मां नर्मदा परिक्रमा, खेल, कठिन तपस्या, किक्रेट, महोत्सव, कार्यक्रम, धर्म-कर्म, श्रीमद् भागवत, अनोखी पहल, आयोजन, हादसा, अभियान, शिविर
नैनपुर रेलवे यार्ड में गूंजा सायरन
रेलवे और NDRF ने संयुक्त मॉक ड्रिल से परखी अपनी तैयारी
- हादसे की स्थिति में कैसे बचाएं जान
- वाराणसी NDRF और रेल अमले ने किया राहत कार्यों का लाइव प्रदर्शन
मंडला महावीर न्यूज 29 | रेल दुर्घटना जैसी आपातकालीन स्थितियों में त्वरित राहत और बचाव कार्यों को पुख्ता करने के उद्देश्य से गुरुवार, 12 फरवरी 2026 को नैनपुर रेलवे स्टेशन यार्ड में एक वृहद संयुक्त मॉक अभ्यास (मॉक ड्रिल) संपन्न हुआ। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल और 11वीं राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), वाराणसी के इस साझा प्रयास ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों को वास्तविक धरातल पर परखा।
हादसे का काल्पनिक दृश्य और त्वरित एक्शन
अभ्यास के दौरान एक काल्पनिक रेल दुर्घटना की स्थिति बनाई गई। जैसे ही दुर्घटना का संदेश प्रसारित हुआ, रेलवे का बचाव दल और NDRF की टीम आधुनिक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। अभ्यास में निम्नलिखित महत्वपूर्ण चरणों का प्रदर्शन किया गया:
- रेस्क्यू ऑपरेशन: क्षतिग्रस्त बोगियों से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना।
- प्राथमिक उपचार: घायलों को तत्काल मेडिकल सहायता देना और स्ट्रेचर के माध्यम से एम्बुलेंस तक पहुँचाना।
- सुरक्षा घेरा: आगजनी और धुएं की स्थिति में भीड़ पर नियंत्रण पाना और सुरक्षा घेरा तैयार करना।
डीआरएम की मौजूदगी में हुआ शक्ति प्रदर्शन
यह पूरा अभ्यास नागपुर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और प्रत्यक्ष निर्देशन में संपन्न हुआ। उन्होंने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत कार्यों में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। इस ड्रिल में रेलवे के इंजीनियरिंग, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, चिकित्सा, आरपीएफ (RPF) और सिविल डिफेंस सहित सभी प्रमुख विभागों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
“यात्री सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता”
मीडिया से चर्चा करते हुए डीआरएम श्री दीपक कुमार गुप्ता ने कहा, “रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ऐसे संयुक्त अभ्यास हमारी तैयारियों की कमियों को पहचानने और आपदा के समय विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बिठाने में सहायक होते हैं। आज रेलवे और NDRF के बीच जो उत्कृष्ट समन्वय दिखा, वह किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हमारा आत्मविश्वास बढ़ाता है।”
इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और रेल अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने राहत कार्यों की इस जीवंत प्रस्तुति की सराहना की।
रामनगर पहुंची दादा गुरु की निराहार नर्मदा परिक्रमा
- पुष्पवर्षा से हुआ आत्मीय स्वागत
- मधुपुरी के घोड़ाघाट में हुआ रात्रि विश्राम और प्रवचन
- आज महाराजपुर संगम पहुंचेगी यात्रा
मंडला महावीर न्यूज 29. माँ नर्मदा की कठिन निराहार परिक्रमा पर निकले संत दादा गुरु अपनी यात्रा के अगले पड़ाव के तहत गुरुवार को रामनगर होते हुए मधुपुरी घोड़ाघाट पहुंचे। इस दौरान पूरी परिक्रमा मार्ग भक्तिमय नजर आया और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दादा गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। बताया गया कि बुधवार रात्रि को दादा गुरु ने देवगांव संगम में विश्राम किया, जहाँ संध्या आरती और आध्यात्मिक प्रवचन का आयोजन हुआ। इसके बाद गुरुवार सुबह सैंकड़ों परिक्रमावासियों के साथ यात्रा आगे बढ़ी और दोपहर में रामनगर पहुँची।
बताया गया कि रामनगर में दोपहर विश्राम के दौरान दादा गुरु ने श्रद्धालुओं से चर्चा की। इस अवसर पर स्थानीय भक्तों ने उन पर पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। गुरुवार की रात्रि का पड़ाव मधुपुरी के घोड़ाघाट मेला स्थल में रहा। यहाँ रात्रि में आयोजित प्रवचन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। परिक्रमा के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज शुक्रवार दोपहर यात्रा महाराजपुर संगम पहुंचेगी। जिसके बाद परिक्रमा का अगला विश्राम खुर्सीपार में होगा। दादा गुरु के साथ चल रहे परिक्रमावासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और मार्ग में जगह-जगह भंडारे व स्वागत की व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
कठिन तपस्या-हाथों के बल 3500 किमी की नर्मदा परिक्रमा पर निकले संत धर्मपुरी महाराज
- अमरकंटक से शुरू हुई अधोमुखी यात्रा पहुंची मोहगांव
- पुष्पवर्षा और बंबुलिया गीतों से हुआ भव्य स्वागत
मंडला महावीर न्यूज 29. श्रद्धा और अटूट संकल्प की एक ऐसी मिसाल इन दिनों नर्मदांचल में चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसे देख हर कोई नतमस्तक है। डिंडोरी जिले के करंजिया निवासी संत धमरपुरी महाराज मां नर्मदा की 3500 किलोमीटर लंबी परिक्रमा हाथों के बल (अधोमुखी) चलकर पूरी कर रहे हैं। बुधवार को डिंडोरी जिले की सीमा समाप्त कर महाराज ने मंडला जिले के मोहगांव विकासखंड में प्रवेश किया, जहां ग्रामीणों ने पलक-पावड़े बिछाकर उनका स्वागत किया।
बताया गया कि धरमपुरी महाराज ने अपनी यह अलौकिक यात्रा 11 दिसंबर को नर्मदा उद्गम स्थल अमरकंटक से प्रारंभ की थी। वे प्रतिदिन लगभग 3 से 4 किलोमीटर की दूरी अपने हाथों के बल चलकर तय करते हैं। मंडला जिले के प्रथम पड़ाव ग्राम आंडियामाल में ग्रामीणों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इस दौरान ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक बंबुलिया (बुंदेलखंडी लोकगीत) गाकर और मार्ग पर पुष्पवर्षा कर महाराज की अगवानी की।
चौथी परिक्रमा और संकल्प सबसे कठिन
धमरपुरी महाराज का बचपन से ही साधु-संतों के प्रति गहरा झुकाव रहा है। वे मात्र 7 वर्ष की आयु में ही संत समाज से जुड़ गए थे। यह उनकी चौथी नर्मदा परिक्रमा है, लेकिन यह पहला अवसर है जब उन्होंने अधोमुखी (हाथों के बल) यात्रा करने का अनन्य संकल्प लिया है। उनकी इस असाधारण साधना को देख लोग आश्चर्यचकित भी हैं और प्रेरित भी।
जगह-जगह दर्शन को उमड़ रहा जनसैलाब
जैसे-जैसे यह यात्रा मंडला की ओर बढ़ रही है, श्रद्धा का सैलाब बढ़ता जा रहा है। मंडला जिले में प्रवेश के बाद यात्रा ग्राम चाबी स्थित उपकेश्वरी नर्मदा कुंड राधा कृष्ण मंदिर पहुंची। इसके बाद यात्रा मोहगांव की ओर अग्रसर हुई। सड़कों के किनारे घंटों पहले से ग्रामीण हाथों में माला और फूल लेकर महाराज की प्रतीक्षा करते देखे जा रहे हैं। स्थानीय लोग इसे मानव कल्याण के लिए की जा रही अब तक की सबसे कठिन तपस्या मान रहे हैं।
आस्था और आत्मबल की मिसाल
पूरा क्षेत्र नर्मदे हर के जयघोष से गुंजायमान है। धमरपुरी महाराज की यह यात्रा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि मानवीय संकल्प और अटूट विश्वास की जीवंत मिसाल बन गई है। उनकी इस कठिन साधना ने नर्मदा भक्तों के बीच भक्ति और संयम का नया संदेश प्रवाहित किया है।
भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी देवहार की सीसी रोड
- बिना टेंडर काम और मशीनों से निर्माण के गंभीर आरोप
- मजदूरी मद से राशि आहरण और इंजीनियर से मिलीभगत की आशंका
- नियमों की उड़ाई धज्जियां, बिना निविदा और मूल्यांकन के भुगतान
- जिला स्तरीय दल ने शुरू की जांच
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत नारायणगंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत देवहार में निर्मित सीसी रोड अब भ्रष्टाचार के बड़े आरोपों से घिर गई है। शिकायतों के बाद जिला स्तरीय जांच दल ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जिससे प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इस सड़क का निर्माण बिना किसी विधिवत तकनीकी मूल्यांकन और वैधानिक निविदा प्रक्रिया के कराया गया है। स्थानीयजनों कहां कि इस मामले में उच्चस्तरीय जांच करते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
बताया गया कि सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया है कि निर्माण का पूर्ण मूल्यांकन होने से पहले ही तत्कालीन सचिव अभिषेक शर्मा द्वारा संपूर्ण राशि का आहरण कर लिया गया। आरोप है कि निर्माण कार्य ठेकेदारी शैली में मशीनों से कराया गया, जबकि कागजों में मजदूरी मद की राशि निकालकर वित्तीय अनियमितता की गई है।
इंजीनियर की भूमिका पर उठे सवाल
ग्रामीणों का दावा है कि घटिया निर्माण के दौरान संबंधित इंजीनियर सुनील शर्मा को कम से कम चार बार फोन कर सुधार का आग्रह किया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। स्थानीय स्तर पर तत्कालीन सरपंच इमरती बाई, सचिव और इंजीनियर के बीच गहरी सांठगांठ की आशंका जताई जा रही है। खराब गुणवत्ता के कारण ग्रामीणों ने पूर्व में कार्य रुकवा भी दिया था।
जांच के घेरे में मार्ग निर्माण कार्य
सूत्रों के अनुसार योजना में मनरेगा श्रमिकों से काम कराने की बात कही जा रही है, जो नियमों का गंभीर उल्लंघन हो सकता है। जांच दल ने निर्माण सामग्री के नमूने प्रयोगशाला भेज दिए हैं और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए हैं।
निजीकरण समाप्त कर संविलियन करने के लिए जिला प्रशासन को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
- न्यूनतम 26 हजार वेतन और नियमितीकरण की मांग
- प्रदेश के लाखों आउटसोर्स कर्मचारी लामबंद
- संयुक्त मोर्चा ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल का किया समर्थन
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश के शासकीय विभागों में कार्यरत लाखों आउटसोर्स, अस्थाई और अंशकालीन कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ऑल डिपार्टमेंट आउटसोर्स, अस्थाई, अंशकालीन, ग्राम पंचायत कर्मचारी संयुक्त मोर्चा मप्र ने केंद्रीय श्रमिक संगठनों के आह्वान पर आयोजित राष्ट्रव्यापी हड़ताल का पूर्ण समर्थन किया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष वासुदेव शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ज्ञापन भेजकर आउटसोर्सिंग व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त करने की मांग की है।
संयुक्त मोर्चा ने अपनी मांगों में स्पष्ट किया है कि पिछले 15-20 वर्षों से कार्यरत तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के साथ गुलामों जैसा व्यवहार बंद किया जाए। संयुक्त मोर्चा ने अपनी मांगों में मांग की है कि आउटसोर्स और अस्थाई कर्मचारियों को लघु कैडर बनाकर नियमित किया जाए या सेवा निगम का गठन कर संविलियन किया जाए। न्यूनतम वेतन को पुनरीक्षित कर 26 हजार मासिक किया जाए और सभी शासकीय लाभ दिए जाएं। बिजली, बैंक और स्वास्थ्य सहित सभी विभागों में ठेका प्रथा और निजीकरण को तत्काल बंद किया जाए। उच्च शिक्षा प्राप्त आईटी विशेषज्ञों और इंजीनियरों को महज 8-10 हजार रुपये देकर महीनों तक वेतन रोकना बंद हो और सीधे विभाग से भुगतान किया जाए।
विभिन्न वर्गों की बहाली की अपील
ज्ञापन में ग्राम पंचायतों के चौकीदार, सफाई कर्मी, बैंक मित्र, स्वच्छाग्राही, जनसेवा मित्र और कोविड-19 के दौरान हटाए गए आयुष चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ की तत्काल बहाली की मांग की गई है। मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि 5 साल में न्यूनतम वेतन पुनरीक्षण के कानून का पालन नहीं किया गया और आउट सोर्सिंग व्यवस्था खत्म नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। संगठन का मानना है कि सरकारी विभागों का 80 प्रतिशत ठेकाकरण भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहा है, जिसे रोकना कर्मचारियों के भविष्य के लिए अनिवार्य है।
एनएच 30 पर अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक
- कार को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
- नारायणगंज के मैली चौराहे के पास मची अफरा-तफरी
मंडला महावीर न्यूज 29. नेशनल हाईवे 30 पर नारायणगंज मैली चौराहे और बालाई के बीच एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली से रायपुर की ओर जा रहा एक ट्रक क्रमांक एमपी 07 डी 9858 अनियंत्रित होकर हाईवे मार्ग में एक वाहन को बचाने के चक्कर में पलट गया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
ट्रक चालक देवेंद्र सिंह यादव निवासी मुरैना ने बताया कि वह दिल्ली से माल लोड कर रायपुर की ओर जा रहा था। मैली चौराहे और बालाई पुल के पास अचानक सामने से एक कार आ गई, जिसे बचाने के फेर में ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में चालक अकेला ही सवार था। गनीमत रही कि इस हादसे में चालक और सामने आ रही कार को कोई हानि नहीं पहुंची। सभी बाल-बाल बच गए।
तत्काल पहुंची पहुंची
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने इसकी सूचना 112 डायल और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही टिकरिया थाना प्रभारी प्रदीप पांडे के निर्देशानुसार पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। ट्रक पलटने के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं, जिसे पुलिस कर्मियों ने मुस्तैदी के साथ यातायात नियंत्रित कर सुचारू कराया। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि हाईवे पर मोड़ के दौरान गति सीमा का विशेष ध्यान रखें जिससे इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
जागरूक गांव, सुरक्षित मंडला
पुलिस ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों को सिखाए सुरक्षा के गुर
- जिले भर में माइक्रो बीट अभियान सक्रिय
- साइबर अपराध, नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा पर विशेष संवाद
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में जिले में पुलिस चौपाल अभियान के माध्यम से जन-जागरूकता की मुहिम तेज कर दी गई है। गुरुवार को मंडला के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में माइक्रो बीट पुलिस चौपाल का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर अपराध मुक्त समाज का निर्माण करना है।
बताया गया कि जिले के दुर्गम और ग्रामीण अंचलों तक पहुँचने के लिए पुलिस अधिकारियों ने सक्रियता दिखाई। अभियान के तहत प्रमुख रूप से इन स्थानों पर चौपाल लगाई गई। थाना क्षेत्र महाराजपुर के धोरानाला, बीजाडांडी के पिपरिया, टिकरिया के चुटका, निवास के गजूदेवरी और मवई के देवरी, रघुट, चौकी क्षेत्र टाटरी के झनगुल, उमरिया, मनेरी के मेढ़ी, पिंडरई, अंजनिया कांसखेड़ा और चौकी चाबी के खालेगिठौरी में चौपाल लगाई गई।
महत्वपूर्ण विषयों पर दी जानकारी
चौपाल के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठकर अत्यंत संवेदनशील और समसामयिक विषयों पर चर्चा की। चर्चा में ग्रामीणों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट की अनिवार्यता और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का आग्रह किया गया। बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड और अनजान लिंक से बचने के तरीके बताए गए। नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए ग्रामीणों को इससे दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें कानूनी अधिकारों और सहायता हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
संवाद से बढ़ेगा विश्वास
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा का वातावरण निर्मित करना और पुलिस के प्रति जनता के विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करना है। ग्रामीणों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत किया और अपनी स्थानीय समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष साझा किया।
सौर ऊर्जा और रोबोटिक्स मॉडल्स ने जीता अतिथियों का दिल
- नन्हे वैज्ञानिकों ने दिखाए नवाचार के रंग
- सेंट एंजिल्स स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित
- उत्कृष्ट छात्र किए गए सम्मानित
मंडला महावीर न्यूज 29. विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्थानीय सेंट एंजिल्स पब्लिक हाई स्कूल में साइंस एग्जीबिशन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और आधुनिक तकनीक पर आधारित प्रोजेक्ट्स के माध्यम से भविष्य के भारत की झलक दिखाई।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुनील दुबे, वरिष्ठ शिक्षक नवीन व्यौहार और अनुराग जैन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सुशील उपाध्याय, डायरेक्टर प्रीति उपाध्याय और कॉर्डिनेटर मोनिका सराफ सहित पूरा विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
आकर्षण का केंद्र रहे आधुनिक मॉडल्स
विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न विज्ञान मॉडल्स ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रदर्शनी में विशेष रूप से विविध विषयों पर ध्यान केंद्रित किया गया। जिसमें भविष्य में जल संकट से निपटने और प्रकृति को बचाने के उपाय। सौर ऊर्जा का उपयोग, रोबोटिक्स और आधुनिक संचार तकनीक। विद्यार्थियों द्वारा दैनिक जीवन को आसान बनाने वाले छोटे-छोटे आविष्कारों का प्रदर्शन।
बच्चों का किया उत्साहवर्धन
प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे अभिभावकों और अतिथियों ने बच्चों के कठिन परिश्रम और उनके विजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। प्राचार्य सुशील उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में न केवल आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि उनमें अनुसंधान और खोजी प्रवृत्ति का भी विकास होता है।
पुरस्कार वितरण के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम के अंत में निर्णायकों द्वारा चयनित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। संपूर्ण आयोजन विद्यालय के शिक्षक अंचल चौबे, आशा विश्वकर्मा और समस्त स्टाफ के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
गौ-हत्या के विरोध में नैनपुर रहा पूर्णत: बंद
- आक्रोशित हिंदू संगठनों ने घेरा एसडीएम कार्यालय
- वार्ड 10 में मिला था गौ-वंश का कटा सिर
- सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, दोषियों पर रासुका की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर नगर के वार्ड क्रमांक 10 शांति नगर में बुधवार को एक गौ-वंश का कटा हुआ सिर मिलने की हृदयविदारक घटना के बाद गुरुवार को पूरे नगर में भारी आक्रोश देखा गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के आह्वान पर नैनपुर पूरी तरह बंद रहा। व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर इस निंदनीय कृत्य के विरुद्ध अपना विरोध दर्ज कराया।
बताया गया कि बुधवार दोपहर करीब 1 बजे शांति नगर के व्यस्त चौराहे पर स्थानीय नागरिकों ने एक बछड़े का कटा हुआ सिर देखा। रिहायशी इलाके के बीचों-बीच इस तरह अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और हिंदू समाज के प्रतिनिधियों का आरोप है कि यह घटना किसी जंगली जानवर का कृत्य नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे की एक सोची-समझी साजिश है, क्योंकि अवशेषों को जानबूझकर मुख्य मार्ग के बीच में रखा गया था।
प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, दी चेतावनी
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने अनुविभागीय दण्डाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि आरोपियों की पहचान कर उन पर कठोर धाराओं में मामला दर्ज किया जाए। भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी और सुरक्षा बढ़ाई जाए। क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और स्थिति को नियंत्रित किया। हिंदू समाज के सदस्यों ने बछड़े के अवशेषों को सम्मानपूर्वक भगवा वस्त्र से ढका और मंत्रोच्चार के साथ प्रशासन को सुपुर्द किया। पुलिस ने अवशेषों को परीक्षण के लिए सुरक्षित भेज दिया है जिससे मृत्यु के कारणों का वैज्ञानिक स्पष्टीकरण हो सके। पुलिस प्रशासन ने विशेष टीम गठित की है जो वार्ड 10 और आसपास के निजी व सार्वजनिक स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। नैनपुर पुलिस ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वस्त किया है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी। फिलहाल नगर में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है।
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप
मंडला के पटवारी पर मामला दर्ज
- विवाह से इनकार के बाद पीड़िता ने किया आत्महत्या का प्रयास
- पुलिस ने BNS की धारा 69 के तहत की कार्रवाई
मंडला | जिले में पदस्थ एक पटवारी पर शादी का वादा कर युवती का शारीरिक शोषण करने का गंभीर मामला सामने आया है। महिला थाना पुलिस ने पीड़ित युवती की शिकायत पर आरोपी पटवारी के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
भरोसे में लेकर किया शारीरिक शोषण
23 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी पटवारी आकाश ने उससे विवाह करने का अटूट आश्वासन दिया था। पीड़िता के अनुसार, इसी वादे और भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी उसे अपने किराए के निवास पर ले गया, जहाँ उसने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का आरोप है कि जब उसने आरोपी पर शादी के लिए दबाव बनाया, तो वह अपने वादे से मुकर गया और विवाह करने से साफ इनकार कर दिया।
आहत होकर उठाया आत्मघाती कदम
विवाह से इनकार और धोखे से आहत होकर युवती मानसिक रूप से टूट गई। सूत्रों के अनुसार, पीड़िता ने कथित तौर पर छत से कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने का प्रयास भी किया, हालांकि समय रहते उसे बचा लिया गया। फिलहाल पीड़िता का उपचार और काउंसलिंग की जा रही है।
पुलिस की वैधानिक कार्रवाई
इस मामले में एडिशनल एसपी शिवकुमार वर्मा ने बताया कि युवती के बयानों और प्राथमिक जांच के आधार पर आरोपी पटवारी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अब साक्ष्यों को एकत्रित कर रही है और जल्द ही आगामी वैधानिक कदम उठाएगी।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️
मंडला में ‘श्री अन्न’ का महाकुंभ
13 और 14 फरवरी को सजेगा भव्य मिलेट फूड फेस्टिवल
- पुलिस ग्राउंड में व्यंजनों के साथ दिखेगी बुंदेलखंडी राई और भगोरिया की झलक
- प्रशासन ने किया सपरिवार आमंत्रण
मंडला महावीर न्यूज 29 | मोटे अनाज (श्री अन्न) की महत्ता को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने और आम जनमानस को इसके स्वास्थ्य लाभों से परिचित कराने के उद्देश्य से मंडला में ‘मिलेट फूड फेस्टिवल’ का आयोजन होने जा रहा है। जिला प्रशासन एवं किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यह दो दिवसीय उत्सव 13 एवं 14 फरवरी को स्थानीय पुलिस ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा।
स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ सांस्कृतिक संगम
प्रतिदिन शाम 4 बजे से शुरू होने वाले इस उत्सव में पारंपरिक और आधुनिकता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस फेस्टिवल के मुख्य आकर्षण निम्नलिखित होंगे:
- फूड स्टॉल: कोदो-कुटकी, रागी और बाजरा जैसे मोटे अनाजों से बने लजीज व्यंजनों के विशेष स्टॉल।
- प्रतियोगिताएं: लाइव मिलेट शेफ कुकिंग कॉम्पिटिशन और अनाज से बनी आकर्षक रंगोली।
- सांस्कृतिक प्रस्तुतियां: बुंदेलखंड का प्रसिद्ध राई नृत्य, जनजातीय संस्कृति का प्रतीक भगोरिया नृत्य और युवाओं के लिए रॉक बैंड की लाइव परफॉर्मेंस।
किसानों और जैविक उत्पादों को प्रोत्साहन
फेस्टिवल में न केवल व्यंजनों का स्वाद चखने को मिलेगा, बल्कि जैविक उत्पादों और हस्तशिल्प की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके माध्यम से जिले के किसानों को मोटे अनाज के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करना और पर्यावरण के अनुकूल उत्पादों को बढ़ावा देना मुख्य लक्ष्य है।
प्रशासन की अपील: सपरिवार बनें हिस्सा
जिला प्रशासन ने सभी नगरवासियों से अपील की है कि वे इस गौरवशाली आयोजन में सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। आयोजन में बच्चों के लिए गेमजोन और विशेष रोड शो भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे यह उत्सव मनोरंजन के साथ-साथ जागरूकता का भी केंद्र बनेगा।
रेल विकास के लिए मंडला में बनेगी रणनीति
- 17 फरवरी को होगा विशाल धरना प्रदर्शन
- डॉ. अशोक मर्सकोले ने भरी हुंकार
- सभी संगठनों, व्यापारियों और समाज प्रमुखों से की शामिल होने की अपील
मंडला महावीर न्यूज 29. क्षेत्रीय विकास की लाइफलाइन मानी जाने वाली रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर राष्ट्रीय रेल संघर्ष समिति ने एक बार फिर आंदोलन का रास्ता अख्तियार किया है। आगामी 17 फरवरी को प्रस्तावित विशाल धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए पूर्व विधायक डॉ. अशोक मर्सकोले ने सभी वर्गों से एकजुट होने का आह्वान किया है।
सर्वदलीय और सर्वसामाजिक समर्थन से की अपील
डॉ. अशोक मर्सकोले ने अपील करते हुए कहा कि रेल विकास किसी एक व्यक्ति या दल का मुद्दा नहीं, बल्कि हम सबकी साझा जरूरत है। उन्होंने जिले के सभी राजनैतिक, सामाजिक, व्यापारिक, शैक्षणिक संगठनों के पदाधिकारियों और अधिकारी-कर्मचारी संगठनों से निवेदन किया है कि वे इस आंदोलन में सहभागी बनें।
तैयारियों के लिए बैठक करने दिए निर्देश
आंदोलन को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए डॉ. मर्सकोले ने संघर्ष समिति के सदस्यों को विशेष दिशा-निर्देश देते हुए कहां कि प्रतिदिन शाम को प्रतिदिन बैठक आयोजित कर रणनीति तैयार की जाए। सभी समाज प्रमुखों और व्यापारिक बंधुओं से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनका लिखित व नैतिक समर्थन लिया जाए। सोशल मीडिया पर सूचना को व्यापक रूप से प्रसारित किया जाए जिससे जिले का हर नागरिक इस मुहिम से जुड़ सके। आगामी 17 फरवरी को होने वाला यह प्रदर्शन रेल मंत्रालय का ध्यान मंडला की उपेक्षित रेल परियोजनाओं की ओर खींचने के लिए निर्णायक माना जा रहा है।
इनका कहना है
मंडला के विकास के लिए रेल सुविधाओं का विस्तार अब अनिवार्य हो चुका है। हमने लंबे समय तक प्रतीक्षा की है, लेकिन अब समय आ गया है कि हम अपनी शक्ति दिखाएं। मैं सभी से आग्रह करता हूँ कि 17 फरवरी को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर रेल संघर्ष समिति के बैनर तले धरना स्थल पर पहुँचें।
डॉ. अशोक मर्सकोले, पूर्व विधायक
