लक्ष्य प्राप्ति के लिए गंभीरतापूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विकासखण्ड में शिक्षा के स्तर को ऊँचा उठाने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
बाल दिवस पर सीएचसी नारायणगंज के एनआरसी में गूंजी बच्चों की किलकारी
चाचा नेहरू का मनाया जन्मदिन, कुपोषित बच्चों ने काटा केक
मंडला महावीर न्यूज 29. बाल दिवस के उपलक्ष्य में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज के पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कुपोषित बच्चों के बीच उत्साह का माहौल रहा। सीबीएमओ डॉ. अमृतलाल कोल के मार्गदर्शन में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिन पूरे उत्साह के साथ मनाया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य कुपोषण से जूझ रहे बच्चों में खुशी लाना और उनके अभिभावकों को पोषण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम की शुरुआत चाचा नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण और जोत प्रज्वलित करके की गई। इसके बाद एनआरसी में भर्ती बच्चों के हाथों केक काटा गया। इस विशेष अवसर पर ठंड से बचाव के लिए कुपोषित बच्चों को गर्म कपड़े वितरित किए गए।बाल दिवस के अवसर पर सीबीएमओ डॉ. अमृतलाल कोल, एमओ डॉ. देशबंधु उईके, डॉ. राजेश अहिरवार, डा. दीपक कौशरे, बीईई विजय मरावी, बीसीएम शैलेन्द्र सिंह, नेत्र चिकित्सा सहायक जय करण चौधरी, कैलाश सोनी, जागृति पटेल, मोनिका सिंगरोरे, एनआरसी स्टाफ से पोषण प्रशिक्षक संध्या मरावी और एएनएम रेखा उद्दे समेत सीएचसी नारायणगंज के स्टाफ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।सीबीएमओ डॉ. अमृतलाल कोल ने अभिभावकों को पोषण आहार से संबंधित विशेष जानकारी प्रदान की। उन्होंने कुपोषण से बचाव के उपायों पर जोर दिया, इसके साथ ही माता-पिता से पोषण पुनर्वास केंद्र की सभी सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की ताकि क्षेत्र के बच्चों को कुपोषण मुक्त किया जा सके।
अंजनिया बाईपास पर तड़के आग का तांडव
रायपुर से राजस्थान जा रहा जीआई बंडल से लदा ट्रक जलकर खाक
टायर फटने से लगी आग, चालक-क्लीनर ने कूदकर बचाई जान
नेशनल हाईवे पर एक घंटे लगा रहा जाम
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला से छत्तीसगढ़ नेशनल हाईवे 30 के अंजनिया बाईपास पर शुक्रवार सुबह तड़के रायपुर से राजस्थान जा रहा जीआई तार के बंडल से लदा एक ट्रक क्रमांक आरजे 11 जीबी 6711 में अचानक आग लग गई और ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हादसे में ट्रक चालक और क्लीनर ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक के टायर और डीजल टैंक फटने की तेज आवाजें हाइवे से सटे अंजनिया के रिहायशी इलाकों तक साफ सुनाई दीं। इस घटना के कारण नेशनल हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
जानकारी अनुसार शुक्रवार तड़के एक ट्रक मंडला के अंजनिया बाईपास से गुजर रहा था, इसी दौरान अचानक उसके गुल्लक (ड्रॉप एक्सल) टायर फट गया, टायर फटने के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर दूर जाकर रुका और उसमें तुरंत आग लग गई। ट्रक में जीआई तार के बंडल लदे होने के कारण आग ने तेजी से पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह देखते ही देखते धूं-धूं कर जलने लगा।घटना की सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय से दमकल वाहन को रवाना किया गया, जिसे घटना स्थल तक पहुंचने में लगभग 40 मिनट लगे। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुँचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान चौकी अंजनिया पुलिस मौके पर मौजूद रहीं और स्थिति को नियंत्रित करने में मदद की।ट्रक में आग लगने के कारण नेशनल हाईवे पर जबलपुर और रायपुर दोनों दिशाओं से आने वाले ट्रक, फोर-व्हीलर सहित अन्य छोटे वाहन जाम में फंस गए। यात्रियों को करीब एक घंटे तक इस परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यातायात को सुचारू करने का प्रयास किया और लगभग एक घंटे के बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️
बबैहा पुल से नदी में गिरे चावल लदे ट्रक को 36 घंटे बाद भी नहीं निकाला जा सका
एनएच-30 पर लग रहा जाम
ट्रक ड्राइवर समेत सवारों की संख्या अज्ञात
एसडीआरएफ और बचाव दल का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे 30 पर बबैहा पुल के पास बुधवार की रात हुए एक भीषण हादसे के बाद मार्ग बाधित हो गया है। चावल से भरा एक भारी-भरकम ट्रक पुल से नीचे नदी में जा गिरा, जिसे शुक्रवार सुबह 12 बजे तक भी बाहर नहीं निकाला जा सका है। इस दुर्घटना के चलते हाईवे के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि अभी तक ट्रक के ड्राइवर और उसमें सवार अन्य लोगों की संख्या या स्थिति की कोई सटीक जानकारी नहीं मिल पाई है।जानकारी अनुसार नदी में गिरे ट्रक को निकालने के लिए एसडीआरएफ की टीम समेत स्थानीय बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं। टिकरिया पुलिस और कोतवाली पुलिस का दल भी मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहा है। ट्रक को नदी से निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली जा रही है और सुरक्षा कारणों से बीच-बीच में यातायात को रोका भी जा रहा है। रेस्क्यू ऑपरेशन में आ रही बाधाओं के कारण ट्रक को बाहर निकालने में अभी तक सफलता नहीं मिल पाई है।बताया गया कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान और जाम की स्थिति को देखते हुए यात्रियों को कम से कम 36 घंटों से लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रण में रखा है और जाम को बीच-बीच में खोलकर यातायात बहाल करने की कोशिश की जा रही है, ताकि हाईवे पर फंसे यात्रियों को थोड़ी राहत मिल सके। हालांकि ट्रक को पूरी तरह से हटाने तक इस मार्ग पर धीमी गति और जाम की समस्या बने रहने की आशंका है।बताया गया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के अंदर कितने लोग सवार थे, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस और बचाव दल का मुख्य ध्यान ट्रक को सुरक्षित बाहर निकालकर उसमें फंसे या लापता लोगों की तलाश करने में लगा हुआ है।
नेशनल हाईवे-30 पर हादसा
चांवल से भरा बेकाबू ट्रक 30 फीट नीचे नदी में गिरा
घंटों बाधित रहा मार्ग, चालक-परिचालक के फंसे होने की आशंका
पानी में डूबा ट्रक, मुश्किल रेस्क्यू के बीच ग्रामीणों ने लूटा चावल
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जबलपुर नेशनल हाइवे-30 पर बबेहा पुल पर बुधवार की देर रात्रि एक तेज रफ्तार में चांवल से भरा ट्रक टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर पुल की रैलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गया। इस हादसे के कारण जहां हाईवे पर घंटों यातायात जाम रहा, वहीं ट्रक के गहरे पानी में समा जाने से उसमें चालक और परिचालक के फंसे होने की आशंका बनी हुई है। समाचार लिखे जाने तक ना तो गहराई में समाए ट्रक को निकाला जा सका है, ना ही वाहन में कितने लोग सवार थे इसकी जानकारी लग सकी है। वाहन के बाहर निकलने के बाद ही पता चल सकेगा कि ट्रक में वाहन चालक के अलावा कितने लोग थे।जानकारी अनुसार बुधवार रात्रि हुआ भीषण हादसा ट्रक का सामने का टायर फटने के कारण हुआ, जिससे ट्रक बेकाबू होकर सीधे नीचे नदी में जा समाया। घटना के तुरंत बाद टिकरिया और कोतवाली पुलिस को जानकारी दी गई, लेकिन रात होने के कारण ट्रक को निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका। बताया गया कि दुर्घटना की खबर फैलते ही घटना स्थल पर जनप्रतिनिधियों सहित पूरे जिला प्रशासन का हुजूम लग गया। एसडीईआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। टीम ने बताया कि ट्रक लगभग 25 से 30 फुट नीचे गहरे पानी में समा गया है और उसे निकालना बेहद मुश्किल है।
रेस्क्यू टीम कर रही प्रयास
बताया गया कि गहरे पानी में डूबे ट्रक को बाहर निकालने के लिए गुरूवार को तीन जेसीबी मशीनें, एक हाइड्रो मशीन और एक क्रेन बुलाई गई। उपकरणों की मदद से ट्रक को निकालने का प्रयास शुरू किया गया, लेकिन पानी के बहाव, गहराई और मिट्टी में धंसने के कारण खबर लिखे जाने तक ट्रक का रेस्क्यू सफल नहीं हो सका था। लगातार रेस्क्यू टीम ट्रक को निकलाने का प्रयास कर रही है।
चालक-परिचालक के फंसे होने की आशंका
हादसे के बाद लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान ने बताया कि रात्रि में ट्रक पुल से नीचे गिरा था और उस पर चावल की बोरियां लोड थीं। उन्होंने बताया कि इस बात की पूरी संभावना है कि ट्रक पर चालक और परिचालक मौजूद है। उन्होने बताया कि ट्रक के बाहर आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि उसमें कितने लोग मौजूद थे और उनकी स्थिति क्या है। फिलहाल पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम रेस्क्यू में जुटी हुई है।
घंटों रहा मार्ग बाधित, आमजन हुए परेशान
रेस्क्यू ऑपरेशन को सुरक्षित ढंग से अंजाम देने के लिए प्रशासन ने गुरुवार की सुबह टिकरिया और फूलसागर तक मुख्य मार्ग को कुछ घंटों के लिए यातायात के लिए बंद करा दिया था। मार्ग बंद होने से यात्री बसों सहित कई वाहन जाम में फंस गए, जिससे यात्री और आम लोग परेशान नजर आए। कई वाहन मालिकों को वैकल्पिक मार्ग के रूप में निवास-बबलिया मार्ग का लंबा चक्कर लगाना पड़ा। इसके बाद शाम करीब चार बजे के बाद यातायात को धीरे-धीरे बहाल किया गया।
हादसे के बीच चावल की लूट
इस दुखद दुर्घटना के बीच एक दुर्भाग्यपूर्ण मानवीय पहलू भी देखने को मिला। रात्रि में जैसे ही वाहन गिरा उस पर लोड पुलाव चावल की जो बोरियां पुल के ऊपर गिरी थीं या नदी में तैर रही थीं, उन्हें ग्रामीण तुरंत उठाकर अपने घरों को ले जाने लगे। इतना ही नहीं गुरुवार को भी दुर्घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण गहरे पानी में तैरकर चावल की बोरियों को निकालते नजर आए। गंभीर रेस्क्यू ऑपरेशन के बीच हुई इस अनैतिक लूट ने मानवता को शर्मसार कर दिया।
जिला चिकित्सालय मंडला में बड़ी उपलब्धि
3 वर्षीय बच्चे की जटिल हड्डी की जन्मजात विकृति की सफल सर्जरी
निजी अस्पताल में असफल ऑपरेशन के बाद मंडला जिला अस्पताल में मिली सफलता
3 वर्षीय बालक को मिला नया जीवन
मंडला महावीर न्यूज 29.जिला चिकित्सालय मंडला ने चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज करते हुए 3 वर्षीय बालक हितेश बाम्बरे की अत्यंत जटिल हड्डी सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न की है। बालक टिबिया हड्डी का जन्मजात स्यूडोआर्थ्रोसिस नामक एक दुर्लभ जन्मजात विकृति से पीडि़त था, जिसके कारण पिंडली की हड्डी जुड़ नहीं पा रही थी और वह चलने में असमर्थ हो गया था। यह केस इसलिए भी चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि लगभग एक वर्ष पूर्व एक निजी सुखसागर मेडिकल कॉलेज में कराया गया बच्चे का ऑपरेशन असफल रहा था, जिससे पैर की विकृति और बढ़ गई थी।बताया गया कि जिला चिकित्सालय मंडला में पदस्थ डॉ. सूरज मरावी और डॉ. अंकित के मार्गदर्शन में 13 नवंबर को यह जटिल ऑर्थोपेडिक सर्जरी की गई। ऑपरेशन के दौरान बच्चे की टेढ़ी टिबिया हड्डी को तीन हिस्सों में काटकर रॉड एवं प्लेट की सहायता से सही स्थिति में स्थिर किया गया। यह अत्यंत तकनीकी और जोखिमपूर्ण प्रक्रिया थी।डॉ. सूरज मरावी ने बताया कि विशेषज्ञ टीम जिसमें निश्चेतना टीम से डॉ. प्रवीण उइके, डॉ. सोनम श्रीवास, और डॉ. निकिता चौरसिया भी शामिल थे, वहीं ओटी टीम में नर्सिंग ऑफिसर ब्रजेंद्र बैरागी, पुष्पेंद्र, सोमती, नर्सिंग सिस्टर शाहनाज़, विनीता, वार्ड बॉय मुकेश, अमित एवं विमला का विशेष योगदान रहा। सभी सदस्यों ने समर्पण, टीमवर्क और पेशेवर कुशलता के साथ कार्य करते हुए इस सर्जरी को सफल बनाया।डॉ. सूरज मरावी ने बताया कि यह केस अत्यंत चुनौतीपूर्ण था क्योंकि बच्चे की हड्डी पहले से विकृत और कमजोर हो चुकी थी, लेकिन विशेषज्ञ टीम के सामूहिक प्रयास और आधुनिक तकनीक के उपयोग से यह ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा। ऑपरेशन के बाद बच्चे की स्थिति सामान्य है और वह अब धीरे-धीरे चलने-फिरने में सक्षम हो रहा है। यह उपलब्धि जिला चिकित्सालय मंडला के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि इस स्तर की जटिल हड्डी सर्जरी यहां पहली बार सफलता के साथ की गई है।
औघटखपरी में दिन-दहाड़े लाखों की चोरी, हिरदेनगर पुलिस ने कुछ घंटों में ही दो आरोपियों को दबोचा
चोरी का माल बेचते ही पकड़े गए गांव के ही दो शातिर, न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया
मंडला महावीर न्यूज 29. औघटखपरी ग्राम पंचायत में एक घर से दिन-दहाड़े लाखों के जेवरात चोरी होने की वारदात सामने आई थी, जिसके बाद हिरदेनगर चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शिकायतकर्ता की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपी चोरों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।दरअसल घटना बुधवार की दोपहर की है। ग्राम पंचायत औघटखपरी निवासी धीरज ठाकुर ने गुरुवार को हिरदेनगर चौकी पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। धीरज ठाकुर ने पुलिस को बताया कि उनका परिवार बुधवार को दोपहर तकरीबन 11 बजे घर पर ताला लगाकर खेती-बाड़ी के काम के लिए गया हुआ था। शाम करीब चार बजे जब परिवार वापस लौटा, तो उन्होंने पाया कि घर का बाहरी ताला टूटा हुआ था।
परिवार जब अंदर प्रवेश किया, तो उन्हें कमरे में अलमारी का लॉकर टूटा मिला। यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई और इसकी जानकारी गांव में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद मौके पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। पुलिस के मुताबिक, चोरों ने घर से लाखों के जेवरात चोरी किए थे।पुलिस की कार्रवाई- शिकायत दर्ज होते ही हिरदेनगर पुलिस ने तत्परता से जांच शुरू की। पुलिस को जल्द ही यह सूचना मिली कि चोरी करने वाले गांव के ही दो युवक हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर औघटखपरी ग्राम से ही दोनों आरोपी चोरों को धर दबोचा।
आरोपियों की पहचान – गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान औघटखपरी निवासी प्रिंस ठाकुर और रामू ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घर से लाखों के जेवरात पार करने के बाद उन्हें जिला मुख्यालय स्थित एक ज्वेलरी दुकान पर जाकर बेच भी दिया था। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
बड़ी खैरी में गहराया पेयजल संकट, आप ने कलेक्टर को सौंपा स्थाई समाधान के लिए पत्र
जिले भर में गहराते जलसंकट का भी किया गया जिक्र
टैक्स वसूली जारी पर पानी पर्याप्त नहीं
मंडला महावीर न्यूज 29.जिला मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत बड़ी खैरी में बार-बार उठ रही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान जल्द कराने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी मंडला के एक शिष्टमंडल ने गुरुवार को कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर क्षमा सराफ को एक पत्र सौंपा। इस पत्र में केवल बड़ी खैरी ही नहीं, बल्कि जिले भर में गहराते जलसंकट का भी उल्लेख किया गया है।
आप के वरिष्ठ कार्यकर्ता पीडी खैरवार ने इस गंभीर समस्या पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ग्राम पंचायत बड़ी खैरी के लगभग आधे हिस्से में पिछले तीन-चार दिनों से पेयजल की आपूर्ति ठप्प पड़ी हुई है। खैरवार ने स्पष्ट किया कि यह कोई पहली बार नहीं है, बल्कि आए दिन ऐसी स्थिति बनती रहती है, जिसके कारण क्षेत्र के रहवासियों को पीने के पानी जैसी बुनियादी आवश्यकताओं के लिए भारी जद्दोजहद करनी पड़ती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन हर महीने पेयजल टैक्स तो वसूलता है, लेकिन इसके एवज में पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं करा पाता है।कार्यकर्ता पीडी खैरवार ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि समस्या बताने पर जनप्रतिनिधि समाधान का आश्वासन तो देते हैं, लेकिन साथ ही पीएचई विभाग से पर्याप्त पानी नहीं मिलने, पर्याप्त क्षमता वाली टंकियों के अभाव और दशकों पुरानी पाइपलाइन होने का हवाला देकर अपनी मजबूरी बता देते हैं। प्रशासन द्वारा 13 नवंबर को कुछ क्षेत्रों में टैंकर से पानी उपलब्ध कराने की कोशिश की गई, लेकिन यह केवल अस्थाई प्रयास है। प्रशासन की ओर से स्थायी समाधान के लिए आश्वासन मिलते रहे हैं, पर समाधान अब तक नहीं हुआ है।
समस्या का जल्द हो स्थायी समाधान
बताया गया कि बड़ी खैरी सहित पूरे जिले में पेयजल की समस्या दिन-प्रतिदिन गहराती जा रही है। इसकी वजह से लोग अपना काम-धाम छोड़कर पीने के पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए भी भारी चिंता में डूबे रहते हैं। आम आदमी पार्टी ने प्रशासन से जल्द से जल्द पानी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, जिससे आमजनों को पानी के लिए मारा-मारी न करनी पड़े। पत्र सौंपने के दौरान डीएस वरकड़े, चंद्रगुप्त नामदेव, सहजान परस्ते, पीडी खैरवार, डीडी कुमरे और एडवोकेट एसके परते शामिल रहे।
सरकारी राशन दुकान में बाहरी व्यक्तियों का अवैध डेरा
सैल्समेन ने बिना अनुमति सौंपी चाबी, लाखों के अनाज पर गंभीर खतरा
मुगदरा में नियमों का खुला उल्लंघन
हरियाणा के व्यक्तियों को ठहराने और सरकारी चावल के दुरुपयोग पर कमीशन का संदेह
कलेक्टर से शिकायत की तैयारी
कमीशनखोरी का संदेह, ग्रामीणों में आक्रोश
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले की ग्राम पंचायत मुगदरा में संचालित सरकारी राशन दुकान से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नियमों का खुला उल्लंघन करते हुए राशन दुकान के सैल्समेन ने दो बाहरी व्यक्तियों को बिना किसी अनुमति के दुकान के अंदर न केवल रुकने की जगह दी है, बल्कि उन्हें दुकान की चाबी तक सौंप दी है।ग्रामीणों ने बताया कि ये दोनों व्यक्ति हरियाणा के रहने वाले हैं और ग्राम मुगदरा निवासी अशोक ठाकुर के कहने पर आसपास के खेतों में हार्वेस्टर मशीन से फसल कटाई का काम करने आए हुए हैं। सैल्समेन ने उन्हें न केवल दुकान के अंदर स्थायी रूप से रहने और भोजन पकाने की व्यवस्था दी, बल्कि लाखों रुपए मूल्य का गेहूं, चावल, शक्कर और नमक सहित अन्य खाद्यान्न सामग्री से भरे शासकीय भवन की चाबी भी उन्हें सौंप दी है।
अनाज की सुरक्षा पर गंभीर खतरा
बताया गया कि यह मामला न केवल सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग का है, बल्कि लाखों रुपए के सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अनाज की सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सैल्समेन ने यह व्यवस्था करने के लिए न तो फूड विभाग से कोई आधिकारिक अनुमति ली है और न ही स्थानीय थाना बम्हनी बंजर को इसकी कोई सूचना दी है। सूत्रों के अनुसार सैल्समेन का इन हार्वेस्टर मशीन चलाने वाले व्यक्तियों की फसल कटाई पर कमीशन तय है, जिसके चलते उसने निजी लाभ के लिए सरकारी राशन दुकान को डेरा बनाने की अनुमति दे दी।
सरकारी चावल के दुरुपयोग का आरोप
आरोप है कि राशन दुकान में मिलने वाला शासकीय चावल भी इन बाहरी लोगों द्वारा पर्सनल उपयोग में लिया जा रहा है। यानी सरकारी अनाज की खुलेआम चोरी और दुरुपयोग किया जा रहा है। सैल्समेन की यह लापरवाही मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के सख्त सुरक्षा निर्देशों के बावजूद सामने आई है, जो कई सवाल खड़े कर रही है।
कलेक्टर से शिकायत की तैयारी
ग्रामीणों ने इस लापरवाही पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि यदि रात के वक्त लाखों का राशन गायब हो जाता है या कोई बड़ी वारदात घटती है, तो इसकी जिम्मेदारी सैल्समेन और संबंधित विभाग की होगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि फूड विभाग और स्थानीय प्रशासन तत्काल इस मामले की जांच कर सैल्समेन पर कड़ी कार्रवाई करे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन करेंगे और इस पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर से करेंगे।
इनका कहना है
ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोप की जांच कर उक्त व्यक्तियों की जांच तत्काल कराई जाएगी, जिसके लिए संबंधित थाना प्रभारी को निर्देश दे रहा हूं, मौके पर उनके दस्तावेजों की जांच व शासकीय कार्यालय में रूकने की अनुमति देखी जाएगी। रजत सकलेचा,पुलिस अधीक्षक, मंडला
समीक्षा बैठक में यूबीन एंट्री पर सीबीएमओ ने जताई नाराजगी, तत्काल सुधार के दिए निर्देश
एनीमिया, सिकलसेल, मातृ, शिशु मृत्यु दर सहित अन्य कार्यक्रमों की समीक्षा
नसबंदी शिविर में लक्ष्य अनुरूप ही हितग्राही लाने के निर्देश
मासिक बैठक में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा, लापरवाही पर सीबीएमओ सख्त
मंडला महावीर न्यूज 29. सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनीमिया, सिकलसेल, मातृ, शिशु मृत्यु दर, टीकाकरण, परिवार कल्याण, यूबीन, आकांक्षी विकासखंड, आयुष्मान 70 प्लस, टीबी, कुष्ठ रोग, मलेरिया, नेत्र रोग, किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, एनआरसी कार्यक्रम की समीक्षा की गई। बैठक में सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल, डीएचओ डॉ. पीएल कोरी, डब्ल्यूजेसीएफ डॉ. मनमोहन हरदहा, बीसीएम शैलेन्द्र सिंह, बीईई विजय मरावी समेत सीएचओ, एएनएम, सुपरवाईजर समेत सीएचसी का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।नारायणगंज सीएचसी में संचालित राष्ट्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल ने उपस्थित स्वास्थ्य कर्मचारियों से कहां कि 0 से 5 वर्ष के बच्चों की यूबिन में एण्ट्री नहीं की जा रही है। नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि तत्काल यूबिन में एण्ट्री शुरू करें। इसके साथ ही एनीमिया कार्यक्रम संबंधित जानकारी साझां की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित एएनएम, सीएचओ, सुपरवाईजरों को आयरन की गोलियां वितरित करने कहां। इसके साथ ही बच्चों और गर्भवती महिलाओं के खून की जांच भी समय-समय पर करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही एनिमिक वाले बच्चों को थैरोपेटिक डोज देने की सलाह दी।समीक्षा बैठक में सिकलसेल कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए डब्ल्यूजेसीएफ डॉ. मनमोहन हरदहा ने पीओसीटी किट और हाईड्रोक्सी यूरिया केप्सूल के विषय में जानकारी लेते हुए इसके विषय में बताया। इसके साथ ही एचपीएलसी स्क्रीनिंग, सेम्पल भेजने, मरीजों का फालोअप करने, सिकलसेल कार्ड के माध्यम से काउंसिलिंग करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उपस्थित सीएचओ, एएनएम, सुपरवाईजरों को विकलांगता प्रमाण पत्र की जानकारी दी।
समीक्षा बैठक में बीईई विजय मरावी ने उपस्थित कर्मचारियों से महिला नसबंदी शिविर की जानकारी सांझा करते हुए बताया कि आगामी 21 और 29 तारीख को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में महिला नसबंदी शिविर आयोजित किया जाएगा। उपस्थित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शिविर में 30 हितग्राही से लेकर नहीं आना है। लक्ष्य अनुरूप ही अपने ग्रामों से पात्र महिला हितग्राहियां को शिविर में लेकर आए।मातृ, शिशु मृत्यु दर की समीक्षा करते हुए बीसीएम शैलेन्द्र सिंह ने उपस्थित कर्मचारियों से कहां कि मातृ व शिशु मृत्यु की रिपोर्टिंग समय से करें। इसके साथ ही एचबीपीएनसी को गुणवत्तापूर्ण करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने सीएचओ, एएनएम और सुपरवाईजरों से कहां कि ग्राम स्तर पर आशा द्वारा एचबीपीएनसी की जाती है, उसकी मॉनीटरिंग भी सीएचओ और एएनएम को करनी है। इसके साथ ही कोई समस्या होने पर उच्च संस्था में मरीज को भेजकर जांच परीक्षण कराए।
बैठक में संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहां कि बीएचएनडी सत्रों में केन्द्र को समय पर खोलकर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। इसके साथ ही इन सत्रों में सभी उपकरण और दवाईयां रखने कहां गया। इसके साथ ही सभी रिकार्ड संधारण भी रखने कहां गया। उपस्थित सीएचओ, एएनएम और सुपरवाईजर से कहां कि समय से बच्चों का टीकाकरण करें, गर्भवती महिलाओं की जांच और टीकाकरण भी समय से करें, कोई भी लापरवाही ना बरते। सीएचसी नारायणगंज में पदस्थ सभी एएनएम और सीएचओ को एचबीपीएनसी और एचबीवायसी नियमित करने एवं मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए है।
कलेक्टर से शिकायत करने पर उपसंचालक कृषि ने किसान को फंसाने की तैयारी
महिला थाने में मामला दर्ज कराने की दी धमकी
मंडला कृषि विभाग के कर्मचारियों पर अभद्र व्यवहार का आरोप
कृषि कार्यालय में अभद्र व्यवहार की शिकायत पर किसान को झूठे केस में फंसाने की धमकी
मंडला महावीर न्यूज 29.ग्राम पंचायत जैदेपुर के सामाजिक कार्यकर्ता और किसान भुवनलाल सिंगौर ने कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर लगातार परेशान करने का गंभीर आरोप लगाया है। भुवन लाल सिंगौर ने बताया कि ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के लिए वह नियमित रूप से कृषि कार्यालय जाते हैं, लेकिन वहाँ पदस्थ कुछ कर्मचारी उनके साथ लगातार अभद्र व्यवहार करते आ रहे हैं। किसान भुवन लाल सिंगौर ने बताया कि कार्यालय में पदस्थ रंजीत यादव द्वारा उनके साथ र्दुव्यवहार किया गया, जिसकी शिकायत उन्होंने तत्काल कलेक्टर से की थी।भुवन लाल सिंगौर का आरोप है कि कलेक्टर से शिकायत किए जाने से उपसंचालक कृषि नाराज हो गए हैं और वे अब उन्हें झूठे मामले में फंसाने के उपाय खोज रहे हैं। भुवनलाल सिंगौर ने बताया कि मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान उपसंचालक श्री झरिया ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि तुम्हारी शिकायत महिला थाने में कराई जा रही है। भुवन लाल सिंगौर ने इस धमकी के जवाब में कहा कि कृषि कार्यालय में कैमरे लगे हुए हैं, जिनकी जांच करने पर सारा मामला स्पष्ट हो जाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारी कार्यालय में नियमित रूप से नहीं बैठते हैं, जिससे योजनाओं की जानकारी किसानों को सहजता से नहीं मिल पाती है और कार्यालय में मनमर्जी का आलम चल रहा है।
भुवनलाल सिंगौर ने चेतावनी दी है कि इस समस्या के समाधान और अधिकारियों के इस रवैये के विरोध में वह शीघ्र ही किसान नेताओं से मिलकर धरना प्रदर्शन करेंगे। किसानों में रोष है कि उन्हें कृषि संबंधी योजनाओं की जानकारी के लिए भी इस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्टीयरिंग फेल होने से ट्रैक्टर कुएं में गिरा, चालक ने कूदकर बचाई जान
कुंए का पानी खाली करने के बाद जेसीबी मशीन की मदद से निकाला बाहर
भीखमपुर में कृषि कार्य के दौरान हुआ हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भीखमपुर में बुधवार को कृषि कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। खेत में काम करते समय एक ट्रैक्टर की स्टीयरिंग अचानक फेल हो गई, जिसके चलते ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पास ही बने एक गहरे कुएं में जा गिरा और पूरी तरह से कुंए में डूब गया। इस हादसे में गनीमत रही कि ट्रैक्टर चालक ने त्वरित सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेक्टर से समय रहते छलांग लगा दी और अपनी जान बचा ली। चालक इस हादसे में पूरी तरह सुरक्षित है।बताया गया कि ट्रैक्टर के कुएं के गहरे पानी में पूरी तरह डूब जाने के कारण उसे निकालना एक बड़ी चुनौती बन गया था। स्थानीय लोगों ने मिलकर पहले पंपों की मदद से कुएं का पानी पूरी तरह खाली किया। इसके बाद दो जेसीबी मशीनों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों जेसीबी मशीनों की सहायता से डूबे हुए ट्रैक्टर को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। हालांकि इस घटना में ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है, लेकिन चालक के सुरक्षित होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
मुनिद्वय ने किया एक, दूसरे के चरणों का स्पर्श, नम हुईं आंखें
कार्तिक अष्टानिक महापर्व संपन्न, पिंडरई में 26 मंडलीय सिद्ध चक्र विधान की पूर्णाहुति
पिंडरई में वात्सल्यमयी पिच्छिका परिवर्तन
मंडला महावीर न्यूज 29.लघु तीर्थ क्षेत्र व्रती नगरी पिंडरई में कार्तिक माह के अष्टानिक महापर्व पर आयोजित 26 मंडलीय श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान का सानंद समापन हो गया। विधान की समाप्ति पर नगर में विराजमान मुनिश्री नीरज सागर एवं मुनिश्री निर्मद सागर का वात्सल्यमयी पिच्छिका परिवर्तन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।बताया गया कि दिन का शुभारंभ श्री जी एवं नवीन पिच्छिका की शोभा यात्रा के साथ हुआ। श्री विद्या स्वभाव भवन में आयोजित बृहद कार्यक्रम में मुनिद्वय के गृहस्थ जीवन के परिजनों द्वारा आचार्य भगवन की सक्रिय पूजन रामायण को आधार बनाकर की गई, जो आकर्षण का केंद्र रही। साधु सेवा समिति के पदाधिकारी ऋषभ कुमार जैन ने बताया कि आयोजन का सबसे हृदयग्राही दृश्य वह था जब दोनों मुनिराजों ने एक-दूसरे को नवीन पिच्छिका प्रदान की और एक-दूसरे के चरणों का स्पर्श किया, जिसे देखकर श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं।
मुनिश्री नीरज सागर की पुरानी पिच्छिका जुली संदीप जी बड़े बाबा वॉच परिवार और मुनिश्री निर्मद सागर की पुरानी पिच्छिका प्रकृति प्रलभ जैन को प्राप्त हुई। शाकल दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष चौधरी कैलाश जैन, सरपंच संदीप जी मरकाम सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और आस-पास के नगरों से श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कान्हा नेशनल पार्क की मॉर्निंग सफारी में एक साथ दिखे तीन बाघ, पर्यटकों में उत्साह
बुधवार को जंगल की रानी और राजा का दीदार, सैलानियों का सफल हुआ वन्यजीव भ्रमण
मंडला महावीर न्यूज 29.कान्हा नेशनल पार्क में वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के लिए बुधवार की सुबह बेहद यादगार और रोमांचक साबित हुई। मॉर्निंग सफारी के दौरान कान्हा पार्क के कोर जोन में तीन बाघों के एक साथ दीदार ने सभी सैलानियों को रोमांचित कर दिया। बताया गया कि सुबह की सफारी में पर्यटकों के एक समूह को पहले एक नर बाघ नजर आया। इसके कुछ ही देर बाद उसी क्षेत्र में दो मादा बाघिनों की भी उपस्थिति दर्ज की गई। इस तरह एक ही मॉर्निंग शो में कुल तीन बाघों को एक साथ देखने का यह दुर्लभ संयोग बना, जिसे पर्यटकों ने अपने कैमरे में कैद किया।बुधवार की इस सफारी ने उन पर्यटकों की खुशी को दोगुना कर दिया जो दूर-दूर से टाइगर को उसके प्राकृतिक आवास में देखने आए थे। बताया गया कि एक ही समय पर तीन अलग-अलग बाघों को देखना कम ही मिलता है।
कुपोषण पर नकेल – एनआरसी नारायणगंज में 111 बच्चों की हुई स्वास्थ्य जांच, 43 चिन्हित
पांच सेक्टरों के बच्चों के लिए लगा स्वास्थ्य शिविर
9 अति कुपोषित बच्चों को एनआरसी में किया भर्ती
मंडला महावीर न्यूज 29. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज के एनआरसी में महिला एवं बाल विकास परियोजना के तहत एक वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कुपोषण और अति कम वजन के बच्चों की पहचान करना था। इस स्वास्थ्य शिविर में नारायणगंज परियोजना क्षेत्र के कुल पाँच सेक्टरों चिरईडोंगरी, नारायणगंज परिक्षेत्र, मानेगांव, जुझारी और छपरा के 111 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सेक्टर चिरईडोंगरी से 26, नारायणगंज से 29, मानेगांव से 39, जुझारी से 11 और छपरा से 6 बच्चों की जांच की गई।परीक्षण के दौरान 43 बच्चों को कुपोषण या अति कम वजन के कारण एनआरसी में भर्ती योग्य पाया गया। इनमें से सेक्टर चिरईडोंगरी के विशेष फोकस वाले बच्चों सहित, भर्ती योग्य चिन्हित 9 बच्चों को तत्काल एनआरसी में भर्ती कर लिया गया। चिन्हित बच्चों के अभिभावकों को कुपोषण के खतरे और उनके बच्चे के स्वास्थ्य के लिए एनआरसी में भर्ती की आवश्यकता के बारे में समझाइश दी गई। परियोजना की यह पहल क्षेत्र में शिशु स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
एसपी मंडला के नेतृत्व में ऑपरेशन मुस्कान की धूम
एक हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिली बाल सुरक्षा की शिक्षा
बिछिया के स्कूलों और छात्रावासों में गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा और जिम्मेदार डिजिटल नागरिकता पर पुलिस का विशेष फोकस
पुलिस अधीक्षक मंडला के मार्गदर्शन में बिछिया और महाराजपुर में ऑपरेशन मुस्कान जागरूकता कार्यक्रम
मंडला महावीर न्यूज 29.पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के नेतृत्व और उपस्थिति में जिले के बिछिया क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों और छात्रावासों में ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजित कार्यक्रम में बिछिया और महाराजपुर क्षेत्र के लगभग 1000 विद्यार्थी सम्मिलित हुए। अभियान की शुरुआत पीएमश्री विद्यालय घुटास से की गई, जहाँ छात्र-छात्राओं को गुड टच, बैड टच की पहचान, साइबर सुरक्षा के उपाय और बाल हेल्पलाइन नंबर की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को किसी भी असुरक्षित परिस्थिति में बिना डर के पुलिस, शिक्षक या अभिभावक से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।बताया गया कि आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में कन्या छात्रावास पड़रिया में जागरूकता कार्यक्रम के साथ ही पौधारोपण किया गया और बालिकाओं के साथ पुलिस अधिकारियों ने सामूहिक भोजन भी किया। इसके साथ ही एकलव्य विद्यालय सिझोरा में छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सोशल मीडिया पर सावधानी बरतने, अजनबियों से सतर्क रहने और एक जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने के लिए जागरूक किया गया।आयोजित कार्यक्रम मेें थाना प्रभारी महाराजपुर द्वारा एकीकृत शाला शासकीय कन्या हाई स्कूल पुरवा महाराजपुर में भी मुस्कान अभियान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के साथ एसडीओपी बिछिया सौरभ तिवारी, डीएसपी महिला सुरक्षा सतीश चतुर्वेदी, थाना प्रभारी बिछिया भीष्म तिवारी, महिला थाना प्रभारी आरती तेकाम सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बताया गया कि मंडला पुलिस द्वारा जिले के दूरस्थ स्थित शिक्षण संस्थानों में बाल सुरक्षा पर आधारित ऑपरेशन मुस्कान जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित कर रहे है।
धर्मगुरूओं और सामाजिक उत्प्रेरकों के उन्मुखीकरण से मंडला बनेगा एनीमिया मुक्त
एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम पर कार्यशाला संपन्न
आंगनवाड़ी और स्कूलों में बंटेगी आयरन सिरप और गोलियां
मंडला महावीर न्यूज 29. एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम पर धर्मगुरूओं एवं सामाजिक उत्प्रेरकों के लिए एक उन्मुखीकरण कार्यशाला सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस कार्यशाला में जिले में एनीमिया की मौजूदा स्थिति और सुधार लाने के लिए विस्तृत कार्य योजना पर चर्चा की गई ।
सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि एनीमिया के प्रसार को कम करने के लिए जांच और उपचार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि एनीमिया से बचाव के लिए सरकार द्वारा समय-समय पर एनीमिया की जाँच, अलबेंडाजोल की वार्षिक खुराक, फोर्टीफाईड आहार का वितरण और हीमोग्लोबिनपेथी की जाँच का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यशाला में लिये गए निर्णय
हीमोग्लोबिन जाँच के बाद सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में 6 माह से 59 माह के बच्चों को आयरन सिरप की थेरेपेटिक डोज दी जाएगी। 5-10 वर्ष के बच्चों और 11-19 वर्ष के किशोरों को उम्र के अनुसार नीली आयरन की गोली देना सुनिश्चित किया जाएगा। सभी आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों में आयरन सिरप और गोली का वितरण संख्यात्मक आधार पर करना अनिवार्य होगा। लक्ष्यों के विरुद्ध प्राप्त उपलब्धि का इंद्राज एचएमआईएस पोर्टल में समय पर किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा ।
ये रहे उपस्थित
आयोजित कार्यशाला में सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती, जिला स्वास्थ्य अधिकारी-1 डॉ. पीएल कोरी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी -2 डॉ. डीके मरकाम, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. यतीन्द्र झारिया, जिला विस्तार एवं माध्यम अधिकारी जेपी सिंह, जिला प्रोग्राम मैनेजर शैलेन्द्र सिंह, आरकेएसके जिला समन्वयक हेमेन्त रेहेन्गडाले सहित अन्य अधिकारी, विकासखण्ड कम्यूनिटी मोबिलाईजर और स्वयं सेवी संस्था से तरसेम सिंह एवं डॉक्टर मनमोहन हरदहा उपस्थित रहे।
गैस सिलेंडर ब्लास्ट से दहला निवास
चकदेही गांव में खाना बनाते समय फटा सिलेंडर
महिला 27 प्रतिशत झुलसी
रेगुलेटर की आग बुझाना पड़ा महंगा
सिलेंडर फटने से 44 वर्षीय महिला झुलसी, अस्पताल में भर्ती
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले के ग्राम चकदेही के एक घर पर खाना बनाते समय एक बड़ा हादसा हो गया। एचपी गैस का सिलेंडर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे एक 44 वर्षीय महिला गंभीर रूप से झुलस गई। झुलसी हुई महिला को तत्काल निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी अनुसार यह घटना चकदेही गांव की है। जहां दुर्गा बाई यादव पति जमुना प्रसाद लगभग 44 वर्ष अपने घर की रसोई में खाना बना रही थीं। इसी दौरान एचपी गैस के सिलेंडर के रेगुलेटर में अचानक आग लग गई। महिला ने अपनी सूझबूझ से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान सिलेंडर ब्लास्ट हो गया।
परिजनों ने बुझाई आग
सिलेंडर फटने के बाद महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन तुरंत रसोई की ओर दौड़े। उन्होंने सबसे पहले कंबल के कपड़े डालकर सिलेंडर की आग को बुझाया और तत्काल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पायलट आशीष धुर्वे और ईएमटी गजेन्द्र अहिरवार की टीम मौके पर पहुंची और झुलसी महिला दुर्गा बाई यादव को तुरंत निवास सीएचसी में लाकर भर्ती कराया।
महिला 27 प्रतिशत झुलसी
निवास बीएमओ डॉ. विजय पेगवार ने बताया कि महिला लगभग 27 प्रतिशत झुलसी है और उसका उपचार किया जा रहा है। गंभीर रूप से झुलसी महिला की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। घटना की जानकारी निवास पुलिस को भी दे दी गई है, जिन्होंने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
वन रक्षक बालसिंह ठाकुर बने आलोक संघ के प्रदेश मीडिया प्रभारी
सामाजिक कार्यों का फल, मंडला के बालसिंह ठाकुर को आलोक संघ की बड़ी जिम्मेदारी
शासकीय सेवा के साथ सामाजिक दायित्व
मंडला महावीर न्यूज 29.अखिल भारतीय लोधी लोधा लोध अधिकारी कर्मचारी संघ (आलोक) की मध्यप्रदेश इकाई में संगठनात्मक बदलाव करते हुए मंडला के बालसिंह ठाकुर को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी सामाजिक सक्रियता को देखते हुए उन्हें संघ का प्रदेश मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है।बताया गया कि बालसिंह ठाकुर वर्तमान में वन विभाग में वन रक्षक के पद पर पदस्थ हैं। इसके साथ ही वह वन कर्मचारी संघ मंडला के जिलाध्यक्ष का दायित्व भी सफलतापूर्वक निभा रहे हैं। बाल सिंह ठाकुर शासकीय सेवा के साथ लोधी समाज और अन्य सामाजिक कारणों में भी लगातार अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहे हैं।
सामाजिक कार्यों में लंबा अनुभव
संघ में नया दायित्व संभालने वाले बालसिंह ठाकुर का सामाजिक कार्यों में लंबा अनुभव रहा है। उन्होंने वर्ष 2007 में दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी संघ के जिला मंडला के जिलाध्यक्ष का दायित्व संभाला था। इसके अलावा, उन्होंने आलोक संघ में भी जिलाध्यक्ष का 3 वर्ष का कार्यकाल सफलता पूर्वक पूरा किया है।
नियुक्ति पर समाज और संघ ने जताई खुशी
बालसिंह ठाकुर को प्रदेश में मीडिया प्रभारी का दायित्व मिलने पर लोधी समाज एवं आलोक संघ मंडला ने खुशी जाहिर की है। इस दौरान कन्हैया ठाकुर जिलाध्यक्ष लोधी समाज, राजेश कुमार लोधी आलोक जिलाध्यक्ष, केके ठाकुर पूर्व प्रदेश महासचिव, शिवेश ठाकुर, संजय ठाकुर आलोक कोषाध्यक्ष, मंगल सिंह ठाकुर मीडिया प्रभारी, लखन ठाकुर ब्लॉक अध्यक्ष मंडला लोधी समाज, राजकुमार दमाहे संगठन सचिव, हरि ठाकुर, विजय ठाकुर और उमेश कुमार सिंगरौरे ने शुभकामनाएं दी है।
मंडला पुलिस को बड़ी सफलता
मोटरसाइकिल चोर गैंग का पर्दाफाश
त्योहारों के दौरान चोरी हुई सात गाडिय़ां जब्त
3.5 लाख मूल्य की सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
कोतवाली पुलिस ने तिलक वार्ड के तीन आरोपियों को दबोचा
मंडला महावीर न्यूज 29.पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में कुल 07 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 3.5 लाख बताई गई है।
थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से संदिग्धों के संबंध में गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर पकड़े गए आरोपियों ने मंडला एवं आसपास के क्षेत्रों से त्योहारों और विसर्जन के दौरान कई मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई सभी 07 मोटरसाइकिलों को बरामद कर लिया है।
पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो तिलक वार्ड और जेल घाट क्षेत्र के निवासी हैं। इन आरोपियोंमें ऋषि यादव पुत्र महेन्द्र यादव, 20 वर्ष निवासी तिलक वार्ड, मंडला, ईशान खान पुत्र रज्जाक खान 21 वर्ष, निवासी तिलक वार्ड, मंडला, फरदीन खान पुत्र अहसान खान 23 वर्ष, निवासी जेल घाट, मंडला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास 3.5 लाख रूपए की हीरो ग्लैमर, हीरो स्प्लेंडर, हीरो सीडी डिलक्स, होंडा शाइन, हीरो एचएफ डिलक्स, हीरो फैशन प्रो, हीरो स्प्लेंडर मोटरसाईकिलें बरामद की है।
मंडला कोर्ट का फैसला
घोर उपहति और लूट के जघन्य मामले में दोषी को आजीवन कारावास
चाकू से हमला कर मंगलसूत्र लूटने का मामला
एससी, एसटी एक्ट के तहत दोषी को दो बार उम्रकैद
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले के चिन्हित एवं जघन्य सनसनीखेज प्रकरण में सुनवाई करते हुए, न्यायालय विशेष न्यायाधीश अनु.जाति, अनु.जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम मंडला ने एक बड़ा फैसला सुनाया है। न्यायालय ने आरोपी अरविंद यादव 35 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 8 नैनपुर को दोषी पाते हुए आजीवन कारावास और चार हजार रुपये के जुर्माने से दण्डित किया है।प्रकरण के संबंध में मीडिया सेल प्रभारी अभियोजन द्वारा बताया गया कि यह घटना विगत वर्ष 02 नबंवर 2024 की है। सुबह करीब 8 बजे बेनी राम शिव ने थाना नैनपुर में शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी अरविंद यादव सुशीला बाई के घर के बीच वाले कमरे में घुस गया। आरोपी ने सुशीला बाई पर चाकू से गले और हाथ में हमला किया और उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया। पीडि़ता के चिल्लाने पर आस-पास के लोग इक_ा हो गए, जिन्हें देखकर आरोपी अरविंद यादव मंगलसूत्र और चाकू लेकर मौके से भाग गया।
एससी, एसटी एक्ट के तहत सजा
थाना नैनपुर द्वारा आरोपी अरविंद यादव के विरुद्ध लूट का मामला पंजीबद्ध किया गया और विवेचना के दौरान इस प्रकरण को चिन्हित एवं जघन्य सनसनीखेज प्रकरण की श्रेणी में रखा गया। माननीय न्यायालय ने अभियोजन की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों और तर्कों से सहमत होते हुए अभियुक्त को भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और अनु. जाति और जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(2)(1) में दोषी पाया। न्यायालय ने दोनों धाराओं में पृथक-पृथक दो बार आजीवन कारावास और कुल चार हजार के जुमाने से दण्डित किया। प्रकरण में अभियोजन की ओर से सहायक निदेशक अभियोजन मंडला एसएस ठाकुर द्वारा पैरवी की गई।
खेत में काम के दौरान जहरीले सांप ने काटा
परिजनों की सूझबूझ से युवक को मिला तत्काल उपचार
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज क्षेत्र के खमरिया निवासी रामनाथ बरकड़े पिता श्री किशन बरकड़े 46 वर्ष को खेत में काम करने के दौरान एक जहरीले सांप ने काट लिया। यह घटना मंगलवार की दोपहर उस वक्त हुई जब रामनाथ अपने खेत में रोजमर्रा का काम कर रहे थे।
सांप के काटने के बाद रामनाथ ने बिना समय गंवाए तत्काल अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए रामनाथ को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुँचाया। बताया गया कि रामनाथ को अस्पताल लाए जाने में कोई देरी नहीं हुई, जिससे उनके उपचार में बहुमूल्य समय मिल गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने बिना किसी विलंब के रामनाथ बरकड़े का उपचार शुरू कर दिया।डॉक्टर ने बताया कि सांप काटने के मामलों में मरीज को जल्द से जल्द अस्पताल पहुँचाना ही सबसे महत्वपूर्ण होता है। रामनाथ के परिजनों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते उन्हें सही समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी है। फिलहाल रामनाथ को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
दिल्ली ब्लास्ट के बाद मंडला में बढ़ाई गई सुरक्षा
एसपी रजत सकलेचा के निर्देश पर जिले में सघन वाहन जांच और सर्च ऑपरेशन
मंडला महावीर न्यूज 29.दिल्ली में हुए ब्लास्ट की घटना के बाद मंडला जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार कड़े कदम उठाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में मंगलवार को जिलेभर में सभी थाना और चौकियों द्वारा सघन वाहन जांच, संदिग्ध स्थानों की तलाशी और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।पुलिस बल द्वारा प्रमुख मार्गों, हाइवे, सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और बाजार क्षेत्रों में वाहनों की गहन जांच की जा रही है। इंटर-स्टेट बॉर्डर नाकों पर भी आने-जाने वाले वाहनों की सघन तलाशी जारी है। सुरक्षा की दृष्टि से एसडीओपी मंडला के नेतृत्व में थाना महाराजपुर, कोतवाली और बीडीडीएस टीम ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, नर्मदा घाट, महिष्मति घाट और संगम घाट जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में सर्च ऑपरेशन किया।थाना और चौकी प्रभारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें जिससे जिले में शांति और सुरक्षा बनी रहे।
दुर्लभ संयोग-भौम पुष्य प्रवर्ध योग पर हनुमान मंदिर में विशेष अनुष्ठान
संकटमोचन की उपासना कर किया अन्न रहित हवन और सुंदरकांड पाठ
मंडला महावीर न्यूज 29.मंगलवार को भौम पुष्य प्रवर्ध योग के पावन संयोग पर जिला पंचायत के सामने स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन और हवन का भव्य आयोजन किया गया। यज्ञाचार्य नीलू महाराज के आचार्यत्व में यह दुर्लभ धार्मिक अनुष्ठान विधि विधानपूर्वक सम्पन्न हुआ। यज्ञाचार्य नीलू महाराज ने बताया कि जब मंगलवार को पुष्य नक्षत्र और प्रवर्ध योग का संयोग बनता है, तभी इसे भौम पुष्य प्रवर्ध योग कहा जाता है। यह योग पूरे दिन से लेकर रात्रि तक विद्यमान रहा और हनुमान उपासना के लिए अत्यंत शुभ और फलदायी माना जाता है।इस विशेष अवसर पर हनुमान जी को चोला चढ़ाया गया और लड्डुओं से अर्चन किया गया। साथ ही, पंचमेवा, गूगल, मंजरी आदि औषधीय सामग्रियों से अन्न रहित हवन किया गया। पूजन में सुधीर कांसकार ने मुख्य यजमान के रूप में भाग लिया। भक्तों ने बड़ी श्रद्धा और भक्ति भाव से हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ किया। भक्तों की भारी उपस्थिति के बीच मंदिर परिसर मंगल ध्वनि और जयकारों से गूंज उठा। भक्तों का मानना है कि इस विशेष योग में हनुमान जी की उपासना करने से संकटों का नाश होता है और जीवन में बल, बुद्धि व सफलता की प्राप्ति होती है।
मनरेगा फंड का गबन-खम्हरिया पंचायत में बिना निर्माण किए 3.29 लाख का भुगतान
खेल मैदान कागजों में बना, फर्जी कार्यपूर्णता प्रमाण पत्र पर कर दिया भुगतान
सरपंच-सचिव और मनरेगा विभाग पर संदेह
मंडला महावीर न्यूज 29.जनपद पंचायत घुघरी के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत खम्हरिया में मनरेगा की राशि के बड़े दुरुपयोग और भ्रष्टाचार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि मौके पर कोई निर्माण कार्य न होने के बावजूद खेल मैदान के नाम पर 3 लाख 29 हज़ार रुपये की शासकीय राशि का भुगतान एक निजी फर्म को कर दिया गया। इस गबन के मामले ने सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और मनरेगा फंड की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत के रिकॉर्ड में आदर्श ट्रेडर्स नामक एक फर्म को ककनू प्राथमिक शाला के पास खेल मैदान निर्माण के लिए यह राशि दी गई। इस पूरे फर्जीवाड़े का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि जनपद पंचायत घुघरी के मनरेगा विभाग ने बिना भौतिक सत्यापन किए ही कार्यपूर्णता प्रमाण पत्र जारी कर दिया, जिसके आधार पर ठेकेदार फर्म आदर्श ट्रेडर्स के खाते में यह बड़ी राशि सीधे ट्रांसफर की गई।
ग्रामीणों ने कहा जमीन पर नहीं रखी एक भी ईंट
स्थानीय सूत्रों और ग्रामीणों ने इस भ्रष्टाचार की पुष्टि की है। ग्रामवासी तिवारी लाल यादव ने बताया कि हमारे इधर कोई खेल मैदान नहीं बना है, ना ही हमने कभी निर्माण होते देखा है। वहीं सुखदेव सिंह ककनू ने कहा कि पता ही नहीं चलता कौन सा काम कब हो जाते हैं, यहां पर कोई भी खेल मैदान नहीं बना है, मात्र यहां पर स्कूल बस है। ग्रामीणों ने बताया कि जिस स्थान पर खेल मैदान बनना था, वहाँ जमीन पर कोई कार्य शुरू ही नहीं किया गया।
विभागीय मिलीभगत पर संदेह
आरोप है कि इस पूरे वित्तीय गबन में ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव की सक्रिय मिलीभगत है। उन्होंने नियमों को ताक पर रखकर, बिना कार्य के ही ठेकेदार फर्म को भुगतान कराया। मनरेगा विभाग द्वारा बिना भौतिक सत्यापन के ही सीसी जारी करना, विभागीय अधिकारियों की भूमिका पर भी गंभीर संदेह खड़ा करता है।
जांच की मांग
इस गबन का मामले के सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई है। जनप्रतिनिधियों ने भी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि फर्जी तरीके से भुगतान की गई 3.29 लाख की राशि ठेकेदार और दोषियों से तत्काल वसूल की जाए। दोषी पाए जाने वाले सरपंच, सचिव और जनपद पंचायत, मनरेगा विभाग के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाए।
इनका कहना है
आपके द्वारा मुझे जानकारी प्राप्त हुई है यदि बिना कार्य हुए शासकीय राशि का दुरुपयोग किया गया है उसकी जांच होते हुए कार्रवाई होनी चाहिए सिहारे लाल करचाम,जनपद उपाध्यक्ष घुघरी
मेरे जनपद क्षेत्र में यदि इस प्रकार से भ्रष्टाचार हुआ है तो उस पर जांच करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी। नीरज मरकाम,क्षेत्रीय जनपद सदस्य एवं भाजपा नेता
यदि इस प्रकार से शासकीय राशि का दुरुपयोग किया गया है और निर्माण नहीं हुआ है तो इस पर जांच होनी चाहिए एवं सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। अरविंद कुशराम,अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी घुघरी
हमारे गांव में अभी तक कोई खेल मैदान नहीं बना है, और ना ही हमने कभी निर्माण कार्य होते देखा है, खेल मैदान का तो पता नहीं कागजों में बन गया है। तिवारी लाल यादव,ककनू, ग्रामवासी
भोपाल में मछुआरों का वार्षिक अधिवेशन केवल औपचारिकता
समस्याओं की अनदेखी पर महासंघ को चेतावनी
मजदूरी कम, राहत राशि रुकी, मछुआरा संघ ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29.राज्य मत्स्य महासंघ द्वारा आयोजित प्राथमिक मछुआरा सहकारी समितियों के सदस्यों की वार्षिक आम सभा को मध्यप्रदेश श्रमिक मछुआरा संघ ने मात्र औपचारिकता करार दिया है। मुन्ना बर्मन, रमेश नंदा सहित अन्य प्रतिनिधियों ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया है कि महासंघ दो दशकों से अधिक समय से बिना चुनाव के प्रशासक के माध्यम से संचालित हो रहा है।मछुआरों का कहना है कि उनकी मुख्य समस्याओं जैसे मछली पकडऩे की कम मजदूरी दर का निराकरण नहीं हो रहा है, जिससे ठेकेदारों को लाभ और मछुआरों को आर्थिक तंगी झेलनी पड़ रही है। इसके साथ ही विगत दो वित्तीय वर्षों से बचत सह राहत योजना की राशि का भुगतान नहीं हुआ है।
संघ ने बताया कि बरगी जलाशय जैसे बड़े जलस्रोतों में मत्स्याखेट कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है, जिससे मछुआरे बेरोजगार बैठे हैं। सभी 26 जलाशयों में पारदर्शिता और विकास की कमी बताते हुए, संघ ने मत्स्य विकास मंत्री को ज्ञापन सौंपा है और चेतावनी दी है कि यदि जायज मांगों पर कार्यवाही नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय पहल-3 माह में ए ग्रेड में आएंगे नारायणगंज के 189 स्कूल
मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय कार्यक्रम से नारायणगंज के स्कूलों का कायाकल्प
छात्रों में घटाई जाएगी ड्रॉपआउट दर
बीईओ डीके सिंगौर की मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय पहल
मंडला महावीर न्यूज 29.विकासखंड नारायणगंज के विद्यालयों को सुसज्जित बनाने और छात्रों के लिए बेहतरीन पठन-पाठन का वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से विकासखंड शिक्षा अधिकारी डीके सिंगौर ने एक अभिनव पहल की है। बीईओ और विकासखंड स्रोत समन्वयक के संयुक्त प्रयासों से मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय नामक एक विशेष कार्यक्रम डिजाइन किया गया है, जिसके तहत विकासखंड के सभी 189 विद्यालयों को तीन माह के भीतर ए ग्रेड में लाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है।जानकारी अनुसार कार्यक्रम के पहले चरण में प्राथमिक, माध्यमिक और एकीकृत शालाओं को शामिल किया गया है, जिसे जल्द ही हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी और छात्रावासों तक भी विस्तारित किया जाएगा। बताया गया कि विद्यालयों के कायाकल्प को एकरूपता देने के लिए मेरा विद्यालय सुंदर विद्यालय कार्यक्रम में 10 मानदंडों को आधार बनाया गया है, जिसके लिए कुल 100 अंक निर्धारित किए गए हैं। इन मानदंडों में प्रमुख रूप से विद्यालय भवन का रखरखाव व रंगरोगन, स्वच्छता, पेयजल एवं हैंड वॉश सुविधा, मिड-डे मील की गुणवत्ता, बच्चों और शिक्षकों की उपस्थिति, बच्चों का शैक्षणिक स्तर, सहायक शिक्षण सामग्री का उपयोग और पाठ्य सहगामी क्रियाएं शामिल हैं। बताया गया कि रेटिंग का जिम्मा बीएसी और जन शिक्षकों को सौंपा गया है, जिसकी निगरानी जन शिक्षा केंद्र प्रभारी, संकुल प्राचार्य, बीआरसी और बीईओ द्वारा लगातार की जाएगी। जनपद पंचायत की शिक्षा स्थाई समिति भी इस प्रक्रिया में सहयोग करेगी।
तत्काल दिख रहे परिणाम
कार्यक्रम की घोषणा और सतत बैठकों के फलस्वरूप इसके सकारात्मक परिणाम तत्काल सामने आने लगे हैं। जन शिक्षक, संस्था प्रमुख और शिक्षक अपने विद्यालयों को सुंदर बनाने के लिए एक प्रतियोगिता की भावना के साथ जुट गए हैं। जिन विद्यालयों में पुताई और रंगरोगन नियमित नहीं होता था, वे अब इन कार्यों को प्राथमिकता दे रहे हैं। कार्यक्रम की प्रथम रेटिंग में 189 विद्यालयों में से 46 ई ग्रेड और 82 डी ग्रेड में थे, जबकि 47 सी और 13 बी ग्रेड में थे। हालांकि पहली ही रेटिंग में माध्यमिक शाला सिकोसी ने ए ग्रेड हासिल करके बड़ी सफलता प्राप्त की। सिकोसी शाला को 13 नवंबर की शिक्षा स्थाई समिति की बैठक में सम्मानित किया जाएगा।
ड्रॉपआउट रोकने के लिए खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां
बीईओ डीके सिंगौर ने बताया कि कमजोर शैक्षणिक प्रदर्शन से बच्चों में हीन भावना आती है, जिससे विद्यालय में उनका ठहराव कम हो जाता है और वे ड्रॉपआउट कर जाते हैं। इस समस्या से निपटने के लिए, बच्चों की खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को अवसर देने के लिए विकासखंड के प्रत्येक संकुल में संकुल स्तरीय खेल, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। संकुल स्तर पर अव्वल आने वाले प्रतिभागियों को ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में अवसर दिया जाएगा। बीईओ ने बताया कि यह कार्यक्रम भारत सरकार की आकांक्षी ब्लॉक योजना में शामिल नारायणगंज ब्लॉक के लिए महत्वपूर्ण है, जिसके 11 इंडिकेटर्स में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। बीआरसी कमलेश भवेदी ने उम्मीद जताई कि यह कार्यक्रम बच्चों की विद्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित कराएगा और ड्रॉपआउट को रोकने में सहायक होगा।
हाई रिस्क प्रेग्नेंसी से बचाव के लिए विशेष अभियान
मंडला में जच्चा-बच्चा की सुरक्षा को प्राथमिकता
मातृत्व दिवस पर हर माह 9 और 25 तारीख को नि:शुल्क प्रसव पूर्व जांच
हाई रिस्क प्रेग्नेंसी मामलों की हो रही पहचान
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के साथ गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में हर माह की 09 और 25 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस के तहत गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच कराई जा रही है। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य गर्भवती महिलाओं में उच्च जोखिम गर्भावस्था की पहचान करना है, जिससे प्रसव काल में मां और शिशु को सुरक्षित रखा जा सके।जानकारी अनुसार आयोजित मातृत्व दिवस शिविरों में गर्भवती महिलाओं की कई महत्वपूर्ण जांचें नि:शुल्क की जा रही हैं। इन जांचों में हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, शुगर, एचआईवी, यूरिन प्रोटीन और एल्बुमिन, और सिकलिंग समेत तमाम परीक्षण शामिल हैं। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस के तहत हर महीने की 9 व 25 तारीख को यह आयोजन किया जाता है, और अवकाश होने पर अगले कार्य दिवस में शिविर लगाया जाता है।
ओजीटीटी से हो रही डायबिटीज की पहचान
शिविर में गर्भवती महिलाओं में होने वाले डायबिटीज की जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नर्सिंग ऑफीसर मोनिका उइके ने बताया कि इसके लिए ओरल ग्लूकोज टॉलरेंस टेस्ट यानी ग्लूकोज सहनशीलता परीक्षण प्रमुखता से किया जा रहा है। इस टेस्ट के लिए गर्भवती महिला को 300 एमएल पानी में 75 ग्राम ग्लूकोज मिलाकर शरबत पिलाया जाता है, जिसके करीब दो घंटे बाद रक्त का नमूना लेकर शरीर में शर्करा के स्तर की जांच की जाती है।
जोखिम गर्भावस्था में किया जाता है रैफर
नारायणगंंज सीएचसी सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल ने बताया कि उच्च जोखिम गर्भावस्था में मां और शिशु दोनों में सामान्य गर्भावस्था की तुलना में अधिक जटिलता विकसित होने की संभावना होती है। जांच के दौरान यदि कोई महिला एचआरपी के रूप में चिन्हित होती है, या गर्भाशय की शिकायत पाई जाती है, तो ऐसी महिलाओं को विशेष देखभाल के लिए तत्काल उच्च स्वास्थ्य केन्द्रों के लिए रेफर किया जाता है।
जुआ पर महाराजपुर पुलिस की कार्रवाई, 6 जुआरी गिरफ्तार
रामबाग में जुआ खेलते 6 व्यक्ति धराए, मौके से 10 हजार 700 नगद जब्त
