पूज्य संतों के सानिध्य में माँ नर्मदा के परिक्रमावासियों का हुआ गौरव सम्मान
मंडला के इतिहास में पहली बार राजेश क्षत्री की अभिनव पहल लाई रंग
- शाल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र देकर किया गया नर्मदा परिक्रमावासियों का सम्मान
- संतों और भक्तों ने साझा किए अलौकिक अनुभव
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के इतिहास में पहली बार माँ नर्मदा की कठिन और अत्यंत पवित्र परिक्रमा पूर्ण करने वाले श्रद्धालु भक्तों के लिए एक अलौकिक गौरव सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बताया गया कि गोंडी पब्लिक ट्रस्ट के सभागार में पूज्य संतों और माँ नर्मदा के परम भक्तों की उपस्थिति में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान सभी परिक्रमावासियों को श्रीफल, शाल और प्रशंसा पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उपस्थित परम पूज्य संतों के द्वारा दीप प्रज्वलन और माँ नर्मदा की सामूहिक आरती के साथ हुआ। इनमें श्री शारदाआत्मक रामकृष्ण आश्रम (देव बप्पा आश्रम) से स्वामी सच्चिदानंद महाराज, मोहन आश्रम सहस्त्रधारा से स्वामी रामदास महाराज, गोरखपुर से संत शंकर दास महाराज और गौ संरक्षण व संवर्धन से कमलेश जी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान नर्मदे हर के जयकारों से पूरा सभागार और वातावरण भक्तिमय हो उठा।
संतों व भक्तों ने साझा किए परिक्रमा के दिव्य संस्मरण
समारोह के दौरान संतों ने माँ नर्मदा की महिमा पर प्रकाश डाला और परिक्रमा के आध्यात्मिक महत्व से आमजनों को अवगत कराया। इसके साथ ही परिक्रमा पूर्ण करने वाले भक्तों जिसमें मातृशक्ति और अन्य भक्तराज शामिल थे। इस दौरान परिक्रमावासियों ने मंच से अपने जीवन के सबसे अनमोल और अलौकिक अनुभव साझा किए। नर्मदा पथ पर बिताए गए इन भावपूर्ण संस्मरणों को सुनकर उपस्थित जनसमुदाय भावविभोर हो गया।
राजेश क्षत्री की परिकल्पना को सहयोगियों ने दिया अमलीजामा
इस ऐतिहासिक और अनुकरणीय आयोजन की परिकल्पना जिले में पहली बार राजेश क्षत्री द्वारा की गई थी। उनकी इस पावन सोच को धरातल पर साकार करने में उत्तर वाहिनी परिक्रमा प्रमुख लालाराम चक्रवर्ती और घनश्याम बर्मन का विशेष व सराहनीय योगदान रहा। सभी संतों और परिक्रमावासियों से जीवंत संपर्क स्थापित कर पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित रूप देने में सुधीर कांसकार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन लालाराम चक्रवर्ती द्वारा किया गया।
इन्होंने निभाई व्यवस्थाओं और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी
माँ नर्मदा के पावन प्रसाद वितरण की व्यवस्था घनश्याम बर्मन, श्याम श्रीवास, दीपक उमरे, संजय सिंगगौर, राजेश दीक्षित और आशीष सोनवानी ने संभाली। वहीं कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार में प्रहलाद कछवाहा, किशोर रजक, अध्यक्ष नीरज अग्रवाल और कपिल वर्मा का विशेष सहयोग रहा।
ट्रस्ट के डायरेक्टर का जताया आभार
इस भव्य आयोजन के लिए गोंडी पब्लिक ट्रस्ट के डायरेक्टर विजय अग्रवाल ने अपना सर्वसुविधायुक्त सभा कक्ष सहयोग स्वरूप प्रदान किया था, जिसके लिए आयोजन समिति ने उनके प्रति हृदय से आभार प्रकट किया। कार्यक्रम के अंत में सभी सहयोगी भक्तों, सेवादारों और अतिथियों का आभार प्रदर्शन सुधीर कांसकार द्वारा किया गया। समारोह की सफलता और इस अनूठी पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए उपस्थित पूज्य संतों एवं नर्मदा परिक्रमावासियों ने आयोजकों को साधुवाद दिया। इसके साथ ही संतों ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के पुनीत आयोजनों में उनका पूर्ण सहयोग और सानिध्य सदैव प्राप्त होता रहेगा।