रेल सुविधा न होने का सबसे बड़ा नुकसान व्यापार जगत और आम जनता को हो रहा है। माल ढुलाई महंगी है और आवागमन के साधन सीमित हैं। हम व्यापारियों ने तय किया है कि हम रेल संघर्ष समिति की मांगों का पूर्ण समर्थन करेंगे और 17 फरवरी के प्रदर्शन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
अजय गुरवानी, व्यापारी
शिक्षा और रोजगार के लिए हमें अक्सर बड़े शहरों की ओर जाना पड़ता है, लेकिन ट्रेनों की कमी के कारण यह बहुत कष्टदायक है। रेल विकास युवाओं के भविष्य के लिए जरूरी है। हम युवा साथी भारी संख्या में इस धरने में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
अखिलेश सोनी, समाजसेवी
अद्भुत साधना: हाथों के बल नर्मदा परिक्रमा कर रहे संत धरमपुरी महाराज का मंडला में प्रवेश
- कठिन तपस्या देख नतमस्तक हुए श्रद्धालु
- जगह-जगह पुष्प वर्षा और जयकारों से हुआ आत्मीय स्वागत
मंडला महावीर न्यूज 29 | आस्था और अटूट विश्वास की डगर पर चलते हुए ‘मां नर्मदा’ की परिक्रमा के कई रूप देखने को मिलते हैं, लेकिन संत धरमपुरी महाराज की साधना ने हर किसी को हैरत में डाल दिया है। हाथों के बल चलकर नर्मदा परिक्रमा कर रहे संत धरमपुरी महाराज ने जैसे ही मण्डला जिले की सीमा में प्रवेश किया, भक्तों का हुजूम उनके दर्शनों के लिए उमड़ पड़ा।

कठिन तपस्या और संकल्प
आमतौर पर पैदल परिक्रमा करना भी चुनौतीपूर्ण माना जाता है, लेकिन संत धरमपुरी महाराज अपनी इस यात्रा को हाथों के बल (शीर्षासन की मुद्रा में या हाथों के सहारे) पूर्ण कर रहे हैं। उनकी इस कठिन शारीरिक और आध्यात्मिक साधना को देखकर क्षेत्र के नागरिक और श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हैं। जिले के प्रवेश द्वार पर बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने उन पर फूलों की वर्षा की और ‘नर्मदे हर’ के जयघोष से आकाश गुंजायमान कर दिया।
भक्ति और कौतूहल का संगम
जैसे-जैसे महाराज जी का पड़ाव आगे बढ़ रहा है, उनकी एक झलक पाने के लिए गांवों और कस्बों में लोगों की भीड़ जमा हो रही है। ग्रामीणों ने उनके ठहरने और विश्राम के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। श्रद्धालुओं का मानना है कि इस तरह की कठिन साधना कलियुग में ईश्वर के प्रति अनन्य भक्ति का साक्षात प्रमाण है।

जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
जिले के विभिन्न पड़ावों पर सामाजिक संगठनों और स्थानीय समितियों द्वारा महाराज जी का भव्य स्वागत किया गया। पुष्प मालाओं और आरती के साथ उनकी अगवानी की गई। संतों की इस टोली के साथ चल रहे अन्य सेवादारों ने बताया कि यह यात्रा पूरी तरह आध्यात्मिक शांति और लोक कल्याण के संकल्प पर आधारित है।
अपराधमुक्त बालाघाट जोन का लक्ष्य
- आईजी ललित शाक्यवार का मंडला दौरा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
- नारकोटिक्स और साइबर अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति
- नवीन एसपी कार्यालय के स्थल का किया निरीक्षण
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस महानिरीक्षक बालाघाट जोन ललित शाक्यवार ने मंडला जिले का अपना प्रथम आधिकारिक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया और जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।
आईजी श्री शाक्यवार ने सर्वप्रथम पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर वहां के विभिन्न शाखाओं के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने शासन द्वारा प्रस्तावित नवीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय के लिए चयनित स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयीन स्टाफ से संवाद कर कार्यप्रणाली को और अधिक सुगम बनाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों की बैठक में एक्शन प्लान पर की चर्चा
पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, एएसपी शिव कुमार वर्मा सहित सभी एसडीओपी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में आईजी ने प्रमुख बिंदुओं पर जोर दिया। जिसमें ई-एफआईआर और जीरो एफआईआर पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। नशे के कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई के निर्देश। सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने और नक्सल मुक्त होने के बाद इंटेलिजेंस तंत्र को और अधिक मजबूत करने पर चर्चा हुई। सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण और ग्रामीण क्षेत्रों में सतत संवाद स्थापित करना।
जनता और पुलिस के बीच बढ़ेगा समन्वय
बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में आईजी ने पत्रकारों से संवाद करते हुए बताया कि बालाघाट जोन को अपराधमुक्त बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस चौपालों के माध्यम से जनता और पुलिस के मध्य बेहतर संबंध स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने हेलमेट की अनिवार्यता, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता और नाबालिगों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष कार्यक्रमों की उपयोगिता पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
खनिज विभाग की कार्रवाई, रेत का अवैध परिवहन करता ट्रैक्टर जप्त
- हिरदेनगर क्षेत्र में दबिश देकर खनिज अमले ने पकड़ा वाहन
- कलेक्टर न्यायालय भेजा गया प्रकरण
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन में खनिज विभाग द्वारा की जा रही सतत कार्रवाई के तहत बुधवार को हिरदेनगर क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध सफलता प्राप्त हुई है।
खनिज विभाग को प्राप्त शिकायतों और कलेक्टर के विशेष निर्देशों के परिपालन में खनिज निरीक्षक एवं विभागीय अमले ने हिरदेनगर क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान रेत का अवैध परिवहन करते हुए एक टैक्टर क्रमांक एमपी 51 एए 7470 को पकड़ा गया। वाहन चालक खनिज परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद वाहन को तत्काल जप्त कर लिया गया।
कठोर नियमों के तहत होगी कार्रवाई
जप्त किए गए वाहन को शासकीय अभिरक्षा में लेते हुए चौकी प्रभारी हिरदेनगर की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। विभाग द्वारा संबंधित वाहन मालिक के विरुद्ध मप्र खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के कड़े प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह मामला अब आगामी वैधानिक कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय को प्रेषित किया जा रहा है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध उत्खनन में संलिप्त माफियाओं में हड़कंप की स्थिति है।
नारायणगंज में चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान संपन्न
- नवनिर्मित मंदिर में हुई प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा
- विधायक चैन सिंह बरकड़े ने की 2 लाख की घोषणा
- विशाल भंडारे में उमड़ा जनसैलाब
मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय बस स्टैंड स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर परिसर में चार दिवसीय भव्य धार्मिक अनुष्ठान का समापन विशाल भंडारे और मूर्ति स्थापना के साथ हुआ। पीपल के वृक्ष के नीचे नवनिर्मित मंदिर में भगवान हनुमान, शिव जी और शनिदेव की प्रतिमा को विधि-विधान से प्रतिष्ठित किया गया।
अनुष्ठान के दौरान पिछले चार दिनों से कलश यात्रा, भजन-कीर्तन और रामधुन का अनवरत आयोजन चलता रहा। मूर्ति स्थापना पंडित कृष्ण कुमार पांडे श्याम महाराज द्वारा संपन्न कराया गया। इस आध्यात्मिक आयोजन में क्षेत्र के ख्यातिलब्ध गायकों और रामधुन मंडलियों ने रात भर अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया।
विधायक ने दी आर्थिक सहायता
कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे क्षेत्रीय विधायक चैन सिंह बरकड़े ने हवन-पूजन में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर विकास के लिए 2 लाख रुपए की राशि समर्पित करने की घोषणा की। विधायक ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण बताया।
भव्य भंडारे का आयोजन
बुधवार को नारायणगंज का साप्ताहिक बाजार होने के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र के लोग पहुंचे। स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों के विशेष सहयोग से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। बाजार में आए नागरिकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते भंडारा देर रात तक चलता रहा, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर समिति और बस स्टैंड के व्यापारियों ने इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में अपना बहुमूल्य समय और योगदान दिया, जिससे पूरा नगर भक्तिमय नजर आया।
वित्तीय साक्षरता के लिए मोबाइल वैन रवाना, गांव-गांव जाकर ग्राहकों को करेगी जागरूक
- आरबीआई के निर्देश पर मनाया जा रहा साक्षरता सप्ताह
- डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के सिखाए जाएंगे गुर
मंडला महावीर न्यूज 29. वित्तीय साक्षरता सप्ताह के अंतर्गत आरबीआई के निर्देशानुसार 13 फरवरी तक नागरिकों को बैंकिंग के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सेन्टर बैंक ऑफ इंडिया बिछिया और समर्पित संस्था के सहयोग से एक जन-जागरूकता मोबाइल वैन को रवाना किया गया।
जागरूकता रथ (मोबाइल वैन) को सेन्टर बैंक बिछिया के शाखा प्रबंधक रितेश ठाकुर द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस वैन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाना और सुरक्षित बैंकिंग के प्रति शिक्षित करना है। बताया गया कि बिछिया के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता के लिए वाहन की व्यवस्था की गई। यह मोबाइल वैन बिछिया, घुघरी और मवई जैसे ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न गांवों का भ्रमण करेगी।
वैन के माध्यम से ग्रामीणों और बैंक ग्राहकों को जागरूकता से संबंधित जानकारी दी जाएगी। जिसमें ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल लेनदेन के दौरान होने वाली धोखाधड़ी से कैसे बचें। केंद्र व राज्य सरकार की महत्वपूर्ण बैंकिंग योजनाओं का लाभ कैसे उठाएं। पिन और ओटीपी की गोपनीयता बनाए रखने के प्रति जागरूकता।
इनकी रही सक्रिय भूमिका
इस विशेष पहल में सेंटर बैंक बिछिया के समस्त स्टाफ सहित समर्पित संस्था से आस्था सोनी, नरेश गायकवाल, स्वाति सोनी और कमलेश दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्था का लक्ष्य है कि ग्रामीण अंचलों के अंतिम व्यक्ति तक सुरक्षित बैंकिंग का संदेश पहुँचाया जा सके।
नल-जल योजना की सुस्त रफ्तार
- पाइप बिछे पर सूखे हैं नल, ग्रामीण बूंद-बूंद को तरसे
- निवास के महरासिवनी में एक किमी दूर से ला रहे पानी
- घुघरी के नैझर और बिजोरा में अधूरी पड़ी योजनाएं
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के ग्रामीण अंचलों में भीषण गर्मी की आहट से पहले ही पेयजल संकट गहराने लगा है। निवास और घुघरी जनपद के कई गाँवों में करोड़ों की लागत से शुरू हुई नल-जल योजनाएं कागजों और पाइपों तक ही सिमट कर रह गई हैं, जिससे ग्रामीण मटमैला पानी पीने को मजबूर हैं।
निवास विकासखंड के ग्राम मेहरासिवनी के वार्ड नंबर 8 में हालात बदतर हैं। यहाँ पाइपलाइन तो बिछ गई है, लेकिन ट्यूबवेल न होने के कारण योजना शोपीस बनी हुई है। वार्डवासी एक किलोमीटर दूर जाकर कुंआ और झिरिया से पानी ला रहे हैं। वहीं झिरिया का मटमैला पानी छानकर पीने से क्षेत्र में जलजनित बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने विभाग से तत्काल ट्यूबवेल खनन की मांग की है।
तीन साल बाद भी अधूरी है योजना
घुघरी जनपद की ग्राम पंचायत नैझर में तीन साल पूर्व पानी की टंकी तो बन गई, लेकिन पाइपलाइन का जाल आज भी अधूरा है। ग्रामीण बताते हैं कि पोषक ग्राम पीपरदौन में उपलब्ध बोर से टंकी भरने की योजना थी, लेकिन वहाँ के लोग पानी साझा करने से मना कर रहे हैं। जल स्रोत न होने से नैझर की बड़ी आबादी जल संकट से जूझ रही है।
बिजोरा में कार्य अधूरा छोड़कर भागा ठेकेदार
घुघरी की पाटन पंचायत अंतर्गत ग्राम बिजोरा में भी लापरवाही का आलम है। यहाँ नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का काम बीच में ही छोड़ दिया गया है। ग्रामीणों को 2 किलोमीटर दूर नाले और कुओं से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है।
नारायणगंज में दादू राम सत्यराम महाराज का भव्य स्वागत
पुष्प वर्षा से महका नगर
- नर्मदा तट पर पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
- आदिवासी परिवारों को भेंट किए शिवलिंग
मंडला महावीर न्यूज 29 | माँ नर्मदा की अनवरत परिक्रमा कर रहे दादू राम सत्यराम महाराज जी के नारायणगंज आगमन पर पूरा नगर भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। जयकारों और पुष्प वर्षा के बीच ग्रामीणों ने महाराज जी का आत्मीय स्वागत किया। आध्यात्मिक यात्रा के साथ-साथ महाराज जी द्वारा सामाजिक और पर्यावरणीय संदेश भी दिए जा रहे हैं।
पौधरोपण के साथ यात्रा का शुभारंभ
महाराज जी की आज की यात्रा की शुरुआत ग्राम देवगांव से हुई। यहाँ नर्मदा तट पर पीपल और बरगद के पौधों का रोपण किया गया। इस पुनीत कार्य में पूर्व जिला सदस्य प्यारी बाई गोठारिया, दादा गुलजार एवं पूर्व सरपंच सहित समस्त ग्रामवासियों ने सहभागिता की। महाराज जी ने संदेश दिया कि नर्मदा की सेवा ही प्रकृति की सेवा है।
घर-घर स्थापित होंगे शिवलिंग
नर्मदा पथ पर यात्रा के दौरान महाराज जी ने अनूठी पहल करते हुए आदिवासी माताओं और बहनों को अपने-अपने घरों में पूजन हेतु शिवलिंग भेंट किए। देवगांव, सिकोसी और पडारिया होते हुए यात्रा जब नारायणगंज नगर पहुँची, तो वहाँ का दृश्य विहंगम था।
नगर में भव्य स्वागत और जन-उपस्थिति
नारायणगंज बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर और अन्य प्रमुख स्थलों पर सेवा समितियों ने महाराज जी की अगवानी की। इस दौरान जनपद उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा, राजेश सोनी, राकेश अग्रवाल, मृदु साहू, अभय साहू, मनोज मिश्रा, रघुनंदन विश्वकर्मा, विपिन सोनी, सुशांत अग्रवाल, विनोद अग्रवाल सहित बड़ी माई सेवा समिति, माँ नर्मदा शिवनंदन सेवा समिति और हनुमान मंदिर सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया।
समारोह में गाँव की पूर्व सरपंच पूना बाई, राजू सोनी, उमाशंकर जायसवाल एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंडला के विकास के लिए 1820 करोड़ के विशेष बजट की मांग
- शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई को प्राथमिकता
- बरगी बांध प्रभावितों ने पलायन रोकने और मेडिकल कॉलेज के लिए उठाई आवाज
मंडला महावीर न्यूज 29 | आगामी राज्य बजट 2026-27 को लेकर बरगी बांध विस्थापित एवं प्रभावित संघ के राजकुमार सिन्हा ने मंडला जिले की जनजातीय आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 1820 करोड़ रुपए के विशेष बजटीय प्रावधानों की मांग की है। उन्होंने सरकार को भेजे प्रस्ताव में जिले की भौगोलिक और सामाजिक चुनौतियों का उल्लेख करते हुए बुनियादी ढांचे में सुधार पर जोर दिया है।
बजट प्रस्ताव का मुख्य विवरण
प्रस्तावित मांगों को विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार वर्गीकृत किया गया है:
| क्षेत्र | प्रस्तावित राशि (करोड़ में) | मुख्य प्राथमिकताएं |
| शिक्षा एवं छात्रवृत्ति | 450 | छात्रावास निर्माण, छात्रवृत्ति, सीएम राइज स्कूल का सुदृढ़ीकरण। |
| आवास एवं पेयजल | 340 | जनजातीय आवास योजना, स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय सुविधा। |
| आजीविका एवं रोजगार | 300 | वनोपज समर्थन मूल्य, कौशल विकास और आदिवासी पर्यटन। |
| बुनियादी ढांचा | 250 | ग्रामीण सड़कें, परिवहन और सौर ऊर्जा परियोजनाएं। |
| स्वास्थ्य सेवाएं | 200 | प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मोबाइल हेल्थ यूनिट और मातृ-शिशु स्वास्थ्य। |
| पोषण एवं आहार | 180 | आदिम जनजाति आहार सहायता और आंगनवाड़ी सुदृढ़ीकरण। |
| सांस्कृतिक संरक्षण | 100 | पेसा, वनाधिकार अधिनियम क्रियान्वयन और बैगा-गोंड संग्रहालय। |
सिंचाई और रोजगार पर विशेष ध्यान
राजकुमार सिन्हा ने विशेष रूप से विकासखंड बीजाडांडी में बरगी बांध से लिफ्ट सिंचाई परियोजना को बजट में शामिल करने की मांग की है। इसके साथ ही नर्मदा एवं उसकी सहायक नदियों के तटों पर सिंचाई के लिए 3-फेस बिजली और ट्रांसफार्मर की व्यवस्था का सुझाव दिया है।
पलायन रोकने के लिए ठोस रणनीति
संघ ने मांग की है कि मंडला जिले से होने वाले भारी पलायन को रोकने के लिए रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) में अतिरिक्त बजट आवंटित किया जाए। साथ ही, मंडला में स्वीकृत मेडिकल कॉलेज के निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बजट में पर्याप्त प्रावधान करने की अपील की गई है।
राजकुमार सिन्हा के अनुसार, ये बजटीय प्रावधान न केवल जिले के सामाजिक-आर्थिक स्तर को सुधारेंगे, बल्कि संवैधानिक अधिकारों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भी आवश्यक हैं।
अतिथि शिक्षकों की मदद के लिए भी नहीं बचे पैसे
- चंदा जुटाकर फरियाद लेकर पहुंचे जनसुनवाई
- 4 महीने से मानदेय न मिलने से आक्रोश
- निवास और मोहगांव के शिक्षकों ने कलेक्टर व जनपद सीईओ को सौंपा ज्ञापन
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले की शिक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अतिथि शिक्षक आज स्वयं आर्थिक बदहाली के दौर से गुजर रहे हैं। मंगलवार को निवास विकासखंड के दर्जनों अतिथि शिक्षकों ने जिला मुख्यालय पहुँचकर अपनी व्यथा सुनाई। अतिथि शिक्षक परिवार के जिलाध्यक्ष पी.डी. खैरवार के नेतृत्व में शिक्षकों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर पिछले 4 माह से लंबित मानदेय के तत्काल भुगतान की मांग की है।
बताया गया कि जनसुनवाई में पहुँचे शिक्षकों ने अपनी स्थिति बताते हुए कहा कि आर्थिक तंगी इस कदर बढ़ गई है कि निवास से मंडला तक आने के लिए उनके पास बस का किराया तक नहीं था। शिक्षकों ने आपस में चंदा इक_ा किया, तब कहीं जाकर वे अपनी फरियाद लेकर मुख्यालय पहुँच सके। शिक्षकों ने बताया कि इससे पहले बीईओ निवास को भी आवेदन दिया गया था, लेकिन वहां से केवल आश्वासन ही मिला।
कर्ज के बोझ में दबे अतिथि शिक्षक
शिक्षकों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहां कि वेतन न मिलने से दैनिक खर्चों, दवाइयों और बच्चों की शिक्षा के लिए शिक्षकों को कर्ज लेना पड़ रहा है। शिक्षकों का आरोप है कि पड़ोसी विकासखंडों और डिंडोरी जिले में भुगतान नियमित हो रहा है, तो फिर केवल निवास विकासखंड के साथ सौतेला व्यवहार क्यों? बार-बार आवेदन देने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
नियमितीकरण की भी उठी मांग
एक ओर जहाँ निवास के शिक्षक मानदेय के लिए जूझ रहे हैं, वहीं मोहगांव के अतिथि शिक्षकों ने नियमितीकरण की लंबित मांग को लेकर जनपद सीईओ को ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी सेवा शर्तों में सुधार और नियमित भुगतान सुनिश्चित नहीं होता, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
कलेक्टर से की गई मांग
अतिथि शिक्षकों ने कलेक्टर को समस्या बताते हुए मांग की कि बकाया 4 माह का मानदेय तत्काल खाते में डाला जाए। भुगतान के लिए हर महीने की एक निश्चित तिथि तय की जाए। नियमितीकरण की प्रक्रिया को शीघ्र गति दी जाए। इस अवसर पर ओमप्रकाश वरकड़े, राममिलन यादव, बालचंद, वचन सिंह, प्रभात झारिया, प्रभु साहू सहित बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक उपस्थित रहे।
मंडला: बोर्ड परीक्षा की शुचिता जांचने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे कलेक्टर-एसपी
- अंग्रेजी के पेपर में 108 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
- जिले में कहीं नहीं मिला नकल का प्रकरण
मंडला महावीर न्यूज 29 | माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा आयोजित हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मंगलवार, 10 फरवरी को कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन
कलेक्टर एवं एसपी ने शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय एवं सरस्वती शिशु मंदिर परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने परीक्षा हॉल में:
- परीक्षार्थियों की बैठक व्यवस्था।
- शुद्ध पेयजल एवं पर्याप्त प्रकाश की उपलब्धता।
- सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों का अवलोकन किया।
उन्होंने केंद्राध्यक्षों को सख्त निर्देश दिए कि शासन और मंडल द्वारा निर्धारित गाइडलाइन का कड़ाई से पालन किया जाए ताकि परीक्षा की गरिमा बनी रहे। निरीक्षण के समय डीपीसी श्री कुलदीप कटहल और एपीसी श्री मुकेश पांडे सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
अंग्रेजी विषय के आंकड़े: 108 छात्र रहे गैरहाजिर
मंगलवार को आयोजित कक्षा 12वीं के अंग्रेजी विषय के प्रश्नपत्र के संबंध में बोर्ड परीक्षा प्रभारी श्री महेंद्र श्रीवास ने सांख्यिकीय जानकारी साझा की:
- कुल दर्ज परीक्षार्थी: 7794
- उपस्थित परीक्षार्थी: 7686
- अनुपस्थित परीक्षार्थी: 108
प्रशासन के लिए राहत की बात यह रही कि सघन जांच और निगरानी के चलते जिले भर में नकल का कोई भी प्रकरण (निरंक) दर्ज नहीं किया गया। शासन की मंशा अनुरूप जिले में परीक्षाएं सुचारू और निर्विघ्न रूप से संपन्न हो रही हैं।
सालों से प्यासा है वन ग्राम साजपानी
बोर उत्खनन के बाद भी नहीं लगे हैंडपंप
- स्व सहायता समूह की महिलाओं ने कलेक्टर से की मांग
- 15 दिन में हल करें पेयजल समस्या
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड नारायणगंज के ग्राम पंचायत डोभी के अंतर्गत आने वाले वन ग्राम साजपानी (बाजार टोला) में पेयजल संकट गहरा गया है। माँ दुर्गा स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने कलेक्टर को पत्र लिखकर बताया कि गांव में विगत कई वर्षों से भीषण जल संकट बना हुआ है, जिससे आम जनता त्रस्त है।
महिलाओं ने प्रशासन की लापरवाही उजागर करते हुए बताया कि शासन द्वारा तीन वर्ष पूर्व गांव में दो बोर कराए गए थे। उस समय पानी भी पर्याप्त मात्रा में निकला था, लेकिन प्रशासन ने उन बोरों में हैंडपंप लगाने की सुध नहीं ली। समूह ने मांग की है कि अगले 15 दिनों के भीतर इन बोरों की जांच कर सौर ऊर्जा संचालित मोटर स्थापित की जाए, ताकि ग्रामीणों को गर्मी के दिनों में भटकना न पड़े।
चार हजार रसोइयों ने खोला मोर्चा, कलेक्टर को सौंपा 6 सूत्रीय मांग पत्र
- मानदेय में देरी और काम से हटाए जाने का विरोध
- रसोइयों ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में मध्याह्न भोजन तैयार करने वाले रसोइयों की स्थानीय समस्याएं अब विकराल रूप ले चुकी हैं। अपनी लंबे समय से लंबित मांगों के निराकरण के लिए रसोइयों ने कलेक्टर के नाम एक ध्यानाकर्षण आवेदन प्रस्तुत किया है। रसोइयों का कहना है कि बार-बार निवेदन के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है, जिससे जिले के लगभग चार हजार रसोईये प्रभावित हो रहे हैं।
रसोइयों ने अपने आवेदन में प्रशासन के समक्ष छह प्रमुख बिंदु रखते हुए मांग की है कि कम दर्ज संख्या या अन्य तकनीकी कारणों का हवाला देकर वर्षों से सेवा दे रहे रसोइयों को काम से अलग न किया जाए। रसोइयों का मानदेय अक्सर कई महीनों तक लंबित रहता है। मांग की गई है कि हर महीने की 10 तारीख तक उनके बैंक खातों में भुगतान सुनिश्चित हो। वहीं कुछ संस्था प्रधानों द्वारा मध्याह्न भोजन के अलावा अन्य निजी या स्कूल के कार्य कराने का दबाव बनाया जाता है, जिस पर तत्काल रोक लगे।
ड्रेस खरीदी में मनमानी
ज्ञापन में आगे बताया कि विद्यालयों में पानी की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण रसोइयों को दूर से पानी ढोकर लाना पड़ता है। परिसर में ही पानी के इंतजाम किये जाए। कुछ समूहों द्वारा रसोइयों को सदस्य न होने के आधार पर हटाने की धमकी दी जाती है, जिसे रोकने की अपील की गई है। रसोइयों ने आरोप लगाया है कि उन्हें बाजार से घटिया और महंगी ड्रेस खरीदने के लिए मजबूर किया जाता है, इस भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जाए।
प्रशासन से समाधान की उम्मीद
रसोइयों ने चेतावनी दी है कि यदि इन बुनियादी समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया, तो उनके सामने जीवन-यापन का संकट खड़ा हो जाएगा। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इन चार हजार परिवारों की रोजी-रोटी से जुड़ी इन मांगों पर क्या ठोस कदम उठाता है।
पिट्टू प्रतियोगिता
- आरडी पीजी कॉलेज मंडला ने महिला व पुरुष दोनों वर्गों में मारी बाजी
- फाइनल में नारायणगंज को हराकर बने चैंपियन
मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र शासन उच्च शिक्षा विभाग के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला द्वारा जिला स्तरीय पिट्टू प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में मेजबान आरडीपीजी कॉलेज मंडला की महिला एवं पुरुष दोनों टीमों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता होने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता के दौरान कई कशमकश भरे मैच देखने को मिले। जिसमें पहला सेमीफाइनल में आरडीपीजी कॉलेज मंडला ने बम्हनी बंजर को एकतरफा मुकाबले में 140-28 के भारी अंतर से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरा सेमीफाइनल में शासकीय महाविद्यालय नारायणगंज ने नैनपुर को कड़े संघर्ष में शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटाया। फाइनल मुकाबला में खिताब के लिए मंडला और नारायणगंज की टीमें आमने-सामने थीं। इस निर्णायक मैच में रानी दुर्गावती कॉलेज मंडला ने 97-61 अंकों के अंतर से जीत दर्ज कर चैंपियनशिप अपने नाम की।
अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि सलमान खान उर्फ राजा रहे, वहीं अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. अनिल गुप्ता ने की। प्राचार्य डॉ. गुप्ता ने खिलाडिय़ों को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी एवं अंतर्राष्ट्रीय कोच डॉ. गुलबहार खान ने खिलाडिय़ों को खेल भावना के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर डॉ. टीपी मिश्रा, डॉ. बी टेमरे, डॉ. एस एस ज्योतिषी सहित जिले के वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी डॉ. विवेक जायसवाल, डॉ. प्रशांत यादव और अन्य खेल विशेषज्ञ उपस्थित रहे। आयोजन सचिव डॉ. गुलबहार खान ने प्रतियोगिता के सफल समापन पर सभी कोच, ऑफिशियल्स और खिलाडिय़ों का आभार व्यक्त किया।