मंडला महावीर न्यूज 29.पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशन में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे सतत अभियान के तहत थाना महाराजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बताया गया कि थाना महाराजपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रामबाग में झूला पुल के पास रोड किनारे एक खेत में कुछ व्यक्ति ताश के पत्तों पर अवैध रूप से रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम का गठन कर तत्काल मौके पर दबिश दी गई। घेराबंदी करते हुए पुलिस ने मौके से 06 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।जानकारी अनुसार पुलिस ने मौके से जुआरियों के पास से नगदी 10 हजार 700 रूपए सहित ताश पत्तों का एक सेट, मोमबत्ती और चार्जिंग बल्ब जैसी अन्य सामग्री जब्त की। सभी 06 आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में सुकल सिंह सैय्याम 29 वर्ष, बुजबुजिया, अभिषेक निखर 30 वर्ष, वार्ड 18 छोटी खैरी, राहुल पटेल 34 वर्ष, वार्ड 03 रंगरेज घाट, जितेन्द्र बैरागी 28 वर्ष, बड़ी खैरी, विक्रांत बरमैया 32 वर्ष, ग्राम रामबाग, दुर्गेश नंदा 30 वर्ष, वार्ड 04 महात्मा गांधी वार्ड है। इस सफल कार्रवाई को निरीक्षक डॉ. जयसिंह यादव, उप निरीक्षक लक्ष्मीचंद बिसेन सहित पुलिस टीम के आरक्षकों द्वारा अंजाम दिया गया।
उत्तरवाहिनी नर्मदा परिक्रमा के लिए पुणे से पहुंचा श्रद्धालुओं का पहला समूह
मंडला में शुरू हुई वर्ष भर चलने वाली उत्तरवाहिनी परिक्रमा की नई परंपरा
माँ नर्मदा की महिमा से मंडला बना देश-विदेश के भक्तों का केंद्र
चैत्र माह के अलावा अब वर्ष भर होगी परिक्रमा
मंडला महावीर न्यूज 29.नर्मदा भक्तों के लिए एक नई परंपरा का आगाज करते हुए पुणे के श्रद्धालुओं का एक समूह महिष्मति नगरी मंडला पहुंचा है। इस समूह ने चैत्र माह के पारंपरिक समय से अलग नवंबर में ही माँ नर्मदा उत्तरवाहिनी परिक्रमा शुरू कर दी है। यह पिछले 4-5 वर्षों में पहला ऐसा समूह है जो चैत्र माह के अलावा माँ नर्मदा की परिक्रमा करने आया है, जिससे अब मंडला में नर्मदा भक्तों का वर्ष भर आगमन होने की संभावना बढ़ गई है।जानकारी अनुसार मंडला जिले की महिमा और गरिमा माँ नर्मदा के उत्तरवाहिनी प्रवाह से जुड़ी हुई है। प्राचीन काल में भगवान वेदव्यास जी की कृपा से मैया नर्मदा ने अपना मार्ग बदलकर इस नगरी में मंडलाकार रचना की थी, तभी से यह क्षेत्र उत्तरवाहिनी प्रवाह के आशीर्वाद के लिए जाना जाता है। कुछ वर्ष पूर्व संतों द्वारा इस दिव्यता की जानकारी दिए जाने के बाद से ही यह परिक्रमा शुरू हुई थी, जो अभी तक मुख्य रूप से चैत्र महीने में ही की जाती थी।
नर्मदा परिक्रमा का हुआ विधिवत शुभारंभ
बताया गया कि पुणे से आए श्रद्धालु 09 नवंबर को मंडला पहुंचे और महाराजपुर स्थित राधाराज आश्रम में रात्रि विश्राम किया। 10 नवंबर की सुबह 6 बजे राधाराज आश्रम के प्रबंधक घनश्याम बर्मन ने समूह को श्री व्यास नारायण मंदिर किला घाट तक पहुँचाया। उत्तरवाहिनी माँ नर्मदा परिक्रमा आयोजन समिति के सुधीर कांसकार ने समूह को परिक्रमा का पूरा रूट चार्ट विस्तार से समझाया। इसके बाद पंडित रामायण दुबे ने विधिवत संकल्प पूजन कराकर भक्तों को तट परिवर्तन के लिए रवाना किया। आयोजकों ने इस पहल पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यदि यह नई परंपरा शुरू होती है, तो महिष्मति उत्तरवाहिनी माँ नर्मदा परिक्रमा के लिए वर्ष भर मंडला में श्रद्धालुओं का आगमन होगा, जिससे जिले की गरिमा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
जटिल रोगों के सरल उपचार के लिए भुआ बिछिया के बैध सुदेश नामदेव सम्मानित
अखिल भारतीय परंपरागत बैध महासंघ का आयोजन
पेंड्रा में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में 25 राज्यों के 600 बैध हुए शामिल
अखिल भारतीय परंपरागत वैध महासंघ ने वैध सुदेश नामदेव को किया सम्मानित
मंडला महावीर न्यूज 29.अखिल भारतीय परंपरागत वन औषधि बैध महासंघ द्वारा छत्तीसगढ़ के पेंड्रा में आयोजित आठवें अंतर्राष्ट्रीय तीन दिवसीय कार्यशाला एवं राष्ट्रीय वन औषधि ज्ञान संगोष्ठी में भुआ बिछिया निवासी बैध सुदेश नामदेव को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान महिलाओं और पुरुषों के गुप्त रोग सफेद पानी का निकलना, खुजलाहट, अनियमित मासिक धर्म, बच्चेदानी में गठानें और गर्भधारण में दिक्कत आदि के सरल और सहज उपचार को औषधीय पौधों के माध्यम से बताने के लिए दिया गया।बताया गया कि यह राष्ट्रीय संगोष्ठी अरपा सोन पर्यावरण सुरक्षा एवं मानव विकास समिति के द्वारा आयोजित की गई थी। इस तीन दिवसीय आयोजन में देश के 25 राज्यों से 600 से अधिक प्रशिक्षित बैध एवं आचार्य शामिल हुए। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य प्रकृति को पहचानना और औषधीय पेड़-पौधों के उपयोग से अनेक जटिल रोगों से निजात पाना था।
संगोष्ठी का उद्घाटन छत्तीसगढ़ औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री विकास मरकाम, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजाति विश्वविद्यालय अमरकंटक के कुलपति प्रोफेसर व्योम केस त्रिपाठी, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के आरके प्रजापति, विश्व प्रसिद्ध नाड़ी विशेषज्ञ डॉ. जैन पुरोहित गुजरात, संजीवनी रस प्रायोजक संजय सिंह, और प्राकृतिक चिकित्सा प्रशिक्षक डॉ. विनोद दुबले की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
सुदेश नामदेव का योगदान
परंपरागत वेदों और प्रशिक्षित आचार्यों ने इस दौरान औषधीय पौधों का प्रदर्शन किया और उनके उपचार की जानकारी साझा की। इसी क्रम में भुआ बिछिया निवासी बैध सुदेश नामदेव ने उक्त जटिल रोगों के कारण की व्याख्या करते हुए उनका प्रभावी उपचार वन औषधियों से बताया। उनके इस महत्वपूर्ण कार्य और सहज उपचार पद्धति के लिए बैध महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल पटेल एवं मध्यप्रदेश के अध्यक्ष निर्मल रघु द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि सुदेश नामदेव अनेक वर्षों से जड़ी-बूटियां प्रदान कर लोगों का उपचार कर रहे हैं और विभिन्न प्रकार के औषधीय पौधों का रोपण भी करते हैं।
MPPSC 2023: मंडला के घुटास के दुर्गेश कुमार ठाकुर सहकारिता निरीक्षक चयनित
सेल्फ-स्टडी और ‘स्मार्ट वर्क’ ने दिलाई सफलता, दुर्गेश बने पूरे जिले के लिए मिसाल
मंडला महावीर न्यूज 29. कहते हैं कि अगर मेहनत और आत्मविश्वास साथ हो, तो मंज़िल खुद बखुद मिल जाती है। मंडला जिले के घुटास के रहने वाले दुर्गेश कुमार ठाकुर ने इस बात को साबित कर दिखाया है। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) 2023 के नतीजे जारी होने के बाद दुर्गेश का चयन सहकारिता निरीक्षक (Cooperative Inspector) के प्रतिष्ठित पद पर हुआ है, जिससे उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे मंडला जिले का नाम रोशन किया है।
सफलता का मंत्र: लगन और स्मार्ट वर्क
दुर्गेश ने अपनी इस उपलब्धि के लिए किसी बड़े कोचिंग संस्थान पर निर्भर न होकर, स्वयं पर भरोसा किया। उन्होंने खुद अपने नोट्स बनाए और अपनी रणनीति तैयार की। दुर्गेश ने बताया कि हर दिन 9 से 10 घंटे की लगनभरी पढ़ाई और “स्मार्ट वर्क” पर ध्यान केंद्रित करना ही उनकी सफलता का मुख्य मंत्र बना।
माता-पिता और दोस्तों को श्रेय
अपनी इस कामयाबी का श्रेय दुर्गेश ने अपने माता-पिता और दोस्तों को दिया है। उनका कहना है कि मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती, बस मन में सच्चा भरोसा होना चाहिए। घुटास का यह बेटा आज हर युवा के लिए एक मिसाल बन गया है, जो यह दर्शाता है कि कड़ी मेहनत, सच्ची लगन और विश्वास ही सफलता की कुंजी है।
खुशियों की दास्तां, हल्दी की खुशबू से मिली नई पहचान
किसान ने मक्के की खेती छोड़ बनाई आत्मनिर्भरता की मिसाल
उद्यानिकी विभाग के सहयोग से 1.5 एकड़ में कमा रहे धर्मराज सिंह स्थायी मुनाफा
उद्यानिकी विभाग के सहयोग से बदली किस्मत
मंडला महावीर न्यूज 29.जहां चाह, वहां राह, इस कहावत को जिले के ग्राम लावर के किसान धर्मराज सिंह ने सच कर दिखाया है। परंपरागत मक्का की खेती में घाटा देखने के बाद आठ वर्ष पूर्व उद्यानिकी विभाग की हल्दी प्रदर्शन योजना के तहत खेती में बदलाव कर उन्होंने हल्दी की खेती शुरू की। आज उनकी मेहनत नई तकनीक और जैविक खेती की सोच ने उन्हें न केवल आत्मनिर्भर बनाया है, बल्कि पूरे जिले के किसानों के लिए वे प्रेरणास्रोत बन गए हैं।जानकारी अनुसार धर्मराज सिंह ने वर्ष 2017 में उद्यानिकी विभाग के सहयोग से खेती का यह नया रास्ता पकड़ा। विभाग ने उन्हें कर्नाटक हल्दी के 250 किलोग्राम बीज और आवश्यक तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने अपनी 1.5 एकड़ भूमि पर हल्दी की खेती का सफल प्रयोग किया। पहले वर्ष ही अच्छा उत्पादन मिलने के बाद उन्होंने स्वयं का बीज तैयार किया और हर साल हल्दी की फसल लेना जारी रखा। धर्मराज सिंह ने बताया कि विभाग के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से मुझे खेती में एक नया और स्थायी रास्ता मिला है। अब हल्दी से ही मेरी स्थायी आमदनी सुनिश्चित हो गई है।
फलदार पौधों से हुआ दोहरा लाभ
कृषक धर्मराज ने बताया कि हल्दी छायादार क्षेत्रों में अधिक उपज देती है। इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने उद्यानिकी विभाग के सुझाव पर अपने खेत में आम और नींबू के पौधों का रोपण किया है। यह नवाचार दोहरा लाभ दे रहा है। इससे हल्दी की फसल को आवश्यक छाया मिलती है, वहीं सीजन के दौरान फलों की बिक्री से उन्हें अतिरिक्त आय भी प्राप्त होती है।
जैविक पद्धति से बढ़ी मांग और कीमत
धर्मराज सिंह ने बताया कि वह अपनी हल्दी की खेती को पूरी तरह जैविक पद्धति पर आधारित रखा है। फसल लगाने से पहले वे केवल गोबर की खाद का उपयोग करते हैं और किसी भी रासायनिक उर्वरक का इस्तेमाल नहीं करते। यही कारण है कि उनकी जैविक हल्दी की मांग जबलपुर सहित आसपास के बाजारों में लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में उन्हें अपनी उपज के लिए 90 से 95 रूपए प्रति किलोग्राम तक की बेहतर कीमत मिल रही है। अपनी 1.5 एकड़ भूमि से वे प्रति वर्ष 15 से 18 क्विंटल हल्दी का उत्पादन कर रहे हैं, जिससे उन्हें नियमित और स्थायी आय प्राप्त हो रही है।
किसानों के लिए बने प्रेरणा स्रोत
धर्मराज सिंह ने जिले के किसानों से आह्वान करते हुए कहां कि यदि किसान शासन की योजनाओं का लाभ लें और नई तकनीक को अपनाएं तो छोटी भूमि से भी आत्मनिर्भर बना जा सकता है। उनका यह सफल प्रयास न केवल ग्राम लावर बल्कि समूचे जिले के किसानों के लिए नई राह दिखा रहा है।
अमेरिका गए थे पूर्व मंडल अध्यक्ष, घर पर चोरों का धावा
पिपरिया में भाजपा नेता के घर लाखों की चोरी की आशंका
पुलिस की जांच शुरू, निवास थाना प्रभारी ने बुलाया फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात चोरी की बड़ी वारदात हुई है। अज्ञात चोरों ने भाजपा नेता एवं निवास मंडल के पूर्व अध्यक्ष यतीन्द्र मोहन विश्वकर्मा के बंद घर को निशाना बनाया। घटना के वक्त विश्वकर्मा परिवार अपने छोटे बेटे से मिलने अमेरिका गए हुए थे।
जानकारी अनुसार रविवार सुबह पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा और दरवाजा खुला देखा, जिसके बाद तुरंत निवास पुलिस और जबलपुर में रह रहे यतीन्द्र मोहन के बड़े बेटे को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वर्षा पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। जांच के दौरान घर में अलमारियां खुलीं और सामान बिखरा हुआ मिला। पुलिस ने मौके पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड को बुलाया है।बताया गया कि प्रारंभिक जांच में अलमारी से कीमती मंगलसूत्र सहित कुछ आभूषण गायब होने की आशंका है। थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी गए सामान का सटीक ब्योरा परिवार के लौटने के बाद ही मिल सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
गोल्डन आवर बचाएगा जान
होटल, ढाबा संचालकों ने सीखी जीवन रक्षक तकनीक
मंडला पुलिस ब्लैक स्पॉट पर चला रही है सीपीआर और प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण अभियान
यातायात पुलिस और मेडिकल टीम ने घायलों की सहायता के सिखाए गुर
मंडला महावीर न्यूज 29.पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में मंडला पुलिस द्वारा जन सुरक्षा पहल शुरू की है। जिले के ब्लैक स्पॉट एवं हाईवे के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान जनहानि को कम करने के उद्देश्य से प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में यातायात पुलिस के अधिकारियों और जिला अस्पताल की मेडिकल टीम ने सक्रिय भागीदारी की। उन्होंने होटल-ढाबा संचालकों, स्थानीय दुकानदारों एवं आम नागरिकों को दुर्घटना के समय घायलों की सहायता करने की सही तकनीक और प्राथमिक उपचार देने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी।बताया गया कि प्रशिक्षण का मुख्य फोकस गोल्डन आवर के महत्व पर रहा। विशेषज्ञों ने बताया कि दुर्घटना के बाद का यह शुरुआती एक घंटा जीवन बचाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, और इस दौरान समय पर दिया गया प्राथमिक उपचार किसी भी घायल व्यक्ति की जान बचा सकता है। कार्यक्रम के दौरान दुर्घटना स्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने, रक्तस्राव रोकने के उपाय, घायल को सुरक्षित स्थिति में रखने और आपातकालीन नंबर 108, 112 पर सूचना देने की सही प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। इस जागरूकता अभियान को सूबेदार योगेश राजपूत, आरक्षक आशीष मरकाम, पुष्पराज, प्रियांशु और मेडिकल टीम से नर्मदा यादव और प्रदीप बर्मन द्वारा संचालित किया गया।
नौ वाहनों से वसूले 8 हजार 500 रूपए का समन शुल्क
मंडला, बिछिया मार्ग पर वाहनों की चैकिंग
बिना परमिट संचालित एक यात्री बस जब्त
मंडला महावीर न्यूज 29.परिवहन आयुक्त ग्वालियर एवं कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार राजस्व, पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा मंडला-बिछिया मार्ग पर संचालित वाहनों की चैकिंग की गई। चैकिंग के दौरान वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा, पीयूसी, अग्निशमन यंत्र, फस्र्ट एड बॉक्स, व्ही एलटीडी, एसएलडी, रेडियम, ओव्हरलोडिंग एवं अधिक किराया लेने आदि की जांच की गई।चैकिंग के दौरान 9 वाहनों पर मोटर यान अधिनियम 1988 की विभिन्न प्रावधानों के तहत 8500 रूपये का समन शुल्क एवं बस क्रमांक एमपी 28 पी 1786 बिना परमिट संचालित पाये जाने पर जप्त कर परिवहन कार्यालय मंडला में सुरक्षार्थ रखा गया है। चैकिंग कार्यवाही में जिला परिवहन अधिकारी विमलेश कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार रामसिंह उलाडी, यातायात उप निरीक्षक योगेश राजपूत एवं परिवहन कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। बताया गया कि चैकिंग लगातार जारी रहेगी।
औषधि नियमों के उल्लंघन पर मेडिकल स्टोर्स अस्थाई रूप से बंद
दो औषधि दुकानों पर पंजीकृत फार्मासिस्ट अनुपस्थित
औषधि निरीक्षक द्वारा निवास क्षेत्र में औषधि दुकानों का औचक निरीक्षण
मंडला महावीर न्यूज 29.कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशानुसार एवं उपसंचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंडला के मार्गदर्शन में रविवार को तहसील निवास स्थित विभिन्न औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण औषधि निरीक्षक मंडला द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख, भंडारण व्यवस्था, औषधि अनुज्ञापन की वैधता एवं पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति का परीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय दो औषधि दुकानों मेसर्स रूबी मेडिकल स्टोर्स एवं मेसर्स ओम मेडिकल स्टोर्स पर पंजीकृत फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति पाई गई।औषधि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित दुकानों में औषधियों के क्रय विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाते हुए प्रतिष्ठानों को अस्थायी रूप से बंद कराया गया। निरीक्षण के दौरान पाए गए तथ्यों के संबंध में विस्तृत जांच प्रतिवेदन तैयार कर सक्षम अधिकारी को प्रेषित किया जाएगा, जिससे आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा सके।
दुर्गंध का दंश, बस स्टेंड में दुकानदारों के सामने कचरा घर
ग्राहक व व्यापार दोनों हुए प्रभावित, तत्काल समाधान की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29.जनपद पंचायत नारायणगंज स्थित मुख्यालय के मुख्य बस स्टैंड में स्थानीय दुकानदारों के सामने रखे अस्थाई कचरा घर के कारण क्षेत्र में दुर्गंध फैलने के साथ संक्रमण का खतरा बन गया है। जिसके कारण यहां के दुकानदारों के व्यापार पर बहुत असर पड़ रहा है। इस परेशानी को देखते हुए दुकानदारों ने नारायणगंज सीईओ को शिकायत भी की है। शिकायत पत्र में दुकानदारों ने आरोप लगाए हैं कि कचरा घर से आ रही असहनीय दुर्गंध के कारण उनका व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और जीना दूभर हो गया है।दुकानदारों ने बताया कि कचरा घर बिल्कुल उनकी दुकानों के मुख्य द्वार के सामने रखा गया है। इसके चलते जो ग्राहक खरीदारी के लिए आते हैं, वे भीषण बदबू के कारण ऊपर या पास आने से कतराते हैं, जिससे उनका व्यापार ठप हो गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि गंदगी इतनी अधिक है कि दुकानदारों के लिए अपनी दुकानों में भोजन करना भी मुश्किल हो गया है, क्योंकि चारों तरफ बदबू और मक्खियों का जमावड़ा लगा रहता है।
स्वास्थ्य और स्वच्छता पर खतरा
बताया गया कि दुकानदारों ने स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बताया कि साफ-सफाई की स्थिति बिल्कुल लचर है, और सबसे बड़ी समस्या यह है कि कचरा घर से गंदा पानी लगातार रिस रहा है, जिससे उनकी दुकानों के सामने की पूरी जगह कीचड़ और बदबू से भर गई है। यह स्थिति न केवल व्यापार को नुकसान पहुँचा रही है, बल्कि स्वास्थ्य और स्वच्छता के लिए भी एक गंभीर खतरा बन गई है।
कचरा घर व्यवस्थित रखने की मांग
शिकायत पत्र में बस स्टेंड के काम्प्लेक्स में संचालित दुकानदारों ने नारायणगंज मुख्य कार्यपालन अधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने निवेदन किया है कि क्षेत्र की जन-सुविधा और व्यापारियों के हित को देखते हुए इस बदबूदार कचरा घर को तत्काल यहाँ से हटाकर किसी उचित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए जिससे वे सामान्य रूप से अपना व्यापार कर सकें।
इनका कहना है
गंदगी बहुत ज्यादा है, और ऐसा लगता है कि यहाँ साफ-सफाई होती ही नहीं है। सड़क पर पानी रिस रहा है और कचरे का ढेर लगा रहता है। इस तरह के माहौल में कोई भी व्यक्ति सामान खरीदने के लिए क्यों आएगा, नारायणगंज सीईओ से निवेदन है कि वे हमारी परेशानी को समझें और तत्काल कार्रवाई करें। रितेश सोनी, निवास विधानसभा अध्यक्ष, युवा कांग्रेस
यह कचरा घर हमारे लिए ग्राहक भगाने वाली मशीन बन गया है। ग्राहक दूर से ही दुर्गंध महसूस करते हैं और सीधे मुड़कर वापस चले जाते हैं। ऊपर की दुकानों में तो कोई आता ही नहीं है। हम ग्राहक न आने के कारण भारी व्यापारिक नुकसान झेल रहे हैं और अपनी आजीविका चलाने में भी मुश्किल हो रही है। विष्णु प्रसाद
दुर्गंध के कारण दिनभर सिर में भारीपन और उल्टी जैसा महसूस होता है। हम दुकानदार अपनी ही दुकान में ठीक से खाना भी नहीं खा पाते हैं। यह केवल व्यापार का नहीं, बल्कि हमारे स्वास्थ्य का भी सवाल है। अगर यह गंदगी नहीं हटी, तो हमें मजबूरन अपनी दुकानें बंद करनी पड़ सकती हैं। दीपक सिंगरौरे
पिछले कई दिनों से यह समस्या लगातार बढ़ रही है। कचरे से रिसने वाला गंदा पानी सड़क पर फैल जाता है, जिससे पूरे क्षेत्र में बदबू और मच्छर, मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है। हम व्यापारी अब इस गंदगी और दुर्गंध के साथ और काम नहीं कर सकते। प्रशासन को तुरंत इस कचरा घर को हटाना चाहिए। आनंद अग्रवाल
कान्हा टाइगर रिजर्व में होगी जंगली भैंसों की ऐतिहासिक वापसी
विलुप्त हो चुकी प्रजाति को फिर बसाने की योजना तैयार
एनटीसीए ने दी 50 भैंसों को असम से कान्हा लाने की मंजूरी
5 साल में 10-10 कर लाए जाएंगे जंगली भैस, 150 हेक्टेयर का विशेष बाड़ा निर्माणाधीन
मंडला महावीर न्यूज 29.विश्व की सबसे बड़ी जैव विविधता की प्रयोगशाला राष्ट्रीय उद्यान कान्हा है। जहां पर हर प्रकार के जीव जंतु वनस्पति वनों से आच्छादित है। दुर्लभ प्रजाति के जीव जंतु एवं वन्य प्राणी की उपलब्धता है। राष्ट्रीय उद्यान कान्हा के नाम से मंडला जिले को पूरी दुनिया में जाना जाता है। कान्हा नेशनल पार्क भारत के मध्यप्रदेश में मंडला और बालाघाट जिले की सीमा कान्हा में स्थित है। 1930 के दशक में कान्हा क्षेत्र को दो अभ्यारण्यों में बांटा गया था, हालोन और बंजर। जिसका एरिया 250 और 300 वर्ग किलोमीटर था। वहीं कान्हा नेशनल पार्क का अब विस्तार हो चुका है। अब कान्हा क्षेत्र में कोर 941.792, बफर 1134.319 और फेन 110.740 वर्ग किलोमीटर में फैला है।जानकारी अनुसार विश्व की सबसे बड़ी जैव विविधता की प्रयोगशाला में मप्र के वन्यजीव संरक्षण के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए कान्हा टाइगर रिजर्व में एक बार फिर जंगली भैंसों की वापसी होने जा रही है। नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी ने कान्हा में जंगली भैंसों को फिर से बसाने की विस्तृत योजना को हरी झंडी दे दी है। मध्यप्रदेश में कभी बड़ी संख्या में पाए जाने वाले जंगली भैंसे अब यहां विलुप्त हो चुके हैं।
पांच साल की कार्य योजना तैयार
कान्हा टाइगर रिजर्व के उप संचालक पुनीत गोयल ने बताया कि एनटीसीए की स्वीकृति के बाद जंगली भैंसों को बसाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। इस योजना के अनुसार असम से कुल 50 जंगली भैंसे कान्हा लाए जाएंगे। इसके लिए पांच साल की कार्ययोजना बनाई गई है, जिसके तहत प्रति वर्ष 10-10 भैंसे लाए जाएंगे।
हालेन वैली में बन रहा विशेष बाड़ा
बताया गया कि पुनर्वास प्रक्रिया के तहत इन भैंसों के लिए कान्हा की हालेन वैली में 150 हेक्टेयर का एक विशेष बाड़ा तैयार किया जा रहा है। शुरुआत में इन्हें इसी बाड़े में रखा जाएगा, जिससे वे नए वातावरण के अनुकूल हो सकें। इनकी संख्या बढऩे पर और अनुकूलन के बाद इन्हें धीरे-धीरे जंगल में छोड़ा जाएगा। आवश्यकतानुसार बाड़े का विस्तार भी किया जाएगा।
जंगली भैसों के लिए उपयुक्त है कान्हा की जलवायु
बताया गया कि वन्यजीव पुनर्वास के लिए कान्हा को चुनने का कारण वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की टीम का अध्ययन है। डब्ल्यूआईआई के अध्ययन में पाया गया कि कान्हा के विस्तृत घास के मैदान और यहाँ की जलवायु जंगली भैंसों के लिए पूरी तरह उपयुक्त हैं, जिससे उनके सफल पुनर्वास की संभावना अधिक है।
परिवहन एक बड़ी चुनौती
कान्हा प्रबंधन के लिए इन भैंसों को असम से कान्हा तक लाना एक बड़ी चुनौती है, क्योंकि इन्हें सड़क मार्ग से लाया जाएगा, जिसमें लगभग दो से तीन दिन का समय लगेगा। हालांकि कान्हा प्रबंधन इसके लिए पूरी तैयारी कर रहा है और सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करने के लिए असम और रास्ते में पडऩे वाले राज्यों के वन विभागों से समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
1.264 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
हिरदेनगर चौकी पुलिस ने कुडवन तिराहे पर की चेकिंग
जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 1.20 लाख आंकी गई
मंडला पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के महाराजपुर थाना अंतर्गत हिरदेनगर चौकी पुलिस ने शनिवार को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस टीम ने 1.264 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
चौकी प्रभारी विकास सिंह तोमर ने बताया कि पुलिस टीम ने कुडवन तिराहा, हिरदेनगर के पास संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्ति रामकिशोर पटेल पिता प्रताप पटेल, निवासी ककैया, थाना बम्हनी को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में आरोपी के कब्जे से 1.264 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी से बरामद गांजा और परिवहन में उपयोग की जा रही उसकी स्कूटी को तत्काल जब्त कर लिया है। जब्त की गई इस अवैध सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपी रामकिशोर पटेल के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी विकास सिंह तोमर, सहायक उप निरीक्षक शिवशंकर सिंह राजपूत, आरक्षक रशीद कुमार पुशाम, आरक्षक आनंद, आरक्षक अमित, सैनिक जगदीश सिंगौर और महिला आरक्षक दीपाली का योगदान रहा।
अनियंत्रित होकर बाईक से गिरा युवक, गंभीर घायल
नारायणगंज के ग्राम दहरा में हुआ हादसा, जबलपुर किया रैफर
मंडला महावीर न्यूज 29.नारायणगंज से चुटका मार्ग में ग्राम दहरा के पास एक बाईक सवार युवक मार्ग में बने एक गड्डे से अनियंत्रित होकर गिर गया। बाईक से नीचे गिरने के बाद युवक गंभीर घायल हो गया। युवक के चेहरे में गंभीर चोटे आई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 कुछ देर में घटना स्थल के लिए रवाना हुई। स्थानीय लोगों की मदद से डायल 112 में ही घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में लाया गया। टिकरिया पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच कर रही है।जानकारी अनुसार नारायणगंज के ग्राम दहरा में एक बाईक सवार अनियंत्रित होकर मार्ग में गिरकर गंभीर घायल हो गया है। बताया गया कि बाईक सवार युवक भागवत मरावी पिता हरीश मरावी 25 वर्ष निवासी पिंडरई अपनी नानी के घर ग्राम झांझनगर खाना खाने गया हुआ था। झांझनगरं से वापस युवक भागवत अपने गृह ग्राम पिंडरई लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम देहरा के पास मार्ग में बने एक गड्डे में बाईक गुजरी और युवक की बाईक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित होते ही बाईक सवार युवक भागवत मार्ग में नीचे गिर गया।
बताया गया कि बाईक से नीचे गिरते ही युवक को हाथ, पैर और चेहरे में गंभीर चोटे आई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 घटना स्थल के लिए रवाना हुई, लेकिन घटना स्थल काफी दूरी पर था, जिसके कारण डायल 112 को पहुंचने में देर लगती, युवक की गंभीर हालत को देखते हुए स्थानीय लोगों ने एक अन्य वाहन की मदद ली, जो नारायणगंज की तरफ ही जा रहा था। घायल युवक को वाहन द्वारा नारायणगंज ला रहे थे, इसी दौरान डायल 112 भी मार्ग में मिल गई। जिसके बाद डायल 112 में घायल को रखकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज लाया गया।सीएचसी में पदस्थ चिकित्सक राकेश विश्नोई ने घायल युवक का जांच परीक्षण किया और घायल का उपचार शुरू किया। डा. राकेश विश्राई ने बताया कि घायल युवक भागवत के चेहरे में गंभीर चोटे आई है। आंख के पास और चेहरे में अन्य जगह गंभीर चोटे आई थी। ड्रेसर संतलाल द्वारा चेहरे में गंभीर चोट में तत्काल प्राथमिक उपचार देते हुए करीब चार से पांच टांके लाए। जिससे उसका ब्लड बहना बंद हुआ। घायल युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने जबलपुर मेडिकल रैफर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज इस हादसे की जांच कर रही है।
आपसी विवाद में एक युवक गंभीर घायल
नारायणगंज के ग्राम अमदरा की घटना
घायल युवक का चल रहा उपचार
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज के ग्राम अमदरा में दो युवकों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों युवकों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवको के विवाद की जानकारी लगते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को अलग किया गया। इस मारपीट में एक युवक घायल हो गया। इस विवाद की जानकारी टिकरिया पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कर रही है।जानकारी अनुसार नारायणगंज के ग्राम अमदरा में दो युवकों का विवाद हो गया। जिसमें विवाद इतना बढ़ गया कि वह मारपीट में बदल गया। बताया गया कि ग्राम अमदरा निवासी अरविंद बरकड़े पिता मैली सिंह बरकड़े 25 वर्ष का विवाद अमदरा गांव के ही एक अन्य युवक के साथ हो गया। बताया गया कि मामूली बात को लेकर हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। जिसमें युवक अरविंद को गंभीर चोटे आई। परिजनों ने घायल अरविंद को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज उपचार के लिए लेकर आए। जहां घायल युवक का उपचार चिकित्सक द्वारा किया जा रहा है। परिजनों ने बताया कि इस मारपीट की शिकायत टिकरिया पुलिस को कर दी है।
मनहित की पहल, 92 रोगियों की सघन स्क्रीनिंग, दो मरीज मंडला रेफर
सामुदायिक स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य को मिला सहारा
टोल फ्री नंबर और मनहित ऐप की दी जानकारी
मंडला महावीर न्यूज 29.सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य सामुदायिक स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना और जरूरतमंद रोगियों को विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्रदान करना था। सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में जिला अस्पताल मंडला की विशेष मनकक्ष टीम ने अपनी सेवाएं दीं। शिविर के लिए जिले से विशेष रूप से नर्सिंग ऑफिसर पारुल यादव के नेतृत्व में मनकक्ष की टीम पहुंची।शिविर में नर्सिंग ऑफिसर राजकुमारी सैयाम, नीलम बैरागी और परामर्शदाता नीलम पटेल शामिल रही। सुबह 11 बजे से 5 बजे तक चले इस शिविर में क्षेत्र से 92 मरीजों का पंजीयन किया गया और उनकी स्क्रीनिंग की गई। बताया गया कि आयोजित शिविर में जिला टीम ने पंजीकृत रोगियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया, इसके साथ ही उन्हें जिला अस्पताल मंडला के मनकक्ष की विस्तृत जानकारी भी दी। स्क्रीनिंग के दौरान गंभीर स्थिति वाले दो मानसिक मरीजों में 30 वर्षीय महिला और एक 50 वर्षीय वृद्ध महिला को बेहतर उपचार के लिए मंडला जिला अस्पताल रेफर किया गया।
19 किशोर-किशोरियों की हुई जांच
मानसिक स्वास्थ्य शिविर में किशोर-किशोरियों की जाँच पर भी विशेष बल दिया गया। शिविर में 19 किशोर-किशोरियों का भी जांच परीक्षण किया गया, जो ग्रामीण स्तर पर इस आयु वर्ग में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक बड़ा कदम है।
मनहित ऐप और टोल फ्री नंबर की दी जानकारी
शिविर के दौरान आए सभी मरीजों और उनके परिजनों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण संसाधनों के बारे में बताया गया। विशेषज्ञों ने उन्हें मनहित ऐप और राष्ट्रीय टोल फ्री नंबर 14416 की विस्तृत जानकारी दी। यह भी बताया गया कि ऐसे मरीजों के संपूर्ण इलाज के लिए जिला अस्पताल मंडला में एक समर्पित मनकक्ष मौजूद है।
कान्हा के रिसॉर्ट और रेस्टोरेंट से घरेलू गैस सिलेंडर जब्त, अवैध स्पा सील
एसडीएम और एसडीओपी के नेतृत्व में टीम ने नियमों के उल्लंघन पर मारा छापा
अवैध रूप से संचालित स्पा संचालक पर अपराध दर्ज
कान्हा के रिसॉर्ट और रेस्टोरेंट पर संयुक्त कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29.कान्हा नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षा मानकों और वैधानिक अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को मंडला पुलिस, राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न रिसॉर्ट एवं रेस्टोरेंट पर आकस्मिक निरीक्षण करते हुए कार्रवाई की है। बताया गया कि संयुक्त टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि मराठा रेस्टोरेंट में भोजन निर्माण के लिए घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। खाद्य विभाग ने तत्काल मौके से घरेलू गैस सिलेंडर को जब्त कर संचालक के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
अवैध स्पा किया गया सील
कान्हा क्षेत्र के समीप स्थित एक भवन में एक स्पा अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। छापामार कार्रवाई और जांच के दौरान पता चला कि स्पा में कार्यरत कर्मचारियों की जानकारी, रिकॉर्ड एवं चरित्र सत्यापन पुलिस थाना खटिया और संबंधित विभाग में प्रस्तुत नहीं किया गया था, जो निर्धारित सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन है। नियमों के इस उल्लंघन पर स्पा संचालक राहुल कुमार गुप्ता एवं भवन मालिक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से स्पा को मौके पर सील कर दिया।
अन्य प्रतिष्ठानों का भी किया निरीक्षण
संयुक्त टीम ने कान्हा के ग्राम मोचा स्थित क्लब महिन्द्रा, तुली रिसॉर्ट, रोजवुड रिसॉर्ट सहित अन्य बड़े प्रतिष्ठानों का भी गहन निरीक्षण किया। टीम ने सभी संचालकों को स्वच्छता, सुरक्षा मानकों एवं वैधानिक अनुपालन संबंधी आवश्यक निर्देश दिए और चेतावनी भी जारी की।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
बताया गया कि कान्हा क्षेत्र में की गई इस छापामार कार्रवाई में एसडीएम बिछिया सोनाली देव, एसडीओपी नैनपुर मनीष राज, थाना प्रभारी खटिया केसी चौहान, चौकी प्रभारी टाटरी पुनीत वाजपेयी, आरआई (राजस्व) सुनवालाल भवाली, उनि मधु मरावी एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।
श्री खाटू श्याम जन्मोत्सव पर उमड़ा आस्था का सैलाब
सुरीले भजनों पर भक्ति भाव से झूमे श्रद्धालु
56 भोग और इत्र वर्षा से हुआ मनमोहक श्रृंगार
तृतीय वार्षिक आयोजन में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके हुईं शामिल
मंडला महावीर न्यूज 29.नगर के श्याम अनुयायियों द्वारा श्री खाटू श्याम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में तृतीय वार्षिक आयोजन शुक्रवार की शाम चौपाटी के सामने किया गया। इस भव्य आयोजन में श्याम गीतों पर भक्ति भाव की सरिता बही, जिसमें बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने झूमकर अपनी आस्था प्रकट की।श्याम भक्तों ने आयोजन स्थल पर भव्य दरबार सजावट की, जिसके केंद्र में श्री खाटू श्याम जी का मनमोहक श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित की गई और आराध्य को नाना प्रकार के व्यंजनों के साथ 56 भोग अर्पित किए गए। पूरे आयोजन में इत्र वर्षा की गई, जिसने वातावरण को और भी मनमोहक और सुगंधित बना दिया।
भजन संध्या ने बांधा समां
तृतीय वार्षिक आयोजन में श्याम प्रेमी मित्र मंडली के तत्वावधान में संगीतमय भव्य आयोजन किया गया। जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक इंद्रेश तलरेजा, रेशमी शर्मा एवं निर्मल म्यूजिकल गु्रप के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक आस्था और भक्ति गीतों पर अपनी सुरीली प्रस्तुति दी। भजनों की धुन पर भक्त देर रात तक नाचते-गाते रहे।
कैबिनेट मंत्री ने की पूजन-अर्चन
इस तृतीय वार्षिक आयोजन में मध्यप्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके विशेष रूप से शामिल हुईं। उन्होंने विधिवत रूप से पूजन-अर्चन कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि के लिए कामना की। मंत्री उइके ने प्रार्थना की कि खाटू श्याम जी की कृपा सभी के जीवन में आनंद, आरोग्यता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे।
भक्तों को वितरित किया प्रसाद
आयोजन के उपलक्ष्य में शामिल जनसमुदाय के लिए श्याम रसोई रूपी भंडारे की व्यवस्था की गई, जिसमें सभी ने प्रसादी ग्रहण की। श्याम मित्र मंडली द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में आस्था प्रेमी बड़ी संख्या में शामिल हुए और सफल आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की।
रितेश पमनानी
जंगली हाथियों ने फेन अभयारण्य कैंप को पहुंचाया नुकसान
धान की फसलें रौंदी, वन विभाग की संयुक्त टीम कर रही निगरानी
छत्तीसगढ़ के रास्ते मंडला में फिर दाखिल हुआ हाथियों का झुंड
वन विभाग ने जारी की चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29.छत्तीसगढ़ से आया जंगली हाथियों का एक झुंड एक बार फिर मंडला जिले में प्रवेश कर गया है। यह झुंड डिंडौरी और छत्तीसगढ़ की सीमा से होते हुए जिले में दाखिल हुआ है, जिसके कारण वन विभाग और आसपास के ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। वन विभाग से मिली जानकारी अनुसार हाथियों का यह झुंड डिंडौरी जिले के समनापुर वन क्षेत्र से मंडला की सीमा में दाखिल हुआ।
बताया गया कि जंगली हाथियों ने पंडरीपानी, सखजर और धनवाही के रास्ते फेन अभयारण्य के जंगलों तक का सफर तय किया। गुरुवार को साजलगान और संभार धसान के पास हाथियों की गतिविधियों को दर्ज किया गया। जंगली हाथियों के एक झुंड ने फेन अभयारण्य के एक अस्थायी कैंप को भी नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कैंप में रखे अनाज को खाने के प्रयास में तोडफ़ोड़ की।
झुंड ने किया फसलों का नुकसान
बताया गया कि झुंड में कई हाथी शामिल हैं। गुरुवार शाम को इनकी लोकेशन मवई और मोतीनाला रेंज के बीच छतरताल और औरई के आसपास दर्ज की गई थी, और इनका मूवमेंट मवई रेंज की ओर जारी है। शुक्रवार सुबह मवई के परसेल क्षेत्र से खेतों में लगी धान की फसल को नुकसान पहुंचाने की खबरें भी मिली हैं।
वन विभाग की संयुक्त टीम निगरानी में जुटी
जंगली हाथियों की इस मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के ग्रामीण इलाकों में मुनादी करा दी है, जिससे लोग सतर्क रहें और जंगल की ओर जाने से बचें। वन विभाग की टीमें लगातार हाथियों की लोकेशन पर नजर बनाए हुए हैं। फेन अभयारण्य, मवई और मोतीनाला रेंज की एक संयुक्त टीम हाथियों की गतिविधियों की सघन निगरानी कर रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से की अपील
वन विभाग ने जंगली हाथियों के झुंड से सुरक्षा की दृष्टि से ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने ग्रामीणों से कहां कि वे रात के समय जंगल या खेत की ओर न जाएं। खेतों में बने मचान पर न सोएं। घर या आंगन में महुआ, धान, खली या अन्य खाद्य सामग्री खुली न रखें। हाथियों के दिखने या आवाज सुनाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें। भीड़ एकत्रित न करें और हाथियों के पास जाने का प्रयास न करें।
तीन दिवसीय सीतारपटन मड़ई में उमड़ा जन सैलाब
दूर-दूर से पहुंचे लोग
तीसरे दिन हुआ समापन
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय से करीब 20 किमी दूर धार्मिक व पर्यटन स्थल सीता रपटन का स्थान है। इस क्षेत्र का धार्मिक और ऐतिहासिक नजरिए से बड़ा ही महत्व है। इतिहासकारों एवं स्थानीय लोगों का मानना है कि सीतारपटन लव कुश की जन्मस्थली भूमि है। इसी स्थान पर बाल्मीकि ऋषि ने संस्कृत भाषा में रामायण की रचना की थी। इस स्थान में लवकुश, सीता और बाल्मीक ऋषि के होने के प्रमाण मिलते है। इसी आस्था के चलते यहां मेले का आयोजन विगत कई वर्षो से किया जा रहा है।प्रति वर्ष कार्तिक मास की पूर्णिमा से भरने वाली तीन दिवसीय सीतारपटन मड़ई में तीन दिन जन सैलाब उमड़ा। मड़ई के पहले दिन यादव समाज के लोगों नें पूजा के बाद चंडी ब्याही। मड़ई में आसपास गांव के साथ जबलपुर, कवर्धा, सिवनी समेत अन्य जिलो के व्यापारियों ने तरह-तरह की दुकानें लगाई। ठंड को लेकर लोगो ने गर्म कपड़ो और कंबल की खरीदी की। मड़ई के तीनों दिन झूले में लोगों की भीड़ अधिक देखी गई। सीतारपटन मड़ई के समापन में भी जन सैलाब उमड़ पड़ा।
जानकारी अनुसार अंजनिया के समीपी ग्राम सीतारापटन में तीन दिवसीय मड़ई का आयोजन किया गया। मड़ई के तीसरे दिन आसपास क्षेत्र के साथ शहर से पहुंचे लोगों ने मड़ई मेले का आनंद लिया। मड़ई में पहुंचे बच्चों की रुचि मेले में आए खिलौने खरीदने में रही। वहीं सडक़ के दोनों ओर दुकानें लगाए जाने से थोड़ा-बहुत आवागमन प्रभावित हुआ। दिन भर मड़ई में भीड़ रही है। शाम ढालने के बाद भी युवाओं की भीड़ मड़ई स्थल पर बढ़ गई रही। पंचायत ने मड़ई स्थल में पर्याप्त विद्युत व्यवस्था भी की थी।
तरह-तरह की लगी दुकानें
मड़ई में अंजनियां, नारा, करिया गांव, ककैया, सिलगी, केवलारी, झिगराघाट सहित दर्जनो गांव से ग्रामीण पहुंचे और अपनी पंसद की वस्तुओं की खरीददारी की। वर्षों से भर रही इस मड़ई का अपना अलग ही महत्व है। यहां कपड़े से लेकर सस्ते गहने जूते-चपल, सब्जी और खेल-खिलौने, मोबाइल से सबंधित समाग्रियों की दुकानें सजाई गई। आसपास गांव से पहुंचे युवाओं ने झुलों का जमकर आनंद लिया। बच्चों के लिए पहुंचे झूले में भी भीड़ लगी रही। मिठाईयों की दुकान, सिघंड़े, चाट फुल्की, सोंदर्य सामग्री की दुकानों में ज्यादा भीड़ देखने को मिली। लोगों का रुझान गर्म कपड़ों में देखने को मिला कंबल, ऊनी कपड़े, स्कार्प आदि को पंसद करने के लिए दुकानों में जमघट लगा रहा।
चौकस रही पुलिस
सीतारपटन ग्राम में आयोजित होने वाली मढ़ई पूरे क्षेत्र की सबसे बड़ी मड़ई मानी जाती है। जिसके कारण यहां होने वाले मेले के आयोजन में चौकसी रखने के लिए अंजनिया पुलिस बल तैनात रहता है। यहां सुरक्षा की दृष्टि से अंजनिया, हिरदेनगर और बोकर की ओर से आने वाले मार्गों पर अंजनिया पुलिस की पैनी नजर रही। तीन दिवसीय मेले में कोई भी अप्रिय घटना सामने नहीं आई। बताया गया कि सीतारपटन की मड़ई पूरे क्षेत्र की बड़ी मड़ई मानी जाती है। जिसमें समस्त क्षेत्र के व्यापारी और ग्रामीण आते हैं। सीतारपटन पर्यटक स्थल है और सुरपन नदी के किनारे बसा हुआ है। यहां प्राचीन मंदिर भी स्थित हैं। जिससे यहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं। मड़ई स्थल से कुछ ही दूरी पर बाल्मीकि मंदिर आश्रम में धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किये गए। जिसमें बड़ी संख्या में आसपास ग्रामों के श्रृद्धालुओं ने सहभागिता की।
लव-कुश का हुआ था जन्म
स्थानीय लोगों के अनुसार सीतारपटन में ही लव और कुश का जन्म हुआ था। यहीं बाल्मीकि ऋषि का आश्रम था और इसी स्थान पर महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना की थी। कहा जाता है सीता रपटन में माता सीता जी सुरपन नदी से पानी लेकर आ रही थीं और इसी स्थान पर फिसलकर गिर गई थीं। फिसलने को स्थानीय भाषा में रपट भी कहा जाता है, तभी से इस स्थान को सीता रपटन कहा जाने लगा है। यहाँ चट्टानों के बीच में फिसल पट्टी बनी है। पास ही में चट्टान नुमा पत्थरों को बजाने से नगाड़ों की आवाज आती है, माना जाता है की लव-कुश के जन्म के समय नगाड़े बजाये गए थे जो अब पत्थर में बदल चुके हैं। यहाँ एक विशेष प्रजाति का पेड़ मौजूद है जिसे अनजान पेड़ के नाम से जाना जाता है, यहाँ कई वनस्पति शास्त्री भी आये पर इस पेड़ का नाम जानने में कामयाबी नहीं मिली। माना जाता है की इसी पेड़ के नीचे महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना की थी।
फोटो- मोहित पटेल
तीसरे दिन उमड़ा जनसैलाब, पुलिस रही चौकन्नी
मनोरंजन के लिए नारायणगंज मड़ई में आए झूले
युवक, युवतियां और बच्चों ने लिया आनंद
मंडला महावीर न्यूज 29.तीन दिनों तक भरने वाली नारायणगंज मड़ई में तीसरे दिन बड़ी संख्या में लोग मड़ई पहुंचे। सुबह 9 बजे से ही मड़ई स्थल में लोगों का जन सैलाव उमड़ पड़ा। मैली और पड़रिया ग्राम पंचायत के मध्य नारायणगंज मड़ई भरती है। जनपद व तहसील मुख्यालय होने से यह क्षेत्र की सबसे बड़ी मड़ई मानी जाती है। बड़ी संख्या में दुकानदारों ने अपनी दुकानें मड़ई लगाई हुई है। मड़ई में अनेक तरह के झूले भी आए हैं। मड़ई में बच्चों, महिलाओं के लिए तरह तरह की दुकानें सजी है। जहां मड़ई में पहुंचे लोग जमकर खरीददारी कर रहे हैं।बताया गया कि मड़ई में लोगों की भीड़ को देखकर लग रहा है कि मड़ई में दो तीन दिनों तक और भरेगी। यहां मड़ई में लोगों का जन सैलाब उमड़ रहा है। व्यवस्थाएं बनाने टिकरिया पुलिस भी जगह जगह मौजूद है। दो तीन दिन तक और मड़ई भरने का अंदाजा लगाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि मड़ई, मेलों में यदि झूले ना हो तो, वह मड़ई, मेला अधूरा सा लगता है। मेला छोटा हो या बड़ा झूले हर मड़ई, मेलों में लगते है। नारायणगंज मड़ई में लगे झूले बच्चों के लिए मनोरंजन का साधन है। मेले में दूर-दूर से आए लोगों ने मड़ई का खूब आनंद उठाया। युवक, युवतियां और बच्चे भी छोटे, बड़े झूले का खूब आंनद ले रहे हैं।स्थानीय नागरिक कैलाश सोनी ने बताया कि विकासखंड नारायणगंज की मड़ई क्षेत्र की सबसे बड़ी मड़ई है। नारायणगंज की मड़ई देवउठनी ग्यारस के बाद पडऩे वाले बुधवार के दिन से भरना प्रारंभ होती है। यहां वर्षो से यह परंपरा चली आ रही है। बुधवार का दिन नारायणगंज का साप्ताहिक बाजार का दिन भी होता है। जिसके कारण मड़ई में तीन दिनों तक लोगों का हुजूम रहता है। नारायणगंज मेले में तीन दिन मड़़ई स्थल में जमकर भीड़ रहती है, तरह-तरह की दुकानें लगाई गई है। क्षेत्र समेत जिले के बाहर के व्यापारी मेला स्थल में दुकाने लगाए है। इनका कहना है कि नारायणगंज जैसा मेला कहीं ओर देखने को नहीं मिलता है, यहां हर प्रकार की दुकानें लगाई जाती है। लोगों की जरूरत का हर सामान यहां उपलब्ध होता है। इस दिन के लिए लोग यहां साल भर इंतजार करते है।
रितेश सोनी बने निवास विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष
निर्विरोध निर्वाचन से कार्यकर्ताओं में उत्साह
युवा शक्ति को मिलेगी नई ऊर्जा
अध्यक्ष बनने पर विधायक और जिला अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं
मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र युवा कांग्रेस के संपन्न हुए चुनावों में मंडला जिले की निवास विधानसभा से रितेश सोनी ट्विंकल ने विधानसभा अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है। रितेश का निर्वाचन युवाओं के बीच उनके मजबूत जनाधार और पार्टी के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। रितेश पहले नारायणगंज युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं और युवाओं की समस्याओं के लिए सदैव खड़े रहने के लिए जाने जाते हैं।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजुल ज्योत्तसी ने बताया कि निवास विधानसभा से उनका निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। उन्होंने कहा उनका निर्विरोध निर्वाचित होना ही इस बात का प्रमाण है कि सभी युवा शक्ति ने एक स्वर में उन्हें इस पद के लिए स्वीकार किया है। मैं समझता हूं कि एक अध्यक्ष के रूप में उन्हें बहुत बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसे वह पूरी निष्ठा और कर्मठता के साथ निभाएंगे।
विधायक और जिला अध्यक्ष ने जताई खुशी
रितेश सोनी के अध्यक्ष चुने जाने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने खुशी व्यक्त की है। निवास विधायक चैनसिंह बरकड़े ने इसे नई ऊर्जा और युवा जोश का परिणाम बताया। विधायक ने कहां कि रितेश सोनी का विधानसभा के अध्यक्ष पद में आना सिर्फ एक व्यक्ति का आना नहीं है, बल्कि नई ऊर्जा, युवा जोश और हर मुद्दे में रितेश ने साथ दिया है उसका परिणाम है। मुझे पूरा विश्वास है कि एक विधानसभा अध्यक्ष के रूप में भी वे अपने क्षेत्र की जनता की आवाज को उसी मजबूती से उठाएंगे।
जिला अध्यक्ष कांग्रेस मंडला अशोक मर्सकोले ने युवा शक्ति को मजबूत करने की आशा व्यक्त की। जिला अध्यक्ष ने कहा कि हमारे जिले की युवा शक्ति की ताकत अब और बढ़ेगी। रितेश युवाओं की आवाज बन विधानसभा क्षेत्र में अपनी पार्टी की विचारधारा से नए युवाओं को जोड़कर राहुल गांधी के उद्देश्यों की पूर्ति करेंगे।
जनपद कॉम्प्लेक्स बिंझिया में कब्जा बरकरार
राजस्व विभाग की कार्रवाई पर उठे सवाल
नोटिस के बाद भी नहीं टूटी नींद, अवैध निर्माण जस का तस
मंडला महावीर न्यूज 29.जनपद पंचायत कॉम्प्लेक्स बिंझिया में वर्षों से चले आ रहे अवैध कब्जे पर प्रशासन की लापरवाही साफ झलक रही है। शिकायतों और निर्देशों के बावजूद राजस्व विभाग की कार्रवाई केवल नोटिस तक सीमित रह गई है। इससे न केवल सरकारी संपत्ति पर अतिक्रमण बढ़ा है बल्कि विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।
जानकारी अनुसार कॉम्प्लेक्स की पहली दुकान में दुकानदार द्वारा लंबे समय से अतिरिक्त निर्माण कर लिया गया है। दुकान की सीढ़ी में भी कब्जा कर वहां वॉशिंग सेंटर संचालित किया जा रहा है। इतना ही नहीं सेंटर संचालक ने शासकीय हैंडपंप से अपने उपयोग के लिए हरी नेट डालकर सड़क किनारे तक पाइपलाइन खींच दी, जिससे राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों ने इस मामले की शिकायत जिला कलेक्टर से की थी। एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार और राजस्व अमला मौके पर पहुंचा, पंचनामा तैयार किया और दुकानदार को नोटिस जारी किया गया। लेकिन इसके बाद न तो निर्माण हटाया गया और न ही वॉशिंग सेंटर का स्टैंड सड़क से उठाया गया। कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित रह गई है।
बताया गया कि इस अवैध कब्जे पर विभाग अब तक न तो जुर्माना लगा सका और न ही निर्माण हटवाने की कोई ठोस पहल की। नागरिकों का कहना है कि जब सरकारी परिसर में ही इस तरह कब्जा बना रहेगा तो आम जनता में गलत संदेश जाएगा। विभागीय उदासीनता से अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन अब भी सख्त रुख नहीं अपनाता तो कॉम्प्लेक्स की शासकीय भूमि पर कब्जे का सिलसिला आगे और बढ़ेगा। जरूरत है कि नोटिस की औपचारिकता से आगे बढ़कर मौके पर वास्तविक कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण से बचाया जा सके।
इनका कहना है
नोटिस तो कई बार दिए जाते हैं, पर कार्रवाई सिर्फ फाइलों तक सीमित रहती है। कॉम्प्लेक्स की सीढ़ी तक पर कब्जा कर दुकानें बढ़ाई जा रही हैं और अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं। स्थानीय दुकानदार,जनपद कॉम्प्लेक्स, मंडला
प्रकरण में दुकानदार की पेशी हो चुकी है। सेंटर का स्टैंड हटवाया जाएगा। अतिरिक्त कब्जे के संबंध में कार्रवाई जनपद पंचायत द्वारा की जाएगी। रामसिंह उलाड़ी,तहसीलदार, मंडला
सिंधी समाज के आराध्य देव पर आपत्तिजनक टिप्पणी
अमित बघेल पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की मांग
टिप्पणी करने वाले नेता की गिरफ्तारी के लिए कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
आपत्तिजनक टिप्पणी से आहत हुई धार्मिक आस्था
मंडला महावीर न्यूज 29.छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के कथित नेता अमित बघेल द्वारा सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल एवं सिंधी समाज पर अपमानजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में मंडला में सिंधी समाज ने विरोध दर्ज कराया। पूज्य सिंधी पंचायत मंडला के नेतृत्व में रैली निकालकर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन में बताया गया कि अमित बघेल ने उक्त आपत्तिजनक टिप्पणी और वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया था। इस आपत्तिजनक कंटेंट को देखने से सिंधी समाज की धार्मिक आस्था को गंभीर ठेस पहुंची है। सिंधी समाज ने आरोप लगाया कि अमित बघेल ने यह हरकत हल्की ख्याति प्राप्त करने की दुर्भावना से की है, जिससे देश के समस्त सिंधी नागरिक आहत हुए हैं और समुदाय में आक्रोश व्याप्त है।
कार्रवाई की मांग
पूज्य सिंधी पंचायत ने कलेक्टर के माध्यम से आग्रह किया है कि छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के नेता अमित बघेल के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के अंतर्गत प्रभावी कार्यवाही करते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में समुदाय की भावनाएं व्यक्त करते हुए बताया है कि सिंधी समुदाय का प्रारंभ से ही शासन, प्रशासन, संविधान और कानून पर पूर्ण विश्वास रहा है, लेकिन इस व्यक्ति के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही न होने से सिंधी समुदाय खुद को असहाय महसूस कर रहा है और उग्र आंदोलन के लिए विवश हो सकता है। इस प्रदर्शन और रैली में बड़ी संख्या में सिंधी समाज के नागरिक उपस्थित रहे।
देशभक्ति के संदेश के साथ गूंजा वंदे मातरम्
जिला प्रशासन और पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में भव्य आयोजन
मंडला में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150वें स्मरणोत्सव पर मैराथन दौड़ एवं सामूहिक गायन
मंडला महावीर न्यूज 29.देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 07 नबंवर को राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150वें स्मरणोत्सव के उपलक्ष्य में मंडला जिले में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला प्रशासन एवं जिला पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें मैराथन दौड़ और सामूहिक राष्ट्रीय गीत गायन शामिल था।बताया गया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रात: पुलिस लाइन, मंडला से मैराथन दौड़ के साथ हुई। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए महिष्मति घाट पर जाकर समाप्त हुई। मैराथन के समापन स्थल महिष्मति घाट पर माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर हो गया। यहां पुलिस बैंड द्वारा देशभक्ति धुनों की शानदार प्रस्तुति दी गई। बैंड की प्रस्तुति के उपरांत, उपस्थित विशाल जनसमूह द्वारा राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया, जिससे पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।
अधिकारियों समेत 500 छात्र-छात्राएं हुई शामिल
इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में जिला कलेक्टर मंडला, नगर पालिका अध्यक्ष, अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, एसडीओपी, जिला खेल अधिकारी, जनप्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्कूल-कॉलेजों के लगभग 500 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगणों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक भव्य बना दिया।
स्वा
स्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: जिला कलेक्टर के निर्देश पर अवैध क्लीनिकों पर छापा, फर्जी चिकित्सक दिखाने लगे मेडिकल डिग्री
घुघरी में झोलाछाप डॉक्टरों के क्लीनिकों पर संयुक्त टीम का छापा, जांच की भनक लगते ही मौके से दवाइयाँ गायब
घुघरी में झोलाछाप डॉक्टरों के क्लीनिकों पर संयुक्त टीम का छापा
मंडला महावीर न्यूज 29. स्वास्थ्य सेवाओं में व्याप्त अनियमितताओं पर नकेल कसने के उद्देश्य से, जिला कलेक्टर के सख्त आदेश पर आज घुघरी में एक बड़ी संयुक्त जांच कार्रवाई की गई। यह गहन अभियान दोपहर 3 बजे शुरू हुआ और इसका मुख्य निशाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रहे झोलाछाप डॉक्टरों की डिस्पेंसरियाँ थीं।
उच्च अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह जांच अभियान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (SDO) घुघरी के सीधे निर्देशन में चलाया गया। संयुक्त टीम में तहसीलदार, पटवारी, राजस्व निरीक्षक, खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. नीरज राज, और पुलिस स्टाफ के सदस्य शामिल थे।
जांच की भनक लगते ही मचा हड़कंप, दवाइयाँ गायब
जांच टीम ने सबसे पहले घुघरी मुख्यालय स्थित क्लीनिकों का रुख किया। कार्रवाई की भनक लगते ही क्लीनिक चला रहे कथित चिकित्सकों में हड़कंप मच गया। रिपोर्ट के अनुसार, जो लोग स्वयं को महिला रोग विशेषज्ञ बताकर इलाज कर रहे थे, उन्होंने आनन-फानन में अपनी सभी दवाइयाँ और इंजेक्शन किट मौके से गायब कर दिए।कार्रवाई से बचने के लिए, इन फर्जी चिकित्सकों ने तुरंत अपनी मेडिकल की डिग्री दिखाने का दिखावा शुरू कर दिया और जांच टीम को यह दर्शाने लगे कि वे अपने पास रखी दवाओं की स्वयं जांच करा रहे हैं।
ब्लॉक स्तर तक फैली सघन जांच
स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार लाने के लिए, यह जांच केवल घुघरी मुख्यालय तक ही सीमित नहीं रही। संयुक्त टीम ने घुघरी ब्लॉक के अन्य क्षेत्रों में संचालित झोलाछाप डॉक्टरों के क्लीनिकों पर भी सघन जांच की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से चिकित्सा कर रहे और लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय विकास योजनाओं को सशक्त बनाने की पहल
मंडला में जीआईएस आधारित आईएनआरएम प्लानिंग पर दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
जीपीडीपी को मिला वैज्ञानिक आधार
76 प्रतिभागियों ने सीखा रिज टू वैली वॉटरशेड अप्रोच और जीआईएस तकनीक
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम पंचायत विकास योजना को अधिक प्रभावी, यथार्थ परक और वैज्ञानिक बनाने के उद्देश्य से प्रदान संस्था द्वारा मंडला जिले में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण जिले के सभी ब्लॉकों की चयनित ग्राम पंचायतों में कार्यरत ब्लॉक समन्वयक, क्लस्टर समन्वयक, सीएसपी एवं मास्टर ट्रेनरों के लिए आयोजित किया गया, जिसका मुख्य फोकस जीआईएस आधारित एकीकृत प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन प्लानिंग पर रहा।बताया गया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को दो मुख्य चरणों में संचालित किया गया। प्रथम चरण में प्रतिभागियों को जीपीडीपी की मूल अवधारणा, प्रक्रिया और उसके महत्व पर विस्तृत सैद्धांतिक जानकारी दी गई। द्वितीय चरण पूरी तरह से प्रायोगिक था, जिसमें प्रतिभागियों को जीआईएस (भौगोलिक सूचना प्रणाली) आधारित आईएनआरएम प्लानिंग के तकनीकी पहलुओं पर गहन प्रशिक्षण दिया गया।प्रशिक्षण के दौरान आईएनआरएम के सिद्धांतों और उनके ग्राम विकास योजना में व्यावहारिक उपयोग पर विशेष चर्चा की गई। प्रतिभागियों को आगामी वर्ष की कार्ययोजना में इन सिद्धांतों को प्राथमिकता से शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे ग्राम पंचायतों की योजनाएँ उनकी वास्तविक आवश्यकताओं पर आधारित बन सकें।इस दो दिवसीय आयोजन में जिले की चयनित ग्राम पंचायतों से 76 प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता की। प्रदान संस्था की टीम से अभिलाष, श्रद्धा, श्रुति, मेघा ने उपस्थित रहकर प्रतिभागियों को तकनीकी मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया। इस प्रशिक्षण से प्रतिभागियों को जीपीडीपी निर्माण की वैज्ञानिक प्रक्रिया की बेहतर समझ विकसित करने में सहायता मिली है।बताया गया कि वर्तमान में शासन एवं जिला प्रशासन का विशेष रुझान भी जीपीडीपी को लेकर देखा जा रहा है, जिससे पंचायतें अपने संसाधनों के संरक्षण और उपयोग की दिशा में वॉटरशेड अप्रोच और आईएनआरएम आधारित वैज्ञानिक योजना पद्धति को अपनाएं। आयोजित प्रशिक्षण में प्रतिभागियों में न केवल योजना निर्माण की समझ विकसित हुई, बल्कि उन्होंने यह भी जाना कि स्थानीय समुदाय की भागीदारी से ग्राम पंचायतों की योजनाएं कैसे अधिक सशक्त, सहभागी और स्थायी बन सकती हैं।
इनका कहना है
वॉटरशेड अप्रोच यानी रिज टू वैली प्लानिंग आज के समय में अत्यंत आवश्यक है। जब हम ऊंचाई वाले क्षेत्रों से लेकर निचले हिस्सों तक प्राकृतिक संसाधनों का समग्र प्रबंधन करते हैं, तब ही जल, जमीन और वन की वास्तविक सुरक्षा संभव होती है। इस प्रक्रिया को अगर हम आजीविका से जोड़ दें, तो यह केवल संसाधन संरक्षण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत करेगा। स्थायी आजीविका और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन यही सतत् ग्राम विकास की दिशा में असली आधारशिला है।
अनुरुद्ध कुमार शास्त्री, प्रदान संस्था
ग्राम पंचायत विकास योजना तभी सफल हो सकती है जब उसमें प्राकृतिक संसाधनों का वैज्ञानिक प्रबंधन और समुदाय की वास्तविक आवश्यकताओं का समावेश किया जाए। जीआईएस आधारित आईएनआरएम प्लानिंग से हमें न केवल संसाधनों का बेहतर उपयोग समझ में आता है, बल्कि इससे विकास योजनाएँ अधिक टिकाऊ और परिणामोन्मुख बनती हैं।
सुलेख पटैल, प्रदान संस्था
ग्राम पंचायत विकास योजना केवल एक दस्तावेज़ नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास का जीवंत खाका है। यदि इसे सही तरीके से तैयार किया जाए, तो यह ग्राम स्तर पर संसाधनों के बेहतर उपयोग, आजीविका सशक्तिकरण और सतत विकास की दिशा में ठोस परिवर्तन ला सकता हैं।
