अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंदा, हालत नाजुक

नैनपुर में रफ्तार का कहर

  • अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंदा, हालत नाजुक
  • इटका, गोंझी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा
  • रेलवे स्टेशन से लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
  • मानवता की मिसाल पेश कर डायल 112 ने पहुँचाया अस्पताल

मंडला महावीर न्यूज 29. क्षेत्र के इटका, गोंझी सड़क मार्ग पर गुरुवार सुबह लगभग 10 बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। इस दर्दनाक हादसे में युवक सड़क पर काफी दूर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं।जानकारी अनुसार घायल युवक की पहचान 19 वर्षीय आशिष पावले, निवासी ग्राम अतरिया के रूप में हुई है। बताया गया कि आशीष अपने एक रिश्तेदार को नैनपुर रेलवे स्टेशन छोडऩे गया था। वहां से लौटते समय वह किसी आवश्यक कार्य से गोंझी की ओर जा रहा था, इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

डायल 112 की तत्परता से समय पर मिला इलाज 

हादसे के बाद सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही आरक्षक मुकेश रंगडाले और पायलट लोकेश जंघेला कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुँचे। उन्होंने मानवता दिखाते हुए घायल आशीष को तत्काल उठाकर सिविल अस्पताल नैनपुर पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों द्वारा उसका सघन उपचार किया जा रहा है।

पुलिस कर रही जांच 

सड़क दुर्घटना की इस खबर के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। चिकित्सक ने बताया कि युवक की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है। इधर नैनपुर पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय निवासियों ने इस मार्ग पर अनियंत्रित रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग की है।



 

Leave a Comment