पुल की रेलिंग तोड़कर बालई नदी में गिरी बोलेरो
स्थानीय युवक मनीष बर्मन ने बचाया वाहन सवारों को
- मंडला रेंजर सहित चार लोग घायल
- घायलों को किया जबलपुर रेफर
- बाईक सवार को बचाने के चक्कर में हुआ हाईवे पर हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर नारायणगंज के टिकरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार रात्रि एक बाईक सवार को बचाने के चक्कर में एक चौपहिया वाहन अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में गिर गया। गनीमत रही कि नदी का जल स्तर कम था, जिसके कारण वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बचा लिये गए, नहीं तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। बताया गया कि जैसे ही वाहन नदी में गिरा, स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों में एक जागरूक युवक मनीष बर्मन ने नदी में उतर कर वाहन से सभी घायलों को बाहर निकाला। युवक की तत्परता से नदी में गिरे वाहन सवारों की जान बच सकी। जिसके बाद तत्काल स्थानीय टिकरिया पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी अनुसार जबलपुर से मंडला की ओर आ रही एक बोलेरो वाहन क्रमांक एमपी 20 टीए 2261 अनियंत्रित होकर बालई नदी के पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 25 से 30 फीट नीचे सीधे नदी में जा गिरी। इस दुर्घटना में गाड़ी में सवार मंडला की रेंजर सोनम जैन सहित कुल चार लोग घायल हुए है। बोलेरो ड्राइवर ने बताया कि रास्ते में अचानक एक मोटरसाइकिल सवार सामने आ गया था। उसे बचाने की कोशिश में गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल की सुरक्षा रेलिंग को तोड़ती हुई सीधे नीचे नदी में जा गिरी।

कम पानी होने से टला बड़ा हादसा
गनीमत यह रही कि हादसे के समय बालई नदी में पानी कम था और बोलेरो सीधे नीचे गिरी, पलटी नहीं। इस वजह से गाड़ी के अंदर बैठे लोगों को तुरंत बाहर निकलने का मौका मिल गया और एक बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना होते ही आस-पास के स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायलों में मासूम बच्चा भी शामिल, रेंजर की हालत गंभीर
इस हादसे में गाड़ी में सवार सभी चार लोग घायल हुए हैं। घायलों में मंडला की रेंजर सोनम जैन 36 वर्ष, उनका तीन वर्षीय बालक अभ्यांश जैन और शिवानी यादव 19 वर्ष शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद रेंजर सोनम जैन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।
जेसीबी की मदद से निकाले वाहन
हादसे की खबर मिलते ही टिकरिया थाना प्रभारी प्रदीप पांडे पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के साथ ही नदी में गिरी बोलेरो को जेसीबी की मदद से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।