वैभव गणेश सोनोने, प्रदान संस्था
डिंडोरी-छत्तीसगढ़ सीमा से मंडला जिले में घुसा जंगली हाथियों का झुंड
वन विभाग हाई अलर्ट, ग्रामीणों को सतर्क रहने की मुनादी
कान्हा टाइगर रिजर्व के फेन अभ्यारण्य में मिली हाथियों की लोकेशन
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले में डिंडोरी और छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे वन क्षेत्रों से जंगली हाथियों का एक झुंड प्रवेश कर गया है, जिसके बाद वन विभाग और कान्हा टाइगर रिजर्व का प्रबंधन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। बुधवार रात को इन हाथियों की अंतिम लोकेशन कान्हा टाइगर रिजर्व के फेन अभ्यारण्य क्षेत्र में दर्ज की गई है।
बिछिया के एसडीओ (वन) चंद्रिका सिंह ने बताया कि मंगलवार को डिंडोरी जिले के दक्षिणी समनापुर रेंज अंतर्गत झामुल बीट में हाथियों की उपस्थिति की सूचना मिली थी, जो मंडला जिले के मवई वन परिक्षेत्र से लगभग 12 किलोमीटर दूर है। बुधवार को हाथियों की लोकेशन चेन्द्रा दादर से करीब डेढ़ किलोमीटर के दायरे में पाई गई। एसडीओ चंद्रिका सिंह ने बताया कि शुरुआती सूचना 11 हाथियों के झुंड की थी, लेकिन निगरानी के दौरान अब तक केवल 4 हाथी ही देखे गए हैं।
कान्हा बफर क्षेत्र में हलचल
मवई की रेंजर साधना चौहान ने पुष्टि की है कि बुधवार रात तक हाथियों की अंतिम लोकेशन कान्हा बफर क्षेत्र के साजल गान और सठिया के बीच थी। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम हाथियों के झुंड पर लगातार निगरानी रख रही है। कान्हा टाइगर रिजर्व के असिस्टेंट डायरेक्टर सिझोरा आशीष पांडे ने बताया कि बुधवार रात को हाथियों की लोकेशन फेन अभ्यारण्य क्षेत्र में थी। उन्होंने पुराने रुझानों का हवाला देते हुए आशंका जताई कि ये हाथी अब मवई या मोतीनाला क्षेत्र की ओर बढ़ सकते हैं।
ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील
हाथियों के प्रवेश को देखते हुए वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और आसपास के गांवों में सतर्कता बरतने के लिए मुनादी कराई जा रही है। ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी असामान्य गतिविधि या हाथियों के दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें और समूह से दूर रहें।
स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही
शहर के बीचों-बीच मिली सरकारी एक्सपायरी दवाओं का ढेर
सुभाष वार्ड स्थित जैन मंदिर के सामने मिलीं फॉलिक एसिड और आयरन सिरप की बोतलें
सीएमएचओ ने दिए जांच के निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29.जिला मुख्यालय के सुभाष वार्ड स्थित जैन मंदिर के सामने बड़ी संख्या में सरकारी फॉलिक एसिड और आयरन सिरप की एक्सपायरी बोतलें खुले में फेंकी हुई मिली हैं। इस चौंकाने वाली घटना ने सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया गया कि मीडिया के माध्यम से सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया और सीएमएचओ के निर्देश पर तत्काल डॉक्टरों की एक टीम मौके पर पहुंची।बताया गया कि स्वास्थ्य टीम ने मौके से पांच दर्जन से अधिक एक्सपायरी दवाओं की बोतलों को एकत्र किया और उन्हें जब्त कर लिया। ये दवाएँ आमतौर पर छोटे बच्चों को पीने के लिए होती हैं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कायक्रमों के तहत वितरित की जाती हैं। बताया गया कि सरकारी दवाओं को नष्ट करने के लिए निश्चित और कड़े नियम हैं, जिनका पालन अनिवार्य होता है। बावजूद इसके इतनी बड़ी तादाद में इन एक्सपायरी दवाओं को शहर के बीचों-बीच खुले में फेंकना विभाग की घोर लापरवाही को उजागर करता है।
वितरण में अनियमितता की आशंका
ये सरकारी दवाएं जमीनी स्तर पर लाभार्थियों तक वितरण के लिए सामान्यत: आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को सौंपी जाती हैं। खुले में मिली ये दवाएं लापरवाही और अनियमित्ताओं की ओर इशारा करती हैं। इस लापरवाही से लगता है कि इनका वितरण शायद केवल कागजों पर ही पूरा कर दिया गया हो और वास्तविक लाभार्थियों तक ये पहुंची ही न हों। यह न केवल सरकारी धन की बर्बादी है, बल्कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता की कमी को भी दर्शाती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने इस बड़ी चूक के लिए जांच करने की बात कही है, जिससे जिम्मेदार व्यक्ति या कर्मचारियों की पहचान कर उन पर उचित कार्रवाई की जा सके।
मौत के मुंह से युवक को खींच लाए लोग
खैराकी वाटर फॉल में चट्टान से फिसलकर भंवर में फंसा युवक, बाल-बाल बची जान
पिकनिक मनाने गए युवक को स्थानीय लोगों ने गमछे से खींचा, सुरक्षा इंतजाम की उठी मांग
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के सिझोरा स्थित प्रसिद्ध खैराकी वाटर फॉल में एक दर्दनाक हादसा टल गया। चट्टान से फिसलने के बाद पानी के तेज बहाव में बह रहे एक युवक को वहां मौजूद स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बचा लिया गया। इस पूरी घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है। बताया गया कि यह घटना बुधवार की है, जब बड़ी संख्या में पर्यटक खैराकी वाटर फॉल पर पिकनिक मनाने पहुंचे थे।
बताया गया कि एक युवक झरने के पास चट्टान से फिसल गया और तुरंत ही पानी के तेज बहाव में बहने लगा। युवक कुछ ही सेकंड में चट्टानों के बीच बने भंवर में फंस गया। वाटर फॉल में मौजूद लोगों ने जरा भी देर न करते हुए बिना किसी सुरक्षा उपकरण के अपने कपड़े और गमछे की मदद से साहस दिखाते हुए युवक को पानी से बाहर खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई।
वीडियो हुआ वायरल
इस पूरी बचाव की घटना को किसी पर्यटक ने अपने कैमरे में कैद कर लिया था, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लोगों का त्वरित और साहसी बचाव कार्य स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। फिलहाल फिसलने वाले इस युवक की पहचान नहीं हो पाई है।
सुरक्षा इंतजाम की मांग
वीडियो सामने आने और लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को देखते हुए खैराकी वाटरफॉल जैसे लोकप्रिय पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग जोर पकड़ रही है। लोगों का कहना है कि जलप्रपात के खतरनाक हिस्सों पर चेतावनी बोर्ड और लाइफ गार्ड्स की तैनाती आवश्यक है।
जंगली कीट के काटने से चरवाहे की मौत, क्षेत्र में दहशत का माहौल
बबलिया के समीप ग्राम छपरा निवासी रतीराम बैगा की इलाज के दौरान मृत्यु
जंगली कीट के भय से थमा धान कटाई और पशु चराई का काम
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के बबलिया के समीपस्थ ग्राम छपरा, नए टोला में जंगली विषैले कीट के काटने से एक व्यक्ति की दु:खद मृत्यु हो गई है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में जंगली जीवों के खतरे और दहशत का माहौल बन गया है। बताया गया कि ग्राम छपरा नए टोला निवासी रतीराम पिता अमरू बैगा 40 वर्ष विगत दिवस 3 नवंबर को अपनी गाय-भैंस चराने के लिए जंगल गया था। वहीं उसे किसी बड़े भुगरा ने काट लिया। जिसके बाद परिजनों ने उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में भर्ती कराया गया, लेकिन आराम न मिलने पर मंगलवार को उन्हें मंडला के एक प्राईवेट अस्पताल लेकर आए, लेकिन इलाज के दौरान बुधवार को रतीराम की मृत्यु हो गई। बताया गया कि रतीराम का शव परीक्षण मंडला अस्पताल में किया गया। इसके बाद गुरुवार को उनके गृह ग्राम छपरा में रीति-रिवाज के अनुसार उनका दाह संस्कार कर दिया गया।बताया गया कि इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भुगरा के काटने का भय व्याप्त है। जनचर्चा में यह बात सामने आ रही है कि इस भय के कारण ग्रामीण धान की कटाई के लिए खेतों में जाने से डर रहे हैं, वहीं चरवाहे भी अब जंगल में पशु चराने जाने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस जंगली खतरे की पहचान कर इसकी रोकथाम के लिए उचित उपाय किए जाएं, जिससे किसानों और चरवाहों का सामान्य काम बहाल हो सके।
दर्दनाक हादसा
साड़ी का पल्लू टायर में फंसा, चलती बाइक से गिरी महिला, गंभीर घायल
निवास-मंडला मार्ग पर ददरगांव के पास हुई घटना
मंडला महावीर न्यूज 29.निवास, मंडला मार्ग पर ददरगांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें चलती मोटरसाइकिल से गिरकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना का कारण महिला की साड़ी का पल्लू बाइक के पिछले टायर में फंसना बताया गया है।जानकारी अनुसार रांझी खम्हारिया निवासी सुलेखा उईके 23 वर्ष अपने पति ब्रजेश और दो साल के बेटे के साथ मोटरसाइकिल से अपनी दीदी के यहाँ गाढ़ा देवरी बबलिया की तरफ रिश्तेदारी में गई हुई थीं। लौटते समय जब वे ग्राम ददरगांव के पास से गुजर रहे थे, इसी दौरान सुलेखा उईके की साड़ी का पल्लू अचानक बाइक के पिछले पहिए में फंस गया। पल्लू फंसने से महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।हादसे के तुरंत बाद वहाँ से गुजर रहे लोगों की नजर घायल महिला पर पड़ी। उन्होंने तत्काल 108 एम्बुलेंस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निवास में लाकर भर्ती कराया। महिला का उपचार जारी है। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस प्रशासन को भी दे दी गई है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
कार्तिक पूर्णिमा पर आस्था का सैलाब
नर्मदा में स्नान कर श्रद्धालुओं ने लिया पुण्य लाभ
माह भर चला पूजन, अर्चन
कार्तिक पूर्णिमा पर नर्मदा तटों पर किया सामूहिक कथा श्रवण
मंडला महावीर न्यूज 29.धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंडला जिले में नर्मदा नदी के तटों पर श्रद्धालुओं का जन-सैलाब उमड़ पड़ा। कार्तिक माह में जलाशयों में स्नान के विशेष महत्व को देखते हुए बड़ी संख्या में महिलाओं ने तड़के सुबह नर्मदा के पवित्र जल में डुबकी लगाकर विशेष पूजा-अर्चना की और पुण्य लाभ अर्जित किया।यह धार्मिक सिलसिला पूरे कार्तिक माह तक चला, जिसकी पूर्णाहुति पूर्णिमा के दिन हुई। पूरे माह अनेक महिलाओं ने सूर्योदय से पूर्व नर्मदा में स्नान कर नियमित रूप से पूजन किया। कार्तिक पूर्णिमा के विशेष पर्व पर इन सभी व्रती महिलाओं ने शहर के विभिन्न घाटों पर सामूहिक रूप से इस पर्व को मनाया।शहर के प्रमुख नर्मदा तटों, जिनमें महिष्मती घाट, नाव घाट, गऊ घाट और पीपल घाट समेत अन्य नर्मदा घाटों में श्रृद्धालुओं का तांता अल सुबह से लगा रहा। सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ जुटी रही। स्नान के बाद महिलाओं ने तट पर एकत्रित होकर कार्तिक पूर्णिमा की कथा का श्रवण किया और विधि-विधान से पूजन संपन्न किया। माना जाता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन स्नान और दान करने से मनुष्य को अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। नर्मदा के घाटों पर सामूहिक पूजन, मंत्रोच्चार और कथा श्रवण से भक्तिमय माहौल बना रहा। महिलाओं ने सुख-समृद्धि और मंगल की कामना करते हुए इस पावन पर्व को उत्साह और आस्था के साथ संपन्न किया।
देवरी कला में सनसनीखेज वारदात, शराबी पति ने डंडे से पीट-पीटकर की पत्नी की हत्या
बच्चों के सामने माँ को मारा, आरोपी पति गिरफ्तार
10 वर्षीय बेटे ने पुलिस को बताई पूरी वारदात
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र के देवरी कला बबलिया गांव में बुधवार को एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। जहां एक शराबी पति ने मामूली विवाद के चलते अपनी पत्नी को बांस के डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। घटना की जानकारी मिलते ही निवास थाना प्रभारी वर्षा पटेल अपने पूरे स्टाफ के साथ मौके पर पहुँची और मामले की जांच शुरू कर दी।
रश्मि चौधरी का जीवित अवस्था का चित्र
जानकारी अनुसार आरोपी अजय चौधरी 33 वर्ष देर रात शराब के नशे में घर लौटा। उसकी पत्नी रश्मि चौधरी 32 वर्ष के साथ उसका खाने को लेकर विवाद हुआ। शराब के कारण यह विवाद इतना बढ़ गया कि अजय ने घर में रखे एक बांस के डंडे से रश्मि को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बच्चों के सामने हुई घटना
घटना के वक्त आरोपी के दो छोटे बच्चे एक दस वर्षीय बेटा और छह वर्षीय बेटी भी मौजूद थी। बच्चों ने चीख, पुकार मचाई और पड़ोसियों को बुलाया, लेकिन जब तक पड़ोसी पहुंचे, तब तक रश्मि की मौत हो चुकी थी। पड़ोसी अजय चौधरी के नशे में होने के कारण दोनों बच्चों को अपने पास ले गए और इसके बाद सुबह पुलिस को सूचना दी।
बेटे ने बताया पूरा घटनाक्रम
सुबह सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वर्षा पटेल टीम के साथ घटना स्थल पहुंची। पुलिस के सामने मृतक के दस वर्षीय बेटे ने पूरी घटना बताई कि किस तरह उसके पिता ने शराब पीकर माँ से झगड़ा किया और डंडे से मार-मार कर उसकी हत्या कर दी। बच्चे के इस दर्दनाक बयान को सुनकर थाना प्रभारी भावुक हो गईं। निवास पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पति अजय चौधरी को हिरासत में ले लिया है।
नारायणगंज में हुआ पोस्टमार्टम
बताया गया कि अपनी पत्नि की हत्या करने वाले आरोपी पति को निवास पुलिस ने गिरफ्तार कर पंचनामा बनाकर मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए नारायणगंज सीएचसी भेजा गया। जहां सीएचसी नारायणगंज सीबीएमओ डॉ. एएल कोल, डॉ. राकेश विश्रोई द्वारा मृतिका का पीएम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की आगे की विस्तृत जांच कर रही है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
कैम्प से लौटी नाबालिग आदिवासी छात्राओं के साथ जिम्मेदार रहे नदारत
राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाबालिग आदिवासी छात्राओं को अकेला छोड़ भागा बस चालक
एनसीसी कैंप से लौटने के दौरान अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप
अभिभावकों ने मोबाइल वीडियो बनाकर कलेक्टर और मुख्यमंत्री से की सख्त कार्रवाई की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. बुधवार तड़के सुबह बीजाडांडी में एनसीसी कैंप से लौट रहीं तीन दर्जन से अधिक नाबालिग आदिवासी छात्राओं को राष्ट्रीय राजमार्ग पर अकेले छोडऩे का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना ने एनसीसी अधिकारियों और संबंधित स्कूल प्रबंधन की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी अनुसार रांझी जबलपुर में आयोजित एनसीसी कैंप से इन छात्राओं को बुधवार देर रात्रि करीब 3.30 बजे एक बस में बिठाकर भेजा गया। बस चालक ने इन छात्राओं को बिना किसी महिला सुरक्षाकर्मी या गार्ड की निगरानी के तड़के करीब 4.40 बजे शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बीजाडांडी के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर छोड़कर भाग गया। छात्राओं ने किसी तरह अपने परिजनों को फोन कर बुलाया। जिन अभिभावकों के पास साधन थे, वे तुरंत पहुँचे, लेकिन 10 से 15 किमी दूर के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं के परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अभिभावकों का आक्रोश
छात्राओं के अभिभावकों ने इस घोर लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अभिभावकों का कहना है कि लाखों रुपये का वेतन लेने वाले अधिकारियों और स्कूल के जिम्मेदारों को इतनी रात में नाबालिग छात्राओं को बिना सुरक्षा अकेले भेजने में शर्म नहीं आई। एक चिंतित अभिभावक ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल में कैद कर लिया और सोशल मीडिया के माध्यम से कलेक्टर सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री को टैग कर कार्रवाई की मांग की है।
जिम्मेदार के विरोधाभासी बयान
जिले के संवेदनशील कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने तत्काल इस मामले की जाँच के आदेश दिए हैं। वहीं जब एक मीडिया कर्मी ने सहायक आयुक्त वंदना गुप्ता से बात की तो उनका कहना था कि सभी छात्राओं को महिला शिक्षकों की निगरानी में लाया गया और 5.20 बजे बीजाडांडी में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के सामने छोड़ा गया जिसके बाद छात्राओं के परिजन आए और छात्राओं को लेकर चले गये। हालांकि वीडियो बनाने वाले अभिभावक ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि जब वह अपनी बच्ची को लेने गए थे, तब वहां कोई भी महिला शासकीय कर्मचारी मौजूद नहीं थी। उन्होंने लापरवाह कर्मचारियों पर चोरी-छिपे देर रात छात्राओं को लाने और अकेले जाने को मजबूर करने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नारायणगंज मड़ई में उमड़ा जन सैलाब
मेला में लगी तरह-तरह की दुकानें, बच्चे, बड़ो ने लिया मेले का आनंद
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले में एकादशी पर्व के बाद मड़ई मेले का आयोजन शुरू हो जाता है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में इसे साल भर का एक बड़ा त्योहार माना जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में जगह जगह मड़ई चंडी का आयोजन किया जा रहा है। इसी के अंतर्गत जिले के विकासखंड नारायणगंज में तीन दिवसीय मड़ई का आयोजन शुरू हुआ। नारायणगंज मड़ई जिले भर में प्रसिद्ध है। यहां हर प्रकार की दुकानें लगाई जाती है। मेले में व्यापारी भी जिले समेत अन्य जिलों से अपना व्यापार करने पहुंचते है। पहले दिन मेले में जन सैलाब उमड़ा। नारायणगंज बस स्टेंड से लेकर मेला स्थल तक सिर्फ जन समूह की भीड़ दिखाई दे रही थी। पैदल चलना भी दूभर हो गया था। बुधवार को मढ़ई का पहला दिन था। आगामी दो दिन मढ़ई में जिले समेत अन्य क्षेत्रों के लोग खरीददारी करने के साथ मेले का आनंद लेने पहुंचेगे।
साल भर करते है लोग इंतजार
विकासखंड नारायणगंज की मड़ई क्षेत्र की सबसे बड़ी मड़ई है। बताया गया कि नारायणगंज की मड़ई देवउठनी ग्यारस के बाद पडऩे वाले बुधवार के दिन भरना प्रारंभ होती है। यहां वर्षो से यह परंपरा चली आ रही है। बुधवार का दिन नारायणगंज का साप्ताहिक बाजार का दिन भी होता है। जिसके कारण मड़ई के प्रथम दिन लोगों का हुजूम रहता है। नारायणगंज मेले में तीन दिन मड़़ई स्थल में जमकर भीड़ रहती है, तरह-तरह की दुकानें सजाई गई। क्षेत्र समेत जिले के बाहर के व्यापारी मेला स्थल में आकर दुकाने लगाई है। लोगों को कहना है कि नारायणगंज जैसा मेला कहीं ओर देखने को नहीं मिलता है, यहां हर प्रकार की दुकानें लगाई जाती है। लोगों की जरूरत का हर सामान यहां उपलब्ध होता है। इस दिन के लिए लोग यहां साल भर इंतजार करते है।
पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद
नारायणगंज की मड़ई में पुलिस प्रशासन का भरपूर योगदान रहता है। मेले में आई भीड़ को काबू करने के साथ कोई अप्रिय घटना घटित ना हो इसके लिए पुलिस मुस्तेद रही। मड़ई स्थल में पुलिस प्रशासन की नजर रही। जिससे मेला स्थल में कोई अप्रिय घटना घटित ना हो।
जनजातीय गौरव दिवस
मंडला के 945 बूथों पर निकलेगी गौरव यात्रा, भगवान बिरसा मुंडा को नमन
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की बैठक में बनी रणनीति, मंत्री संपतिया उईके रहीं उपस्थित
मंडला महावीर न्यूज 29.भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की बैठक जिला कार्यालय में संपन्न हुई, जिसमें आगामी 15 नवंबर को मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों पर विस्तार से रणनीति बनाई गई। यह दिवस भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में भव्यता और दिव्यता के साथ मनाया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम के तहत जिले के सभी 945 बूथों में जनजातीय गौरव यात्रा निकाली जाएगी। इन यात्राओं में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे, जो भगवान बिरसा मुंडा के त्याग, बलिदान और जनजातीय समाज के उत्थान में उनके योगदान पर विशेष चर्चा करेंगे। यात्राओं का उद्देश्य जनजातीय शहीदों को नमन करते हुए उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना है।कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा हमारे समाज के प्रेरणास्रोत हैं और यह यात्रा जनजातीय गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा के साथ इस आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरव को नई पहचान मिली है, जिसे आगे बढ़ाना है। इस अवसर पर विद्यालयों और महाविद्यालयों में चित्रकला, रंगोली, वाद, विवाद जैसी विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही जनजातीय शहीदों के परिजनों और समाज के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया जाएगा, जिससे नई पीढ़ी प्रेरणा ले सके।बैठक में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला महामंत्री सुधीर मरावी, वीरेंद्र उईके, भाजपा नेता डॉ विजय आनंद मरावी, जिला उपाध्यक्ष एमआर धुर्वे, निवास एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष मानसिंह आर्मो, बिछिया एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष रूपसिंह परते, अंजनिया एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष फागूलाल मरकाम, मंडला एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष दशरथ तेकाम, घुघरी एसटी मोर्चा मंडल अध्यक्ष भादूलाल उईके, भाजपा जिला महामंत्री नरेश चंद्रौल सहित मंडल अध्यक्ष शिवा रानू राजपूत, ललित लोधी, सूर्यकांत जंघेला, श्रीराम परते, संदेश जायसवाल, किशन तेकाम,डुमारी लाल कुम्हरे,अनीता तिवारी, धमेन्द्र मिश्रा, मालती मरावी, नीरज भटट सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सिमराहा के जंगल में जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़े गए दो जुआरी
मंडला पुलिस का जुआ, सट्टा पर शिकंजा, दो आरोपी गिरफ्तार
चौकी टाटरी ने आर्टिका कार सहित 4.14 लाख का मशरूका किया जब्त
फरार आरोपियों और मुख्य सरगना की तलाश जारी
मंडला महावीर न्यूज 29.पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशन में अवैध जुआ-सट्टा पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी टाटरी पुलिस ने ग्राम सिमराहा के जंगल में जुआ खेल रहे दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई चौकी टाटरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सिमराहा के जंगल में कुछ व्यक्ति ताश के पत्तों पर रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।सूचना मिलते ही तत्काल टीम गठित कर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर कुछ जुआरी जंगल का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे, लेकिन दो आरोपियों चेतराम जंघेला 40 वर्ष और संदीप जंघेला 28 वर्ष दोनों निवासी ग्राम ग्वारा को मौके पर पकड़ा गया। पुलिस ने जुआरियों के पास से 4 हजार 100 नगद, 52 ताश के पत्ते, एक मोबाइल फोन और जुआ खेलने में प्रयुक्त एक अर्टिका कार क्रमांक एमएच 48 एफ 4725 जब्त की। जब्त किए गए कुल मशरूका का अनुमानित मूल्य 4 लाख 14 हजार 100 रूपए बताई गई।बताया गया कि आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम एवं संगठित अपराध के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने जुआ खिलाने वाले मुख्य सरगना गणेश पटेल की पहचान कर ली है और फरार हुए अन्य जुआरियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। यह पूरी कार्रवाई चौकी प्रभारी उपनिरीक्ष्ज्ञक पुनीत वाजपेई के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।
कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं को किया जागरूक, दी अपराधों से सुरक्षा पर जानकारी
डीएसपी (महिला सुरक्षा) के नेतृत्व में जिले भर में बाल सुरक्षा और साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29.ऑपरेशन मुस्कान अभियान के अंतर्गत गुमशुदा अवयस्क बच्चों की शीघ्र एवं सुरक्षित दस्तयाबी, बाल अधिकार, बाल सुरक्षा एवं साइबर अपराध से बचाव के लिए मंडला जिला पुलिस द्वारा सतत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी के अंतर्गत डीएसपी (महिला सुरक्षा) मंडला के नेतृत्व में सेवा भारती छात्रावास में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्राओं को लैंगिक अपराधों से सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबर, साइबर सुरक्षा एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।बताया गया कि थाना मंडला द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत रपटा घाट मंडला में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं को ऑपरेशन मुस्कान, बच्चों के अधिकार, बाल सुरक्षा और बाल अपराधों से बचाव, साइबर क्राइम के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान कर जागरूक किया गया। इसी तरह थाना प्रभारी महाराजपुर द्वारा संगमघाट क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में नागरिकों को ऑपरेशन मुस्कान के उद्देश्य, गुमशुदा बच्चों की त्वरित दस्तयाबी की प्रक्रिया व साइबर फ्रॉड से बचाव संबंधी सावधानियों से अवगत कराया गया।थाना नैनपुर द्वारा बालिका छात्रावास नैनपुर में कक्षा 9वीं से 12वीं की लगभग 60 छात्राओं को बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा, गुड-टच, बैड-टच एवं हेल्पलाइन नंबर संबंधी जानकारी दी गई। इसके साथ ही थाना बिछिया द्वारा घुटास बीट में एवं थाना घुघरी द्वारा ग्राम कंडरा में ग्रामीण नागरिकों, अभिभावकों और महिलाओं को बच्चों की सुरक्षा, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने एवं रोकथाम उपायों पर जागरूक किया गया।
लव कुश की जन्म नगरी सीतारपटन
सीता रपटन में वाल्मीकि ऋषि ने की थी संस्कृत भाषा में रामायण की रचना
सुरपन नदी के तट पर स्थित है सीता रपटन, 05 से 07 नवंबर तक लगेगा प्रसिद्ध मेला
मंडला महावीर न्यूज 29.जिला मुख्यालय से करीब 25 किमी दूर ग्राम अंजनिया के पास सीतारपटन सुरपन नदी के तट पर स्थित है, यह नदी झिगराघाट से होकर बंजर नदी तक जाती है। जनश्रुति के अनुसार सीतारपटन लव कुश की जन्म नगरी है। स्थानीय लोगों के अनुसार सीतारपटन में ही भगवान लव कुश का जन्म हुआ था। यहीं महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना भी की थी। बताया जाता है कि सीता रपटन में माता सीता जी सुरपन नदी से पानी लेकर बाल्मीकि आश्रम आ रही थीं, इसी दौरान चट्टाननुमा पत्थरों से फिसलकर गिर गई थी, उसी समय से इस स्थान को सीता रपटना कहां जाने लगा है। यहां आज भी चट्टान के बीचों बीच एक प्राकृतिक फिसल पट्टी बनी हुई है। यहां आने वाले लोगों को आज भी इस फिसल पट्टी से फिसलते देखे जा सकते है। इसी के पास ही चट्टान नुमा पत्थरों को बजाने से नगाड़ों की आवाज भी आती है। माना जाता है की लव-कुश के जन्म के समय नगाड़े बजाये गए थे जो अब पत्थर में बदल चुके हैं। यहाँ एक विशेष प्रजाति का पेड़ भी मौजूद है। जिसे अनजान पेड़ के नाम से जाना जाता है। यहाँ कई वनस्पति शास्त्री भी आये पर इस पेड़ का नाम जानने में कामयाबी नहीं मिली। माना जाता है की इसी पेड़ के नीचे महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना की थी।
जानकारी अनुसार अंजनिया से महज कुछ ही दूरी पर स्थित सीतारपटन का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है। पर्यटन स्थल होने से यहां देशी-विदेशी सैलानी भी घूमने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन यहां जरूरी सुविधाओं के अभाव सैलानियों और मंदिर पहुंचे भक्तों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय जनों की मान्यता के अनुसार सीतारपटन लव कुश की जन्म नगरी है। इसी स्थान पर वाल्मीकि ऋषि ने संस्कृत भाषा में रामायण की रचना की।
तीन बार होता है पतझड़
सीतारपटन में नदी किनारे लगे पेड़ के नीचे वाल्मिकि ऋषि ने तपस्या की और रामायण की रचना भी की थी। यहां दो ऐसे पेड़ आमने- सामने लगे है जिसमें एक पेड के नीचे सीता जी की कुटिया बनी होना बताया जाता है जो एक छोटी गुफा जैसे है। वही दूसरे पेड़ में 3 बार पतझड़ आता है लेकिन यहां नया पत्ता कब आता है किसी को पता ही नहीं चलता। झडऩे वाले पत्ते कहां उड़ जाते है ये भी पता नहीं है।
पत्थरों से आती है नगाड़ों की आवाज
लोगों का मानना है कि जब भगवान श्रीराम ने प्रजा के कहने पर माता सीता को महल से निष्कासित कर दिया तो सीता जी ने वनवास के दौरान वाल्मिकि ऋषि जी के आश्रम में ही शरण ली थी। तब ही वनवास के दौरान यहां सीता जी ने दो पुत्र लव और कुश को जन्म दिया था। यहां चट्टाननुमा पत्थरों को बजाने से नगाडे जैसे मधुर आवाज सुनाई देती है। लोगों का मानना है कि ये नगाड़े ही थे जो अब पत्थर के स्वरूप में नजर आते हैं। इन नगाडो को लव कुश के जन्म की खुशी में बजाये जाने का दावा भी किया जाता है।
जरूरी सुविधाएं है नदारद
हर साल कार्तिक मास की पूर्णिमा को तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है। यहां आयोजित होने वाले मेले में मंडला सहित जबलपुर, रायपुर, छतीसगढ़, कवर्धा आदि जैसे अन्य जगहों से व्यापारी तरह-तरह की सामग्री लेकर पहुंचते हैं। वहीं अब तक जिला प्रशासन की ओर से यहां कोई तैयारी नहीं की गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं, सैलानियों के लिए किसी तरह की सुविधाएं उपलब्ध नहीं है। यहां आने वाले पर्यटकों के लिए सामुदायिक स्वच्छता परिसर तक की सुविधा नहीं है। पर्यटन स्थल होने के बाद भी यहां इलाज के लिए जरूरी सुविधाएं नदारद हैं। यहां कहने के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र है लेकिन इसकी भी हालत ठीक नहीं है।
तीन दिन भरेगा मेला
जिले के सबसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में शामिल सीतारपटन क्षेत्र भी शामिल है। यहां साल भर जिले समेत अन्य जिले प्रदेश के लोग आते है। यहां तीन दिवसीय भरने वाला मेला भी प्रसिद्ध है। इस वर्ष मड़ई का आयोजन 05 से 07 नवम्बर तक किया जाएगा। इस मड़ई को लेकर स्थानीय लोग काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। वहीं प्रशासन द्वारा इस पर्यटन स्थल में जरूरी सुविधाएं मुहैया नहीं कराए जाने से आने वालें लोगों और स्थानीय लोगों में नाराजगी भी हैं।
कलयुगी बेटे ने परखी से हमला कर पिता की हत्या
शॉर्ट पीएम रिपोर्ट से खुला राज
खाना खाने को लेकर हुआ झगड़ा
आमाडोंगरी में पिता की हत्या के बाद बेटे ने किया गुमराह करने का प्रयास
पुलिस ने किया गिरफ्तार
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के निवास थाना क्षेत्र के आमाडोंगरी गांव में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पप्पू मरावी ने घरेलू विवाद के चलते अपने 55 वर्षीय पिता नरबद की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
जानकारी अनुसार निवास पुलिस को 1 नवंबर की रात निवास अस्पताल से नरबद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर घर के अंदर खून बिखरा मिला, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। बताया गया कि विवाद के बाद पिता जब गंभीर रूप से घायल हो गए, तो आरोपी पुत्र पप्पू मरावी ही उन्हें अस्पताल लेकर आया और पुलिस को यह कहकर गुमराह करने की कोशिश की कि पिता गिरकर घायल हुए हैं। हालांकि चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पीएम रिपोर्ट से खुला राज
एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि मृतक नरबद की मृत्यु पर मर्ग कायम किया गया था। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृतक के गले में गहरे चोट के निशान और खून का रिसाव पाया गया। इसके बाद पुलिस का शक बेटे पर गहराया। रिमांड में लेकर सख्ती से पूछताछ करने पर पुत्र ने स्वीकार किया कि खाना खाने को लेकर हुए विवाद के दौरान उसने परखी (अनाज निकालने में प्रयुक्त नोकदार वस्तु) से पिता पर हमला कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी पुत्र ने ही अपने पिता का अंतिम संस्कार भी किया था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
तीन दिवसीय अनोखी मड़ई में दूर-दराज से पहुंचे व्यापारी, चंडी पूजा की तैयारी
मड़ई में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, पुलिस विभाग ने लगाए बैरियर
दो दिन पहले झूले-दुकानों का किया निरीक्षण, उमड़ेगा जनसैलाब
मंडला महावीर न्यूज 29.नारायणगंज क्षेत्र की सबसे बड़ी मड़ई का आयोजन आज बुधवार से शुरू होगा, जो तीन दिनों तक चलेगा। इस तीन दिवसीय आयोजन में दूर-दराज के व्यापारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं, जिसके चलते यहाँ भारी भीड़ बनी रहती है। बताया गया कि यह मड़ई अपने धार्मिक महत्व के लिए भी प्रसिद्ध है। इस अवसर पर चारों दिशाओं से मड़ई में चंडी लेकर लोग पहुंचते है और चंडी पूजन का भव्य आयोजन किया जाता है, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पंडा-पुजारी शामिल होते हैं। इस चंडी पूजन समारोह के बाद ही मड़ई विधिवत रूप से भरती है और मेले की रौनक बढ़ जाती है।
जानकारी अनुसार मड़ई की तैयारियों के लिए खेल-खिलौने की दुकान, झूले, डांस और सर्कस वाले लगभग एक सप्ताह पहले ही यहाँ पहुँच चुके हैं। इन गतिविधियों के कारण अगले तीन दिनों तक मेले में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। आयोजन के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखने और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस विभाग द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चारों तरफ रोड में बैरियर की व्यवस्था की गई है और बाहर से अतिरिक्त पुलिस फोर्स भी बुलाई गई है।
सुरक्षा की दृष्टि से किया निरीक्षण
पुलिस विभाग और पंचायत द्वारा दो दिन पहले ही दुकानदारों एवं झूला संचालकों की सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया गया था। इस दौरान थाना टिकरिया टीआई गोपाल घौसले, खैरी सरपंच शांति बाई परस्ते, उप सरपंच दीपक सोनी, सचिव अनिल शर्मा, पड़रिया सरपंच राजकुमार तेकाम, सचिव अभिषेक शर्मा, उप सरपंच विवेक सोनी और पंच सुरेंद्र सोनी और राम कुमार साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
वोकल फॉर लोकल
भोपाल में छाया मंडला का कृषि समूह, मेले में मिलेट्स उत्पादों का प्रदर्शन
मुख्यमंत्री ने किया राज्य स्तरीय आयोजन का समापन
स्थापना दिवस मेले में मंडला के स्वदेशी उत्पादों की धूम
मंडला महावीर न्यूज 29.मप्र के 70वें स्थापना दिवस के अवसर पर स्वदेशी उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए राज्य स्तरीय आयोजन राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में विगत दिवस आयोजित किया गया। इस मेले में वोकल फॉर लोकल को प्रोत्साहित करते हुए मंडला जिले के समूहों ने सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। बताया गया कि उप संचालक किसान कल्याण व कृषि विकास विभाग के मार्गदर्शन में मंडला के बिछिया ब्लॉक के ग्राम उमरवाड़ा से रानी दुर्गावती शहद स्व सहायता समूह की कृष्णा मार्को एवं गीता नेटी ने जिले का प्रतिनिधित्व किया।
जानकारी अनुसार भोपाल में आयोजित इस तीन दिवसीय मेले में मंडला के समूहों द्वारा विशेष रूप से मिलेट्स (मोटे अनाज) आधारित उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय किया गया। इनमें कोदो, कुटकी, मिलेट्स लड्डू, शहद, रागी, मक्का और ज्वार का आटा मुख्य रूप से शामिल था।
शहरी ग्राहकों को मिला जानने का मौका
मंडला के प्रतिनिधित्व में सेंटर ऑफ डिस्कवरी फॉर विलेज डेवलपमेंट संस्था के डायरेक्टर निशार कुरैशी भी विशेष रूप से सहभागी बने। उन्होंने बताया कि इस तीन दिवसीय मेले के माध्यम से वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा दिया गया, जिससे शहरी ग्राहकों को मंडला के विभिन्न प्राकृतिक और स्वदेशी उत्पादों को जानने व खरीदने का मौका मिला। इस आयोजन को सफल बनाने में विभाग की तरफ से नोडल अधिकारी प्रताप सिंह पटले का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
अभ्युदय मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में तीन दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम, ऐतिहासिक विषयों पर नाट्य मंचन और ड्रोन से आसमान पर बेहतरीन प्रदर्शन किया गया, जिसमें मध्यप्रदेश के विशेष कार्यों को दर्शाया गया। प्रदेश भर से आए लोक नृत्य समूहों ने शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। राज्य स्तरीय मेले का समापन प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के द्वारा किया गया।
चौगान मढिय़ा की मड़ई में सफेद वस्त्र में शामिल हुए लोग
जमकर भरी चौगान मड़ई, जिले समेत दूसरे जिले के लोग भी पहुंचे
मंडला महावीर न्यूज 29.दीपावली के बाद से जिले भर में मड़ई-मेलों की शुरूआत हो चुकी है रोजाना किसी न किसी गांव में मड़ई-मेला का आयोजन किया जा रहा है। इसकी कड़ी में पर्यटन स्थल रामनगर के प्रसिद्ध चौगान मढिय़ा के पास मड़ई का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में आदिवासी समाज समेत अन्य लोग शामिल हुए। चौगान सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण चंडी लेकर पहुंचे थे। चौगान की मढिय़ा में पूजन-अर्चन के साथ मड़ई की शुरूआत की गई।
सफेद वस्त्रों में शामिल होते हैं
इस चौगान की मड़ई की एक बड़ी विशेषता यह होती है कि इसमें अधिकांश आदिवासी समाज के सभी स्त्री-पुरूष सफेद वस्त्र पहनकर शामिल होते हैं। बताया गया कि इनमें सफेद कलर को शांति का प्रतीक और शुभ माना जाता है यहां तक विवाह आयोजन में भी महिलाएं सफेद साड़ी पहनकर ही शामिल होती हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि चौगान की मढिय़ा आदिवासी समाज के लोगों की कुल देवी मानी जाती है। जिनके दर्शनों के लिए मंडला ही नहीं दूसरे जिलों और प्रदेशों से भी लोग यहां पहुंचते हैं, यहां मढिय़ा में एक सीढ़ी लगी हुई है जिसे स्वर्ग की सीढ़ी कहा जाता है। इनके पूजन के बाद यहां से चंडी यात्रा निकाली जाती है।
जमकर हुई खरीदी
मड़ई में आसपास के गांवों से भी लोग पहुंचते हैं। चंडी दर्शन के लिए मंडला सहित आसपास के जिलों से भी लोग सोमवार को चौगान पहुंचे थे। यहां हर साल जुटने वाली भीड़ को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों से तरह-तरह की सामग्री को लेकर व्यापारियों ने दुकानें लगाई थी जहां से लोगों ने अपनी उपयोग की सामग्री की खरीदी की।
फोटो- मोहित पटेल
नर्मदा की सफेद दूधिया धाराएं को देखने उमड़ा सैलाब
सहस्त्रधारा में दो दिवसीय मेला आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29. मुख्यालय से करीब तीन किमी दूर काली चट्टानों के बीच कलकल बहती माँ नर्मदा के पावन स्थल और पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में दो दिवसीय मेला प्रारंभ हुआ। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी मेले में बड़ी संख्या में शहरवासी एवं ग्रामीणजन पहुंचे। मेले में सभी वर्ग के लोगों के लिए खाने-पीने से लेकर मनोरंजन और कई आवश्यक सामग्रियों की दुकानें लगाई गई थी। सहस्त्रधारा के पर्यटन स्थल में नर्मदा तट के दोनों ओर मेला भरता है। मंडला एवं महाराजपुर दोनों ओर से ही मार्ग है। जहां नर्मदा की काली चट्टानों की विशाल श्रृंखला है। इन काली चट्टानों से नर्मदा की सफेद जलधारा अतिसुंदर दृश्य पैदा करती है।
मुख्यालय के नजदीकी सहस्त्रधारा स्थल में लगने वाले मेले की विशेषता है कि यह पर्यटन स्थल के रूप में जिले समेत अन्य जिलों, प्रदेशों में भी प्रसिद्ध है। बताया गया कि भगवान सहस्त्रबाहु ने माँ नर्मदा को रोकने का प्रयास किया था। नर्मदा तो रूकी नहीं और आगे बढ़ती गई। जिससे अनेकों जल धाराएं काली चट्टानों के बीच से कलकल करती यहां पर मनमोहक दृश्य पैदा करती है। जिसे देखने पर्यटक यहां अक्सर खिचें चले आते है। जब यहां मेला भरता है तो चट्टानों के बीच गुनगुनी धूप में बैठकर माँ नर्मदा की सफेद दूधिया धाराएं को देखने का एक अलग ही अनुभव होता है। जिसके कारण जिले भर से इस मेले में लोग पर्यटन एवं पिकनिक के लिये बड़ी संख्या में एकत्र होते है।
जमकर बिकी मिठाईयां
दीवाली में जहां मिठाईयों की कीमत 300 से 1000 रूपये प्रति किग्रा थी तो वहीं मेले की मिठाईयां 80 से100 रूपये प्रति किग्रा में बिकी। शक्कर वाली मिठाईयों की बच्चों ने जमकर खरीदी कराई। मड़ई में दैनिक जरूरत के सामान के साथ अन्य सामग्रियों की खरीदी लोगों ने की। मड़ई में देर शाम तक काफी भीड़-भाड़ देखने को मिली।
लगी विभिन्न दुकानें
मड़ई में विभिन्न प्रकार की दुकानें लगी। जिसमें खिलौनो की दुकानें, सिंघाड़े, कांदा, देशी मिठाईयां, महिलाओं के श्रृंगार, फुल्की, चाट के ठेले समेत अनेक दुकानें यहां लगाई गई। जिसमें बच्चे, युवती, सहित बड़ी संख्या में लोग खरीदी करते नजर आए।
मेला स्थल में रहा पिकनिक का नाजारा
सहस्त्रधारा स्थल पिकनिक स्पॉट के रूप में मशहूर है। जहां सुबह से ही लोग परिवार सहित मेला स्थल पहुंचे। पत्थरों के बीच बैठकर परिवार सहित भोजन पकाया और आनंद के साथ भोजन खाया। वहीं अनेकों परिवारों ने घर से भोजन बनाकर ले गए थे जो वहां जाकर सब के बीच खाया। जिसमें बड़े, बुजूर्ग के साथ ही युवक, युवती बड़ी संख्या में पहुंचे। यहां पर अनेक नवविवाहित जोड़े भी थे।
सहस्त्रबाहु ने रखा था विवाह का प्रस्ताव
नर्मदा के सौंदर्य पर मोहित होकर सहस्त्रबाहु ने शादी का प्रस्ताव रखा और माँ नर्मदा ने इंकार कर दिया। जिससे सहस्त्रबाहु ने अपने घमंड में आकर अपनी भुजाओं से नर्मदा को रोकने का प्रयास किया और भुजाओं के बीच तथा आजू बाजू से नर्मदा आगे बढ़ गई। इसी कारण इस स्थल का नाम सहस्त्रधारा पड़ा, क्योंकि भुजाओं के बीच से निकली धाराएं सहस्त्र थी। जिसे आज भी देखा जाता है। नर्मदा की धारा यहां अनेक छोटे-छोटे जलप्रपात बनाकर आगे बढ़ती है।
छोटे, बड़े झूले का लिया आनंद
मड़ई, मेलों में यदि झूले ना हो तो, वह मड़ई, मेला अधूरा सा लगता है। मेला छोटा हो या बड़ा झूले हर मड़ई, मेलों में लगते है। पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में लगी मड़ई में झूले के साथ बच्चों के लिए अन्य मनोरंजन के साधन भी थे। मेले में दूर-दूर से आए लोगों ने सहस्त्रधारा की मड़ई का कलकल बहती नर्मदा किनारे खूब आनंद उठाया। युवक, युवतियां और बच्चे भी छोटे, बड़े झूले का खूब आंनद लिए।
एक बाईक में तीन सवार अनियंत्रित होकर गिरे, एक गंभीर
एक जबलपुर रैफर, दो घायल, सीएचसी नारायणगंज में चल रहा उपचार
नेशनल हाईवे 30 के ग्राम भावल की घटना
मंडला महावीर न्यूज 29.नेशलन हाईवे 30 मार्ग में हादसों पर ब्रेक नहीं लग पा रहा है। जिसके कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही है। जिसमें असमय ही लोग काल के गाल में समा रहे है। एनएच 30 में लगातार हो रहे हादसों का कारण बेलगाम रफ्तार और नशा है। जिसके कारण हादसे हो रहे है। पुलिस और प्रशासन की जागरूकता के बावजूद लोग जागरूक नहीं हो पा रहे है। जिला प्रशासन को इन हादसों को रोकने के लिए जल्द कोई सख्त कदम उठाना चाहिए। जिससे हादसों के बढ़ते ग्राफ को कम किया जा सके।
जानकारी अनुसार नेशनल हाईवे 30 नारायणगंज के ग्राम भावल में तीन युवक हादसे का शिकार हो गए। तीनों युवक एक बाईक में सवार होकर नारायणगंज चिरईडोंगरी से ग्राम भावल की ओर आ रहे थे। बाईक में सवार युवकों में जितेन्द्र कुंजाम पिता सोन सिंह कुंजाम 17 वर्ष, रितिक मरावी पिता श्याम सिंह मरावी 18 वर्ष और शिव कुमार बैरागी पिता गुरूदास बैरागी 17 वर्ष ग्राम चिरईडोंगरी गए हुए थे। यहां वापस ग्राम भावल की तरफ आ रहे थे। बताया गया कि तीनों युवक नशे में थे। जिसके कारण यह हादसा हुआ।
बताया गया कि तीनों युवक चिरईडोंगरी से भावल की तरफ तेज रफ्तार में आ रहे थे, वहीं तीनों युवक नशे में थे। युवक नशे की हालत में बाईक चलाते हुए भावल जा रहे थे, इसी दौरान युवकों की बाईक हाईवे 30 में ग्राम भावल के पास आकर अनियंत्रित हो गई और तीनों युवक बाईक तेज रफ्तार बाईक से नीचे गिर गए। बाईक से नीचे गिरते ही तीनों घायल हो गए। घटना स्थल पर मौजूद लोग तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे और तत्काल 108 एम्बुलेंस और 112 डायल को सूचना दी।सूचना मिलते ही तत्काल 108 एम्बुलेंस और टिकरिया पुलिस तत्काल घटना स्थल पर पहुंची। हादसे में घायल तीनों युवकों को तत्काल स्थानीयजनों की मदद से एम्बुलेंस के माध्यम से तीनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज लाया गया। जहां तत्काल चिकित्सक डॉ. राजेश अहिरवार ने उपचार शुरू किया। हादसे में रितिक मरावी को हाथ, पैर में मामूली चोटे आई थी। वहीं जितेन्द्र कुंजाम और शिवर कुमार को चेहरे और हाथ, पैर में गंभीर चोटे लगी थी।बताया गया कि हादसे में जितेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके चेहरे में बहुत गंभीर चोटे आई थी। हादसे में युवक के चेहरे के आंखे के पास, माथे में, नाक के पास गंभीर चोट थी। जिससे ब्लड लगातार निकल रहा था। डॉ. राजेश अहिरवार के मार्गदर्शन में ड्रेसर संतलाल ने गंभीर घायल जितेन्द्र की चोटों में करीब 12 टांके लगाए। इसके बाद तत्काल घायल जितेन्द्र को 108 एम्बुलेंस की मदद से जबलपुर मेडिकल रैफर किया। वहीं दोनों घायल युवकों का उपचार सीएचसी नारायणगंज में चल रहा है। टिकरिया पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच कर रही है।
मवई में दम तोड़ रही स्वास्थ्य व्यवस्था, स्टाफ की कमी से ग्रामीण बेहाल
लचर स्वास्थ्य सेवाओं और अव्यवस्था के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस करेगी बड़ा आंदोलन
मंडला महावीर न्यूज 29.वनांचल क्षेत्र मवई की स्वास्थ्य व्यवस्था दिनोंदिन बदतर होती जा रही है। अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सों और अन्य जरूरी स्टाफ की भारी कमी के कारण ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी ज्वलंत समस्या को देखते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मवई ने घोषणा की है कि यदि शीघ्र ही स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया, तो कांग्रेस जनआंदोलन करने को मजबूर होगी।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष रानू हरदहा ने बताया कि विगत कई वर्षों से पार्टी और स्थानीय लोग मवई स्वास्थ्य केंद्र में रिक्त पड़े पदों को शीघ्र भरने, महिला डॉक्टर की पदस्थापना करने और पर्याप्त दवाइयों की व्यवस्था करने की लगातार मांग करते आ रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। बताया गया कि कांग्रेस नेताओं ने स्वास्थ्य केंद्र की लापरवाही को उजागर करते हुए हाल ही की दो गंभीर घटनाओं का जिक्र किया।
उन्होंने बताया कि हाल ही में रमतिला निवासी श्याम की बीपी बढ़ जाने पर मवई स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार न मिलने से मृत्यु हो गई। आरोप है कि बीपी जैसी सामान्य बीमारी की दवा तक अस्पताल में उपलब्ध नहीं थी। आगे बताया गया कि विगत 22 अक्टूबर को रतन सिंह बैगा की पानी में डूबने से हुई मृत्यु के बाद पोस्टमार्टम के लिए परिवार से पैसे वसूलने की शिकायत सामने आई थी। कांग्रेस ने पीडि़त परिवार से मुलाकात कर प्रशासन से इस मामले की जांच की मांग की है।
स्वास्थ्य केन्द्र की गंभीर समस्याएं
बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मवई में स्वीपर नहीं होने के कारण पोस्टमार्टम कराने में हमेशा देरी होती है, घंटों परिजनों को इंतजार करना पड़ता है। स्वास्थ्य केंद्र में स्वीपर नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पोस्टमार्टम के लिए दो-दो दिन तक भी इंतजार करना पड़ता है। वहीं केंद्र में डेड बॉडी रखने के लिए फ्रीजर की सुविधा भी नहीं है, जिससे गरीब परिवारों को निजी वाहन और पैसे की व्यवस्था करनी पड़ती है। इसके साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में महिला डॉक्टर का पद स्वीकृत होने के बावजूद पदस्थापना नहीं की गई है। इस कारण महिलाओं को छोटे-मोटे उपचार के लिए भी 100 किलोमीटर दूर मंडला या बिछिया जाना पड़ता है।
कांग्रेस की चेतावनी
इन सभी समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने 6 अक्टूबर 2025 को कलेक्टर मंडला को ज्ञापन भी सौंपा था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष रानू हरदहा ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और प्रशासन ने इस समस्या पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया तो कांग्रेस पार्टी जनआंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से आंदोलन में भाग लेकर वनांचल की आवाज बुलंद करने की अपील की है।
सीएचसी बीजाडांडी में मानसिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित
जिला टीम ने की रोगियों की स्क्रीनिंग
मानसिक स्वास्थ्य को मिला सामुदायिक सहारा
मनहित ऐप और टोल फ्री नंबर की दी जानकारी
सीएचसी बीजाडांडी में मानसिक स्वास्थ्य शिविर सफल
मंडला महावीर न्यूज 29.सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी में मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सामुदायिक स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने और रोगियों को उचित मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से बीएमओ डॉ. अभयकीर्ति के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस शिविर के लिए जिले से विशेष रूप से आई मनकक्ष की टीम ने अपनी सेवाएं दीं। टीम में नोडल अधिकारी डॉ. रितेश अग्रवाल, नर्सिंग ऑफिसर पारुल यादव, साध्वी पटेल और परामर्शदाता देव प्रकाश पांडे शामिल रहे।
बताया गया कि शिविर में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक क्षेत्र के मानसिक रोगियों की सघन स्क्रीनिंग की गई। जिला टीम ने रोगियों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और साथ ही उन्हें मनकक्ष की विस्तृत जानकारी दी। शिविर के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए सभी सीएचओ, सुपरवाइजऱ, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, आशा सहयोगी और आशा कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्र के मानसिक रोगियों को सीएचसी बीजाडांडी पहुँचाने का आदेश दिया गया था।
मनहित ऐप और टोल फ्री नंबर की दी जानकारी
शिविर के दौरान उपस्थित सभी मरीजों एवं परिजनों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण संसाधनों की जानकारी दी गई। उन्हें मनहित ऐप और टोल फ्री नंबर 14416 की विस्तृत जानकारी साझा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि ऐसे मरीजों के पूर्णत: इलाज के लिए जिला अस्पताल मंडला में एक समर्पित मनकक्ष बनाया गया है, जहाँ वे उपचार करा सकते हैं। इसके साथ ही सामुदायिक स्तर पर उमंग स्वास्थ्य केंद्र पर भी मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। यह पहल मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण स्तर तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अनोखी परंपरा बुधवार को ही भरता है मेला
05 नबंवर को लगेगी नारायणगंज की प्रसिद्ध मड़ई
तैयारी शुरू, मेला में लगेगी तरह-तरह की दुकानें
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिला आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है। यहां का प्राकृति सौंदर्य और यहां की परंपराएं अद्भूत है। एक ओर यहां की प्राकृति लोगों को अपनी ओर खींचती है, वहीं यहां की अनोखी पंरपराएं भी जिले की अलग पहचान बनाती है। जिले में दीवाली पर्व के बाद मड़ई मेलों का दौर शुरू हो जाता है। अहीर अपनी परंपरिक पौषाक में झूमते, नाचते लोगो का मनमोहते है। इसी मड़ई, मेलों की परंपरा में आदिवासी बाहुल्य जिले के विकासखंड नारायणगंज में एक अखोनी पंरपरा वर्षो से चली आ रही है। नारायणगंज मुख्यालय में दीवाली के बाद लगने वाली मड़ई प्रतिवर्ष ग्यारस के बाद और उस माह के दूसरे सप्ताह में पडऩे वाले बुधवार को ही प्रारंभ होती है। बुधवार के दिन से लगने वाली मड़ई का सिलसिला वर्षो से चला आ रहा है, इस परंपरा में आज तक कोई व्यवधान नहीं आया है।
विकासखंड नारायणगंज मुख्यालय में तीन दिवसीय मड़ई का आयोजन आगामी 05 नबंवर से शुरू होगा। जिसकी तैयारियां शुरू हो गई है। ग्राम पंचायत नारायणगंज पडरिया के मेला स्थल में झूले लगाने और दुकानों लगाने का कार्य प्रगति पर था। पडरिया सरपंच रामकुमार तेकाम ने बताया कि यह नारायणगंज मुख्यालय की प्रसिद्ध मड़ई है, जो चारो ओर विख्यात है। इस मड़ई में जिले समेत अन्य जिलों के व्यापारी व्यापार करने आते है।
जानकारी अनुसार जिले में एकादशी पर्व के बाद मड़ई मेले का आयोजन शुरू हो जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में इसे साल भर का एक बड़ा त्योहार माना जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में जगह जगह मड़ई चंडी का आयोजन किया जा रहा है। इसी के अंतर्गत जिले के विकासखंड नारायणगंज में तीन दिवसीय मड़ई का आयोजन आगामी पांच नबंवर को किया जाएगा। जिसकी तैयारी पंचायत द्वारा की जा रही है। नारायणगंज मड़ई जिले भर में प्रसिद्ध है। यहां हर प्रकार की दुकानें लगाई जाती है। मेले में व्यापारी भी जिले समेत अन्य जिलों से अपना व्यापार करने पहुंचते है। मड़ई के पहले दिन से ही जन सैलाब इस मेले में उमड़ता है। नारायणगंज बस स्टेंड से लेकर मेला स्थल तक सिर्फ जन समूह की भीड़ ही दिखाई देती है।
साल भर करते है लोग इंतजार
विकासखंड नारायणगंज मुख्यालय की मड़ई क्षेत्र की सबसे बड़ी मड़ई है। बताया गया कि नारायणगंज की मड़ई देवउठनी ग्यारस के बाद और माह के दूसरे सप्ताह में पडऩे वाले दूसरे बुधवार के दिन नारायणगंज मुख्यालय की मड़ई भरना प्रारंभ होती है। यहां वर्षो से यह परंपरा चली आ रही है। बुधवार का दिन नारायणगंज का साप्ताहिक बाजार का दिन भी होता है। जिसके कारण मड़ई के प्रथम दिन लोगों का हुजूम रहता है। नारायणगंज मेले में तीन दिन मड़़ई स्थल में जमकर भीड़ रहती है, तरह-तरह की दुकानें सजाई जाती है। क्षेत्र समेत जिले के बाहर के व्यापारी मेला स्थल में आकर दुकाने लगाते है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नारायणगंज जैसा मेला कहीं ओर देखने को नहीं मिलता है, यहां हर प्रकार की दुकानें लगाई जाती है। लोगों की जरूरत का हर सामान यहां उपलब्ध होता है। इस दिन के लिए लोग यहां साल भर इंतजार करते है।
गाजे-बाजे के साथ निकली प्रभु शालिग्राम की बारात
नारायणगंज की राधेश्याम कुटी में पारंपरिक तुलसी विवाह संपन्न
भक्तिभाव से वर-कन्या पक्ष बनकर शामिल हुए ग्रामवासी
विधिवत शास्त्रोक्त विधि से संपन्न हुआ तुलसी विवाह
मंडला महावीर न्यूज 29. धर्म और आस्था के प्रतीक तुलसी विवाह का पावन पर्व नारायणगंज स्थित राधेश्याम कुटी में भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। विगत लंबे समय से चली आ रही परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी ग्रामवासियों ने वर पक्ष और कन्या पक्ष बनकर इस वैवाहिक अनुष्ठान में सहभागिता की। बताया गया कि नारायणगंज के सोनी समाज के व्यापारी परिवार ने वर और वधु पक्ष का दायित्व निभाया। इस वर्ष यह सौभाग्य नारायणगंज के व्यापारी मंगल लाल सोनी के सुपुत्र संदीप सोनी एवं उनकी पत्नी शालिनी सोनी को प्राप्त हुआ। उन्होंने प्रभु शालिग्राम का वर पक्ष बनकर विधिवत बारात निकाली। वही राजेंद्र सोनी ने कन्या पक्ष बनकर अतिथियों का स्वागत और सत्कार किया।जानकारी अनुसार इस धार्मिक कार्यक्रम में नारायणगंज नगर में विवाह उत्सव का माहौल रहा। बारात के स्वागत के लिए जगह-जगह चाय, पानी और नाश्ते की व्यवस्था कराई गई थी। बारात को विराम देने और बारातियों के स्वागत सत्कार के लिए जनवाशे की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।
शास्त्रोक्त विधि से संपन्न हुआ अनुष्ठान
बताया गया कि प्रभु की बारात के कुटी पहुंचने पर पुरोहितों द्वारा द्वाराचार का कार्यक्रम संपन्न कराया गया, जिसके तहत प्रभु की अगवानी की गई। इसके बाद मंडप में पुरोहितों ने विधिवत शास्त्रोक्त विधि से विवाह के मंत्रोच्चारण के साथ तुलसी और प्रभु शालिग्राम का विवाह संपन्न कराया।
विवाह में स्थानीय नागरिक रहे मौजूद
इस धार्मिक कार्यक्रम में राधेश्याम कुटी के संचालक, ग्रामवासी और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान प्रमुख रूप से रघुनंदन विश्वकर्मा, अखिलेश अग्रवाल, राजकुमार साहू, गिरीश अग्रवाल, संतोष सोनी, विनोद अग्रवाल, माखनलाल सोनी, संदीप सोनी, राजेंद्र सोनी, कैलाश सोनी एवं ग्राम के समस्त महिला, पुरूष उपस्थित होकर इस कार्यक्रम के साक्षी बने।
विकसित मध्यप्रदेश हमारा लक्ष्य, पर्यटन स्थलों का होगा विकास-मंत्री सम्पतिया उईके
किसानों को बिना कतार खाद देगा प्रोजेक्ट एग्री टोकन, स्थापना दिवस समारोह में हुआ शुभारंभ
70 वें स्थापना दिवस पर विकसित मप्र का संकल्प, पर्यटन विकास को प्राथमिकता
मंडला महावीर न्यूज 29.पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के ऑडिटोरियम में आयोजित 70वें मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने कहां कि विकसित मध्यप्रदेश हमारा लक्ष्य है और सरकार ने विजन 2047 दृष्टि पत्र के माध्यम से इस संकल्प को दर्शाया है। समारोह का मुख्य आकर्षण जिला प्रशासन के प्रोजेक्ट एग्री टोकन का शुभारंभ रहा। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने इसके बारे में बताते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट किसानों को बड़ी राहत देगा, जिसके तहत किसान अब बिना कतार में लगे हुए, निर्धारित समय पर खाद प्राप्त कर सकेंगे।कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके ने कहा कि डबल इंजन की सरकार लोक कल्याण के लिए कार्य कर रही है और चौगान की मढिय़ा, अजगर दादर, रामनगर के ऐतिहासिक महल सहित जिले के सभी पर्यटन एवं आस्था के केंद्रों के विकास के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रावधान कर रहे हैं। विधायक बिछिया नारायण सिंह पट्टा ने राज्य के 70वें वर्ष के इतिहास पर प्रकाश डाला। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय सिंह कुशराम ने कूनो अभ्यारण्य में चीतों के पुनर्वास को प्रदेश की जैव विविधता में गौरवशाली प्रगति बताया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का हुआ प्रदर्शन
स्थापना दिवस के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महर्षि विद्या मंदिर की छात्राओं द्वारा कर्मा लोकनृत्य, टीम नटराज द्वारा राई लोक नृत्य, सरदार पटेल कॉलेज की छात्राओं द्वारा सैला नृत्य सहित अन्य मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। कैबिनेट मंत्री ने उत्साहवर्धन करते हुए सभी पांच प्रतिभागी टीमों को विधायक निधि से पाँच-पाँच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस अवसर पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं नागरिकगण मौजूद रहे।
राष्ट्र के नाम दो मिनट राष्ट्रगान पहल का चौथा माह
कमांडेंट ने अन्य चौराहों पर आयोजन का दिया सुझाव
मंडला के नेहरू स्मारक पर गूंजा राष्ट्रगान
हम फाउंडेशन की देशभक्ति पहल को मिला व्यापक जनसमर्थन
मंडला महावीर न्यूज 29.हम फाउंडेशन भारत सामाजिक संगठन द्वारा संचालित राष्ट्र के नाम 2 मिनट का राष्ट्रगान पहल ने अपना चौथा माह पूरा कर लिया है। हर महीने की पहली तारीख को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को अब राष्ट्र प्रेमियों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। यह मासिक राष्ट्रगान कार्यक्रम स्थानीय नेहरू स्मारक पर आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य आम जनता में देशप्रेम की भावना का संचार करना है।
बताया गया कि राष्ट्रगान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 148 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणी रहे। कार्यक्रम में कमांडेंट के साथ सीआरपीएफ के जवान भी शामिल हुए, जिससे चौराहे का माहौल देश भक्तिमय और अत्यंत प्रेरणादायक बन गया। संगठन के सभी पदाधिकारी और सदस्य भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अन्य चौराहों पर भी होगा विस्तार