नर्मदा तट पर शिव आराधना का भव्य शंखनाद
- गूंजा हर-हर महादेव का जयघोष
- कथा के प्रथम दिन स्वामी यशवीर जी ने सुनाया ऋषि मार्कण्डेय का प्रसंग
- शवत्व से शिवत्व की ओर बढऩे का दिया संदेश
मंडला महावीर न्यूज 29. नर्मदा के पावन तट पर स्थित नर्मदा कॉलोनी पार्क में मंगलवार से अध्यात्म और श्रद्धा का अनूठा संगम भगवान शिव आराधना महोत्सव के रूप में शुरू हुआ। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा आयोजित इस पाँच दिवसीय महोत्सव के पहले दिन पूरा वातावरण शिव भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और संगीत की मधुर लहरियों के बीच प्रज्वलित दीपों ने आयोजन स्थल पर सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया। महोत्सव के आरंभ में भक्तों द्वारा लगाए गए हर-हर महादेव के जयघोष से संपूर्ण क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।
ऋषि मार्कण्डेय की कथा का मार्मिक वर्णन
कथाव्यास स्वामी यशवीर ने महोत्सव के प्रथम दिन ऋषि मार्कण्डेय के अलौकिक जन्म की कथा का सजीव वर्णन किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार ऋषि मृकण्डु और उनकी पत्नी सुतपा की कठिन तपस्या से प्रसन्न होकर महादेव ने उन्हें पुत्र का वरदान दिया था। स्वामी जी ने कथा के मर्म को समझाते हुए कहा कि ऋषि ने दीर्घायु मन्दबुद्धि पुत्र के स्थान पर 16 वर्ष की अल्पायु वाले अत्यंत विद्वान पुत्र को चुना। यह प्रसंग सिखाता है कि जीवन की सार्थकता उसकी लंबाई में नहीं, बल्कि कर्मों की गहराई में है। मानव जीवन का असली उद्देश्य शवत्व से शिवत्व की प्राप्ति है।
चेतना जागृत करने का आह्वान
कथा के दौरान श्रद्धालुओं को प्रेरित करते हुए बताया गया कि शरीर नश्वर है, अत: मनुष्य का परम लक्ष्य अपने भीतर स्थित शाश्वत शिव यानी अपनी चेतना को जागृत करना होना चाहिए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने भक्ति संगीत और आध्यात्मिक विचारों का लाभ लिया।
गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को किया जागरूक
- हेलमेट अनिवार्यता और नशा मुक्ति का दिलाया संकल्प
- साइबर अपराधों से बचने के बताए तरीके
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में मंगलवार को मंडला जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में माइक्रो बीट पुलिस चौपाल का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को कानून, सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
इन क्षेत्रों में सजीं पुलिस चौपालें
जिले के विभिन्न अंचलों में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच पहुँचकर सीधा संवाद किया। अभियान के तहत प्रमुख रूप से थाना बिछिया के ठोढा में ग्रामीणों से संवाद किया। इसके साथ ही थाना कोतवाली के बबेहा, थाना निवास के मोहानी और थाना महाराजपुर के मालीमोहगांव, थाना मवई के कोलमगहन और थाना टिकरिया के मझगांव, थाना मोतीनाला के बानदरबाडी, टाटम सहित चौकी अंजनिया के अहमदपुर एवं चौकी टाटरी के बगासपुर में माइक्रो बीट चौपाल में ग्रामीणों से संवाद किया गया।
प्रमुख विषयों पर केंद्रित रही चर्चा
चौपाल के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक जानकारी दी। दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट की अनिवार्यता और सड़क सुरक्षा नियमों का महत्व। नशा मुक्ति के लाभ और इसे जड़ से मिटाने के लिए ग्रामीणों का सहयोग की अपेक्षा की। वर्तमान में बढ़ते साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए। महिलाओं और बच्चों के अधिकारों तथा उनकी सुरक्षा से जुड़े कानूनों के प्रति सजगता।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करना है ताकि अपराध मुक्त समाज का निर्माण हो सके। ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक इन चौपालों में भाग लेकर पुलिस के साथ सहयोग का वादा किया।
ज्ञानदीप विद्यालय में प्री-प्राइमरी विंग का लोकार्पण
- अब खेल-खेल में शिक्षा पाएंगे नौनिहाल
- एडीएम और एसडीएम की उपस्थिति में हुआ उद्घाटन
- एसबीआई ने कंप्यूटर लैब के लिए भेंट किए 5 सिस्टम
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर के प्रतिष्ठित ज्ञानदीप इंग्लिश मीडियम स्कूल में आधुनिक सुविधाओं से लैस नव निर्मित प्री-प्राइमरी विंग का भव्य उद्घाटन संपन्न हुआ। नई पीढ़ी को तकनीकी और व्यवहारिक शिक्षा से जोडऩे के उद्देश्य से तैयार किए गए इस विंग का शुभारंभ एडीएम राजेन्द्र सिंह, एसडीएम सोनल सीडाम और एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक आनंदकुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य में किया गया।
इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक प्रबंधन ने शिक्षा के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए विद्यालय को कंप्यूटर लैब के लिए 5 आधुनिक कंप्यूटर सिस्टम प्रदान किए। इससे नन्हे विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही डिजिटल साक्षरता का लाभ मिल सकेगा। संस्था के अध्यक्ष सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में निर्मित इस विंग को बच्चों की मनोवैज्ञानिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया गया है।
बताया गया कि यहाँ सुरक्षित वातावरण, रंगीन कक्षाएं और आकर्षक गार्डन क्षेत्र बनाया गया है। खेल-खेल में सीखने की पद्धति के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास और रचनात्मकता विकसित की जाएगी। विंग को आकर्षक बनाने में सिमरन खान, वर्षा सोनी, शीतल चौरसिया सहित अन्य शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में विद्यालय के सचिव डॉ. संजय तिवारी, उपाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, अजय खोत, कार्यकारिणी सदस्य संजय मिश्रा, प्राचार्य दिनेश दुबे एवं मो. रफीक खान सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों ने विद्यालय के इस नवाचार की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।
किड्ज़ी के वार्षिक उत्सव में नन्हे सितारों ने बिखेरी चमक
360 बच्चों ने दी शानदार प्रस्तुतियाँ
- पितृ छाया और रुद्र की लय ने दर्शकों को किया भावविभोर
- तीन पीढिय़ों के रिश्तों की दिखी अनूठी झलक
मंडला महावीर न्यूज 29. किड्ज़ी प्ले स्कूल सिविल लाइन्स मंडला का वार्षिक दिवस समारोह स्थानीय सभागार में अत्यंत भव्यता और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस रंगारंग कार्यक्रम में 2.5 से 6 वर्ष की आयु के लगभग 360 नन्हे-मुन्नों ने बड़े मंच पर अपने आत्मविश्वास और मासूमियत से दर्शकों का दिल जीत लिया।
समारोह के दौरान बच्चों ने विभिन्न विषयों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। जिसमें प्ले गु्रप के बच्चों ने टेलेटबीज एवं कल्चरल कंपास थीम पर भारत की विविध संस्कृतियों को जीवंत किया। नर्सरी और जूनियर केजी के विद्यार्थियों ने मशरूम डांस, जापानी नृत्य और एविएशन डांस जैसी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सीनियर केजी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत शिव स्तुति रुद्र की लय ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

बच्चों ने दी भावुक कर देने वाली प्रस्तुति
कार्यक्रम की सबसे प्रभावशाली प्रस्तुति पितृ छाया रही, जिसमें दादा, पिता और पुत्र के रिश्तों को नृत्य के माध्यम से दर्शाया गया। इसके अलावा, अभिनेता धर्मेंद्र जी को समर्पित प्रस्तुति और शास्त्रीय सौंदर्य पर आधारित अलंकार नृत्य ने खूब तालियाँ बटोरीं। वहीं हॉन्टेड हिलैरिटी (हॉरर-कॉमेडी) प्रस्तुति ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

अतिथियों ने दिया संदेश
इस अवसर पर मुंबई से आए जी लर्न टीम के श्रेया श्रीवास्तव और सुशांत सिंह ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों की परवरिश अधिक संवेदनशील और सकारात्मक तरीके से करने के लिए प्रेरित किया।
इनकी रही विशेष भूमिका
समारोह को सफल बनाने में स्कूल के निर्देशक निशांत शुक्ला, प्राचार्या शालिनी शुक्ला, एकेडमिक कोऑर्डिनेटर राशि पमनानी और डांस टीचर भव्यदीप कछवाहा का विशेष मार्गदर्शन रहा। मंच संचालन काजल असरानी, सौम्या कोष्टा एवं निशा फागवानी ने कुशलतापूर्वक किया।
मंडला: वर्तमान परिसर में ही बनेगा नया कलेक्ट्रेट भवन
कलेक्टर ने अफवाहों पर लगाया विराम
- उद्यानिकी भूमि का मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन
- जी-4/जी-5 श्रेणी की आधुनिक बिल्डिंग का होगा निर्माण
मंडला महावीर न्यूज 29| जिले में नए कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण स्थल को लेकर पिछले कुछ समय से चल रही संशय की स्थिति पर कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सोमवार को विराम लगा दिया है। जिला योजना भवन में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि नया प्रशासनिक भवन वर्तमान कलेक्ट्रेट परिसर में ही निर्मित किया जाएगा।
हाईकोर्ट में विचाराधीन है प्रकरण
कलेक्टर ने जानकारी दी कि पूर्व में उद्यानिकी विभाग की भूमि पर भवन निर्माण के लिए स्थान चयन का जो प्रस्ताव था, वह मामला फिलहाल माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर में विचाराधीन है। सोमवार को होने वाली सुनवाई माननीय न्यायाधीश के दिल्ली प्रवास पर होने के कारण आगे बढ़ गई है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया परिसर
प्रशासनिक कार्यों की सुगमता और आम जनता की सुविधा के लिए अब वर्तमान कलेक्ट्रेट परिसर में ही जी-4/जी-5 (G+4/G+5) श्रेणी की आधुनिक बहुमंजिला इमारत बनाने का निर्णय विभागीय अधिकारियों द्वारा लिया गया है। इस नवीन भवन में एक ही छत के नीचे जिला प्रशासन के विभिन्न महत्वपूर्ण विभाग संचालित होंगे, जिससे आमजन को अपने कार्यों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
भ्रामक जानकारियों से बचने की अपील
प्रेस वार्ता में कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिलेवासियों से विशेष अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि भवन निर्माण को लेकर आधिकारिक जानकारी केवल शासन और प्रशासन के अधिकृत स्रोतों से ही प्राप्त करें।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह सहित जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
डिंडोरी जल अभावग्रस्त जिला घोषित
10 फरवरी से जल दोहन पर कड़ा प्रतिबंध
- समृद्ध जल संसाधनों के बीच प्यासा आदिवासी समाज
- गिरता भूजल स्तर बना भविष्य की बड़ी आपदा
डिंडोरी/मंडला महावीर न्यूज 29| डिंडोरी जिले में गहराते जल संकट को देखते हुए प्रशासन ने इसे ‘जल अभावग्रस्त जिला’ घोषित कर दिया है। आगामी ग्रीष्म ऋतु में पेयजल और सिंचाई के लिए पानी की संभावित कमी को देखते हुए जल संसाधनों के उपयोग पर कड़े नियंत्रण लागू किए गए हैं। यह आदेश 10 फरवरी से 30 जून 2026 तक प्रभावी रहेगा, जिसके तहत निजी नलकूप खनन और बोरवेल ड्रिलिंग पर पूर्णतः रोक लगा दी गई है।
नीतिगत उपेक्षा का शिकार आदिवासी अंचल
बरगी बांध विस्थापित एवं प्रभावित संघ के राज कुमार सिन्हा के अनुसार, मध्यप्रदेश का आदिवासी समाज सदियों से प्रकृति के साथ सहजीवन में रहा है, लेकिन आज वही समुदाय पानी की गंभीर असुरक्षा का सामना कर रहा है। झाबुआ, अलीराजपुर, मंडला और डिंडोरी जैसे जिलों में भौगोलिक परिस्थितियों और पथरीले भूभाग के कारण जल संचयन चुनौतीपूर्ण है। विडंबना यह है कि बांधों और औद्योगिक परियोजनाओं ने आदिवासियों को उनके पारंपरिक जल स्रोतों से अलग कर दिया है।
जल संकट के मुख्य कारण और चिंताएं
- भूजल का अत्यधिक दोहन: मध्यप्रदेश में लगभग 60% भूजल का दोहन हो चुका है। कुल उपयोग का 90% कृषि और मात्र 9% घरेलू कार्यों में खर्च हो रहा है।
- पारंपरिक ज्ञान की अनदेखी: झिरिया, डबरा और पहाड़ी बांधों जैसे आदिवासी समाज के पारंपरिक जल संरक्षण ज्ञान को आधुनिक नीतियों में नजरअंदाज किया गया है।
- प्रदूषित जल: कई क्षेत्रों में भूजल में फ्लोराइड और आयरन की अधिकता से दंत व हड्डियों की बीमारियां बढ़ रही हैं।
समाधान: सामुदायिक भागीदारी और ग्रामसभा
लेख में जोर दिया गया है कि “हर घर जल” का सपना तब तक अधूरा है जब तक आदिवासी समाज को जल प्रबंधन का केंद्र नहीं बनाया जाता। विकेंद्रीकृत जल प्रबंधन के तहत ग्रामसभा आधारित योजनाएं, वर्षाजल संचयन और जल समितियों में महिलाओं की निर्णायक भूमिका ही इस संकट का स्थायी समाधान है।
प्रशासनिक अनुशासन की जरूरत
डिंडोरी में जल संकट अब केवल संभावना नहीं बल्कि ‘वर्तमान स्थिति’ बन चुका है। प्रशासन द्वारा पानी को कानून और अनुशासन के दायरे में लाने की यह कोशिश यदि सफल रही, तो यह जल संरक्षण का एक उदाहरण बन सकता है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो आगामी महीनों में पेयजल आपातकाल की स्थिति निर्मित हो सकती है।
खरगोन के 8 जोड़ों ने शुरू की 5100 किमी की नर्मदा व तीर्थ परिक्रमा
आस्था का महासफर, मोटरसाइकिल से निकले आठ जोड़े
- माई की भक्ति में रंगे परिक्रमावासी
- 61 वर्षीय देवर अपनी 60 वर्षीय भाभी माँ को करा रहे परिक्रमा
- 3500 किमी नर्मदा पथ और 1600 किमी अन्य तीर्थों का संगम
- माहिष्मती नगरी मंडला पहुँचे परिक्रमावासी
मंडला महावीर न्यूज 29. नर्मदा मैया के प्रति अटूट श्रद्धा और धार्मिक संकल्प की एक अनूठी तस्वीर मंडला जिले में देखने को मिली, जब खरगोन जिले के ग्राम पालसुद और बेलम से आठ जोड़े माँ नर्मदा की परिक्रमा और विभिन्न शक्तिपीठों व ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के लिए निकले हैं। कुल 5100 किलोमीटर की इस लंबी यात्रा में माई की भक्ति और सेवा का जज्बा इन 16 परिक्रमावासियों में देखते ही बन रहा है।
नर्मदा परिक्रमावासी पवन सिंह पटेल ने बताया कि माँ नर्मदा परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ 18 जनवरी को भगवान शिव की नगरी ओंकारेश्वर से किया था। परिक्रमावासियों ने बताया कि माँ नर्मदा की पारंपरिक 3500 किलोमीटर की परिक्रमा के साथ उन्होंने 1600 किलोमीटर की अतिरिक्त यात्रा का भी संकल्प लिया है। इस अतिरिक्त मार्ग में उन्होंने गुजरात के धार्मिक स्थल, द्वारका, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, चोटीला मंदिर और डाकोर जैसे अन्य प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन किए। ओंकारेश्वर से शुरू होकर गुजरात का भ्रमण करते हुए यह जत्था अब वापस नर्मदा के किनारे-किनारे मंडला जिला पहुंचा है।
भाभी माँ को करा रहे परिक्रमा
इस जत्थे में सबसे खास आकर्षण खरगोन जिले के ग्राम बेलम का वह जोड़ा है, जहाँ 61 वर्षीय नरसिंह राजपूत अपनी 60 वर्षीय भाभी माँ कमल बाई राजपूत को मोटरसाइकिल पर बैठाकर परिक्रमा करा रहे हैं। नरसिंह राजपूत का कहना है कि भाभी माँ उनके लिए माता समान हैं और उनके साथ इस पावन यात्रा पर निकलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। यह जोड़ा पूरे जत्थे में उम्र में सबसे ज्येष्ठ है और अन्य श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बना हुआ है।
समय का अभाव, पर भक्ति अटूट
परिक्रमावासी सोहन सिंह पटेल ने बताया कि पैदल परिक्रमा करने की इच्छा तो मन में थी, लेकिन समय और पारिवारिक व्यस्तताओं के कारण वह संभव नहीं हो पा रहा था। ऐसे में माई नर्मदा की ऐसी कृपा हुई कि गाँव के ही आठ परिवारों ने एक साथ मोटरसाइकिल से निकलने का निर्णय लिया। मोटरसाइकिल से यात्रा करने के कारण वे न केवल नर्मदा पथ, बल्कि अन्य प्रमुख तीर्थों का भी दर्शन करने में सफल हो रहे हैं।
सूर्यकुण्ड धाम में किया हनुमान जी के दर्शन
अपनी यात्रा के अगले पड़ाव में यह जत्था माहिष्मती नगरी मंडला पहुँचा। यहाँ श्रद्धालुओं ने जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सूर्यकुण्ड धाम में हनुमान जी के दर्शन किए। परिक्रमावासियों ने यहाँ स्थापित दक्षिणमुखी हनुमान जी की प्रतिमा के समक्ष मत्था टेका। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार यहाँ स्थित हनुमान जी की प्रतिमा दिन में तीन बार अपना रूप बदलती है, जिसकी महिमा सुनकर परिक्रमावासी अभिभूत हो गए।
जत्थे में शामिल 16 परिक्रमावासी
माँ नर्मदा परिक्रमा यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में ग्राम पालसुद से सोहन सिंह पटेल 52 वर्ष पत्नि निर्मला बाई 50 वर्ष, पवन सिंह पटेल 55 वर्ष पत्नि राधा बाई 52 वर्ष, महेन्द्र सिंह राठौर 50 वर्ष पत्नि मंजू बाई राठौर 48 वर्ष, नहर सिंह 50 वर्ष पत्नि कविता बाई 46 वर्ष, मदन लाल मालाकार 57 वर्ष पत्नि बसंती बाई 55 वर्ष, देवी सिंह राठौर 53 वर्ष पत्नि उमा बाई राठौर 50 वर्ष, कड़वा जी 58 वर्ष पत्नि सलिता बाई 55 वर्ष है, वहीं ग्राम बेलम से नरसिंह राजपूत 61 वर्ष अपनी भाभी माँ कमलबाई 60 वर्ष के साथ माँ नर्मदा की परिक्रमा के लिए निकले है। यह जत्था अब मंडला से अपनी वापसी यात्रा शुरू कर रहा है, जो पुन: ओंकारेश्वर पहुँचकर संपन्न होगी। परिक्रमावासियों का मानना है कि यह यात्रा केवल एक भ्रमण नहीं, बल्कि माई की सेवा और आत्मिक शांति का मार्ग है।
पिकअप और ट्रॉला की टक्कर, एक की मौत
- एनएच 30 पर कालपी के पास भीषण सड़क हादसा
- पिकअप चालक की मौत, तीन घायल, एक गंभीर घायल जबलपुर रेफर
- अज्ञात वाहन ने पिकअप को मारी जोरदार टक्कर
मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम कालपी के फॉरेस्ट डिपो के समीप एक तेज रफ्तार ट्राला और पिकअप की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भिड़ंत में पिकअप चला रहे वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी अनुसार पिकअप वाहन नारायणगंज से कालपी की ओर लौट रहा था। इसी दौरान हाईवे में कालपी काष्टागार के पास जबलपुर की तरफ आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रॉला पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के दौरान ट्राला की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन चालक कैलाश साहू निवासी कालपी की घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर मारने के बाद ट्राला वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और बीजाडांडी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल बीजाडांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां घायलों का उपचार शुरू किया गया। बताया गया कि पिकअप में वाहन चालक के साथ तीन लोग योगेश पावले, संजय यादव और बलराम अहिरवार और सवार थे। हादसे में घायल योगेश पावले 26 वर्ष, पिता दलपत पावले निवासी कालपी की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। वहीं हादसे में घायल संजय यादव 36 वर्ष, पिता मिठाई लाल यादव निवासी कालपी का उपचार फिलहाल बीजाडांडी स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। बलराम अहिरवार को मामूली चोटें आई हैं।
बीजाडांडी थाना प्रभारी अनिता कुड़ापे ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सोमवार सुबह मृतक के शव का पीएम कराकर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने ट्राला वाहन की पहचान कर ली है और मामला दर्ज कर हादसे की जांच कर रही है।
मंडला में सजेगा ‘श्री अन्न’ का जायका
13 और 14 फरवरी को भव्य मिलेट फूड फेस्टिवल
- पुलिस ग्राउंड में 50 से अधिक स्टॉल्स पर मिलेंगे कोदो-कुटकी के व्यंजन
- सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगी शाम
मंडला महावीर न्यूज 29| मोटे अनाजों (श्री अन्न) की पौष्टिकता और उनके प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन मंडला एवं कृषि विभाग द्वारा एक अनूठी पहल की जा रही है। आगामी 13 एवं 14 फरवरी को स्थानीय पुलिस ग्राउंड में दो दिवसीय ‘मिलेट फूड फेस्टिवल’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह उत्सव प्रतिदिन शाम 4:00 बजे से आम नागरिकों के लिए प्रारंभ होगा।
50 से अधिक स्टॉल्स और लजीज व्यंजन
फूड फेस्टिवल में कोदो, कुटकी और रागी जैसे स्वास्थ्यवर्धक मिलेट्स से बने व्यंजनों का अंबार लगेगा। आयोजन के केंद्र में रहेंगे:
- स्व-सहायता समूहों की भागीदारी: स्थानीय स्व-सहायता समूहों द्वारा 50 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहाँ शुद्ध और पारंपरिक उत्पादों का विक्रय होगा।
- मिलेट शेफ प्रतियोगिता: खाना पकाने के शौकीनों के लिए ‘मिलेट शेफ कुकिंग कॉम्पिटिशन’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सर्वश्रेष्ठ व्यंजन बनाने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा।
स्वाद के साथ मनोरंजन का तड़का
नागरिकों के अनुभव को यादगार बनाने के लिए प्रशासन ने खान-पान के साथ मनोरंजन का भी विशेष प्रबंध किया है। फेस्टिवल के दौरान हर शाम विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम और संगीत संध्या आयोजित की जाएगी, जो उत्सव के माहौल में चार चांद लगाएगी।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने मंडला के नगरवासियों से अपील की है कि वे इस दो दिवसीय महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार सम्मिलित हों। यह आयोजन न केवल स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देगा, बल्कि लोगों को सेहतमंद खान-पान (मोटे अनाज) की ओर लौटने के लिए प्रेरित भी करेगा।
उड़ान 2026′ में बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा की छटा
अंतरिक्ष से लेकर संस्कृति तक के दिखे रंग
- कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने छात्रों को किया प्रेरित
- हनुमान चालीसा एक्रोबैटिक्स और ‘तिरंगा ऑन स्पेस’ रहे आकर्षण का केंद्र
मंडला महावीर न्यूज 29| शहर की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था ब्रेन चाइल्ड एकेडमी का वार्षिक उत्सव ‘उड़ान 2026’ अत्यंत भव्यता और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस समारोह में छात्रों ने सांस्कृतिक, धार्मिक और देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कलेक्टर ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंडला कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा (IAS) ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने छात्रों और अभिभावकों को जीवन में सफलता के गुर सिखाते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। सरस्वती वंदना और ‘भजन जामिंग’ की मधुर प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम ने गति पकड़ी।

विविधतापूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ
समारोह के दौरान मंच पर एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियाँ दी गईं:
- श्रद्धांजलि: स्वर कोकिला स्व. लता मंगेशकर और अभिनेता स्व. धर्मेंद्र जी की जीवन यात्रा पर आधारित नृत्यों ने दर्शकों को भावुक कर दिया।
- सांस्कृतिक धरोहर: ‘इन्क्रेडिबल इंडिया’ थीम पर भारत की विविधता और शास्त्रीय नृत्य की कलात्मकता को बखूबी दर्शाया गया।
- रोमांच और भक्ति: हनुमान चालीसा पर आधारित एक्रोबैटिक्स ने सभी को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। वहीं एनएसजी ऑपरेशन्स के प्रदर्शन ने रोमांच भर दिया।
- मुख्य आकर्षण: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और ‘नरसिंह अवतार’ जैसे नृत्य नाटकों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
यादें और आधुनिक भारत का गौरव
विज्ञापन जगत के दिग्गज पीयूष पांडे के कार्यों को विज्ञापनों के जरिए प्रस्तुत कर अभिभावकों के बचपन की यादें ताजा की गईं। कार्यक्रम का शानदार समापन वायु सेना पायलट शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा पर आधारित “तिरंगा ऑन स्पेस स्टेशन” एक्ट के साथ हुआ, जिसने सभी में देशभक्ति का जज्बा भर दिया।
इनका रहा विशेष योगदान
आयोजन को सफल बनाने में एकेडमी के निर्देशक निशांत शुक्ला, प्रिंसिपल डॉ. दिव्या शुक्ला, सीनियर कोऑर्डिनेटर सोनिया जैन और राजुल सिंहानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों ने बच्चों के प्रदर्शन की मुक्त कंठ से सराहना की।
पारिवारिक भोज: केवल भोजन नहीं, संस्कारों और स्वास्थ्य की संजीवनी है यह परंपरा
- बदलती जीवनशैली और एकल परिवारों के बीच विलुप्त हो रही सामूहिक भोजन की संस्कृति
- रंजीत कछवाहा ने की पुनर्स्थापना की अपील
मंडला महावीर न्यूज 29 | आधुनिकता की दौड़ में हम सुख-सुविधाएं तो जुटा रहे हैं, लेकिन उन परंपराओं को खोते जा रहे हैं जो हमारे परिवार और स्वास्थ्य की नींव थीं। ‘श्रीराम मंदिर ट्रस्ट’ व ‘सहकार भारती’ के जिलाध्यक्ष एवं ‘बाल कल्याण समिति’ के सदस्य रंजीत कछवाहा ने एक विशेष लेख के माध्यम से समाज का ध्यान ‘पारिवारिक भोज’ की विलुप्त होती परंपरा की ओर आकर्षित किया है। उन्होंने बताया कि कैसे एक साथ बैठकर भोजन करना केवल भूख मिटाना नहीं, बल्कि रिश्तों को सींचने का माध्यम है।
डिजिटल दूरी और एकल परिवार का संकट
लेख में कछवाहा जी ने वर्तमान स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हर हाथ में मोबाइल और हर कमरे में टीवी ने संवाद को खत्म कर दिया है। बच्चे वही सीख रहे हैं जो वे देख रहे हैं। संयुक्त परिवारों के टूटने और एकल परिवारों के बढ़ने से ‘सिंगल चाइल्ड’ संस्कृति पनप रही है, जहाँ माता-पिता के पास बच्चों के लिए समय नहीं है। उन्होंने जोर दिया कि हमारे बच्चे हमारी बातों से ज्यादा हमारे आचरण से सीखते हैं।
बुजुर्गों के जीवन में छिपा है समस्याओं का समाधान
रंजीत कछवाहा के अनुसार, आज हम जिन मानसिक और शारीरिक समस्याओं के लिए विशेषज्ञों, काउंसलर्स या डॉक्टरों के चक्कर लगाते हैं, उनका समाधान हमारे पूर्वजों की दिनचर्या में पहले से मौजूद था। सात्विक जीवन शैली, ब्रह्ममुहूर्त में जागना और परिवार के साथ पारदर्शी जीवन जीना ही असल ‘लाइफ एन्जॉयमेंट’ है, न कि सोशल मीडिया के लाइक्स और कमेंट्स।
अध्यात्म और विज्ञान का संगम है ‘सामूहिक भोज’
लेख में स्पष्ट किया गया कि जमीन पर बैठकर भोजन करना, भोजन मंत्र का उच्चारण और पत्तलों का उपयोग करना केवल धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि इसके पीछे गहरा विज्ञान छिपा है।
- स्वास्थ्य लाभ: जमीन पर बैठकर भोजन करना पाचन के लिए बेहतर है।
- सात्विकता: फास्ट फूड और डिस्पोजेबल संस्कृति ने शरीर के ‘वात, पित्त और कफ’ को असंतुलित कर दिया है।
- औषधि के रूप में भोजन: उन्होंने डॉ. विश्वरूप राय चौधरी की ‘DIP डाइट’ और आयुर्वेद का हवाला देते हुए कहा कि हमारा भोजन ऐसा होना चाहिए कि वह स्वयं औषधि बन जाए।
पंच परिवर्तन और सामाजिक आग्रह
