मंडला पुलिस की माइक्रो बीट चौपाल

मंडला पुलिस की माइक्रो बीट चौपाल

ग्रामीणों को सिखाए सुरक्षा के गुर, हेलमेट और साइबर सुरक्षा पर जोर

  • गांव-गांव पहुंची मंडला पुलिस
  • चौपाल लगाकर दी नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा की जानकारी
  • हेलमेट पहनें और साइबर ठगों से बचें
  • पुलिस ने चौपाल के माध्यम से नागरिकों को किया जागरूक

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के पालन में और पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के कुशल मार्गदर्शन में जिलेभर में विशेष माइक्रो बीट पुलिस चौपाल का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नागरिकों को कानून व्यवस्था से जोडऩा रहा।अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी ग्रामीणों के बीच पहुंचे। जिसमें थाना मवई बहर मुंडा पोड़ी, घुघरी धनगांव, मोहगांव सुडगांव, खटिया कुटवाही, टिकरिया बम्हनी, बिछिया किसली, भीलवानी, विजयनगर, प्रेमनगर, मोतीनाला भालपुरी, चंदगांव एवं चौकी सलवाह व पोड़ी के विभिन्न ग्राम शामिल रहे।

यातायात और साइबर सुरक्षा पर दिया विशेष ध्यान 

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने दो-पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चार-पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की अनिवार्यता समझाई। वर्तमान में बढ़ते डिजिटल अपराधों को देखते हुए, ग्रामीणों और विद्यार्थियों को जागरूक किया गया कि वे किसी भी अनजान कॉल, फर्जी लिंक या ओटीपी को साझा न करें।

नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा का दिया संदेश 

पुलिस चौपाल में ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया गया और समाज को नशा मुक्त बनाने की अपील की गई। इसके साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी देते हुए पुलिस ने भरोसा दिलाया कि किसी भी संदिग्ध परिस्थिति या अपराध की स्थिति में नागरिक निडर होकर पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। इस पहल से न केवल जनता और पुलिस के बीच समन्वय बढ़ेगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।


 

Leave a Comment