कमांडेंट विक्रांत सारंगपाणी ने हम फाउंडेशन की इस पहल की तारीफ की और इसके महत्व को बताया। उन्होंने संगठन के सदस्यों से कहा कि देशप्रेम की इस भावना को जिले के अन्य चौराहों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर विस्तारित किया जाना चाहिए। इस सुझाव को संगठन के पदाधिकारियों ने तुरंत स्वीकार किया और भविष्य में जल्द ही अन्य जगहों पर राष्ट्रगान का आयोजन करने की हामी भरी। धीरे-धीरे यह कार्यक्रम आम जनमानस के बीच सफलता की ओर बढ़ रहा है और आम लोग भी इसका समर्थन कर रहे हैं।
भुगतान में गलत एंट्री पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
8 नवंबर से महिला नसबंदी शिविर
स्वास्थ्य कार्यक्रमों की साप्ताहिक समीक्षा
स्वास्थ्य कर्मचारियों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29.सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज के अंतर्गत संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन और साप्ताहिक समीक्षा के लिए सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नारायणगंज सेक्टर की सीएचओ, एएनएम, एमपीडब्ल्यू और सुपरवाइजर मौजूद रहे। बैठक में अनमोल एप पर एएनसी पंजीयन करने, मातृ व शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, टीकाकरण, परिवार कल्याण एवं किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम सहित अन्य संचालित योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।
आयोजित समीक्षा बैठक में बीईई विजय मरावी ने उपस्थित कर्मचारियों से स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाईन की शिकायतों में वृद्धी हो रही है। जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा योजना के भुगतान की गलत प्रविष्टि होने के कारण लगातार शिकायतें आ रही है। जिसके देखते हुए उपस्थित सभी सीएचओ, एएनएम को आदेशित किया गया कि एएनसी एंट्री के दौरान विशेष सावधानी बरते और अनमोल एप पर हितग्राही की सभी जानकारी सही दर्ज करें। यदि दोबारा ऐसी शिकायतें आती है तो संबंधितों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।समीक्षा बैठक में परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत एफपीएलआईएमएस के तहत प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख तक एप के माध्यम से जानकारी दर्ज करना है। निर्देशित किया है कि जो भी कर्मचारी समय अवधि में जानकारी की एण्ट्री नहीं करेंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही महिला नसबंदी शिविर की जानकारी दी गई। उपस्थित कर्मचारियों को बताया गया कि महिला नसबंदी इस नबंवर माह तीन शिविर आयोजित किये जाएगे। जिसमें पहला शिविर 8 नबंवर को आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 21 और 29 नबंवर को दूसरा और तीसरा शिविर लगाया जाएगा। सभी को निर्देश दिए है कि एलटीटी शिविर में पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर शिविर में लाए। इसके साथ ही शिविर में लाने से पहले अपने क्षेत्र की एएनएम से महिलाओं की जांच आवश्यक कराए। जिससे शिविर में महिलाओं को परेशानी का सामना ना करना पड़े।
समय रहते गंभीर केस उच्च केन्द्र में करें रैफर
समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य कर्मचारियों से उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को उच्च स्वास्थ्य केंद्र भेजने के निर्देश दिए। इस दौरान मातृ एवं शिशु मृत्यु दर की जानकारी भी सभी उपस्थित कर्मचारियों से ली गई। इसके साथ ही वीएचएनडी सत्रों में उपलब्ध औषधि एवं वैक्सीन की सूची की समीक्षा की गई। सभी सीएचओ और एएनएम को निर्देशित किया गया कि वे अपने ग्रामों के गंभीर गर्भवती केसों को समय रहते उच्च स्वास्थ्य केंद्र में रैफर करें, जिससे उन्हें समय पर और समुचित उपचार मिल सके।
बैठक में ये रहे मौजूद
साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सीबीएमओ डा. अमृत लाल कोल, बीईई विजय मरावी, बीसीएम शैलेंद्र सिंह, सुपरवाईजर मदनलाल परते, फार्मासिस्ट कमलेश सिंह, मलेरिया प्रभारी एससी जैन, सीएचओ डॉ. शाहिद हुसैन, रंजीता पटेल, पूजा यादव, रुक्मिणी मरावी, जयंती उरैती, कोशिका भूरा, एएनएम राजकुमारी मरावी, माधुरी सोनी, नीलम ठाकुर, श्यामा पाटिल, शिवकुमारी पटेल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
देवउठनी ग्यारस पर बाल विवाह मुक्त समाज का लिया संकल्प
देवउठनी ग्यारस पर बाल विवाह रोकथाम अभियान का शुभारंभ, दिलाई शपथ
तीन स्कूलों की छात्राओं ने ली शपथ, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. महिला एवं बाल विकास परियोजना नारायणगंज द्वारा देवउठनी ग्यारस के पावन अवसर पर बाल विवाह रोकथाम अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान क्षेत्र के तीन प्रमुख विद्यालयों संदीपनी विद्यालय टिकरिया, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और बजरंग उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बावलिया में आयोजित किया गया।बताया गया कि अभियान के अंतर्गत विद्यालयों में विचार संगोष्ठी, शपथ पत्र हस्ताक्षर, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिता जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने इन गतिविधियों में हिस्सा लिया और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को खत्म करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान परियोजना अधिकारी द्वारा छात्राओं को बाल विवाह के गंभीर दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने समाज को बाल विवाह मुक्त बनाने के महत्व को समझाया और इस दिशा में सहयोग करने के लिए सभी छात्राओं को शपथ दिलाई। इस अवसर पर आयोजित निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।
इनकी रही उपस्थिति
आयोजित जागरूकता कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षेत्रीय पर्यवेक्षक सविता पावले, रंजना दुबे, किरण सिंगरोरे, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शहनाज खान, नीलम मरावी, लक्ष्मी तेकाम, श्रद्धा पावले, मनीष सोनी एवं तीनों विद्यालयों के शिक्षकों का सहयोग सराहनीय रहा।
पुलिस की जीवन रक्षक पहल
ड्यूटी के साथ जान बचाना भी सीखेंगे जवान
डायल-112 पायलटों को मिला बेसिक लाइफ सपोर्ट का प्रशिक्षण
मंडला पुलिसकर्मी अब आपात स्थिति में दे सकेंगे सीपीआर, बीएलएस सहायता
मंडला महावीर न्यूज 29.पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में पुलिस विभाग और स्वास्थ्य विभाग मंडला की संयुक्त टीम द्वारा पुलिस बल को मौके पर तुरंत जीवन रक्षक सहायता प्रदान करने के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस कंट्रोल रूम मंडला में आयोजित इस प्रशिक्षण में पुलिस कर्मियों और डायल-112 एफआरवी पायलटों, वाहन चालकों को बीएलएस का गहन प्रशिक्षण दिया गया।बताया गया कि जिला अस्पताल के डॉ. प्रवीण उईके ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने प्रतिभागियों को किसी घायल या अचेत व्यक्ति को आपातकालीन स्थिति में प्राथमिक जीवन रक्षक सहायता प्रदान करने संबंधी कई उपयोगी तकनीकें सिखाईं। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को घटनास्थल पर पहुंचने पर तुरंत और प्रभावी ढंग से राहत प्रदान करने के लिए तैयार करना है।
पुलिस अधीक्षक ने दिए सख्त निर्देश
प्रशिक्षण के समापन पर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने एफआरवी पायलटों को ड्यूटी के संबंध में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान बॉडी वॉर्न कैमरा अवश्य धारण करें। आवश्यकतानुसार पीए सिस्टम का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करें। आम नागरिकों के साथ शिष्ट और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखें। एफआरवी वाहनों में उपलब्ध आपातकालीन उपकरण और स्ट्रेचर के उपयोग को समझें और हमेशा तैयार रहें। पेट्रोलिंग पॉइंट्स के बीच नियमित मूवमेंट बनाए रखने के निर्देश दिए।प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला प्रभारी (रेडियो) निरीक्षक केजी जगाती, डायल-112 प्रभारी सहायक उप निरीक्षक (रेडियो) घनश्याम पुसाम एवं जिला सुपरवाइजर डायल-112 लोकेश सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंडला पुलिस ने सिखाए बाल अपराधों से बचाव के उपाय
हाई स्कूल छात्रों से लेकर ग्रामीणजनों तक पहुंची जागरूकता
गुमशुदा बच्चों की सुरक्षित दस्तयाबी व बाल सुरक्षा पर दिया फोकस
ऑपरेशन मुस्कान-मंडला पुलिस ने छेड़ा जन-जागरूकता अभियान
तीन थाना क्षेत्रों में बाल सुरक्षा पर दी जानकारी
मंडला महावीर न्यूज 29.पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी ऑपरेशन मुस्कान अभियान को गति देते हुए मंडला पुलिस ने जिलेभर में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य गुम हुए अवयस्क बालक, बालिकाओं की शीघ्र एवं सकुशल दस्तयाबी सुनिश्चित करना है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें पुलिस ने समुदाय के विभिन्न वर्गों को बाल सुरक्षा और अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।जानकारी अनुसार पुलिस टीम ने रपटा घाट में महिलाओं को केंद्रित करते हुए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां उपस्थित महिलाओं को ऑपरेशन मुस्कान, बच्चों के अधिकार, बाल सुरक्षा, बाल अपराधों से बचाव, और बढ़ते साइबर अपराधों के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान कर जागरूक किया गया। इसके साथ ही ग्राम सिंगापुर सिमैया में आयोजित ग्यारस मेले के दौरान पुलिस ने एक विशेष सत्र रखा। इसमें विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए बालक-बालिकाओं तथा ग्रामीण जनों को नाबालिग बच्चों के गुम होने से बचाव और सतर्कता संबंधी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
सुरक्षा उपाए की दी जानकारी
बीजाडांडी पुलिस ने हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से लक्षित किया। यहां विशेष अभियान मुस्कान के अंतर्गत बाल-बालिकाओं के साथ होने वाली संभावित घटनाओं, उनकी रोकथाम, सतर्कता एवं सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, जिससे वे स्वयं की सुरक्षा के प्रति सजग रहें। पुलिस का यह निरंतर जागरूकता अभियान गुमशुदा बच्चों को ढूंढने के साथ-साथ बाल अपराधों को रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
डिजिटल अरेस्ट और इन्वेस्टमेंट फ्रॉड से निपटने की तैयारी
मंडला पुलिस की प्रथम प्रतिक्रिया इकाई हुई तकनीकी रूप से दक्ष
साइबर फ्रॉड राशि रिकवरी पर दिया विशेष फोकस
साइबर अपराध पर लगाम लगाने की पहल
थानों के साइबर डेस्क अधिकारियों का विशेष प्रशिक्षण संपन्न
मंडला महावीर न्यूज 29.साइबर अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटने और नागरिक सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मंडला पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पुलिस कंट्रोल रूम मंडला में थानों के साइबर डेस्क में पदस्थ अधिकारियों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। बताया गया कि मंडला पुलिस द्वारा पूर्व से ही प्रत्येक थाना में साइबर डेस्क की स्थापना की गई है, जिसमें उप निरीक्षक रैंक के अधिकारी को प्रभारी और उनके सहायतार्थ युवा पुलिस कर्मियों को नियुक्त किया गया है। यह प्रशिक्षण सत्र साइबर सेल, मंडला द्वारा पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसका मुख्य फोकस तकनीकी दक्षता और त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना था।
जानकारी अनुसार जिले के सभी थानों के साइबर डेस्क प्रभारी और सहायक अधिकारियों ने इस सत्र में भाग लिया। प्रशिक्षण में फ्रॉड राशि रिकवरी पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए विशेष विषयों पर व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
एनसीआरपी पोर्टल पर हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस
अधिकारियों को नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने के तकनीकी और प्रक्रियात्मक पहलुओं पर गहन व्यावहारिक अभ्यास कराया गया, जिससे शिकायत निराकरण की गति बढ़ाई जा सके।
फ्रॉड राशि की ट्रेसिंग एवं रिकवरी
प्रशिक्षण का मुख्य फोकस धोखाधड़ी से गई राशि को ट्रैक करने, बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर उसे फ्रीज कराने और पीडि़तों की राशि की त्वरित रिकवरी सुनिश्चित करने के प्रभावी तरीकों पर रहा।
नवीनतम साइबर ट्रेंड्स
अधिकारियों को डिजिटल अरेस्ट, इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, टेलीग्राम टास्क फ्रॉड जैसे नए साइबर अपराधों की जानकारी और उनसे निपटने की विशिष्ट रणनीतियों से अवगत कराया गया।
नागरिक व्यवहार एवं संवेदनशीलता
पीडि़तों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और उन्हें कानूनी प्रक्रिया के बारे में सही जानकारी प्रदान करने पर भी विशेष बल दिया गया।
प्राप्त ज्ञान को तत्काल लागू करें अपने थानों में
साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र बिसेन ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक थाने में स्थापित साइबर डेस्क हमारी पहली प्रतिक्रिया इकाई है। इस प्रशिक्षण का एकमात्र उद्देश्य उन्हें तकनीकी रूप से दक्ष बनाना है जिससे वे साइबर अपराध के मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित कर सकें। मंडला पुलिस साइबर अपराधियों से एक कदम आगे रहने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशिक्षण के समापन पर सभी अधिकारियों को प्राप्त ज्ञान को तत्काल अपने-अपने थानों में लागू करने और आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
आमजन से अपील
मंडला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे साइबर फ्रॉड से बचाव के तरीकों के बारे में जानने के लिए मंडला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें। अपने साथ हुए किसी भी साइबर या सोशल मीडिया फ्रॉड की शिकायत हेल्पलाइन 1930, वेबसाइट cybercrime.gov.in या नजदीकी थाने में तत्काल दर्ज कराएं।
मंडला में एनएच-30 पर रफ्तार का कहर
कटरा बायपास के पास बस की टक्कर से एक युवक की मौत
दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल, बस चालक फरार
मंडला महावीर न्यूज 29.सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे 30 पर कटरा बायपास के समीप देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना तब हुई, जब तीनों युवक शनिवार की रात मड़ई से अपने गांव लौट रहे थे।
जानकारी अनुसार अचली सेमरखापा निवासी तीन युवक नीलेश उर्फ नीलू चक्रवर्ती (18), मोनू यादव (17) और शिवराज मरावी (18) एक ही बाइक पर सवार होकर घर वापस आ रहे थे। इसी दौरान कटरा बायपास के पास उनकी बाइक एक तेज रफ्तार बस से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 18 वर्षीय नीलेश उर्फ नीलू चक्रवर्ती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित घटना स्थल से फरार हो गया।दुर्घटना में घायल हुए मोनू यादव और शिवराज मरावी को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। रविवार को पोस्टमार्टम के उपरांत मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है, साथ ही फरार बस चालक की तलाश भी की जा रही है।
???? नारायणगंज बस स्टेंड पर हड़कंप ????: मालवाहक चालक को अचानक आई मिरगी, मेडिकल स्टोर से टकराकर बड़ा हादसा टला
???? बाल-बाल बचे राहगीर; मिरगी का दौरा पड़ने से अनियंत्रित हुआ वाहन, सह-यात्री भी घबराया
????नारायणगंज: मालवाहक चालक को अचानक आई मिरगी, मेडिकल स्टोर की सीढ़ियों से टकराकर वाहन रुका
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज बस स्टेंड मार्ग पर जनपद पंचायत मार्ग की तरफ जा रहे एक मालवाहक वाहन के चालक को अचानक मिरगी का दौरा पड़ने से बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। यह घटना बस स्टेंड पर एक मेडिकल स्टोर के सामने हुई, जहां अनियंत्रित वाहन शेड के लोहे के पाइप और सीढ़ियों से जा टकराया।
मिरगी आते ही वाहन हुआ तेज
जानकारी के अनुसार, मालवाहक वाहन नारायणगंज बस स्टेंड से होते हुए मैली चौराहे की ओर जा रहा था। बस स्टेंड पहुंचते ही वाहन चला रहे युवक को अचानक मिरगी का दौरा आ गया। दौरा आते ही वाहन थोड़ी देर के लिए तेज हो गया और ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा। वाहन में चालक के साथ बैठा एक अन्य युवक भी इस अप्रत्याशित घटना से अचंभित हो गया और घबरा गया। अनियंत्रित वाहन एक मेडिकल स्टोर के सामने लगे शेड के लोहे के पाइप और सीढ़ियों से टकराकर रुक गया।
टक्कर से टली बड़ी अनहोनी
गनीमत रही कि वाहन मेडिकल स्टोर की सीढ़ियों से टकरा गया, जिससे उसकी गति नियंत्रित हो गई। यदि वाहन सीधा आगे निकल जाता तो बस स्टेंड पर मौजूद कुछ लोग बाल-बाल बच गए, उनके साथ कोई भी बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
तत्काल उपचार हेतु भेजा गया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
जैसे ही मालवाहक वाहन टकराया, बस स्टेंड में लोगों का भारी हुजूम लग गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मिरगी आए चालक को तुरंत वाहन से नीचे उतारा। घटना की जानकारी मिलते ही युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद युवक को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार फिलहाल युवक की हालत अब ठीक है।
चार माह बाद जागे देव, मनाई छोटी दीवाली
महिलाओं ने किया गन्ने के मंडप में पूजन, तुलसी विवाह आज
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले में देव उठनी ग्यारस के साथ ही मांगलिक कार्यों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। इस पर्व की तैयारियों के लिए शहर में खासी चहल पहल रही। चार माह पहले देव शयनी एकादशी के बाद से बंद हुए मांगलिक कार्य अब शुरू हो जाएंगे। लोग घरों में रंगोली बना कर बेर, फली, आंवला, चना भाजी, गन्ना, घुंघरू के साथ देवताओं का पूजन, पाठ कर इनको उठाएं। पंडित विजया नंद शास्त्री ने बताया कि ग्रह नक्षत्र व योग के आधार पर विवाह का अनुक्रम इस बार देव उठनी ग्यारस के बाद नवंबर और दिबंसर में है। देव उठनी ग्यारस में भगवान शालिगराम व तुलसी का विवाह कराया गया। इसके साथ ही शुभ कार्य भी शुरू हो जाएंगे।
जानकारी अनुसार देव उठनी ग्यारस पर्व पर सोए देव जाग जाते है। ऐसा हिन्दू धर्म की मान्यता है और ग्यारस से ही शुभ मुर्हुत शुरू होते है। जिसमें मांगलिक कार्याे का आयोजन शुरू हो जाता है। एकादशी के बाद सभी शुभ मुर्हुत की शुरूआत होती है। दीपावली के बाद से ही महिलाएं ग्यारस की तैयारी शुरू कर देती है। जिसके चलते महिलाओं ने एकादशी का व्रत रखा। इस व्रत में शाम को तुलसी व भगवान सालिगराम की पूजा अर्चना की गई। जिसमें गन्ने के मंडप बनाए गए और माता तुलसी को लाल पीली चुनरी ओ$ढाकर भगवान शालिगराम के साथ पूजा कर फेरे करवाए गए। सुबह से ही घरों में बच्चियों व युवतियों के द्वारा आकर्षक रंगोली बनाई गई। घरों में विद्युत साज सज्जा की गई और प्रतिष्ठानों में विद्युत साज सज्जा की गई और छोटी दीपावली का पर्व मनाया गया। अब तुलसी विवाह के साथ ही शहनाईयों की गूंज सुनाई देगी।
बाजारों में रही रौनक
ग्यारस के चलते बाजार में चहल पहल देखी गई। सुबह से ही लोग गन्ने फू ल मालाएं मिठाईयां, रंगोलियां व पूजन की सामग्री की खरीददारी की। शुभ मुर्हुत के चलते जो लोग दीपावली धन तेरस में वाहन, जेवर, इलेक्ट्रॉनिक सामान नहीं खरीद पाए उनके द्वारा इस पर्व पर खरीददारी की गई। जिसके चलते बाजार में चहल पहल बनी रही। ग्यारस के शुभ मुर्हुत पर लोगों ने जमीनों की खरीददारी की गई और रजिस्ट्री कार्यालय में दिन भर चहल पहल बनी रही। वहीं बड़े वाहनों की खरीदी भी जमकर की गई।
रंगोली से सजा आंगन
सुबह की शुरूआत घरों के आंगन की साफ सफाई के साथ आकर्षक रंगोलियां को डालने का क्रम चलता रहा। तुलसी विवाह के उपलक्ष्य में रंगोली के चौक , गन्ने के मंडप के नीचे डाले गए। रंगोली को सुखशांति का प्रतीक माना जाता है। जिसमें माता लक्ष्मी का वास होता है। माता तुलसी व शालिगराम के स्वागत में घरों प्रतिष्ठानों में रंगोलियां सजाई गई।
रही गन्ने की बहार
भगवान शालिगराम के विवाह के चलते गन्ने का मंडप शुभ माना जाता है। भोर होते ही ग्रामीण क्षेत्रों से शहर में गन्ने की आवक शुरू हुई। सुबह लगभग 7 बजे से ही गन्ने की ब्रिकी शुरू हुई। शहर में चारो तरफ गन्ने के मंडप खूब बिके। पूजन के चलते लोगों ने जमकर गन्ने की खरीददारी की। जिन घरों में पूजन नहीं होता वे भी गन्ने खरीदने से पीछे नहीं रहे।
बिकी पूजन सामग्री
कुछ लोगों का मानना है ग्यारस के बाद से ही मौसमी सब्जियों को खाना चाहिए। जिसके चलते गेंदे के फूल, मूली, चना भाजी, गोभी, भटा, मटर, जैसी सब्जियां पूजन सामग्री के साथ बिकी। माता तुलसी को अर्पित करने सोलह श्रृंगार की सामग्री बाजार में बिकी। लोगों ने कपड़ों की खरीददारी की। जिसे पहले सालिगराम व तुलसी माता को अर्पित करने के बाद लोग अपने उपयोग में लाए।
मनाई गई छोटी दीपावली
शाम 6 बजे के बाद से ही घर व प्रतिष्ठान दीपों से जगमगा उठे। पूजन के बाद जमकर आतिशबाजी हुई। ग्यारस का प्रसाद लोग एक दूसरे को भेंट करते रहे। शाम 6 बजे के बाद से देर रात तक दीपावली का माहौल ग्यारस पर्व में दिखा। जिन लोगों ने खरीददारी की, उनकी पूजा अर्चना भी की गई। जिससे वह वस्तु लोगों के लिए हमेशा शुभ साबित हो। ग्यारस को लोग छोटी दीपावली मानते है। जिसमें दीपावली के जैसे ही पूजा अर्चना की जाती है।
मंडला में रेलवे विकास के लिए संघर्ष समिति का बड़ा ऐलान
मंडला फोर्ट में नई रेल लाइन और कोचिंग डिपो की मांग पकड़ी जोर
मंडला फोर्ट-जबलपुर, मंडला-डिंडोरी रेलमार्ग को पुनर्जीवित करने पर जोर
जनप्रतिनिधियों से सामूहिक प्रयास की अपील
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला में रेलवे विकास के लिए संघर्ष समिति द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है। जिसके तहत मंडला रेलवे संघर्ष समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक गोंडी पब्लिक ट्रस्ट महिष्मति घाट में आयोजित की गई। बैठक में आम जनमानस की रेल संबंधी प्रमुख मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति ने नागरिकों से सीधे सुझाव आमंत्रित किए, जिसमें कई लोगों ने मंच पर आकर अपने विचार रखे।बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिसमें मंडला फोर्ट से घंसौर और मंडला फोर्ट से जबलपुर तक नवीन रेलमार्ग की मांग, पूर्व में जिन रेलमार्गों का सर्वेक्षण हो चुका है, उनके पुनर्जीवन एवं जीर्णोद्धार का कार्य शीघ्र रेलवे बोर्ड में प्रस्तुत करने का निर्णय लिया गया। मंडला फोर्ट स्टेशन पर कोचिंग डिपो का निर्माण करने चर्चा की गई। वर्तमान में संचालित हो रही मालवाहक ट्रेनों के लिए मंडला फोर्ट, घंसौर रोड के समीप शेड का निर्माण की बात कही। मंडला जंक्शन पर वर्तमान में तीन प्लेटफॉर्मों की संख्या को बढ़ाकर चार करने पर सभी ने अपनी सहमति दी।
अन्य जिलों से भी लेंगे समर्थन
बैठक में यह रणनीति बनाई गई कि यदि मंडला जिले के जनप्रतिनिधि अपेक्षित सहयोग नहीं दे पाते हैं, तो अन्य जिले जिसमें शहडोल, बालाघाट, छत्तीसगढ़, जबलपुर, बैहर, डिंडोरी, गोटेगांव आदि के सांसदों एवं विधायकों से समर्थन लिया जाए। सभी प्रतिनिधियों ने विश्वास दिलाया कि सामूहिक प्रयासों से मंडला-डिंडोरी जैसे आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों का विकास और कायाकल्प संभव है।पूर्व सर्वेक्षण में शामिल हुए थे ये स्थान
बताया गया कि बिलासपुर जोन से पूर्व में हुए सर्वेक्षण में जिन प्रमुख स्टेशनों को शामिल किया गया था, उनमें पंडरिया, बोड़ला, मवई, घुटास, बिछिया, अंजनिया, मंडला फोर्ट, नारायणगंज, कालपी, बीजाडांडी, उदयपुर, जबलपुर, गौरेला, पेंड्रा, अमरकंटक, डिंडोरी, शहपुरा, निवास और बरेला शामिल थे।
भविष्य की बनाई कार्ययोजना
आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि समिति का एक प्रतिनिधि मंडल शीघ्र ही सभी जिलों के सांसदों, विधायकों और आम जनमानस के साथ बैठक करेगा और नवीन रेलमार्ग निर्माण को प्राथमिकता देते हुए आगे की रणनीति तय करेगा। बैठक का समापन सभी राजनीतिक दलों की सीमाओं से ऊपर उठकर मंडला जिले के सर्वांगीण विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने के आह्वान के साथ हुआ।
इनका कहना है
मंडला फोर्ट पर कोचिंग डिपो बनने से अधिक ट्रेनें चलाई जा सकेंगी। जबलपुर, नैनपुर में खड़ी होने वाली ट्रेनें मंडला में रेस्ट कर पाएंगी, जिससे जन आंदोलन की आवश्यकता नहीं होगी। नितिन सोलंकी
मंडला फोर्ट में कोचिंग डिपो बनना चाहिए, डिपो बन जाने से जबलपुर-नैनपुर में खड़ी हो रही ट्रेनों को मंडला में रेस्ट करने की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही जो रेल लाईन प्रस्तावित है, उसे जल्द बनाया जाए। सोनू सोलंकी
मंडला फोर्ट से जबलपुर डायरेक्ट ट्रेन चलना चाहिए। यदि जबलपुर स्टेशन में जगह नहीं है तो स्टेशन बड़ा करने के लिए हम मंडला जिले में जगह दिलवाएंगे। इससे जिले का विकास होगा। अखिलेश सोनी
मंडला जिले को मंडला फोर्ट से डायरेक्ट छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र से जोड़ा जाए। जिससे जिले के विकास को गति मिल सकेगी। जिसके बाद जिले में नए रोजगार के भी अवसर मिलेगे। राहुल श्रीवास
मंडला फोर्ट स्टेशन को बढ़ाकर महाराजपुर से कटरा बायपास लेकर आया जाए, जिससे आवागमन सुव्यवस्थित हो सके और जिले के लोगों को आवागमन में भी सुविधा होगी। रंजीत कछवाहा
मंडला फोर्ट का विस्तारीकरण कर प्लेटफॉर्म भी बढ़ाया जाए, इसके साथ ही यहाँ रेल्वे पुलिस का थाना भी बनाया जाए। जिले के विकास के लिए सीधे महानगरों से जुडऩा बेहत जरूरी है। अभिशेख जैन
मंडला फोर्ट का प्लेटफॉर्म बड़ा होना चाहिए, जिसमें चार स्टेशन बन सकते हैं, इसके साथ ही मालगाड़ी को पीछे या अन्य जगह ट्रांसफर किया जाए। जिससे रेल सुविधा में विस्तार हो सकेगा। अभिराज सोनवानी
मंडला रेल्वे स्टेशन में सुलभ कॉम्लेक्स बंद है। इसके साथ यहां से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए स्टेशन में कोई कैंटीन की व्यवस्था भी नहीं है, यात्रियों की सुविधाओं के लिए जल्द कैंटीन शुरू किया जाए। ऐश्वर्य सराफ
तेज रफ्तार का कहर, क्रेटा की टक्कर से तीन भाई-बहन गंभीर
तीनों घायलों को जबलपुर रेफर करने की तैयारी
पुलिस ने तेज रफ्तार कार चालक पर मामला दर्ज किया
भीषण टक्कर में दूर छिटके घायल
मंडला महावीर न्यूज 29. घुघरी-मंडला मार्ग पर स्थित कन्ड्रा में एक भयावह सड़क दुर्घटना हुई। घुघरी से मंडला की दिशा में जा रही एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में छिवलाटोला निवासी एक ही परिवार के तीन भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी अनुसार दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल पर सवार छिवलाटोला, घुघरी के निवासी राहुल भवेदी (22 वर्ष), अनूप भवेदी (19 वर्ष) और उनकी बहन भावना भवेदी (17 वर्ष) कहीं जा रहे थे। बताया जा रहा है कि पिंडरई निवासी सोनी जी की यह क्रेटा कार अत्यंत तेज गति में थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों भाई-बहन मोटरसाइकिल समेत घटनास्थल पर ही दूर छिटक गए। उन्हें सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।बताया गया कि दुर्घटना के तुरंत बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायलों को तुरंत संभाला और घुघरी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 टीम तुरंत घटना स्थल पर पहुंची और पुलिस की मदद से तीनों गंभीर घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी में भर्ती कराया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए, उन्हें बेहतर इलाज के लिए मंडला या जबलपुर रेफर किए जाने की संभावना है।
घुघरी थाना प्रभारी पूजा बघेल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। तेज रफ्तार एवं लापरवाही से वाहन चलाने वाले कार चालक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मंडला जिला अस्पताल के साइकिल स्टैंड पर मनमानी
बिना पहचान, बिना हिसाब तय दर से अधिक वसूल रहे किराया
मरीज के परिजनों से गुंडों जैसा व्यवहार, हिसाब मांगने पर 11 बजे के बाद आओ
मंडला अस्पताल पार्किंग की खुली लूट
मंडला महावीर न्यूज 29.जिला चिकित्सालय मंडला का साइकिल स्टैंड इन दिनों खुली लूट और मनमानी का केंद्र बन गया है, जहां मरीजों के परिजन पहले ही तनाव में होते हैं और ऊपर से उन्हें अभद्र व्यवहार और बेहिसाब पार्किंग शुल्क का सामना करना पड़ता है। अस्पताल परिसर के भीतर पार्किंग ठेकेदारों की इस अनियमितता को लेकर बम्हनी निवासी गौरव हरदहा ने शिकायत दर्ज की है।
गौरव हरदहा ने बताया कि वह विगत दिवस 29 अक्टूबर की शाम से 31 अक्टूबर की सुबह तक अपनी मोटरसाइकिल स्टैंड में खड़ी करने पर उनसे कुल 40 रुपये वसूले गए। शुरुआत में 10 रुपये लिए गए और गाड़ी उठाते समय 30 रुपये की मांग की गई, जबकि 24 घंटे के हिसाब से यह दर अत्यधिक थी। सबसे बड़ी विडंबना यह रही कि पैसे मांगने वाले कर्मचारियों के पास न तो अपनी कोई आधिकारिक पहचान थी और न ही शुल्क का कोई लिखित विवरण या दर सूची मौजूद थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उन्होंने पैसे का हिसाब और दस्तावेज दिखाने के लिए कहा तो स्टैंड कर्मियों ने गुंडों जैसा व्यवहार करते हुए ऊंची आवाज में बात करना शुरू कर दिया। हिसाब-किताब के लिए दस्तावेज मांगने पर टालमटोल करते हुए कहा गया कि 11 बजे के बाद आइए, तब सब दिखा दिया जाएगा।
बताया गया कि जारी की गई पार्किंग रसीद भी पूरी तरह से अमानक है। टिकट पर कहीं भी लिए गए पैसे का विवरण दर्ज नहीं है, और तारीख को पेन से गोला बनाकर दर्शाया गया है। पीडि़त ने सवाल उठाया कि एक व्यक्ति जो मरीज को लेकर पहले से ही परेशान है, उसे महज हिसाब के लिए 11 बजे तक इंतजार करने या बार-बार अस्पताल आने को क्यों कहा जा रहा है?
बताया गया कि जिला अस्पताल के साइकिल स्टैंड पर कार्यरत व्यक्तियों को केवल पैसा कमाने से मतलब है और वे किसी भी नियम या पारदर्शिता का पालन नहीं कर रहे हैं। इस गंभीर लापरवाही और असुविधाजनक व्यवहार पर प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेते हुए पार्किंग ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, जिससे मरीजों और उनके परिजनों का उत्पीडऩ रोका जा सके।
चंडी देवी की पूजा कर ढोल मंजीरे की धुन पर नाचे अहीर
राजीव कालोनी में भरी मढ़ई, लोगों का उमड़ा सैलाव
मंडला महावीर न्यूज 29.दीपावली पर्व की भाईदूज से लेकर देवउठनी ग्यारस तक क्षेत्र के ग्रामो में मढ़ई मेले भरने की पुरानी परंपरा है। मेले की खास बात यह है कि क्षेत्र के कुछ ग्राम ऐसे भी है, जिनकी मढ़ई मेले का आयोजन मशहूर है। जिनमें शिरकत करने क्षेत्रवासियों व नगर के लोगों का सैलाब उमड़ पड़ता है। बता दे कि मढ़ई मेले का दौर शुरू होते ही यादव समाज के लोग ढोल डमाल के साथ नृत्य कर सबका मन मोहते है।
जानकारी अनुसार मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम देवदरा के राजीव कालोनी में देव उठनी ग्यारस के एक दिन पहले मढ़ई भरी जाती है। जिसके अंतर्गत मढ़ई ब्याही गई। राजीव कालोनी मढ़ई में पंडा ने चंडी देवी की पूजा कर ढोल मंजीरे की धुन के सथ अहीर समाज ने जयकारे लगाए। पंरपरागत वेशभूषा में ढोल की धुन पर झूमते अहीरों को देखने लोगों का तांता लगा रहा। राजीव कालोनी स्थित शासकीय स्कूल के सामने स्थित मैदान में मड़ई का आयोजन किया गया।
मढ़ई में पहुंचे अहिरों ने बीच मढ़ई स्थल मैदान में चंडी लगाकर उसके चारों और नाचते गाते हुए पूजन किया। मढ़ई यदि कुछ विशेष आकर्षण होता है तो वह है परंपरागत वेशभूषा में सजे अहीरों का नृत्य। इसके आलावा मढ़ई में आने वाले लोग झूला झूलने के लिए उमड़ पड़े। यहां भी झूले के इर्द गिर्द लोगों का हूजुम लगा रहा। झूले को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखा गया। वही बड़े झूले के पास युवक, युवतियों की भीड़ लगी रही। गुड़ की मिठाईयां, सिंघाडे, गुब्बारे, गन्ने की मढ़ई में अधिक बिक्री हुई।
ग्राम पंचायत ने किए इंतजाम
दुकानदारों को कोई परेशानी न हो इसके लिए पंचायत द्वारा इंतजाम किए गए। शहर के नजदीक होने के कारण शहर के अधिकतर व्यापारी ने अपनी दुकानें राजीव कालोनी मढ़ई में सजाई। व्यापारी अपनी दुकानें लेकर सुबह 10 बजे से मढ़ई स्थल पहुंच गए। दोपहर बाद मढ़ई में लोगों का आना प्रारंभ हो गया। शाम होते ही क्षेत्र के अहिरों के नृत्य लोगों की चहल पहल मढ़ई में चार चांद लगा दिया। शहर के नजदीक होने के कारण इस मढ़ई में नगरवासी भी खरीदी करने पहुंचे। मेला प्रागंण खचाखच भरा हुआ था। महिलाएं, पुरूष, बच्चे, बुजूर्ग सभी लोग मेले में खरीदी के लिए पहुंचे।
परंपरागत भरी मड़ई
मेले में सबसे ज्यादा मनहारी की दुकानों में भीड़ देखी गई। महिलाओं ने इन दुकानों से श्रृंगार सामग्री खरीदी। राजीव कालोनी निवासी इंद्रजीत उसराठे ने बताया कि वर्षो से यहां परंपरागत मढ़ई भरती आ रही है। गांवों में भरने वाली मढ़ई मेलों में ग्रामीण जिन्दगी का मौलिक रंग दिखाई देता है। इन क्षेत्रों के मेले में सब्जी से लेकर रंग रोगन, श्रृंगार, खिलौने, फल, गृहस्थी के समान, खाद्य सामग्री की दुकाने सजी रही। मड़ई में जमकर बिक्री हुई। आसपास के अंचलों से मढ़ई ब्याहने पहुंचे आहीरों ने अपने पंरपरागत परिधान में झूमते गाते दिखाई दिए। जिनको देखने लोगो का हुजूम लगा रहा, और लोगों ने इनका स्वागत किया।
किसानों का फूटा गुस्सा राष्ट्रीय राजमार्ग में लगाया जाम
शहर प्रवेश की अनुमति न मिलने पर किसान नाराज
कटरा बाईपास पर नेशनल हाईवे घंटो लगा रहा जाम
समस्याओं के निराकरण के लिए निकली ट्रैक्टर रैली
प्रशासन के निर्णय से आक्रोशित किसानों ने हाईवे पर डाला डेरा
मंडला महावीर न्यूज 29. किसानों का आक्रोश उस वक्त खुलकर सामने आया जब सैकड़ों किसान अपनी मांगों को लेकर कटरा बायपास स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-30 पर उतर आए। किसानों ने सड़क पर बैठकर जोरदार नारेबाजी की और मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण मंडला-जबलपुर मार्ग पर यातायात ठप्प हो गया। हालांकि बाद में प्रशासन की समझाइश के बाद किसानों ने जाम खोल दिया। इस आंदोलन में किसानों ने कहा कि हाल ही में कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में पलारी फसल अवशेष जलाने पर किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिए गए हैं। किसानों ने इसे अन्यायपूर्ण और असंवेदनशील निर्णय बताते हुए आदेश को तत्काल निरस्त करने मांग की। किसानों का कहना है कि फसल कटाई के बाद खेत में बचे अवशेष जलाना उनकी मजबूरी है क्योंकि पर्याप्त मशीनें और साधन उनके पास नहीं हैं। ऐसे में इस आदेश से किसानों पर आर्थिक बोझ और बढ़ जाएगा। प्रदर्शन में शामिल किसान संगठनों ने कहा कि प्रशासन को पहले किसानों के हालात समझने चाहिए न कि उन पर दंडात्मक कार्रवाई करनी चाहिए।
जानकारी अनुसार संयुक्त किसान मोर्चा की समस्याओं के निराकरण के लिए आयोजित विशाल ट्रैक्टर रैली को शुक्रवार को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलने पर किसानों में नाराजगी देखी गई। जिले भर से आए किसानों ने अपनी मांगों को लेकर कटरा बाईपास पर नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। किसानों ने कलेक्टर सहित जिम्मेदार अधिकारियों से मौके पर आकर चर्चा करने की मांग की। संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में लगभग 100 ट्रैक्टरों के साथ किसान विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से रैली के रूप में कलेक्ट्रेट ज्ञापन सौंपने के लिए रवाना हुए थे। लेकिन प्रशासन द्वारा केवल 10 ट्रैक्टरों को ही शहर में प्रवेश की अनुमति दी गई, जिसके चलते शेष ट्रैक्टरों को कटरा बाईपास पर रोक दिया गया। इस निर्णय से नाराज किसानों ने बाईपास पर ही प्रदर्शन शुरू कर दिया।
बताया गया कि शाम करीब 5 बजे किसानों ने जिला मुख्यालय के लिए रैली निकाली। इस दौरान नेशनल हाईवे पर करीब तीन घंटे तक यातायात ठप रहा और बड़े वाहनों के पहिए थम गए। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा के बाद स्थिति सामान्य हुई और रैली शांति पूर्वक संपन्न हुई। किसानों ने सौंपे ज्ञापन के माध्यम से बताया कि असमय बारिश और अतिवृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। पराली (नरवाई) जलाने पर रोक से किसानों में परेशानी बढ़ रही है। खाद की कमी के साथ खाद समय पर उपलब्ध नहीं हो रही है। सरकार द्वारा बढ़ते कर और प्रतिबंधों से खेती करने में खर्च बढ़ रहा है।
बारिश का कहर, धान और सरसों की फसलें तबाह
कीड़ों और सड़ांध से किसानों में हाहाकार
भारी बारिश से फसलें बर्बाद, किसानों को दोहरा नुकसान
मंडला महावीर न्यूज 29.पूरे जिले समेत बबलिया क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। मूसलाधार वर्षा ने खरीफ की मुख्य फसल धान और रबी की तैयारी के लिए बोई गई सरसों को पूरी तरह से चौपट कर दिया है। लगातार हो रही क्षति से किसानों में भारी खलबली मची हुई है, जिससे किसानों के माथे में चिंता की लकीरें स्पष्ट दिख रही है।
क्षेत्र के किसानों ने बताया कि खेतों में कटी हुई धान की फसल पानी में डूबी होने के कारण सड़ रही है। जल जमाव के साथ-साथ इसमें कीटों का प्रकोप भी बड़े पैमाने पर देखा जा रहा है, जिससे फसल पूरी तरह से नष्ट हो गई है, जो खड़ी फसल बची थी, वह भी तेज हवा और पानी के कारण गिर चुकी है। गिरी हुई फसल में भी कीड़े लग गए हैं और वह पानी के कारण गल रही है, जिससे किसानों को दोहरा नुकसान झेलना पड़ रहा है।
इसी तरह सरसों की फसल पर भी अतिवृष्टि का गंभीर प्रभाव पड़ा है। अधिक नमी के कारण पौधों में कीड़े लग गए हैं, और उनके फूल तेजी से गिर रहे हैं। फूलों के गिरने से सरसों की उपज की कोई संभावना नहीं बची है। किसानों का कहना है कि उनकी भारी क्षति हो रही है और वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।
किसानों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि वे क्षेत्र में हुए नुकसान का तत्काल सर्वे करवाएँ और प्रभावित कृषकों को शीघ्र उचित मुआवजा प्रदान करें जिससे उन्हें इस संकट से बाहर निकलने में मदद मिल सके।
6 महीने से पानी संकट, गुस्साए ग्रामीणों ने खाली बर्तन रखकर हाईवे किया जाम
दूषित पानी पीने को मजबूर महिलाएं
अंजनिया में चक्का जाम के बाद पीएचई विभाग ने 3 दिन में समाधान का दिया आश्वासन
मंडला महावीर न्यूज 29.विकासखंड बिछिया अंतर्गत जगन्नाथर ग्राम पंचायत में पिछले छह माह से व्याप्त पेयजल संकट से आक्रोशित महिलाओं ने शुक्रवार दोपहर नेशनल हाईवे पर प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम कर दिया। गुस्साई महिलाओं ने सड़क पर खाली गुंडी और बर्तन रखकर अपना विरोध जताया, जिससे हाईवे पर दोनों ओर लगभग 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।जानकारी अनुसार गांव में घरों तक पानी नहीं पहुँच रहा है, जिससे ग्रामीण दूषित नदी और हैंडपंप के पानी से प्यास बुझाने को मजबूर हैं। इससे गांव में बीमारियां फैलने की आशंका भी गहरा गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत जनप्रतिनिधियों को समस्या की बार-बार जानकारी देने के बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया गया, जिसके बाद परेशान महिलाओं ने यह कदम उठाया।बताया गया कि हाईवे पर जाम की सूचना मिलते ही अंजनिया पुलिस चौकी और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने महिलाओं को समझाया, लेकिन वे पंचायत की वादा खिलाफी के खिलाफ नारेबाजी करती रहीं। प्रदर्शनकारियों को पीएचई विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने और तीन दिन में समस्या हल करने के ठोस आश्वासन के बाद ही महिलाओं ने तकरीबन आधे घंटे बाद हाईवे से जाम खोला।
हाईवे खुलने के बाद बिछिया से पहुंची पीएचई विभाग की अधिकारी रेशमा तिलगाम ने महिलाओं को तीन दिवस के भीतर पानी की समस्या हल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी महिलाओं ने पंचायत भवन पहुँचकर भी जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मंडला के साइकिलिस्ट हेमंत खरे के-2-के दल में शामिल
17 दिन में तय करेंगे कश्मीर से कन्याकुमारी का 4000 KM सफर
सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय गौरव
2000 आवेदकों में से मंडला के हेमंत खरे का चयन
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के साइकिलिस्ट हेमंत खरे ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देश के सबसे बड़े साइकलिंग अभियान के-2-के (कश्मीर से कन्या कुमारी) में अपनी जगह बनाई है। यह यात्रा 01 नवंबर को श्रीनगर से शुरू होकर 17 नवंबर को कन्याकुमारी में संपन्न होगी, जिसके दौरान साइकिलिस्ट लगभग 4000 किलोमीटर की दूरी 17 दिनों में तय करेंगे। यह राष्ट्रीय स्तर का अभियान मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स, फिट इंडिया मूवमेंट और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।जानकारी अनुसार इस मैराथन साइकिल यात्रा के लिए देशभर से करीब 2000 प्रतिभागियों ने आवेदन किया था, जिनमें से अत्यंत कठिन चयन प्रक्रिया के बाद मात्र 150 साइकिलिस्टों को चुना गया है। मध्यप्रदेश से मंडला के हेमंत खरे पिता स्व. बलवंतराव खरे का चयन इस दल में हुआ है, और वे सफर प्रारंभ करने के लिए श्रीनगर पहुंच चुके हैं।बताया गया कि यह यात्रा एशिया की सबसे बड़ी और लंबी संगठित साइकिलिंग एक्सपीडिशन मानी जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य देश भर में वन नेशन, वन राइड, वन स्पिरिट का संदेश देना है, जो राष्ट्रीय एकता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगा। बताया गया कि हेमंत खरे पूर्व में नर्मदा परिक्रमा साइकिल यात्रा भी सफलतापूर्वक पूरी कर चुके हैं और वे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत माने जाते हैं।
मंडला जिले के बालकों ने लहराया परचम
सब जूनियर नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप में 07 बालकों का चयन
बालाघाट में चयन, छत्तीसगढ़ में परचम, मंडला की फुटबॉल प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर दिखाने को तैयार
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले की फुटबॉल प्रतिभाओं ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। सब जूनियर अंडर-15 वर्ष बालक राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप 2025 के लिए जिले के 07 बालको का चयन किया गया है। यह प्रतियोगिता 01 से 10 नबंवर तक नारायणपुर छत्तीसगढ़ में आयोजित की जा रही है। जिला फुटबॉल संघ के पंकज उसराठे ने बताया की यह चयन हाल ही में बालाघाट के वारासिवनी मेआयोजित मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय सब जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता के आधार पर हुआ।
बताया गया कि इस चयन प्रतियोगिता में 09 खिलाडिय़ों को नेशनल कैंप के लिए चुना गया। कैंप के समापन पर इनमें से 07 खिलाड़ी अंतिम सूची में शामिल किये गये हैं। चयनित खिलाडिय़ों में रौनक बैरागी, एकांश जैन, आकिब भवेदी, विनित बघेल, मयंक विश्वकर्मा, हर्षित मरावी, रामदास बैरागी शामिल है। बताया गया कि मंडला जिले के खिलाड़ी न केवल प्रदेश में बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं।सभी चयनित खिलाडिय़ों को इस उपलब्धि के लिए जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष डॉ. दिलीप शर्मा, जिला खेल अधिकारी विकास खरड़कर, सचिव अनिल सोनी, प्रिया नाडकर्णी, संघ सदस्य राजेश पाठक, भीष्म द्विवेदी, वेद प्रकाश कुलस्ते, सत्य नारायण अग्रवाल, सुनील सराफ, शैलेश दुबे, चंद्रेश खरे, मतीन खान, पुरूषोत्तम उसराठे, समीर बाजपेयी, जावेद खान, डॉ. आकाश खत्री, सोना दुबे, कुशल भवेदी, पवन नंदा, नितिन ठाकुर, मोहित झरिया, त्रिलोक डोगरे, करुणा मर्सकोले, शशांक मिश्रा, जसवंत अहिरबार, अभिषेक यादव, बलवंत सिंह राजपूत, देवेंद्र सरोते, प्रथम चौकसे व नर्मदा स्पोर्ट्स क्लब के समस्त सदस्य व सभी खेल प्रेमियों ने मिलकर खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय स्तर पर अच्छे प्रदर्शन के लिये शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की हैं।
देवउठनी एकादशी पर जागेंगे भगवान, मांगलिक कार्य होंगे शुरू
तुलसी पूजा के बाद बजेगी शहनाई, मैरिज गार्डन, होटल होने लगे बुक
मंडला महावीर न्यूज 29.देवताओं के जागने के बाद मंगल आयोजनों का दौर आरंभ हो जाएगा। कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की एकादशी को लोग देवउठनी एकादशी के नाम से जानते हैं। मान्यता है कि क्षीर सागर में चार महीने की योगनिद्रा के बाद भगवान विष्णु इस दिन उठते हैं। इस बार देवउठनी एकादशी 1 नवंबर को पड़ रही है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी यानी देवउठनी या देवोत्थान एकादशी पर श्री विष्णु की पूरे विधि-विधान से पूजा की जाती है।
जानकारी अनुसार चार माह बाद देव 1 नबंवर को जागेंगे तो एक बार फिर शहनाई बजेगी। देवउठनी ग्यारस को तुलसी-सालिगराम विवाह के साथ शुरू होने वाले शुभ मुहूर्त शुरू हो जाएगें। इस दिन तुलसी-सालिगराम विवाह के साथ मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी। चार महीने तक भगवान विष्णु के विश्राम के कारण विवाह समेत अन्य मांगलिक कार्य वर्जित रहे। ग्यारस के बाद शुभ मुहूर्त में शादियां शुरू हो जाएगी और इसके लिए होटल, लॉन, बैंड, बाजे समेत अन्य तैयारियों की बुकिंग शुरू हो गई है।बताया गया कि देवउठनी के बाद शहनाई गूंजने लगेंगी और मांगलिक कार्य शुरू हो जाएंगे। शहर में एक दर्जन से अधिक मैरिज गार्डन और होटल हैं। शादियों का सीजन पास होने से वैवाहिक कार्यक्रमों के लिए मैरिज गार्डन, हाल, होटलों की बुकिंग शुरू हो गई है। बुकिंग कराने के पहले लोग होटलों में अधिक स्पेस और अच्छी लोकेशन देख रहे है। इसी तरह ज्यादातर बड़े केटर्स के यहां बुकिंग की जा रही है।
होटल संचालकों, आयोजकों में है उत्साह
शादियों को देखते हुए मेरिज, बैंक्वेट हॉल, भवनों तथा गार्डन-होटल संचालकों और आयोजकों में जबरदस्त उत्साह है। लोग शादियों की तैयारी में जुटे हैं। सोने, चांदी के आभूषण, राजस्थानी लहंगा-चुन्नी, साडिय़ा और अन्य परिधान सहित बर्तन, फर्नीचर की खरीद जारी है। मेंहदी, हल्दी, सगाई, पाणिग्रहण संस्कार और अन्य कार्यक्रम होंगे। कई जगह यह काम ईवेंट कम्पनियों ने संभाल रखा है। जिससे जिले इवेंट कंपनियों, डेकोरेटर्स की पूछ परख भी बढ़ रही है।
सराफा बाजार में लौटी रौनक
शहर के सराफा बाजार में उत्साह छाया हुआ है। सोने-चांदी की दुकानों में विगत दिवस पुष्य नक्षत्र से रोकन देखी जा रही है। सराफा व्यापारी ने बताया कि दीवाली के पहले ही पुष्प नक्षत्र के संयोग से सराफा बाजार में अच्छा व्यापार हुआ है, दीवाली में भी सराफा में अच्छा व्यापार हुआ। लाइट वेट जेवरों की मांग अधिक है। अब देवउठनी ग्यारस है, जिसके बाद विवाह के आयोजन शुरू हो जाएगे। जिसके चलते सराफा बाजार में बेहतर व्यापार की उम्मीद है। मुहूर्त कम होने के कारण शादियां भी अधिक है। फिलहाल विवाह के लिये भी जेवर की ग्राहकी चल रही है। देवउठनी ग्यारस तक अच्छा व्यापार की उम्मीद जताई जा रही है।
तुलसी विवाह की परंपरा
इस साल देवउठनी एकादशी 01 नवंबर को पड़ रही है। इस दिन तुलसी विवाह की भी परंपरा है। भगवान शालिग्राम के साथ तुलसीजी का विवाह होता है। इसके पीछे एक पौराणिक कथा है, जिसमें जालंधर को हराने के लिए भगवान विष्णु ने वृंदा नामक विष्णु भक्त के साथ छल किया था। इसके बाद वृंदा ने विष्णु जी को श्राप देकर पत्थर का बना दिया था, लेकिन लक्ष्मी माता की विनती के बाद उन्हें वापस सही करके सती हो गई थीं। उनकी राख से ही तुलसी के पौधे का जन्म हुआ और उनके साथ शालिग्राम के विवाह का चलन शुरू हुआ।
पूजा का विशेष लाभ
देवश्यनी एकादशी के बाद से सभी शुभ कार्य बंद हो जाते हैं, जो की देवउठनी एकादशी पर ही आकर फिर से शुरू होते हैं। इन चार महीनों के दौरान ही दिवाली मनाई जाती है, जिसमें भगवान विष्णु के बिना ही मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है। लेकिन देवउठनी एकादशी को भगवान विष्णुजी के जागने के बाद देवी-देवता भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की एक साथ पूजा करके देव दिवाली मनाते हैं। देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु की पूजा करने से परिवार पर भगवान की विशेष कृपा बनी रहती है। इसके साथ ही मां लक्ष्मी घर पर सदैव धन, संपदा और वैभव की वर्षा करती हैं।
गन्ने से होती है पूजा
देवउठनी एकादसी के दिन जब देवों को जगाया जाता है तो पूजा अर्चना में गन्ने का उपयोग किया जाता है। गन्ने से ही मंडप बनाया जाता है और उसके नीचे ही देवताओं की पूजा अर्चना की जाती है। एकादसी की पूजन के लिये एक दिन पहले ही गन्ने से पूरा शहर भरा पड़ा रहा। लोग पूजन के लिये गन्ना ले गए।
द ग्रेट खली का मंडला आगमन, जनजातीय परंपरा से हुआ स्वागत
युवा शक्ति संगम में उमड़ा जनसैलाब, नशे से दूर रहकर खेलकूद को अपनाने की दी सलाह
सिकल सेल एनीमिया के लिए रक्तदान शिविर आयोजित
युवाओं के प्रेरणास्रोत बने द ग्रेट खली, नशा छोडऩे के लिए जिम और कॉम्पिटिशन बढ़ाने पर जोर
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व प्रसिद्ध पहलवान द ग्रेट खली (दिलीप सिंह राणा) का मंडला नगर में आगमन हुआ, जिसे लेकर मंडला में भारी उत्साह देखने को मिला। सामाजिक संस्था भागीरथ सेवा विकास परिवार अजेय मंडला और श्री श्याम मंदिर अग्रसेन ट्रस्ट द्वारा युवा शक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। द ग्रेट खली के आगमन से पूर्व सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक सिकल सेल एनीमिया से प्रभावित मरीजों के लिए एक नि:शुल्क रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जहां रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। कार्यक्रम स्थल पर महापुरुषों की जीवनी पर प्रदर्शनी भी लगाई गई।
जबलपुर एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत के बाद खली मंडला के लिए रवाना हुए। इस दौरान बरेला टोल नाका, बीजाडांडी, नारायणगंज और फूलसागर जैसे स्थानों पर सामाजिक लोगों ने उनका अभिवादन किया और सेल्फी ली। फूलसागर से बीएसवीपी कार्यकर्ताओं ने वाहन रैली निकाली, जो रानी दुर्गावती महाविद्यालय पहुँची। यहाँ द ग्रेट खली ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। बताया गया कि रानी दुर्गावती महाविद्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए खली ने देश के युवाओं में बढ़ते नशे के चलन पर गहरी चिंता व्यक्त की।
उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि युवाओं को इस बुराई से दूर रखने के लिए छोटे जिमखाने और ग्राउंड विकसित किए जाए, इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक खेल कॉम्पिटिशन आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि इन कदमों से युवा स्वाभाविक रूप से खेलकूद की ओर आकर्षित होंगे और नशे से दूर रहेंगे। राजनीति और भ्रष्टाचार पर बोलते हुए खली ने भाजपा को देश को आगे बढ़ाने का विकल्प बताया और पिछले 15 सालों में घोटालों में कमी आने का दावा किया। उन्होंने भारतीय बच्चों के डब्ल्यूडब्ल्यूई में भविष्य को उज्ज्वल बताया, लेकिन इसके लिए स्थानीय स्तर पर खेल को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
जनजातिय पंरपरा अनुसार किया सम्मान
कार्यक्रम मंच पर द ग्रेट खली का मंडला की जनजातीय परंपरा अनुसार विशेष सम्मान किया गया। उन्हें वीरन माला पहनाई गई और पारम्परिक आदिवासी पगड़ी पहनाकर जिले की संस्कृति से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संतोष अग्रवाल सहित वरिष्ठ व्यापारी, समाजसेविका ज्योति जायसवाल और मुख्य वक्ता डॉ. अजय वंशकार उपस्थित रहे, जिन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम को सफल बनाने में हजारों नगरवासी, कार्यकर्ता और पुलिस प्रशासन का सहयोग सराहनीय रहा।
आंवला नवमी में महिलाओं ने की आंवला पेड़ की पूजा
वृक्ष के नीचे परिवार के साथ मनाई पिकनिक
मंडला महावीर न्यूज 29.कार्तिक माह की शुक्ल पक्ष की नवमी को आंवला नवमी या इच्छा नवमी के नाम से जाना जाता है। इस दिन आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन व प्रसाद ग्रहण करना चाहिए। मान्यता है कि भोजन के समय यदि थाली में आंवले का पत्ता गिरे तो यह शुभ माना जाता है। आंवला नवमीं के अवसर पर रानी पार्क, रपटा घाट, बड़ी खैरमाई मंदिर बिंझिंया, गायत्री मंदिर परिसर सहित अन्य स्थानों मेंं महिलाओं ने पूजा अर्चना की एवं आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर मन्नत मांगी। आंवला नवमीं को देखते हुए मंदिर परिसर में सुबह से श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी, जो शामतक चलती रही।जानकारी अनुसार जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में महिलाओं, बच्चों की खासी भीड़ देखी गई। कार्तिक स्नान कर महिलाओं ने आंवले की कपूर और घी का दीपक जलाकर पूजा की। पूजा के बाद महिलाओं ने आंवला नवमी की कहानी सुनी। आंवले के पेड़ की महिलाओं ने 11 परिक्रमा और कुछ महिलाओं ने 108 परिक्रमा कर पति और पुत्र की लंबी उम्र की कामना की। पूजा, अर्चना के बाद महिलाओं ने परिवार समेत आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। महिलाओं ने पूजन, तर्पण, दान करके अक्षत फल की प्राप्ति की कामना की।
धार्मिक स्थलों में लगा श्रृद्धालुओं का हुजूम
प्रतिवर्ष आंवला नवमी के दिन जिला मुख्यालय के धार्मिक स्थलो, पर्यटन स्थलों में महिलाओं और श्रृद्धालुओं का हुजूम लगता है। जिन स्थलों में आंवला के पेड़ लगे होते है। वहां महिलाएं आंवला नवमी की पूजा के लिए पहुंचती है। जिला मुख्यालय के गायत्री मंदिर परिसर, जबलपुर मार्ग स्थित रानी पार्क समेत अन्य स्थलों में श्रृद्धालु महिलाएं आंवले के पेड़ की पूजा अर्चना करने पहुंची। यहां पूजा अर्चना कर घर-परिवार में सुख समृद्धि की कामना की। गांव, कस्बे के जिन देवालयों में आंवले के वृक्ष थे वहां भी सुबह से ही महिलाओं की भीड़ देखने को मिली। ग्राम पंचायत बड़ी खैरी स्थित हनुमान घाट आश्रम में आंवला नवमी में बड़ी संख्या में महिलाओं ने आंवला पेड़ की विधिवत् पूजन किया।
ग्राम पिपरिया में महिलाओं ने की सामूहिक पूजा
निवास विकासखंड के ग्राम पिपरिया में महिलाओं आंवला नवमीं पर आंवला वृक्ष की पूजा, अर्चना की। पिपरिया निवासी चंादनी चौकसे ने बताया कि इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा करने का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता है कि आंवला नवमी स्वयं सिद्ध मुहूर्त भी है, इस दिन दान, जप व तप सभी अक्षय होकर मिलते हैं अर्थात इनका कभी क्षय नहीं होता है। ग्राम पिपरिया में महिलाओं द्वारा सामूहिक तौर से आंवला नवमी पर पूजन अर्चन कर परिक्रमा लगाई।
ठेलेवालों के अवैध कब्जे से राजीव कॉलोनी स्थित आरोग्य केंद्र का माहौल असहज
महिलाओं में असुरक्षा और रोष, ग्राम पंचायत को शिकायत सौंपने के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
स्वास्थ्य सेवाओं में बाधा बन रहा अनाधिकृत अतिक्रमण
अशोभनीय टिप्पणियों से परेशान स्वास्थ्यकर्मी और लाभार्थी महिलाएं
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय की नजदीकी ग्राम पंचायत देवदरा के राजीव कॉलोनी झंडा चौक स्थित आरोग्य केंद्र के सामने सार्वजनिक भूमि पर ठेलेवालों का बढ़ता हुआ कब्जा न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित कर रहा है, बल्कि केंद्र आने-जाने वाली महिलाओं और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए खतरा भी बन गया है। आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत महिलाओं ने इस गंभीर मुद्दे पर नाराजगी व्यक्त करते हुए ग्राम पंचायत देवदरा की सरपंच को लिखित शिकायत सौंपी थी। हालांकि एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी इस संबंध में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से महिलाओं में गहरा रोष है।
जानकारी अनुसार ग्राम स्तर पर संचालित आरोग्य केंद्र मुख्य रूप से महिलाओं से जुड़ी योजनाओं का केंद्र होता है, जहाँ प्रतिदिन लाभार्थी महिलाएं बड़ी संख्या में पहुंचती हैं। शिकायतकर्ता महिलाओं का कहना है कि आसपास अनाधिकृत दुकानदारों और बैठे लोगों के कारण उन्हें अक्सर अशोभनीय टिप्पणियाँ सुनने को मिलती हैं, जिससे केंद्र के आसपास का माहौल असहज और असुरक्षित बना रहता है। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि इस अनाधिकृत कब्जे से केंद्र तक आने-जाने का मार्ग संकरा हो गया है।
भीड़भाड़ और अनाधिकृत व्यक्तियों की लगातार उपस्थिति से स्वास्थ्य सेवाओं का सुचारु संचालन भी प्रभावित हो रहा है। बताया गया कि स्थानीय महिलाओं ने प्रशासन और जिला स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि वे इस अवैध कब्जे को तुरंत हटवाकर सार्वजनिक स्थान को मुक्त कराएं जिससे यहां महिलाओं को होने वाली असुविधा से मुक्ति मिल सके।
श्री गुरुनानक जयंती से पूर्व शहर में भक्तिमय माहौल
सिंधी समाज द्वारा निकाली जा रही प्रभातफेरी, गुरु के जयकारों से गूंज उठे मुख्य मार्ग
गुरुनानक जयंती की पूर्व संध्या पर सिंधी समाज द्वारा प्रभातफेरी का आयोजन, जगह-जगह जोरदार स्वागत
मंडला महावीर न्यूज 29.आगामी श्री गुरुनानक जयंती के अवसर पर भक्तिमय वातावरण बनाने और गुरु का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए सिंधी समाज द्वारा इन दिनों शहर में प्रभातफेरी का आयोजन किया जा रहा है। बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएँ और बच्चे इस आध्यात्मिक आयोजन में शामिल हो रहे हैं। प्रभातफेरी प्रतिदिन प्रात: काल 5 बजे अंबेडकर वार्ड स्थित श्री गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होती है और शहर के मुख्य मार्गों और रहवासी क्षेत्रों में जाकर गुरु के जयकारों से गुंजायमान हो रही है।बताया गया कि सामाजिक जनों द्वारा प्रभातफेरी का जगह-जगह जोरदार स्वागत किया जा रहा है। परिवारों ने स्वागत में घरों के आंगन में रंगोली सजाई, घरों को लाइटिंग से सुसज्जित किया और दिए जलाकर एवं आतिशबाजी के साथ पुष्पमालाओं से स्वागत किया। प्रभातफेरी में श्री गुरुनानक देव की प्रतिमा के साथ संगत चलती है। शामिल संगत के द्वारा गुरु नानक देव जी की गुरबाणी एवं गुरु जयकारे लगाए जा रहे हैं, जो भक्ति का संदेश दे रहे हैं। स्वागत के दौरान परिवारजन अपने आराध्य देव श्री गुरु नानक देव जी की पूजा अर्चना करते हैं।इस अवसर पर भाई साहब हरनाम उदासी द्वारा घरों में जाकर परिवारों की सुख-शांति और समृद्धि के लिए विशेष अरदास भी की जा रही है। प्रभातफेरी निर्धारित मार्ग से होते हुए पुन: श्री गुरुद्वारा साहिब में आरती, पूजा, अरदास एवं सभी परिवारों की सुख-शांति की कामना के साथ संपन्न होती है। प्रभातफेरी के समापन पर महाप्रसादी का वितरण किया जा रहा है।
पूज्य संत दादा गुरु के दर्शन के लिए उमड़े हजारों श्रद्धालु, नर्मदा संवाद से किया जागरूक
माँ नर्मदा संरक्षण के लिए 1800 दिनों से निराहार अवधूत संत दादा गुरु का घुटास और बिछिया में भव्य आगमन
मंडला महावीर न्यूज 29.देश भर में माँ नर्मदा मिशन के माध्यम से नर्मदा संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का संदेश दे रहे अवधूत संत पूज्य दादा गुरु जी का घुटास और भुआ बिछिया में आगमन हुआ। संत दादा गुरु लगभग 1800 दिनों से लगातार निराहार रहकर केवल नर्मदा जल के सहारे अपना जीवन जी रहे हैं, जिनके दर्शन और आशीर्वाद के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े।