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ‘पंच परिवर्तन’ के अंतर्गत भी इस बात पर जोर दिया जा रहा है कि दुनिया भर में परिवार के सभी सदस्य कम से कम एक वक्त का भोजन साथ करें। रंजीत कछवाहा ने जिले के नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपनी जड़ों की ओर लौटें। प्रतिदिन परिवार के साथ भोजन और धार्मिक पूजन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं ताकि परिवार एक ‘सुरक्षा ढाल’ के रूप में उभर सके।
रंजीत कछवाहा
(अध्यक्ष)
श्रीराम मंदिर ट्रस्ट कछवाहा समाज
सहकार भारती मंडला इकाई
एवं सदस्य- बाल कल्याण समिति CWC मंडला
709 वाहन और बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत
- जहरमऊ के मुंडीटोरिया के पास हुआ हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के बम्हनी बंजर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जहरमऊ के मुंडीटोरिया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बताया गया कि सड़क हादसा एक तेज रफ्तार 709 वाहन और मोटरसाइकिल के बीच हुआ। जिसमें दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई और हादसे में दो लोगों की जान चली गई।
बताया गया कि जहरमऊ मंदिर मार्ग पर हुए हादसे में चौपहिया वाहन और बाईक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस ने दूसरे युवक को गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनी पहुँचाया, जहाँ उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
बताया गया कि बम्हनी पुलिस ने दोनों मृतकों की पहचान कर रही है, पुलिस ने पिकअप चालक और सड़क हादसे के कारणों का पता कर रही है और पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंडला पुलिस की माइक्रो बीट चौपाल
- गांव-गांव पहुँचकर सिखाए सुरक्षा के गुर
- हेलमेट की अनिवार्यता और साइबर अपराधों पर दी जानकारी
- महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा के लिए किया जागरूक
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुपालन में मंडला पुलिस जनता के बीच सुरक्षा और सतर्कता का विश्वास जगाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में माइक्रो बीट पुलिस चौपाल का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को कानून की जानकारी देने के साथ अपराधों के विरुद्ध एकजुट होने का संदेश दिया गया।
पुलिस टीमों ने स्कूल, औद्योगिक प्लांट और ग्रामीण अंचलों में पहुँचकर संवाद किया। जिसमें थाना बीजाडांडी के शासकीय माध्यमिक शाला मगरधा में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं के बीच सत्र। थाना निवास व बिछिया के देवरी और घुटास क्षेत्र के ग्रामीण से संवाद, चौकी मनेरी के अंतर्गत आईओसीएल प्लांट के कर्मचारियों को सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही चौकी टाटरी के डुंगरिया, अंजनिया के ग्राम माधोपुर, चाबी के खैरी माल और पोड़ी के लिंगा पोड़ी में भी पुलिस चौपाल सजाई गई।
ग्रामीणों ओर विद्यार्थियों से किया संवाद
चौपाल के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर विस्तार से समझाते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट की अनिवार्यता और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन का महत्व बताया। ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध लिंक और ओटीपी से जुड़ी धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए, समाज और युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति आगाह किया गया। महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए उपलब्ध कानूनी प्रावधानों और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों और कर्मचारियों की रही सहभागिता
इस बार अभियान का विशेष फोकस स्कूलों और औद्योगिक संस्थानों पर भी रहा, जहाँ युवाओं और कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य संस्कृति और नैतिक मूल्यों के प्रति प्रेरित किया गया। पुलिस की इस पहल का स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया है, जिससे पुलिस और जनता के बीच आपसी सामंजस्य बढ़ रहा है।
सिद्ध मुडिय़ा पाठ बाबा धाम में गूँजी रामधून
शिवलिंग स्थापना के साथ हुआ भंडारा
- मलाजखंड वाले स्वामी जी के सानिध्य में दो दिवसीय आयोजन संपन्न
- हजारों श्रद्धालुओं ने पाया प्रसाद
मंडला महावीर न्यूज 29. तहसील क्षेत्र मवई के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सिद्ध मुडिय़ा पाठ बाबा धाम में दो दिवसीय अखंड रामायण मानस पाठ एवं रामधून कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ। शनिवार से रविवार तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में समूचा क्षेत्र राममय नजर आया। यह आयोजन बाक़ी गुड़ा (मलाजखंड) वाले स्वामी जी के विशेष सानिध्य में संपन्न हुआ, जिसमें आसपास के ग्रामीण अंचलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ शामिल हुए।
शिवलिंग स्थापना और विशाल भंडारा आयोजित
कार्यक्रम के समापन के अवसर पर विधि-विधान से शिवलिंग की स्थापना की गई। इस पावन उपलक्ष्य में विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सुबह से लेकर देर शाम तक हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर महाप्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय भक्तों और ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा।
प्राकृतिक सुंदरता के साथ अध्यात्म का संगम
जंगलों के बीच स्थित सिद्ध मुडिय़ा पाठ बाबा धाम अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है। यहाँ स्थापित भगवान शिव की विशाल प्रतिमा आकर्षण का केंद्र है। कार्यक्रम में आए श्रद्धालुओं ने बताया कि इस नैसर्गिक और आध्यात्मिक स्थल पर आने से उन्हें अद्भुत मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है। अखंड पाठ के दौरान निरंतर चलती रामधून और मंत्रोच्चार से पूरे क्षेत्र का वातावरण शुद्ध और भक्तिमय बना रहा।
वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, सर्च वारंट के साथ घर में दबिश देकर पकड़ी अवैध लकड़ी
- जगमंडल परिक्षेत्र के ग्राम घोंट में हुई कार्रवाई
- साजा चिरान के 37 नग बरामद, वन अपराध दर्ज
मंडला महावीर न्यूज 29. पूर्व सामान्य वन मंडल मंडला के अंतर्गत अवैध वनोपज के संग्रहण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए विभाग निरंतर मुस्तैद है। इसी क्रम में परिक्षेत्र जगमंडल की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम घोंट में सर्च वारंट के तहत छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध लकड़ी जब्त करने में सफलता हासिल की है।
जानकारी अनुसार जगमंडल परिक्षेत्र की टीम ने ग्राम घोंट निवासी शिवचरण साहू के मकान की तलाशी ली। इस कार्रवाई के दौरान मकान से अवैध रूप से संग्रहित 37 नग साजा चिरान (0.261 घन मीटर) बरामद की गई। जब्त लकड़ी की कुल कीमत (मावजा महसूल सहित) 8,850 रुपये आंकी गई है। विभाग ने इस मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई छापेमारी
यह पूरी कार्यवाही उप वन मंडल अधिकारी जगमंडल, माधवराव उइके के निर्देशन एवं परिक्षेत्र अधिकारी जगमंडल, श्रीमती लतिका तिवारी उपाध्याय के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
कार्रवाई में शामिल रही वन विभाग की टीम
इस महत्वपूर्ण छापेमारी में परिक्षेत्र सहायक अंजनिया ब्रजभान सिंह कुल्हिया कार्यवाहक वनपाल के साथ वन रक्षक अभिषेक शुक्ला, बालसिंह ठाकुर, पहलसिंह मार्को, प्रदीप भांडे, रामलाल हरदहा, कौशल कोकडिय़ा, टीकाराम उइके, मिलसिंह तेकाम, प्रिया गौतम, अनिता उइके, सुमन मार्को, धनवती परते तथा सुरक्षा श्रमिक सुखराम, हेमलाल और राजकुमार की सराहनीय भूमिका रही।
आजादी के दशकों बाद भी सडक़ को तरस रहे बैगा बाहुल्य क्षेत्र के ग्रामीण
- 5 किमी का सफर बना जानलेवा
- 5 साल पहले मिली स्वीकृति, पर धरातल पर सडक़ गायब
- अधिकारियों के साथ पैदल चलकर विधायक ने जानी हकीकत
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड घुघरी के अंतर्गत आने वाले बैगा बाहुल क्षेत्र के ग्रामीण आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। टिकराचलनी से पद्दीकोना तक का लगभग पाँच किलोमीटर लंबा मार्ग पिछले कई वर्षों से अत्यंत जर्जर स्थिति में है। मार्ग की हालत इतनी खस्ता है कि यहाँ पैदल चलना भी दूभर हो गया है, जिससे ग्रामीणों को वर्षों से उपेक्षा का दंश झेलना पड़ रहा है।
खराब सडक़ के कारण इस क्षेत्र में एम्बुलेंस का पहुँचना लगभग असंभव है। स्थिति इतनी विकट है कि गंभीर बीमारी या प्रसव के दौरान मरीजों को अक्सर खाट या कंधे पर लादकर मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि शासन-प्रशासन की लापरवाही के कारण वे आज भी आदिम युग जैसी परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं।
कागजों में अटकी 5 वर्ष पुरानी स्वीकृति
बताया गया कि इस मार्ग पर ग्रेवल सडक़ निर्माण के लिए करीब पांच वर्ष पूर्व ही प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी थी। हैरानी की बात यह है कि स्वीकृति के बावजूद आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
विधायक ने पैदल तय किया 5 किमी का सफर
ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद क्षेत्रीय विधायक नारायण सिंह पट्टा ने मामले को गंभीरता से लिया है। हाल ही में विधायक नारायण सिंह पट्टा ने ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों एवं इंजीनियरों के साथ इस दुर्गम मार्ग पर पांच किलोमीटर की पैदल यात्रा की। उन्होंने स्वयं पथरीले और जर्जर रास्ते की जमीनी हकीकत देखी और ग्रामीणों से संवाद किया।
जल्द निर्माण का आश्वासन
मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने विधायक और ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि सडक़ निर्माण की बाधाओं को दूर कर शीघ्र ही नए सिरे से कार्य प्रारंभ किया जाएगा। अब देखना यह होगा कि यह आश्वासन कब तक धरातल पर उतरता है और कब इन ग्रामीणों को बदहाल सडक़ से मुक्ति मिलती है।
मंडला NH पर भीषण सड़क हादसा
अज्ञात वाहन की टक्कर से 22 वर्षीय युवक की मौत
- वेलवेदर स्कूल के पास बाइक को मारी टक्कर
- आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार
मंडला महावीर न्यूज 29| मंडला जिले के नेशनल हाईवे पर रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जबलपुर मार्ग पर वेलवेदर स्कूल के समीप एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से भागने में सफल रहा।
हादसे में बुझ गया घर का चिराग
मृतक की पहचान 22 वर्षीय विशाल झारिया के रूप में हुई है, जो ग्राम सागर का निवासी था। जानकारी के अनुसार, विशाल रविवार रात अपनी बाइक से जबलपुर मार्ग की ओर जा रहा था। इसी दौरान वेलवेदर स्कूल के पास विपरीत दिशा या पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विशाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुँचने से पहले ही तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और लहूलुहान हालत में विशाल को जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मृतक के शव को जिला अस्पताल की मरचुरी में रखा गया है, जिसका सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा।
आरोपी वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के माध्यम से आरोपी वाहन की पहचान करने की कोशिश कर रही है। नेशनल हाईवे पर रात के समय हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों के कहर और सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बिछिया में जुए के फड़ पर पुलिस का छापा, 19 लाख से अधिक का मशरूका जब्त
- 7 आरोपी गिरफ्तार, 3 कारें और भारी नगदी बरामद
- फोंक सिझौरा के जंगल में चल रहा था दांव
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस ने अवैध जुए के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाहियों में से एक को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में विशेष टीम ने ग्राम फोंक सिझौरा में दबिश देकर जुए के खेल का भंडाफोड़ किया है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने करीब 19 लाख 1 हजार 200 रूपए का मशरूका नगदी व वाहन समेत जब्त किया गया है।
बताया गया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि फोंक सिझौरा क्षेत्र में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी सतीष चतुर्वेदी के नेतृत्व में 4 अलग-अलग टीमें गठित की गईं। मध्य रात्रि में की गई इस छापेमारी में पुलिस ने घेराबंदी कर 7 आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा, जबकि मुख्य सरगना अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा।
जुआ के फड़ पर बिछिया पुलिस की कार्रवाई में पुलिस ने मौके से विलासिता पूर्ण साधनों के साथ भारी रकम बरामद की है। जिसमें मौके पर नगद राशि 3 लाख 21 हजार 200 रूपए, मोबाइल फोन 8 नग, तीन चार पहिया वाहन एमपी20 जेडएक्स 7828, एमपी20 एमसी 1642, एमपी20 सीएल 5533 समेत कुल मशरूका की अनुमानित कीमत 19 लाख 1 हजार 200 रूपए जब्त किया गया है।
आरोपी गिरफ्तार और फरार की तलाश
पुलिस ने मौके से वैभव मिश्रा बिछिया, संजय चौकसे बरगी, आनंद बंदेवार बम्हनी, राजेश खमपरिया बरगी, फरीद अली परवाडा, सचिन उद्दे बम्हनी बंजर और राजकुमार उर्फ राजा अंजनिया को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही जुआ खिलाने वाला मुख्य आरोपी महेश बंजारा निवासी बम्हनी अपने तीन अन्य साथियों के साथ फरार है। पुलिस ने सभी के विरुद्ध धारा 13 जुआ एक्ट एवं धारा 49 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सराहनीय भूमिका
इस बड़ी सफलता में निरीक्षक रंजीत सिंह सैयाम बिछिया थाना प्रभारी, ममता परस्ते, गिरीष करवेती, जयसिंह यादव सहित सहायक उपनिरीक्षकों और आरक्षकों की पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।
मंडला में बेखौफ लुटेरे
दिनदहाड़े महिला के गले से झपटा मंगलसूत्र, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
- एक ही दिन में चेन स्नेचिंग की दो घटनाओं से शहर में सनसनी
- ईरानी गैंग पर पुलिस को संदेह
मंडला महावीर न्यूज 29 | शहर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। रविवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत चेन स्नेचिंग की दो बड़ी वारदातों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। सरदार पटेल वार्ड में एक बाइक सवार लुटेरा महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गया, जिसकी पूरी हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
केस 1: घर के पास ही बनीं शिकार
जानकारी के अनुसार, दिव्य ज्योति कॉलोनी की निवासी रजनी झरिया रविवार शाम जब अपने पड़ोस में जा रही थीं, तभी घात लगाए बैठे एक युवक ने उन पर हमला कर दिया। लुटेरा उनके गले से करीब ढाई तोले का सोने का मंगलसूत्र छीनकर भाग निकला। महिला ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपी का पीछा भी किया, लेकिन लुटेरा बिना नंबर की बाइक से गलियों का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गया।
केस 2: बुजुर्ग महिला को बातों में उलझाया
हैरानी की बात यह है कि इसी दिन दोपहर में पड़ाव वार्ड स्थित जल छानन संयंत्र के पास एक अन्य बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया गया। बाइक सवार बदमाश ने पहले महिला को अपनी बातों में उलझाया और मौका पाते ही उनके गले से सोने की चेन खींचकर फरार हो गया।
सीसीटीवी में दिखा नकाबपोश लुटेरा
पुलिस को प्राप्त सीसीटीवी फुटेज में आरोपी कैप पहने और मुंह ढके नजर आ रहा है। वह बिना नंबर की पल्सर बाइक का उपयोग कर रहा था। वारदात को अंजाम देने के बाद वह तेजी से मुख्य मार्ग की ओर भागता दिखाई दिया है।
ईरानी गैंग पर पुलिस का संदेह
वारदात के तरीके (Modus Operandi) को देखते हुए पुलिस को इसमें ‘ईरानी गैंग’ के हाथ होने की आशंका है, जो हाल के दिनों में पड़ोसी जिलों में भी सक्रिय रही है। पुलिस ने शहर की घेराबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुलिये का मिलान किया जा रहा है।
पुलिस की अपील: “महिलाएं सुनसान रास्तों पर चलते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध बाइक सवार के पास आने पर सावधानी बरतें। पुलिस आरोपियों की पहचान के करीब है।”
मंडला में शिव भक्ति की बयार, 10 फरवरी से शुरू होगा शवत्व से शिवत्व की ओर सत्संग समागम
- 9 फरवरी को निकलेगी भव्य मंगल कलश यात्रा
- अध्यात्म और विज्ञान के संगम से महकेगी नर्मदा नगरी
मंडला महावीर न्यूज 29. नर्मदा की पावन धरा मंडला में महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में भक्ति और ज्ञान का अनूठा उत्सव होने जा रहा है। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा भगवान शिव आराधन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्थान के प्रतिनिधि स्वामी शारदानंद, स्वामी सत्येन्द्रानंद एवं स्वामी यशवीर जी ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा साझा की।
कलश यात्रा से होगा भव्य शंखनाद
बताया गया कि मुख्य आयोजन से पूर्व 9 फरवरी को प्रात: 09 बजे सिंहवाहिनी मंदिर नाव घाट से एक विशाल मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में कलश धारण कर नगर भ्रमण करेंगी, जो पूरे शहर को शिवमय बनाएगी।
पंच-दिवसीय होगा विशेष सत्संग
संस्थान द्वारा आयोजित यह समागम 10 फरवरी से 14 फरवरी तक चलेगा, जिसमें शिव तत्व के गूढ़ रहस्यों को आधुनिक परिप्रेक्ष्य में समझाया जाएगा। धार्मिक कार्यक्रम की शवत्व से शिवत्व की ओर रहेगी, जो नर्मदा कॉलोनी पार्क मंडला में प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
अध्यात्म के साथ वैज्ञानिक विवेचना
पत्रकार वार्ता के दौरान स्वामियों ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल पौराणिक कथाओं का वाचन नहीं, बल्कि शिव भक्ति के वैज्ञानिक पहलुओं को उजागर करना है। मधुर भजनों के बीच यह बताया जाएगा कि कैसे मनुष्य अपने अंतर्मन में ईश्वर का साक्षात्कार कर मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त कर सकता है। संस्थान ने जिले के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार इस आध्यात्मिक उत्सव में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
इनका कहना है
यह आयोजन मंडला वासियों के लिए केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्म-साक्षात्कार का एक दुर्लभ अवसर है।
स्वामी शारदानंद जी
हनुमान और शंकर जी की प्राण-प्रतिष्ठा का चार दिवसीय महोत्सव शुरू
- 9 फरवरी को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
- 11 फरवरी को विशाल भंडारे के साथ होगा समापन
मंडला महावीर न्यूज 29. क्षेत्र की आध्यात्मिक ऊर्जा को और प्रगाढ़ करने के लिए नारायणगंज बस स्टैंड परिसर में स्थित नवनिर्मित मंदिर में भगवान शंकर एवं हनुमान जी की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन शुरू हो गया है। पीपल वृक्ष की छांव में स्थित इस मंदिर में आयोजित चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान 8 से 11 फरवरी तक चलेगा।
बताया गया कि महोत्सव के दूसरे दिन आज 9 फरवरी को नगर में एक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में नारायणगंज सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मातृशक्ति और श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सम्मिलित होंगे। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ निकलने वाली यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करेगी।
चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान की बनी रूपरेखा
बताया गया कि 8 फरवरी को मंदिर में पूजन अर्चन एवं अनुष्ठान विधिवत शुरू किया गया। 9 फरवरी को भव्य मंगल कलश यात्रा एवं विशेष पूजन किया जाएगा। 10 फरवरी को अधिवास पूजन एवं विग्रहों का दिव्य अभिषेक किया जाएगा। 11 फरवरी को प्राण-प्रतिष्ठा, पूर्णाहूति एवं विशाल भंडारा का आयोजन किया जाएगा।
भंडारे के लिए भावपूर्ण अपील
आयोजन समिति ने बताया कि मंदिर में मूर्तियों की स्थापना के साथ ही वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया है। प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर दर्शन के लिए पहुँच रहे हैं। आगामी 11 फरवरी को प्राण-प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। समिति ने समस्त क्षेत्रवासियों से इस धार्मिक उत्सव में सम्मिलित होने और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की भावपूर्ण अपील की है।
मंडला: अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन का डंडा, 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
कलेक्टर के निर्देश पर खनिज और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई, टाटरी चौकी की अभिरक्षा में सौंपे गए वाहन
मंडला महावीर न्यूज 29 | मध्यप्रदेश शासन के खनिज साधन विभाग द्वारा अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के सख्त निर्देशों के बाद मंडला जिला प्रशासन एक्शन मोड में है। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में, प्रशासन को कामता माल क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। सूचना की तस्दीक करते हुए राजस्व और खनिज विभाग की टीम ने संयुक्त दबिश दी, जहाँ रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त 6 ट्रैक्टरों को रंगे हाथों पकड़ा गया।
जब्त किए गए वाहनों का विवरण
पकड़े गए वाहनों में नंबर प्लेट और चेचिस नंबर के आधार पर निम्नलिखित ट्रैक्टर शामिल हैं:
- ट्रेक्टर क्रमांक: MP 51 AA 1174
- ट्रेक्टर क्रमांक: MP 51 GD 6792
- ट्रेक्टर क्रमांक: MP 51 AA 8789
- महिन्द्रा कंपनी (चेचिस नंबर: 006516554B1)
- पावर ट्रेक कंपनी (चेचिस नंबर: T053733246LP)
- आइशर कंपनी (चेचिस नंबर: 926813175721)
कठोर कानूनी कार्रवाई की तैयारी
जब्त किए गए सभी वाहनों को पुलिस चौकी टाटरी के प्रभारी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। विभाग द्वारा इन सभी के विरुद्ध म.प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के कड़े प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आगामी वैधानिक कार्यवाही के लिए मामले की फाइल कलेक्टर न्यायालय को प्रेषित की जा रही है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के रेत माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि खनिजों के अवैध दोहन को रोकने के लिए इस तरह की औचक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
सफलता की गूंज
कड़कनाथ पालन से आत्मनिर्भर बनीं सुडगाँव की उर्मिला मार्को
- शासन की योजना से मिला स्वरोजगार
- 40 चूजों से शुरू कर अब तक कमाया 25 हजार का लाभ
मंडला महावीर न्यूज 29| ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में शासन की योजनाएं मील का पत्थर साबित हो रही हैं। इसका ताजा उदाहरण जनपद पंचायत मोहगाँव के ग्राम सुडगाँव में देखने को मिला है, जहाँ श्रीमती उर्मिला मार्को ने कड़कनाथ कुक्कुट पालन को अपनाकर अपनी आर्थिक तस्वीर बदल दी है। उर्मिला आज क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बन गई हैं।
कम निवेश, बड़ा मुनाफा
उर्मिला मार्को का चयन वर्ष 2023-24 में कड़कनाथ कुक्कुट पालन योजना के अंतर्गत हुआ था। योजना की कुल लागत 4,400 रुपये थी, जिसमें राहत की बात यह रही कि 75 प्रतिशत अनुदान शासन द्वारा दिया गया। योजना के तहत उन्हें निम्नलिखित सुविधाएं प्रदान की गईं:
- 28 दिन के 40 कड़कनाथ चूजे।
- उच्च गुणवत्ता वाला कुक्कुट आहार।
- आवश्यक दवाइयां और कुक्कुट इकाई।
- पशुपालन विभाग द्वारा वैज्ञानिक पद्धति से पालन का प्रशिक्षण।
बाजार में बढ़ती मांग का मिला लाभ
उर्मिला बताती हैं कि कड़कनाथ मुर्गी का काला मांस अपने औषधीय गुणों, कम कोलेस्ट्रॉल और उच्च प्रोटीन के लिए जाना जाता है। बाजार में इसकी विशेष मांग होने के कारण उन्हें उत्पाद बेचने में कोई परेशानी नहीं हुई। घर बैठे मिले इस स्वरोजगार से उन्होंने अब तक लगभग 25,000 रुपये की आय अर्जित कर ली है।
स्वावलंबन की ओर बढ़ते कदम
“शासन की इस मदद से न केवल मेरी आय बढ़ी है, बल्कि अब मैं अपने परिवार की जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर पा रही हूँ।” — उर्मिला मार्को, लाभार्थी
पशुपालन विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन और उर्मिला की मेहनत का ही परिणाम है कि आज वह आत्मनिर्भरता की राह पर हैं। उनकी यह सफलता दर्शाती है कि यदि सरकारी योजनाओं का सही क्रियान्वयन और लगन का मेल हो, तो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयां दी जा सकती हैं।
बम्हनी पुलिस की बड़ी कामयाबी
बस स्टैंड से मंगलसूत्र लूटने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार
- लूटा गया माल बरामद
- छत्तीसगढ़ की लुटेरी महिलाओं ने मंडला में दी वारदात को अंजाम
- बम्हनी पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास डेरे से दबोचा
- महिला का पीछा कर खींचा था मंगलसूत्र
- पुलिस की त्वरित घेराबंदी में धरी गईं तीन आरोपी महिलाएं
मंडला महावीर न्यूज 29. थाना बम्हनी पुलिस ने मंगलसूत्र लूट के एक सनसनीखेज मामले का मात्र कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए तीन आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया है।
जानकारी अनुसार जैदेपुर निवासी प्रार्थिया सुमंत्रा मरावी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि बम्हनी बस स्टैंड के पास तीन अज्ञात महिलाओं ने उनका मंगलसूत्र लूट लिया है। साहसी प्रार्थिया ने मौके पर ही एक आरोपी महिला को पकड़ लिया था और उसे लेकर थाने पहुँचीं।
आरोपी महिला गिरफ्तार
थाना प्रभारी अरुण भदौरिया के नेतृत्व में टीम ने पकड़ी गई महिला आरती मरकाम से कड़ाई से पूछताछ की, जिसने अपना जुर्म स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अन्य फरार आरोपियों की तलाश शुरू की। टीम ने दबिश देकर अंजली उर्फ शुभो गिरी और पूनम गिरी को ग्राम सिमरिया रेलवे स्टेशन के पास उनके डेरे से गिरफ्तार किया।
छत्तीसगढ़ से जुड़ा है गिरोह
पकड़ी गई आरोपी महिलाएं मूलत: छत्तीसगढ़ की रहने वाली हैं। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने बस स्टैंड से महिला का पीछा किया और आरती मरकाम ने झपट्टा मारकर मंगलसूत्र खींच लिया था। गिरफ्तार आरोपी महिलाओं में आरती मरकाम 24 वर्ष, निवासी अम्बिकापुर छत्तीसगढ़, अंजली उर्फ शुभो गिरी, निवासी बलरामपुर छत्तीसगढ़, पूनम गिरी, निवासी बलरामपुर छत्तीसगढ़ को गिरफ्तार किया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस त्वरित खुलासे में थाना प्रभारी उनि अरुण भदौरिया, उनि अशोक राणा, उनि किरण भट्टी, सउनि रामकृष्ण बघेल और उनकी पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
नर्मदा के कछार में आबकारी का छापा
रेत में दबाकर रखा 950 किलो महुआ लाहन बरामद
