भक्ति के रस में डूबा जनमानस
- बबलिया में 108 रामचरितमानस और सुंदरकाण्ड पाठ का हुआ समापन
- हनुमान मंदिर बस स्टैंड में गूंजे प्रभु श्री राम के जयकारे
- कन्या भोज और भंडारे के साथ अनुष्ठान संपन्न
मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय देवरी कला बबलिया बस स्टैंड स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में आयोजित 108 अखंड रामचरितमानस एवं 108 सुंदरकाण्ड पाठ का समापन किया गया। ग्राम के प्रतिष्ठित गल्ला व्यापारी विष्णुप्रसाद सोनी एवं उनके समस्त परिवार द्वारा आयोजित इस अनुष्ठान में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर धर्म लाभ उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शास्त्री गोवर्धन पाण्डेय के सान्निध्य में वेद मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजन के साथ किया गया। बताया गया कि विगत 10 अक्टूबर 2025 से निरंतर चल रहे 108 अखंड राम चरित मानस पाठ की पूर्णाहूति 28 जनवरी को सुंदरकांड के 108 पाठों के साथ हुई। ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से न केवल जनमानस में आस्था जगती है, बल्कि क्षेत्र की वायु और वातावरण भी शुद्ध होता है।
भक्ति में झूमे श्रद्धालु, कन्या भोज का हुआ आयोजन
हनुमान मंदिर में आयोजित महाआरती और हनुमान चालीसा के पाठ के दौरान भक्तगण भक्ति भाव में सराबोर होकर झूम उठे। अनुष्ठान की पूर्णाहुति पर भव्य हवन-पूजन किया गया, जिसके बाद कन्या भोज और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। महाप्रसाद वितरण के साथ ही उपस्थित साधु-संतों और कन्याओं को श्रद्धापूर्वक विदाई दी गई।
युवा शक्ति का रहा सराहनीय सहयोग
इस वृहद धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा। प्रतिदिन आयोजित होने वाले महा भंडारे में उपसरपंच संजय सोनी, सहायक सचिव दिनेश, मनीष नामदेव सहित युवा टोली ने सक्रिय भूमिका निभाई। भक्तों का मानना है कि ऐसे अनुष्ठानों से हर मस्तिष्क में ईश्वर के प्रति विश्वास गहरा होता है और क्षेत्र में सुख-समृद्धि आती है।