बताया गया कि पूज्य गुरुदेव ने अल्प प्रवास के दौरान भक्तगणों से माँ नर्मदा संवाद करते हुए नर्मदा की महिमा और इसके पवित्र जल की शक्ति के बारे में अपना आशीर्वचन दिया। उन्होंने दुनिया को दिखाया है कि नर्मदा का जल सिर्फ जल नहीं, बल्कि एक शक्ति और आस्था है। घुटास में दादा गुरु जी सबसे पहले गुरु सेवक नीरज यादव के निवास स्थान पहुँचे। यादव परिवार ने शाल, श्रीफल और पुष्प से उनका स्वागत किया। गुरुदेव ने नीरज यादव के अस्वस्थ पिता सोनू लाल यादव सहित पूरे परिवार को आशीर्वाद प्रदान किया।
रामधुन समापन शामिल हुए दादा गुरू
इसके बाद दादा गुरू यादव परिवार द्वारा आयोजित रामधुन के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। जनसमूह को संबोधित करते हुए दादा गुरु ने कहा कि धन धारक को अदा करने का वचन देता है, और पर्यावरण स्वच्छ और स्वस्थ जीवन प्रदान करने का वचन देता है। घुटास में यादव समाज अमरपुर, समनापुर, बिछिया, मवई और मंडला से आए नृत्य दलों ने अपने सामाजिक पारंपरिक अहिरी नृत्य के द्वारा दादा गुरु का भव्य स्वागत किया। गुरु सेवक नीरज यादव द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के लिए पूरे नगर को तोरण द्वारों और पुष्प वर्षा से सजाया गया था।
बिछिया में भी हुआ भव्य स्वागत
घुटास से आगे बढ़ते हुए अल्प प्रवास के दौरान भुआ बिछिया में भी दादा गुरु का भव्य स्वागत किया गया। समाजसेवी शिवकुमार साहू, राजेंद्र साहू, कृष्ण कुमार साहू के निवास पर पुष्प वर्षा और आतिशबाजी के साथ उनका अभिनंदन किया गया। राजेंद्र साहू द्वारा दादा गुरु की आरती की गई, जबकि सुदेश नामदेव ने शाल श्रीफल भेंट किया। इस दौरान गुरु सेवक विकास गोस्वामी और नीरज यादव भी उनके साथ मौजूद रहे। पूज्य दादा गुरु अब अपनी यात्रा को आगे बढ़ाते हुए रवाना हो गए हैं, जहाँ वे अपने मिशन को जारी रखेंगे।
कलयुगी बेटे का जघन्य कृत्य
मां पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाला कलयुगी बेटा गिरफ्तार
थाना प्रभारी पूजा बघेल के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई
आरोपी कत्तू लाल यादव सलाखों के पीछे
मंडला महावीर न्यूज 29. पारिवारिक विवाद के चलते अपनी 60 वर्षीय मां के गर्दन पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने वाले कलयुगी बेटे कत्तू लाल यादव 38 वर्ष को घुघरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी अनुसार जानलेवा हमले की वारदात 27 अक्टूबर की रात लगभग 8 बजे घुघरी थाना क्षेत्र के लाटो के मुकद्दम टोला में हुई थी। आरोपी बेटे कत्तू लाल यादव ने किसी पारिवारिक विवाद के चलते अपनी मां भागवती पति किरनू यादव, 60 वर्ष पर कुल्हाड़ी से जानलेवा वार कर दिया। हमले में घायल मां भागवती अभी भी गंभीर अवस्था में अस्पताल में इलाजरत हैं। घटना की सूचना पर घुघरी थाना प्रभारी पूजा बघेल के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। आरोपी कत्तू लाल यादव के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 हत्या का प्रयास के तहत मामला दर्ज किया गया था।
बताया गया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद 29 अक्टूबर को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी पूजा बघेल के साथ सहायक उपनिरीक्षक चंदर लाल पट्टा, मिथलेश पटेल, और पवन सोनवानी का विशेष योगदान रहा।
रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️
नारायणगंज सीएचसी में मोतियाबिंद शिविर आयोजित
15 मरीजों की जांच, 04 मोतियाबिंद के मरीज चिन्हित
मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए मरीज आज जाएंगे देवजी नेत्रालय जबलपुर
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज ब्लाक के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज में सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में मोतियाबिंद से पीडि़त समेत अन्य नेत्र रोग मरीजों के लिए नि:शुल्क नेत्र शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 15 मरीजों का जांच परीक्षण नेत्र चिकित्सा सहायक जयकरण चौधरी और देवजी नेत्रालय डॉ. पवन स्थापक की टीम से विनोद विश्वकर्मा द्वारा किया गया।
जानकारी अनुसार नारायणगंज में आयोजित नेत्र रोग शिविर में 15 मरीजों की जांच की गई। जिसमें 04 मरीज मोतियाबिंद के चिन्हित किए गए। शेष अन्य दृष्टि दोष के मरीजों का जांच परीक्षण के बाद उन्हें आवश्यकता अनुसार दवाईयां और चश्में दिया गया। इसके साथ मोतियाबिंद के चिन्हित 04 मरीजों का नि:शुल्क ऑपरेशन के लिए आज गुरूवार को जबलपुर देवजी नेत्रालय के लिए रवाना किया जाएगा। चिन्हित मोतियाबिंद के मरीजों का ऑपरेशन देवजी नेत्रालय के डॉ. पवन स्थापक द्वारा किया जाएगा।
बताया गया कि देवजी नेत्रालय डॉ. पवन स्थापक जबलपुर द्वारा मापंदड अनुसार अत्याधुनिक तकनीक से नेत्र रोगियों का परीक्षण, उपचार व आपरेशन किया जाता है। उपचार, आपरेशन, परिवहन, भोजन, औषधियां व चश्मों की नि:शुल्क सुविधा मरीजों को दी जाती है। इसी तारतम्य में नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में नेत्र रोग संबंधित शिविर आयोजित किया गया। जहां मरीजों का नेत्र चिकित्सा सहायक जयकरण चौधरी द्वारा जांच, परीक्षण किया गया। यहां से जांच परीक्षण और चिन्हित करने के बाद देवजी नेत्रालय जबलपुर में नि:शुल्क ऑपरेशन कर लैंस प्रत्यारोपण किया जाएगा।
कलेक्टर के आदेश पर उच्च माध्यमिक शिक्षक हीरेन्द्र वर्मा बने नैनपुर के नए बीईओ
शिक्षकों की समस्याओं पर कलेक्टर का हस्तक्षेप
नवनियुक्त बीईओ हीरेन्द्र वर्मा ने संभाला कार्यभार
एरियर भुगतान में भेदभाव खत्म करने और गुणवत्ता सुधारने की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर ब्लॉक शिक्षा कार्यालय में विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी की कार्यप्रणाली से परेशान शिक्षकों को बड़ी राहत मिली है। शिक्षक संगठनों की लगातार शिकायत के बाद जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर उच्च माध्यमिक शिक्षक हीरेन्द्र वर्मा को नैनपुर का नया बीईओ नियुक्त किया गया है। बताया गया कि विगत कुछ महीनों से नैनपुर ब्लाक के शिक्षक बीईओ कार्यालय के अधिकारी और बाबू के लापरवाहीपूर्ण रवैये से परेशान थे। ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन, अपाक्स और एनएम ओपीएस शिक्षक संगठनों ने सहायक आयुक्त मंडला को कई बार शिकायत की, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं हो सका।
बताया गया कि इन संगठनों ने एकजुट होकर विगत दिनों जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर बीईओ और बाबू की शिकायत की। कलेक्टर ने तुरंत संज्ञान लेते हुए सहायक आयुक्त को वस्तुस्थिति से अवगत होने के बाद हीरेन्द्र वर्मा को तत्काल प्रभाव से नैनपुर बीईओ बनाने का निर्देश दिया। आदेश के अनुपालन में हीरेन्द्र वर्मा ने नैनपुर बीईओ कार्यालय में कार्यभार ग्रहण किया, जहाँ शिक्षक संगठनों ने उनका पुष्पहार और गुलदस्ता भेंट कर जोरदार स्वागत किया।
स्वागत कार्यक्रम में शिक्षकों के हित और शिक्षा गुणवत्ता के लिए कार्य करने पर जोर दिया गया। सेवानिवृत्त प्राचार्य अखिलेश चंद्रोल ने नए बीईओ को प्रेरित किया। वहीं नारायणगंज बीईओ डीके सिंगौर ने महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए कहा कि क्रमोन्नति और एरियर जैसे मामलों में सभी शिक्षकों का भुगतान सूची अनुसार एक साथ किया जाए, जिससे बाबूओं पर लगने वाले भेदभाव और लेन-देन के आरोपों से बचा जा सके।
अपाक्स जिलाध्यक्ष संजीव सोनी ने नवागत बीईओ का स्वागत करते हुए स्पष्ट किया कि शिक्षा गुणवत्ता सुधार में संगठन पूरा सहयोग करेगा, लेकिन एरियर भुगतान और समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष दिलीप मरावी और शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विवेक शुक्ला ने भी शुभकामनाएं दी। ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के ब्लाक अध्यक्ष अमरसिंह चंदेला ने नवनियुक्त बीईओ से शिक्षकों की एरियर आदि की समस्त समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का अनुरोध किया। इस दौरान महिला पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और समाजसेवी उपस्थित रहे।
हथकरघा प्रशिक्षण से ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा रोजगार
बुनाई की लुप्त होती कला को पुनर्जीवित करने का संकल्प
45 दिनों में आत्मनिर्भर बनेंगी अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाएं
10 ग्रामीण महिलाओं ने शुरू किया पारंपरिक हथकरघा प्रशिक्षण
मंडला महावीर न्यूज 29.समृद्धि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति ग्रामीण विकास एवं जनकल्याण समिति नैनपुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में एक नई पहल की है। बताया गया कि समिति ने वार्ड नंबर 8 प्रताप नगर नैनपुर में हस्तशिल्प क्षेत्र के लिये कौशल एवं तकनीकी विकास योजना 2021 के अंतर्गत पारंपरिक हथकरघा कपड़ा निर्माण प्रशिक्षण का शुभारंभ किया है।
जानकारी अनुसार यह कौशल उन्नयन बुनाई प्रशिक्षण सत्र 28 अक्टूबर को आरम्भ किया गया, जिसमें अनुसूचित जाति वर्ग की 10 महिला हितग्राहियों ने हिस्सा लिया। यह प्रशिक्षण 45 कार्य दिन तक चलेगा। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और स्वदेशी वस्त्र निर्माण की लुप्त होती कला को पुनर्जीवित करना है।
बताया गया कि संस्था की अध्यक्ष किरण भारद्वाज ने इस पहल को महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्वदेशी वस्त्र निर्माण को प्रोत्साहित करने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी वस्त्रों एवं हस्तकला को बढ़ावा देना है, जिससे देश का धन देश में ही रहे और ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलें।
रोजगार के लिए मिलेंगे करघे और उपकरण
प्रशिक्षण एवं कार्यशाला के आयोजन में हथकरघा विभाग के अधिकारी शिव धमकाते और टीचर श्री निमजे का विशेष सानिध्य रहा। प्रशिक्षण के पूर्ण होने के बाद इन हितग्राहियों को करघे एवं सहायक उपकरण भी प्रदान किए जाएंगे। इससे प्रशिक्षण प्राप्त महिलाएं सीधे हाथकरघा वस्त्र उद्योग के माध्यम से रोजगार से जुड़ सकेंगी। महिलाओं ने इस कार्य को आगे बढ़ाकर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन करने और महिला सशक्तिकरण के अंतर्गत आत्मनिर्भर बनने का संकल्प लिया है। संस्था आने वाले समय में इस रोजगार एवं आत्मनिर्भरता अभियान को और विस्तृत रूप देने की योजना बना रही है।
400 स्कूलों को तम्बाकू मुक्त करने का लक्ष्य
ओरल कैंसर जैसे खतरों से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग सक्रिय
युवाओं को तम्बाकू के खतरों से बचाने के लिए 60 दिवसीय राष्ट्र व्यापी अभियान आरंभ
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में युवाओं को तम्बाकू के जानलेवा उपयोग और उससे होने वाले खतरों से बचाने के लिए राष्ट्रीय तम्बाकू मुक्त अभियान का शुभारंभ कर दिया गया है। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि यह विशेष अभियान 9 अक्टूबर से शुरू हो चुका है, जो 9 दिसम्बर तक जिले में चलाया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा 400 स्कूलों को तंबाकू मुक्त करने का निर्देश दिए गए है। जिला चिकित्सालय मंडला की दंतरोग विशेषज्ञ एवं नोडल अधिकारी डॉ. रानी मरावी ने बताया कि मंडला कलेक्टर के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों को तंबाकू के अत्यधिक उपयोग और उससे होने वाले ओरल कैंसर जैसी खतरनाक बीमारियों से बचाना एवं जागरूक करना है।
डॉ. रानी मरावी ने बताया कि राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत तंबाकू फ्री यूथ केम्पेजिन 3.0 का आयोजन किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा जिले के 400 स्कूलों को तंबाकू मुक्त करने का दिशा निर्देश दिया गया है, जिसके लिए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के अंतर्गत सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे और नोडल अधिकारी डॉ. रानी मरावी द्वारा जिला चिकित्सालय मंडला परिसर में स्टाफ और यूथ के साथ तंबाकू निषेध के प्रति शपथ ग्रहण एवं संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान तंबाकू व्यसन से पीडि़त मरीजों को निकोटिन रिप्लेसमेंट ड्रग का वितरण भी किया गया। डॉ. रानी मरावी ने यूथ एवं बुज़ुर्ग व्यक्तियों से अपील की है कि यदि वे तंबाकू छोडऩा चाहते हैं, तो जिला चिकित्सालय मंडला में स्थापित व्यसन मुक्ति केंद्र में आकर डॉ. नेहा गेहलोड एवं काउंसलर स्वाती चौरसिया से संपर्क करें।
वन विभाग और कान्हा टाइगर रिजर्व की बड़ी कार्रवाई
बाघ की खाल और अन्य अवशेष के साथ 7 आरोपी गिरफ्तार
बिछिया-डिंडोरी तिराहे पर घेराबंदी कर पकड़े आरोपी
कुल्हाड़ी, हड्डियां और नाखून बरामद, सभी आरोपी न्यायालय में पेश
मंडला महावीर न्यूज 29.वन्यजीव अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता में वन परिक्षेत्र बिछिया और कान्हा टाइगर रिजर्व की संयुक्त टीम ने बाघ की खाल और अन्य अवशेषों की तस्करी के आरोप में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया गया कि मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने बिछिया-डिंडोरी रोड तिराहे पर घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से बाघ की खाल बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान भीमपुर निवासी मिस्तर वट्टी और गोविंद वट्टी के रूप में हुई।
जानकारी अनुसार पकड़े गए आरोपियों पर वन अपराध का प्रकरण दर्ज कर जप्ती की कार्रवाई की गई। प्रारंभिक पूछताछ और विवेचना के दौरान इस अपराध में सात अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता पाई गई। बताया गया कि विगत 26 और 27 अक्टूबर को प्रकरण में संलिप्त अन्य पांच व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर वन्य प्राणी बाघ की हड्डियां, बाल, नाखून जैसे अन्य अवशेषों को भी जप्त किया गया। इसके साथ ही अपराध में प्रयुक्त हथियार, जिनमें कुल्हाड़ी, फरसा और तार को भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए सभी सात आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। वन विभाग द्वारा इस गंभीर मामले की विस्तृत जांच और विवेचना जारी है।
एनएच 30 पर भीषण हादसा
ट्रक की चपेट में आते ही बाइक में लगी आग, युवक की दर्दनाक मौत
मुरूमखाप के पास ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, चालक मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी
मंडला महावीर न्यूज 29. हिरदेनगर चौकी अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर ग्राम मुरूमखाप के पास मंगलवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। जबलपुर की ओर से बिछिया जा रहे एक ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी अनुसार ट्रक क्रमांक आरजे 11 जीसी 3700 की टक्कर बाईक से इतनी भीषण थी कि बाइक सवार को कुचलने के बाद मोटरसाइकिल में तत्काल आग लग गई और वह कुछ दूर तक घिसटती चली गई। टक्कर के बाद युवक का शव बुरी तरह से क्षत-विक्षप्त हो गया था। इस दर्दनाक हादसे को देखकर हाईवे पर मौजूद लोग सहम गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक की शिनाख्त कन्हारी निवासी राजकुमार पिता मुन्ना 28 साल के रूप में हुई है।
घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही हिरदेनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षत विक्षप्त शव को एकत्रित कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। हिरदेनगर चौकी पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की विवेचना शुरू कर दी है। फरार चालक की तालाश जारी है।
मंडला के 10 हृदय रोगी बच्चों की सफल सर्जरी
स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान में हुए थे चिन्हित
गैलेक्सी हॉस्पिटल में हुई निशुल्क सर्जरी, परिवारों में लौटी खुशी
मंडला महावीर न्यूज 29.स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत जिला स्तर पर विगत दिवस आयोजित शिविर में चिन्हित 10 हृदय रोग से पीडि़त बच्चों की सर्जरी सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। बताया गया कि विगत दिवस 1 अक्टूबर को जिला चिकित्सालय मंडला में एक मेगा कैंप का आयोजन किया गया था। इस मेगा कैंप में हृदय रोग से ग्रस्त जिन 10 बच्चों का चिन्हांकन किया गया था, उन सभी की निशुल्क सर्जरी और उपचार जबलपुर के गैलेक्सी अस्पताल में कराया गया।
आरबीएसके जिला समन्वयक अर्जुन सिंह ने बताया कि सर्जरी हुए बच्चों में देवासी पिता तेजी लाल सिंगौरे 8 वर्ष, ग्राम आमगांव, जानवी पिता तेजी लाल 11 वर्ष, आमगांव निवास, हर्षित मरावी पिता अनूप मरावी 6 वर्ष, ग्राम तकबेली निवास, पल्लवी संयम पिता पवन 6 वर्ष, ग्राम नेवरगांव मंडला, साइना पिता सौरभ भारतीय 3 वर्ष, सेमरखापा, नवीन बैरागी पिता संतोष बैरागी 18 वर्ष, गवारा निवास, हरीश धूमकेतु पिता शिव कुमार 6 वर्ष, ग्वारा बिछिया, उत्तम नंदा पिता ओमप्रकाश 1 वर्ष, दिवारा बिछिया, सुलोचना धुर्वे पिता लाल सिंह 1 वर्ष, मजगांव नारायणगंज और आरोही उईके पिता कमल सिंह 5 वर्ष, हिरदेनगर मंडला शामिल हैं।
बताया गया कि बच्चों के हद्य रोग की सर्जरी प्रक्रिया में ब्लॉक स्तर की राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीमों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जिसमें ब्लॉक निवास की आरबीएसके टीम ने सर्वाधिक 4 बच्चों की सर्जरी कराई। टीम मंडला ने 3 बच्चों की सर्जरी कराई। ब्लॉक बिछिया की टीम ने 2 बच्चों की सर्जरी कराई। ब्लॉक नारायणगंज की टीम ने 1 बच्चे की सर्जरी कराई।
सीएचएमओ डॉ. डीजे मोहंती ने कहा कि जिन भी बच्चों में हृदय रोग की समस्या है, उनके अभिभावक तुरंत अपने ब्लॉक की आरबीएसके टीम से जांच कराएं। इसके साथ ही जिला चिकित्सालय मंडला में संचालित डीईआईसी सेंटर में रजिस्ट्रेशन कराएं, जिससे समय रहते सभी बच्चों का निशुल्क उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
बाल विवाह रोकथाम अभियान में आंगनवाड़ी और स्कूलों ने ली शपथ, निकाली रैली
बाल विवाह में शामिल होने वाले सेवा प्रदाता भी होंगे दंडित
अधिनियम 2006 की जानकारी दी गई
मंडला महावीर न्यूज 29.महिला एवं बाल विकास परियोजना नारायणगंज के अंतर्गत बाल विवाह रोकथाम अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। आंगनवाड़ी केंद्र खैरी क्रमांक 1 में आयोजित संगोष्ठी में परियोजना अधिकारी द्वारा बाल विवाह को अपराध बताते हुए इसके सामाजिक बहिष्कार का आह्वान किया गया।
कार्यकर्ताओं को बाल विवाह रोकथाम अधिनियम 2006 के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। बताया गया कि अधिनियम की धारा 9, 10, और 11 के तहत बाल विवाह करने या सहयोग देने वाले को दो वर्ष तक का कारावास अथवा एक लाख तक का जुर्माना या दोनों हो सकते हैं। इस दौरान उपस्थित लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि लड़की की सही उम्र 18 वर्ष और लड़के की 21 वर्ष पूर्ण होनी चाहिए। जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य था कि विवाह संपन्न कराने वाले पुजारी, दोनों पक्षों के रिश्तेदार, पड़ोसी, मैरिज ब्यूरो, यहाँ तक कि टेंट वाला, बैंड वाला और खाना बनाने वाले जैसे सभी सेवा प्रदाता भी सजा एवं जुर्माने के हकदार होंगे।
बाल विवाह रोकथाम की दिलाई शपथ
परिक्षेत्र नारायणगंज 2 अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुडामैली में भी बाल विवाह रोकथाम के लिए शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्राचार्य श्री भांडे एवं अन्य शिक्षिका, छात्रायें, सेक्टर पर्यवेक्षक शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद रैली भी निकाली गई। परियोजना अधिकारी ने बताया कि विकासखंड को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा दीवार लेखन और संगोष्ठियों का आयोजन लगातार किया जा रहा है।
छठ पूजा में की भगवान सूर्य की उपासना
सूर्य को अघ्र्य देकर तोड़ा व्रत, मांगा सुख-शांति का वरदान
मंडला महावीर न्यूज 29. उत्तर भारत में मनाए जाने वाला महापर्व छठ मंडला में भी विगत कई वर्षों से लगातार मनाया जा रहा है। रपटा घाट पर यहां के निवासी सभी परिवार के लोग एकत्रित होकर पूजा-अर्चना करते हैं। छठ की शाम सूर्यास्त के समय सूर्य को अध्र्य देने के बाद अगले दिन अलसुबह उगते सूर्य को अध्र्य देकर निर्जला व्रत महिलाओं ने तोड़ा। पहले दिन नहाए खाए दूसरे दिन खरना और फिर तीसरे दिन सूर्य की पूजा के बाद चौथे दिन निकलते सूर्य को अध्र्य देकर इसका समापन किया गया। बताया गया कि महिलाएं अपने पुत्र की मंगल कामना और घर में सुख शांति के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। पहले दिन खीर खाकर उपवास शुरू करती हैं और अंतिम दिन उगते सूरज को अध्र्य देने के बाद गन्ना या गुड़ खाकर पानी पीने के बाद वह अपना व्रत तोड़ती हैं। पूजा-अर्चना के बाद सूर्य देव की सभी ने महाआरती की गई।
सूर्य उपासना का पर्व सूर्य षष्ठी धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर नर्मदा घाट में छठ पूजन के लिए शाम 4 बजे के बाद से भीड़ शुरू होने लगी थी। सूर्य अस्त का समय होते-होते सैकड़ों की संख्या में रपटा घाट सहित अन्य घाटों में श्रद्घालु पहुंच गए थे। यहां इन्होंने विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य का पूजन अर्चन किया गया और सूर्य भगवान को अध्र्य देकर सुख, शांति, समृद्घि का आशीर्वाद लिया।
बैंड बाजा के साथ नाचे-झूमते हुए पहुंचे नर्मदा तट में छठ पूजन के लिए रपटाघाट में बड़ी संख्या में श्रद्घालु पहुंचे थे। जिनमें कई तो बैंड-बाजा के साथ सिर में पूजन सामग्री रखे झूमते हुए जा रहे थे। नर्मदा तट में पहुंचकर यहां गन्ने का मंडप तैयार किया गया। इसके बाद फूल, प्रसाद, फल, पान के साथ नर्मदा जी और सूर्य भगवान का पूजन किया गया। पूजन के दौरान ढलते सूरज को अध्र्य दिया गया।
पूजन में सभी प्रकार के मौसमी फलों के साथ इस समय होने वाली हरी सब्जियों को भी पूजन सामग्री में शामिल किया गया था। नर्मदा जल में खड़े होकर पुरोहितों द्वारा मंत्रोच्चारण के बीच भगवान सूर्य को अर्ध्य दिया जाता है। जिनकी मनोकामना पूरी होती है वे बाजे गाजे के साथ गन्ने का मंडप सजाकर पहुंचते हैं।
महिलाओं के साथ पुरुष भी रखते हैं व्रत
बताया गया कि यह व्रत महिलाओं के साथ ही पुरुष भी करते हैं। पूजन करने पहुंचे लोगों ने बताया कि छठ पूजन चार दिनों तक चलता है। दिन भर व्रत रखने के बाद शाम को पूजन कर फलाहार किया जाता है। पूजन में ठेकुआ (जो कि मैदा, आटा शक्कर से बनाया जाता है) भगवान को अर्पित किया जाता है। इसके साथ ही खीर का भोग भी लगाया जाता है। आज उगते सूर्य का पूजन करने के बाद ही जल गृहण किया जाएगा।
छठपूजा के लिए बैंड बाजे के साथ बिनैका से निकले श्रद्धालु
छठ पूजन के लिए बिनैका से श्रद्धालु बैंड बाजे के साथ रपटा घाट के लिए निकले हैं। जहां डूबते सूर्य को अर्घ दिया। छठ पूजन महापर्व पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड एवं नेपाल के तराई क्षेत्र के लोग मनाते हैं। बिनैका में बिहार के रहने वाले परिवार ने भी छठ पूजा के लिए व्रत रखा। छठ पूजा के तीसरे दिन को संध्या अघ्र्य के लिए व्रतधारी बांस की बनी टोकरी में पूजन सामग्री प्रसाद एवं फल को अपने सिर पर धारण कर पूजन घाट तक ले गए।
मंडला में विहिप का युवा संत चिंतन वर्ग
धर्मांतरण रोकने और हिंदू एकता पर जोर अब कोई हिंदुत्व की अवहेलना नहीं कर सकता-केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार
मंडला महावीर न्यूज 29.विश्व हिंदू परिषद के तीन दिवसीय अखिल भारतीय युवा संत चिंतन वर्ग का शुभारंभ मंडला में हुआ। इस अवसर पर पूज्य संत नर्मदा नंद बापू महाराज, विहिप के केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार और संरक्षक दिनेश चंद मंचासीन रहे। केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने पूज्य संतों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विहिप के प्रयासों का यह परिणाम है कि आज देश का देशभक्त, जागरूक और स्वाभिमानी हिंदू गर्व से खड़ा हो रहा है।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए देश के 65 करोड़ लोगों ने उम्मीद से ज्यादा धन एकत्र किया, जिससे हिंदुत्व का गौरव बढ़ा है और अब कोई इसकी अवहेलना नहीं कर सकता। केंद्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने धर्मांतरण को एक गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि विहिप ने 850 ऐसे गांवों की पहचान की है, जहां धर्मांतरण की जड़ें फैल रही हैं, और सभी मिलकर इसे रोकने तथा घर वापसी के प्रयास करेंगे। पूज्य संत नर्मदा नंद बापू जी महाराज ने युवा संतों से ईसाईकरण एवं इस्लामीकरण को रोकने और सनातन समाज को एकत्रित रखने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
विहिप संरक्षक दिनेश चंद ने संतों से शिक्षा के साथ संस्कार आधारित शिक्षा स्थापित करने और समाज में कर्तव्य बोध जाग्रत करने की भूमिका निभाने का आग्रह किया, ताकि भारत वैचारिक रूप से मजबूत बन सके। इस चिंतन वर्ग में देश के सभी 44 प्रांतों से 300 से अधिक प्रमुख युवा संत और पदाधिकारी शामिल हुए।
अहीरी नृत्य बना यातायात जागरूकता का माध्यम
मंडला के मेलों में सूबेदार योगेश राजपूत की अनूठी पहल
ग्रामीण अंचलों तक पहुंचा ट्रैफिक सेफ्टी का संदेश
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के ग्रामीण अंचलों में लगने वाले पारंपरिक मढ़ई मेलों में अब मनोरंजन और लोक-संस्कृति के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी देखने को मिल रहा है। यातायात सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर एक प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। सूबेदार योगेश राजपूत के निर्देशन में यह अनूठा जागरूकता कार्यक्रम, पारंपरिक अहीरी नृत्य के माध्यम से लोगों तक ट्रैफिक नियमों का संदेश पहुँचा रहा है। लोकनृत्य जो दशकों से उत्सव और उल्लास का प्रतीक माना जाता था, अब सीधे-सीधे सामाजिक संदेश देने का सशक्त माध्यम बन गया है।
अभियान के तहत अहीरी नृत्य दल गीतों और संवादों के माध्यम से ग्रामीणों को सरल भाषा में समझाता है कि सड़क पर वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट पहनना, गति सीमा का ध्यान रखना और शराब पीकर गाड़ी चलाने से दूरी बनाए रखना कितना आवश्यक है। नृत्य के दौरान कलाकार स्थानीय भाषा और पारंपरिक वाद्यों की धुन पर सुरक्षित चलो जैसे संदेश देते हुए दर्शकों से भावनात्मक रूप से जुड़ते हैं।
सूबेदार योगेश राजपूत ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतर लोग बिना हेलमेट के लापरवाही से वाहन चलाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में यह पारंपरिक माध्यम अधिक प्रभावी साबित हो रहा है, क्योंकि अहीरी नृत्य हमारी क्षेत्र की पहचान है और लोग इन लोकधुन को सुनकर उस पर विश्वास भी करते हैं। इस जागरूकता कार्यक्रम को स्थानीय पुलिस प्रशासन, यातायात विभाग और जनपद पंचायतों के सहयोग से आगे बढ़ाया जा रहा है।
सूबेदार योगेश राजपूत ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य पहाड़ी और ग्रामीण अंचलों में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और आमजन में नियम पालन की आदत विकसित करना है। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह न केवल मनोरंजक है, बल्कि शिक्षाप्रद और सार्थक भी है। इस अनूठी पहल ने सिद्ध कर दिया है कि यदि जनसंदेशों को संस्कृति और लोककला से जोड़ा जाए, तो वह सीधे दिल तक उतरता है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाता है।
परिक्रमा एक यात्रा नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और ईश्वर से साक्षात्कार का माध्यम
जहां देवताओं का वास, वही निवास है-संत दादा गुरु
अखिल भारतीय संत 5 नवंबर से ओंकारेश्वर से करेंगे नर्मदा पदयात्रा का शुभारंभ
मंडला महावीर न्यूज 29.निवास नगर में सोमवार का दिन अध्यात्म और भक्ति की छटा से सराबोर रहा। प्रख्यात संत दादा गुरु भैया जी सरकार के आगमन पर श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। रसलगंज यज्ञ शाला कॉलोनी के श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, नारियल वंदन और जयघोषों के साथ उनका भावपूर्ण स्वागत किया, जिससे वातावरण भक्तिमय बन गया। दादा गुरु का काफिला इसके बाद नगर के शतचंडी मैदान पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहले से ही उपस्थित थे। मंच पर पहुंचते ही हर-हर नर्मदे के जयघोष गूंज उठे।
दादा गुरु ने अपने आशीर्वचन में माँ नर्मदा की महिमा का वर्णन करते हुए निवास नगर की महत्ता बताई। उन्होंने कहा कि जहाँ देवताओं का होता है वास, उसका नाम निवास है। आप लोग बड़े भाग्यशाली हैं कि आपको इस पवित्र स्थल के दर्शन हुए। उन्होंने कहा कि नर्मदा परिक्रमा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और ईश्वर से साक्षात्कार का माध्यम है। उन्होंने नर्मदा को समस्त सृष्टि की जीवनदायिनी शक्ति बताते हुए कहा कि जो भी श्रद्धाभाव से उनकी परिक्रमा करता है, उसके संपूर्ण कुल का कल्याण होता है।
कौन हैं दादा गुरु
दादा गुरु एक प्रख्यात संत, साधक और समाजसेवी हैं, जिन्होंने पिछले लगभग पांच वर्षों से अन्न का त्याग कर रखा है और केवल माँ नर्मदा का पवित्र जल ही ग्रहण करते हैं। वे अपने प्रवचनों में लोगों को सत्य, सेवा और नशामुक्ति का संदेश देते हैं। उनके आशीर्वचन सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। उनके सान्निध्य में पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। आशीर्वचन के बाद दादा गुरु का काफिला अमरकंटक की ओर रवाना हो गया। बताया गया है कि 5 नवंबर से ओंकारेश्वर से दादा गुरु की पावन नर्मदा पदयात्रा का शुभारंभ होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे।
शिक्षकों की क्रमोन्नति और एरियर भुगतान में लापरवाही
कलेक्टर ने एसी को दिए नैनपुर बीईओ और बाबू को हटाने का निर्देश
कलेक्टर ने एसी को तलब कर 21 नवंबर तक सभी लंबित भुगतान निपटाने के दिए सख्त आदेश
मंडला महावीर न्यूज 29.जनजातीय कार्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर लंबे समय से परेशान शिक्षकों ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को कलेक्टर सोमेश मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। अपाक्स एवं ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन सहित अन्य संगठनों के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि क्रमोन्नति, डीए एरियर, वेतनमान अनुमोदन और अन्य छोटे-बड़े कार्यों के लिए शिक्षकों को महीनों से कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और बिना सुविधा शुल्क के उनके काम नहीं हो रहे हैं।
अपाक्स जिलाध्यक्ष संजीव सोनी ने कलेक्टर को बताया कि जो शिक्षक सुविधा शुल्क देते हैं, उन्हें एरियर का भुगतान तुरंत हो जाता है, जबकि शेष शिक्षक पढ़ाई-लिखाई छोड़कर कार्यालयों की जी हुजूरी करने को मजबूर हैं। उन्होंने विशेष रूप से नैनपुर ब्लॉक में वेतन अनुमोदन, एरियर भुगतान में भेदभाव और पिछले तीन बार से डीए भुगतान अटके होने की जानकारी दी। शिक्षकों की समस्याओं को सुनकर कलेक्टर सोमेश मिश्रा उस समय हतप्रभ रह गए, जब उन्हें पता चला कि शिक्षकों को एक साल से अधिक समय से क्रमोन्नति एरियर का भुगतान नहीं हुआ है, जबकि सहायक आयुक्त मंडला ने उसी दिन सुबह सभी भुगतान पूर्ण होने की जानकारी दी थी।
कलेक्टर ने तत्काल सहायक आयुक्त वंदना गुप्ता और मंडला बीईओ रंजीत गुप्ता को कलेक्ट्रेट में तलब किया। उन्होंने शिक्षकों के सामने ही दोनों अधिकारियों को 21 नवंबर तक सभी प्रकार के एरियर का भुगतान सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। जब अपाक्स जिलाध्यक्ष संजीव सोनी ने नैनपुर बीईओ सुभाष चंद्र चतुर्वेदी और बाबू अशोक यादव की लापरवाही और अनुभवहीनता के कारण बढ़ रही समस्याओं को रेखांकित किया, तो कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने तुरंत एक अनुभवी उच्च माध्यमिक शिक्षक का इंटरव्यू लिया और सहायक आयुक्त को उन्हें नैनपुर बीईओ के पद पर नियुक्त करने का निर्देश दिया।
कलेक्टर की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से उत्साहित शिक्षक संजीव दुबे, प्रकाश सिंगौर, शशिबाला राय, सीमा राहंगडाले, दीपा काड़वे, राजेश सिरसाम, राजेश पटेल, नीरज यादव, मनोज चौरसिया, सुरेश श्रीवास्तव, आशीष तिवारी, भुवनेश्वर धूमकेतु, सुरेश कुंजाम, हिम्मत सिंह मरकाम, गौतम सूर, बालाराम गोप, संतोष पुरी गोस्वामी, विजेंद्र वरकड़े, विस्नु भूमिया, पतिराम डिबरिया, लालसिंह भलावी, अमरसिंह चंदेला, भजन गवले, सनातन सैनी, संजीव सोनी ने जिला कलेक्टर को धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके साथ ही अपाक्स जिलाध्यक्ष ने सभी ब्लॉक पदाधिकारियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि तक भुगतान सुनिश्चित करने के लिए कार्यालयों में आवश्यक सहयोग करें।
गाड़ी आने से ठीक पहले बदल जाता है प्लेटफॉर्म, रेल पुल पार करने में छूटते हैं पसीने
नैनपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की फजीहत
नैनपुर स्टेशन पर प्लेटफॉर्म बढ़ाने की जनमांग तेज
मालगाडिय़ों के कारण यात्री ट्रेनें आउटर पर खड़ी रहने को मजबूर
मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री गाडिय़ों की संख्या में इजाफे के साथ ही रेल यात्रियों की असुविधा भी निरंतर बढ़ती जा रही है। अचानक और निरन्तर हो रहे प्लेटफॉर्म परिवर्तन के कारण यात्री अक्सर परेशान होते देखे जाते हैं। खासकर तब जब गाड़ी आने के ठीक पहले उनके प्लेटफॉर्म में बदलाव कर दिया जाता है, जिससे यात्रियों को भारी मशक्कत करनी पड़ती है।
बताया गया कि हाल ही में गोंदिया से चलकर नैनपुर आने वाली मेमू ट्रेन के समय भी इसी तरह का वाक्या सामने आया। यात्री निर्धारित प्लेटफॉर्म पर गाड़ी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन ट्रेन आने से ठीक पहले प्लेटफॉर्म बदलने की सूचना प्रसारित की गई। इसके बाद यात्रियों को प्लेटफॉर्म एक से दो नंबर तक जाने के लिए रेलवे के लंबे पुल से होकर जाना पड़ा।
वृद्ध, बच्चे होते है परेशान
अचानक प्लेटफार्म बदलने के कारण यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बनता है। प्लेटफॉर्म बदलने के बाद पुल पर चढऩा और उतरना एक काफी दुस्साहस का काम हो जाता है, खासकर वृद्धों, बच्चों और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों के लिए। ट्रेन पकडऩे की जल्दी और सीट पाने की जद्दोजहद इस परेशानी को और बढ़ा देती है। अचानक हुए परिवर्तन के कारण जल्दबाजी में किसी दुर्घटना का अंदेशा भी बना रहता है।
आउटर पर खड़ी रहती हैं यात्री गाडिय़ां
असुविधा की यह हालत अक्सर सुबह के समय होती है, जब गोंदिया, छिंदवाड़ा और जबलपुर से आने वाली गाडिय़ों का समय लगभग आगे पीछे रहता है। एक अन्य बड़ी समस्या यह है कि छिंदवाड़ा से नैनपुर आने वाली यात्री गाड़ी को कभी-कभी तो आधे-आधे घंटे तक आउटर पर रोक कर रखा जाता है। इसका मुख्य कारण यह है कि यदि प्लेटफॉर्म पर इसी समय कोई मालगाड़ी खड़ी हो तो यात्री ट्रेन के लिए प्लेटफॉर्म खाली ही नहीं मिल पाता।
जनता की मांग, बढ़ेप्लेटफॉर्मों की संख्या
बढ़ती गाडिय़ों की संख्या और यात्रियों की सुविधाओं को मद्देनजर रखते हुए अब नैनपुर में प्लेटफॉर्मों की संख्या में इजाफा करने की जन मांग की जा रही है। साथ ही, प्लेटफॉर्म पर लगे डिस्प्ले बोर्ड में अभी केवल प्लेटफॉर्म नंबर ही दिखाई देता है। रेल प्रशासन से अपेक्षा है कि यदि यात्री गाडिय़ों के कोच संख्या का डिस्प्ले भी शुरू कर दिया जाए, तो यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। आमजनों की अपेक्षा है कि रेल प्रशासन इस जन-बाबद कार्यवाही कर नैनपुर प्लेटफॉर्म में सुविधाओं की बेहतरी के लिए जल्द कार्य शुरू करेगा।
पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप
कलयुगी बेटे ने मां के गर्दन पर मारी कुल्हाड़ी
गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय मां, अस्पताल में भर्ती
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी बेटा
आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के घुघरी के ग्राम लाटो की घटना
मंडला महावीर न्यूज 29.घुघरी थाना क्षेत्र के लाटो ग्राम में सोमवार रात्रि को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक बेटे ने पारिवारिक विवाद में अपनी 60 वर्षीय मां के गर्दन पर कुल्हाड़ी से जानलेवा वार कर दिया। हमले में मां गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिन्हें इलाज के लिए घुघरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि यह जघन्य वारदात 27 अक्टूबर की रात्रि लगभग 8 बजे लाटो के मुकद्दम टोला में घटित हुई।
जानकारी अनुसार विकासखंड घुघरी के ग्राम लाटो के मुकद्दम टोला निवासी भागवती 60 वर्ष का उनके बेटे कत्तू लाल यादव 38 वर्ष के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर कत्तू लाल ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और मां भागवती के गर्दन पर वार कर दिया। हमले के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल भागवती को तुरंत परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया गया कि वारदात की सूचना घुघरी पुलिस को दी गई। वारदात की सूचना मिलते ही घुघरी थाना प्रभारी पूजा बघेल पुलिस स्टाफ के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा कत्तू लाल यादव मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर पकड़ लिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। इस घटना से पूरे लाटो क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस द्वारा पारिवारिक विवाद के सटीक कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।
संघर्ष रंग लाई
पेंचवेली ट्रेन मंडला फोर्ट के प्लेटफॉर्म-2 पर पहुंची
जल्द होगा अमृत स्टेशन का उद्घाटन
मंडला में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए 31 अक्टूबर को संघर्ष समिति की अहम बैठक
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला रेलवे संघर्ष समिति का वर्षों पुराना संघर्ष अब रंग ला रहा है। ब्रॉडगेज लाइन बनने के बाद ट्रेन संचालन की मांग को लेकर लगातार चल रहा आंदोलन सफल होता दिख रहा है। वर्ष 2024-25 में भी समिति ने कई बार ज्ञापन और आंदोलन किए, जिसके परिणामस्वरूप अब पेंचवेली एक्सप्रेस मंडला फोर्ट के प्लेटफॉर्म क्रमांक 02 पर पहुंची है। इस सफलता से संघर्ष समिति के सदस्यों और जिले के नागरिकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
समिति के सदस्यों ने बताया कि जल्द ही नवंबर माह में मंडला फोर्ट स्टेशन पर अमृत स्टेशन योजना के तहत किए गए विकास कार्यों का उद्घाटन किया जाना है। संभावना जताई जा रही है कि इसी दौरान यानी 18 नवंबर को ट्रेन संचालन को हरी झंडी दिखाई जा सकती है। संघर्ष समिति ने जिले के सभी जन-प्रतिनिधियों, सांसद, मंत्री और विधायकों से अपील की है कि वे इस जनहित के मुद्दे पर एकजुट होकर रेलवे प्रशासन के साथ खड़े हों, जिससे ट्रेन का संचालन जल्द से जल्द शुरू हो सके और जिले के लोगों को इसका लाभ मिल सके।
31 अक्टूबर को महत्वपूर्ण बैठक
बताया गया कि रेल सुविधाओं के विस्तार की अगली रणनीति पर विचार-विमर्श करने के लिए संघर्ष समिति के सदस्यों ने 31 अक्टूबर को एक महत्वपूर्ण बैठक रखने का निर्णय लिया है। इस बैठक में सभी समाजों के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है और उनसे आवेदन, ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने की अपील की गई है जिससे जन-समर्थन को मजबूत हो सके।
ये है प्रमुख मांगे
बताया गया कि जल्द ही पेंचवेली ट्रेन के नियमित चालू होने की उम्मीद के साथ ज्ञापन के माध्यम से कुछ प्रमुख मांगों को शामिल किया गया है। जिसमें मंडला में वाशिंग डिपो की स्थापना। मंडला फोर्ट से घंसौर तक नवीन रेलमार्ग का निर्माण। मंडला फोर्ट से जबलपुर तक सीधी ट्रेन सेवा। मंडला फोर्ट से नागपुर तक सीधी ट्रेन सेवा की मांग की जाएगी। समिति का मानना है कि इन नवीन रेलमार्गों के बनने से आदिवासी बाहुल्य जिले मंडला की दूरी कम होगी, जिससे लोगों का समय बचेगा और उन्हें बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
द ग्रेट खली 29 को मंडला में, युवा शक्ति संगम रक्तदान शिविर की पूरी तैयारी
मंडला में पहली बार आ रहे खली, रक्तवीरों का करेंगे सम्मान
मंडला महावीर न्यूज 29.अंर्तराष्ट्रीय रेसलर द ग्रेट खली का 29 अक्टूबर को मंडला में पहली बार आगमन हो रहा है। द ग्रेट खली कटरा में आयोजित युवा शक्ति संगम रक्तदान शिविर कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। कार्यक्रम के संयोजक अजय वंशकार ने बताया कि इस आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। प्रात: 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होने वाले शिविर में लगभग 500 लोगों के रक्तदान करने का अनुमान है। द ग्रेट खली मंच से रक्तदाताओं से चर्चा करेंगे और उनका सम्मान भी करेंगे।
बताया गया कि युवाओं में खली के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट से भव्य स्वागत के साथ उन्हें मंडला लाया जाएगा। भारतीय सेवा विकास परिषद द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को अनुशासन पूर्वक सफल बनाने के लिए व्यवस्था की गई है, जिसके तहत कार्यक्रम स्थल में केवल पास धारी व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में नजर आएंगे।
मवई स्वास्थ्य केंद्र में संवेदनहीनता की हद
पोस्टमार्टम के लिए गरीब परिवार से छह हजार ऐंठे
रतन सिंह बैंगा की मौत के बाद गहराया सवाल
कब सुधरेगी मवई क्षेत्र की जर्जर स्वास्थ्य व्यवस्था
मंडला महावीर न्यूज 29.मवई क्षेत्र के अमवार निवासी रतन सिंह बैंगा की असमय मौत के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जहां एक तरफ विगत दिवस 22 अक्टूबर को पानी में डूबने से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा, वहीं दूसरी तरफ मवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के दौरान एक निजी स्वीपर द्वारा छह हजार रूपए लेने का शर्मनाक मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मवई ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
जानकारी अनुसार अमवार निवासी बुधन बाई धुर्वे बैगा के पुत्र रतन सिंह बैंगा की 22 अक्टूबर को पानी में डूबने से मौत हो गई थी, जिनका शव लगातार खोज के बाद मिला। शव मिलने के बाद जब परिजन पोस्टमार्टम के लिए मवई स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, तो वहां तैनात एक प्राइवेट स्वीपर ने उनसे पीएम प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर 6 हजार रूपए की मांग की। परिजनों का कहना है कि उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है, जिसके चलते यह राशि जुटाना असंभव था। अंतत: गांव के लोगों ने आपस में चंदा कर 6 हजार रूपए एकत्र किए, जिसके बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू हो सकी। पीडि़त परिवार ने कहा सरकार जहां प्रदेश के अंतिम छोर के व्यक्ति तक योजनाओं के लाभ पहुंचने का दावा करती है, वहीं जमीनी सच्चाई कुछ और ही बयां करती है।
ग्रामीणों ने बताया कि मवई स्वास्थ्य केंद्र में स्वीपर का पद कई वर्षों से खाली पड़ा है, बावजूद इसके अब तक सरकार की ओर से कोई स्थायी नियुक्ति नहीं की गई है। पहाड़ी और वनांचल क्षेत्र होने के कारण यहां के लोग पहले ही कठिनाइयों का सामना करते हैं, और स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारियों की कमी से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मवई ने इस गंभीर मामले पर तत्काल कार्रवाई और क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने की मांग की है।
ब्लॉक क कांग्रेस कमेटी ने मंडला प्रशासन और मध्य प्रदेश शासन से मांग की
1. मवई स्वास्थ्य केंद्र में स्वीपर व आवश्यक मेडिकल स्टाफ की स्थायी नियुक्ति तत्काल की जाए। 2. फ्रीजर और शव संवहन (एम्बुलेंस) की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। 3. बैगा समुदाय जैसे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को पोस्टमार्टम, एम्बुलेंस और मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी सभी सुविधाएँ निःशुल्क दी जाएँ। 4. मृतक रतन सिंह बैंगा के परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
11 मोतियाबिंद मरीजों को मिला नई रोशनी का सहारा
राष्ट्रीय दृष्टि विहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत नारायणगंज में आयोजित नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर
मंडला महावीर न्यूज 29.राष्ट्रीय दृष्टि विहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में सोमवार को सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में एक दिवसीय नि:शुल्क नेत्र जांच परीक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र रोगों, विशेषकर मोतियाबिंद से पीडि़त मरीजों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना था। नि:शुल्क शिविर में नेत्र चिकित्सा सहायक जयकरण चौधरी द्वारा 15 मरीजों की जांच की गई। जांच के दौरान इनमें से 11 मरीज मोतियाबिंद से ग्रसित मिले। इन चिन्हित मरीजों को तत्काल सर्जरी के लिए रैफर किया गया।
जानकारी अनुसार नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर में चिंहित किए गए सभी 11 मोतियाबिंद मरीजों को बिना किसी विलंब के संचालित 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय मंडला भेजा गया। जिला चिकित्सालय में नेत्र विशेषज्ञ डॉ. तरूण अहरवाल द्वारा इन मरीजों की मोतियाबिंद सर्जरी की जाएगी। सीएचसी नारायणगंज सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल ने बताया कि बताया कि मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद चश्मा और दवाइयां भी पूर्णत: नि:शुल्क प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही सर्जरी के बाद मरीजों को वापस नारायणगंज तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए वाहन की नि:शुल्क व्यवस्था भी की जाएगी।
108 एम्बुलेंस से सर्जरी के लिए भेजा
बताया गया कि आयोजित नि:शुल्क नेत्र शिविर में 11 मरीजों को नई रोशनी मिली है। इन चिहिन्त मरीजों को 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला चिकित्सालय मंडला भेजा गया। जिसमें रामदयाल 80 निवासी कोबरीखुर्द, हीरालाल 70 वर्ष निवासी कोबरी खुर्द, शिवरतिया बाई 50 वर्ष निवासी ग्राम कछारी, कोदू लाल 80 वर्ष ग्राम माढ़ोगढ़, सुभ्रदा बाई 70 वर्ष निवासी माड़ोगढ़, जुनिया बाई 64 वर्ष निवासी ग्राम माड़ोगढ़, प्यारी बाई 64 वर्ष निवासी माड़ोगढ़, दोभन सिंह 47 वर्ष निवासी बीजेगांव, कलिया बाई 50 वर्ष सहजनी, करन 65 वर्ष निवासी पदमी, हिमतो बाई 50 वर्ष निवासी कुम्हा को सर्जरी के लिए रवाना हुए।
3 नबंवर को लगेगा शिविर
नेत्र चिकित्सा सहायक जयकरण चौधरी ने बताया कि आम जनता की सुविधा के लिए अगला नि:शुल्क नेत्र जांच परीक्षण शिविर आगामी 3 नबंवर सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के सभी लोगों से अपील की है कि इस नि: शुल्क शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, जिससे कोई भी नेत्र रोग से ग्रसित व्यक्ति उपचार से वंचित न रहे।
पिकअप की टक्कर से युवती घायल
एनएच 30 मार्ग में लगा रहा जाम, परेशान होते रहे यात्री
मंडला महावीर न्यूज 29.नेशनल हाईवे 30 मार्ग में नारायणगंज के चिरईडोंगरी और मंगलगंज के बीच एक पिकअप वाहन ने एक 18 वर्षीय युवती को टक्कर मार दी। हादसे में युवती घायल हो गई। हादसे के बाद ग्राम के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए और हाईवे मार्ग में जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक हाईवे मार्ग में जाम लगा रहा। जिसके कारण मंडला से जबलपुर और जबलपुर से मंडला जाने वाले वाहनों के पहिए थम गए। यात्रियों को घंटो परेशानी का सामना करना पड़ा। हादसे की जानकारी लगते ही टिकरिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला और जाम को खुलवाया गया।
जानकारी अनुसार नेशनल हाईवे 30 नारायणगंज मार्ग में चिरईडोंगरी और मंगलगंज के बीच एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन क्रमाक एमपी 51 जी 1846 ने ग्राम मंगलगंज निवासी शर्मीला बरकड़े पिता मंगल सिंह बरकड़े 18 वर्ष को टक्कर मार दी। हादसे में शर्मीला को चोटे आई है। हादसे के बाद तत्काल 108 एम्बुलेंस और टिकरिया पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस घटना स्थल पहुंची और घायल शर्मीला को तत्काल मंडला जिला चिकित्सालय उपचार के लिए ले जाया गया। जहां घायल शर्मीला का उपचार किया जा रहा है। फिलहाल घायल युवती की हालत ठीक बताई जा रही है।
बताया गया कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे मार्ग जाम कर लिया। इस दौरान लोगों ने चिरईडोंगरी और मंगलगंज के बीच स्पीड ब्रेकर की मांग कर रहे थे। लोगों का कहना था कि इस मार्ग से निकलने वाले छोटे, बड़े वाहन और भारी वाहन बेलगाम और तेज रफ्तार में निकलते है। जिसके कारण यहां आए दिन हादसे का अंदेशा बना रहता है। पहले भी इस मार्ग में कई सड़क हादसे हो चुके है। जिसमें कई लोगों की जान तक जा चुकी है। वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए इस मार्ग में स्पीड ब्रेकर बनाया जाना बेहत जरूरी है।
बताया गया कि नेशनल हाईवे मार्ग में जाम लगने के कारण यात्री काफी देर तक परेशान होते रहे। मौके पर पहुंची टिकरिया पुलिस ने लोगों को समझाईश दी और हाईवे पर लगे जाम को खुलवाया। वहीं पिकअप वाहन को टिकरिया पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच कर रही है।
स्थानीय मड़ई किसी त्यौहार से कम नहीं
ग्राम पदमी, सेमरखापा में सजी दुकानें
खरीददारी के लिए उमड़े लोग
मंडला महावीर न्यूज 29.आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला आदिवासियों की परंपरा और यहां के रीति-रिवाज के लिए जाना जाता है। यहां वर्षो पुरानी परंपराओं को आज भी जिले के आदिवासी और स्थानीय लोग बखूबी निभाते आ रहे हैं और आज भी मड़ई मेले का आयोजन करते हैं। मंडला जिले में भी रियासत काल से चली आ रही वर्षो पुरानी परंपरा निभाई जा रही है। इस परंपरा के तहत मंडला मड़ई के आयोजन से शुरूआत की जाती है। मंडला मड़ई के बाद जिले के अलग-अलग ग्रामों और वनांचल क्षेत्र में मड़ई मेला का आयोजन शुरू होता है। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में लगने वाले मेलों में दूर-दूर से लोग मनोरंजन के साथ एक दूसरे से मिलने का मौका मिलता है।
जानकारी अनुसार मंडला जिले में दीवाली की दूज से मड़ई मेले की शुरूआत हो जाती है। दूज को लगने वाली मड़ई के बाद चतुर्थी, पंचमी में बिनैका, सेमरखापा, पदमी समेत अन्य ग्रामों में मड़ई का आयोजन किया जाता है। पंचमी में ग्राम पदमी और सेमरखापा में मड़ई का आयोजन किया गया। वहीं ग्राम सेमरखापा में लगने वाली मड़ई प्रतिवर्ष दो दिवसीय आयोजित की जाती है। जहां दूर-दूर से लोग मेले का आनंद लेने पहुंचे।
मड़ई-मेलों की शुरूआत हो चुकी है। पंचमी तिथि के दिन ग्राम पदमी और सेमरखापा में मड़ई भरी गई। बताया गया कि ग्राम पदमी मड़ई का आयोजन हर साल कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की पंचमी को किया जाता है। परंपरा अनुसार मड़ई में ग्राम पदमी सहित आसपास के कई अन्य ग्रामों से अहीर चंडी ब्याहने यहां पहुंचे। मड़ई में खिलौने, मिठाई, चूड़ी, कपड़े, बर्तनों की दुकानें लगाई गई थी। यहां के लोगों का कहना था कि उनके लिए स्थानीय मड़ई किसी त्यौहार से कम नहीं होती है। ग्रामवासी इसके लिए तैयारी हफ्ते पहले से करते हैं। इस अवसर ग्रामवासी अपने रिश्तेदारों व दोस्तों को अपने घर बुलाकर आदर सत्कार करते हैं और उनके साथ मड़ई का आनंद उठाते हैं।
किसी ने खरीदी मिठाई तो किसी ने खरीदे खिलौने
मड़ई में सभी वर्ग के लोगों के लिए खाने-पीने से लेकर मनोरंजन और कई आवश्यक सामग्रियों की दुकानें लगाई गई थी। दीवाली में जहां मिठाईयों की कीमत 300 से 1000 रूपये प्रति किग्रा थी तो वहीं मड़ई की मिठाईयां 60 से 80 रूपये प्रति किग्रा में बिकी। शक्कर के अधिक इस्तेमाल से बनने वाली इन मिठाईयों की बच्चों ने जमकर खरीदी कराई। मड़ई में दैनिक जरूरत के सामान के साथ अन्य सामग्रियों की खरीदी लोगों ने की। बिनैका मड़ई में देर शाम तक काफी भीड़-भाड़ देखने को मिली।
अनेक ग्रामों के पहुंचे लोग
ग्राम पंचायत पदमी में भी लोगों ने मड़ई का खूब लुत्फ उठाया। आयोजित मड़ई में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। पदमी ग्राम पंचायत के अलावा, हिरदेनगर, कौरगांव, औघटखपरी, खड़देवरा, पुरवा, रामबाग, रामनगर, माधोपुर समेत अन्य गांव के लोगों ने पहुंचकर खरीददारी की। शाम चार बजे चंडी पूजन किया गया। मड़ई क्षेत्र के साथ ही अहीर घर-घर जाकर अशीष दिया।
अब यहां लगेगा मेला
बताया गया कि दीवाली से लेकर होली पर्व तक मड़ई, मेलों का दौर चलता है। इस दौरान जिले के अलग-अलग ग्रामों में मड़ई आयोजित की जाती है। मंडला मड़ई के बाद मेला का आयोजन शुरू हो गया है। पदमी ग्राम में मड़ई का आयोजन किया गया। अब ग्राम जंतीपुर, राजीव कालोनी, सहस्त्रधारा, सीतारपटन, नारायणगंज मुख्यालय समेत अन्य ऐतिहासिक मड़ई का आयोजन आगामी दिनों में आयोजित किया जाएगा।
मंडला जिले के इतिहास में प्रथम बार
पिंडरई में 29 से सिद्ध चक्र महामंडल विधान का आयोजन
मुनि नीरजसागर और निर्मदसागर के सानिध्य में 25 मंडलीय विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के इतिहास में एक महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान होने जा रहा है। लघु तीर्थ क्षेत्र व्रती नगरी पिंडरई में कार्तिक माह के आष्टान्हिका महापर्व के अवसर पर $29 अक्टूबर से $6 नवंबर तक बीजाक्षर मंडल रचना युक्त 25 मंडलीय श्री 1008 सिद्ध चक्र महामंडल विधान, विश्व शांति महायज्ञ एवं रथयात्रा महामहोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह नौ दिवसीय महामहोत्सव आचार्य श्री 108 विद्यासागर महाराज और आचार्य श्री 108 समयसागर महाराज के मंगल आशीर्वाद और गुणायतन प्रणेता 108 प्रमाणसागर महाराज की पावन प्रेरणा से आयोजित किया जा रहा है। इस अनुष्ठान को मुनिश्री 108 नीरजसागर महाराज और मुनि 108 निर्मदसागर महाराज का मंगल सानिध्य प्राप्त होगा।
बताया गया कि अनुष्ठान का कुशल निर्देशन अभय आदित्य उदासीन आश्रम इंदौर द्वारा किया जाएगा। सकल दिगम्बर जैन समाज, लघु तीर्थ क्षेत्र व्रती नगरी पिंडरई ने समस्त जिले एवं ग्राम वासियों को इस ऐतिहासिक अनुष्ठान में आए कर श्री सिद्ध प्रभु की आराधना कर पुण्य का संचय करने के लिए सविनय आमंत्रित किया है। यह विधान और महायज्ञ धार्मिक उत्साह और विश्व शांति के लिए समर्पित होगा।
सूर्य की उपासना का महापर्व छठ पर्व शुरू
नहाय-खाय से शुरू हुआ छठ पर्व
28 अक्टूबर को सूर्य को अध्र्य देकर होगा समापन
मंडला महावीर न्यूज 29.सूर्य की उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ 25 अक्टूबर से शुरू हो गया, जो 28 अक्टूबर तक मनाया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार छठी माता को सूर्य देवता की बहन माना जाता हैं। कहा जाता है कि छठ पर्व में सूर्य की उपासना करने से छठ माता प्रसन्ना होती हैं। यह पूजन परिवार में सुख शांति व संतान के सुखी जीवन के लिए की जाती है। छठ पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि से शुरू होता है। बताया गया कि छठ पूजा की शुरुआत हो चुकी है. शनिवार 25 अक्टूबर को नहाय-खाय से शुरू हुआ। आज रविवार 26 अक्टूबर को खरना होगा। सोमवार 27 अक्टूबर को संध्या अध्र्य किया जाए और मंगलवार 28 अक्टूबर को प्रात: अध्र्य के साथ पूजा संपन्न होगी। पंडित नीलू महाराज ने बताया कि नहाय-खाय का दिन विशेष रूप से शुभ माना गया है, इस दिन भद्रावास योग भी बना, जो दोपहर 02.34 बजे से लेकर पूरी रात तक प्रभावी रहा। इसके साथ ही 27 अक्टूबर को दो महत्वपूर्ण योग बन रहे हैं। अतिगण्ड योग और सुकर्मा योग, इनमें से सुकर्मा योग पूरे दिन और रात्रि तक प्रभावी रहेगा। ये योग छठ पर्व के आयोजन के लिए अत्यंत शुभ माने जाते हैं।
जानकारी अनुसार हिंदू धर्म में छठ पूजा का विशेष महत्व है। यह पर्व चार दिनों तक चलता है। पंचाग के अनुसार छठ पूजा का यह पावन पर्व हर साल कार्तिक मास में शुक्ल पक्ष की षष्ठी को मनाया जाता है। यह व्रत संतान की लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य और उज्जवल भविष्य की कामना के लिए रखा जाता है। यह सबसे कठिन व्रतों में से एक माना जाता है। 36 घंटों तक कठिन नियमों का पालन करते हुए इस व्रत को रख जाता है। छठ पूजा का व्रत रखने वाले लोग 24 घंटो से अधिक समय तक निर्जल उपवास रखते हैं। छठ पर्व का मुख्य व्रत षष्ठी तिथि को रखा जाता है, लेकिन यह पर्व चतुर्थी से आरंभ होकर सप्तमी तिथि को प्रात: सूर्योदय के समय अध्र्य देने के बाद समाप्त होता है।
सूर्य भगवान की पूजा का विशेष महत्व
पंडित विजयानंद शास्त्री ने बताया कि इस साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि की शुरुआत 25 अक्टूबर से हुई। 28 अक्टूबर को प्रात: सूर्य को अध्र्य देने के बाद व्रत का समापन होगा। पंडित विजयानंद शास्त्री ने बताया कि छठ पूजा का पर्व पूर्वांचल यानी पूर्वोत्तर भारत के बड़े हिस्से में बड़े धूमधाम के साथ मनाया जाता है। यह त्यौहार बिहार, उत्तर प्रदेश व नेपाल में मुख्य रूप से प्रचलित है। बिहार के मिथिलांचल क्षेत्र दरभंगा में इस पर्व का बड़ा महत्व है। अब यह त्यौहार देश के बड़े हिस्से में मनाया जाता है। इसी के अंतर्गत मंडला नगर में भी छठ का पर्व मनाया जाता है। छठ के तीसरे दिन डूबते हुए सूर्य की पूजा फिर आखिरी दिन उगते हुए सूर्य को अध्र्य दिया जाता हैं। संध्या अध्र्य के लिए बांस की टोकरी में अध्र्य की सामग्री सूप में सजाई जाती है और इस सामग्री को लेकर व्रत रखने वाले परिवार अस्त हो रहे सूर्य को अध्र्य देने के लिए नदी, तालाब या घाट पर जाते हैं। सूर्य को जल और दूध का अध्र्य समर्पित किया जाता है और छठी मैया की प्रसाद भरे सूप से पूजा की जाती है। वहीं उषा अध्र्य में उदय हो रहे सूर्य को अध्र्य समर्पित किया जाता है। व्रति उसी जगह पर फिर से इक_ा होते हैं, जिस जगह पर उन्होंने पूर्व संध्या को अध्र्य दिया था। संध्या अध्र्य की सारी प्रक्रिया को फिर से दोहराया जाता है। पूजा के बाद व्रत रखने वाले कच्चे दूध का शरबत पीकर व्रत का पारायण करते हैं।
पहला दिन – नहाय-खाय
आस्था का महापर्व चार दिन तक चलता है। इसका पहला दिन नहाय-खाय होता है। इस साल नहाय-खाय 25 अक्टूबर से शुरू हुआ। सूर्योदय 06 बजकर 28 मिनट पर हुआ। वहीं सूर्यास्त शाम 05 बजकर 42 मिनट पर हुआ। नहाय खाय के साथ छठ महापर्व का आरंभ हो जाता है। छठ के पहले दिन नहाय खाय से होती है, इस दिन व्रत रखने वाली महिला और पुरुष सिर्फ एक समय ही भोजन करते हैं। इसके साथ ही भोजन ग्रहण करने से पहले सूर्य भगवान को भोग लगाया जाता है। इस दिन अपने घर के पास किसी पवित्र नदी या कुंड में जाकर स्नान भी किया जाता है। स्नान करने से बाद साफ वस्त्र धारण करके ही भोजन ग्रहण करना होता है। इस दिन चने की दाल और लौकी की सब्जी बनाई जाती है। इसके साथ ही पहले दिन व्रत रखने वाले पहले खाना खाते हैं इसके बाद ही परिवार के बाकी लोग भोजन ग्रहण करते हैं।
दूसरा दिन – खरना
खरना छठ पूजा का दूसरा दिन होता है। खरना इस साल 26 अक्टूबर को है। इस दिन का सूर्योदय सुबह 06 बजकर 29 मिनट पर और सूर्यास्त शाम 05 बजकर 41 मिनट पर होगा। छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना किया जाता है। खरना का मतलब है शुद्धिकरण। व्रती इस पूरे दिन उपवास रखती है। फिर शाम के समय मिट्टी के नए चूल्हे पर गुड़ की खीर प्रसाद के रूप में बनाई जाती है। इसी प्रसाद को व्रती ग्रहण करते हैं। फिर इस प्रसाद को बाकी लोगों में बांटा जाता है। इसके बाद से 36 घंटे का लंबा निर्जला उपवास शुरू होता है।
