महिला पर जानलेवा हमला कर गहने लूटे, बदमाश फरार

नुंसराई में महिला पर जानलेवा हमला कर गहने लूटे, अज्ञात बदमाश फरार

  • साप्ताहिक बाजार से लौट रही अकेली महिला को बनाया निशाना
  • सुतिया और नथ लूटकर आरोपी फरार, महिला

मंडला महावीर न्यूज 29. मवई हमेशा से एक शांत और सौहार्दपूर्ण क्षेत्र के रूप में जाना जाता रहा है, लेकिन यहां अवैध गतिविधियां सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर रही हैं। कुछ असामाजिक तत्वों के मन से पुलिस प्रशासन का भय समाप्त होता जा रहा है, जो कानून व्यवस्था के लिए एक गंभीर संकेत है। बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से मवई और इसके आसपास के क्षेत्रों में जिस प्रकार की आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिसके कारण स्थानीय लोगों में चिंता पैदा कर दी है। स्थानीय नागरिकों और प्रतिनिधियों ने जिला एवं पुलिस प्रशासन से आग्रह किया है कि इन गतिविधियों पर तुरंत लगाम लगाई जाए जिससे क्षेत्र में ऐसी घटनाएं दोबारा घटित ना हो।

जानकारी अनुसार शनिवार को मवई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नुंसराई गांव में एक सनसनीखेज वारदात हुई, जब एक 50 वर्षीय महिला पर अज्ञात बदमाश ने हमला कर दिया। हमले के बाद बदमाशों ने महिला के सोने के गहने लूटकर मौके से फरार हो गए। इस वारदात के बाद मवई क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। बताया गया कि दशोंदा बाई पति वीरसिंह मरावी 50 वर्ष निवासी नुंसराई साप्ताहिक बाजार मवई से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान सुनेहरा और नुंसराई के बीच पुलिया के पास महिला को अकेला पाकर एक अज्ञात व्यक्ति ने पीछे से किसी वस्तु से वार कर उन्हें बेहोश कर दिया। हमले के बाद आरोपी ने महिला के गले से सुतिया और नाक की नथ लूट ली और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

मवई अस्पताल में उपचार जारी 

घटना की सूचना पर ग्रामीणों ने तुरंत मवई पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवई में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। इस घटना से क्षेत्र में आतंक और सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और जल्द ही अपराधी को पकडऩे की बात कही है।

जांच नाका और सीसीटीव्ही कैमरे लगाने की मांग 

मवई विकासखंड मप्र और छत्तीसगढ़ के अंतिम छोर में बसा मंडला जिले का वनांचल आदिवासी बाहुल्य विकासखंड है। इस क्षेत्र में पहले लूट की घटनाए नहीं होती थी, लेकिन विगत कुछ दिनों से लूट की घटनाएं सामने आ रही है। मवई जैसे शांत क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले अज्ञात अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे है। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की सक्रियता पर भी प्रश्न चिन्ह खड़ा हो रहा है। मवई क्षेत्रवासियों ने इस घटना को देखते हुए प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र के सीमावर्ती ग्राम सुनहेरा, ग्राम पंचायत अमवार, ग्राम मुरता और ग्राम पंचायत मडफ़ा होते हुए छत्तीसगढ़ जिले में प्रवेश करते है। जहां एक पुलिस का जांच नाका, सीसीटीव्ही कैमरा की व्यवस्था जल्द की जानी चाहिए। जिससे मवई जैसे शांत क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।



 

Leave a Comment