गांव की शांति भंग कर रही अवैध शराब

शराब के खिलाफ खिरहनी और खड़देवरी की महिलाओं का हल्लाबोल

जनसुनवाई में जमकर की नारेबाजी

  • गांव की शांति भंग कर रही अवैध शराब
  • महिलाओं ने कलेक्टर को घेरा, कहा- बच्चे भी हो रहे नशे के आदी

अवैध शराब विक्रय से आक्रोशित महिलाओं ने जनसुनवाई में किया प्रदर्शन, कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के रामनगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खिरहनी और खड़देवरी की महिलाओं ने मंगलवार को जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में अवैध शराब बंदी की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में अवैध शराब के विक्रय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासनिक ढिलाई पर नाराजगी जताई।

युवाओं और बच्चों का भविष्य दांव पर

खिरहनी व पीपरपानी पंचायत के खड़देवरी गांव से बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने बताया कि गांव में अवैध शराब आसानी से उपलब्ध हो रही है। इस कारण न केवल युवा बल्कि छोटे बच्चे भी नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। शराब के कारण कम उम्र में ही लोग अपनी जान गंवा रहे हैं, जिससे हंसते-खेलते परिवार असहाय और बर्बाद हो रहे हैं।

कार्रवाई न होने पर जताया रोष

जनसुनवाई में आवेदन देते हुए महिलाओं ने आरोप लगाया कि अवैध शराब के संबंध में पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा शराब माफियाओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी उदासीनता के कारण गांव में अशांति का माहौल बना हुआ है।

कलेक्टर ने दिया आश्वासन

महिलाओं के कड़े तेवर और नारेबाजी को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल मामले को संज्ञान में लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्वयं गांव पहुंचकर वस्तुस्थिति की जांच करें और अवैध शराब विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। कलेक्टर के आश्वासन के बाद महिलाएं शांत हुईं।



Leave a Comment