- मौके पर किया नष्ट
- अवैध शराब माफियाओं पर नकेल
- खड़देवरी में आबकारी विभाग की कार्रवाई
- एक लाख से अधिक की मदिरा व सामग्री जब्त
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला के ग्राम खड़देवरी में नर्मदा नदी के कछार क्षेत्र में आबकारी विभाग ने अवैध शराब पर कार्रवाई को अंजाम दिया है। मंडला आबकारी टीम ने नदी किनारे अवैध रूप से संचालित शराब निर्माण के अड्डों को ध्वस्त किया। बताया गया कि यह कार्रवाई मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी रामजी पांडेय के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने शनिवार को अवैध शराब के विरूद्ध छापामार कार्रवाई की है।
जानकारी अनुसार कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम को नदी किनारे रेत में दबाकर रखे गए 95 डब्बे महुआ लाहन बरामद हुए। प्रत्येक डिब्बे में लगभग 10 किलो लाहन भरा हुआ था। विभाग ने कुल 950 किलो महुआ लाहन को बरामद कर घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया। इसके अतिरिक्त अड्डों से लगभग 75 लीटर हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब भी जब्त की गई।

आरोपी फरार, मामला किया दर्ज
आबकारी विभाग की टीम को आता देख शराब निर्माण में संलिप्त आरोपी मौके से फरार हो गए। विभाग ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। जब्त शराब और नष्ट किए गए लाहन की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 6 हजार 250 रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई में ये रहे शामिल
इस सफल दबिश में आबकारी उपनिरीक्षक शैली सैयाम, सर्वेश नागवंशी, मुख्य आरक्षक हरेसिंह उइके, दुर्जन कुलेश, भानु पुसाम सहित आरक्षक नेतराम काकोटिया, महेश पटेल, रघुनाथ उइके, सत्यपाल मरावी, शकुंतला सैयाम, प्रिया नायडू और कन्हैया उइके की सक्रिय भूमिका रही।
नेशनल एथलेटिक्स में चमका मंडला का लाल
- वसंत तेकाम ने अजमेर में जीता सिल्वर मेडल
- वन विभाग के परिक्षेत्र सहायक वसंत ने राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया जिले का मान
मंडला महावीर न्यूज 29. खेल के मैदान से मंडला जिले के लिए एक गौरवशाली खबर सामने आई है। राजस्थान के अजमेर में आयोजित नेशनल ऑल इंडिया मास्टर एथलीट्स चैंपियनशिप 2026 में जिले के ग्राम गाजीपुर निवासी वसंत तेकाम ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक हासिल किया है।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए दिग्गज एथलीटों ने हिस्सा लिया था। वसंत तेकाम ने 400 मीटर रिले रेस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने 400 मीटर और 800 मीटर की व्यक्तिगत दौड़ में भी चौथा और पांचवां स्थान प्राप्त कर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
विभागीय व्यस्तताओं के बीच खेल का जुनून
वसंत तेकाम वर्तमान में पश्चिम सामान्य वनमंडल के वन परिक्षेत्र बरेला जमठार वृत्त में परिक्षेत्र सहायक के पद पर कार्यरत हैं। इससे पूर्व वे घुघरी में वनरक्षक के रूप में अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। विभागीय वन खेलों में भी वे पूर्व में कई राज्य स्तरीय पदक जीत चुके हैं। उनकी यह सफलता दर्शाती है कि यदि दृढ़ संकल्प हो, तो सरकारी सेवा के दायित्वों के बीच भी खेल के शिखर तक पहुँचा जा सकता है।
दिलीप सोनवानी ने भी बढ़ाया मान
इसी प्रतियोगिता में जिले के एक अन्य एथलीट दिलीप सोनवानी ने भी शिरकत की। दिलीप ने भी अपने शानदार खेल से राष्ट्रीय पटल पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है, जिसकी खेल प्रेमियों द्वारा सराहना की जा रही है। वसंत तेकाम की इस ऐतिहासिक जीत पर उनके गृह ग्राम गाजीपुर और वन विभाग में जश्न का माहौल है। परिजनों और विभागीय सहयोगियों ने उनका भव्य स्वागत किया। वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए इस उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है।
घुघरी अस्पताल के मरीजों को अब मिलेगा शुद्ध और शीतल जल
- विधायक निधि से दूर हुई पानी की किल्लत
- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी में वाटर प्यूरीफायर इकाई का हुआ लोकार्पण
मंडला महावीर न्यूज 29. बिछिया विधानसभा क्षेत्र के विधायक नारायण सिंह पट्टा द्वारा जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी को वाटर प्यूरीफायर सह कोल्ड यूनिट समर्पित की गई है। विधायक निधि से प्रदाय की गई इस आधुनिक मशीन के लग जाने से अब अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ एवं ठंडे पेयजल के लिए यहाँ-वहाँ भटकना नहीं पड़ेगा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी में लंबे समय से शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। विशेष रूप से भीषण गर्मी के मौसम में तीमारदारों को शीतल जल के लिए अस्पताल परिसर से बाहर जाना पड़ता था। विधायक श्री पट्टा ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए आधुनिक फिल्टर और कूलिंग सिस्टम वाली यह इकाई उपलब्ध कराई है, जो अब अस्पताल में 24 घंटे स्वच्छ जल की आपूर्ति सुनिश्चित करेगी।
विधिवत पूजन के साथ हुआ लोकार्पण
आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक नारायण सिंह पट्टा ने विधिवत पूजन-अर्चन कर यूनिट की शुरुआत की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मशीन के नियमित रखरखाव के निर्देश दिए ताकि इसका लाभ लंबे समय तक आमजन को मिलता रहे। उन्होंने भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुख्य रूप से बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा के साथ खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज राज, तकनीकी विशेषज्ञ विनय चौकसे, वरिष्ठ नागरिक नेतराम साहू, पंकज झरिया और मेवा धुर्वे उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अस्पताल के समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे, जिन्होंने इस जनहितैषी कार्य के लिए विधायक का हृदय से आभार व्यक्त किया।
बोर्ड परीक्षाओं के बीच पुलिस का कड़ा एक्शन
- रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर कोतवाली पुलिस ने की चालानी कार्रवाई
- कमला पैलेस गार्डन में तेज आवाज में बज रहे डीजे पर लगा जुर्माना
- संचालक को सख़्त हिदायत
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर लगाए गए प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस ने बिझिया स्थित एक गार्डन में रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में डीजे बजाए जाने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला है।
जानकारी अनुसार कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि बिझिया स्थित कमला पैलेस गार्डन में रात्रि 10 बजे की समय सीमा समाप्त होने के बावजूद तेज आवाज में डीजे का संचालन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और डीजे बंद कराया। डीजे संचालक को तत्काल थाने बुलाकर कड़ी समझाइश दी गई और मोटर व्हीकल अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत 3,500 रुपये का चालानी दंड लगाया गया।
बैठक में दिए गए निर्देशों की अवहेलना
बताया गया कि विगत 3 फरवरी को पुलिस कंट्रोल रूम में प्रशासन ने मैरिज गार्डन संचालकों और डीजे संघ की विशेष बैठक ली थी। इस बैठक में स्पष्ट किया गया था कि परीक्षाओं के दौरान छात्रों की पढ़ाई में व्यवधान न हो, इसलिए रात्रि 10 बजे के बाद किसी भी स्थिति में डीजे या साउंड सिस्टम का उपयोग नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस की चेतावनी
कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगामी दिनों में भी यह निगरानी जारी रहेगी। निर्धारित डेसीबल मानकों का उल्लंघन करने या प्रतिबंधित समय में डीजे संचालित करने वालों पर वैधानिक कार्रवाई के साथ-साथ डीजे सामग्री की जब्ती भी की जा सकती है।
मोहगांव की समस्याओं पर आर-पार की जंग
- मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 13 फरवरी से बड़ चौराहा पर होगा अनिश्चितकालीन धरना
- राज्यपाल के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन
- जर्जर स्कूल, सड़कों की बदहाली और कृषि महाविद्यालय की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने खोला मोर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड मोहगांव के अंतर्गत बुनियादी सुविधाओं के अभाव और लंबित समस्याओं का निराकरण न होने से क्षेत्रवासियों में भारी रोष व्याप्त है। विभिन्न मांगों को लेकर विगत कई वर्षों से किए जा रहे पत्राचार के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होने पर, अब समस्त क्षेत्रवासियों ने सामूहिक हड़ताल और आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। इस संबंध में महामहिम राज्यपाल के नाम एक विस्तृत सूचना ज्ञापन सौंपा जा रहा है।
क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि आगामी 7 दिनों के भीतर 19 सूत्रीय मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो 13 फरवरी से बड़ चौराहा मोहगांव में अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। बताया गया कि मांगों में झुरगी, आमाटोला, रमपुरी, पड़ादर, सकरी और कुण्डाटोला सहित दर्जन भर गांवों में प्राथमिक शालाओं के भवन जर्जर हैं या भवन ही उपलब्ध नहीं हैं। बच्चे एक ही अतिरिक्त कक्ष में 1 से 5वीं तक की कक्षाएं पढऩे को मजबूर हैं। आदिवासी अंचल मोहगांव से उच्च शिक्षा के लिए छात्रों को 50-70 किमी दूर मण्डला या डिण्डौरी जाना पड़ता है, जिससे कई छात्र पढ़ाई छोड़ देते हैं। अत: मोहगांव में कृषि महाविद्यालय खोलने की मांग की गई है। ग्राम झुरगी, पोंडी और भानपुर जैसे गांवों में उद्वहन सिंचाई व्यवस्था, क्षेत्र में सब्जी व गल्ला मंडी की स्थापना, और विभिन्न ग्रामों में पहुंच मार्ग व पुलिया निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई गई है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि इसके साथ जर्जर आंगनवाड़ी भवनों का नवनिर्माण, गांवों में खराब विद्युत ट्रांसफार्मर बदलना और स्कूलों से शिक्षकों के संलग्नीकरण को समाप्त कर उन्हें मूल शाला में वापस भेजने की मांग की गई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है और किसान बदहाल हैं। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ओबीसी प्रगति मोर्चा की कमान एड. सीबी पटेल के हाथ
- मंडला में हुई बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय
- जातिगत जनगणना और यूजीसी बिल पर सरकार को घेरेगा ओबीसी समाज
- मंडला में तैयार हुई देशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) समुदाय की समस्त जातियों के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को बिंझिया स्थित सरदार पटेल मंगल भवन में संपन्न हुई। इस विशाल बैठक में सामाजिक एकता और अधिकारों के संघर्ष को गति देने के लिए वरिष्ठ समाजसेवी एडवोकेट सी.बी. पटेल को सर्वसम्मति से ओबीसी प्रगति मोर्चा का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जारी यूजीसी बिल को तत्काल लागू कराने और जातिगत जनगणना के फार्म में ओबीसी का पृथक कॉलम जुड़वाने के लिए देशव्यापी स्तर पर रणनीति बनाई जा रही है। बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर जनगणना फार्म में ओबीसी का कॉलम नहीं जोड़ रही है, ताकि शासन-प्रशासन में इस वर्ग की भागीदारी सीमित रहे।
यूजीसी बिल पर सरकार की घेराबंदी
मोर्चा के प्रतिनिधियों ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यूजीसी बिल को लागू करने में सरकार की चुप्पी और अप्रत्यक्ष सहमति संदेह पैदा करती है। समाज के प्रतिनिधियों ने इसे ओबीसी वर्ग के हितों पर चोट बताया है।
आगामी बैठक 28 फरवरी को
ओबीसी प्रगति मोर्चा ने अपनी आगामी कार्ययोजना तय करने के लिए 28 फरवरी को अगली बैठक बुलाई है। संगठन ने जिले के समस्त ओबीसी समुदाय के नागरिकों से इस बैठक में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है ताकि भविष्य के आंदोलन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। बैठक में जिले भर से आए ओबीसी समुदाय की विभिन्न जातियों के वरिष्ठ प्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे, जिन्होंने नवनियुक्त अध्यक्ष को बधाई देते हुए एकजुटता का संकल्प लिया।
मंडला पुलिस की माइक्रो बीट चौपाल
- गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों को सिखाए सुरक्षा और साइबर बचाव के गुर
- सड़क सुरक्षा से नशा मुक्ति तक पुलिस का जनजागरण
- बिना हेलमेट घूमने वालों को दी समझाइश, पेट्रोल पंपों पर भी निगरानी
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में शनिवार को मंडला जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में माइक्रो बीट पुलिस चौपाल का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और जनता के बीच समन्वय स्थापित कर नागरिकों को सुरक्षा और कानूनों के प्रति जागरूक करना रहा।
आयोजित चौपालों में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को हेलमेट की अनिवार्यता, यातायात नियमों के पालन, नशा मुक्ति और साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए। इसके साथ ही महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया।
इन क्षेत्रों में जमी चौपाल
अभियान के तहत बीजाडांडी के वीरमपुर, बम्हनी के लिमरूआ, टिकरिया के आमदरा, घुघरी के पिपरदर्रा, निवास के नैझेर, मोतीनाला के इंद्री, महाराजपुर के केहरपुर, नैनपुर के झीलवानी, बिछिया के सहजपुरी सहित टाटरी, पिंडरई, मनेरी और चाबी चौकियों के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों में पुलिस ने नागरिकों से सीधा संवाद किया।
कड़ाई से पालन सुनिश्चित
जागरूकता के साथ पुलिस ने धरातल पर कड़ाई भी दिखाई। जिले भर के थाना क्षेत्रों में बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को रोककर समझाइश दी गई। साथ ही स्थानीय पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया गया कि बिना हेलमेट वाले चालकों को ईंधन न देने संबंधी आदेशों का कड़ाई से पालन हो रहा है या नहीं।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लगेंगे पंख
कोंड्रामाल में स्व-सहायता समूहों का मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण संपन्न
- अब महिलाएं बनेंगी मास्टर ट्रेनर
- कलेक्टर ने 15 समूहों को वितरित कीं मधुमक्खी पेटियां और टूल-किट
- कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बढ़ाया महिलाओं का उत्साह
मधुमक्खी पालन से सशक्त होगी ग्रामीण आजीविका, कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने बढ़ाया महिलाओं का उत्साह
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के विकासखंड नारायणगंज के ग्राम कोंड्रामाल में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने के उद्देश्य से आयोजित मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह कार्यक्रम एएसआईआर राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (लखनऊ) एवं कृषि विज्ञान केंद्र (मण्डला) के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया, जिसमें कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने विशेष रूप से उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
शुद्ध शहद के साथ बढ़ेगी कृषि उपज
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि मधुमक्खी पालन ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने का एक प्रभावी और वैज्ञानिक माध्यम है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि स्व-सहायता समूहों की महिलाएं अब हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो रही हैं। मधुमक्खी पालन से न केवल शुद्ध शहद का उत्पादन होगा, बल्कि परागण की प्रक्रिया से क्षेत्र की कृषि उपज में भी वृद्धि होगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण प्राप्त महिलाएं अब ‘मास्टर ट्रेनर’ के रूप में कार्य कर अन्य समूहों को भी इस स्वरोजगार से जोड़ें।

15 समूहों को मिला ‘सुरक्षा कवच’ और संसाधन
प्रशिक्षण में क्षेत्र के 15 स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने भाग लिया। स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रत्येक समूह को 5-5 मधुमक्खी पेटियां, प्रमाण-पत्र और आवश्यक टूल-किट वितरित किए गए। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को मधुमक्खियों के रख-रखाव, शहद प्रसंस्करण और आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों का मिला मार्गदर्शन
प्रशिक्षण कार्यक्रम में लखनऊ से आए वैज्ञानिक डॉ. पुनीत सिंह चौहान, डॉ. सुनील कुमार, प्रभात कुमार मौर्य और केवीके मण्डला की डॉ. दीपाली वाजपेई, डॉ. केतकी धूमकेती सहित उनकी पूरी टीम ने तकनीकी बारीकियों से महिलाओं को अवगत कराया। इस अवसर पर उपसंचालक कृषि श्री अश्वनी झरिया, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
फाइटर कप सीजन 2
कुंभ स्टार मंडला की शानदार जीत, माँ नर्मदा पुलिस 11 को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
- महिष्मति स्पोर्ट्स क्लब का विजय रथ जारी
- आजाद टिकरिया को 6 विकेट से रौंदकर सेमीफाइनल में बनाई जगह
नितांत और संस्कार के शानदार प्रदर्शन से टीमों ने दर्ज की जीत, शनिवार को होंगे अगले कड़े मुकाबले
मंडला महावीर न्यूज 29. फाइटर स्पोर्ट्स क्लब के तत्वाधान में आयोजित ‘फाइटर कप सीजन 2’ में शुक्रवार को खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों का दबदबा रहा। पहले रोमांचक मैच में कुंभ स्टार मंडला ने माँ नर्मदा पुलिस 11 पर बड़ी जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की, वहीं दिन के दूसरे मुकाबले में महिष्मति स्पोर्ट्स क्लब ने सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया।
पहला मुकाबला: कुंभ स्टार मण्डला बनाम माँ नर्मदा पुलिस 11
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कुंभ स्टार मण्डला ने नितांत ठाकुर के अर्धशतक (56 रन) और शिवम व विक्की के 30-30 रनों की मदद से 155 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में 156 रनों का पीछा करने उतरी माँ नर्मदा पुलिस 11 की टीम मात्र 93 रनों पर सिमट गई। मण्डला की ओर से धर्मेंद्र ने 3 विकेट झटके। शानदार बल्लेबाजी और 2 विकेट लेने वाले नितांत ठाकुर ‘मैन ऑफ द मैच’ चुने गए।
दूसरा मुकाबला: महिष्मति स्पोर्ट्स बनाम आज़ाद टिकरिया
दूसरे मैच में आज़ाद टिकरिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 127 रन बनाए। महिष्मति स्पोर्ट्स की ओर से संस्कार नमन दुबे ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी महिष्मति टीम ने शिवांशु तिवारी के नाबाद 54 रनों और सिद्धार्थ पटेल के 44 रनों की बेहतरीन पारियों के चलते मात्र 13.1 ओवरों में मैच जीत लिया। 4 विकेट लेने वाले संस्कार नमन दुबे ‘मैन ऑफ द मैच’ रहे।
शनिवार के मुकाबलों का कार्यक्रम
| समय | टीमें |
| प्रातः 09:30 बजे | सनराइज स्पोर्ट्स बनाम फाइटर इलेवन |
| दोपहर 01:00 बजे | मल्टी स्टार मवई बनाम बी.एस.सी. गोरखपुर |
रेल और रोड कनेक्टिविटी से बदलेगी जिले की तस्वीर
- मंडला के विकास को लगेंगे पंख
- रेल एक्टिविस्ट ने पूर्व सांसद के साथ तैयार किया रेलवे और सड़कों के विस्तार का मास्टर प्लान
- विश्वस्तरीय टर्मिनल बनेगा मंडला फोर्ट
- पातालकोट और पेंचवेली जैसी बड़ी ट्रेनों के विस्तार और नए 4-लेन नेशनल हाईवे की उठी मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के विकास की धुरी माने जाने वाले रेल और सड़क मार्ग के कायाकल्प के लिए अब ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। रेल एक्टिविस्ट अथर्व सिंह ने पिछले 6 वर्षों के शोध और आंकड़ों के आधार पर मंडला सहित संपूर्ण महाकौशल क्षेत्र के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। हाल ही में उन्होंने पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन के साथ बैठक कर मंडला फोर्ट स्टेशन के विस्तार और जिले की लाइफलाइन कही जाने वाली सड़कों को 4-लेन में बदलने का प्रस्ताव रखा।
बताया गया कि प्रस्ताव में मंडला फोर्ट को एक पूर्ण विश्वस्तरीय टर्मिनल के रूप में विकसित करने की बात कही गई है। मुख्य मांगों में अतिरिक्त लूप लाइन, रैक पॉइंट का स्थानांतरण कर प्लेटफार्म नंबर 3 और 4 का निर्माण और ट्रेनों के रखरखाव के लिए तकनीकी अमले की स्थापना शामिल है। बैठक में स्पष्ट किया गया कि यदि इन रेल और सड़क परियोजनाओं पर अमल होता है, तो मंडला जिला न केवल पर्यटन कान्हा नेशनल पार्क बल्कि व्यापारिक दृष्टि से भी महाकौशल का केंद्र बन जाएगा।
बताया गया कि जिले में रेल विकास कार्य के लिए प्रमुख ट्रेनों के विस्तार का प्रस्ताव है। जिसमें पेंचवेली एक्सप्रेस में नैनपुर में 11 घंटे खड़ी रहने वाली इस ट्रेन का विस्तार मंडला तक हो। पातालकोट एक्सप्रेस के लिए सिवनी से मंडला फोर्ट तक विस्तार, पैसेंजर ट्रेन के लिए जबलपुर-नैनपुर पैसेंजर का रात्रिकालीन विस्तार मंडला तक और मंडला-नैनपुर के बीच प्रतिदिन 4-5 फेरे लगाने का प्रस्ताव, इसके साथ ही नई ट्रेनों में मंडला से नागपुर-पुणे-बैंगलोर के लिए कान्हा एक्सप्रेस और भोपाल-इंदौर के लिए नर्मदा महाकाल एक्सप्रेस की मांग की गई है।
नई रेल परियोजनाओं पर दिया जोर
बताया गया कि 2012-13 से लंबित कई महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को गति देने का आग्रह किया गया है। जिसमें गोटेगांव, घंसौर, मंडला, डिंडोरी, अमरकंटक 260 किमी इसका रिटर्न ऑन इन्वेस्टमेंट पॉजिटिव है। इसके साथ ही राजनांदगांव, कवर्धा, मंडला, जबलपुर 430 किमी बजट में स्वीकृत इस परियोजना से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बढ़ेगी।
महाकौशल का बन सकता है केन्द्र
यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए जिले के मुख्य मार्गों को फोर लेन हाईवे में बदलने का प्रस्ताव दिया गया है। जिसमें मंडला लखनादौन एसएच 40 इसे 4-लेन हाईवे बनाकर एनएच 34 और एनएच 44 से जोड़ा जाए। इसके साथ ही एनएच 543 का विस्तार किया जाए, जिसमें शहडोल, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, गोंदिया मार्ग को 563 किमी लंबे फोर लेन हाईवे में विकसित करना आवश्यक है। एनएच 30 पर अंजनियां बाईपास में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ओवरब्रिज निर्माण की मांग की है।
शिक्षा का मंदिर शर्मसार
सांदीपनी विद्यालय में अतिथि शिक्षक की छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी, छात्राओं ने खोला मोर्चा
- छात्राओं के अपमान पर भड़के जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष
- दी पुलिस कार्रवाई की चेतावनी,अतिथि शिक्षक पर गिरी गाज, हटाने के निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के शासकीय सांदीपनी विद्यालय घुघरी में एक अतिथि शिक्षक द्वारा छात्राओं के साथ अमर्यादित व्यवहार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कक्षा 10वीं की छात्राओं ने आरोपी शिक्षक बिजेंद्र झारिया पर क्लास में सबके सामने अपमानजनक भाषा और अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। इस घटना से आक्रोशित छात्राओं ने सामूहिक हस्ताक्षर कर प्राचार्य को शिकायती पत्र सौंपा और आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक आयुक्त वंदना गुप्ता ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राचार्य के माध्यम से लिखित शिकायत मिल चुकी है और ऐसे शिक्षक को विद्यालय में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से हटाने और कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासनिक लापरवाही पर राजनीतिक आक्रोश
इस घटना ने अब राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों से बात की है और ऐसे शिक्षकों को जल्द से जल्द हटाने के निर्देश दिए हैं जो शिक्षा के पेशे को कलंकित कर रहे हैं। वहीं जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति अध्यक्ष कमलेश तेकाम ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तीखा रोष व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्रीय संयोजक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार करने वालों को संरक्षण देना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शिक्षक को तुरंत नहीं हटाया गया, तो वे स्वयं थाने जाकर एफआईआर सुनिश्चित कराएंगे।
छात्राओं में डर का माहौल
पीडि़त छात्राओं का कहना है कि शिक्षक के इस व्यवहार से वे मानसिक रूप से प्रताडि़त महसूस कर रही हैं और स्कूल में असुरक्षित महसूस कर रही हैं। अभिभावकों ने भी दोषियों पर जल्द से जल्द पुलिस कार्रवाई की मांग की है।
अमगंवा गौशाला को नियम विरुद्ध खाली करने पर भड़का आक्रोश
- अमगंवा गौशाला में भ्रष्टाचार और गौ-वंश की मृत्यु का आरोप
- विहिप और बजरंग दल ने कलेक्टर और पशुपालन मंत्री को सौंपा ज्ञापन
- मनरेगा से बनी 27 लाख की गौशाला में अनियमितता की जांच की मांग
- वित्तीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के जिला गौ रक्षा विभाग ने कलेक्टर और पशुपालन मंत्री मंडला को ज्ञापन सौंपकर ग्राम अमगंवा बिझौली स्थित गौशाला में हो रही भारी अनियमितताओं और गौ-वंश की मृत्यु की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। बताया गया कि वर्ष 2018 में मनरेगा योजना के अंतर्गत लगभग 27 लाख रुपये की लागत से इस गौशाला का निर्माण हुआ था, जिसका संचालन ग्राम पंचायत अमगंवा द्वारा किया जा रहा है।
आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से गौशाला में गौ-वंश को न तो पर्याप्त चारा-भूसा दिया जा रहा है और न ही पानी की समुचित व्यवस्था है, जिसके कारण गायों की लगातार मृत्यु हो रही है। विहिप कार्यकर्ताओं ने बताया कि लगभग 8 माह पूर्व गौशाला में गौ-वंश की संख्या 113 थी, जो अब घटकर मात्र 45 रह गई है । शेष गौ-वंश की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच का विषय है ।
गौशाला में सुधार का दिया था आश्वासन
बताया गया कि गौशाला की बदहाली के विरोध में स्थानीय निवासी अनिल महाराज बाबा ने 9 से 12 दिसंबर 2025 तक आमरण अनशन और चक्का जाम किया था। तब अधिकारियों ने 15 दिनों में सुधार का आश्वासन दिया था, लेकिन आरोप है कि मामले को दबाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत ने रातों-रात नियमों के विरुद्ध गौ-वंश को वाहनों में भरकर दूसरी गौशालाओं में स्थानांतरित कर दिया और परिसर खाली कर दिया।
वित्तीय भ्रष्टाचार के आरोप
