बरगी बांध के बैकवॉटर से नारायणगंज के दर्जनों गांव जलमग्न, घरों और फसलों को भारी नुकसान
बाढ़ और जलभराव से त्रस्त ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन
- कई गांवों में घुसा पानी, घरों में रखा राशन हुआ खराब
- तत्काल सर्वे कर उचित मुआवजे की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. बरगी बांध जलाशय के बैकवॉटर का जलस्तर लगातार बढऩे से नारायणगंज विकासखंड के नर्मदा किनारे बसे दर्जनों गांव जलभराव की चपेट में आ गए हैं। घरों और खेतों में पानी भर जाने से परेशान ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा और शासन-प्रशासन से तत्काल राहत एवं उचित मुआवजे की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन को बताया कि नर्मदा नदी में अचानक आई बाढ़ के बाद भावल, चिरी, कुम्हा, पदमी, खेरी, नारायणगंज पाठा और सहजपुरी-पिंडरई समेत आसपास के कई गांवों में बरगी बांध का बैकवॉटर तेजी से घुसने लगा है। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि के कारण कई घरों में पानी भर गया है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और घरों में रखा राशन व अन्य जरूरी सामान पूरी तरह खराब हो गया है।
खेतों में खड़ी फसलें नष्ट, किसानों को भारी नुकसान
इस प्राकृतिक आपदा का सीधा असर कृषि पर भी पड़ा है। समाजसेवी दुर्गेश सिंगरोरे लोधी ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि जलस्तर बढऩे से ग्रामीणों की खेती बुरी तरह प्रभावित हुई है। कृषि योग्य जमीन में पानी भर जाने से खेतों में खड़ी फसलें नष्ट हो गई हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
सर्वे कर मुआवजा के साथ स्थायी समाधान की मांग
नदी किनारे बसे ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ते बैकवॉटर के कारण उनका जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का प्रशासन द्वारा तत्काल सर्वे कराया जाए और नुकसान का सही आकलन हो। पीडि़त परिवारों और किसानों को जल्द से जल्द राहत राशि और उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, जिससे इस संकट की घड़ी में उन्हें आर्थिक संबल मिल सके। भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए शासन-प्रशासन जलभराव की इस समस्या का कोई स्थायी समाधान निकाले।










