कान्हा के नकटी घाटी बीट में मिला 11 माह की मादा बाघ शावक का शव

Advertisements

कान्हा के नकटी घाटी बीट में मिला 11 माह की मादा बाघ शावक का शव

आपसी संघर्ष में मौत की आशंका

  • गश्ती दल को मिले खून के निशान
  • सर्चिंग में मिला शावक का शव
  • एनटीसीए प्रोटोकॉल के तहत हुआ अंतिम संस्कार

मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व से वन्यजीव प्रेमियों को निराश करने वाली एक और खबर सामने आई है। सोमवार को कान्हा परिक्षेत्र के अंतर्गत नकटी घाटी बीट में एक 11 माह की मादा बाघ शावक का शव मिला है। प्रथम दृष्टया शावक की मौत किसी अन्य वन्यजीव के साथ आपसी संघर्ष के कारण होने की संभावना जताई जा रही है।जानकारी अनुसार 28 सितंबर की सुबह वन विभाग का गश्ती दल कान्हा परिक्षेत्र की नकटी घाटी बीट के कक्ष क्रमांक 138 में नियमित गश्त कर रहा था। इसी दौरान दल को वन क्षेत्र में एक बाघ के पदचिह्न और खून के निशान दिखाई दिए। संदेह होने पर गश्ती दल ने क्षेत्र में सघन खोजबीन शुरू की, जिसके बाद उन्हें वहां एक बाघ शावक का शव पड़ा मिला। गश्ती दल ने तत्काल इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल व आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर डॉग स्क्वाड की मदद से इलाके की सघन जांच कराई गई।

आपसी संघर्ष में गई जान, लिए गए फॉरेंसिक सैंपल 

शव मिलने के बाद वरिष्ठ वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप अग्रवाल और पशु चिकित्सक डॉ. ललित चौरसिया के दल द्वारा मृत बाघ शावक का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। परीक्षण में पता चला कि मृत शावक की आयु लगभग 11 माह थी और वह मादा थी। पशु चिकित्सकों ने बताया कि शावक के शरीर पर किसी अन्य वन्यजीव से संघर्ष और चोट के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। इसी आधार पर यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि आपसी संघर्ष में ही इस शावक की जान गई है। मौत के स्पष्ट कारणों की पुष्टि के लिए शव परीक्षण के दौरान फॉरेंसिक जांच के लिए सेंपल लिए गए हैं, जिन्हें लैब भेजा जाएगा।

एनटीसीए प्रोटोकॉल के तहत हुआ अंतिम संस्कार 

घटना के संबंध में वन विभाग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी आवश्यक जांच और दस्तावेजीकरण की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण द्वारा निर्धारित मानक प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करते हुए मृत शावक का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान कान्हा के क्षेत्र संचालक रविंद्र मणि त्रिपाठी, एनटीसीए द्वारा नामित प्रतिनिधि शिवांगी वेंन्द्रे और दाह, भस्मीकरण समिति के अन्य सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनकी मौजूदगी में मृत बाघ शावक के शव का पूर्णत: दाह, भस्मीकरण कर उसे नष्ट किया गया।


Leave a Comment