समर्पण के 25 वर्ष: पीएम मोदी के सेवा संकल्प को लेकर 29 सितंबर को मंडला पहुंचेगी 50 बाइकर्स की यात्रा
- वडनगर से वाराणसी तक ‘सेवा संकल्प यात्रा’
- मंडला में दो रूटों पर होगा भव्य स्वागत
- जनसंवाद और सेवा कार्य
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान यात्रा’ निकाली जा रही है। प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर (गुजरात) से उनकी कर्मस्थली वाराणसी (उत्तर प्रदेश) तक जाने वाली यह विशाल बाइकर्स यात्रा 29 सितंबर 2026 को मंडला जिले में प्रवेश करेगी। इस यात्रा के रूट क्रमांक-1 में मंडला को विशेष रूप से शामिल किया गया है, जिसके तहत जिले में दो अलग-अलग यात्राओं का आगमन होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने बताया कि देशभर के विभिन्न जिलों से करीब 50 बाइकर्स इस यात्रा में शामिल हैं। इसका मुख्य उद्देश्य गांव-गांव तक सेवा, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी का संदेश पहुंचाना है। यात्रा के दौरान युवाओं को समाज और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के साथ-साथ स्वच्छता, पौधरोपण, जल संरक्षण और जनसंवाद जैसी कई महत्वपूर्ण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आयोजनों को लेकर जिलाध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आवश्यक दायित्व सौंप दिए हैं।
बालाघाट से होकर पांडुतला पहुंचेगी प्रथम यात्रा
प्रथम यात्रा बालाघाट जिले से होते हुए बिछिया विधानसभा के ग्राम पांडुतला पहुंचेगी। यहां होटल नटराजन के पास कार्यकर्ताओं द्वारा यात्रा का आत्मीय स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात भीमडोंगरी (मंगली) में स्वागत व जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद यह यात्रा चिल्फी (छत्तीसगढ़) के लिए रवाना हो जाएगी।
द्वितीय यात्रा का मंडला में होगा सघन जनसंपर्क
दूसरी यात्रा सिवनी जिले के लखनादौन विधानसभा से होते हुए मंडला जिले की सीमा जारगा-जारगी पहुंचेगी, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा इसका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद यात्रा के दो दिवसीय कार्यक्रम कुछ इस प्रकार होंगे:
प्रथम दिवस (29 सितंबर)
- संवाद व माल्यार्पण: मोहन टोला में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से संवाद किया जाएगा। इसके बाद रेवांचल पार्क में वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण होगा।
- युवा एवं श्रमिक संवाद: सरदार पटेल कॉलेज (खेरी) में युवा संवाद और मेडिकल कॉलेज में श्रमिकों से चर्चा के साथ पौधरोपण किया जाएगा।
- चाय पर चर्चा व नर्मदा पूजन: नगर पालिका टाउन हॉल में स्वच्छता संवाद के बाद देर शाम भाजपा कार्यालय में ‘चाय पर चर्चा’ होगी। इसमें वोकल फॉर लोकल के तहत श्रीअन्न (मोटे अनाज) उगाने वाले कृषकों से संवाद किया जाएगा। अंत में माहिष्मती घाट पर मां नर्मदा का पूजन-अर्चन होगा और यात्रा मंडला में ही रात्रि विश्राम करेगी।
द्वितीय दिवस (30 सितंबर)
अगले दिन यात्रा किंगफिशर से पदमी तिराहा पहुंचकर ठाकुर उमराव सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेगी। इसके बाद ऐतिहासिक रामनगर (मोती महल, राय भगत की कोठी और रामनगर किले) का भ्रमण किया जाएगा। घुघरी में लाभार्थी सम्मेलन तथा सलवाह में महिला सम्मेलन आयोजित होगा। अंत में यह यात्रा सलवाह और बम्हनी होते हुए डिंडोरी जिले के लिए प्रस्थान करेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम जनता से इस यात्रा के स्वागत और निर्धारित कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कर इसे सफल बनाने का आह्वान किया है।