तीसरा दिन – सूर्य षष्ठी
छठ पूजा का तीसरा दिन संध्या अध्र्य का होता है। इस दिन छठ पर्व की मुख्य पूजा की जाती है। इस दिन व्रती घाट पर आते हैं और डूबते सूर्य को अध्र्य देते हैं। इससे पहले व्रत रखने वाली महिलाएं सूर्य निकलने से पहले रात को मिश्री युक्त पानी पीती हैं। उसके बाद शाम के समय सूर्यदेव को अध्र्य दिया जाता है। सूर्य देव की उपासना के लिए इस दिन तरह तरह के पकवान और मौसमी फल आदि अर्पित किए जाते हैं। इस साल छठ पूजा का संध्या अध्र्य 27 अक्टूबर को दिया जाएगा। इस दिन का सूर्योदय सुबह 6 बजकर 30 और सूर्यास्त शाम 05 बजकर 40 मिनट पर होगा।
चौथा दिन – छठ पर्व का समापन
चौथा दिन यानी कार्तिक शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को छठ महापर्व का अंतिम दिन होता है। इस दिन उगते सूर्य को अध्र्य दिया जाता है और व्रत का पारण का होता है। सूर्य देव को अध्र्य देते समय संतान और परिवार की सुख शांति बनाए रखने की कामना की जाती है। सूर्य को अध्र्य देने के बाद प्रसाद ग्रहण कर व्रत का समापन किया जाता है। इस साल 28 अक्टूबर को उगते सूर्य को अध्र्य दिया जाएगा। इस दिन सूर्योदय 06 बजकर 30 मिनट पर होगा और सूर्यास्त शाम 05 बजकर 39 मिनट पर होगा।
छठ पूजा की तिथि
पहला दिन नहाय-खाय 25 अक्टूबर, शनिवार
दूसरा दिन खरना 26 अक्टूबर, रविवार
तीसरा दिन संध्या अध्र्य 27 अक्टूबर, सोमवार
चौथा दिन पारण 28 अक्टूबर, मंगलवार
किसान के खेत से निकला 9 फीट लंबा अजगर, सर्पमित्र ने किया सफल रेस्क्यू
नैनपुर के धतूरा गांव की घटना, वन विभाग की मौजूदगी में सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के नैनपुर मुख्यालय से लगभग 8 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत धतूरा में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक किसान के खेत से 9 फीट लंबा विशाल अजगर निकला। यह घटना शनिवार को हुई, जब किसान खेत में काम कर रहा था और अचानक झाड़ियों के बीच यह विशालकाय अजगर दिखाई दिया।
अजगर को देखकर घबराए किसान ने तुरंत इसकी सूचना नैनपुर निवासी सर्पमित्र आकाश यादवको दी। सूचना मिलते ही आकाश यादव अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और अजगर को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
सर्पमित्र की टीम को अजगर को काबू करने में करीब आधे घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। सफल रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ा गया। इसके बाद, वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में इस 9 फीट लंबे अजगर को गांव से दूर जंगल के सुरक्षित क्षेत्र में ले जाकर छोड़ दिया गया। सर्पमित्र आकाश यादव की तत्परता और सफल रेस्क्यू अभियान के कारण अजगर की जान बच सकी, वहीं ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली।
कान्हा के महिन्द्रा रिसोर्ट में पेस्ट कंट्रोल कर्मचारी की संदिग्ध मौत
10 लाख रुपए के मुआवजा का आवश्वासन, देर शाम तक रहा मार्ग बाधित
रिसोर्ट प्रबंधन पर जवाबदेही न लेने का परिजनों ने लगाया आरोप
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले के सुप्रसिद्ध कान्हा टाईगर रिजर्व क्षेत्र स्थित महिंद्रा रिसोर्ट में पेस्ट कंट्रोल का कार्य करने वाले एक कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि जहरीली दवाइयों के छिड़काव के दौरान तबीयत बिगडऩे से यह घटना हुई है, जिसके बाद न्याय और उचित मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने अस्पताल के सामने चक्काजाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित रहा।
जानकारी अनुसार टंकेश गौतम शनिवार सुबह रिसोर्ट में पेस्ट कंट्रोल का कार्य कर रहा था, इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे तुरंत मोचा अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बम्हनी बंजर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि महिंद्रा रिसोर्ट प्रबंधन द्वारा इस घटना की कोई भी जवाबदारी नहीं ली जा रही है और न ही किसी प्रकार की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसी को लेकर परिजनों ने बम्हनी बंजर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। देर शाम तक परिजन मौके पर मुआवजे और न्याय की मांग पर अड़े रहे, जिसके कारण आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी
बताया गया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए देर शाम तक प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा। एसडीएम बिछिया सोनाली देव और एसडीओपी नैनपुर मनीष राज सहित अन्य अधिकारी परिजनों से सतत बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास करते रहे, लेकिन परिजन मानने को तैयार नहीं हुए। बड़ी मशक्कत और समझाईश के बाद परिजन माने। इसके बाद शाम करीब 7.30 बजे प्रदर्शन बंद किया गया और मार्ग से आवागमन शुरू किया गया। इसके साथ ही मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपए के मुआवजा का आवश्वासन दिया गया।
स्कूली छात्राओं को बेची शराब, लगा दो लाख का जुर्माना
सीसीटीवी फुटेज में पुष्टि के बाद लाइसेंस शर्त उल्लंघन पर की सख्त कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के नैनपुर की एक शराब दुकान से शुक्रवार को स्कूली छात्राओं द्वारा शराब खरीदने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई। स्कूल यूनिफॉर्म में छात्राओं के शराब दुकान के बाहर नजर आने की इन तस्वीरों ने हर किसी को विचलित कर दिया है, जिसके बाद जिला प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल इस मामले को संज्ञान लेते हुए शराब दुकान की जांच के लिए नैनपुर एसडीएम को निर्देश दिए। कलेक्टर मंडला ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित लाइसेंस धारक पर दो लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया है।
जिला आबकारी अधिकारी मंडला ने बताया कि कंपोजिट मदिरा दुकान नैनपुर क्रमांक-1 पर शुक्रवार को स्कूल की छात्राओं को मदिरा खरीदी किए जाने संबंधी शिकायत मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आई थी। जिसके बाद नैनपुर एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। इस दौरान नैनपुर एसडीएम आशुतोष ठाकुर और तहसीलदार नैनपुर की उपस्थिति में आबकारी उपनिरीक्षक द्वारा दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की गहन जांच की गई। जांच में पाया गया कि स्कूल यूनिफॉर्म में छात्राओं को मदिरा विक्रय किया गया, जिसकी पुष्टि एसडीएम आशुतोष ठाकुर ने भी की। मंडला आबकारी विभाग ने बताया कि यह कृत्य मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम का गंभीर उल्लंघन है, जो नाबालिगों और स्कूली छात्रों को मदिरा विक्रय को प्रतिबंधित करता है।
बताया गया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने लाइसेंस धारक के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए दो लाख रूपए के जुर्माने से दंडित किया है। अनुज्ञप्तिधारी के विरूद्ध प्रकरण कायम किया गया है और अनुज्ञप्तिधारी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए विभागीय फैसला चाहा है। इसके साथ ही जिले के सभी अनुज्ञप्तिधारियों को सख्त हिदायत दी गई है, जिससे भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।
दिए तले अंधेरा, दीपावली बाद भी शिक्षकों को नहीं मिला डीए और क्रमोन्नति एरियर
कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए 21 नवंबर तक भुगतान का दिया निर्देश, शिक्षकों ने जताया आभार
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले के बीईओ कार्यालय मंडला में दिए तले अंधेरा वाली कहावत सच साबित हो रही है। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग कार्यालय के ठीक बगल में स्थित होने के बावजूद बीईओ कार्यालय द्वारा दीपावली जैसे बड़े पर्व के बीत जाने के बाद भी शिक्षकों को अब तक डीए एरियर और एक साल से लंबित क्रमोन्नति एरियर का भुगतान नहीं किया जा सका है। बताया गया कि कार्यालय द्वारा शिक्षकों की अधिक संख्या का हवाला देकर समस्याओं को टाला जा रहा था, जबकि भुगतान प्रक्रिया में बाबुओं के साथ कम्प्यूटर ऑपरेटर और समय-समय पर शिक्षकों का भी सहयोग लिया जाता है। इस देरी और कथित भेदभाव को लेकर शिक्षकों में गहरा असंतोष व्याप्त था।
बताया गया कि एरियर भुगतान में हो रही देरी को लेकर अपाक्स जिलाध्यक्ष संजीव सोनी और महासचिव अमरसिंह चंदेला के नेतृत्व में विभिन्न शिक्षक संगठनों ने मोर्चा खोला। अपाक्स ब्लॉक अध्यक्ष भजन गवले, एनएमओपीएस जिलाध्यक्ष सनातन सैनी, ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी प्रकाश सिंगौर, संजीव दुबे, राजेश सिरसाम सहित दर्जनों शिक्षकों ने बीईओ रंजीत गुप्ता की अनुपस्थिति में मंडल संयोजक विवेक शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर एरियर का शीघ्र भुगतान कराने का अनुरोध किया।
कलेक्टर ने तय की अंतिम तिथि
शिक्षकों ने इस संबंध में जिला कलेक्टर सोमेश मिश्रा से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडला कलेक्टर ने तुरंत बीईओ रंजीत गुप्ता और सहायक आयुक्त वंदना गुप्ता को कलेक्ट्रेट तलब किया। उन्होंने शिक्षकों के सामने ही दोनों अधिकारियों को पूरे जिले के शिक्षकों को 21 नवंबर तक सभी प्रकार के एरियर का भुगतान सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। कलेक्टर द्वारा समय-सीमा में भुगतान कराने के निर्देश का शिक्षकों ने स्वागत किया और लंबित क्रमोन्नति एरियर सहित सभी भुगतान सुनिश्चित होने की उम्मीद पर कलेक्टर मंडला का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
तकनीकी गड़बड़ी के चलते दो साल से अटका शिक्षकों का टेबलेट भुगतान, डीपीसी को सौंपा ज्ञापन
भुगतान न होने पर आदेशों का पालन न करने की चेतावनी
डीपीसी ने भोपाल जाकर समस्या सुलझाने का दिया आश्वासन
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले में प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों को टेबलेट क्रय करने के लिए राशि का भुगतान दो साल बाद भी न होने पर शिक्षक संगठनों ने कड़ा रुख अपनाया है। अपाक्स और ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिला परियोजना समन्वयक कुलदीप कटहल को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र भुगतान की मांग की। बताया गया कि राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा 2023 में प्राथमिक और 2024 में माध्यमिक शिक्षकों के लिए टेबलेट खरीदना अनिवार्य किया गया था। जिला शिक्षा केंद्र (डीपीसी) के दबाव पर शिक्षकों ने टेबलेट क्रय तो कर लिए, लेकिन आज दिनांक तक 50 से अधिक शिक्षकों को राशि का भुगतान नहीं किया गया है। जिला शिक्षा केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार यह भुगतान राज्य शिक्षा केंद्र के पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ी के कारण रुका हुआ है।
अपाक्स जिलाध्यक्ष संजीव सोनी और महासचिव अमरसिंह चंदेला ने डीपीसी को सौंपे ज्ञापन में कहां है कि कार्यालय द्वारा टेबलेट खरीदने के लिए बाध्य किया गया था, इसलिए भुगतान कराने की संपूर्ण जिम्मेदारी कार्यालय प्रमुख की है। शिक्षक संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि भुगतान शीघ्र नहीं किया गया, तो सभी शिक्षक भविष्य में इन कार्यालयों द्वारा जारी किए गए आदेशों का पालन करने या न करने पर विचार करेंगे।
ज्ञापन सौंपने के बाद डीपीसी कुलदीप कटहल और एपीसी शेषमणि गौतम ने तत्परता दिखाते हुए जिला प्रोग्रामर को बुलाया और समस्या समझी। डीपीसी ने शिक्षकों को आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही राज्य शिक्षा केंद्र से पत्राचार करेंगे और आवश्यकता पडऩे पर स्वयं भोपाल जाकर इस तकनीकी गड़बड़ी को दूर कराकर शेष शिक्षकों को टेबलेट की राशि का भुगतान सुनिश्चित करवाएंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान अपाक्स मंडला ब्लाक अध्यक्ष भजन गवले, प्रकाश सिंगौर, सुरेश श्रीवास्तव, आशीष तिवारी, भुवनेश्वर धूमकेतु, उपाध्यक्ष राजेश सिरसाम, गौतम सूर, शशिबाला राय, विष्णु भूमिया, मनोज चौरसिया, सुरेश कुंजाम, पतिराम डिबरिया, लाल सिंह भलावी, संतोष पुरी गोस्वामी सहित दर्जनों शिक्षक उपस्थित रहे।
स्थानीय मड़ई किसी त्यौहार से कम नहीं
ग्राम बिनैका में भरी मड़ई, लोगों ने उठाया आनंद
मंडला महावीर न्यूज 29.मड़ई-मेलों की शुरूआत हो चुकी है। जिला मुख्यालय के समीप बिनैका और महाराजपुर में भी मड़ई का आयोजन किया गया। यहां अहिरों के परंपरागत नृत्य का लुफ्त उठाने लोगों की भीड़ बनी रही। दोपहर से ही मड़ई स्थल में लोगों का पहुंचना शुरु हो गया देर रात तक चलता रहा। यहां कपडे से लेकर सस्ते गहने जूते-चपल, सब्जी, और खेल खिलौने और मोबाइल से सबंधित सामग्रीयों की दुकानें सजाई गई। इस मेले मे जहां जिले की संस्कृति की परंपरागत झलक दिखाई पड़ रही थी वहीं युग परिवर्तन का नजारा देखने को मिला।
मड़ई में आसपास गांव से पहुंचे युवाओं ने झुलों का आनंद लिया। बच्चों के लिए पहुंचे झूले में भी भीड़ लगी रही। मड़ई में खिलौने, मिठाई, चूड़ी, कपड़े, बर्तनों की दुकानें, सिंघाड़े, चाट फुल्की, सोंदर्य सामग्री की दुकानों में ज्यादा भीड़ देखने को मिली। लोगों का रुझान गर्म कपड़ों में देखने को मिला कंबल, ऊनी कपड़े, स्कार्प आदि को पंसद करने के लिए दुकानों में जमघट लगा रहा। बताया गया कि बिनैका मड़ई के बाद दो दिवसीय सेमरखापा की मड़ई का आयोजन किया जाएगा।
अहीरों ने ब्याही मड़ई
मड़ई ब्याहने आये अहीर परंपरागत वेशभूषा में थे ओर उन्होने अहीर नृत्य के साथ मड़ई का फै रा लिया और देव जगाने के लिए अलाप लगाई। नजारा देखने लायक था और इस नजारे को देखने के लिए कुछ देर के लिए मडई मे शामिल लोग खरीददारी भूलकर मड़ई के चारों तरफ फे रे लगाकर नाच रहे लोगो को देखने लगे। हाथ में फरसा और लाठी लिए झूमते गाते अहीर पूरी तरह से मस्त थे। मस्ती का यह दौर कुछ देर नहीं बल्कि सारा दिन चलता रहा। जिस गांव से भी चंडी आती मड़ई के फे रे लगाकर लोग नाचने लगते। मड़ई मे नाचने के बाद विशेष वेशभूषा से सजे अहीरों ने लोगो के प्रतिष्ठानों और घरों में भी नृत्य किया।
किसी ने खरीदी मिठाई तो किसी ने खरीदे खिलौने
मड़ई में सभी वर्ग के लोगों के लिए खाने-पीने से लेकर मनोरंजन और कई आवश्यक सामग्रियों की दुकानें लगाई गई थी। दीवाली में जहां मिठाईयों की कीमत 300 से 1000 रूपये प्रति किग्रा थी तो वहीं मड़ई की मिठाईयां 60 से 80 रूपये प्रति किग्रा में बिकी। शक्कर के अधिक इस्तेमाल से बनने वाली इन मिठाईयों की बच्चों ने जमकर खरीदी कराई। मड़ई में दैनिक जरूरत के सामान के साथ अन्य सामग्रियों की खरीदी लोगों ने की। बिनैका मड़ई में देर शाम तक काफी भीड़-भाड़ देखने को मिली।
स्वास्थ्य सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें-डॉ. अमृत लाल
नारायणगंज सेक्टर की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
अनमोल एप पर एएनसी रजिस्ट्रेशन अनिवार्य, गंभीर गर्भवती केस को तुरंत उच्च स्वास्थ्य केंद्र रेफर करने के दिए निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज के अंतर्गत संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन और साप्ताहिक समीक्षा के लिए बैठक का आयोजन किया गया। यह समीक्षा बैठक सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिसमें नारायणगंज सेक्टर की सीएचओ, एएनएम और सुपरवाइजर मौजूद रहे। बैठक में अनमोल एप पर एएनसी पंजीयन करने, मातृ व शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, टीकाकरण, परिवार कल्याण एवं किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम सहित अन्य संचालित योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।
आयोजित समीक्षा बैठक में सुपरवाईजर मदनलाल परते ने उपस्थित कर्मचारियों से स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा करते हुए कहा कि अनमोल एप में एएनसी पंजीयन करना अनिवार्य है। इसके तहत एएनसी की प्रथम तिमाही में एण्ट्री और चौथी जांच की एण्ट्री एप में समय पर की जाए। इसके साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं को उच्च स्वास्थ्य केंद्र के लिए निर्देशित किया गया। इस दौरान मातृ एवं शिशु मृत्यु दर की जानकारी भी सभी उपस्थित कर्मचारियों से ली गई।
बैठक में गंभीर गर्भवती केस समय पर रैफर करने और घर में होने वाले प्रसवों की जानकारी ली गई। इसके साथ ही वीएचएनडी सत्रों में उपलब्ध औषधि एवं वैक्सीन की सूची की समीक्षा की गई। सभी सीएचओ और एएनएम को निर्देशित किया गया कि वे अपने ग्रामों के गंभीर गर्भवती केसों को समय रहते उच्च स्वास्थ्य केंद्र में रैफर करें, जिससे उन्हें समय पर और समुचित उपचार मिल सके। समीक्षा में आरबीएसके मोबाइल टीम को विद्यालयों में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करने के लिए निर्देशित किया गया।
टीबी मरीजों को दिया जाएगा फूड बास्केट
टीबी मरीजों को पोषण आहार बास्केट और राष्ट्रीय क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम पर विशेष चर्चा की गई। एसटीएस देवेंद्र साहू ने बताया कि निक्षय एप में अब मरीजों की आभा आईडी बनाना और आईडी बनाते समय उनकी जाति दर्ज करना अनिवार्य होगा। उन्होंने यह भी बताया कि सभी टीबी मरीजों को पोषण आहार के रूप में फूड बास्केट दिया जाएगा। इसके साथ ही टीबी संभावित मरीजों के सैंपल पीपीएसए एजेंट के माध्यम से सीएचसी लैब में भेजने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ये रहे मौजूद
साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सीबीएमओ डा. अमृत लाल कोल, सुपरवाईजर मदनलाल परते, बीईई विजय मरावी, बीसीएम शैलेंद्र सिंह, एसटीएस देवेन्द्र साहू, सुपरवाइजर, सीएचओ डॉ. शाहिद हुसैन, रंजीता पटेल, पूजा, रुक्मिणी मरावी, जयंती उरैती, राजकुमार मरावी, टिकरिया सीएचओ, टिकरिया एएनएम माधुरी सोनी, शिवकुमारी पटेल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
चलती इंटरसिटी में चढ़ते समय प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंसा यात्री
कमर्शियल इंस्पेक्टर ने दिखाई जांबाजी, नैनपुर रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला
लिपिक को बचाने में इंस्पेक्टर खुद भी घिसटा, जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी में चढऩे की जल्दबाजी में हुआ हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के नैनपुर रेलवे स्टेशन में शुक्रवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा उस समय टल गया, जब चलती इंटरसिटी एक्सप्रेस में चढऩे का प्रयास कर रहे एक यात्री का पैर फिसल गया और वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। मौके पर ड्यूटी पर मौजूद कमर्शियल इंस्पेक्टर किशोर समुन्द्रे की तत्परता और बहादुरी से यात्री की जान बचाई जा सकी।
बताया गया कि यह घटना सुबह करीब 8 बजे की है। जब लखनादौन निवासी देवेंद्र डहरिया जो मंडला न्यायालय में लिपिक के पद पर कार्यरत हैं, जबलपुर से रायपुर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस पकडऩे के लिए स्टेशन पहुंचे थे। बताया गया कि जैसे ही वह प्लेटफॉर्म पर पहुंचे, ट्रेन चलने लगी। जल्दबाजी में ट्रेन में चढऩे के प्रयास के दौरान उनका पैर फिसल गया और वे ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच की खतरनाक जगह में गिर गए।
प्लेटफॉर्म पर टिकटों की जांच कर रहे कमर्शियल इंस्पेक्टर किशोर समुन्द्रे ने यह दुर्घटना होते हुए देख लिया। उन्होंने बिना समय गंवाए तुरंत दौड़कर यात्री को पकड़ लिया। यात्री को बाहर खींचने के प्रयास में इंस्पेक्टर स्वयं भी प्लेटफॉर्म पर कुछ दूर तक घिसट गए। इंस्पेक्टर की त्वरित कार्रवाई और अन्य यात्रियों की मदद से देवेंद्र डहरिया को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना के कारण ट्रेन भी तत्काल रुक गई और एक बड़ा हादसा टल गया।
पैरों में आई गंभीर चोट
दुर्घटना में यात्री देवेंद्र डहरिया के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत नैनपुर सिविल अस्पताल ले जाया गया। बीएमओ डॉ. चावला ने बताया कि देवेंद्र डहरिया को खरोंचों के साथ पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। फैक्चर की आशंका के चलते उनका एक्स-रे कराया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और आगे की जांच जारी है। इस घटना से ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों से सावधानी बरतने और चलती ट्रेन में ना चढऩे की बात कही है।
अनियंत्रित होकर गिरा बाईक सवार, हुआ घायल
नारायणगंज के भावल में हुआ हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज के ग्राम भावल मार्ग में एक बाईक सवार सामने से आ रहे वाहन को देखकर अचानक अनियंत्रित हो गया। जिसके कारण बाईक सवार बाईक से अपना नियंत्रण खो दिया और बाईक समेत गिर गया। इस हादसे में युवक को हाथ, पैर और शरीर के स्थान में चोटे आई। हादसे के बाद घटना स्थल के पास मौजूद लोगों ने एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उपचार के लिए लाया गया। जहां घायल का युवक का उपचार चल रहा है।
जानकारी अनुसार नेशनल हाईवे 30 मार्ग में बसे ग्राम कालपी निवासी बृजेश मरकाम 32 वर्ष किसी कार्य से नारायणगंज के ग्राम भावल आए हुए थे। जहां से लौटते समय बृजेश की बाईक सामने से आ रहे किसी वाहन को देखकर अनियंत्रित हो गई और वह अपना संतुलन बाईक पर नहीं कर पाया। जिसके कारण बृजेश अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया। हादसे में बृजेश को चोटे आई। स्थानीय लोगों की मदद से युवक बृजेश को 108 एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज पहुंचाया गया। जहां घायल युवक का उपचार शुरू किया गया। फिलहाल युवक की हालत अभी ठीक है।
खेल आयोजन से निखरती है बाल प्रतिभाएं-कलेक्टर सोमेश मिश्रा
हेल्दी-बॉडी, हेल्दी-माइंड की थीम पर ब्रेन चाइल्ड एकेडमी का वार्षिक खेल दिवस संपन्न
मंडला महावीर न्यूज 29.हेल्दी-बॉडी, हेल्दी-माइंड की थीम पर ब्रेन चाइल्ड एकेडमी का वार्षिक खेल दिवस आयोजित किया गया। वार्षिक खेल दिवस पर मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा मुख्य अतिथि रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। हेल्दी-बॉडी, हेल्दी-माइंड की तर्ज पर आयोजित इस भव्य खेल दिवस पर अपने संबोधन में कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि खेल आयोजन से ही बाल प्रतिभाएँ निखरती हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण और बच्चों के जीवन में ज्ञान की रोशनी के प्रतीक स्वरूप टार्च लाइटिंग से हुई। स्कूल के सभी बच्चों ने शानदार शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन करते हुए क्रमबद्ध मार्चपास्ट एवं पीटी (शारीरिक प्रशिक्षण) ड्रिल प्रस्तुत की। बच्चों ने कलात्मक जिमनास्टिक, भारतीय ओलंपिक विजेताओं पर डांस ड्रामा, टीम इंडिया डांस, कलात्मक योगा, महान धावक मिल्खा सिंह पर नाटकीय जीवनी और जुंबा डांस जैसी कलात्मक प्रस्तुतियाँ देकर मुख्य अतिथि एवं अभिभावकों का मन मोह लिया, जिसकी सभी ने खूब सराहना की।
विजेताओं को दिए मेडल व प्रमाण पत्र
बताया गया कि वार्षिक खेल दिवस में 100 मीटर, 200 मीटर, रिले रेस और थीम रेस जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि कलेक्टर ने इस दौरान राज्य व राष्ट्रीय स्तर के खिलाडिय़ों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। खेल दिवस में सीनियर चैम्पियनशिप सूरज शुक्ला, जूनियर चैम्पियनशिप पाखी सिहारे और सब जूनियर चैम्पियनशिप मानवी नेताम ने जीती। खेल दिवस की अध्यक्षता ब्रेन चाइल्ड एकेडमी स्कूल के डायरेक्टर निशांत शुक्ला एवं प्राचार्या दिव्या शुक्ला ने की। वरिष्ठ कॉर्डिनेटर राजुल सिहांनी और सोनिया जैन ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि खेल शिक्षक अभिषेक यादव एवं रवि ठाकुर ने आयोजन में विशेष भूमिका निभाई।
स्कूल यूनिफॉर्म में स्कूली छात्राओं ने खरीदी शराब
नैनपुर की तस्वीरें वायरल, हरकत में जिला प्रशासन
नाबालिगों को शराब बेचने की पुष्टि, एसडीएम ने मौके पर की जाँच
आबकारी विभाग को कार्रवाई के निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के नैनपुर की एक शराब दुकान से स्कूली छात्राओं द्वारा शराब खरीदने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। स्कूल यूनिफॉर्म में छात्राओं के शराब दुकान के बाहर नजर आने की इन तस्वीरों ने हर किसी को विचलित कर दिया है, जिसके बाद जिला प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया।
मामला सामने आने और सोशल मीडिया पर तस्वीरों के वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। मंडला कलेक्टर के निर्देश पर शाम को खुद एसडीएम नैनपुर आशुतोष ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर दुकान का निरीक्षण किया। एसडीएम ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी गहन जांच की।
एसडीएम आशुतोष ठाकुर ने प्रारंभिक जांच के बाद घटना की पुष्टि की। उन्होंने मीडिया को बताया कि शुरुआती जांच में स्कूली छात्राओं को शराब बेचे जाने की पुष्टि हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाबालिगों को किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ बेचना शराब विक्रय लाइसेंस की शर्तों का गंभीर उल्लंघन है।
प्रशासनिक जांच में अनियमितता पाए जाने के बाद एसडीएम ने इस पूरे मामले में आबकारी विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन को देखते हुए दुकान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन इस मामले में आगे की कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित कर रहा है।
शतचंडी मैदान में हुआ अयोध्या जैसा उत्सव, निवास में झूमे भक्त
श्रीराम कथा के चौथे दिन महामंडलेश्वर स्वामी आत्मानंद गिरि ने सुनाया श्रीराम जन्म का दिव्य वर्णन
भय प्रकट कृपाला की महाआरती से गूंज उठा पंडाल
मंडला महावीर न्यूज 29.निवास नगर के शतचंडी मैदान में चल रही संगीतमय श्री राम कथा के चौथे दिन जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी आत्मानंद गिरि महाराज द्वारा श्रीराम जन्म की दिव्य कथा का वर्णन किया गया। इस दौरान कथा में मौजूद श्रद्धालु भजनों पर जमकर झूमे। महामंडलेश्वर स्वामी आत्मानंद गिरि ने बताया कि किस प्रकार महाराज दशरथ के यहां महारानी कौशल्या, कैकेयी और सुमित्रा को पुत्र योग का शुभ संयोग बना। उन्होंने कहा कि महाराज के चारों पुत्रों के जन्म से संपूर्ण राज्य में आनंद का माहौल था। खुशी में हर ओर गंधर्व गान और नृत्य होने लगा, देवताओं ने पुष्प वर्षा की तथा महाराज दशरथ ने ब्राह्मणों को दान-दक्षिणा और दरबारियों को रत्न आभूषण भेंट कर आशीर्वाद लिया।
भगवान राम के जन्म के वर्णन के साथ ही अयोध्या में मचे आनंद का वृत्तांत सुनाया, जिसमें राजा दशरथ ने संपूर्ण नगर में बधाइयाँ दीं और मिठाई बंटवाई। इस अवसर पर कथा पंडाल का माहौल भी पूरी तरह से उत्सवमय हो गया। पूरा पंडाल भय प्रकट कृपाला, दीनदयाला के महाआरती गायन से गुंजायमान हो उठा। भगवान श्री राम की बाल झांकी के साथ रंगीन आतिशबाजी और बैंड बाजों की धुन पर श्रद्धालु जमकर झूमे।
कथावाचक ने जन्म के विशिष्ट समय का भी सूक्ष्म वर्णन किया। उन्होंने बताया कि सबसे पहले महाराज दशरथ की बड़ी रानी कौशल्या ने जो शिशु को जन्म दिया, वह बेहद ही कांतिवान, नील वर्ण और तेजोमय था। इस शिशु का जन्म चैत्र मास की शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को पुनर्वसु नक्षत्र में हुआ था। इस समय सूर्य, मंगल, शनि, बृहस्पति तथा शुक्र अपने-अपने उच्च स्थानों में विराजित थे और कर्क लग्न का उदय हुआ था। इसके बाद शुभ नक्षत्रों में कैकेयी और सुमित्रा ने भी अपने-अपने तेजस्वी पुत्रों को जन्म दिया। अंतत: कथा समापन होने के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
मुख्यालय से शुरू मड़ई, परंपरिक पौशाक में रहे अहीर
मढ़ई ब्याहनें पहुंचे पहुआ, उमड़ा जनसैलाब
मंडला महावीर न्यूज 29.जिला मुख्यालय में इस वर्ष भी भाईदूज के अवसर पर राजराजेश्वरी वार्ड के कलंका बुर्ज के सामने मैदान में मढ़ई का आयोजन किया गया। जहां जगह की कमी देखने को मिली। पुरात्तव विभाग ने पुरातन धरोहर को संजोने के लिए विगत वर्ष बुर्ज का मरम्मतीकरण किया गया था। जिसके आसपास बाऊंड्रीवॉल का निर्माण भी किया गया है। मड़ई के लिए स्थल को एक दिन पहले ही नपा सफाई कर्मचारियों द्वारा साफ किया था।
बताया गया कि जिला मुख्यालय से शुरू मड़ई को लेकर भारी उत्साह बच्चों से लेकर बुजुर्गो तक देखा गया। सुबह से मढ़ई स्थल में दुकानें सजना शुरू हो गई। जिनमें देशी मिठाईयां, कपड़े, खिलौने, वाद्य यंत्र, सिंघाड़ा, कांदा जैसे अनेकों प्रतिष्ठान सजे, अनेकों प्रकार के झूले लगाए गए। शहर की मुख्य मड़ई होने के कारण शहर के आसपास के लोग मड़ई में एकत्रित होना शुरू हो गए और शाम 5 बजे से मढ़ई ने विशाल रूप ले लिया।
ब्याही गई मड़ई
हाथों में चंडी लिए मानादेई, मड़ईखापा, माली मोहगांव, गौंझी, सुरंगदेवरी, देवदरा समेत अन्य जगहों से पहुआ मड़ई ब्याहने के लिए नेहरू स्मारक में एकत्रित हुए और किले घाट से भी पहुआ अहिर बंधु राजराजेश्वरी वार्ड मड़ई ब्याहने आए। वर्षो से मड़ई ब्याहने की यह परंपरा आज भी इनके द्वारा चलाई जा रही है। बांस में मौर के पंखों को लगाकर सजाया जाता है। जिसे लेकर पहुआ मैदान में पहुंचे। वहीं जंगली भैंस के सींग की ध्वनि करते हुए चण्डी ब्याहने पहुआ मैदान में आए और चंडी के आसपास घूमते हुए मढ़ई को ब्याहा। लोग उन पर चांवल व उड़द के दाना फैक रहे थे। जिससे उनके ऊपर बुरी आत्माओं का साया इन पहुआ के साथ चंडी अपने में समाहित कर ले। जिससे अनेकों रोगों, बुरी बलाओं से आम जनों को मुक्ति मिलती है।
पूजी गई गंगो दाई
चंडी लगाने की एक परंपरा के चलते तालाबों में मिलने वाले गुदला कांदा को बारीक-बारीक काटकर और फूल मालाओं के साथ बांस में बांधा जाता है। जिसे चबंटी गंगो दाई भी कहते है। एक दोरी में गंगो दाई को सवार कराकर उनकी पूजा अर्चना की जाती है। किले घाट से पानी पिलाकर सीधे मढ़ई के बीच में लाया गया। जिनके आसपास घूमते हुए चकौड़ा बीज, उड़द दाल, चांवल छिडक़ते हुए आशीर्वाद लिया। कहा जाता है चंडी में सभी चंडी देवियों का वास होता है। यादव समाज के साथ-साथ इसमें सम्मिलित होने वाले आदिवासी बंधु भी बड़े उत्साह से चंडी की पूजा अर्चना करते है और गंगो दाई को पूजते है। मड़ई को ब्याहते हुए अनेक अहिर बंधुओं के साथ महिलाओं को भी भाव का अहसास होने लगता है।
परंपरिक पौषाक में रहे अहीर
प्रत्येक वर्षो की तरह इस वर्ष भी कोड़ी की माला को गाय के बालों में गुथकर उसके जेवर बनाए जाते है और वहीं कोड़ी को कपड़े में गुथकर छाला बनाया जाता है। जिसे पहनकर अहिर बंधुओं के द्वारा नाचा जाता है। पैर में घुघरू, तोरण पहनकर थाली व मादर की आवाज के साथ जब अहिर नृत्य होता है। जिसे देख लोग स्वयं को झूमने से नहीं रोक पाते। इनकी यह वेशभूषा दीवारी दोहा के साथ चार चांद लगा देती है।
अब शुरू होगी मढ़ई
भाईदूज के दिन मंडला मढ़ई के बाद जिले के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मढ़ई की शुरूआत हुई। जिनमें बिनैका, जंतीपुर, सेमरखापा, बम्हनी, सहस्त्रधारा, राजीव कालोनी देवदरा, घोड़ा घाट, सीता रपटन, सतबहनी, रामनगर, छिगराघाट आदि की मढ़ई प्रमुख है। प्रत्येक ग्रामीण अंचलों में भी तिथि अनुसार मढ़ई के आयोजन होंगे।
मड़ई में अव्यवस्था
इस बार भी मड़ई में अव्यवस्थाएं व्याप्त रही। पहुंच मार्ग में सकरा होने के कारण जाम की स्थिति बनी रही। किले तक पहुंचने के लिए एक मात्र रास्ता है। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। महाराजपुर पुरवा से भी लोग नाव से नर्मदा जी पार कर मड़ई का आनंद लेने पहुंचे।
भाई बहन के पवित्र बंधन का उदाहरण है भाई दूज
भाई की लंबी उम्र के लिए की प्रार्थना, लगाया तिलक
मंडला महावीर न्यूज 29.दीपावली के बाद तीसरे दिन भाईदूज का पर्व मनाया गया। हिन्दू धर्म के अनुसार तिलक व प्रार्थना का बड़ा महत्व है। जिसके चलते बहनों ने सुबह से ही स्नानादि से निवृत्त होकर भगवान की पूजा के बाद घर में गोबर से बनाए गए गोबरर्धन पर्वत की पूजा अर्चना की। दूज माता से भाई की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना की। भाईयों को तिलक लगाया और उन्हें नारियल भेंट कर मिठाई खिलाई और भगवान से प्रार्थना की कि उनके भाई हंसते खेलते बाधाओं से सुरक्षित रहे और अच्छे स्वास्थ्य के साथ रहे।
बहनों ने अपने भाई की रक्षा एवं उन्हें हर समस्या को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना यम द्वितीया माता से की। यह क्रम सुबह से लेकर शाम तक प्रत्येक घरों में चलता रहा। जहां भाई नहीं पहुंच पाए। वहां बहनें पहुंची और जहां बहनों का आना नहीं हो सका, वहां भाई पहुंचे। भाई बहिनों के इस पवित्र बंधन का उदाहरण भाई दूज में देखने को मिला।
शास्त्रों के अनुसार भैयादूज अथवा यम द्वितीया में मृत्यु के देवता यमराज का पूजन किया जाता है। इस दिन बहनें भाई को अपने घर आमंत्रित कर या शाम को उनके घर जाकर उन्हें तिलक करती हैं और भोजन कराती हैं। ब्रजमंडल में इस दिन बहनें भाई के साथ यमुना स्नान करती हैं, जिसका विशेष महत्व बताया गया है। भाई के कल्याण और वृद्धि की इच्छा से बहने इस दिन कुछ अन्य मांगलिक विधान भी करती हैं। यमुना तट पर भाई-बहन का समवेत भोजन कल्याणकारी माना जाता है। पौराणिक कथा के अनुसार इस दिन भगवान यमराज अपनी बहन यमुना से मिलने जाते हैं। उन्हीं का अनुकरण करते हुए भारतीय भ्रातृ परम्परा अपनी बहनों से मिलती है और उनका सम्मान पूजनादि कर उनसे आशीर्वाद रूप तिलक प्राप्त कर कृतकृत्य होती हैं।
बहनों ने इस दिन नित्य कृत्य से निवृत्त होकर अपने भाई के दीर्घ जीवन, कल्याण एवं उत्कर्ष के लिए और स्वयं के सौभाग्य के लिए अक्षत, कुंकुमादि से अष्टदल कमल बनाकर इस व्रत का संकल्प कर मृत्यु के देवता यमराज की विधि पूर्वक पूजा की। इसके बाद यमभगिनी यमुना, चित्रगुप्त और यमदूतों की पूजा की। भाई को तिलक लगाकर भोजन कराया।
शक्ति और ब्रह्म का मिलन है शिव विवाह, राम कथा में स्वामी आत्मानंद गिरि ने दिया समरसता का संदेश
निवास के शतचंडी मैदान में तीसरे दिन सुनाई नारद मोह की कथा
अहंकार पर विजय सबसे कठिन
मंडला महावीर न्यूज 29.निवास नगर के शतचंडी मैदान में चल रही संगीतमय श्री राम कथा के तीसरे दिन गुरुवार को महामंडलेश्वर स्वामी श्री आत्मानंद गिरि महाराज ने सैकड़ों श्रद्धालुओं को शिव विवाह और नारद मोह की कथाओं के माध्यम से महत्वपूर्ण आध्यात्मिक संदेश दिए। कथा वाचन के पूर्व, ग्राम नेवसा बहेरा में खेर माई और हनुमान मंदिर होते हुए भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों माताओं और बहनों ने कलश धारण किया।
आचार्य श्री मंगल मूर्ति शास्त्री ने बताया कि भगवान शंकर का विवाह शक्ति और ब्रह्म का मिलन है। उन्होंने संसार को समरसता (समानता) की शिक्षा दी, जब वे अपनी बारात में देव, पितर, भूत-प्रेत और संपूर्ण सृष्टि जगत को साथ लेकर गए। उन्होंने कहा कि पूजन के लिए केवल श्रद्धा और विश्वास अनिवार्य है, क्योंकि भवानी शंकरौ बंदे श्रद्धा विश्वास रूपणम।
कथा में आगे बताया कि नारद मोह की कथा समझाते हुए महाराज ने कहा कि किसी वस्तु को प्राप्त करना सरल है, लेकिन उस पर अहंकार न आना बहुत कठिन है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहाँ राम हैं, वहाँ काम नहीं रह सकता, और चूँकि राम केवल शिव के हृदय में वास करते हैं, इसलिए काम विजेता केवल शिव हो सकते हैं। कथा में निवास नगर सहित आस-पास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण करने पहुँच रहे हैं।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
मंडला एसपी का नक्सल प्रभावित मवई और बिछिया थानों का औचक निरीक्षण
माइक्रो बीट सिस्टम पर दिया जोर
एसपी ने लंबित मार्ग, एक्सीडेंट मामलों की समीक्षा कर वैज्ञानिक तरीके से क्राइम सीन सुरक्षित करने के दिए निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29.पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा ने नक्सल प्रभावित क्षेत्र अंतर्गत थाना मवई एवं बिछिया का औचक निरीक्षण कर थानों की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों और व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। एसपी ने इस दौरान महत्वपूर्ण बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बताया गया कि निरीक्षण का मुख्य केंद्र जिले में लागू माइक्रो बीट सिस्टम का प्रभावी क्रियान्वयन रहा।
एसपी ने बीट प्रभारियों को अपनी बीट पुस्तिका का उचित उपयोग करने और क्षेत्र की महत्वपूर्ण जानकारी नियमित रूप से दर्ज करने पर बल दिया। उन्होंने बीट प्रभारियों को जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने और छोटी-छोटी सूचनाओं को भी उच्चाधिकारियों तक पहुँचाने के लिए निर्देशित किया, जिससे अपराध नियंत्रण में सुधार हो सके।
गंभीर अपराधों के घटना स्थल का किया निरीक्षण
बताया गया कि मंडला एसपी रजत सकलेचा ने गंभीर अपराधों के घटना स्थल का भी निरीक्षण किया और जांच अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपराध दृश्य को वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षित करें। मौके से भौतिक साक्ष्यों को त्रुटिरहित तरीके से संकलित करने और फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने थाने के मालखाने का निरीक्षण कर रिकॉर्ड संधारण की गुणवत्ता और माल में रखे सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही न्यायालय में लंबित जब्त वाहनों और लावारिश वाहनों के शीघ्र निस्तारण (नीलामी/सुपुर्दगी) की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
लंबित मामलों गहराई से की समीक्षा
पेंडिंग केस और स्टाफ कल्याण पेंडिंग मर्ग और सड़क दुर्घटना से जुड़े लंबित मामलों की गहराई से समीक्षा की गई। एसपी ने निर्देश दिया कि दुर्घटना के मामलों में त्वरित जांच पूरी कर जल्द से जल्द चालान पेश किए जाएं। दुर्घटना के कारणों का विश्लेषण कर ब्लैक स्पॉट चिह्नित करने और हिट एंड रन प्रतिकर योजना की कानूनी जानकारी संबंधितों को देने के लिए निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने उपस्थित पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत समस्याओं को सुना और उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई और सबसे महत्वपूर्ण फरियादियों के साथ विनम्र व्यवहार सुनिश्चित कर उनकी शिकायतों का त्वरित एवं संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश दिए।
नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी 12 घंटे के अंदर जंगल से गिरफ्तार
जड़ी-बूटी तोडऩे के बहाने 10 वर्षीय बच्ची को ले गया जंगल
ग्रामीणों की मदद से बच्ची को बचाया
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के हिरदेनगर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चंदवारा में एक 22 वर्षीय युवक को एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को घटना के 12 घंटे के भीतर रात में जंगल से धरदबोचा और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चंदवारा निवासी 22 वर्षीय युवक गोलू वरकडे ने 21 तारीख को गांव की एक 10 वर्ष 11 माह की मासूम को जड़ी बूटी खोजने के बहाने बहला फुसलाकर जंगल ले गया। जंगल में आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। जब बच्ची ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया, तो पास में मवेशी चरा रहे दो ग्रामीणों ने उसकी आवाज सुनी और तत्काल घटना स्थल पर पहुँचे। ग्रामीणों को देखकर आरोपी मौके से भाग गया, जबकि ग्रामीणों ने बच्ची को छुड़ाकर उसके परिजनों को सूचना दी।
पीडि़ता के परिजनों ने तत्काल हिरदेनगर पुलिस चौकी पहुंचकर प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई। मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर हिनदेनगर चौकी प्रभारी विकास तोमर ने अपनी टीम के साथ तत्परता दिखाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी गोलू वरकडे अपने घर से भागकर जंगल में छुप कर बैठा था। पुलिस टीम ने रात के अंधेरे में घेराबंदी कर आरोपी को जंगल से गिरफ्तार कर लिया।
एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना महाराजपुर अंतर्गत हिरदेनगर चौकी में शिकायत दर्ज की गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम की धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मालवाहक ऑटो की टक्कर से सवारी ऑटो पलटा
राजीव कॉलोनी झंडा चौक पर भीषण हादसा
यात्री नहीं होने से टला बड़ा हादसा, खाली आटो का चालक बाल-बाल बचा
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला मुख्यालय की ओर जाने वाले मार्ग पर राजीव कॉलोनी झंडा चौक स्थित हनुमान मंदिर के सामने एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। पॉलीटेक्निक की तरफ से आ रहे एक मालवाहक ऑटो ने सामने से आ रहे एक खाली सवारी ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके कारण सवारी ऑटो पलट गया।
घटना के समय सवारी ऑटो पॉलीटेक्निक कॉलेज की तरफ जा रहा था और उसमें कोई भी यात्री सवार नहीं था। इस वजह से सवारी ऑटो चालक बाल-बाल बच गया, और एक बड़ा जनहानि का हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। हादसे के दौरान कुछ देर के लिए घटना स्थल पर धुंध छा गई। हादसे में सवारी ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया गया कि
टक्कर मारने वाले मालवाहक ऑटो के चालक की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं सवारी ऑटो चालक की पहचान जगत सिंह तेकाम (60 वर्ष), पिता सेवक राम तेकाम, निवासी मंडला के रूप में हुई है। हादसे के बाद घटना स्थल पर लोगों का हुजूम लग गया। स्थानीय लोगों ने मालवाहक ऑटो को रोक लिया। सवारी ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। फिलहाल इस हादसे की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है।
बताया गया कि मालवाहक ऑटो चालक की लापरवाही से एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यदि सवारी ऑटो में यात्री होते, तो यह दुर्घटना बड़े हादसे का रूप ले सकती थी। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक दोनों वाहन चालक आपसी समझौता की बात कर रहे थे।
जीजा ने साले पर बके से किया जानलेवा हमला
घुघरी के ग्वारा में पारिवारिक विवाद
पुलिस की तत्परता से गंभीर घायल साले को तत्काल पहुंचाया अस्पताल, इलाज जारी
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के घुघरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ग्वारा में पारिवारिक विवाद के चलते हुई हिंसक घटना में एक जीजा ने अपने साले पर धारदार हथियार (बका) से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे साला गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी में भर्ती कराया गया है। इसकी घटना की जानकारी घुघरी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र घुघरी पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार यह घटना गुरूवार की है। जब रामचरण पिता उदल मरावी निवासी कांसखेड़ा, थाना बम्हनी अपनी बहन के घर ग्वारा आए हुए थे। इसी दौरान उनका जीजा महेंद्र पिता कन्हैया कुम्हरे निवासी ग्वारा के साथ किसी घरेलू बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। यह विवाद जल्द ही हिंसक रूप ले लिया और जीजा महेंद्र कुम्हरे ने रामचरण पर धारदार बके से हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
बताया गया कि इस घटना की सूचना तत्काल घुघरी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन सक्रिय हुए और 112 की सहायता से तत्काल घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल रामचरण मरावी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी पहुंचाया, जहाँ उनका इलाज शुरू किया गया।
घुघरी पुलिस ने हमलावर महेंद्र कुम्हरे के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। तहसीलदार सीके बट्टे भी मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि विस्तृत कारणों की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
तंत्र-मंत्र की शंका में 48 वर्षीय व्यक्ति की पत्थर से कुचलकर निर्मम हत्या
घुघरी पुलिस की तत्परता से साल्हेघोरी हत्याकांड का आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार
आरेापी को भेजा जेल
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के घुघरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम साल्हेघोरी में मंगलवार रात तंत्र-मंत्र की शंका में एक व्यक्ति की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर आज बुधवार को जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार साल्हेघोरी निवासी 48 वर्षीय सेवकराम मलगाम की हत्या पत्थर पटककर की गई थी। उनका शव घर से कुछ ही दूरी पर एक पत्थर की मेढ़ के पास मिला। घटना की सूचना मिलते ही घुघरी थाना प्रभारी पूजा बघेल के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक रामकिशोर माथरे, सउनि सुंदर लाल पट्टा, आरक्षक राजेश मरकाम और सैनिक पवन सोनवानी की टीम सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने त्वरित छानबीन और कार्रवाई करते हुए गांव के ही 38 वर्षीय पहल सिंह पिता रामदयाल उईके को कुछ ही घंटों में धर दबोचा। बताया गया कि कड़ी पूछताछ में आरोपी पहल सिंह उईके ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने तंत्र-मंत्र की शंका में सेवकराम मलगाम की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या की थी।
आरोपी को भेजा जेल
थाना प्रभारी पूजा बघेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं और हत्या के आरोपी पहल सिंह उईके को गुरूवार को जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस तत्परतापूर्ण कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने सराहना की।
रिपोर्टर- दुर्गेश प्रजापति घुघरी ✍️
रोशनी से जगमगाया शहर, जमकर हुई आतिशबाजी
गोर्वधनपूजा की, भाई दूज से शुरू होगा मड़ई मेले का आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29.दीपावली पर्व का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया। अमावस्य की रात दीप पर्व पर दीपक एवं पटाखों की रोशनी से अंधकार दूर हो गया। आकाश में रोशनी युक्त पटाखों की गूंज देर रात तक सुनाई देती रही। पर्व पर घर, प्रतिष्ठानों में शुभ मुर्हुत पर गणेश एवं लक्ष्मी पूजन किया गया। जिसके बाद पटाखे फूटने का दौर प्रारंभ हुआ। घरों प्रतिष्ठानों में लक्ष्मी पूजन करने के बाद बच्चों के साथ ही नौजवानों बड़ो ने भी जमकर पटाखे छोड़ आतिशबाजी की। देर रात तक पटाखें की गूंज सुनाई दी। आसमान में आतिशबाजी का नजारा देखने को मिला। दीपावली पर्व पर घर-घर में लोगों ने रंग-बिरंगी रंगोलियां उकेरकर दीप जलाए।
आकर्षक रोशनी से सराबोर रहा शहर
अब परांपरागत मिट्टी के दीपक का प्रचलन कम होता जा रहा है। घर एवं प्रतिष्ठानों में पूजन एवं परांपरा को निभाते हुए मिट्टी के दीपक तो रोशन किए लेकिन अब विद्युत रोशनी का जमाना है। चायनीज झालर से विद्युत रोशनी से पूरा शहर जगमगाता रहा।
बच्चे, बड़ों सभी में उत्साह
दीपावली पर्व में सभी में उत्साह देखा गया। घर परिवार में लोगें ने मिलकर पर्व उत्साह के साथ मनाया। परिवार सहित लोगों ने पटाखें फोड़े।
प्रतिष्ठानों में पूजन के बाद नए खाता प्रारंभ
दीपावली पर्व व्यवसाय जगत के लिए भी खास होता है। पुराने खाता बही बंद कर नए खाते बही चालू किए जाते है। पूजन पाठ के बाद नए खातों का आगाज हुआ।
खूब बिके केले के मंडप
दीपावली में प्रतिष्ठानों में साज सज्जा की गई थी। दुकानों को सजाया गया था। पूजन के लिए केले के मंडप बिकने आए। जिन्हें प्रतिष्ठानों में सामने लगाया गया।
घरों में बनाई गई आकर्षक रंगोली
घर घर में दीपावली के दिन महिलाएं, युवतियां, बच्चे सुबह का काम काज जल्दी जल्दी करके अपने आंगन को माता लक्ष्मी के स्वागत के लिए विभिन्न रंगो से आकर्षक एवं सुंदर रंगोलियां बनाई। जिससे घरों की रोनक में चार चांद लगा दिए।
घर-घर पहुंची अहीरों की टोली
परंपरिक वेशभूषा और बैंड, बाजों की धुन में किया नृत्य
मंडला महावीर न्यूज 29.पारंपरिक वेशभूषा और बैंड बाजों की धुन में मदमस्त होकर नृत्य करते अहीरों की टोली के गीत की धुन सुनने वाले को भी थिरकने से रोक नहीं सकता है। अहीर नृत्य परंपरागत रूप से आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला में देखने मिलता है। जिले में यह परंपरा कई वर्षो से चली आ रही है। जिले के हर ग्रामों में अहीरी नृत्य की टोलियां दुकानों और घरों में जाकर परम्परा अनुसार नृत्य करते है। दीवाली और अमावस्या की रात से प्रारंभ अहीरों की यह परंपरा मड़ई मेलों के समापन तक जारी रहता है।
बताया गया कि दीपावली की रात में पूजा अर्चना के बाद यादव समाज के लोग अहीर की परंपरागत वेशभूषा धारण कर आशीष देने घर घर पहुंचे। जिसके बाद अहीर की टोली का घर-घर पहुंचने का दौर अब शुरू हो गया है। दीपावली के दूसरे दिन सुबह 9 बजे से अहीरों की टोली नृत्य करते हुए घर, दुकानों व प्रतिष्ठानो में पहुंचकर आशीष दिए। बैंडबाजे की धुन में नृत्य करती अहीर की टोली को देखने के लिए लोग भी उत्साहित रहते हैं। आगामी दिनो में भी जिले के विभिन्न क्षेत्र में लगने वाली मड़ई की शुरूआत चंडी पूजा के साथ अहीर ही करेंगे हैं।
राजेश यादव ने बताया कि अहीर नृत्य के लिए जिन परंपरागत वस्त्रों को धारण किया जाता है, उसकी पहले पूजा की जाती है। पूजा के बाद अहीर परंपरा अनुसार उस विशेष वस्त्र को धारण करके घर-घर और प्रतिष्ठानों में जाकर देव को जगाते है और लोग अहीरों की टोली को उपहार भेंट करके विदा करते है। यह सिलसिला जिले में आयोजित होने वाले मड़ई मेलों के समापन तक चलता रहता है। बताया गया कि ऐसी मान्यता है कि श्री कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को उठाकर गोकुल वासियों के जीवन की रक्षा की थी। इस दौरान गोवर्धन पर्वत का भी पूजन किया जाता है।
अहीर कोडिय़ो से करते है श्रृंगार
अहीरों की टोली दीवाली की रात से जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण अंचलों में अपने परंपरिक वेशभूषा में सज धज कर निकलते है। उनके साथ गाजे-बाजे बजाने वाले भी साथ चलते है। श्रृंगार में अहीरी वेशभूषा आकर्षण का केन्द्र रहती है जो कोडिय़ों से जड़ी रहती है। नृत्य के दौरान बांसुरी वादन के साथ नृत्य करते हुए गीतों की प्रस्तुति लोगों का मनमोह लेती है।
अवैध शराब परिवहन पर शिकंजा, नाकाबंदी देख कार चालक मौके से फरार, तलाश जारी
मनेरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
22 पेटी अंग्रेजी शराब से भरी नई बलेनो कार जब्त
जब्त सामग्री की कीमत 10 लाख से अधिक
मंडला महावीर न्यूज 29.पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी निवास के निर्देशन में चौकी मनेरी पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सफलता हासिल की है। पुलिस ने लगभग 10 लाख रुपये मूल्य का अवैध शराब का जखीरा और एक बिना नंबर की नई कार जब्त की है।
जानकारी अनुसार सोमवार को तड़के सुबह गश्त के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि निवास की ओर से जबलपुर दिशा में नीले रंग की बिना नंबर की बलेनो कार में अवैध अंग्रेजी शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही चौकी मनेरी पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए एकेवीएन ऑफिस के पास मेड़ी मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की।
बताया गया कि नाकाबंदी देखकर कार चालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को कार के अंदर कुल 22 पेटी में 193.13 लीटर अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने जब्त किये गए सामान में अंग्रेजी शराब करीब 1 लाख 53 हजार 872 रूपए बलेनो कार बिना नंबर की अनुमानित कीमत 8 लाख 50 हजार रूपए समेत करीब 10 लाख रूपए का माल जब्त किया गया।
पुलिस ने इस संबंध में आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। यह कार्रवाई प्रभारी चौकी मनेरी उपनिरीक्षक शशांक शुक्ला के नेतृत्व में की गई। इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में कार्यवाह सहायक उपनिरीक्षक मनोज सेन, प्रधान आरक्षक अरविंद सिंह, अभिषेक मिश्रा, आरक्षक आनंद कुमार कोरी, मुकेश कुमार, सैनिक योगेश पटेल का सराहनीय योगदान रहा।
बिजली का फंदा लगाकर किया था शिकार, डॉग स्क्वायड जांच में हुआ खुला
सबूत मिटाने आरोपियों ने दबाया था माता तेंदुए का शव
वन विभाग ने तीन आरोपियों को दबोचा, एक फरार
बम्हनी परिक्षेत्र के वृत्त राता में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले के पश्चिम सामान्य वन मंडल क्षेत्र अंतर्गत बम्हनी परिक्षेत्र के वृत्त राता में जमीन में गड़े मादा तेंदुए के शव मिलने के सनसनीखेज मामले में वन विभाग ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस अवैध शिकार के मामले में चार लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि मुख्य आरोपी में से एक अभी भी फरार है। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सभी आरोपी ग्राम झांगुल के निवासी हैं। गिरफ्तार किये गए आरोपियों में धरम सिंह उइके, मैन सिंह पन्द्रे और कुंजी लाल यादव है। वहीं एक आरोपी मंतू वयाम फरार हो गया है। जिसकी पतासाजी की जा रही है।
एसडीओ श्रीराम सूत्रकार ने बताया कि डॉग स्क्वायड की जांच से आरोपी धरम सिंह पर संदेह गहराया। गहन पूछताछ में धरम सिंह ने स्वीकार किया कि तेंदुए के शव को घसीट कर गड्ढे में दबाया गया था। धरम सिंह ने अन्य तीन आरोपी मैन सिंह पन्द्रे, कुंजी लाल यादव और मंतू वयाम को घटना स्थल के पास संदिग्ध गतिविधि करते देखा था। धरम सिंह के घर से चीतल का सींग भी बरामद हुई है। प्राथमिक जांच में यह सामने आया कि आरोपियों का मूल उद्देश्य किसी अन्य जानवर का मांस के लिए शिकार करना था, लेकिन उनके लगाए गए बिजली के फंदे में दुर्घटनावश तेंदुआ फंस गया। इसके बाद आरोपियों ने शिकार के सबूत मिटाने के लिए शव को जमीन में दबा दिया था।
ऐसे आया मामला सामने
यह मामला 18 अक्टूबर की रात दीपावली पर्व के दौरान तब सामने आया जब गश्ती दल को बीट झांगुल कक्ष क्रमांक आरएफ 792 से लगे राजस्व क्षेत्र में लैंटाना की झाडिय़ों के बीच तेंदुए का शव जमीन में दबा मिला, जिसका केवल एक पिछला पैर और पूंछ बाहर दिख रही थी। जांच में घटनास्थल से करीब 10 मीटर दूर बिजली के खंभे के नीचे करेंट से जली जमीन, खूंटी गड़ाने के निशान, जीआई तार के टुकड़े और हुक बरामद हुए थे। वन विभाग ने 19 अक्टूबर को शव को निकालकर वन्यजीव फॉरेंसिक जांच के लिए जबलपुर स्थित पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय भेजा था। वन विभाग ने बताया कि फरार आरोपी मंतू वयाम की तलाश जारी है।
बिछिया एसडीएम सोनाली देव ने छात्रावास के बच्चों के साथ मनाई दीवाली
बिछिया अधिकारी बनीं बच्चों की प्रेरणा, जेईई, नीट, क्लेट की दी जानकारी, अहीर नृत्य की सराहना
मंडला महावीर न्यूज 29.दीपावली पर्व के अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बिछिया सोनाली देव ने एक अनूठी पहल करते हुए सीनियर आदिवासी बालक छात्रावास सिझोरा के बच्चों के बीच पहुंचकर उनके साथ उत्साह और धूमधाम से दीपावली मनाई। पिछले वर्ष की परंपरा को दोहराते हुए बच्चों के बीच अपनी आइडल अधिकारी को पाकर छात्र भी बेहद खुश हुए।
बताया गया कि एसडीएम सोनाली देव ने छात्रावास में छात्रों के साथ विधिवत लक्ष्मी पूजन किया, माल्यार्पण किया और दीपमाला का पहला दीप जलाया। उन्होंने बच्चों को पटाखे, चॉकलेट और गिफ्ट प्रदान किए। अधिकारी ने बच्चों के साथ मिलकर खूब पटाखे जलाए और उनके द्वारा किए गए अहीर नृत्य की जमकर तारीफ की।
कैरियर पर दिया मार्गदर्शन और किया संवाद
बच्चों के बीच बैठकर अनुविभागीय अधिकारी ने छात्रावास की गतिविधियों, साप्ताहिक टेस्ट परीक्षा की तैयारी और प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने छात्रों को भविष्य के लिए मार्गदर्शन देते हुए कैरियर निर्माण योजना, समय प्रबंधन, और अवसर का लाभ उठाने के बारे में बताया। उन्होंने जेईई, नीट, क्लेट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं और देश के विभिन्न प्रख्यात विश्वविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी भी छात्रों को दी।
स्थानीय मिलेट के साथ विशेष भोजन
दीपावली के इस खास अवसर पर एसडीएम सोनाली देव ने छात्रावास के छात्रों के साथ विशेष भोजन भी किया। भोजन में स्थानीय मिलेट जैसे कोदो भात, कुटकी की खीर और सरसों की साग जैसे पारंपरिक व्यंजन परोसे गए। उन्होंने स्वादिष्ट भोजन के लिए छात्रावास के रसोइयों की भी तारीफ की।
छात्रों से की विशेष चर्चा
उन्होंने प्रतिभावान छात्र 10वीं में 95 प्रतिशत लाने वाले विमल प्रकाश मुराली और एथलेटिक्स में गोल्ड मेडलिस्ट नीतू मरावी से विशेष रूप से चर्चा की और उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर जिला परियोजना समन्वयक मंडला सह विकासखंड शिक्षा अधिकारी बिछिया कुलदीप कठल एवं छात्रावास अधीक्षक शीतेन्द्र सिंगौर भी उपस्थित रहे।
विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल ने मनाया दीपोत्सव
दीपावली पर्व के शुभ अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद (बजरंग दल) ने भुआ बिछिया केंद्र स्थल के मंदिरों में दीपोत्सव मनाया गया। संपूर्ण कार्यक्रम में वरिष्ठ मार्गदर्शक विश्राम सिंह मार्को जी (रिटायर्ड एएसआई), नगर अध्यक्ष (विहिप) सचिन तेकाम जी, प्रखंड मंत्री राजू भाषंत जी, जिला धर्मप्रसार प्रमुख विवेक कुमार पाण्डेय जी, मातृशक्ति जिला संयोजिका बबीता दीदी, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती रजनी दीदी तथा मंदिरों के प्रमुख पुजारी, नगर के वरिष्ठजन, मातृशक्ति समूह एवं सभी सनातनी बंधुओं द्वारा प्रत्येक मंदिर में मंत्रोच्चार से दीप प्रज्ज्वलित एवं प्रसाद अर्पण कर दीपावली पर्व मनाया गया एवं समाज में शांति, सौहाद्र तथा धर्म स्थापना हेतु प्रार्थना की गई।
सर्वप्रथम श्री हनुमानलला आश्रम में दीपोत्सव संपन्न हुआ, उसके पश्चात बंजारी धाम, भुआ खेरमाई, श्रीराममंदिर, विनोद रंगमंच, थाना परिसर में हनुमान जी दरबार, राजराजेश्वरी रेंज मंदिर, बिछिया खेरमाई, तालाबटोला शिव मंदिर, जंतीपुर हनुमान मंदिर, इस प्रकार सभी मंदिरों में विश्व हिन्दू परिषद (बजरंग दल) नगर बिछिया द्वारा दीपोत्सव कार्यक्रम संपन्न किया गया, जिसमें नगर के सभी सनातनी हिन्दू एवं मातृशक्तियां उपस्थित रहीं।
ग्रामीण बैंक ने डिफाल्टर गोपी लाल का मकान किया जब्त
1090 वर्गफीट प्लॉट पर बैंक का कब्जा, ऋण बकायेदारों को सख्त चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29. न्यायालय जिलादंडाधिकारी मंडला के आदेश के अनुपालन में मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा बिंझिया ने एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। बैंक ने भवन ऋण डिफाल्टर गोपी लाल कछवाहा निवासी कोरगांव पंचायत हल्का क्रमांक 31/61 पुरवा के मकान पर सरफेसी एक्ट 2002 के तहत भौतिक कब्जा प्राप्त कर लिया है। बैंक अधिकारियों ने बताया कि ऋणी द्वारा ऋण की अदायगी के लिए बैंक द्वारा पूर्व में कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद न्यायालय जिलादंडाधिकारी मंडला के आदेश पर यह कानूनी कदम उठाया गया। जब्त की गई संपत्ति खसरा नंबर 486/1/2, रकबा 0.0100 हेक्टेयर (प्लॉट क्षेत्रफल लगभग 1090 वर्गफीट) में निर्मित आवासीय भवन है।
प्रशासनिक उपस्थिति में प्रक्रिया संपन्न
