दबंगों की धमकी और जमीन विवाद से परेशान युवती पहुंची एसपी और कलेक्टर के पास
- बीजाडांडी में पारिवारिक विवाद ने पकड़ा तूल
- चाचा पर मारपीट और प्रताडऩा का आरोप
- युवती ने एसपी और कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार
- बेघर होने की कगार पर मां-बेटी
मंडला महावीर न्यूज 29. बीजाडांडी थाना अंतर्गत एक युवती ने अपने ही चाचा और उनके परिवार पर मारपीट, अभद्रता और जमीन पर अवैध कब्जे का गंभीर आरोप लगाया है। पीडि़ता कुमारी सोनम बर्मन ने इस संबंध में जिला कलेक्टर और मंडला पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर सुरक्षा और न्याय की मांग की है।
पीडि़ता सोनम बर्मन ने बताया कि घटना 1 जनवरी 2026 की है, जब वह अपने घर का काम कर रही थी। उसी दौरान उसके चाचा प्रेम बर्मन ने काम रोकने की बात कहते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि चाचा ने युवती के साथ झूमाझटकी की, उसे जमीन पर गिरा दिया और भद्दी-भद्दी गालियां दीं। घटना के बाद आरोपियों ने थाने जाकर उल्टा पीडि़ता के विरुद्ध ही शिकायत दर्ज कराने की धमकी दी।
गंभीर प्रताडऩा के आरोप
कलेक्टर को सौंपे गए पत्र में सोनम ने अपने चाचा के पिछले आचरण पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि उसके चाचा द्वारा पूर्व में भी परिवार की महिलाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताडि़त किया गया है। पीडि़ता का कहना है कि चाचा और उनकी बहनें नरबादिया बर्मन, भगवती बर्मन उन्हें जीने नहीं दे रहे हैं और उनके घर के निर्माण में लगातार बाधा डाल रहे हैं।
बेरोजगारी और बेघर होने का डर
पीडि़ता ने भावुक होते हुए बताया कि वह और उसकी मां बेरोजगार हैं और दूसरों के घरों में काम करके गुजर-बसर कर रही हैं। विवाद के कारण उनका घर गिर रहा है और निर्माण सामग्री रेत, ईंट, डस्ट खराब हो रही है। 10 साल से चल रहे इस विवाद से थककर अब युवती ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उन्हें उनके ही घर से न निकाला जाए और आरोपियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्यवाही की जाए।