संगठन ने मांग की है कि गौ-संवर्धन मद के अंतर्गत पंचायत को प्राप्त होने वाली लाखों रुपये की राशि की विस्तृत वित्तीय जांच की जाए । यह भी जांच का विषय है कि जब प्रति गाय 40 रूपए की दर से प्रतिमाह लाखों रूपए की राशि मिल रही थी, तो गौ-वंश भूख और प्यास से क्यों मरता रहा। ज्ञापन सौंपने वालों में जिला गौ-रक्षा प्रमुख रेनू कछवाहा, विहिप प्रांत कार्यकारणी अरविंद पाण्डेय, निलेश सिंगरौरे, रोहित झारिया, अंबिका प्रसाद, बाबा अनिल पटेल, गोपाल, हिमांशु ठाकुर, अनिल पटेल, मनीष समेत ग्रामवासी शामिल रहे, जिन्होंने दोषियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है ।
उत्कृष्ट विद्यालय में गूंजा पीएम मोदी का सफलता मंत्र
- विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ देखा परीक्षा पर चर्चा का सीधा प्रसारण
- परीक्षा को उत्सव की तरह लें, बोझ की तरह नहीं
- विशेषज्ञों ने छात्रों को दी मोबाइल से दूर रहने और समय प्रबंधन की सीख
मंडला महावीर न्यूज 29. शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम परीक्षा पर चर्चा के नवम संस्करण का आयोजन किया गया। विद्यालय के सभागार में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा और सुना। इस दौरान पीएम मोदी ने परीक्षा के तनाव को दूर करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और बेहतर समय प्रबंधन के लिए विद्यार्थियों को बहुमूल्य टिप्स दिए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. संजय कुशराम ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा को तनाव के बजाय एक उत्सव की तरह लेना चाहिए। उन्होंने स्मार्ट वर्क और निरंतर प्रयास को सफलता का मूल मंत्र बताया। वहीं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग वंदना गुप्ता ने विद्यार्थियों को अपना आत्मविश्वास हमेशा ऊंचा रखने और मन से परीक्षा का डर निकालने की प्रेरणा दी।
लिखने की आदत और श्रेष्ठ प्रदर्शन पर दिया जोर
जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी वरकड़े ने विद्यार्थियों को मोबाइल की लत से दूर रहने और लिखकर याद करने की पारंपरिक एवं प्रभावी पद्धति अपनाने की सलाह दी। कैरियर काउंसलर अखिलेश उपाध्याय ने छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि परीक्षा जीवन का एक पड़ाव है, मंजिल नहीं। हमारा उद्देश्य केवल अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होना चाहिए, क्योंकि इम्तिहान इंसान को परिपक्व बनाते हैं।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
प्राचार्य कल्पना नामदेव के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षक मुक्ता खाखा, वंदना श्रीवास्तव, रंजना पांडे और सुजाता शर्मा सहित एनसीसी और एनएसएस के प्रभारियों ने सक्रिय सहयोग किया। कार्यक्रम के अंत में आरके हरदहा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विष्णु सिंगोंर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रधानमंत्री के संवाद को शिक्षाप्रद और भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
सपनों को मिलेगी नई उड़ान
बबलिया विद्यालय में कैरियर काउंसलिंग से विद्यार्थियों को मिला भविष्य का मंत्र
- लक्ष्य निर्धारण और परिश्रम ही सफलता की कुंजी
- चिकित्सा और पशुपालन विशेषज्ञों ने छात्रों को बताए भविष्य के सुनहरे अवसर
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बबलिया में वृहद कैरियर काउंसलिंग संपन्न, छात्रों को मिली मार्गदर्शन की नई राह
मंडला महावीर न्यूज 29. शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बबलिया में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने के उद्देश्य से एक वृहद कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य श्री डी.के. सिंगोर की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार सही व्यावसायिक विकल्पों की जानकारी देना रहा।
विशेषज्ञों ने साझा किए प्रेरक अनुभव
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सुरेंद्र सिंह (प्राथमिक चिकित्सा केंद्र) ने अपने संघर्ष और डॉक्टर बनने के सफर को साझा करते हुए छात्रों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और धैर्य के साथ किया गया परिश्रम कभी विफल नहीं होता। विशिष्ट अतिथि डॉ. अंजनी मरावी और कंचन कुशवाहा (पशु चिकित्सा विभाग) ने विद्यार्थियों को ‘वेटरनरी’ क्षेत्र में उपलब्ध प्रवेश प्रक्रियाओं, स्वरोजगार की संभावनाओं और डेयरी-पोल्ट्री जैसे आधुनिक क्षेत्रों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्राचार्य की सीख: समय पर जानकारी का महत्व
प्राचार्य श्री सिंगोर ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को चेताया कि जानकारी के अभाव में गलत विषय चुन लेना भविष्य में पछतावे का कारण बन सकता है। उन्होंने छात्रों से समय रहते सही मार्गदर्शन लेने की अपील की। कार्यक्रम में व्यवसायिक प्रशिक्षकों और शिक्षकों ने प्लंबिंग, कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
जिज्ञासाओं का हुआ समाधान
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने अपने कैरियर को लेकर विशेषज्ञों से कई सवाल पूछे, जिनका अतिथियों ने सरल और व्यावहारिक उत्तर दिया। इस आयोजन से विद्यार्थियों को अपने भविष्य के निर्णयों को लेकर नई स्पष्टता प्राप्त हुई। कार्यक्रम में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक दीपा चौबे, डी.के. मरावी, अमोल कुशराम और अशोक मर्सकोले सहित पूरा विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
नारायणगंज में प्रशासन का सख्त पहरा
बिना हेलमेट पहुंचे चालकों को पेट्रोल पंप से लौटाया जा रहा वापस
- कलेक्टर का आदेश-पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट ईंधन की बिक्री बंद
- सुरक्षा को दी जा रही प्राथमिकता
नारायणगंज में ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ नियम प्रभावी, पंप प्रबंधन ने शुरू की कड़ाई
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मण्डला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी किए गए आदेश का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। इसी क्रम में नारायणगंज नगर के टिकरिया रोड स्थित हरि जानकी पेट्रोल पंप पर अब बिना हेलमेट वाले दुपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल देना पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
नियमों का कड़ाई से पालन
जिला प्रशासन ने मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 129 का हवाला देते हुए स्पष्ट किया है कि दुपहिया वाहन चालक और पीछे बैठी सवारी, दोनों के लिए मानक हेलमेट पहनना अनिवार्य है। आदेश के तहत जिले के सभी पेट्रोल पंपों को निर्देशित किया गया है कि हेलमेट न पहनने वाले चालकों को ईंधन प्रदाय न किया जाए।
स्टाफ दे रहा समझाइश
हरि जानकी पेट्रोल पंप के प्रबंधन और स्टाफ द्वारा इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। पेट्रोल लेने पहुंच रहे बिना हेलमेट वाले चालकों को स्टाफ द्वारा स्पष्ट रूप से मना किया जा रहा है और उन्हें पहले अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट धारण करने की समझाइश दी जा रही है।
प्रशासन की इस पहल से जहां एक ओर वाहन चालकों में शुरुआती झिझक देखी गई, वहीं दूसरी ओर जागरूक नागरिकों ने इसे जीवन सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा और प्रभावी कदम बताया है।
अंजनिया पुलिस चौकी में भावभीनी विदाई
प्रधान आरक्षक उत्तम सिंह और पुशु लाल का हुआ स्थानांतरण
- कर्तव्यनिष्ठा को मिला सम्मान
- विदाई समारोह में शॉल और स्मृति-चिन्ह भेंट कर विदा किए गए पुलिस विभाग के कर्मठ साथी
सेवा और समर्पण की मिसाल बने उत्तम सिंह और पुशु लाल, अंजनिया स्टाफ ने दी गरिमामय विदाई
मंडला महावीर न्यूज 29. चौकी अंजनिया में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले दो प्रधान आरक्षकों के स्थानांतरण होने पर चौकी प्रांगण में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। प्रधान आरक्षक उत्तम सिंह गोठारिया का स्थानांतरण चौकी हिरदेनगर तथा प्रधान आरक्षक पुशु लाल पंचेश्वर का स्थानांतरण थाना निवास के लिए हुआ है।
सहयोगियों ने सराहा कार्यकाल
चौकी प्रभारी अंजनिया के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में समस्त पुलिस स्टाफ ने दोनों प्रधान आरक्षकों के कार्यकाल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान दोनों ही कर्मचारी कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और जनसेवा के प्रति सदैव समर्पित रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में उनकी भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।
अनुभव और ईमानदारी का संगम
चौकी प्रभारी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तम सिंह और पुशु लाल ने अपनी कार्यकुशलता और ईमानदार सेवाभाव से चौकी के कार्यों को मजबूती प्रदान की। विषम परिस्थितियों में भी उनकी निष्ठा अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रही। उनके मधुर व्यवहार ने क्षेत्र में पुलिस की एक सकारात्मक और मित्रवत छवि प्रस्तुत की है।
सम्मान और शुभकामनाएँ
समारोह के अंत में दोनों प्रधान आरक्षकों को शॉल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित सहकर्मियों ने उन्हें नई पदस्थापना के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
गिट्टी खदान में मिले शव की गुत्थी सुलझी
मंडला पुलिस ने किया अंधी हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
- जमीन विवाद और पुरानी रंजिश ने बनाया कातिल
- महिला की हत्या कर पत्थर बांधकर खदान में फेंका था शव
कफन में पत्थर बांधकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश नाकाम, मंडला पुलिस ने सुलझाया हरौती बाई हत्याकांड
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के कुशल निर्देशन में मण्डला पुलिस ने थाना महाराजपुर क्षेत्र अंतर्गत हुई एक महिला की अंधी हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी संदीप भलावी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पुरानी रंजिश के चलते इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया था।
बताया गया कि बीते 18 जनवरी को बंजाराटोला खुर्शीपार स्थित एक गिट्टी खदान के पानी भरे गड्ढे में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। शव की पहचान हरौती बाई (निवासी खोहरी) के रूप में हुई, जो 6 जनवरी से लापता थीं। शव परीक्षण में पाया गया कि साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से मृतिका के सिर और कमर में पत्थरों से भरी बोरियां बांधी गई थीं और गले में गमछा लिपटा हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी मण्डला श्री पीयूष मिश्रा के नेतृत्व में एसआईटी (SIT) का गठन किया गया।
हत्या की वजह: जमीन विवाद और गाली-गलौज
तकनीकी जांच और पूछताछ के दौरान संदेही संदीप भलावी (24 वर्ष) ने अपना जुर्म स्वीकार किया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी के पिता का खेत वर्ष 2015 से मृतिका के पुत्र के पास ठेके पर था, जिसे लेकर दोनों परिवारों में विवाद था। घटना से दो दिन पहले मृतिका ने आरोपी के बैलों द्वारा फसल चबाने पर उसे गाली दी थी, जिससे नाराज होकर संदीप ने हत्या की साजिश रची।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
6 जनवरी को आरोपी ने डॉक्टर के पास ले जाने का बहाना बनाकर मृतिका को अपनी मोटरसाइकिल (MP-51-MH-9923) पर बिठाया। रास्ते में वह उसे खेत की झोपड़ी में ले गया, जहाँ मारपीट कर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। रात के अंधेरे में आरोपी ने शव के साथ पत्थर बांधे और उसे मोटरसाइकिल पर लादकर गिट्टी खदान के गहरे पानी में फेंक दिया।
पुलिस की सफलता
आरोपी संदीप भलावी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, डंडा और कपड़े बरामद किए गए हैं। इस अंधे कत्ल को सुलझाने में थाना प्रभारी महाराजपुर डॉ. जयसिंह यादव, नैनपुर थाना प्रभारी बलदेव मुजाल्दा और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
सड़क हादसा: स्कूल से लौट रहे शिक्षकों से भरा ऑटो पलटा, 6 शिक्षक घायल
- ऑटो अनियंत्रित होकर पलटा, छह घायल
- सागर के ग्राम बम्होरी की घटना
- चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोगों ने निकाला बाहर, जिला अस्पताल में भर्ती
मंडला महावीर न्यूज 29. बकौरी से मंडला की तरफ से जा रहा ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो में सवार सभी शिक्षक थे, जो शाम को स्कूल से वापस ऑटो में अपने घर लौट रहे थे। ऑटो क्रमांक एमपी 51 आर 4245 में सवार करीब 6 शिक्षकों को गंभीर चोट आई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी को ऑटो से बाहर निकाला गया। जिसके बाद निजी साधन सभी घायलों को जिला अस्पताल मंडला उपचार के लिए लाया गया। हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच कर रही है।
जानकारी अनुसार बकौरी के शासकीय स्कूल के शिक्षक स्कूल की छुटी के बाद एक ऑटो में सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे, इसी दौरान सागर के पास ग्राम बम्होरी में ऑटो अचानक अनियंत्रित हो गया। ऑटो में सिर्फ स्कूल के शिक्षक ही सवार थे, ऑटो पलटते ही घटना स्थल पर चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल ऑटो में दबे सभी लोगों को बाहर निकाला। जिसमें छह शिक्षक थे। हादसे में सभी शिक्षक को गंभीर चोटे आई थी।
बताया गया कि हादसे में चार शिक्षकों को गंभीर चोटे आई थी। जिसमें एक महिला शिक्षक को सिर में गंभीर चोट, वहीं दो महिला शिक्षक के अंगुलियोंं और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटे लगी थी, एक महिला को भी शरीर में चोटे लगी थी, एक पुरूष शिक्षक को हाथ, पैर में चोटे आई थी और एक महिला शिक्षक के सिर, कान और हाथ, पैर में चोटे आई थी। सभी घायलों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर लिया गया। जहां इनका उपचार किया जा रहा है। सभी घायलों की सभी प्रकार की जांचे की गई है।
हादसे में ये हुए घायल
बताया गया कि हादसे में छह लोग घायल हुए थे। जिसमें दीप शिखा तिवारी पति शिव शक्ति तिवारी 38 वर्ष निवासी देवदरा, बाल किशन परते पति रामप्रसाद परते 42 वर्ष ग्राम बरबसपुर, संध्या कछवाहा पति सतीष पटेल 40 वर्ष ग्राम देवदरा, अंजू पटैल पति दुर्गेश पटेल 45 वर्ष निवाासी सरदार पटेल वार्ड मंडला, शिव कुमारी यादव पति नवल सिंह यादव 38 वर्ष निवासी चटुआमार, अंजना धुर्वे पति राजेश धुर्वे 30 वर्ष निवासी मंडला घायल हुए है।
भाई की हत्या करने वाले कलयुगी भाई को आजीवन कारावास
मंडला न्यायालय ने सुनाया ऐतिहासिक फैसला
- जमीन विवाद में कुल्हाड़ी से की थी सगे भाई की हत्या
- कोर्ट ने आरोपी को भेजा जेल, लगाया जुर्माना
जमीन विवाद में भाई का कत्ल करने वाले आरोपी को मंडला कोर्ट ने दी उम्रकैद की सजा
मंडला महावीर न्यूज 29. माननीय चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश, जिला मंडला ने सगे भाई की हत्या के आरोपी को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने ग्राम भोंगाडार निवासी 45 वर्षीय आरोपी स्वरूप सिंह उइके को धारा 103 (1) बीएनएस के तहत उम्रकैद और 1000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
जमीन बंटवारे की रंजिश बनी हत्या की वजह
अभियोजन के अनुसार, घटना 15 जुलाई 2024 की रात करीब 8:30 बजे की है। आरोपी स्वरूप सिंह और उसके भाई भगत सिंह के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाली रात जब भगत सिंह पड़ोस में मटन लेने गए थे, तभी आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते कुल्हाड़ी से उनके सिर और गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। मृतक की पुत्री भारती उइके ने अपनी आंखों से चाचा को पिता पर हमला करते देखा और शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला। गंभीर चोटों के कारण भगत सिंह की मौत हो गई।
न्यायालय का फैसला
थाना बम्हनी पुलिस ने मामले की विवेचना के बाद न्यायालय के समक्ष अभियोग पत्र प्रस्तुत किया था। विचारण के दौरान अभियोजन पक्ष द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों और सशक्त तर्कों से सहमत होते हुए माननीय न्यायालय ने आरोपी को हत्या का दोषी पाया। इस प्रकरण में शासन की ओर से सफल पैरवी अपर लोक अभियोजक ब्रजेश चौरसिया द्वारा की गई।
मंडला पुलिस की मासिक अपराध समीक्षा बैठक संपन्न
लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और सुरक्षा व्यवस्था पर एसपी के कड़े निर्देश
- अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी अनिवार्य होगा हेलमेट
- माइक्रोबीट अधिकारियों को मिला लक्ष्य
- पेट्रोल पंपों पर लगेंगे CCTV कैमरे
अपराध नियंत्रण और सामुदायिक पुलिसिंग पर पुलिस अधीक्षक का जोर; थाना प्रभारियों को दिए विशेष दिशा-निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में आज पुलिस कंट्रोल रूम मण्डला में मासिक अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में लंबित अपराधों का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।
लंबित प्रकरणों और महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण हेतु निर्देशित किया। उन्होंने विशेष रूप से महिला एवं बाल अपराधों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतने और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने पर बल दिया। समीक्षा के साथ-साथ उपस्थित स्टाफ को विभिन्न तकनीकी विषयों पर आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
सुरक्षा और जागरूकता के लिए विशेष निर्देश
अपराध नियंत्रण की दिशा में पुलिस अधीक्षक ने कुछ महत्वपूर्ण कड़े निर्देश जारी किए हैं:
- CCTV निगरानी: सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र के पेट्रोल पंपों और राशन की दुकानों से समन्वय कर CCTV कैमरे लगवाने के निर्देश दिए गए।
- ग्रामीण क्षेत्रों में हेलमेट: माइक्रोबीट अधिकारियों को विशेष लक्ष्य दिया गया है कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में हेलमेट अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सतत जागरूकता अभियान और कार्यवाही करें।
- सामुदायिक पुलिसिंग: ग्रामीण अंचलों में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने, नियमित गश्त बढ़ाने और निगरानी बदमाशों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य परीक्षण और उपस्थिति
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा, एसडीओपी मण्डला व निवास, डीएसपी (महिला सुरक्षा) सहित सभी थाना-चौकी प्रभारी और रेडियो प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक की एक विशेष बात यह रही कि इसमें शामिल हुए सभी अधिकारी-कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।
शराब के खिलाफ खिरहनी और खड़देवरी की महिलाओं का हल्लाबोल
जनसुनवाई में जमकर की नारेबाजी
- गांव की शांति भंग कर रही अवैध शराब
- महिलाओं ने कलेक्टर को घेरा, कहा- बच्चे भी हो रहे नशे के आदी
अवैध शराब विक्रय से आक्रोशित महिलाओं ने जनसुनवाई में किया प्रदर्शन, कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के रामनगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खिरहनी और खड़देवरी की महिलाओं ने मंगलवार को जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में अवैध शराब बंदी की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में अवैध शराब के विक्रय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासनिक ढिलाई पर नाराजगी जताई।
युवाओं और बच्चों का भविष्य दांव पर
खिरहनी व पीपरपानी पंचायत के खड़देवरी गांव से बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने बताया कि गांव में अवैध शराब आसानी से उपलब्ध हो रही है। इस कारण न केवल युवा बल्कि छोटे बच्चे भी नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। शराब के कारण कम उम्र में ही लोग अपनी जान गंवा रहे हैं, जिससे हंसते-खेलते परिवार असहाय और बर्बाद हो रहे हैं।
कार्रवाई न होने पर जताया रोष
जनसुनवाई में आवेदन देते हुए महिलाओं ने आरोप लगाया कि अवैध शराब के संबंध में पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा शराब माफियाओं पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी उदासीनता के कारण गांव में अशांति का माहौल बना हुआ है।
कलेक्टर ने दिया आश्वासन
महिलाओं के कड़े तेवर और नारेबाजी को देखते हुए कलेक्टर ने तत्काल मामले को संज्ञान में लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्वयं गांव पहुंचकर वस्तुस्थिति की जांच करें और अवैध शराब विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। कलेक्टर के आश्वासन के बाद महिलाएं शांत हुईं।
बोर्ड परीक्षाओं के दौरान शोर पर रहेगी कड़ी नजर
मंडला पुलिस कंट्रोल रूम में डीजे संचालकों और गार्डन मालिकों की बैठक संपन्न
- परीक्षार्थियों की शांति भंग की तो होगी कार्रवाई
- प्रशासन ने डीजे संघ को दिए निर्धारित डेसीबल में ही संगीत बजाने के निर्देश
बोर्ड परीक्षाओं को लेकर प्रशासन सतर्क, डीजे और मैरिज गार्डन संचालकों के लिए जारी हुए सख्त दिशा-निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29. आगामी बोर्ड परीक्षाओं के दौरान परीक्षार्थियों को पढ़ाई के लिए शांत वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने कमर कस ली है। इसी तारतम्य में पुलिस कंट्रोल रूम मण्डला में मैरिज गार्डन, बारातघर संचालकों एवं डीजे ऑपरेटर संघ की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई।
ध्वनि प्रदूषण और समय सीमा का पालन अनिवार्य
बैठक में डीजे ऑपरेटर संघ के पदाधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए कि बोर्ड परीक्षा अवधि के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों (Sound System) का संचालन केवल शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर ही किया जाए। साथ ही, यह स्पष्ट किया गया कि ध्वनि का स्तर निर्धारित डेसीबल मानक से अधिक नहीं होना चाहिए, ताकि छात्रों की एकाग्रता भंग न हो।
मैरिज गार्डन संचालकों को पार्किंग और सुरक्षा के निर्देश
बारातघर एवं मैरिज गार्डन संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने परिसर में पर्याप्त और सुरक्षित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करें ताकि मुख्य सड़कों पर जाम की स्थिति निर्मित न हो। इसके अलावा, सुरक्षा के दृष्टिगत परिसरों में सीसीटीवी कैमरे और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता अनिवार्य की गई है। बारात के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और आम नागरिकों को असुविधा न हो, इसकी जिम्मेदारी भी संचालकों को सौंपी गई है।
इनकी रही उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण बैठक में एसडीएम मण्डला सोनल सिदाम, एसडीओपी मण्डला पीयूष मिश्रा, थाना प्रभारी कोतवाली शफीक खान सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, डीजे ऑपरेटर संघ के पदाधिकारी एवं मैरिज गार्डन संचालक उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
सड़कों पर मंडला पुलिस की सख्ती
बिना नंबर प्लेट के 9 ट्रैक्टरों पर गिरी गाज
- कोतवाली पुलिस ने जब्त किए अमानक हॉर्न
- यातायात नियमों की अनदेखी पड़ेगी भारी
- पुलिस ने वसूला हजारों का जुर्माना
- ट्रैक्टर चालकों को दी सख्त हिदायत
मंडला पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान; बिना नंबर के वाहनों और शोर मचाने वाले हॉर्न पर हुई कार्रवाई
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में जिले के थाना कोतवाली और महाराजपुर पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और नियमों की अवहेलना करने वालों पर अंकुश लगाना रहा।
महाराजपुर पुलिस की कार्रवाई
अभियान के दौरान थाना महाराजपुर पुलिस ने बिना नंबर प्लेट के संचालित हो रहे कुल 9 ट्रैक्टरों को पकड़ा। इन वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 51/177 के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने प्रति ट्रैक्टर 500 रुपये के हिसाब से कुल 4,500 रुपये का जुर्माना वसूला।
जिन ट्रैक्टरों पर कार्रवाई की गई, उनके पंजीयन क्रमांक निम्न हैं:
- MP51 ZB 7225, MP51 ZE 8708, MP51 AA 4296
- MP51 ZD 8786, MP51 ZD 8723, MP51 AA 7679
- MP51 AB 0192, MP51 ZA 7708, MP51 AA 8847
कार्रवाई के साथ ही पुलिस अधिकारियों ने चालकों को स्पष्ट नंबर प्लेट लगाने, वाहन के वैध दस्तावेज साथ रखने और ओवरलोडिंग न करने की सख्त समझाइश दी।
कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, अमानक हॉर्न पर शिकंजा
इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस ने रपटा घाट क्षेत्र में चेकिंग के दौरान ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर कार्रवाई की। वाहन में अमानक (अत्यधिक तेज आवाज वाले) हॉर्न लगाकर ध्वनि विस्तार करने वाले चालक के विरुद्ध चालान काटकर 3,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने मौके पर ही अमानक हॉर्न ज़ब्त कर लिए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के विरुद्ध यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।
मंडला कलेक्ट्रेट के विस्थापन का कड़ा विरोध
अधिवक्ता संघ ने सौंपा ज्ञापन, दी जन आंदोलन की चेतावनी
- शहर से दूर चटुआमार में कलेक्ट्रेट ले जाने पर भड़के अधिवक्ता
- आम जनता पर बढ़ेगा अतिरिक्त आर्थिक बोझ
- कलेक्ट्रेट भवन के स्थानांतरण प्रस्ताव से जनमानस में आक्रोश
- अधिवक्ता संघ ने वैकल्पिक स्थानों का दिया सुझाव
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय मंडला के नवीन कलेक्ट्रेट एवं जिला दंडाधिकारी कार्यालय भवन को शहर से दूर ग्राम पंचायत चटुआमार में प्रस्तावित किए जाने के निर्णय का व्यापक विरोध शुरू हो गया है। मंडला जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एड. रामेश्वर झारिया के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने क्षेत्रीय सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के नाम उनके प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपकर इस निर्णय को जनहित में निरस्त करने की मांग की है।
अधिवक्ता संघ ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि मंडला शहर में पर्याप्त शासकीय भूमि उपलब्ध होने के बावजूद कलेक्ट्रेट और उससे जुड़े महत्वपूर्ण विभागों न्यायालय, कोषालय, खनिज शाखा, खाद्य विभाग आदि को शहर से दूर हाईवे किनारे विस्थापित करने से आम नागरिकों को भारी असुविधा होगी। इससे पक्षकारों और अधिवक्ताओं पर अतिरिक्त यात्रा व्यय और समय का बोझ बढ़ेगा, जिससे सुलभ एवं सस्ता न्याय मिलना कठिन हो जाएगा, इसके साथ ही हाईवे पर आवाजाही से जान-माल का खतरा बढऩे की आशंका भी बढ़ जाएगी।
