आस्था और कला का संगम
मंडला में 25 हजार रुद्राक्षों से निर्मित हुआ 6 फीट ऊँचा भव्य शिवलिंग
- बोतल आर्ट के जादूगर त्रिलोक सिंधिया ने रचा इतिहास
- 14 फरवरी को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
मंडला महावीर न्यूज 29. महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर इस वर्ष मंडला जिला एक अद्भुत आध्यात्मिक और कलात्मक दृश्य का साक्षी बनने जा रहा है। जिला पंचायत के सामने स्थित हनुमान शेषनाग एवं राम दरबार मंदिर में इस बार 25 हजार से अधिक रुद्राक्षों से निर्मित 6 फीट ऊंचे भव्य शिवलिंग की स्थापना की जाएगी। इस अनुपम कृति को स्थानीय कलाकार और बोतल आर्ट जादूगर विख्यात आर्टिस्ट त्रिलोक सिंधिया ने भक्तों के श्रृद्धा सहयोग से तैयार किया है।
बोतल आर्टिस्ट त्रिलोक सिंधिया ने बताया कि पिछले वर्ष स्थानीय संसाधनों से शिवलिंग निर्माण के दौरान ही उन्होंने आगामी शिवरात्रि पर रुद्राक्ष शिवलिंग बनाने का संकल्प लिया था। उनके इस अटूट संकल्प और कला के प्रति समर्पण को देखते हुए सहयोगियों द्वारा रुद्राक्ष एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। दिन-रात की कड़ी मेहनत और सुधीर कांसकार के विशेष सहयोग से उन्होंने हजारों रुद्राक्षों को पिरोकर इस 6 फीट ऊंचे शिवलिंग को आकार दिया है, जो श्रद्धा और शिल्प का अनूठा उदाहरण है।
निकाली जाएगी भव्य शोभा यात्रा
रुद्राक्ष से निर्मित इस अद्भुत शिवलिंग की स्थापना के लिए एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। बताया गया कि आगामी 14 फरवरी शनिवार को शाम चार बजे भव्य शोभायात्रा त्रिलोक सिंधिया के निवास से प्रारंभ होकर जिला पंचायत के सामने स्थित हनुमान शेषनाग एवं राम दरबार मंदिर पहुंचेगी, जहाँ शिवलिंग को विधि-विधान से स्थापित किया जाएगा।
महाशिवरात्रि पर होगा विशेष अनुष्ठान
बताया गया कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 15 फरवरी रविवार को श्री रामनाथ शास्त्री के सानिध्य में समस्त धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराएंगे। जिसमें 15 फरवरी को दोपहर 2 बजे से सामूहिक रुद्राभिषेक, हवन और पूजन किया जाएगा। इसके बाद संध्या काल में दीपदान और प्रसादी वितरण का आयोजन होगा। आयोजन समिति ने समस्त भक्तजनों से सपरिवार शोभायात्रा और रुद्राभिषेक में सम्मिलित होने की अपील की है। बताया गया कि यह संपूर्ण आयोजन जन-सहयोग और भक्तों की अगाध श्रद्धा से संपन्न हो रहा है।










