नेशनल हाईवे 30 पर सड़क हादसा
- टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलटी कार
- मंडला से भोरमदेव जा रहे एक ही परिवार के 5 सदस्य घायल
- जिला अस्पताल में भर्ती
मंडला महावीर न्यूज 29. मंगलवार को नेशनल हाईवे 30 पर बिछिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत ठोंड़ा गांव के पास एक सड़क हादसा हो गया। मंडला से छत्तीसगढ़ के भोरमदेव की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार का टायर अचानक फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर कई बार पलट गया। इस हादसे में कार सवार 8 यात्रियों में से 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी अनुसार कार में सवार सभी यात्री मंडला से भोरमदेव दर्शन के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी कार ठोंड़ा गांव के समीप पहुंची, अचानक पहिए का टायर ब्लास्ट हो गया। चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे जा पलटी। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कार के भीतर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और हाईवे हेल्पलाइन को सूचना दी।
हाइवे हेल्पलाइन की त्वरित मदद
सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे हेल्पलाइन 1033 की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम के सदस्य पायलट लेखराम यादव, ईएमटी रामचरन यादव और हेल्पर सुरजीत ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार प्रदान किया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल मंडला पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उनका उपचार जारी है।
हादसे में ये हुए घायल
हादसे में घायल होने वाले सभी यात्री आपस में परिचित और रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। घायलों की पहचान कविता झारिया (40 वर्ष), निधि कुशराम (25 वर्ष), सीमा झारिया (40 वर्ष), सविता धुर्वे (45 वर्ष), सुमन धुर्वे इस हादसे में घायल हुई है। बिछिया थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया जिससे यातायात बाधित न हो। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गनीमत रही कि कार में सवार शेष 3 यात्रियों को मामूली खरोंचें ही आईं।