अधिवक्ता संघ द्वारा सुझाए गए वैकल्पिक स्थान
अधिवक्ता संघ ने शहर के भीतर ही नवीन भवन निर्माण के लिए 5 प्रमुख विकल्पों का सुझाव दिया है। अधिवक्ता संघ का कहना है कि नेहरू स्मारक स्थित पुराने पीडब्ल्यूडी की भूमि। ज्ञानदीप स्कूल के सामने स्थित शासकीय भूमि। वर्तमान जिला खनिज और महिला बाल विकास की पुरानी बिल्डिंग का स्थान। उच्च न्यायालय की उद्यानिकी विभाग की भूमि। महाराजपुर स्थित ठक्कर बापा परिसर के पास की भूमि।
जन आंदोलन की चेतावनी
अधिवक्ता संघ और व्यापारी संगठनों ने स्पष्ट किया है कि यदि जन भावनाओं को दरकिनार कर कलेक्ट्रेट को दूरस्थ स्थान चटुआमार पर ले जाने का निर्णय नहीं बदला गया, तो अधिवक्ता समुदाय और आम नागरिक मिलकर उग्र जन आंदोलन के लिए विवश होंगे।
दबंगों की धमकी और जमीन विवाद से परेशान युवती पहुंची एसपी और कलेक्टर के पास
- बीजाडांडी में पारिवारिक विवाद ने पकड़ा तूल
- चाचा पर मारपीट और प्रताडऩा का आरोप
- युवती ने एसपी और कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार
- बेघर होने की कगार पर मां-बेटी
मंडला महावीर न्यूज 29. बीजाडांडी थाना अंतर्गत एक युवती ने अपने ही चाचा और उनके परिवार पर मारपीट, अभद्रता और जमीन पर अवैध कब्जे का गंभीर आरोप लगाया है। पीडि़ता कुमारी सोनम बर्मन ने इस संबंध में जिला कलेक्टर और मंडला पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर सुरक्षा और न्याय की मांग की है।
पीडि़ता सोनम बर्मन ने बताया कि घटना 1 जनवरी 2026 की है, जब वह अपने घर का काम कर रही थी। उसी दौरान उसके चाचा प्रेम बर्मन ने काम रोकने की बात कहते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि चाचा ने युवती के साथ झूमाझटकी की, उसे जमीन पर गिरा दिया और भद्दी-भद्दी गालियां दीं। घटना के बाद आरोपियों ने थाने जाकर उल्टा पीडि़ता के विरुद्ध ही शिकायत दर्ज कराने की धमकी दी।
गंभीर प्रताडऩा के आरोप
कलेक्टर को सौंपे गए पत्र में सोनम ने अपने चाचा के पिछले आचरण पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि उसके चाचा द्वारा पूर्व में भी परिवार की महिलाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताडि़त किया गया है। पीडि़ता का कहना है कि चाचा और उनकी बहनें नरबादिया बर्मन, भगवती बर्मन उन्हें जीने नहीं दे रहे हैं और उनके घर के निर्माण में लगातार बाधा डाल रहे हैं।
बेरोजगारी और बेघर होने का डर
पीडि़ता ने भावुक होते हुए बताया कि वह और उसकी मां बेरोजगार हैं और दूसरों के घरों में काम करके गुजर-बसर कर रही हैं। विवाद के कारण उनका घर गिर रहा है और निर्माण सामग्री रेत, ईंट, डस्ट खराब हो रही है। 10 साल से चल रहे इस विवाद से थककर अब युवती ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उन्हें उनके ही घर से न निकाला जाए और आरोपियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्यवाही की जाए।
फाइटर स्पोर्ट्स क्लब की धमाकेदार जीत, रन राइडर को 75 रनों से रौंदा
- कप्तान दीपक साहू के आगे रन राइडर पस्त
- शानदार गेंदबाजी के दम पर फाइटर स्पोर्ट्स क्लब अगले दौर में
- 86 रनों पर सिमटी रन राइडर की टीम
मंडला महावीर न्यूज 29. फाइटर स्पोर्ट्स क्लब के तत्वाधान में आयोजित फाइटर कप सीजन 2 में आज एक बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया। फाइटर स्पोर्ट्स क्लब और रन राइडर के बीच हुए इस मैच में फाइटर स्पोर्ट्स क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 75 रनों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की और अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी फाइटर स्पोर्ट्स क्लब मण्डला ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 161 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सचिन ने 34, युवराज यादव ने 33 और नयन अग्रवाल ने 32 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं राहुल उईके ने नाबाद 21 और साहिल बरमैया ने 13 रन बनाए। रन राइडर की ओर से ललित चौधरी और गंगाराम ने 3-3 विकेट झटके।
गेंदबाजों ने ढाया कहर
162 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रन राइडर की टीम फाइटर स्पोर्ट्स क्लब की घातक गेंदबाजी के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। पूरी टीम मात्र 86 रनों पर ढेर हो गई। रन राइडर की ओर से धर्मेंद्र और जितेंद्र ने सर्वाधिक 18-18 रन बनाए। फाइटर स्पोर्ट्स क्लब के कप्तान दीपक साहू ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए, जिसके लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। नीलनिकेश ने 2, जबकि राहुल, नितिन और युवराज ने 1-1 विकेट लिया। मुकाबले में मोहित बरमैया और ऋषि रघुवंशी ने अंपायर (निर्णायक) की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता का अगला मुकाबले का पहला मैच सनराइज स्पोर्ट्स बनाम मंडला टाइटंस के साथ सुबह 9.30 बजे और दूसरा मैच महिष्मति स्पोर्ट्स बनाम वायएससी अमरपुर दोपहर 1 बजे से होगा।
बिछिया में हाईवे पर डीजल चोरों का आतंक
सफेद स्कॉर्पियो से आए गिरोह ने ट्रकों से उड़ाया सैकड़ों लीटर ईंधन
- सीसीटीवी में कैद हुई चोरी की वारदात
- गणेश पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रकों को बनाया निशाना
- पुलिस जांच में जुटी
- नेशनल हाईवे-30 पर डीजल चोरी की वारदात से चालकों में रोष
- फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के भुआबिछिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाला एक शातिर गिरोह सक्रिय है। हाल ही में गणेश पेट्रोल पंप के सामने खड़े ट्रकों से सैकड़ों लीटर डीजल चोरी होने का मामला सामने आया है, जिससे ट्रक मालिकों और चालकों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
सफेद स्कॉर्पियो में आए थे चोर
चोरी की यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में स्पष्ट देखा जा सकता है कि एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर कुछ लोग आते हैं और सड़क किनारे खड़े ट्रकों के टैंक से बड़ी सफाई से डीजल निकाल लेते हैं। ट्रक चालकों का कहना है कि क्षेत्र में ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पुलिस कर रही आरोपियों की तालाश
घटना की सूचना मिलने के बाद बिछिया पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही डीजल चोर गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
छोटी उम्र, बड़ा संकल्प-9 साल की भूमिका की नर्मदा भक्ति
न पैरों में चप्पल, न मन में थकान, नन्हीं परिक्रमावासी भूमिका ने जीता सबका दिल
- आस्था का अनूठा रूप, 9 साल की नन्हीं भूमिका नंगे पैर कर रही नर्मदा परिक्रमा
- दादा-दादी की बनी लाठी, रोजाना तय कर रही 20 किमी का सफर
- बाल-हठ के आगे झुके बुजुर्ग, कक्षा 4 की छात्रा का हौसला देख दंग रह गए परिक्रमावासी
मंडला महावीर न्यूज 29. मां नर्मदा की कठिन परिक्रमा के मार्ग में भक्ति के कई रंग देखने को मिलते हैं, लेकिन निवास विकासखंड के परिक्रमा मार्ग ग्राम गुंदलई पर जब एक 9 साल की नन्हीं बच्ची हाथ में कमंडल लिए नंगे पैर नर्मदे हर का घोष करते हुए गुजरी, तो हर कोई नतमस्तक हो गया। यह कहानी है खरगोन जिले के पीपलझर तहसील बड़वाह की रहने वाली भूमिका मुकाती की। जिस उम्र में बच्चे खेल-कूद और खिलौनों में रमे रहते हैं, उस उम्र में भूमिका अध्यात्म के पथ पर अपने नन्हे कदमों से इतिहास लिख रही है। बताया गया कि यह सिर्फ एक शारीरिक यात्रा नहीं है, बल्कि आस्था का वह अटूट विश्वास है जहाँ तर्क पीछे छूट जाते हैं। भूमिका ने साबित कर दिया है कि जब मन में मां नर्मदा के प्रति अटूट प्रेम हो, तो उम्र और रास्ते की मुश्किलें मायने नहीं रखतीं।
जानकारी अनुसार भूमिका मुकाती जिनके पिता महेश मुकाती हैं, जो कक्षा चौथी की छात्रा है। जिस उम्र में बच्चे खिलौनों और खेल-कूद की दुनिया में मगन रहते हैं, उस उम्र में भूमिका ने एक संन्यासी की भांति जीवन को अपनाया है। वह अपने दादा कड़वाजी मुकाती 65 वर्ष और दादी सक्को बाई 62 वर्ष के साथ माँ नर्मदा की परिक्रमा कर रही है। बताया गया कि कड़वाजी की यह तीसरी और दादी की दूसरी नर्मदा परिक्रमा है, लेकिन भूमिका के लिए यह पहला और जीवन बदलने वाला अनुभव है।
जिद से शुरू हुआ भक्ति का सफर
भूमिका के परिवार में छह बहनें और एक छोटा भाई है। दादा, दादी के साथ समय बिताने के कारण भूमिका का झुकाव बचपन से ही पूजा-पाठ और आरती-भजन की ओर रहा है। जब दादा-दादी ने 4 दिसंबर को ओंकारेश्वर से नर्मदा परिक्रमा उठाने की तैयारी की, तो भूमिका ने भी साथ जाने की जिद पकड़ ली। दादा-दादी ने रास्ते की कठिनाइयों और शारीरिक थकान का हवाला देते हुए उसे बहुत समझाया, लेकिन भूमिका की बाल हठ के आगे उन्हें झुकना पड़ा।
दादा-दादी का सहारा बनी नन्हीं नातिन
नर्मदा परिक्रमा के दौरान यह नन्हीं बिटिया अपने बुजुर्ग दादा-दादी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है। उसके दादा कड़वाजी भावुक होकर बताते हैं कि वे प्रतिदिन लगभग 20 किलोमीटर पैदल चलते हैं। उम्र के इस पड़ाव पर दादा-दादी तो बीच-बीच में थककर रुक जाते हैं, लेकिन भूमिका के चेहरे पर थकान का नामोनिशान नहीं होता। दादा कहते हैं कि हम तो बूढ़े हैं, सांस फूल जाती है, पर हमारी नातिन नहीं थकती। वह हमसे आगे दौड़ती हुई निकल जाती है और हमारा उत्साह बढ़ाती है। इस यात्रा में वह हमारी लाठी बन गई है।
अमरकंटक की ओर बढ़ते कदम
कड़कड़ाती ठंड में सुबह का बर्फीला स्नान और फिर पथरीले रास्तों पर नंगे पैर चलना, भूमिका की दिनचर्या बन गई है। हाथ में छोटा सा कमंडल और माथे पर तिलक लगाए यह नन्हीं परिक्रमावासी फिलहाल अमरकंटक की ओर बढ़ रही है। उसे देखने वाले ग्रामीण और अन्य परिक्रमा वासी उसकी अटूट श्रद्धा को देखकर दंग हैं।
मंडला पुलिस की नोएडा में बड़ी स्ट्राइक
- इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर 10.95 लाख ठगने वाले 2 साइबर अपराधी गिरफ्तार
- मैक्स लाइफ इंश्योरेंस मैच्योरिटी का झांसा देकर महिला से की थी ठगी
- तकनीकी विश्लेषण से पुलिस ने आरोपियों को यूपी में दबोचा
- ऑनलाइन ठगी के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश
- मंडला पुलिस ने नोएडा से पकड़े दो शातिर ठग
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में मंडला पुलिस को साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की एक विशेष टीम ने उत्तर प्रदेश के नोएडा गौतमबुद्ध नगर में दबिश देकर इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता प्रमिला तेकाम 51 वर्ष निवासी महाराजपुर ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने वर्ष 2015 में मैक्स लाइफ इंश्योरेंस की एक पॉलिसी ली थी। दिसंबर 2025 में अज्ञात नंबरों से फोन कर आरोपियों ने स्वयं को कंपनी का मैनेजर बताया और बंद पड़ी पॉलिसी को री-ओपन करने व मैच्योरिटी राशि दिलाने का लालच दिया। आरोपियों ने झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में कुल 10 लाख 95 हजार 840 रूपए विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए।
तकनीकी विश्लेषण से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना महाराजपुर में धारा 318(4) और 319(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। साइबर सेल की मदद से बैंक खातों और सीसीटीवी फुटेज का तकनीकी विश्लेषण किया गया, जिससे आरोपियों की लोकेशन नोएडा में मिली। एसडीओपी पियूष मिश्रा के मार्गदर्शन में महाराजपुर पुलिस की टीम ने नोएडा साइबर थाने के सहयोग से दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों को गिरफ्तार करने में इनकी रही भूमिका
पुलिस ने गौरव पिता महेश सिंह प्रजापति और सचिन पिता श्रीचंद वाल्मीकि को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर मंडला लाया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी महाराजपुर निरीक्षक डॉ. जयसिंह यादव, उनि जितेन्द्र यादव, प्रधान आरक्षक चंद्रशेखर, केशव मरावी और आरक्षक शिवा, अमित एवं सुरेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
न्याय की गुहार, मारपीट के बाद रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बना रहे आरोपी
- पीडि़त परिवार ने पुलिस से मांगी सुरक्षा
- आपसी विवाद में कुल्हाड़ी से हमला
- पीडि़त परिवार को हरिजन एक्ट में फंसाने की मिल रही धमकी
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के थाना महाराजपुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम भपसाटोला रामपुर में पुरानी रंजिश और मामूली विवाद को लेकर एक परिवार पर कुल्हाड़ी और लाठियों से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला तो दर्ज कर लिया है, लेकिन अब पीडि़त परिवार को रिपोर्ट वापस लेने के लिए डराया-धमकाया जा रहा है।
शिकायतकर्ता देवीदयाल बरमैया ने बताया कि घटना 21 जनवरी की रात करीब 8 बजे की है। जब उनके भाई गणेश बरमैया के घर घाट में काम करने के लिए कुदाली लेकर जा रहे थे, इसी दौरान ग्राम भपसाटोला का दुलीचंद मिला और पूछा कहां जा रहे हो, देवीदयाल ने कहां कि वह गणेश घर कुदाली लेने आया था, लेकर जा रहा हूं, इसी दौरान भपसाटोला का राखी झारिया और उसकी पत्नी शंकरी बाई और लड़का लकी झारिया आया और शंकरी बाई उससे कहने लगी कि मुझे घूर कर क्यों देख रहे हो और उसके बाद उन्हें रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू की। इसी बीच आरोपी दुर्गेश सिंगरौर और कल्लू झारिया लकड़ी और कुल्हाड़ी लेकर आ गए।
कुल्हाड़ी से किया हमला
शिकायतकर्ता देवीदयाल बरमैया ने बताया कि आरोपियों ने बर्बरता की हदें पार करते हुए गणेश के सिर पर कुल्हाड़ी की मुधिया (पिछला हिस्सा) से हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए देवीदयाल, अखिलेश, करन और अभिषेक को भी लाठियों और कुल्हाड़ी से पीटा गया। पीडि़तों के सिर, पीठ और जबड़े में गंभीर चोटें आई हैं।
रिपोर्ट वापस लेने का बनाया जा रहा दबाव
इस मामले में थाना महाराजपुर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया। वहीं पीडि़त परिवार का आरोप है कि मामला दर्ज होने के बाद अब अनावेदकगण राखी झारिया, शंकरी, लकी, कल्लू और दुर्गेश उन पर रिपोर्ट वापस लेने और राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं। पीडि़तों ने अब मंडला पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर बताया कि आरोपी उन्हें रास्ते में रोककर जान से मारने और हरिजन आदिवासी एक्ट के झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। भयभीत परिवार ने पुलिस प्रशासन से जान-माल की रक्षा और आरोपियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्यवाही की मांग की है।
नैनपुर टीआई के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद ने खोला मोर्चा
- पक्षपात और प्रताडऩा का आरोप लगाकर हटाने की मांग
- टीआई बलदेव सिंह की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
- उच्च स्तरीय जांच की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व हिंदू परिषद ने नैनपुर थाना प्रभारी की कार्यशैली पर गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक मंडला को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में संगठन ने नैनपुर थाने में पदस्थ टीआई बलदेव सिंह मुजालदा पर हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं के प्रति द्वेषपूर्ण और अमर्यादित कार्यवाही करने का आरोप लगाया है।
विश्व हिंदू परिषद का कहना है कि नैनपुर थाना प्रभारी की कार्यशैली निष्पक्ष नहीं है। आरोप लगाया गया है कि हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं को जानबूझकर प्रताडि़त किया जा रहा है और उनके साथ दुर्व्यवहार कर उनकी सामाजिक छवि को नुकसान पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि थाने में न्यायपूर्ण सुनवाई के स्थान पर दबाव और अपमान का वातावरण बना हुआ है, जिससे स्थानीय क्षेत्र में तनाव और असंतोष बढ़ रहा है।
तत्काल हटाने की मांग
विहिप ने इस स्थिति को पुलिस प्रशासन की गरिमा और कानून व्यवस्था के लिए घातक बताया है। पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया गया है कि इस गंभीर विषय पर तत्काल संज्ञान लेते हुए उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। इसके साथ ही जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए टीआई बलदेव सिंह मुजालदा को तत्काल प्रभाव से नैनपुर थाने से हटाने की मांग की गई है जिससे क्षेत्र में शांति और न्यायपूर्ण वातावरण स्थापित हो सके।
अंजनियां में बड़ा हादसा, एक ही परिवार के 10 लोग बीमार
- मासूम ने अनजाने में पीने के पानी में मिलाया कीटनाशक
- बगली गांव में कीटनाशक युक्त पानी पीने से मची अफरा-तफरी
- मासूम समेत पूरा परिवार अस्पताल में भर्ती
मंडला महावीर न्यूज 29. अंजनियां के समीपस्थ ग्राम बगली में सोमवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 4 वर्षीय मासूम की अनजानी गलती के कारण एक ही परिवार के 10 सदस्य जहरीले पानी का शिकार हो गए। सभी बीमारों को आनन-फानन में जिला अस्पताल मंडला में भर्ती कराया गया है।
जानकारी अनुसार ग्राम बगली निवासी किसान छोटेलाल नंदा ने फसल में छिड़काव के लिए घर में कीटनाशक दवा लाकर रखी थी। शाम के समय घर का 4 वर्षीय मासूम बेटा रणवीर खेलते-खेलते कीटनाशक की बोतल तक पहुँच गया। नादानी में उसने वह कीटनाशक घर में रखी पीने के पानी की टंकी में पलट दिया।
भोजन के बाद बिगडऩे लगी स्थिति
शाम को जब परिवार के सदस्य कछार खेती का काम निपटाकर घर लौटे, तो उन्होंने अनजाने में उसी टंकी के पानी का उपयोग पीने और भोजन बनाने में किया। भोजन करने के कुछ ही देर बाद एक-एक कर परिवार के सभी सदस्यों को पेट में तेज जलन, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। एक साथ इतने लोगों की तबीयत बिगड़ते देख गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जिला अस्पताल में उपचार जारी
परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी पीडि़तों को निजी वाहन के जरिए तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। बीमार होने वालों में 1 वर्ष की मासूम वेदिका से लेकर 62 वर्षीय बुजुर्ग शोभाराम नंदा शामिल हैं। घायलों में लक्ष्मण 13 वर्ष, रणवीर 4 वर्ष, गौरा 30 वर्ष, शोभना 13 वर्ष, रातरानी 30 वर्ष, वेदिका 1 वर्ष, कृष्णा 9 वर्ष, छोटेलाल 34 वर्ष और शोभाराम 62 वर्ष सहित अन्य सदस्य शामिल हैं। चिकित्सकों ने बताया कि फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर है और उन पर निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन की अपील
इस घटना ने एक बार फिर घर में रखे जहरीले पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में अपील की है कि वे कीटनाशकों और अन्य जहरीली दवाओं को हमेशा बच्चों की पहुँच से दूर और सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
विद्यार्थियों ने जाना क्या है सीपीआर और डिफिबरिलेटर
- सांदीपनी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने किया नर्सिंग कॉलेज का शैक्षणिक भ्रमण
- नर्सिंग क्षेत्र में करियर की संभावनाएं, विशेषज्ञों से लिए करियर टिप्स
मंडला महावीर न्यूज 29. नवीन व्यवसायिक शिक्षा के अंतर्गत सांदीपनी विद्यालय नारायणगंज के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने सरदार पटेल स्कूल ऑफ नर्सिंग, खैरी (मंडला) का दौरा किया, जहाँ उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र की बारीकियों और अत्याधुनिक उपकरणों के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त की।
नर्सिंग कॉलेज के प्रोफेसर शिवम कछवाहा, असिस्टेंट प्रोफेसर नीरज पटेल और नर्सिंग प्रोफेसर विवेक ठाकुर ने विद्यार्थियों को सीपीआर की तकनीक, डिफिबरिलेटर का उपयोग और नर्सिंग की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को डम्मी के माध्यम से समझाया कि आपातकालीन स्थिति में किसी की जान कैसे बचाई जा सकती है। इसके साथ ही फार्मास्युटिकल्स और नर्सिंग क्षेत्र में भविष्य के अवसरों को लेकर करियर काउंसलिंग भी की गई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ विशेषज्ञों से प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
मार्गदर्शन और नेतृत्व
यह भ्रमण सांदीपनी विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अर्चना नेमा की अध्यक्षता और व्यवसायिक शिक्षा नोडल संगीता गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। पूरे भ्रमण के दौरान व्यवसायिक प्रशिक्षक श्रीमती रुचि प्रदा संत और अवधेश सिंगरोरे ने विद्यार्थियों का नेतृत्व किया और उन्हें प्रयोगात्मक शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था, जिससे वे भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बेहतर करियर चुन सकें।
जल जीवन मिशन के बाद भी प्यासा है ग्राम चकदेही
- दो हजार की आबादी वाले गांव में केवल 150 घरों तक पहुँच रहा पानी
- नर्मदा जल की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार
मंडला महावीर न्यूज 29. शासन की नल-जल योजना और जल जीवन मिशन जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के बावजूद मंडला जिले के ग्राम चकदेही में पेयजल की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। गांव की एक बड़ी आबादी आज भी बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही है, जिसे लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने जनसुनवाई के माध्यम से जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत चकदेही की कुल जनसंख्या लगभग दो हजार से अधिक है। आश्चर्य की बात यह है कि जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन और व्यवस्थाओं का लाभ मात्र 150 घरों के लोगों को ही मिल पा रहा है। शेष बड़ी आबादी को पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे दैनिक कार्यों के लिए ग्रामीणों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
नर्मदा नदी से आपूर्ति की मांग
क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और जल स्तर को देखते हुए ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि गांव में नर्मदा नदी से सीधे पानी सप्लाई करने की कार्ययोजना बनाई जाए। ग्रामीणों का तर्क है कि नर्मदा जल की आपूर्ति ही इस विकराल समस्या का स्थायी समाधान हो सकती है। इस संबंध में ग्राम सभा से प्रस्ताव भी पारित किया जा चुका है, जिसमें पूरी ग्राम पंचायत की सहमति शामिल है।
प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की उम्मीद
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही पानी की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने को मजबूर होंगे। फिलहाल ग्रामीणों द्वारा जिला प्रशासन को सौंपे गए इस ज्ञापन के बाद अब ग्रामीणों की नजरें जिला प्रशासन की त्वरित कार्यवाही पर टिकी हैं।
अंधविश्वास का खूनी अंत: जादू-टोने के शक में महिला की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार
- बिछिया पुलिस की बड़ी कामयाबी
- 24 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुँचा वृद्ध महिला का हत्यारा
सहजपुरी हत्याकांड का खुलासा, बिछिया पुलिस ने आरोपी दीपक यादव को दबोचा
मंडला महावीर न्यूज 29. थाना बिछिया के अंतर्गत ग्राम सहजपुरी में हुई एक महिला की नृशंस हत्या के मामले में मंडला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने न केवल वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किया, बल्कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी 1 फरवरी 2026 को सुबह करीब 07 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम सहजपुरी में एक युवक ने घर में घुसकर महिला पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और घायल महिला श्रीमती फूलकली करलिया (45 वर्ष) को शासकीय अस्पताल बिछिया ले गई, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अंधविश्वास बना हत्या की वजह
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी दीपक यादव (18 वर्ष) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने बताया कि उसे मृतका पर ‘जादू-टोना’ करने का शक था। इसी संदेह और अंधविश्वास के चलते उसने आवेश में आकर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर महिला की हत्या कर दी।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने त्वरित कार्यवाही कर आरोपी को गिरफ्तार किया। इस सफल कार्यवाही में निरीक्षक रंजीत सिंह सैयाम, उप निरीक्षक प्रवीण मालवीय, सउनि सुरेश विजयवार, प्र.आर. अजीत परते, आरक्षक अमृत, नानसाय मरावी, भीकम और गजरूप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मंडला पुलिस का बड़ा एक्शन
ओडिशा से राजस्थान तक फैली गांजा सप्लाई चेन ध्वस्त
- 20 लाख का माल किया था जप्त
- सप्लायर और खरीददार समेत 5 गिरफ्तार
- उड़ीसा के अंर्तराज्यीय तस्कर को पुलिस ने दबोचा
- ट्रक से हो रही थी तस्करी
मादक पदार्थ तस्करों पर मंडला पुलिस का प्रहार, अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बम्हनी पुलिस और अंजनिया चौकी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गांजा तस्करी की एक संगठित सप्लाई चेन को तोड़ते हुए सप्लायर, खरीददार और परिवहन में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
20 लाख का गांजा बरामद
कार्यवाही की शुरुआत 25 जनवरी 2026 को हुई, जब पुलिस ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर मटरू ढाबा के पास एक ट्रक से 40 किलो 38 ग्राम अवैध गांजा जप्त किया। बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में ट्रक चालक राजेन्द्र के विरुद्ध एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
ओडिशा से राजस्थान तक दबिश
आरोपी चालक से पूछताछ के बाद पुलिस की विशेष टीमों ने राजस्थान के बारा, झालावाड़ और कोटा में छापेमारी कर ट्रक कंडक्टर और खरीददारों सहित 4 लोगों को हिरासत में लिया। जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस की टीम ओडिशा के बरगढ़ पहुँची, जहाँ से मुख्य गांजा सप्लायर को गिरफ्तार किया गया। यह सप्लायर पूर्व में भी तस्करी के कई मामलों में शामिल रहा है।
नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के मार्गदर्शन में आरोपियों से सघन पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह के जरिए क्षेत्र में सक्रिय गांजा सप्लाई नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुँचा जा सकेगा।