मौके पर प्रशासनिक एवं बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर कार्रवाई पूर्ण की गई। इस दौरान मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेश प्रसाद सिंह परस्ते, उप क्षेत्रीय प्रबंधक जितेन्द्र ठाकुर, शाखा प्रबंधक रितु राय, तहसीलदार हिमांशु भलावी, पटवारी, कोटवार और पुलिस बल तैनात रहा।
बकायेदारो को सख्त संदेश
जब्त किए गए मकान पर बैंक की ओर से एक नोटिस बोर्ड लगाया गया है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि संपत्ति का एकमात्र स्वामी अब बैंक है। इसके साथ ही चेतावनी दी गई है कि इस संपत्ति की खरीद, बिक्री या हस्तांतरण करने पर जिम्मेदारी स्वयं खरीददार की होगी। बैंक अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई बकायेदारों को सख्त संदेश देने और ऋण वसूली को मजबूत बनाने के उद्देश्य से की गई है। मंडला जिले में इसे इस प्रकार की एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है, जिससे अन्य ऋण बकायेदारों में भी सतर्कता का माहौल देखा जा रहा है।
पुल से बाइक समेत नीचे गिरा नशे में युवक
टिकरिया थाने के आगे हुआ हादसा
पुल से नीचे गिरा बाइक सवार बाल बाल बचा, पुलिस कर रही जांच
मंडला महावीर न्यूज 29.नारायणगंज क्षेत्र में टिकरिया थाने के आगे नेशनल हाईवे 30 मार्ग में बने पुल के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नारायणगंज निवासी राहुल श्रीवास (30 वर्ष) पिता कैलाश श्रीवास अपनी बाइक से नियंत्रण खो बैठा। जिसके कारण वह बाइक समेत पुल के नीचे पानी में जा गिरे। जिससे युवक घायल हो गया। इसकी जानकारी आसपास के लोगों ने तत्काल टिकरिया पुलिस को दी, जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद घायल युवक को स्वास्थ्य केन्द्र उपचार के लिए ले जाया गया।
बताया गया कि बाईक सवार युवक राहुल नशे में था, जिसके कारण वह हाईवे पर तेज रफ्तार से बाईक पर जा रहा था, इसी दौरान युवक ने अपना नियंत्रण बाईक से खो दिया और नशे की हालत में हाईवे पर बने पुल से नीचे जा गिरा। घटना की जानकारी तत्काल टिकरिया थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और समस्त स्टाफ बिना विलंब किए मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल राहुल को पानी से बाहर निकाला और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज ले जाया गया।
गनीमत रही कि पुल से गिरने के बावजूद राहुल को कोई गंभीर चोट नहीं आई। चिकित्सक ने युवक का उपचार शुरू किया। उपचार के बाद फिलहाल युवक की हालत अब ठीक है। टिकरिया पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
ग्राम पंचायत पड़रिया में आदेश की खुली अवहेलना
बाजार ठेकेदार ने मृदा शिल्पियों से की अवैध वसूली
नि:शुल्क स्थान के सरकारी आदेश की उड़ी धज्जियाँ
मंडला महावीर न्यूज 29.दीपावली जैसे प्रमुख पर्व के अवसर पर जहां प्रदेश भर में मृदा शिल्पी (कुम्हार) समुदाय के लोग अपने परम्परागत व्यवसाय को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रहे थे, वहीं नारायणगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत पड़रिया से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पंचायत के बाजार ठेकेदार द्वारा स्पष्ट सरकारी निर्देशों की खुली अवहेलना करते हुए मृदाशिल्पी दुकानदारों से जबरन बाजार कर (मार्केट टैक्स) वसूला गया है।
जानकारी अनुसार जिला पंचायत कार्यालय मंडला द्वारा पूर्व में स्पष्ट आदेश जारी किए गए थे। इन आदेशों में निर्देश दिया गया था कि दीपावली के अवसर पर परंपरागत माटी शिल्पियों, कुम्हार समाज के कलाकारों को अपने हस्तनिर्मित उत्पाद दिये, खिलौने, सजावटी सामग्री आदि की बिक्री के लिए हाट-बाजार में निशुल्क स्थान उपलब्ध कराया जाए। इस जिला आदेश के अनुपालन में ग्राम पंचायत पड़रिया ने भी अपने आदेश के तहत बाजार ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए थे कि ऐसे मृदाशिल्पियों को बाजार क्षेत्र में बिना किसी शुल्क के उचित स्थान दिया जाए।
जबरन वसूली और धमकी
बताया गया कि ठेकेदार ने पंचायत के आदेश की खुली अवहेलना की और मृदाशिल्पियों से जबरन बाजार कर वसूला। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि जब उन्होंने इस अवैध वसूली का विरोध किया, तो ठेकेदार ने उन्हें धमकी भरे लहजे में कहा कि दुकान लगानी है तो लगाओ, नहीं तो घर जाओ। इस धमकी से भयभीत होकर कई मृदाशिल्पियों को मजबूरन भुगतान करना पड़ा। दुकानदारों ने यह भी बताया कि उनसे पैसे तो वसूल लिए गए, लेकिन किसी को भी रसीद नहीं दी गई। रसीद मांगने पर ठेकेदार महिला ने आक्रोश में अपशब्दों का प्रयोग किया और र्दुव्यवहार किया।
मृदाशिल्पियों का आक्रोश
इस पूरे घटनाक्रम से मृदाशिल्पी समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। एक स्थानीय मृदाशिल्पी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा हम लोग सालभर इसी त्योहार पर अपनी मेहनत का फल बेचते हैं। सरकार कहती है कि हमें समर्थन दिया जाएगा, पर यहां तो हमसे जबरन पैसे लेकर हमें डराया-धमकाया जा रहा है। ग्रामीणों और शिल्पियों ने प्रशासन से ऐसे ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, जिससे भविष्य में किसी भी कलाकार या छोटे व्यापारी को इस प्रकार की गुंडागर्दी और अवैध वसूली का सामना न करना पड़े।
वृद्धाश्रम में मनाई स्नेह की दीपावली
श्रमजीवी पत्रकार परिषद ने वृद्धजनों का किया सम्मान
वृद्धजनों का सम्मान ही सच्चे अर्थों में संस्कृति का निर्वाह
माहिष्मती घाट स्थित वृद्धाश्रम में दीपावली उत्सव
मंडला महावीर न्यूज 29.माहिष्मती घाट स्थित रेडक्रॉस वृद्धाश्रम में दीपावली के अवसर पर उस समय एक भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला, जब जिले के समाजसेवियों ने यहां निवासरत वृद्धजनों के साथ त्यौहार मनाकर उनका स्नेहपूर्वक सम्मान किया। यह आयोजन श्रमजीवी पत्रकार परिषद की पहल पर किया गया। इस विशेष अवसर पर आयोजकों ने वृद्धजनों को सामग्री देकर सम्मानित किया और उन्हें मिठाई, फल तथा पुष्प भेंट कर दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। वृद्धाश्रम परिसर में माता लक्ष्मी का विधिवत पूजन, आरती और प्रसादी वितरण किया गया। वृद्धाश्रम के वरिष्ठ सदस्य रघुनाथ नंदा ने पूजन संपन्न कराया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रमजीवी पत्रकार परिषद के जिलाध्यक्ष नीरज अग्रवाल रहे। नीरज अग्रवाल ने वृद्धजनों को मिठाई खिलाई और उनके साथ मिलकर दीपावली पूजन एवं आरती में भाग लिया। मुख्य अतिथि नीरज अग्रवाल ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि, वृद्धजनों का सम्मान करना ही सच्चे अर्थों में संस्कृति और संस्कार का निर्वाह है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इनके आशीर्वाद से ही समाज में सुख-समृद्धि और शांति बनी रहती है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि दीपावली जैसे पर्व का असली उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब हम इसे समाज के उन लोगों के साथ मनाएं, जिन्हें स्नेह और अपनेपन की सबसे अधिक आवश्यकता है।
इस प्रेरणादायक पहल में रेडक्रॉस संस्था के वरिष्ठ सदस्य राजेश क्षत्री, जन परिषद जिला अध्यक्ष मुकेश सोनी, सुधीर कांसकर, किशोर रजक, रेनू कछवाहा, श्रीमती उमा यादव, रोहित बघेल, दीपक बैरागी सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने वृद्धजनों के साथ समय बिताकर उन्हें यह एहसास दिलाया कि समाज आज भी उनके योगदान को याद करता है।
वृद्धाश्रम के संचालकों एवं निवासियों ने इस आयोजन के लिए आयोजकों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन उनके जीवन में नई ऊर्जा और उमंग भरते हैं। दीपों की रौशनी और मिठास से ओत-प्रोत यह दिन वृद्धजनों के चेहरों पर मुस्कान छोड़ गया, और श्रमजीवी पत्रकार परिषद की यह पहल समाज के लिए एक प्रेरणा बनी।
महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन एवं पोषण माह
हनुमान घाट पर सुरक्षित पर्यटन और पोषण माह पर बैठक
राष्ट्रीय किशोर कार्यक्रम के परामर्शदाता हुए शामिल
मंडला में स्वच्छता एवं पोषण जागरूकता अभियान
मंडला महावीर न्यूज 29.महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल कार्यक्रम और पोषण माह की गतिविधियों के अंतर्गत हनुमान घाट पर एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय किशोर कार्यक्रम के सभी परामर्शदाताओं और सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन सुनिश्चित करने के साथ ही पोषण और स्वच्छता के महत्व पर जागरूकता फैलाना था। इस दौरान कार्ड संस्था द्वारा पोषण आहार और स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी विस्तार से साझा की गई। उपस्थित सभी सदस्यों को इन विषयों पर व्यापक जानकारी प्रदान की गई। बैठक के तुरंत बाद राष्ट्रीय किशोर कार्यक्रम के सदस्यों ने होटल, रिसोर्ट व विभिन्न भीड़-भाड़ वाली जगहों पर पहुंचकर इन विषयों के प्रति जागरूकता के लिए प्रचार-प्रसार किया।
संदेश को गांवों तक पहुंचाने की पहल
परामर्शदाता नीरज दुबे ने इस अवसर पर कहा कि इस महत्वपूर्ण जानकारी को केवल शहर तक सीमित न रखते हुए आगे विभिन्न क्लस्टर और गांवों तक भी पहुंचाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक यह आवश्यक जानकारी पहुँच सके। उन्होंने सभी सदस्यों से इस जागरूकता अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया।
पोषण आहार और स्वच्छता की दी जानकारी
इस बैठक के माध्यम से राष्ट्रीय किशोर कार्यक्रम के परामर्शदाताओं और सदस्यों ने कार्ड संस्था के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने संकल्प लिया कि वे पोषण आहार और स्वच्छता के महत्व के बारे में अपने किशोर-किशोरी साथिया को जानकारी प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। यह पहल इन विषयों पर जागरूकता बढ़ाएगी और समुदाय में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक होगी।
दीपावली पर कलाकार शुभ साहू का कमाल: 18 घंटे में बनाया 8×4 फीट का ‘पंचमुखी हनुमान’ रंगोली चित्र
नरसिम्हा, गरुड़ और वराह स्वरूप में सजे हनुमान जी; अनोखी रचनात्मक कलाकृति बनी शहर का मुख्य आकर्षण
दीपों के पर्व पर कला का अनूठा प्रदर्शन: शुभ साहू ने पंचमुखी हनुमान की विशाल रंगोली से मन मोहा
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर के कलाकार और आर्किटेक्ट शुभ साहू ने एक बार फिर अपनी रचनात्मक कलाकृति से जनमानस को चकित कर दिया है। विगत कई वर्षों से दीपावली के अवसर पर अनोखी रंगोलियां बनाने की परंपरा को कायम रखते हुए, इस वर्ष शुभ ने पंचमुखी हनुमान जी की एक विशाल रंगोली बनाई है, जो पूरे शहर में आकर्षण का केंद्र बन गई है।
शुभ साहू द्वारा बनाई गई यह रंगोली 8 X 4 फीट की है और इसे पूरा करने में उन्हें लगभग 18 घंटे का समय लगा है। यह रंगोली साधारण फूलों या प्रकृति के चित्रण से अलग, धार्मिक और पौराणिक महत्व रखती है। पंचमुखी हनुमान जी के इस रूप में पांच मुख शामिल हैं, जिनमें नरसिम्हा, वराह, हनुमान जी, गरुड़ और हैग्रीव जी के दिव्य स्वरूपों को दर्शाया गया है।
कलाकार का दृष्टिकोण
चित्रकार के साथ-साथ आर्किटेक्ट भी रहे शुभ साहू ने बताया कि रंगोली तो सभी बनाते हैं, जिसमें सुंदर फूल और प्रकृति के चित्र शामिल होते हैं, लेकिन उनका मानना है कि क्यों न हम इस त्यौहार में अपनी रचनात्मक कलाकृति को निखारें और उसे धार्मिक आस्था से जोड़ें।
जनता में उत्साह
शुभ साहू की इस अनोखी कलाकृति को देखने के लिए शहर के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों के लोग भी बड़ी संख्या में आ रहे हैं। दर्शक इस रंगोली के साथ अपनी तस्वीरें खिंचवाकर इसे सदैव अपनी यादों में जीवंत रख रहे हैं। शुभ साहू आशीर्वाद एम्पोरियम के संचालक मनोज व पूनम साहू के बड़े सुपुत्र हैं और उनकी कलाकारी हर साल मंडला के दीपोत्सव में एक नया रंग भर देती है।
148 बटालियन सीआरपीएफ ने बटालियन परिसर में मनाया दीपोत्सव: कमाण्डेन्ट ने बढ़ाया जवानों का मनोबल
एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना के साथ जवानों ने मनाया त्यौहार, मुख्यालय में हुई सामूहिक पूजा और दावत
देश सेवा के बीच जवानों ने परिवार की कमी पूरी कर हर्षोल्लास से मनाई दीवाली
मंडला महावीर न्यूज 29. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 148 बटालियनने 20 अक्टूबर 2025 को अपने बटालियन मुख्यालय में दिवाली का पर्व बड़े उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया। देश की सेवा में अपने घरों से दूर रहने वाले जवानों के लिए यह एक यादगार अवसर था, जहाँ बटालियन ने उनके लिए एक खुशनुमा और जीवंत पारिवारिक माहौल बनाने का प्रयास किया।
कमाण्डेन्ट ने किया दीप प्रज्वलित:
समारोह की शुरुआत बटालियन के कमाण्डेन्ट श्री विक्रांत सांरगपाणि द्वारा विधिवत दीप प्रज्वलित पूजा से हुई। इसके बाद, सभी अधिकारियों और जवानों ने भी दीप प्रज्वलित किए, जिससे मुख्यालय परिसर रोशनी से जगमगा उठा। इस अवसर पर बटालियन के सभी अधिकारी, जवान और उनके परिवार एक साथ मिलकर खुशियाँ बाँटीं।
सकारात्मकता का संदेश:
कमांडेंट श्री विक्रांत सांरगपाणि ने जवानों को संबोधित करते हुए उनकी देश के प्रति निस्वार्थ सेवा और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिवाली का यह त्यौहार हमें नकारात्मकता को सकारात्मकता में बदलने का संदेश देता है और यह पर्व कठिन परिस्थितियों में तैनात जवानों के मनोबल को बढ़ाने का काम करता है।
भाईचारा और एकता:
यह उत्सव बटालियन में आपसी भाईचारे और सामुदायिक भावना को और मजबूत करने का जरिया बना। विभिन्न राज्यों से आए जवानों ने एक साथ मिलकर त्यौहार मनाया, जिससे ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना प्रतिबिंबित हुई। मुख्यालय मेस में विशेष पकवानों के साथ बड़े खाने का आयोजन किया गया, जिसमें जवानों ने सामूहिक रूप से भोजन का आनंद लिया।
समारोह में श्री मनोरंजन कुमार, उप कमाण्डेन्ट, सूबेदार अंकुष शर्मा के साथ वाहिनी के अन्य अधिनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने भाग लिया। यह समारोह इस बात का प्रमाण है कि कर्तव्य पथ पर रहते हुए भी जवान अपने त्योहारों को पूरी उमंग और उत्साह के साथ मनाते हैं, जिससे उनका मनोबल हमेशा ऊंचा बना रहता है।
अनिष्ट की आशंका में यहां एक दिन पहले ही मनाते है त्यौहार
नियत तिथि से पहले मनाई दीपावली, लोगों में रहा उत्साह
की गई लक्ष्मी पूजा, आज होगा सैला और कर्मा नृत्य
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले में एक अनोखा गांव धनगांव विकासखंड मंडला और निवास के बीच करीब 40 किमी पर है। यह ग्राम धनगांव विकासखंड मोहगांव के सबसे अंतिम छोर में बसा है, जो मंडला और निवास के बीच में है। यहां कई वर्षो से चली आ रही एक अनोखी परंपरा है। जिसका निर्वाहन यहां के ग्रामीण कर रहे है। वर्ष के मुख्य तीन त्यौहार होली, दीवाली और हरियाली अमावस्या में यहां नियत तिथि के एक दिन पहले ही त्यौहार मना लिया जाता है।
करीब एक हजार की आबादी वाले ग्राम धनगांव में हर घर दीप जले, आतिशबाजी हुई, गले लगाकर एक दूसरे को पर्व की बधाईयां दी गई। यह सब जब हम आज दीवाली की पूजा करेंगे, लेकिन यह सब धनगांव में एक दिन पहले 19 अक्टूबर रविवार को ही दीवाली का पर्व और लक्ष्मी पूजन कर लिया गया। इस गांव में प्रमुख त्योहारों की खुशियां एक दिन पहले ही मना ली जाती है। स्थानीय लोगों की धारणा है कि ऐसा ना करें तो गांव में विपत्ति आ जाएगी।
बताया गया कि देश भर में जहां आज 20 अक्टूबर को दीपावली पर्व में मां लक्ष्मी का पूजन करेंगे, वहीं ग्राम धनगांव में तय तिथि के एक दिन पहले ही 19 अक्टूबर को दीवाली मनाई गई। सिर्फ इसी साल ही नहीं बल्कि प्रतिवर्ष दिवाली के एक दिन पहले ही दिवाली मना ली जाती है। इसके पीछे ग्रामीणों की अपनी परंपरा और मान्यता है। यहां एक साथ मिलकर ग्रामीण पूजा करते हैं। दीप जलाते हैं और पटाखे फोडऩे के साथ ही सारा गांव मिलकर अपना आदिवासी नृत्य सैला कर खुशियां बांटते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस परंपरा को तोडऩे के कारण पूरे गांव में बीमारियों का प्रकोप फैल जाता है। इसलिए इस गांव के लोग एक दिन पहले त्योहार मनाना उचित समझते हैं। ऐसा नहीं की इससे उनका उत्साह कम होता हो। गांव के ग्रामीण बड़े ही उत्साह के साथ इस दिन का इंतजार करते हैं और सभी मिलकर शाम चार बजे से ही दिवाली का पर्व मनाने लगते हैं। ग्रामीणों के इस त्योहार में कोई भी चीज की कमी नहीं होती। सभी ग्रामीण दीपों के इस पर्व में पहले अपने ग्राम देवताओं की पूजा करते है। इसके बाद खेरमाई के मंदिर में जाकर गांव की खैर मांगी जाती है। फिर घर पर पूजा कर पूरी रात का जागरण भी किया जाता है।
परंपरा का कर रहे निर्वाहन
गांव के ग्रामीण अपने पूर्वजों की बनाई परंपरा को नहीं तोड़ रहे। ऐसे मे गांव में एक दिन पहले मनाए जाने वाले दीवाली त्यौहार को लेकर ग्रामीणों में वही खुशी नजर आती है जो खुशी अन्य त्यौहार मनाते दूसरे लोगों में होती है। ग्रामीण हरी यादव का कहना है कि गांव मे एक दिन पहले दीवाली मनाने की परंपरा के पीछे गांव के बुजूर्गो की मानता है कि इससे गांव के देव खुश होते है और गांव खुशहाल रहता है। जिसके कारण पूर्वजों ने जो परंपरा बनाई थी, उसे हम नहीं तोड़ सकते हैं।
घर के मुख्य द्वार और गौशाला द्वार में रखते है सेमर की लकड़ी
नियत तिथि से एक दिन पहले दीवाली मनाने से पहले सुबह से शाम होते होते तक घर के मुख्य द्वार और गौ शाला के द्वार में सेमर की लकड़ी रख दी जाती है। जिसे पार करके कोई भी घर के अंदर और गो शाला में जाता है। यह परंपरा भी बुजूर्गो द्वारा बनाई गई है। इस सेमर की लकड़ी रखने का भी बुजूर्ग बहुत महत्व बताते है।
लोगों में रहा उत्साह
पर्व को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखने को मिला। दीवाली मनाने के लिये घरों की साफ सफाई, रंग रोगन किया गया। पर्व को मनाने लोग सामूहिक रूप से कार्यक्रम की भी तैयारी की। धनगांव के ग्रामीण उसी चाव और उत्साह से अपनी पहचान आदिवासी लोक नृत्य कर्मा व सैला की तैयारी करने में जुटे रहे। कर्मा और सैला नृत्य आज गांव में बड़े उत्साह के साथ किया जाएगा। गांव में पीढ़ीयों से चली आ रही मान्यता के चलते यहां हर पर्व एक दिन पहले मनाया जाता है।
पूजा के बाद सैला नृत्य की परंपरा
गांव में एक अलग ही पंरपरा है, यहां के रीति रिवाज भी बिल्कुल अलग हैं। यहां ग्रामीण अपने गांव के माता की पूजा करने के बाद शैला नृत्य करते हैं। जिसमें क्या बच्चे क्या बुजुर्ग सभी वर्ग के लोग शामिल होते है। शुक्रवार को लक्ष्मी पूजा की गई। अब आज जब सब दीवाली मनाएंगे तब यहां के वंशिदे दीवाली के बाद के कार्यक्रम आयोजित करेंगे। यहां आज सैला नृत्य बड़े उत्साह के साथ दोपहर बाद किया जाएगा।
आज मनेगी दीवाली, प्रदोष व वृषभ काल में पूजन अत्यंत शुभ
शुभ मुहुर्त में पूजन से मां लक्ष्मी की होगी कृपा
घरों में की गई साज सजावट, बाजार में दिखी चहल पहल
मंडला महावीर न्यूज 29.दीपों का पर्व दीपावली कार्तिक अमावस्या आज मनाई जाएगी। धन और सौभाग्य की अधिष्ठात्री महालक्ष्मी को प्रसन्न करने का यह खास दिवस है। प्रदोष काल में स्थिर लग्न में मां महालक्ष्मी की पूजा अतिफलदायी मानी जाती है। श्रद्धालु शुभ के देवता गणेश, लाभ की देवी महालक्ष्मी और धन के देवता कुबेर की पूजा-अर्चना करेंगे। मां लक्ष्मी के स्वागत के लिए हर तबका अपनी-अपनी तैयारी कर रहा है। मां को प्रसन्न करने के लिए हर तरह के जतन किए जा रहे हैं। घरों की साफ-सफाई के साथ आसपास में भी सफाई हो रही है। घरों की खास सजावट की तैयारी है।
दीपावली पर दीपक पूजन करने से देवी लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं। इस दिन लक्ष्मी पूजा से पहले कलश, भगवान गणेश, विष्णु, इंद्र, कुबेर और देवी सरस्वती की पूजा की परंपरा है। पंडित नीलू महाराज ने बताया कि इस बार दीवाली पर्व में पूजन के दो शुभ मुहूर्त बन रहे है। जिसमें प्रदोष काल व वृषभ काल है। ये दोनो मुहूर्त अत्यंत शुभ माने जाते है। इस दिन की गई पूजा का शुभ फल जल्दी ही मिलेगा। भागवत भूषण आचार्य दिवाकर चौबे ने बताया कि धार्मिक मान्यता है कि शुभ मुहूर्त में पूजा करने पर लक्ष्मी व्यक्ति के पास ही निवास करती हैं। ब्रह्मपुराण के अनुसार आधी रात तक रहने वाली अमावस्या तिथि ही महालक्ष्मी पूजन के लिए श्रेष्ठ होती है। अमावस्या आधी रात तक नहीं होती है तब प्रदोष व्यापिनी तिथि लेनी चाहिए। लक्ष्मी पूजा व दीप दानादि के लिए प्रदोषकाल ही विशेष शुभ माने गए हैं।
गणेश लक्ष्मी पूजन का मुहूर्त
पंडित नीलू महाराज ने बताया कि आज 20 अक्टूबर को दिवाली मनाई जाएगी। आज अमावस्या तिथि दोपहर 03 बजकर 44 मिनट से प्रारंभ होगी जो अगले दिन 21 अक्टूबर की शाम 05 बजकर 54 मिनट तह रहेगी। नीलू महाराज ने बताया कि आज प्रदोष काल व वृषभ काल पूजन के मुहूर्त हैं। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार प्रदोष काल व वृषभ काल में दिवाली पूजन या लक्ष्मी पूजन करना अत्यंत शुभ माना गया है। प्रदोष काल शाम 7 बजकर 05 मिनट से रात 8 बजकर 18 मिनट तक रहेगा। वृषभ काल शाम 7 बजकर 08 मिनट से रात 8 बजकर 18 मिनट तक रहेगा। इस दौरान ही लक्ष्मी पूजन किया जा सकेगा।
22 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा
पंडित विजयानंद शास्त्री ने बताया कि पंचांग के अनुसार कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि की शुरुआत 21 अक्टूबर को शाम 05 बजकर 54 मिनट से होगी। जिसका समापन 22 अक्टूबर को रात 08 बजकर 16 मिनट पर होगा। जिसके कारण गोवर्धन पूजा का त्योहार 22 अक्टूबर को मनाया जाएगा। शास्त्री जी ने बताया कि भगवान श्री कृष्ण की प्रसन्नता के लिए 56 प्रकार के पकवान बनाकर भगवान श्री कृष्ण एवं गिरि राज की पूजा की जाती है।
भैया दूज 23 अक्टूबर को
दीपावली के पंचदिवसीय पर्व का समापन भाई दूज से होता है। यह त्योहार भाई-बहन के अटूट रिश्ते, प्रेम और विश्वास का प्रतीक है, जिसे यम द्वितीया भी कहा जाता है। इस दिन बहनें अपने भाई के माथे पर तिलक करके उनकी लंबी आयु, सुख-समृद्धि और मंगल कामना करती हैं। इस वर्ष 23 अक्टूबर को भाई दूज का पर्व मनाया जाएगा। बताया गया कि कार्तिक मास शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि का आरंभ 22 अक्टूबर रात्रि 08 बजकर 16 मिनट से होगा और समाप्त 23 अक्टूबर रात्रि 10 बजकर 46 मिनट में होगी। इसके बाद भाई दूज 23 अक्टूबर को मनाई जाएगी। भाई को तिलक करने का शुभ मुहूर्त दोपहर 01 बजकर 13 मिनट से दोपहर 03 बजकर 28 मिनट तक है। यह समय अपराह्र काल का है, जो भाई दूज के तिलक के लिए सबसे शुभ और फलदायी माना जाता है।
पुरातन काल से दीवाली की परंपरा
पंडित विजयानंद शास्त्री ने बताया कि रामायण और महाभारत काल से ही देश में दीपावली की परंपरा है। मान्यता है कि भगवान राम के 14 वर्ष के वनवास से वापस अयोध्या लौटने और पांडवों के 13 वर्ष के वनवास-अज्ञातवास से लौटने पर लोगों ने दीप जलाकर अपनी खुशी का इजहार किया था। स्कंध पुराण,विष्णु पुराण के मुताबिक भगवान विष्णु और श्री लक्ष्मी के विवाह के उपलक्ष्य में दीपावली मनायी जाती है।
रात्रि जागरण और चौपड़ खेलने की परंपरा
दीपावली की रात जागरण करने और चौपड़ (जुआ) खेलने की भी परंपरा है। बताया गया कि रात में चौपड़ खेलने से महालक्ष्मी का चलन योग बनता है। जिससे व्यापार का आदान-प्रदान और कर्ज की वापसी तुरंत हो जाती है। कौड़ी और कमलगट्टे से भी चौपड़ खेलने की परंपरा है। इससे धनवर्षा योग बनता है। व्यवसायी अपने प्रतिष्ठान में रात्रि जागरण और चौपड़ खेलते हैं। रात में दुकान आदि खुले रहने से महालक्ष्मी प्रसन्न होती हैं।
हर ग्राहक के लिये कुछ खास है बाजार में
दीपावली को ध्यान मेंं रखते हुुए दुकानदारों ने हर प्रकार से तैयारी कर रखी हैै। हर ग्राहकोंं केे लिए इन व्यापारियोंं ने कुुछ खास रखा हैै। दीपावली केेएक दिन पूर्व बाजार में खासी रौनक दिखाई दी, बड़़ी संख्या मेंं लोग खरीददारी करने बाजार पहुंचे। अपनी इच्छानुसार सभी बाजार से कुुछ न कुुछ खरीदते हुए दिखे। व्यापारी धनतेेरस केेबाद अब दीपावली मेंं ग्राहकोंं को लुभाने तरह-तरह केे जतन कर रहेे है। दुकानोंं की आक र्षक साज-सज्जा की गई है। व्यापारी चमकदार शो रूम केेसाथ-साथ फुटपाथ में उतरकर अपने प्रोडक्ट का प्रचार कर रहेे है। ग्राहकोंं को आकर्षित करने खूब तैयारियांं की। हर किस्म और बजट की वस्तुएं बाजार में उपलब्ध हैै ग्राहकोंं केे समक्ष कई विकल्प रखे गये है। प्रतिस्पर्धा केे इस दौर मेंं ग्रामीण व्यापारी भी पीछेे नहींं है, उदय चौक, कमानिया गेट, सुपर मार्र्केेट मेंं मिट्ï्ïटी की मूर्तियां, दिये, लाई, टोकनी पूजा की सामग्री की दुकानेंं सजी हैै, हर तरफ चकाचौध हैै।
रंगोली से मिलती है लक्ष्मी की कृपा
दीपावली जैसे शुभ अवसर पर तो घर-आंगन एवं प्रवेश द्वारों के साथ-साथ लक्ष्मी-पूजन स्थल पर भी रंगोली सुसज्जित करने का अलग ही आनंद है। रंगोली सजाने का मुख्य भाव यही रहता है कि घर पर लक्ष्मी की कृपा हो, घर-आंगन सुख, समृद्धि एवं वैभव से भरा रहे, भंडार पूर्ण रहे। रंगोली या मांडना हमारी प्राचीन सभ्यता एवं संस्कृति की समृद्धि के प्रतीक हैं, इसलिए चौंसठ कलाओं में मांडना को भी स्थान प्राप्त है। रंगोली को आध्यात्मिक प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण अंग माना गया है। तभी तो विभिन्ना हवनों एवं यज्ञों में वेदी का निर्माण करते समय भी मांडने बनाए जाते हैं। विवाह मंडपों में भी मांडने बनाना हमारी संस्कृति की परंपरा रही है। पूजा-पाठ और शुभ-अवसरों पर फर्श तथा दीवारों की रंगारंग सज्जा करने से हृदय में कल्याणकारी भावनाएं प्रस्फुटित होती हैं तथा उत्सव का सा माहौल तैयार हो जाता है।
अलग-अलग नामों से प्रचलित
हमारे देश में लगभग सभी प्रांतों में मांडना-कला प्रचलित है, परंतु इसे हर क्षेत्र में अलग-अलग नामों से जाना जाता है। मध्यप्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात में रंगोली, आंध्रप्रदेश में मुग्गुल, तमिलनाडु में कोलम, हिमाचल प्रदेश में अदूपना, बंगाल में अल्पना, राजस्थान में मांडणा, बिहार में ऐपन तथा उत्तरप्रदेश में चौक-पूरना कहते हैं। चाहे जिस नाम से भी पुकारा जाए परंतु विभिन्न त्योहारों पर रंग-बिरंगे, लुभावने मांडनों से सजे-संवेरे घर-आंगन लोककला की पराकाष्ठा को दर्शाते हैं। मांडने सिर्फ लोक-कला ही नहीं अपितु नारी हृदय की भावनाओं की सशक्त अभिव्यक्ति भी हैं तभी तो अशिक्षित ग्रामीण महिलाओं के सधे हुए हाथ तथा चित्ताकर्षक रंग-संयोजन किसी को भी चकित कर देते हैं।
सायकोसोशल काउंसिलिंग के लिए बाल कल्याण समिति बनाएगी ड्राफ्ट प्रपोजल
राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य एवं पुनर्वास संस्थान का अध्ययन भ्रमण सम्पन्न
मंडला महावीर न्यूज 29.बाल कल्याण समिति जिला मंडला ने भारत सरकार के राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य एवं पुनर्वास संस्थान, सिहोर के साथ सायको-सोशल काउंसिलिंग के लिए प्रशिक्षण, प्रपत्र निर्माण, आउटरीच अभियान और प्रर्दशनी के लिए संस्थान का अध्ययन भ्रमण किया। भ्रमण में बाल कल्याण समिति जिला मंडला के अध्यक्ष गजेन्द्र गुप्ता और सदस्य रंजीत कछवाहा ने काउंसिलिंग के संबंध में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य एवं पुनर्वास संस्थान, सिहोर के डायरेक्टर डॉ. अखिलेश कुमार शुक्ला और कार्यकारी परिषद सदस्य अर्जुन सिंह से बाल कल्याण समिति के समक्ष आने वाले प्रकरणों में काउंसिलिंग के संबंध में संस्थान की ओर से प्रशिक्षण और प्रपत्र निर्माण पर चर्चा की।
संस्थान के कृति जैन और कर्ण प्रिया ने केस प्रोफार्मा,काउंसिलिंग के आयाम और बाल कल्याण समिति के साथ किए जाने वाले समन्वय और नवाचार पर चर्चा की। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य एवं पुनर्वास संस्थान,सिहोर के साथ समन्वय कर आगामी कार्ययोजना के लिए एक ड्राफ्ट प्रपोजल बनाने की सहमति बनी। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य एवं पुनर्वास संस्थान, मानसिक स्वास्थ्य पुर्नवास के क्षेत्र में कार्य करने वाला एक राष्ट्रीय संस्थान है। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य एवं पुनर्वास संस्थान, भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अंर्तगत एक स्वायत्त संस्थान है।
जुआ खेलते 8 लोग गिरफ्तार, 15 हजार 600 रूपए जब्त
रसैयादोना गांव में अवैध जुआ खेलने वालों पर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई
जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज
जुआ-सट्टा पर मंडला पुलिस का शिकंजा
मंडला महावीर न्यूज 29.पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देश पर अवैध जुआ-सट्टा पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बताया गया कि रविवार रात्रि में मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस टीम ने ग्राम रसैयादोना के पत्ता गोदाम के पीछे जंगल में दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से ताश पत्तों पर रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 08 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से जुए में लगी कुल 15 हजार 600 रूपए नगद राशि और ताश की एक गड्डी जब्त की है। पुलिस ने मौके पर जप्ती पत्रक तैयार कर सभी आरोपी बंटू भारतीया पिता मोहनलाल 30 साल निवासी देवरीदादर, अंकित चंद्रौल पिता मुन्ना 27 साल निवासी बड़ी खैरी, कमलेश उईके पिता लोकराम 28 साल निवासी रसैय्यादोना, राजेश डेहरे पिता चुन्नीलाल 35 साल निवासी रसैय्यादोना, सुनील बंदेवार पिता जागेश्वर 28 साल निवासी कम्पोस कालोनी मंडला, सुकलसिंह सैय्याम पिता भद्देलाल 29 साल निवासी बड़ी खैरी मंडला, राजकुमार कछवाह पिता रामप्रतित 48 साल निवासी बड़ी खैरी मंडला, राजा उर्फ राजकुमार पिता रामप्रसाद मरकाम 38 साल निवासी आमानाला मंडला शामिल थे।
बताया गया कि रसैयादोना के पत्ता गोदाम के पीछे जंगल पकड़े गए सभी आठ आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक सफीक खान के नेतृत्व में की गई। इस दौरान सहायक उपनिरीक्षक भुवनेश्वर बामनकर, आरक्षक प्रियांश, मृदुल, शेखर, रमेश, राजकुमार, दिनेश, चालक आरक्षक ब्रजेश शामिल रहे।
मंडला में जल जीवन मिशन फेल
8 किलोमीटर दूर मानिकपुर गांव दूषित पानी पीने को मजबूर
महिलाएं 2 किलोमीटर पैदल चलने को विवश, दूषित झिरिया का पानी बनी मजबूरी
दूषित पानी बना मौत का कारण, रमतीला की त्रासदी के बाद भी प्रशासन मौन, पीएचई अधिकारी ने नहीं उठाया फोन
पानी का संकट-मिशन के नाम पर करोड़ों खर्च, आदिवासी गांव आज भी प्यासे और बीमार
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले में जल जीवन मिशन के तहत किए गए बड़े-बड़े दावे मवई विकासखंड के धनगांव ग्राम पंचायत अंतर्गत मानिकपुर गांव में खोखले साबित हो रहे हैं। मवई मुख्यालय से महज 8 किलोमीटर दूर स्थित यह आदिवासी बाहुल्य गांव आज भी शुद्ध पेयजल से वंचित है। दूषित पानी पीने की मजबूरी और प्रशासनिक बेपरवाही ने इस क्षेत्र के ग्रामीणों के स्वास्थ्य और जीवन पर गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।
जानकारी अनुसार मानिकपुर गांव के निवासी खासकर महिलाएं सालों से हर दिन सुबह-सुबह करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर एक झिरिया से पानी लाने को मजबूर हैं। यह झिरिया अक्सर गंदा और दूषित पानी देती है, जिसे कपड़े से छानकर पीना ग्रामीणों की नियति बन गई है। गर्भवती महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग समेत पूरा गांव इसी दूषित पानी पर निर्भर है, जिसके कारण बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है।
मिशन-धरातल पर नाकाम, फाइलों में सफल
जल जीवन मिशन के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर दिए गए। गांव में पाइप लाइन बिछाई गई और टंकियों का निर्माण भी हुआ, लेकिन जमीनी हकीकत निराशा जनक है। ग्रामीणों ने बताया कि टंकियों में पानी का भराव नहीं होता। नल-जल योजना के लिए बिजली की आपूर्ति नहीं है। पंचायत के पास नल-जल योजना के संचालन के लिए कोई तकनीकी कर्मचारी मौजूद नहीं है। जिसके कारण गांव में लगे नल पूरी तरह सूखे हैं और सरकारी योजना केवल ठेकेदारों की कमाई और विभागीय फाइलों में ही सफल दिखाई दे रही है।
नहीं टूटी प्रशासन की नींद, जवाबदेही पर गंभीर सवाल
बताया गया कि हाल ही में पड़ोसी रमतीला गांव में दूषित पानी पीने के कारण कई बच्चे गंभीर रूप से बीमार पड़ गए थे और एक महिला की दुखद मृत्यु हो गई थी। इस त्रासदी को प्रमुखता से समाचारों में दिखाए जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से ना तो कोई जांच हुई और ना ही प्रभावित परिवारों तक कोई राहत पहुंची। प्रशासन की संवेदनहीनता की हद तब हो गई जब इस गंभीर विषय पर पीएचई विभाग के सब इंजीनियर से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कॉल रिसीव करना भी उचित नहीं समझा। यह रवैया प्रशासनिक कार्यशैली और जन समस्याओं के प्रति उनकी उदासीनता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
जल आंदोलन की चेतावनी
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मवई अध्यक्ष संतोष रानू हरदहा ने अपने सहयोगियों के साथ मानिकपुर गांव का दौरा किया। उन्होंने महिलाओं की पीड़ा को प्रत्यक्ष रूप से सुनने के बाद जिला कलेक्टर और पीएचई विभाग को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। कांग्रेस पार्टी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए मांग की है कि ऐसे दूषित जल संकट वाले सभी गांवों का तत्काल सर्वे कराकर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शुद्ध जल आपूर्ति की जाए। यदि सरकार इस विषय पर गंभीरता से ध्यान नहीं देती है, तो कांग्रेस ग्रामीणों के साथ मिलकर पूरे जिले में व्यापक जल आंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगी। यह आंदोलन अब केवल पानी का नहीं, बल्कि जन अधिकारों और प्रशासनिक जवाबदेही का होगा।
ओवरलोड मैक्स गाड़ी से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत, नारायणगंज क्षेत्र में हादसा
टिकरिया पुलिस पर लापरवाही का आरोप
ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई न होने से गई जान
मंडला महावीर न्यूज 29.तहसील नारायणगंज थाना टिकरिया क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार शाम लगभग पांच बजे एक हृदय विदारक सड़क हादसा घटित हुआ, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। बताया गया कि हादसा नारायणगंज से ग्राम पंचायत खमरिया किकरामाल की ओर जाने वाले मार्ग में हुआ। जहां मैक्स वाहन क्रमांक एमपी 20 टी 4551 में क्षमता से अधिक सवारियां खचाखच भरी हुई थीं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि वाहन में अत्यधिक भीड़ थी और करीब 10 से 12 लोग गाड़ी के दरवाजों और किनारों पर लटके हुए थे। इसी दौरान बाहर लटका एक युवक अचानक चलती गाड़ी से अपना संतुलन खो बैठा और सड़क पर जा गिरा। गिरने के कारण युवक को सिर और अन्य जगह गंभीर चोटें आईं और उसकी घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद शव का पीएम कराया गया और मामला दर्ज कर पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। स्थानीय ग्रामीणों ने टिकरिया पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इतने दर्दनाक हादसे के बावजूद संबंधित ओवरलोड वाहन को अब तक पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में नहीं लिया गया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि टिकरिया थाना क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों पर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जाती है, जिसके कारण ऐसे वाहन बेखौफ होकर सड़कों पर दौड़ते हैं और आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने पुलिस की इस निष्क्रियता को ही इस दुखद मौत का कारण बताया है।
प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से तत्काल ओवरलोडिंग पर प्रभावी और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने टिकरिया पुलिस की लापरवाही की जांच कर दोषियों पर सख्त कदम उठाने की मांग की है जिससे भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मंडला NRC की सफलता: कुपोषण से जूझ रहे जुड़वा बच्चे 14 दिन में हुए स्वस्थ, 3 किलो पार पहुंचा वजन
जिला चिकित्सालय में जीवनदान: खून की कमी वाले रियांश और दिव्यांश सकुशल डिस्चार्ज, स्टाफ को बधाई
पोषण पुनर्वास केंद्र में चमत्कार: आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की पहल पर स्वस्थ हुए जुड़वा बच्चे
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिला चिकित्सालय के पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) ने एक बड़ी सफलता की कहानी लिखी है। कुपोषण से जूझ रहे जुड़वा बच्चों को 14 दिन के गहन उपचार के बाद पूर्णतः स्वस्थ करके उन्हें डिस्चार्ज किया गया है। यह सफलता आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की जागरूकता और NRC स्टाफ की विशेष निगरानी का परिणाम है।
उपचार के लिए कराया भर्ती
लुडिया ग्राम, ब्लॉक-मंडला निवासी रामकृपाल सैय्याम और संगीता सैय्याम के जुड़वा बच्चे रियांश सैय्याम और दिव्यांश सैय्यामकुपोषण की श्रेणी में आ रहे थे, जिनका वजन काफी कम था । आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की पहल पर बच्चों को स्वयं 3 अक्टूबर 2025 को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया गया ।
भर्ती के समय बच्चों का वजन
रियांश सैय्याम: 2.755 किग्रा (लंबाई 51 सेमी)
दिव्यांश सैय्याम: 2.655 किग्रा (लंबाई 50 सेमी)
केन्द्र में NRC प्रभारी डॉ. कमलेश ठाकुर (शिशु रोग विशेषज्ञ) की निगरानी में, एन.आर.सी. दिशा-निर्देशानुसार दोनों बच्चों का दो सप्ताह तक उपचार किया गया । जांच के दौरान बच्चों में खून की कमी पाई गई, जिसके कारण दोनों को खून भी चढ़ाया गया ।
सफलतापूर्वक डिस्चार्ज
14 दिन के सफल उपचार के बाद, 16 अक्टूबर 2025 को बच्चों को स्वस्थ घोषित कर दिया गया । डिस्चार्ज के समय उनका वजन संतोषजनक रूप से बढ़ गया था:
रियांश सैय्याम: 3.045 किग्रा
दिव्यांश सैय्याम: 3.195 किग्रा
सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे के मार्गदर्शन में बच्चों को सफलतापूर्वक डिस्चार्ज किया गया । केन्द्र की समस्त नर्सिंग स्टाफ (इंदु जंघेला, रोशनी मेरावी, प्रियंका पटेल आदि) और सपोर्ट स्टाफ द्वारा मां व दादी की विशेष निगरानी की गई और उन्हें बच्चों की देखभाल के लिए प्रतिदिन परामर्श दिया गया । मां व दादी को दोनों बच्चों के पूर्णतः शारीरिक रूप से स्वस्थ होने की पुष्टि की गई है , और उन्हें 15 दिवस में फॉलोअप के लिए आने की सलाह दी गई है ।
धनतेरस के साथ हुई पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरूआत
धनतेरस में रही बाजार में रौनक, लोगों ने जमकर की खरीददारी
मंडला महावीर न्यूज 29.सनातन धर्म में कार्तिक मास के कृष्णपक्ष की त्रयोदशी तिथि को धनतेरस पर्व मनाया जाता है। हिंदू धर्म में समृद्धि के प्रतीक पांच दिवसीय दिवाली पर्व का विशेष महत्व है। धनतेरस में शहर के बाजार में खूब धन बरसा। अनुमान के मुताबिक शहर में करोड़ों का व्यापार हुआ। धनतेरस के चलते बाजार में चहल कदमी देखी गई। फुटपाथ से लेकर बड़े-बड़े शो रूम तक लोगों की आवाजाही बनी हुई थी। लोग अपने मन पसंद की चीजें खरीद रहे थे। दुकानदारों ने भी अपनी दुकानों को खास तौर पर सजा रखा था। धनतेरस के शुभ मुहूर्त पर लोगों ने नये वाहन खरीदे। इलेक्ट्रोनिक्स दुकानों में जमकर खरीद-फरोख्त हुई। व्यापारियों के मुताबिक धन तेरस में व्यापार संतोषजनक रहा। कपड़ा दुकानों में लोग कपड़े खरीदने पहुंचे। पर्व के चलते दुकानदारों ने कपड़ों की ढेरों वेरायटी रखी है।
धनतेरस से व्यापार का आगाज हो गया है। सराफा बाजार में रौनक देखी गई। धनतेरस में सराफा बाजार में करोड़ो के व्यापार की उम्मीद जताई गई थी, जो कि बहुत हद तक सही साबित हुई। भले ही सोने की कीमतों में उछाल आया हो फिर भी लोग सोने-चांदी की खरीद फरोख्त खुले हाथ से करते दिखे। धनतेरस व दीपावली में सोना चांदी की खरीदी धार्मिक कारणों से महत्वपूर्ण है, इसलिये हर वर्ग के लोग अपनी क्षमतानुसार सोने चांदी की खरीद करते है।
नरक चतुदर्शी आज
कार्तिक मास के 14 वे दिन नरक चतुदर्शी मनाई जाती है। धनतेरस से पर्वो का सिलसिला शुरू हो गया, धनतेरस के बाद आज नरक चतुदर्शी मनाई जायेगी। इस दिन भगवान श्री कृष्ण ने नरकासुर का वध किया था। इस दिन नारकीय यातना से मुक्ति के लिये विशेष पूजन किया जाता है। शाम को यम के नाम से घर की चौखट में दीप जलाया जाता है। पं. विजयानंद शास्त्री ने बताया कि नरक चतुदर्शी के दिन उपटन लगाकर स्नान करना व दीप जलाना चाहिये।
ऑटोमोबाईल की जमकर बिक्री
धनतेरस के अवसर पर ऑटोमोबाईल की जमकर बिक्री हुई। शुभ मुहूर्त होने के कारण मोटर बाईक एजेंसियों से दर्जनों बाईक खरीदी गई। संचालकों ने बताया कि लोगों ने पहले ही अपनी गाडिय़ां बुक करा दी थी। जिन्हें धनतेरस में उठाया गया। मोटरबाईक कुछ इस तरह से उठी कि शॉ रूम खाली हो गये, जबकि एजेंसियों में धनतेरस के चलते भारी स्टॉक उपलब्ध था।
दीपावली के लिये सजा बाजार
दीपावली पर्व के चलते शहर का बाजार सज गया है। मुख्य बाजार में चारों तरफ रौनक ही रौनक दिखाई दे रही है। कई तरह के सजावटी सामानों से दुकानें भर गई है। हर वर्ग के लोगों के लिये दुकानों में मनपसंद वस्तुएं उपलब्ध है। दीपावली पर्व में व्यापरियों को अच्छे व्यापार की आस है। दीपोत्सव में पडऩे वाले पर्वो के चलते बाजार पूरी तरह से सजा है। ग्राहकों के लिये ढेरों विकल्प रखे गये है। लोग अपनी क्षमतानुसार खरीदी कर रहे है।
सोने चांदी ने बिखेरी चमक
धनतेरस पर सोने चांदी के बाजार ने अपनी खूब चमक बिखेरी। सुबह से ही आभूषण के दुकानों पर सोने-चांदी के जेवरात की खरीदारी करने वाले लोगों की भीड़ देखी गई। सराफा स्थित ज्वैलर्स दुकानों में विभिन्न नए डिजाइन के आभूषणों की महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। कुछ लोगों ने धनतेरस के दिन मनपसंद आभूषण बनाने की का आर्डर भी बुक कराया है। वहीं सोने-चांदी के सिक्कों की खूब खरीदारी हो रही है। चांदी के लक्ष्मी गणेश और आभूषणों की भी मांग रही। बाजार में चांदी के हॉलमार्क सिक्कों की धूम मची रही। सामान्य सिक्कों के मुकाबले यह सिक्के महंगे रहे।
घर-घर में मनाया धनतेरस
धनतेरस का पर्व घर-घर में उत्साह के साथ मनाया गया। धनतेरस से दीपोत्सव पर्व की शुरूआत हो गई। शाम होते ही घरों में दीप जलाये गये। आंगन में आकर्षक रंगोलियां सजाई गई। लोगों ने घर में यम पूजन किया तथा धनवंतरी भगवान का पूजन कर आरोग्य की कामना की। भगवान कुबेर का पूजन भी धनतेरस में किया गया। धनतेरस के साथ ही आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया। देर शाम आतिशबाजी की गई।
झालरें बनी युवाओं की पसंद
घर को सजाने के लिए कैलेंडर और अन्य सजावटी सामानों की खरीद में युवाओं की रुचि अधिक देखी जा रही है। प्लास्टिक के फूलों की लडिय़ां लोगों को पसंद आ रही हैं। झालरों की चमक लोगों का मन मोह रही है। इस बार बाजार में कई कंपनियों ने गिफ्ट पैक के रूप में मिठाई उतारी है।
मंडला पुलिस की बड़ी कार्रवाई
1.60 लाख की चोरी की संपत्ति के साथ दो शातिर चोर गिरफ्तार
बीजाडांडी पुलिस ने सुलझाए चोरी के दो मामले, जबलपुर के दो आरोपी पकड़े गए
मंडला महावीर न्यूज 29.पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला एवं एसडीओपी निवास के मार्गदर्शन में थाना बीजाडांडी पुलिस ने चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से चोरी की गई 1 लाख 60 हजार रुपए मूल्य की संपत्ति बरामद की है।
बताया गया कि बीजाडांडी थाना क्षेत्र में हाल ही में चोरी की दो बड़ी घटनाएं सामने आई थीं। पहली घटना 23 अगस्त को रमतिला तिराहा, बीजाडांडी में हुई थी, जिसमें एक मोटर सायकल की चोरी हुई थी। दूसरी घटना इसके कुछ दिन बाद 30 अगस्त को ग्राम मगरधा बैगा भैरी डेम से हुई, जहाँ से 20 नग लोहे की प्लेटें चुरा ली गई थीं।
ऐसे पकड़े गए आरोपी
चोरों को पकडऩे के लिए बीजाडांडी पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी सहायता का उपयोग किया। इस संयुक्त रणनीति से पुलिस ने खूटा पड़ाव निवासी दो आरोपियों को धर-दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मो. सलीम पिता शेख नजीर 40 वर्ष निवासी आनंद नगर, जबलपुर, इमरान उर्फ इब्बू पिता अब्दुल अजीज 32 वर्ष निवासी शास्त्री वार्ड, जबलपुर है।
1.60 लाख रुपए का सामान जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की मोटर सायकल और लोहे की प्लेटें बरामद कर ली हैं। इसके साथ ही पुलिस ने घटना को अंजाम देने में प्रयुक्त लोडिंग ऑटो को भी जप्त कर लिया है। जप्त की गई संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 1.60 लाख है। जब्त किए गए सामान में मोटर सायकल, 20 नग लोहे की प्लेटें, लोडिंग ऑटो घटना में प्रयुक्त सामान जब्त किया गया था। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पांडेय, उनि. पंकज विश्वकर्मा, सउनि. छविलाल सूर्यवंशी, प्रधान आरक्षक उमाकांत कुमरे, आरक्षक संदीप मेवाड़ा, अलोक मरावी, भोजराम मरकाम, एवं सायबर सेल के आर. सूर्यचंद्र बघेल, सुरेश भटेरे शामिल थे।
धनतेरस पर सौगात
मंडला पुलिस ने 100 मोबाइल लौटाकर रोशन की लोगों की दिवाली
सीईआईआर पोर्टल की मदद से मंडला पुलिस को बड़ी सफलता
डेढ़ साल में 3.25 करोड़ के 2243 फोन रिकवर
धनतेरस पर मंडला पुलिस ने लौटाया उनका खोया हुआ मोबाईल
मंडला महावीर न्यूज 29. धनतेरस के अवसर पर मंडला पुलिस ने एक सराहनीय कार्य करते हुए लोगों को उनका खोया हुआ धन वापस लौटाया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत दर्ज शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने 100 गुम मोबाइल फोन रिकवर किए और उन्हें आज उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। बताया गया कि थाना कोतवाली की मोबाइल रिकवरी टीम और साइबर डेस्क ने पिछले दो माह में अथक प्रयास किए। टीम ने विभिन्न जिलों से समन्वय स्थापित कर कोतवाली थाना क्षेत्र की शिकायतों में 100 मोबाइल दस्तयाब करने में सफलता प्राप्त की। इन मोबाइलों को कंट्रोल रूम में आयोजित एक कार्यक्रम में उनके असली मालिकों को प्रदान किया गया, जिससे उनके चेहरे पर खुशी और त्योहार की रौनक लौट आई।
मंडला पुलिस की यह उपलब्धि मुख्य रूप से सीईआईआर पोर्टल और एनसीआरपी पोर्टल के प्रभावी उपयोग का परिणाम है। पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देश पर प्रत्येक थाने में साइबर डेस्क की स्थापना की गई है और प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की टीम मोबाइल रिकवरी के कार्यों में लगाई गई है। इन प्रयासों के फलस्वरूप मंडला पुलिस ने पिछले डेढ़ वर्षों वर्ष 2024 और 2025 में 2243 मोबाइल रिकवर किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग सवा तीन करोड़ रुपये है। इसमें वर्ष 2025 में 1197 और वर्ष 2024 में 1046 मोबाइल शामिल हैं।
साइबर सुरक्षा एवं सड़क सुरक्षा पर जागरूकता
कंट्रोल रूम में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा ने उपस्थित मोबाइल धारकों, परिजनों और मीडिया प्रतिनिधियों को नेशनल साइबर जागरूकता माह के तहत महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने वर्तमान में हो रहे साइबर फ्रॉड और उनसे बचाव के तरीकों के साथ साइबर स्वच्छता के बारे में भी जानकारी साझा की। इसके साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा ने आमजन को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राह वीर योजना और हिट एंड रन प्रतिकर योजना जैसी शासन की अलग-अलग योजनाओं के संबंध में भी जागरूक किया।
रिकवरी टीम की भूमिका
इस सफल मोबाइल रिकवरी में एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा के नेतृत्व में सायबर नोडल थाना प्रभारी निरीक्षक शफीक खान, सायबर नोडल थाना से पुनीत जंघेला, धीरेन्द्र रुगदिया एवं सायबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ग्वारीघाट पुल पर टला बड़ा हादसा; गोंदिया मेमू पैसेंजर से टकराई बाइक, ट्रेन ड्राइवर की तत्परता से बची युवक की जान
रेलवे पुल पार करना पड़ा महंगा: चलती ट्रेन से टकराने के बाद हिरासत में लिया गया बाइक सवार, RPF को सौंपा
ग्वारीघाट रेलवे पुल पर ट्रेन और बाइक की टक्कर, बड़ा हादसा टला
मंडला महावीर न्यूज 29. शुक्रवार की दोपहर नैनपुर–जबलपुर ब्रॉडगेज रेलखंड के अंतर्गत ग्वारीघाट रेलवे पुल पर एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब एक स्थानीय युवक की बाइक अप दिशा से आ रही गोंदिया-गढ़ा मेमू पैसेंजर ट्रेन से टकरा गई। युवक अपनी बाइक लेकर जोखिम भरे तरीके से रेलवे पुल पार कर रहा था।
टक्कर होते ही ट्रेन चालक ने तत्काल तत्परता दिखाते हुए बीच पुल पर ही ट्रेन रोक दी। इस सूझबूझ के कारण बाइक सवार युवक बाल-बाल बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि ट्रेन की गति अधिक होती, तो यह हादसा बड़ी दुर्घटना में बदल सकता था, लेकिन ट्रेन की गति धीमी होने के कारण जनहानि नहीं हुई।
हादसे के तुरंत बाद ट्रेन चालक और गार्ड ने युवक को मौके से हिरासत में लिया। बाद में, उसे ग्वारीघाट रेलवे पुलिस बल (RPF) के हवाले कर दिया गया।
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि ग्वारीघाट रेलवे पुल से अक्सर लोग अपनी जान जोखिम में डालकर दोपहिया वाहन लेकर गुजरते हैं। इस तरह की लापरवाही के कारण पुल पर हमेशा दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है।
आयुष विभाग में धूमधाम से मनाई गई धन्वंतरि जयंती
मंत्री संपतिया उइके ने की पूजा-अर्चना
मंडला महावीर न्यूज 29. आयुष विभाग द्वारा धन्वंतरि जयंती के अवसर पर शुक्रवार को विशेष पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान धन्वंतरि की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को धनतेरस एवं दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा सबके उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि एवं लक्ष्य की प्राप्ति की कामना की। मंत्री संपतिया उइके ने अपने उद्बोधन में कहा कि हम सब स्वस्थ रहें, अपने-अपने लक्ष्यों को प्राप्त करें और हमारा देश-प्रदेश सदैव स्वस्थ एवं समृद्ध रहे।
भगवान धन्वंतरि को आयुष का जनक माना जाता है, क्योंकि समुद्र मंथन के समय वे अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे और मानवता को आयुर्वेद का दिव्य ज्ञान प्रदान किया था। तभी से उन्हें आयुर्वेद, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विज्ञान के देवता के रूप में पूजनीय माना जाता है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, आयुष अधिकारी गायत्री अहाके सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। श्रद्धा और उत्साह के माहौल में सभी ने जनकल्याण एवं स्वस्थ समाज की मंगल कामनाओं के साथ भगवान धन्वंतरि की आराधना की।
अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
धनतेरस की सुबह हुआ हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29.धनतेरस की अलसुबह खुशियों के माहौल में एक दर्दनाक हादसे ने मातम छा गया। बताया गया कि जामगांव-बोरी मार्ग पर शनिवार तड़के एक अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह के समय क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता कम हो गई थी जिसके कारण हादसा हो गया। घटना स्थल से एक मोटर साइकिल का एक हिस्सा भी बरामद हुआ है।
बताया गया कि इस हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस घटना स्थल पहुंची और मामला दर्ज कर हादसे की जांच कर रही है। मृतक की पहचान रमपुरी निवासी वीरन पिता भादू परते के रूप में हुई है। बताया गया कि मृतक दियाटोला गोझी थाना नैनपुर में अपनी बेटी के घर से रमपुरी लौट रहा था, इसी दौरान रास्ते में यह हादसा घटित हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन और चालक की तलाश जारी है।
दो अलग-अलग स्थानों में दो युवकों की डूबने से मौत
स्टाप डेम में नहाने गए युवक की डूबने से मौत
ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत के बाद गहराई से निकाला युवक का शव
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड बीजाडांडी के थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विजयपुर पिपरिया में एक 25 वर्षीय युवक की गोदरी नाला में बने स्टाप डेम में नहाने गया हुआ था। नहाते समय युवक डेम की गहराई चला गया, जिसके कारण युवक पानी में डूब गया। जिसकी जानकारी ग्राम के लोगों को दी गई, बड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से पानी के अंदर से युवक को बाहर निकाला गया। जिसके बाद तत्काल इसकी जानकारी बीजाडांडी पुलिस और डायल 112 को दी गई। सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बीजाडांडी लाया गया। जहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
बीजाडांडी थाना प्रभारी प्रदीप पांडे ने बताया कि बीजाडांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विजयपुर पिपरिया निवासी अभिताब सिंह मरकाम पिता उत्तम सिंह मरकाम 25 वर्ष शाम के चार बजे ग्राम के गोदरी नाला मेें बने स्टाप डेम में नहाने गया हुआ था। युवक अभिताब के साथ उसके दो साथी धनेश्वर और दिनेश भी नहाने गए हुए थे। डेम में नहाने के दौरान शायद युवक अभिताब गहराई में चला गया और वहीं फंस गया। थोड़ी देर तक जब अभिताब बाहर नहीं आया तो उसके साथ नहाने गए दोनों युवकों ने ग्राम के लोगों को इसकी जानकारी दी।
बताया गया कि अभिताब के डूबने की जानकारी मिलते ही ग्राम के लोग और परिजन स्टाप डेम पहुंचे। जहां पानी में डूबे अभिताब को बाहर निकालने का प्रयास किया। नीचे चले जाने के कारण युवक को बाहर निकालने में ग्रामीणों को बड़ी मशक्कत करनी पड़ी। तत्काल ग्रामीणों ने इसकी जानकारी बीजाडांडी डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम घटना स्थल पहुंची। जहां पानी में डूबे युवक को तत्काल डायल 112 में ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बीजाडांडी लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने युवक का जांच परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
आज होगा पीएम
बीजाडांडी थाना प्रभारी प्रदीप पांडे ने बताया कि डेम में नहाने के दौरान युवक पानी में डूब गया था, बाहर निकालने के बाद परिजनों ने कहां युवक जीवत है, जिसके बाद तत्काल युवक को सीएचसी बीजाडांडी लेकर आया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। शाम की घटना थी, जिसके कारण युवक का पीएम शुक्रवार को नहीं किया जा सका। आज शनिवार को मृतक अभिताब का पीएम किया जाएगा। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारण का पता चल सकेगा। बीजाडांडी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच कर रही है।
खैराकी नदी में पिकनिक मनाने गए नाबालिग की डूबने से मौत
घंटों बाद मिला शव, आज होगा पीएम
मंडला महावीर न्यूज 29. शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे खैराकी नदी में डूबने से एक 16 वर्षीय नाबालिग की दर्दनाक मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ नदी किनारे पिकनिक मनाने गया था, जहां नहाने के दौरान यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान सोनी कॉलोनी सिझौरा निवासी करन उर्फ छंगा भाषान्त पिता प्रहलाद उर्फ पिंकी भाषान्त के रूप में हुई है।
जानकारी अनुसार करन भाषान्त शुक्रवार की दोपहर लगभग 11 बजे अपने दोस्तों के साथ खैराकी गए हुए थे। पिकनिक में भोजन बनाने के बाद करन नहाने के उद्देश्य से नदी में उतरा और गहरे पानी में डूब गया। जब साथियों ने करन को पानी में डूबते देखा, तो उन्होंने तुरंत स्थानीय ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। सूचना पर बिछिया पुलिस भी मौके पर पहुंची। डूबने के लगभग 2 घंटे बाद ग्रामीणों में से कुछ गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद करन भाषान्त के मृत शरीर को नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। शनिवार की सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा, जिसके बाद शनिवार दोपहर को अंतिम संस्कार किया जा सकेगा।
नारायणगंज सुखराम के सूने मकान में लगी भीषण आग
दमकल पहुंचने से पहले घर का सारा सामान जलकर हुआ खाक
मंडला महावीर न्यूज 29.विकासखंड नारायणगंज के टिकरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सुखराम में गुरुवार रात्रि एक सूने मकान में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि दमकल वाहनों के मौके पर पहुंचने से पहले ही मकान के अंदर रखा सारा कीमती और घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी अनुसार ग्राम सुखराम निवासी सिंगराम धूमकेती पिता बड़कू धूमकेती के मकान में देर रात्रि आगजनी की घटना घटित हो गई। इस घटना के समय परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। आग तेजी से फैली और देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की सूचना मिलते ही टिकरिया पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कंट्रोल रूम के माध्यम से निवास और मंडला मुख्यालय से दमकल वाहनों को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक नुकसान हो चुका था।
इस आगजनी की घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। टिकरिया थाना प्रभारी गोपाल घासले ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
325 करोड़ की परियोजना धीमी, मंडला मेडिकल कॉलेज का सपना अधर में
आठ माह बाकी, निर्माण अधूरा, आदिवासी अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं का इंतजार बढ़ा
मंडला महावीर न्यूज 29.आदिवासी अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंडला जिले के आमनाला क्षेत्र में बन रहे मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य अपनी निर्धारित गति से काफी पीछे चल रहा है। सितंबर 2026 तक कॉलेज शुरू करने की डेडलाइन तय है, लेकिन केवल आठ महीने शेष होने के बावजूद भवन निर्माण अधूरा पड़ा है, जिससे बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का इंतजार लंबा होता जा रहा है।
जानकारी अनुसार 325 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत कॉलेज भवन और अधोसंरचना कार्य मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के सुपुर्द है। स्थानीय प्रशासन और प्रभारी मंत्री के निरीक्षण के बाद भी एजेंसी के अफसरों द्वारा निर्माण प्रगति पर ध्यान न दिए जाने के आरोप हैं, जिसके कारण काम की रफ्तार बेहद धीमी बनी हुई है।
तीन जिलों को मिलेगा लाभ
बताया गया कि मंडला मेडिकल कॉलेज खुलने से मंडला सहित बालाघाट और डिंडोरी जिलों के मरीजों को बेहतर उपचार मिलने की उम्मीद थी। एमबीबीएस की 150 सीटों वाले इस कॉलेज से न केवल स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार होना था, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेगे, लेकिन निर्माण में सुस्ती के चलते यह सपना अब तक अधूरा है। वर्ष 2019 में कॉलेज को मंजूरी मिली थी और 2023 में इसका भूमिपूजन हुआ था। वहीं आज दिनांक तक कॉलेज परिसर अधूरा है। आदिवासी बाहुल्य मंडला में जहां पहले से ही डॉक्टरों की कमी और दवाओं की अनुपलब्धता बनी हुई है, वहां मेडिकल कॉलेज की समय पर शुरुआत न हो पाना अब प्रशासनिक दृढ़ता की परीक्षा बन गया है।
एकलव्य स्कूल की प्राचार्य की बहाली पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का प्रदर्शन
