राखी बंधवाने जा रहे बाइक सवार ने 14 वर्षीय छात्रा को मारी टक्कर, मौत

बिछिया में दर्दनाक सड़क हादसा

राखी बंधवाने जा रहे बाइक सवार ने 14 वर्षीय छात्रा को मारी टक्कर, मौत

  • रक्षाबंधन के दिन पसरा मातम
  • नहाकर लौट रही 7वीं की छात्रा को बाइक ने रौंदा
  • इलाज के लिए मंडला ले जाते समय तोड़ा दम

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के बिछिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को रक्षाबंधन के दिन हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय स्कूली छात्रा की मौत हो गई। मृतिका की पहचान झुलुप कन्हारी (बिछिया) निवासी लक्ष्मी बाई ताराम के रूप में हुई है, जो कक्षा 7वीं की छात्रा थी।

जानकारी अनुसार तिलई बम्हनी निवासी अजय यादव रक्षाबंधन के अवसर पर अपनी बहन के घर राखी बंधवाने के लिए बाइक से जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसने नहाकर अपने घर लौट रही लक्ष्मी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार अजय यादव को भी चोटें आई हैं।

रास्ते में तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी को प्राथमिक उपचार के लिए बिछिया अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल मंडला रेफर कर दिया। हालांकि मंडला ले जाते समय रास्ते में ही लक्ष्मी ने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस कार्रवाई

जिला अस्पताल में पंचनामा और शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। अस्पताल पुलिस चौकी द्वारा घटना की विस्तृत सूचना बिछिया थाना पुलिस को दे दी गई है, जिसके आधार पर मामले की जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


Leave a Comment