आदिवासी मुद्दों पर गोगपा का धरना, 15 दिन में न्याय न मिलने पर कलेक्ट्रेट घेराव की चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29.गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने राजा शंकर शाह कुंवर रघुनाथ शाह तिराहे पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन अगस्त माह में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पिपरिया की आदिवासी छात्रा शिल्पा मरावी की संदिग्ध मौत और लापरवाही के आरोप में निलंबित की गई प्राचार्य मोनिका रोहिला को दोबारा विद्यालय भेजने के विरोध में आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राधेश्याम ककोडिय़ा, प्रदेश प्रवक्ता मदन कुलस्ते, जिला अध्यक्ष प्रमोद नरेती, ब्लॉक अध्यक्ष घनश्याम कुम्हरे, युवा मोर्चा कार्यालय प्रभारी भवानी मरकाम, दिनेश मसराम, अरविंद धुर्वे, पीयूष कुलस्ते, दुर्गेश यूईके, सेम परते सहित जिला के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राधेश्याम ककोडिय़ा ने प्राचार्य को पुन: पदस्थ करने पर गंभीर आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई सत्ता में बैठे जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत का संकेत है और आदिवासी परिवारों को न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि केवल गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ही आदिवासियों के हित की बात करती है। प्रदर्शन में पार्टी ने अन्य प्रमुख मांगें भी उठाईं, जिनमें ग्राम कापा में एक युवक की संदिग्ध मौत की निष्पक्ष जांच, दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग और निवास बीएमओ डॉ. विजय पेगवार और निवास बीईओ को तत्काल हटाने की मांग शामिल है।
धरना प्रदर्शन के बाद राधेश्याम ककोडिय़ा, मदन कुलस्ते और अन्य पदाधिकारियों ने रैली निकालते हुए निवास एसडीएम सीएल वर्मा को राज्यपाल और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन 15 दिनों के भीतर इन समस्याओं का समाधान नहीं करता है, तो मंडला कलेक्ट्रेट का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान निवास एसडीएम पीएस वालरे के निर्देशन में निवास थाना प्रभारी वर्षा पटेल समेत भारी पुलिस बल तैनात रहा।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
धनतेरस पर महासंयोग-ब्रह्म योग और त्रिग्रहीय संयोग में बरसेगी मां लक्ष्मी की कृपा
शुभ योग में बाजार रहेगा गुलजार, बाजारों में होगी रौनक
आज मनाएंगे धनतेरस पर्व, खरीदारी के लिए दोपहर 3 से 6 बजे तक का समय शुभ
मंडला महावीर न्यूज 29.सनातन धर्मावलंबी इस बार कार्तिक कृष्णपक्ष की त्रयोदशी तिथि आज शनिवार 18 अक्टूबर को धनतेरस का पर्व मनाएंगे। इस वर्ष ब्रह्म योग, शनि प्रदोष व्रत और त्रिग्रहीय संयोग के कारण इस पर्व का महत्व कई गुना बढ़ गया है। इस शुभ अवसर पर मां लक्ष्मी, कुबेर, गणेश और धनवंतरि का पूजन किया जाएगा। इस शुभ योग के साथ एक बार फिर जिले का बाजार गुलजार होगा। इसके साथ ही पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत होगी।
वरदान आश्रम के नीलू महाराज ने बताया कि त्रिग्रहीय संयोग ने धनतेरस पर्व का महत्व बढ़ा दिया है। कार्तिक कृष्णपक्ष की त्रयोदशी की शुरुआत आज शनिवार दोपहर 1.22 बजे से होगी। इस दिन ब्रह्म योग और शनि प्रदोष के साथ ही तुला राशि में सूर्य, बुध और मंगल का संचरण होने से त्रिग्रहीय संयोग बन रहा है। तुला राशि व्यापार की प्रतीक है और इसमें जगत की आत्मा सूर्य का संचरण हो रहा है, जो उद्योग, उत्थान और शक्ति के प्रतीक हैं। इन शुभ संयोगों से धनतेरस का महत्व बढ़ गया है।
धनतेरस पर यम दीपदान भी होता है। इस दिन की गई खरीदी को अतिशुभ माना गया है। इस दिन चांदी, पीतल के बर्तन, चांदी के सिक्के, गणेश व लक्ष्मी की प्रतिमाएं खरीदा जाता है। कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को समुद्र मंथन के दौरान धनवंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। इस दिन धनवंतरि जयंती मनाई जाती है। आयुर्वेद के विद्वान इस दिन धनवंतरि की प्रतिमा स्थापित कर पूजन करते हैं। इस दिन चांदी के बर्तन की खरीदी को अति शुभ माना जाता है।
शुभ मुहूर्त में होगी खरीदारी
बताया गया कि आज धनतेरस पर खरीदारी के लिए दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक का समय अत्यंत शुभ माना गया है। इस दिन आभूषण, वस्त्र, वाहन आदि की खरीदारी के अलावा तांबे और पीतल के बर्तन और झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है। वहीं आज के दिन तेल और हल्दी खरीदने से बचना चाहिए। धनतेरस पर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बही-खाता बदलने की भी परंपरा है, जिससे वर्ष भर व्यापार में वृद्धि होती है।
13 दीयों का है विशेष महत्व
धनतेरस की शाम घर के अंदर और बाहर दीया जलाने की परंपरा है, जिससे वर्ष भर सुख-समृद्धि और सौभाग्य बना रहता है। इस दिन 13 दीयों का विशेष महत्व है, जिन्हें अलग-अलग स्थानों पर जलाना चाहिए। बताया गया कि आज धनतेरस पर एक दीया यम देवता के निमित्त जलाना चाहिए। एक दीया मां लक्ष्मी के निमित्त। इसके साथ ही घर के मुख्य द्वार के दोनों तरफ दो दीये। तुलसी के पास एक दीया। घर की छत पर एक दीया। शेष सात दीये पीपल के वृक्ष के नीचे और मंदिर में जलाने चाहिए।
यम के निमित्त करें दीपदान
धनतेरस से भाई दूज तक पांच दिन अज्ञात भय की निवृत्ति व अपघात दोष निवारण के लिए यम के निमित्त दीपदान का विशेष महत्व है। मकान की छत पर दक्षिण दिशा की ओर मुख करके तिल्ली के तेल से यम देवता के निमित्त दीपदान करना चाहिए। इसके साथ ही कुछ कास शास्त्रोक्त उपाय करने से मानव की सभी मनोकामनाओं की पूर्ति होती है और उसको धन-समृद्धि के साथ आरोग्य और एश्वर्य की प्रप्ति होती है।
धनतेरस पर झाड़ू खरीदने से खुश होती हैं मां लक्ष्मी
धनतेरस के साथ दिवाली के महापर्व की शुरुआत हो जाती। धनतेरस के दिन लोग सोने चांदी के गहने और बर्तन खरीदते हैं लेकिन इस दिन झाड़ू खरीदने की परंपरा भी काफी लंबे समय से चली आ रही है। मान्यता है कि इस दिन झाडू की खरीददारी करने से घर में सुख, शांति और संपन्नता बनी रहती है। मत्स्य पुराण में झाडू को मां लक्ष्मी का ही रूप माना गया है। माना जाता है कि झाडू खरीदने से घर से गरीबी जाती है और ऋण से भी मुक्ति मिलती है।
एक साथ तीन झाड़ू
धनतेरस पर कोशिश करें कि एक साथ तीन झाड़ू खरीदें। इस दिन एक साथ तीन झाडू खरीदने को एक अच्छा शगुन माना जाता है। इस बात का भी ध्यान रखें कि कभी भी दो या चार के जोड़े में झाड़ू ना खरीदें।
घर में लक्ष्मी का वास होता है
धनतेरस के दिन झाड़ू खरीदा जाता है। मान्यता है कि इस दिन झाड़ू खरीदने से गरीबी दूर होती है। साथ ही नई झाड़ू से नकारात्मक ऊर्जा दूर जाती है और घर में लक्ष्मी का वास होता है। हिंदू मान्यताओं के मुताबिक धनतेरस के दिन झाड़ू खरीदकर अपने घर में लाना चाहिए. इससे पैसों की तंगी को दूर किया जा सकता है। शास्त्रों में इसे माता लक्ष्मी का प्रतिरूप माना जाता है। हालांकि धनतेरस पर झाड़ू खरीदने के कुछ नियमों का भी पालन करना चाहिए। इन नियमों के प्रति लापरवाही बरतने से देवी लक्ष्मी नाराज भी हो सकती है।
बच्चों में सांस्कृतिक और पारिवारिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने की अनूठी पहल
किडजी सिविल लाइन्स मंडला में मातृ सहभागिता ने उत्सव में भरी नई ऊर्जा
किडजी के बच्चों ने दिवाली उत्सव में दी भव्य प्रस्तुति
माताओं ने बच्चों संग किया सृजनशीलता का प्रदर्शन
मंडला महावीर न्यूज 29.किडजी सिविल लाइन्स मंडला में इस वर्ष दीवाली का उत्सव अत्यंत हर्षोल्लास और सांस्कृतिक के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय ने माताओं और नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए एक भव्य और अनूठी प्रतियोगिता का आयोजन किया, जिसने इस पर्व को यादगार बना दिया।
विद्यालय परिसर को दीप, रंगोलियों और पारंपरिक सजावटों से सुसज्जित किया गया, जहां पारंपरिक परिधानों में सजे छोटे विद्यार्थी और उनकी माताएँ, जिन्होंने मिलकर उत्सव को और अधिक सजीव बना दिया। इस अनूठी पहल का उद्देश्य बच्चों में भारतीय त्यौहारों की महत्ता के साथ पारिवारिक बंधन के महत्व को भी समझाना था।
प्रतियोगिता के दौरान सीनियर केजी की अभिभावक माताओं ने पर्यावरण के अनुरूप सामग्री से आकर्षक गहनों का निर्माण किया। जूनियर केजी की माताओं ने मिट्टी एवं क्ले आर्ट द्वारा घर सजावट की कलाकृतियाँ बनाईं, जबकि प्ले ग्रुप की माताओं ने मोमबत्ती सजावट प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। नर्सरी वर्ग की माताओं ने दीवाली-थीम पर आधारित उत्कृष्ट मास्टर पीस तैयार किए।
बताया गया कि व्यस्त दिनचर्या के बावजूद माताओं का सक्रिय रूप से भाग लेना और रंगारंग सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियाँ देना वास्तव में प्रेरणादायक रहा। इस पूरे आयोजन में स्कूल प्राचार्या शालिनी शुक्ला और एकेडमिक कोऑर्डिनेटर राशि पमनानी के मार्गदर्शन में समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
मौसम बदलते ही अस्पताल में दवाओं की खपत बढ़ी
स्टाक में रहती है दवाईयां, सर्दी, खांसी, बुखार के मरीज नहीं होते परेशान
मंडला महावीर न्यूज 29.मौसम में तेजी से हो रहे परिवर्तन के कारण मंडला जिले में मौसमी बीमारियां सर्दी, खांसी, बुखार और मलेरिया के मरीजों की संख्या में भारी वृद्धि देखी जा रही है। जिला अस्पताल समेत ब्लॉक स्तर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है, जिससे नि:शुल्क दवाईयों की खपत भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है।
हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने इस चुनौती का सामना प्रभावी ढंग से किया है। विभाग के एमपी औषधी पोर्टल के पब्लिक व्यू से प्राप्त आंकड़ें बताते हैं कि आवश्यक दवाओं का स्टॉक लगातार बना हुआ है, जिससे मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। खपत में बड़ा उछाल बीते तीन माह के आंकड़ों का विश्लेषण करने पर पता चलता है कि एंटीबायोटिक्स श्रेणी में एजिथ्रोमायसिन गोली की खपत सबसे अधिक हुई है। वहीं कोविड काल से ही बहुउपयोगी रही पैरासिटामॉल की उपलब्ध स्टॉक लगभग आधे के आसपास तक खर्च हो चुका है। बच्चों को दी जाने वाली दवाइयों में भी विशेष तौर पर वृद्धि दर्ज की गई है। सर्दी-बुखार के लिए पेरासिटामाल सायरप, दस्त के उपचार में मेट्रोनिडाजोल सायरप, और कफ सायरप की खपत वर्तमान मौसम परिवर्तन के कारण अन्य दिनों की अपेक्षा कहीं अधिक है।
स्टॉक प्रबंधन और विश्वास में वृद्धि जिले के औषधी भंडार में हर तीन माह के अंतराल पर दवाईयों का स्टॉक बदला जाता है। इस भंडार गृह से पूरे जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों और अन्य स्वास्थ्य केन्द्रों में वितरण सुनिश्चित किया जाता है। स्वास्थ्य विभाग की रणनीति है कि स्टॉक खत्म होने से पहले ही नई दवाईयों का ऑर्डर कर दिया जाता है, जिससे आपूर्ति श्रृंखला कभी टूटती नहीं है।
इस प्रभावी प्रबंधन के पीछे मध्यप्रदेश पब्लिक हेल्थ सर्विसेज कॉरपोरेशन भोपाल द्वारा की गई निविदा में शामिल दवा निर्माताओं द्वारा उच्च गुणवत्ता युक्त औषधियां प्रदाय करना एक बड़ा कारण है। मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली दवाईयां मिलने से उनका शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं पर विश्वास बढ़ा है। इसी के कारण स्वास्थ्य संस्थाओं की ओपीडी में अधिक भीड़ देखने को मिल रही है। विभाग द्वारा औषधियों की उपलब्धता 24&7 में बनाए रखने के लिए पर्याप्त बजट भी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे जिले में दवाओं की कोई कमी नहीं है।
नए लाइसेंसी को नहीं मिली अनुमति, मंडला में आज से शुरू होगा ग्रीन पटाखों का विक्रय, उल्लंघन पर एफआईआर की चेतावनी
दीवाली पर्व में मंडला का पटाखा बाजार सजाने की तैयारी
सुरक्षा गाइडलाइन का पालन अनिवार्य
42 विक्रेताओं को जारी हुए लाइसेंस
मंडला महावीर न्यूज 29.दीपावली के त्योहार पर ग्रीन आतिशबाजी की बिक्री के लिए अस्थाई लाइसेंस लेना होगा। दीपों का पर्व दीवाली अगले चार दिन बाद 20 अक्टूबर को है। इस पर्व को लेकर बाजार में आमजनो के द्वारा तैयारी शुरू कर दी गई है। दीवाली पर्व पर आतिशबाजी के लिए पटाखा जलाने को लेकर लोगों में काफी उत्साह रहता है। इस बार प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। वहीं पर्व के नजदीक आते ही मंडला शहर में आतिशबाजी के लिए पटाखा बाजार सजने लगा है। खाद्य सामग्री की दुकानों के साथ ही अब पटाखा बाजार में भी रौनक दिखाई देने लगेगी।
जानकारी अनुसार नगर पालिका मंडला द्वारा पटाखा विके्रताओं को दुकानों का आवंटन कर दिया गया है। करीब 42 लाइसेंसी पटाखा विक्रेताओं को इस बार अपनी दुकानें लगाने की अनुमति मिली है। एसडीएम कार्यालय द्वारा इन सभी को 50 किलोग्राम की सीमा तक विक्रय करने का लाइसेंस जारी किया गया है। दुकानदारों ने तय शुल्क जमा कर अपनी दुकानें तैयार करनी शुरू कर दी हैं।
नए लाइसेंस नहीं हुए जारी
बताया गया कि इस वर्ष सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने नए पटाखा लाइसेंस जारी नहीं किए हैं। शहर में मंडला और महाराजपुर में दो मुख्य पटाखा बाजार लगेंगे। बाजार में इस बार सबसे ज्यादा मांग सुतली बम और रॉकेट की है, जिनकी 30 से अधिक किस्में उपलब्ध हैं। इसके साथ ही पारंपरिक पटाखे जैसे चकरी, मल्टी शॉट केक्स, अनार, फुलझड़ी और छोटे बम भी बिक्री के लिए तैयार हैं। बाजार में बिक रहे सभी पटाखे ग्रीन पटाखे हैं, जो कम प्रदूषण करते हैं। इनकी आवाज की सीमा भी निर्धारित 125 डेसीबल के भीतर है, जिससे ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सके।
सुरक्षा गाइडलाइन का कड़ाई से पालन जरूरी
पटाखा बाजार में सुरक्षा की दृष्टि को लेकर कड़े नियम बनाए गए हैं, जिनका उल्लंघन करने पर व्यापारी का लाइसेंस रद्द किया जा सकता है। जान-माल की हानि की स्थिति में एफआईआर दर्ज करने तक की कार्रवाई हो सकती है। इसके साथ ही व्यापारियों को टीन शेड की अस्थाई दुकानें बनाने, प्रत्येक दुकान में अग्निशमन यंत्र और रेत की बाल्टियां अनिवार्य रूप से रखने का निर्देश दिया गया है। दो अस्थाई दुकानों के बीच कम से कम तीन मीटर की दूरी रखना अनिवार्य है और आतिशबाजी की दुकानें आमने-सामने नहीं होनी चाहिए, जिससे किसी भी दुर्घटना पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके।
ग्रीन पटाखों से प्रदूषण होता है कम
बताया गया है कि सामान्य पटाखों के जलने से भारी मात्रा में नाइट्रोजन और सल्फर डाइऑक्साइड गैस निकलती है, जो मानव शरीर के लिए नुकसानदायक होती है। बुजुर्गो और गर्भवती महिलाओं के लिए सामान्य पटाखे हानिकारक होते है। वहीं ग्रीन पटाखों से प्रदूषण अन्य सामान्य पटाखों की तुलना में कम होता है। ग्रीन पटाखों से अन्य पटाखें ग्रीन श्रेणी में आने वाले पटाखों के लिए उत्पादक को एक सर्टिफि केट नीरी द्वारा दिया जाता है।
अनाधिकृत गोदामों और बिक्री पर निगरानी की मांग
बताया गया कि बाजार के अलावा मंडला नगर और ग्रामीण इलाकों में बड़ी मात्रा में पटाखों का अनाधिकृत रूप से विक्रय किया जाता है। कई दुकानों में बिना जांच के पटाखे बेचे जाते हैं। शहर में पटाखा के गोदाम भी हैं, जिनमें पुराना और नया स्टॉक मौजूद है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इन गोदामों और अनाधिकृत विक्रय की तुरंत जांच करने की मांग की है जिससे सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता बनी रहे।
ससुराल में आया युवक फांसी से झूलता मिला, पुलिस जांच में जुटी
शराब पीने का आदी था मृतक, पुलिस ने मर्ग कायम कर शव परिजनों को सौंपा
मंडला महावीर न्यूज 29.नारायणगंज के टिकरिया थाना क्षेत्र के ग्राम कुंडा चुटकाटोला में एक मजदूर का शव घर में फांसी के फंदे से झूलता मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय संतलाल मरकाम पिता बजारी लाल, निवासी देहरा के रूप में की गई। इस घटना की जानकारी परिजनों ने टिकरिया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पहुंची और परिजनों की सूचना पर मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार संतलाल मरकाम जबलपुर में अपनी पत्नि के साथ सोमती बाई के साथ मजदूरी का काम करता था और गत दिवस सोमती बाई 13 अक्टूबर को अपने बच्चों के साथ ससुराल कुंडा चुटकाटोला आ गई। इसके बाद 15 अक्टूबर की रात्रि करीब 11 बजे उसका पति संतलाल भी कुंडा पहुंच गया। बताया गया कि मृतक शराब पीने का आदी था। पुलिस को दिए बयान में मृतक की पत्नी ने बताया कि गत दिवस रात्रि में भोजन करने के बाद संतलाल एक कमरे में सोने के लिए चला गया था। सुबह जब वह उठीं और कमरे में गईं, तो संतलाल साड़ी के फंदे में घर की म्यार से झूलता हुआ मिला। परिजनों ने तत्काल संतलाल को फंदे से नीचे उतारा और टिकरिया पुलिस को घटना की सूचना दी।
बताया गया कि सूचना मिलते ही टिकरिया पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर मर्ग कायम किया। इसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को देखते हुए मामले की विवेचना की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देशी सिर्फ एक नारा नहीं वरन आत्मनिर्भर और विकसित भारत की नींव है- संपतिया उइके
आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत प्रेसवार्ता संपन्न
मंडला महावीर न्यूज 29.प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए गए विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में भारतीय जनता पार्टी मंडला द्वारा गुरूवार को जिला भाजपा कार्यालय में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री जयदत्त झा, तथा जिला महामंत्री श्री नरेश चंद्रौल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प दिया है और इस लक्ष्य तक पहुंचने का एकमात्र मार्ग आत्मनिर्भर भारत का निर्माण है। आत्मनिर्भर भारत का सशक्त माध्यम स्वदेशी है। हर घर स्वदेशी, हर व्यक्ति स्वदेशी, यही हमारा मंत्र और हमारी शक्ति है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक अवधारणा नहीं, बल्कि यह हमारी संस्कृति, आत्मा और पहचान का प्रतीक है। हमारे किसान, हमारे कारीगर, हमारे छोटे व्यापारी और उद्योगपति जब स्वदेशी को अपनाते हैं, तो वे न केवल देश के प्रति सम्मान व्यक्त करते हैं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी अहम योगदान देते हैं। श्रीमती उइके ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाएं इसी सोच की परिणति हैं, जो देश को ‘विकसित भारत’ की दिशा में ले जा रही हैं।
वही सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा आत्मनिर्भर भारत कोई नारा नहीं, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। हमें विदेशी वस्तुओं की होड़ छोड़कर अपने उत्पादों और अपनी मिट्टी से जुड़ना होगा। स्वदेशी ही हमारा आत्मसम्मान है और यही आत्मनिर्भर भारत की नींव है। उन्होंने कहा कि भारत की स्वदेशी परंपरा कोई नई सोच नहीं है. बीसवीं सदी के आरंभ में स्वदेशी आंदोलन ने ही बंगाल विभाजन के विरोध में देश को एकता और आत्मसम्मान का संदेश दिया था। आज प्रधानमंत्री मोदी जी उसी विचारधारा को आधुनिक स्वरूप में आगे बढ़ा रहे हैं। कुलस्ते ने कहा कि भारत की शक्ति, संस्कृति और उद्योग-कुशलता ही आत्मनिर्भर भारत का आधार है। उन्होंने कहा कि “वोकल फॉर लोकल” का संदेश हर नागरिक तक पहुँचना चाहिए ताकि भारत का हर व्यक्ति, हर गांव और हर घर आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन सके।
कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने कहा कि मंडला जिला भी आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और युवाओं को रोजगार के अवसर दिलाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता हर स्तर पर सक्रिय हैं। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष जयदत्त झा ने किया और आभार जिला महामंत्री नरेश चंद्रौल ने व्यक्त किया। अंत में सभी उपस्थित अतिथियों ने यह संकल्प लिया कि आने वाले समय में आत्मनिर्भर भारत स्वदेशी भारत की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौके पर मौत
नेशनल हाईवे 30 के खूड़ा पड़ाव पर भीषण हादसा
बीजाडांडी पुलिस ने जब्त किया ट्रक, चालक पर मामला दर्ज
मंडला महावीर न्यूज 29. बीजाडांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत खूड़ा पड़ाव हाइवे पर भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि एक तेज रफ्तार और लापरवाह ट्रक चालक ने मोटरसाइकिल सवार को सीधे टक्कर मारकर रौंद दिया, जिसके चलते युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार मृतक की पहचान रामचन्द्र मरकाम पिता हरिसिंह 42 वर्ष, निवासी सलैया के रूप में हुई है। रामचंद्र मरकाम अपनी बाइक पर सवार होकर किसी काम से घर से निकले थे। जैसे ही वह खूड़ा पड़ाव के पास हाइवे पर पहुंचे, इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने युवक को बुरी तरह रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामचंद्र मरकाम की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि घटना के बाद हाइवे पर लोगों का भारी हुजूम लग गया। पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया और मृतक के शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए बीजाडांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। बीजाडांडी पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और लापरवाह ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।
सरस्वती शिशु मंदिर में अंतर्राष्ट्रीय हाथ धुलाई दिवस पर सामूहिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
हाथ धोना सस्ता, सरल और जीवन रक्षक कदम
अंतर्राष्ट्रीय हाथ धुलाई दिवस पर मंडला में जागरूकता अभियान
हाथ धोने से 60 प्रतिशत बीमारियों को किया जा सकता है दूर
सरस्वती शिशु मंदिर के छात्रों ने ली स्वच्छता की शपथ
मंडला महावीर न्यूज 29. अंतर्राष्ट्रीय हाथ धुलाई दिवस के अवसर पर 15 अक्टूबर को सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में एक विशाल और प्रभावी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य तरेंद्र पांडे के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सामूहिक रूप से एकत्रित कर उन्हें व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों को पांच प्रकार से हाथ धोने की प्रक्रिया का प्रदर्शन भी कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विशेषज्ञ अतिथियों ने हाथ धुलाई दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।
60 प्रतिशत बीमारियों की रोकथाम संभव
सेवानिवृत्त व्याख्याता योगेश श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अवगत कराया कि मनुष्य के सफाई अभियान में स्वयं की स्वच्छता बहुत अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि हाथ धोने और स्वच्छ रहने से हम अपने वातावरण में फैलने वाली लगभग 60 प्रतिशत बीमारियों को दूर कर सकते हैं और स्वयं को सुरक्षित रख सकते हैं। योगेश श्रीवास्तव ने गंभीर चेतावनी देते हुए कहा कि हाथ न धोने पर वायरस सीधे भोजन के माध्यम से मुंह द्वारा शरीर में प्रवेश कर जाते हैं, जो डायरिया, पैचिस, श्वसन संबंधी जुखाम और फ्लू जैसी बीमारियों को पैदा करते हैं। उन्होंने छात्रों को बताया कि हाथ धोना एक सस्ता, सरल और जीवन रक्षा करने वाला कदम है, जिसे हर कोई अपना सकता है, चाहे वह स्कूल हो, स्वास्थ्य केंद्र हो या घर।
कोविड संकट में हाथ धुलाई की भूमिका
इस अवसर पर पर्यावरणविद राजेश क्षत्री ने अपने उद्बोधन में विश्वव्यापी कोविड महामारी का उल्लेख किया। उन्होंने अवगत कराया कि विश्व स्तरीय कोविड बीमारी के दौरान केवल हाथ धोने की प्रक्रिया को अपनाकर ही हमने अपने जीवन को सुरक्षित कर पाया था। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह दिवस हमारे जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि हाथों पर अक्सर कीटाणु और वायरस चिपके रहते हैं, जिन्हें नियमित रूप से साबुन और पानी से धोकर हम अपने जीवन को सुरक्षित कर पाते हैं। श्री क्षत्री ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता के लिए अनेक उपाय भी बताए। इनमें प्रतिदिन नहाना, सिर में तेल लगाना, निरंतर नाखून काटते रहना, कपड़ों को धोना, प्रतिदिन ब्रश करना और खुले वातावरण में रहना शामिल है। उन्होंने भोजन के पहले और शौच जाने के बाद हाथ धोना अनिवार्य बताया।
शपथ और उपकरण भेंट
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक आदित्य तिवारी ने सभी विद्यार्थियों से प्रतिदिन हाथ धोने और विद्यालय की स्वच्छता में योगदान देने की अपील की। उन्होंने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया और छात्रों को अवगत कराया कि हाथ धोना एक सकारात्मक सोच का विषय है। इसके बाद सभी छात्रों ने स्वच्छता के ऊपर शपथ ली। अतिथियों द्वारा विद्यालय को नाखून काटने के लिए नेल कटर और हाथ धोने के लिए साबुन भी भेंट किए गए, जिससे विद्यालय में स्वच्छता अभियान को निरंतर जारी रखा जा सके।
मंडला में ई-अटेंडेंस के विरोध में महारैली, शिक्षकों ने जीपीएस आधारित व्यवस्था को अवैज्ञानिक बताते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग
सरकारी स्कूलों की शिक्षा के लिए अभिशाप है ई-अटेंडेंस व्यवस्था
17 शिक्षक, कर्मचारी संगठनों ने खोला मोर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29.स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग में शिक्षकों के लिए जीपीएस और फेस रिकॉग्निशन पर आधारित ई-अटेंडेंस व्यवस्था को वेतन प्रणाली से जोडऩे के विरोध में जिले में बड़ा आंदोलन छिड़ गया है। 16 कर्मचारी संगठनों ने शिक्षकों के समर्थन में आकर 14 अक्टूबर को एक विशाल महारैली निकाली और मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने इस व्यवस्था को अपमानजनक बताते हुए कहा कि वर्तमान में शाला प्रबंधन समिति, पंचायत शिक्षा समिति, जनशिक्षक, संकुल प्राचार्य, बीएसी, बीआरसी सहित डीईओ और अन्य उच्चाधिकारियों द्वारा लगातार सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता और शिक्षकों की कार्यप्रणाली की जांच की जाती है। बावजूद इसके ऑनलाइन उपस्थिति की यह व्यवस्था जबरन थोपी जा रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
संघों ने ई-अटेंडेंस के अव्यवहारिक होने के कई कारण बताए है। जिसमें बताया कि शिक्षकों की अधिकांश पदस्थापना दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में है, जहाँ न आवास की सुविधा है और न ही नेटवर्क की उपलब्धता हर समय रहती है। शिक्षक शैक्षणिक दायित्वों के अतिरिक्त आधार कार्ड, बैंक खाता, समग्र आईडी, अपार आईडी जैसे दर्जनों गैर-शैक्षणिक कार्य भी करते हैं, जिसके लिए उन्हें कोई टीए-डीए नहीं मिलता। ऐसे में शाला खुलने और बंद होने के ठीक समय ई-अटेंडेंस लगाना संभव नहीं है। नेटवर्क और फेस रिकॉग्निशन की समस्याओं के चलते शिक्षक प्रार्थना और प्रथम कालांश छोड़कर मोबाइल से अटेंडेंस लगाने का प्रयास ही करते रहते हैं, जिसका सीधा नुकसान बच्चों की पढ़ाई को होता है। शिक्षकों को ई-अटेंडेंस अपने एंड्रॉइड मोबाइल से लगानी पड़ रही है, जिसके लिए उन्हें कोई मोबाइल भत्ता नहीं दिया जाता है। मोबाइल डिस्चार्ज होने, खराब होने या छूट जाने की स्थिति में अटेंडेंस लगाना असंभव होगा।
शिक्षा गुणवत्ता के लिए अभिशाप
संगठनों ने कहा कि यह व्यवस्था शिक्षा गुणवत्ता के लिए अभिशाप है, क्योंकि यह केवल स्कूल खुलने और बंद होने के समय शिक्षक की उपस्थिति पर नजर रख सकती है, बीच में अध्यापन पर नहीं। उन्होंने आयुक्त लोक शिक्षण के उस पत्र का भी हवाला दिया कि ई-अटेंडेंस लगाने वाले विद्यालयों का बिना उच्चाधिकारियों की अनुमति के निरीक्षण नहीं किया जाएगा, जिससे यह स्पष्ट होता है कि विभाग ने पढ़ाई-लिखाई से अधिक उपस्थिति को महत्व दिया है। ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के प्रांताध्यक्ष डीके सिंगौर ने कहा कि यह व्यवस्था किसी भी प्रकार से व्यवहारिक नहीं है, इसे तत्काल रोका जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि विभाग चाहे तो बायोमेट्रिक मशीन के द्वारा अटैन्डेंस व्यवस्था लागू कर सकता है, जिस पर शिक्षकों को कोई आपत्ति नहीं होगी। इस विरोध में ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन, एनएमओपीएस संगठन, अपाक्स संघ, अजाक्स संघ, मध्यप्रदेश शिक्षक संघ, पटवारी संघ और वन विभाग कर्मचारी संघ सहित कुल 17 संगठनों ने अपना समर्थन देकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
बरगी पम्प स्टोरेज परियोजना के विरोध में लामबंद हुए ग्रामीण
हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के विरोध में सांसद, विधायक को पत्र भेजने का लिया निर्णय
मंडला महावीर न्यूज 29. बरगी पंप स्टोरेज हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट को लेकर मंडला जिले के ग्रामीणों ने कड़ा विरोध जताया है। नारायणगंज विकासखंड की पिंडरई ग्राम पंचायत में बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीणों ने इस प्रस्तावित परियोजना के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बैठक में ग्रामीणों ने बरगी बांध के कारण हुए पिछले विस्थापन के दर्द को साझा किया और चिंता व्यक्त की कि सरकार विस्थापितों की नाजुक आर्थिक स्थिति को लेकर गंभीर नहीं है। उनका आरोप है कि विस्थापित परिवार आज भी रोजगार के लिए पलायन को मजबूर हैं।
बताया गया कि विरोध को औपचारिक रूप देने के लिए ग्रामीणों ने क्षेत्रीय सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते और विधायक चैन सिंह को विरोध स्वरूप पत्र भेजने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही परियोजना के लिए चिन्हित क्षेत्र के किसानों से संपर्क स्थापित कर व्यापक बैठकें आयोजित करने की योजना बनाई गई है। ग्रामीणों ने इस संघर्ष में लिफ्ट सिंचाई संघर्ष समिति को भी जोडऩे का निर्णय लिया है। यह समिति पिछले पांच वर्षों से बीजाडांडी और नारायणगंज के किसानों के लिए बरगी बांध से सिंचाई के लिए पानी की मांग कर रही है, जो आज तक पूरी नहीं हुई है। इन दोनों समितियों के जुडऩे से एक बड़ी क्षेत्रीय बैठक आयोजित कर आगे की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
बताया गया कि यह प्रोजेक्ट मुख्य रूप से नारायणगंज के पिंडरई माल (सहजपुरी) और बीजाडांडी के सलैया माल, जमठार, खापा, निवारी और पोंडी गांवों में स्थल चयनित किया गया है। ग्रामीणों को अब पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की विशेषज्ञ मूल्यांकन समिति की विगत दिवस हुई बैठक में लिए गए निर्णय का इंतजार है। बैठक में लखन सिंह, आसाराम बरकड़े, सिंधु सिंह बरकडे, पुरुषोत्तम मलगाम, पुनाराम बरकड़े, बीरन सिंह, चमन बरकड़े, मनिराम मलगाम, छीतल, छतरु, श्रीराम मरावी, मगलो बाई, मोहनसिह, नीरज कुंजाम, सोमनाथ मरावी, झामसिह तेकाम, बजारी लाल, और रिख्खी लाल आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बताया गया कि यह प्रस्तावित परियोजना 1000 मेगावाट क्षमता की है और इसे सिरेन्टिका रिन्यूएबल्स इंडिया 21 प्राईवेट लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित किया गया है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार, कंपनी ने नदी घाटी परियोजना के लिए गठित विशेषज्ञ मूल्यांकन समिति के समक्ष संदर्भ बिन्दु प्राप्त करने के लिए प्रस्ताव दिया है। टर्म ऑफ रेफ्रेंस मिलने के बाद पर्यावरण, लागत, जमीन अधिग्रहण, और जलाधार की स्थिति की विस्तृत जांच होती है।
20 हजार की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
मादक पदार्थों के विरुद्ध पुलिस की बड़ी कार्रवाई
कोतवाली पुलिस ने 9.60 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी को पकड़ा
मंडला महावीर न्यूज 29.पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को लगभग 20 हजार रुपए की ब्राउन शुगर (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि जेलघाट तिराहा, मंडला के पास एक व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ स्मैक (ब्राउन शुगर) बेचने के उद्देश्य से खड़ा है। एसडीओपी मंडला के मार्गदर्शन में प्राप्त सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।
बताया गया कि तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 9.60 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक (ब्राउन शुगर) विधिवत रूप से जब्त की गई। पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 20 हजार रुपए है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल बंजारा 25 वर्ष, पिता स्व. भद्दू बंजारा के रूप में हुई है, जो खइया मोहल्ला, तिलक वार्ड, मंडला का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी कोतवाली मंडला एवं उनके स्टाफ द्वारा की गई।
मंडला पुलिस का अवैध शराब पर बड़ा प्रहार
दो स्थानों से 22 लाख की 2500 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार
रेत की आड़ में शराब तस्करी का खुलासा
हिरदेनगर और बम्हनी बंजर में पुलिस की रेड, 278 पेटी अवैध शराब जब्त
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस द्वारा अनुविगागिय अधिकारी पुलिस मंडला एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नैनपुर के निर्देशन में दो अलग अलग थाना क्षेत्र अंतर्गत रेड कार्यवाही करते हुए 278 पेटी में रखी लगभग 2500 लीटर शराब जिसकी अनुमानित कीमत 22 लाख है जब्त कर 04 आरोपियों को गिरफतार कर विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
जानकारी अनुसार पहले मामले में चौकी प्रभारी हिरदेनगर की टीम द्वारा मंगलवार को चौकी हिरदेनगर पुलिस द्वारा मुखबिर सूचना पर दबिश देकर कार्यवाही करते हुए ट्रैक्टर ट्रॉली के अंदर रेत एवं मिट्टी के बीच में छुपाकर रखे 65 पेटी एवं आरोपी के घर से 60 पेटियां कुल 125 पेटी शराब जिसकी मात्रा 1112.760 वल्क लीटर अनुमानित कीमत 9 लाख रुपए एवं टेक्टर ट्रॉली जप्त की गई। आरोपी राहुल उइके पिता सीताराम उइके उम्र 32 साल निवासी ग्राम चटुआमार थाना मंडला के विरुद्ध चौकी हिरदेनगर थाना महाराजपुर में 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत पंजीकृत विवेचना में लिया गया।
इसी प्रकार थाना बम्हनी बंजर में मुखबिर की सूचना पर ग्राम तलैया टोला शराब रेड कार्यवाही की गई जो आरोपी रमाकांत पिता जन्नू लाल नंदा उम्र 20 साल निवासी ग्राम मलपेहरी थाना मोहगांव के कब्जे से कुल अवैध अंग्रेजी शराब 62 पेटी कुल 538 लीटर कुल कीमति 756480 रुपये को जप्त कर गिरफतार किया गया। आरोपी ने पूछताछ में उक्त शराब अजय नंदा की होना बताया एवं मकान मालिक पंचम नंदा जिसके घर में शराब रखी थी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के विरूद्ध पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। मुखबिर की सूचना पर श्याम नंदा के घर से अंग्रेजी शराब गोवा विस्की 91 पेटी में रखी की 847 लीटर कुल कीमति 612430 रुपये अवैध पाये जाने पर जप्त कर कब्जा पुलिस में लिया गया। इस प्रकार बम्हनी बंजर पुलिस द्वारा कुल 1385 लीटर अंग्रेजी शराब कुल जिसकी कीमत 13 लाख 68 हजार 910 रुपये की जप्त की गई।
तनाव मुक्ति के लिए योग, प्राणायाम जरूरी
किशोरियों को बताए गुड टच-बैड टच, मेंहदी प्रतियोगिता आयोजित
मुकासर्खुद में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29.बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत मुकासर्खुद ग्राम में किशोरियों के मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षा जागरूकता पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को तनाव प्रबंधन के प्रभावी तरीकों से अवगत कराना था, जिससे वे अपनी किशोरावस्था की चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास के साथ कर सकें। मानसिक स्वास्थ्य सत्र में छात्राओं को तनाव से दूर रहने के लिए योग, प्राणायाम और ध्यान के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया गया। कार्यक्रम में बताया कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए बल्कि मन को शांत रखने और एकाग्रता बढ़ाने के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से उपस्थित किशोरियों को गुड टच और बैड टच के अंतर की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे वे किसी भी अनुचित व्यवहार को तुरंत पहचान सकें। इसके साथ ही उन्हें चार अत्यंत महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया। जिसमें महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस हेल्पलाइन 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई। छात्राओं को प्रोत्साहित किया गया कि किसी भी आपात स्थिति में वे इन नंबरों का उपयोग करने में संकोच न करें।
कार्यक्रम के अंत में एक सांस्कृतिक गतिविधि के रूप में मेंहदी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली किशोरी बालिका को उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कृत किया गया। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी और स्कूल स्टाफ मौजूद रहे।
0 से 5 वर्ष के 1.45 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई पोलिया की दवा
मंडला में पल्स पोलियो अभियान सफल
मंडला महावीर न्यूज 29.आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला में राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का एक चरण सफलता पूर्वक संपन्न हुआ है। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि भारत शासन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा यह अतिरिक्त चरण 18 चयनित जिलों के साथ मंडला जिले में भी चलाया गया था। इसका उद्देश्य समुदाय में पोलियो के विरूद्ध रोग प्रतिरोधक शक्ति बढ़ाए रखना है, क्योंकि विश्व स्तर पर वाइल्ड पोलियो वायरस का संक्रमण अभी भी आसपास के देशों में मौजूद है ।
बताया गया कि इस अभियान में 0 से 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई थी। विभाग ने इस आयु वर्ग के 1 लाख 52 हजार 075 बच्चों को कवर करने का लक्ष्य रखा था। तीन दिवसीय सघन अभियान के दौरान कुल 1 लाख 45 हजार 592 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई है। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि यह उपलब्धि लक्ष्य का 95.7 प्रतिशत है। दवा पिलाने का कार्य पोलियो बूथ एवं समुदाय स्तर पर घर-घर जाकर किया गया।
सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि प्रदेश विगत 14 वर्षों से पूर्ण रूप से पोलियो से मुक्त हो चुका है। उन्होंने इस सफलता को आप सभी के प्रयासों से संभव हुआ बताया है। पोलियो वायरस के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग निरंतर सतर्कता बनाए रखने के लिए इस तरह के अतिरिक्त चरणों का आयोजन कर रहा है।
मवई में स्वास्थ्य सेवाएं बेहाल, महिला डॉक्टर भी नहीं
पोस्टमार्टम के लिए खुले में रखना पड़ रहा शव
मवई स्वास्थ्य केंद्र बना रेफर सेंटर, शव रखने के लिए फ्रीजर तक नहीं
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले के मवई विकासखंड का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आज भी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से कोसों दूर है। यह स्थिति तब है जब सरकार हर गांव तक स्वास्थ्य सेवा पहुँचाने का दावा करती है। अस्पताल में वर्षों से महिला डॉक्टर का पद खाली है, शव रखने के लिए फ्रीजर नहीं है, और पोस्टमार्टम के लिए भी स्थायी कर्मी नहीं है, जिसके कारण आम नागरिक गंभीर मानसिक और शारीरिक कष्ट झेलने को मजबूर हैं।
जानकारी अनुसार मवई स्वास्थ्य केंद्र में महिला डॉक्टर का पद कई सालों से खाली पड़ा है। इस लापरवाही का खामियाजा क्षेत्र की महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है। छोटी-छोटी तकलीफों के लिए भी महिलाओं को 100 किलोमीटर दूर मंडला की यात्रा करनी पड़ती है। आर्थिक रूप से कमजोर कई महिलाएं मजबूरी में घरेलू उपायों पर निर्भर हैं। जिसके कारण स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। बताया गया कि मवई की स्वास्थ्य सेवाओं का सबसे दुखद पहलू यह है कि किसी आकस्मिक मौत की स्थिति में पोस्टमार्टम के लिए बिछिया से सफाई कर्मी को बुलाना पड़ता है, जो 50-60 किलोमीटर दूर है। अगर वह उपलब्ध नहीं होता है, तो परिजन को मृत शरीर के साथ 1 से 2 दिन तक इंतजार करना पड़ता है। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि अस्पताल में शव रखने के लिए फ्रीजर तक नहीं है, जिससे गर्मी के मौसम में शव जल्दी खराब होने का खतरा बना रहता है।
संदिग्ध मौत, इलाज पर उठे गंभीर सवाल
हाल ही में रमतीला निवासी श्याम बाई पट्टा की बीपी बढऩे से संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। उन्हें स्थानीय स्तर पर प्राथमिक इलाज देने की बजाय सीधे मंडला रेफर कर दिया गया। यह सवाल उठाता है कि क्या स्थानीय स्तर पर कोई जीवन रक्षक सुविधा उपलब्ध नहीं थी, रेफर क्यों किया गया? और सबसे गंभीर बात यह है कि इस मौत का पोस्टमार्टम तक नहीं हुआ। बताया गया कि श्याम बाई आदिवासी थीं और उनके छोटे-छोटे बच्चे अब बेसहारा हो गए हैं। यह घटना मवई की बेहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर रही है।
क्षेत्रवासियों की मुख्य मांगे
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से तत्काल मांगों को पूरा करने की अपील की है। मांगों में मवई में महिला डॉक्टर की तत्काल पदस्थापना की जाए, पोस्टमार्टम के लिए स्थायी स्वीपर की व्यवस्था हो, शव रखने के लिए फ्रीजर लगाया जाए। सरकारी एंबुलेंस सेवा 24 घंटे उपलब्ध कराने की मांग की है।
यात्री वाहनों में सफर कर रहे बच्चों को पिलाई दो बूंद जिंदगी की
नारायणगंज सीएचसी के कर्मचारियों की पहल
मंडला महावीर न्यूज 29.राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत नारायणगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य कर्मचारियों ने मुख्य बस स्टैंड पर एक सराहनीय और अनूठी पहल की है। कर्मचारियों ने न सिर्फ स्टैंड के पास रहने वाले बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई, बल्कि यह सुनिश्चित करने के लिए यात्री वाहनों में भी जाकर उसमें यात्रा कर रहे यात्रियों के साथ जा रहे 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाई।
जानकारी अनुसार नारायणगंज मुख्यालय स्थित मुख्य बस स्टैंड पर बनाए गए पोलियो बूथ में दल क्रमांक एक ने दो दिनों तक अपनी सेवाएं दीं। इस सक्रियता और समर्पण के परिणामस्वरूप बस स्टैंड में करीब 160 से अधिक बच्चों को सफलतापूर्वक पोलियो की दवा पिलाई गई। सीएचसी के कर्मचारियों की इस पहल का उद्देश्य यह था कि यात्रा कर रहे बच्चे भी इस महत्वपूर्ण अभियान का हिस्सा बन सकें और सरकार की पोलियो उन्मूलन की मंशा पूरी हो सके।
दल क्रमांक एक के सदस्य रोहित शर्मा, दुर्गेश सिंगरौरे और अंकित यादव ने बूथ पर अपनी सेवाएं देकर इस सफलता को हासिल किया। उनकी इस लगन ने बच्चों को पोलियो से सुरक्षित करने के राष्ट्रीय लक्ष्य को मजबूत किया है।
ई-अटेंडेंस का विरोध तेज
15 अक्टूबर को सीएम के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन
ई-अटेंडेंस व्यवस्था थोपने के खिलाफ एकजुट हुए शिक्षक संगठन
मंडला महावीर न्यूज 29.मध्यप्रदेश के शिक्षकों में एक बार फिर ई-अटेंडेंस प्रणाली लागू करने के विभाग के निर्देश को लेकर गहरा असंतोष है। विभिन्न शिक्षक संगठनों ने इस व्यवस्था को अपमानजनक बताते हुए इसके विरोध में 15 अक्टूबर को एकजुट होकर रैली निकालने और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है।
शिक्षकों का आरोप है कि शासन-प्रशासन उनकी मूलभूत आवश्यकताओं और अधिकारों को दरकिनार कर रहा है, जबकि बार-बार नए नियम बनाकर उन्हें उलझाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। विरोध का मुख्य कारण ई-अटेंडेंस व्यवस्था है, जिसे शिक्षा विभाग और ट्रायबल विभाग ने हाल ही में लागू करने के निर्देश जारी किए हैं। शिक्षक संगठनों का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने इस व्यवस्था को अपमानजनक मानते हुए लागू नहीं किया था, लेकिन अब इसे शिक्षकों पर जबरन थोपा जा रहा है। ई-अटेंडेंस के विरोध में मप्र के लगभग सभी शिक्षक संगठन एकजुट हुए हैं। विरोध प्रदर्शन का आयोजन 15 अक्टूबर को शाम पांच बजे बैगा बैगी चौक से कलेक्ट्रेट तक रैली के रूप में किया जाएगा, जिसके बाद कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
एनएमओपीएस के प्रांतीय अध्यक्ष परमानन्द डेहरिया और एसोसिएशन के प्रांताध्यक्ष डीके सिंगौर के मार्गदर्शन में होने वाले इस विरोध में ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दिलीप मरावी, मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विवेक शुक्ला, एनएमओपीएस के जिलाध्यक्ष सनातन सैनी, अपाक्स संघ के जिलाध्यक्ष संजीव सोनी, मध्यप्रदेश लिपिक संघ जिलाध्यक्ष सतीष चन्द्रोल, आदर्श गुरुजी संघ जिलाध्यक्ष श्याम बैरागी और आजाक्स जिलाध्यक्ष गजराज मरावी सहित आकास जिला उपाध्यक्ष अनिल मरकाम ने जिले के सभी शिक्षकों से अपील की है कि वे संघवाद से ऊपर उठकर शिक्षकों के हित में आयोजित इस रैली और ज्ञापन कार्यक्रम में शामिल हों।
मोहगांव की छात्राओं को मिला स्वच्छता और स्वास्थ्य का पाठ
वितरित किए गए सेनेटरी नैपकिन
चार स्कूलों में मासिक धर्म स्वच्छता, एनीमिया व मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
मंडला महावीर न्यूज 29.जिले की महिला एवं बाल विकास विभाग परियोजना मोहगांव के अंतर्गत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विकासखंड मोहगांव के चार प्रमुख विद्यालय हायर सेकेंडरी स्कूल गिठार, पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलगांव, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला मुनु एवं हायर सेकेंडरी स्कूल सिंगारपुर में छात्राओं को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, व्यक्तिगत स्वच्छता का महत्व, एनीमिया की पहचान और सुरक्षित स्तनपान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही विद्यालय में मानसिक स्वास्थ्य पर समय अनुकूल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों और छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत समस्त उपस्थित बालिकाओं को सेनेटरी नैपकिन का वितरण किया गया। बालिकाओं को सेनेटरी नैपकिन के सही उपयोग को बढ़ावा देने और इसके सुरक्षित निपटान के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम का संचालन महिला एवं बाल विकास परियोजना मोहगांव की पर्यवेक्षक विनीता यादव, संगीता मरावी, नीतू उइके और अंजना कोष्टा द्वारा किया गया, जिन्होंने छात्राओं के साथ इन संवेदनशील और महत्वपूर्ण विषयों पर खुली चर्चा की।
शिक्षकों को दिवाली तोहफा चाहिए: TWTA ने DA और क्रमोन्नति एरियर भुगतान की मांग पर सौंपा ज्ञापन
तकनीकी पेंच में फंसा 1400 शिक्षकों का DA एरियर; TWTA को नहीं मिला भुगतान का ठोस आश्वासन
TWTA ने बीईओ कार्यालय मंडला में सौंपा ज्ञापन
डीए और क्रमोन्नति एरियर की राशि का भुगतान दिवाली पूर्व करने की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. शिक्षक संगठन TWTA (ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन) ने कार्यकारी जिला अध्यक्ष प्रकाश सिंगौर एवं जिला सचिव संजीव दुबे के नेतृत्व में बीईओ कार्यालय मंडला पहुंचकर डीए (महंगाई भत्ता) एवं क्रमोन्नति (टाइम-बाउंड प्रमोशन) के एरियर के भुगतान की मांग की है। संगठन ने मांग की है कि यह लंबित एरियर राशि दीपावली के त्योहार से पहले जारी की जाए। बीईओ मंडला की अनुपस्थिति के कारण, संगठन के पदाधिकारियों ने कार्यालय प्रभारी श्री अखिलेश मिश्रा से मुलाकात कर इस संबंध में चर्चा की।
अधिकारियों ने जताई असमर्थता
चर्चा के दौरान अखिलेश मिश्रा ने क्रमोन्नति के एरियर के भुगतान पर तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए दीपावली से पहले राशि जारी करने में असमर्थता व्यक्त की।उन्होंने डीए एरियर के संबंध में बताया कि भुगतान का विकल्प (ऑप्शन) तो खुला है, लेकिन लगभग 1400 शिक्षकों के एरियर का कार्य केवल एक ऑपरेटर द्वारा इतने कम समय में पूरा करना कठिन होगा। हालांकि, उन्होंने जल्द से जल्द कार्य पूरा करने की कोशिश करने का आश्वासन दिया।
ठोस आश्वासन नहीं मिलने से असंतोष
कार्यालय प्रभारी से संतुष्टिपूर्ण जवाब न मिलने पर, पदाधिकारियों ने मंडल संयोजक आशुतोष बाजपेयी को भी ज्ञापन सौंपकर किसी भी तरह दीपावली तक डीए एरियर के भुगतान की मांग दोहराई। श्री बाजपेयी ने आश्वासन तो दिया, लेकिन संगठन के अनुसार, यह कोई ठोस आश्वासन नहीं था।
इसके बाद संगठन ने बीईओ मंडला से सीधे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन वे एसी ऑफिस में भी उपस्थित नहीं मिले। संगठन ने अब अगले एक-दो दिनों में पुनः बीईओ मंडला से संपर्क करने का मन बनाया है। ज्ञापन सौंपने वाले पदाधिकारियों में ब्लाक कार्यकारी अध्यक्ष भजन गवले, सुरेश तिवारी, नर्मदा चक्रवर्ती सहित अन्य वरिष्ठ साथी शामिल रहे।
नैनपुर सिविल अस्पताल में शुरू हुई डायलिसिस सेवा, पहले दिन दो मरीजों का उपचार
कलेक्टर के सहयोग से मंडला में स्वास्थ्य सेवाओं का हुआ विस्तार
किडनी के गंभीर मरीजों को अब मिलेगी डायलिसिस की सुविधा
मरीजों को मंडला मुख्यालय या जिले से बाहर जाने की मजबूरी खत्म
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिले के सिविल अस्पताल नैनपुर में लंबे समय से बहुप्रतीक्षित डायलिसिस सेवा आखिरकार मंगलवार को विधिवत रूप से प्रारंभ हो गई। सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन से नैनपुर सिविल अस्पताल को बड़ी सौगात मिली है। नैनपुर अस्पताल में डायलिसिस सेवा शुरू होते ही पहले ही दिन दो मरीजों का सफलतापूर्वक डायलिसिस किया गया, जिससे क्षेत्र के किडनी मरीजों को बड़ी राहत मिली है। नैनपुर बीएमओ डॉ. राजीव चावला ने बताया कि यह डायलिसिस सेवा जनप्रतिनिधियों, स्थानीय पत्रकारों और अस्पताल स्टाफ की उपस्थिति में शुरू हुई।
बीएमओ डॉ. राजीव चावला ने बताया कि पहले दिन जिन दो मरीजों का डायलिसिस किया गया, उनमें ग्राम निवारी के बोधसिंह ठाकुर और नैनपुर निवासी सम्मोहन सिंह बर्मन शामिल हैं। नैनपुर डायलिसिस सेंटर मंडला कलेक्टर के मार्गदर्शन एवं सहयोग और स्थानीय प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से सिविल अस्पताल नैनपुर में चालू हुआ है। शुभारंभ अवसर पर डॉ. जलज खरे एसएमओ, डॉ. वायके झरिया डीआईओ और डॉ. राजीव चावला बीएमओ सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक और स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। नैनपुर में इस अत्याधुनिक सुविधा के शुरू होने से अब किडनी के गंभीर मरीजों को डायलिसिस के लिए मंडला मुख्यालय या जिले से बाहर जाने की मजबूरी खत्म हो गई है।
एकलव्य विद्यालय प्राचार्य को हटाने पर अड़ी गोंगपा, 17 से करेगी अनिश्चितकालीन धरना
लचर प्रशासन के खिलाफ गोंगपा का हल्ला बोल
मंडला महावीर न्यूज 29.गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मंडला जिले के लचर प्रशासनिक व्यवस्था के विरोध में 17 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन पर उतरने का निर्णय लिया है। मंगलवार को निवास के विश्रामगृह में राष्ट्रीय प्रवक्ता राधेश्याम ककोडिय़ा की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में पार्टी ने अपनी छह सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन करने का ऐलान किया। पार्टी की मांगों में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पिपरिया की प्राचार्य को तत्काल हटाने के लिए गोंगपा कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन धरना देंगे।
मृतिका छात्रा शिल्पा मरावी का जीवित अवस्था का चित्र
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में राष्ट्रीय प्रवक्ता राधेश्याम ककोडिय़ा ने मंडला जिले की प्रशासन व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि लचर प्रशासन के कारण यहां के आदिवासी एवं ओबीसी समुदायों के साथ निरंतर अन्याय और अत्याचार हो रहे हैं, और उन्हें शीघ्र न्याय नहीं मिल पा रहा है। छह सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजित इस बैठक में पार्टी ने इन सभी मुद्दों पर एकजुट होकर प्रदर्शन करने की रणनीति बनाई है।
प्राचार्य की वापसी, गोंगपा करेगी प्रदर्शन
निवास के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पिपरिया में विगत अगस्त माह में एक आदिवासी छात्रा की मौत के बाद पद से हटाई गईं प्राचार्य मोनिका रोहिला को फिर से उसी विद्यालय का प्रभार दिए जाने पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। बताया गया कि प्राचार्य को पिछले कुछ दिनों पूर्व ही विद्यालय में दोबारा प्राचार्य बनाकर भेज दिया गया। विवाद तब और बढ़ गया जब उनके आने पर विद्यालय के कुछ स्टाफ सदस्यों द्वारा फूल-मालाओं से स्वागत किया गया, जिसे अभिभावक और पार्टी संवेदनहीनता मान रहे हैं। गोंगपा का आरोप है कि जिस अधिकारी को एक गंभीर मामले में हटाया गया था, उसे वापस उसी पद पर बहाल करना पूरी तरह अनुचित है। इसी आक्रोश के चलते गोंगपा ने प्राचार्य मोनिका रोहिला को तत्काल प्रभाव से पद से हटाए जाने की मांग पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू करने का निर्णय लिया है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
जनप्रतिनिधि का अनोखा विरोध, विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही पर उठे गंभीर सवाल
जिला पंचायत सदस्य ने आम नागरिक बन दिया आवेदन
जब हमारी नहीं सुनते अधिकारी, तो जनता का क्या होगा
मंडला महावीर न्यूज 29.मंडला जिला मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई में उस वक्त एक अप्रत्याशित दृश्य देखने को मिला, जब जिला पंचायत सदस्य और सहकारिता एवं उद्योग विभाग की सभापति ललिता धुर्वे अपनी समस्याओं को लेकर एक आम नागरिक की तरह आवेदन देने पहुंचीं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि जब एक चुनी हुई जनप्रतिनिधि के पत्रों और शिकायतों का जवाब अधिकारी नहीं देते, तो आम नागरिक की सुनवाई की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
ललिता धुर्वे ने बताया कि वह लंबे समय से अपने विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा के लिए अधिकारियों से लिखित जानकारी मांग रही हैं लेकिन अधिकारी उनके पत्रों का जवाब देने से बचते हैं और केवल मौखिक रूप से भ्रामक सूचनाएं देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लिखित जवाब मांगने पर अधिकारी टालमटोल करने लगते हैं, जिससे विभाग में पारदर्शिता का घोर अभाव स्पष्ट नजर आ रहा है।
गंभीर वित्तीय घोटालों पर कार्रवाई नहीं
ललिता धुर्वे ने विशेष रूप से उद्योग विभाग के अधिकारियों पर गैर-जवाबदेही का आरोप लगाया। इसके साथ ही उन्होंने अल्प बचत सहकारी केंद्रीय मर्यादित बैंक में हुए बड़े वित्तीय घोटालों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में बार-बार पत्राचार करने के बावजूद अब तक कोई जांच या ठोस कार्यवाही नहीं की गई है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि इस बैंक के अध्यक्ष स्वयं कलेक्टर होते हैं, ऐसे में प्रशासनिक जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ जाती है।
जनता का भरोसा उठना स्वाभाविक
ललिता धुर्वे ने कहा कि यदि विभाग के प्रमुख अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी अपने स्तर पर ऐसी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेते हैं, तो जनता का सरकारी व्यवस्था से भरोसा उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि एक चुनी हुई जनप्रतिनिधि होने के बावजूद यदि मुझे आवेदन देने और जवाब के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, तो आम नागरिकों की स्थिति सहज ही समझी जा सकती है। जनसुनवाई में उपस्थित नागरिकों ने भी इस मुद्दे पर सहमति जताई। ललिता धुर्वे ने प्रशासन से आग्रह किया है कि विभागीय जवाबदेही सुनिश्चित की जाए और सहकारिता एवं उद्योग विभाग के अधिकारियों के कार्यों की निष्पक्ष जांच की जाए, जिससे जनता और प्रतिनिधियों दोनों का विश्वास बहाल हो सके।
सवा लाख की अवैध शराब पकड़ी, दो तस्कर गिरफ्तार
खेत के पास अवैध शराब का जखीरा जब्त, देशी अंग्रेजी मदिरा के 19 कार्टून बरामद
मंडला चौकी हिरदेनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29.पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशन में थाना महाराजपुर के अंतर्गत चौकी हिरदेनगर पुलिस ने अवैध शराब की बड़ी खेप पकडऩे में सफलता प्राप्त की है। इस कार्रवाई में लगभग 1 लाख 24 हजार रुपए की 168 लीटर से अधिक अवैध मदिरा जब्त की गई है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
चौकी हिरदेनगर पुलिस को रामनगर क्षेत्र में गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चौगान रानी महल के पास नर्मदा झारिया के खेत में दो व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध शराब रखकर बेचने की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीओपी मंडला के मार्गदर्शन में चौकी हिरदेनगर स्टाफ और गवाहों की एक टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस टीम ने मौके से रोहित बरमैया 36 वर्ष और राजेश झारिया 33 वर्ष निवासी ग्राम रामनगर को पकड़ा।
बताया गया कि आरोपियों के कब्जे से 19 कार्टून बरामद किए गए, जिनमें अवैध रूप से भरी हुई देसी एवं अंग्रेजी मदिरा पाई गई। जब्त की गई कुल मदिरा की मात्रा 934 पाव है, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 24 हजार रुपए आंकी गई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा शराब के संबंध में कोई वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका, जिसके बाद अवैध मदिरा को जब्त कर दोनों आरोपियों को मौके से अभिरक्षा में लिया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध चौकी हिरदेनगर में आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। अवैध शराब की इस बड़ी खेप को पकडऩे वाली पुलिस टीम में उनि विकास सिंह तोमर, सउनि शिवशंकर सिंह राजपूत, प्रआर देवीसिंह मरकाम और आरक्षक आनंद गौतम शामिल रहे।
बैग-लेस डे पर गणित बना खेल, पीएम श्री स्कूल के बच्चों ने अनुभव से सीखा
सेमरखापा स्कूल में खुद करके सीखो की धूम, गणित के मॉडल से खिले बच्चों के चेहरे
मंडला महावीर न्यूज 29.पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल सेमरखापा में आयोजित बैग-लेस डे पर विद्यार्थियों ने गणित को खेल-खेल में सीखने का एक अनूठा आनंद लिया। खुद करके सीखो की पद्धति पर आधारित इस रंगीन कार्यक्रम ने बच्चों को गणित के सिद्धांतों को व्यावहारिक और मजेदार तरीके से समझने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गणित के विभिन्न सिद्धांतों पर आधारित आकर्षक मॉडल्स और चार्ट्स का प्रदर्शन किया। उन्होंने कोणों के प्रकार और त्रिकोणमिति सारणी जैसे विषयों को भी सृजनात्मक रूप से प्रस्तुत कर सीखने की प्रक्रिया को जीवंत बना दिया। बच्चों ने आपस में चर्चा की, विचार साझा किए और रचनात्मकता, तार्किक सोच और आत्मविश्वास के साथ सभी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया। इस दौरान विद्यालय का वातावरण उत्साह, ऊर्जा और सीखने की खुशी से सराबोर रहा।
प्राचार्य ने बताया सीखने का महत्व
यह प्रेरक आयोजन प्राचार्य कृष्ण कुमार हरदहा के दिशा-निर्देशन, गणित शिक्षक सनातन प्रकाश सैनी के मार्गदर्शन एवं पवन नामदेव शिक्षक के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्राचार्य कृष्ण कुमार हरदहा ने इस अवसर पर कहा कि सीखना तभी सार्थक है जब अनुभव और आनंद दोनों साथ हों। ऐसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सहयोग भावना और विषय के प्रति रुचि को बढ़ाती हैं। विद्यालय परिवार ने बच्चों के उत्साह, सृजनात्मकता और सक्रिय सहभागिता की खुले दिल से सराहना की।