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्यवाही में निरीक्षक के.सी. चौव्हान, उनि प्रवीण शर्मा, उनि अरुण भदौरिया, उनि पुनीत वाजपेई, सउनि राजेश सराठे सहित आरक्षक रोहित, कीर्ति, सुनील, सुरेश और सूर्यचंद बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दो बाइक की भिड़ंत में दो युवक घायल, एक रैफर
- डायल 112 ने तत्परता दिखाते हुए पहुँचाया अस्पताल
- कटंगी चौराई के पास भीषण हादसा
- अज्ञात बाइक सवार टक्कर मारकर फरार
मंडला महावीर न्यूज 29. थाना टिकरिया और बीजाडांडी के सीमावर्ती क्षेत्र ग्राम कटंगी के पास दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में दो युवक घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात बाइक सवार मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही टिकरिया पुलिस की डायल 112 ने घटना स्थल पहुंची।
जानकारी अनुसार सुरेश पटेल 35 वर्ष और गुलाब पटेल 28 वर्ष दोनों निवासी कुडारी उमरिया अपनी मोटरसाइकिल एमपी 51 एमएच 0499 पर सवार होकर ससुराल से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कालपी रोड पर कटंगी चौराई के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस भिड़ंत में एक युवक को अत्यंत गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दूसरे को भी शरीर के कई हिस्सों में चोट लगी है।
मौके पर पहुंची डायल 112
सूचना मिलने पर डायल 112 के स्टाफ से आरक्षक रामरतन मसकरे, सुरेंद्र ठाकुर और पायलट पवन साहू तत्काल घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस कर्मियों ने बिना समय गंवाए दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए ड्यूटी डॉक्टर ने एक घायल को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
पुलिस जांच में जुटी
बीजाडांडी पुलिस ने इस मामले में अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर फरार आरोपी की तलाश कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
अस्पताल परिसर के व्यापारियों में आक्रोश
नई नीति के विरोध में उतरे 89 दुकानदार, आजीविका पर संकट का आरोप
- कोर्ट के स्टे के बावजूद नोटिस का खेल
- रोगी कल्याण समिति और व्यापारियों के बीच बढ़ा टकराव
- भाजपा जिलाध्यक्ष ने दिया समर्थन
जिला अस्पताल की दुकानों पर ‘नई नीति’ का साया, भारी किराया वृद्धि के विरोध में लामबंद हुए व्यापारी
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला अस्पताल परिसर में पिछले दो दशकों से व्यवसाय कर रहे दुकानदारों और जिला रोगी कल्याण समिति के बीच विवाद गहराता जा रहा है। वर्ष 2002 से संचालित 89 दुकानों पर वर्ष 2025 की नई नीति लागू किए जाने और किराए में भारी बढ़ोतरी के विरोध में व्यापारियों ने मोर्चा खोल दिया है। व्यापारियों का आरोप है कि समिति उच्च न्यायालय के स्थगन आदेश (Stay Order) की अवहेलना कर रही है।
किराया वृद्धि ने बढ़ाई चिंता
व्यापारियों के अनुसार, वर्ष 2002 में नीलामी के माध्यम से ये दुकानें आवंटित की गई थीं। शुरुआत में न्यूनतम किराया 540 रुपये था, जो समय-समय पर बढ़कर वर्तमान में 1649 रुपये तक पहुँच चुका है। अब नई नीति के तहत छोटे दुकानदारों से 4 हजार और बड़े व्यवसायियों से 7 हजार रुपये मासिक किराया मांगा जा रहा है। व्यापारी दीपक तिवारी और राम क्षत्री ने बताया कि अनुबंध में 5 से 10 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान था, लेकिन अब मनमाने ढंग से किराया थोपा जा रहा है, जिससे छोटे दुकानदारों के सामने दुकान खाली करने की नौबत आ गई है।
न्यायालय की शरण में व्यापारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए कई व्यापारियों ने जबलपुर उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। व्यापारियों का दावा है कि उनके पास कोर्ट का स्थगन आदेश है, इसके बावजूद समिति द्वारा नवीनीकरण और नीलामी के नोटिस जारी कर दबाव बनाया जा रहा है। प्रमोद पाठक सहित अन्य दुकानदारों का कहना है कि जब तक न्यायालयीन प्रक्रिया जारी है, तब तक नया अनुबंध थोपना वैधानिक रूप से गलत है।
सियासी समर्थन और आंदोलन की चेतावनी
व्यापारियों के इस संघर्ष को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने व्यापारियों के पक्ष में खड़े होते हुए प्रशासन से पुराने अनुबंध के तहत संरक्षण देने की मांग की है। वहीं, व्यापारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया और न्यायालय के आदेशों का सम्मान नहीं हुआ, तो वे उग्र लोकतांत्रिक आंदोलन और कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए मजबूर होंगे।
108 एम्बुलेंस की लेत-लतीफी पर जिला पंचायत सदस्य ने जताई नाराजगी
- बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दिए निर्देश
- रात्रि कालीन सेवाओं में सुधार और स्टाफ को मरीजों से सौहार्द्रपूर्ण व्यवहार की हिदायत
- बीजाडांडी स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाओं की समीक्षा
मंडला महावीर न्यूज 29. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पुष्पा मरकाम और जनपद उपाध्यक्ष विजेन्द्र यादव उपस्थित रहे। बैठक का आयोजन बीएमओ डॉ. अभयकीर्ती गजभिये और सीबीएमओ डॉ. अजयतोष मरावी के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें अस्पताल के समस्त अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान शासन द्वारा संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति जाँची गई। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पुष्पा मरकाम ने 108 एम्बुलेंस के समय पर उपलब्ध न होने पर कड़ा रुख अपनाते हुए नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को केवल अति आवश्यकता होने पर ही उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाए। इसके साथ ही, अस्पताल की रात्रि कालीन सेवाओं में और अधिक सुधार करने के निर्देश दिए गए जिससे ग्रामीणों को समय पर उपचार मिल सके।
स्टाफ का व्यवहार और बुनियादी सुविधाओं पर की चर्चा
बैठक में स्टाफ को मरीजों के साथ सौहार्द्रपूर्ण और मानवीय व्यवहार करने की नसीहत दी गई। बुनियादी सुविधाओं को लेकर चर्चा करते हुए संस्था में कार्यरत चिकित्सकों के लिए शासकीय आवास निर्माण की कार्यवाही शुरू करने और अस्पताल में एक नियमित एम्बुलेंस स्थायी रूप से रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ये रहे उपस्थिति
आयोजित समीक्षा बैठक में बीपीएम तपन गजभिये, बीईई श्रीमती सुहागा झारिया, बीसीएम राहुल चंद्रोल, सुपरवाइजर कमलेश मरावी, राकेश विश्वकर्मा, बलराम कोल, लैब टेक्नीशियन अनिल झारिया, फार्मासिस्ट नितिन साहू और लेखापाल प्रदीप साहू, कीर्ति भलावी, संजीता मरीवा लेब टेक्नीशियन, सांईस हाउस सहित स्वास्थ्य केंद्र का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा ।
खेती के साथ मशरूम का साथ
बिछिया के किसानों ने कम लागत में खड़ी की मुनाफे की नई फसल
- 10 बाय 10 के कमरे से बदली किस्मत
- मात्र 2 हजार के निवेश से किसान मनोज ने कमाए 8 हजार रुपये
बिछिया में मशरूम उत्पादन बना किसानों की अतिरिक्त आय का सशक्त जरिया
मंडला महावीर न्यूज 29. कहते हैं कि यदि सोच आधुनिक हो और मेहनत का साथ मिले, तो पारंपरिक खेती भी समृद्धि के नए द्वार खोल सकती है। मंडला जिले के बिछिया क्षेत्र के किसानों ने पारंपरिक खेती के साथ मशरूम उत्पादन को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने की एक नई मिसाल पेश की है। प्रशासन के सहयोग और किसानों के जज्बे ने आज मशरूम उत्पादन को यहाँ एक आर्थिक सशक्तिकरण के मॉडल के रूप में स्थापित कर दिया है।
प्रशिक्षण से मिली नई दिशा
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्रीमती सोनाली देव और वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी मुकेश कुलस्ते के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम ने इस बदलाव की नींव रखी। आजीविका परियोजना के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 70 किसानों को मशरूम उत्पादन की बारीकियां सिखाई गईं। वर्तमान में नरेनी माल, कन्हारी कला और गदिया चंगरिया के लगभग 50 किसान सफलतापूर्वक इस व्यवसाय से जुड़े हैं। इस मुहिम में मनोज धूमकेती और श्रीमती बैसखिया बाई ‘मास्टर ट्रेनर’ की भूमिका निभाते हुए अन्य ग्रामीणों को भी आत्मनिर्भर बना रहे हैं।
कम लागत, अधिक मुनाफा
ग्राम नरेनी माल के किसान मनोज धूमकेती इस सफलता के प्रमुख चेहरा बनकर उभरे हैं। उन्होंने मात्र 10×10 के एक छोटे से कमरे में मशरूम उत्पादन शुरू किया। मनोज ने बताया कि 50 मशरूम बेड तैयार करने में उनका खर्च महज 2 हजार रुपये आया, जबकि उत्पादन के पहले चक्र में ही उन्हें 8 हजार रुपये की आय प्राप्त हुई। उनका मानना है कि कम समय, कम जगह और न्यूनतम निवेश में यह किसानों के लिए आय का बेहतरीन अतिरिक्त साधन है।
प्रशासन ने थपथपाई पीठ
हाल ही में मनोज धूमकेती ने कलेक्ट्रेट पहुँचकर अपने द्वारा उत्पादित मशरूम बेड अधिकारियों को भेंट किए। कलेक्टर ने उनके इस नवाचार की मुक्तकंठ से सराहना की और जिले के अन्य किसानों को भी इस मॉडल को अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रशासन का मानना है कि ऐसे लघु उद्योगों से न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
आज बिछिया के किसानों का यह छोटा सा प्रयोग एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है, जो ‘खेती के साथ मशरूम’ के मंत्र को साकार कर रहा है।
मंडला पुलिस की ‘माइक्रो बीट चौपाल’: गांव-गांव में गूंजा सुरक्षा का संदेश
520 बच्चों ने जाना पुलिस जनमित्र केंद्र का कार्य
- सड़क सुरक्षा से लेकर साइबर क्राइम तक जागरूकता
- पुलिस ने 650 बाइकर्स की हेलमेट चेकिंग की
- छात्रों को दी करियर और सुरक्षा की सीख
ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस ने लगाई चौपाल, लाइब्रेरी और जिम देख उत्साहित हुए स्कूली बच्चे
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत और पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के मार्गदर्शन में 02 फरवरी 2026 को पूरे जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। ‘माइक्रो बीट पुलिस चौपाल’ के माध्यम से पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीण अंचलों में पहुंचकर नागरिकों को सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति सजग किया।
ग्रामीण क्षेत्रों में संवाद और समझाइश
अभियान के दौरान थाना कोतवाली (फूलसागर), महाराजपुर (पोड़ी), मोहगांव (बिलगांव), मवई (जामगांव) सहित निवास, टिकरिया, घुघरी और बम्हनी थाना क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में चौपाल आयोजित की गईं। इन चौपालों में ग्रामीणों को यातायात नियमों, नशा मुक्ति और साइबर अपराधों से बचाव के गुर सिखाए गए। विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए ‘गुड टच-बैड टच’ और विधिक सहायता की जानकारी दी गई।
छात्रों के लिए खास पहल (पुलिस जनमित्र केंद्र)
अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा शिक्षा और प्रशिक्षण रहा। थाना मोतीनाला के अंतर्गत शासकीय शाला मोतीनाला और भीमडोंगरी के कुल 520 छात्र-छात्राओं को पुलिस जनमित्र केंद्र का भ्रमण करवाया गया। थाना प्रभारी ने बच्चों को वहां उपलब्ध लाइब्रेरी, कार सिम्युलेटर, अत्याधुनिक जिम और कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र के बारे में विस्तार से बताया। छात्रों को इन सुविधाओं का लाभ उठाने और भविष्य संवारने के लिए मेंबरशिप लेने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
यातायात सुरक्षा पर सख्ती
जागरूकता के साथ-साथ पुलिस ने धरातल पर नियमों का पालन सुनिश्चित कराया। जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत 650 से अधिक बाइक चालकों की हेलमेट चेकिंग की गई। टिकरिया पुलिस ने चौकी रतनपुरा के एकलव्य विद्यालय में शिक्षकों और छात्रों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई।
इस पहल का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करना और अपराध मुक्त समाज की दिशा में कदम बढ़ाना है।
मंडला पुलिस की ‘जन-चौपाल’: गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों को सिखाए सुरक्षा के मंत्र
- साइबर फ्रॉड और नशे से बचने की दी सलाह
- सुरक्षा सर्वोपरि: पुलिस ने 500 से अधिक बाइक चालकों की हेलमेट चेकिंग की
- चौपालों के जरिए महिला और बाल सुरक्षा पर दिया जोर
पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिले भर में सजीं माइक्रो बीट पुलिस चौपालें
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के पालन में और पुलिस अधीक्षक मंडला श्री रजत सकलेचा के कुशल मार्गदर्शन में आज, 1 फरवरी 2026 को पूरे जिले में सुरक्षा और जागरूकता का बड़ा अभियान चलाया गया। मंडला पुलिस ने विभिन्न थानों और चौकियों के अंतर्गत ‘माइक्रो बीट पुलिस चौपाल’ लगाकर आमजन को जिम्मेदार नागरिक बनने और स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
व्यापक जनभागीदारी और जागरूकता
इस अभियान के तहत थाना कोतवाली द्वारा रानी अवंती बाई वार्ड (बस स्टैंड) में बड़ी चौपाल लगाई गई, जिसमें लगभग 80 ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। इसके साथ ही थाना टिकरिया (माड़ोगढ़), थाना मवई (अंजनिया रैयत), थाना बीजाडांडी (बारगांव), थाना मोतीनाला (नरहरगंज) सहित टाटरी, अंजनिया और सलवाह चौकियों के विभिन्न गांवों में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।
इन प्रमुख विषयों पर दी गई जानकारी
- यातायात सुरक्षा: हेलमेट पहनने की अनिवार्यता और यातायात नियमों के पालन पर जोर दिया गया।
- साइबर सुरक्षा: वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके साझा किए गए।
- सामाजिक बुराइयां: ग्रामीणों को नशा मुक्ति का संकल्प दिलाया गया और नशे से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत किया गया।
- महिला एवं बाल सुरक्षा: महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम और उनके अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
सड़क पर भी दिखी सख्ती
जागरूकता के साथ-साथ पुलिस ने नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए सड़क पर भी मुस्तैदी दिखाई। अभियान के दौरान जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में 500 से अधिक बाइक चालकों की हेलमेट चेकिंग की गई। पुलिस का उद्देश्य चालानी कार्यवाही से ज्यादा लोगों को हेलमेट के महत्व को समझाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
नैनपुर प्रशासन का कड़ा रुख: अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए होटलों को 15 दिन का अल्टीमेटम
- नियमों की अनदेखी पड़ी महंगी
- नैनपुर में संयुक्त कार्रवाई के तहत संदिग्ध होटल सील
- संचालकों को सख्त हिदायत
अनैतिक गतिविधियों पर प्रहार, नैनपुर प्रशासन ने जारी किए कड़े विधिक दिशा-निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर क्षेत्र के होटलों और लॉजों में अनैतिक गतिविधियों, जुआ और आत्महत्या जैसी गंभीर घटनाओं की बढ़ती शिकायतों को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से की गई इस कार्रवाई में कई संदिग्ध होटलों को सील कर दिया गया है, जिससे नियम विरुद्ध कार्य करने वाले संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
होटल संचालकों की बैठक और विधिक चेतावनी
एस.डी.एम. नैनपुर श्री आशुतोष ठाकुर एवं एस.डी.ओ.पी. श्री मनीष राज के नेतृत्व में थाना परिसर में क्षेत्र के समस्त होटल एवं लॉज संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई। अधिकारियों ने दोटूक शब्दों में कहा कि नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में सराय अधिनियम 1867, होटल एकॉमोडेशन एक्ट 1961 और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के प्रावधानों के तहत विधिक जानकारी दी गई।
प्रशासन द्वारा निर्धारित अनिवार्य मानक
संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे आगामी 15 दिनों के भीतर निम्नलिखित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें:
- अनिवार्य पंजीकरण: होटल का विधिवत रजिस्ट्रेशन होना अनिवार्य है।
- आगंतुक रिकॉर्ड: प्रत्येक अतिथि की जानकारी आगंतुक पंजी में दर्ज करना और उनके आधिकारिक पहचान पत्रों का उचित संधारण करना।
- सुरक्षा मानक: परिसर में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे और फायर एनओसी (अग्निशमन अनापत्ति प्रमाणपत्र) की उपलब्धता।
- स्वच्छता व श्रम कानून: स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मानकों के साथ-साथ कर्मचारियों के लिए निर्धारित श्रम कानूनों का कड़ाई से पालन।
15 दिन बाद होगी कठोर कार्रवाई
प्रशासन ने सभी आवश्यक सुधारों के लिए 15 दिनों की समय सीमा (अल्टीमेटम) तय की है। निर्धारित समय के भीतर निर्देशों का पालन न करने वाले होटल और लॉज संचालकों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी और उनके संस्थानों को स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा।
अंधविश्वास का खूनी खेल
बिछिया में जादू-टोने के शक में बुजुर्ग महिला की कुल्हाड़ी मारकर हत्या
- सहजपुरी में सनसनी
- बेटे के दोस्त ने ही सिर और चेहरे पर किए कुल्हाड़ी से वार
- आरोपी फरार
जादू-टोने के संदेह में 55 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या, आरोपी की तलाश जारी
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सहजपुरी में रविवार सुबह अंधविश्वास के चलते एक सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है। यहाँ एक 19 वर्षीय युवक ने जादू-टोने के शक में अपने ही दोस्त की माँ पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतिका फूलकली बैगा (55 वर्ष) रविवार सुबह करीब 7 बजे अपने घर पर थी। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला आरोपी युवक दिलीप यादव (19), जो मृतिका के बेटे का दोस्त बताया जा रहा है, वहाँ पहुँचा। आरोपी ने जादू-टोने के संदेह में वृद्धा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। उसने महिला के सिर और चेहरे पर कुल्हाड़ी से कई प्रहार किए, जिससे गंभीर चोटों के कारण फूलकली बैगा की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके से फरार हुआ आरोपी
बिछिया थाना प्रभारी रंजीत सिंह श्याम ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी ने अंधविश्वास और जादू-टोने के शक में इस वारदात को अंजाम दिया है। हत्या के बाद आरोपी युवक गांव से फरार हो गया है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी दिलीप यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद से ग्राम सहजपुरी में मातम और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना की अन्य कड़ियों का खुलासा हो पाएगा।
मंडला में करियर की नई उड़ान: ब्रेन चाइल्ड एकेडमी ने सजाया भव्य शैक्षणिक मेला
नामी विश्वविद्यालयों ने दी दस्तक
- भविष्य की राह हुई आसान
- 10वीं से 12वीं के छात्रों ने जाने उच्च शिक्षा के आधुनिक कोर्सेज और करियर विकल्प
शैक्षणिक मेले के जरिए छात्रों को मिला करियर मार्गदर्शन, प्रतिष्ठित संस्थानों ने दी जानकारी
मंडला महावीर न्यूज 29. विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा के बाद सही करियर चुनने में मदद करने के उद्देश्य से मंडला में पहली बार ब्रेन चाइल्ड एकेडमी द्वारा एक भव्य शैक्षणिक मेले का आयोजन किया गया। इस अनूठी पहल का मुख्य लक्ष्य कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध नवीनतम कोर्सेज और भविष्य की संभावनाओं से रूबरू कराना था।
देश के प्रतिष्ठित संस्थानों की सहभागिता
इस मेले में भारत के कई नामी विश्वविद्यालयों और संस्थानों ने हिस्सा लिया। छात्रों को मार्गदर्शन देने के लिए मंगलयातन विश्वविद्यालय, IILM विश्वविद्यालय दिल्ली, पारुल विश्वविद्यालय वडोदरा, जागरण लेकसिटी विश्वविद्यालय भोपाल, ज्ञान गंगा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी जबलपुर, सेंट एलॉयसियस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और महिंद्रा विश्वविद्यालय हैदराबाद जैसी संस्थाएं मौजूद रहीं। संस्थानों के प्रतिनिधियों ने व्यक्तिगत सत्रों (Personal Sessions) के माध्यम से छात्रों को विभिन्न अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट कार्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया और प्लेसमेंट के अवसरों की सटीक जानकारी दी।
लक्ष्य प्राप्ति के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम के दौरान ब्रेन चाइल्ड एकेडमी के निदेशक निशांत शुक्ला और प्रिंसिपल डॉक्टर दिव्या शुक्ला ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सही समय पर सही जानकारी ही सफल करियर की नींव होती है। उन्होंने छात्रों को अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार करियर विकल्प चुनने के लिए प्रोत्साहित किया।
सफल आयोजन में टीम का योगदान
इस वृहद आयोजन को सफल बनाने में सीनियर कोऑर्डिनेटर सोनिया जैन और राजुल सिंहानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही, विद्यालय के शिक्षकों और सहयोगी स्टाफ ने भी अपना विशेष योगदान दिया। मेले में आए छात्रों और अभिभावकों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से छोटे शहरों के बच्चों को महानगरों के शीर्ष संस्थानों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलता है।
भटिया टोला में अनियंत्रित होकर पलटा ऑटो, सड़क दुर्घटना में 9 लोग घायल
- घायल प्रेमवती गोयल की हालत नाजुक
- अस्पताल प्रबंधन ने मुस्तैदी से संभाला मोर्चा
- बम्हनी-बंजर मार्ग पर गंभीर हादसा
मंडला महावीर न्यूज 29. थाना क्षेत्र बम्हनी बंजर के अंतर्गत मुगदरा-बम्हनी मार्ग पर स्थित भटिया टोला में दोपहर लगभग 3 बजे एक दर्दनाक ऑटो हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर ऑटो पलटने से उसमें सवार लगभग 9 यात्री चोटिल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल मंडला लाया गया। अस्पताल में घायलों का तत्काल उपचार शुरू किया गया। घायलों में एक महिला की हालत नाजुक बताई गई है।
जानकारी अनुसार मुगदरा बम्हनी मार्ग में हुए सड़क हादसे में करीब नौ लोग घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल मंडला लाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल का आपातकालीन विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया। इमरजेंसी ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉ. वासुदेव मार्को के नेतृत्व में चिकित्सा व्यवस्था संभाली गई। घायलों के उपचार में आरएमओ एवं ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. हेमेन्द्र चौहान, डॉ. रितेश अग्रवाल और डॉ. राहुल झारिया ने आपसी समन्वय के साथ महत्वपूर्ण योगदान दिया। नर्सिंग ऑफिसर शालिनी हरदाहा और राकेश सिंह राजपूत ने स्थिति को नियंत्रित करने में सराहनीय भूमिका निभाई।
बताया गया कि हादसे में घायल हुए लोगों में प्रेमवती गोयल (40 वर्ष), माधुरी यादव, विनोद यादव, सुंदर पांडेय, अनीता झारिया, तनेश्वरी बाई ठाकुर, धनवती यादव, सविता और अजिते शामिल हैं। बताया गया कि घायल प्रेमवती गोयल के सिर में गंभीर चोट आने के कारण उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। इसके साथ ही हादसे में अन्य यात्रियों को सिर, कंधे और शरीर के विभिन्न अंगों में चोटें आई हैं। ड्यूटी डॉक्टर ने बताया कि दो मरीजों की गंभीर बनी हुई है।
कैबिनेट मंत्री ने किया ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन
- एसोसिएशन ने जारी किया 12 पृष्ठीय रंगीन कैलेंडर
- समाज और शिक्षक कल्याण की गतिविधियों से सुसज्जित है कैलेंडर
मंडला महावीर न्यूज 29. ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन द्वारा अपनी परंपरा को जारी रखते हुए इस वर्ष भी 12 पृष्ठीय भव्य रंगीन वार्षिक कैलेंडर का प्रकाशन किया गया है। इस कैलेंडर का विमोचन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके के द्वारा मंडला में समारोह के बीच संपन्न हुआ। बताया गया कि एसोसिएशन पिछले 6 वर्षों से इस कैलेंडर का प्रकाशन कर रहा है।
12 पृष्ठों वाले इस रंगीन कैलेंडर में एसोसिएशन द्वारा शिक्षकों, विद्यार्थियों के हित में किए गए कार्यों और समाज कल्याण से जुड़ी गतिविधियों का सचित्र उल्लेख किया गया है। यह कैलेंडर केवल तिथियों का विवरण ही नहीं, बल्कि एसोसिएशन के संघर्षों और उपलब्धियों का दस्तावेज भी है। पूर्व में पुरानी पेंशन की मांग के दौरान इस कैलेंडर ने विशेष भूमिका निभाई थी, जिसे विधानसभा की कार्यवाही के दौरान भी रेखांकित किया जा चुका है।
विमोचन कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगर अध्यक्ष राणू राजपूत, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष ललित लोधी, प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा शशि पटेल, प्रदेश महामंत्री सचिन शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पार्षद मौजूद रहे।
इस अवसर पर ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डीके सिंगौर, जिला अध्यक्ष दिलीप मरावी, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सरिता सिंह, अजय मरावी, लोक सिंह पदम, सुनील नामदेव, नरेश सैयाम, अंग्रेज सिंह उइके, संजीव दुबे, अनिल सिंगौर, अशोक अर्सिया, बिंदु मरावी और सारिका पटेल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। एसोसिएशन ने बताया कि इस कैलेंडर का वितरण जिले के सभी विद्यालयों और कार्यालयों में किया जाएगा।
जनभावनाओं के विपरीत और निराशाजनक बजट- विधायक नारायण सिंह पट्टा
- बजट ने मध्यम वर्ग को ठगा और गरीबों की थाली रखी खाली
- बजट पर तीखा प्रहार, आवाज ज्यादा और सामान कुछ नहीं, यह तो खाली डिब्बे जैसा बजट
मंडला महावीर न्यूज 29. पेश हुए बजट को लेकर बिछिया विधानसभा के विधायक नारायण सिंह पट्टा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इस बजट को खाली डिब्बा करार देते हुए कहा है कि इसमें शोर तो बहुत है, लेकिन आम जनता के लिए ठोस कुछ भी नहीं। बजट के प्रति नकारात्मक रुझान का असर शेयर बाजार पर भी दिखा, जो घोषणाओं के बाद धड़ाम से गिर गया। बजट का विश्लेषण करते हुए कहा गया कि यह युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए एक बड़े झटके जैसा है। मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना जिन्हें लेकर पिछले सत्रों में बड़े दावे किए गए थे, उनके बजट का इस बार कोई स्पष्ट जिक्र नहीं मिला। इसे गाँव और गरीब के लिए जीरो बजट बताया जा रहा है, जिसमें युवाओं के रोजगार को लेकर कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया है।
बजट मध्यम वर्ग और टैक्स का बोझ
बजट की आलोचना करते हुए इसे टैक्स शोषण की संज्ञा दी गई है। बढ़ती महंगाई के बावजूद आम जनता को टैक्स में कोई विशेष राहत नहीं दी गई, जिससे मध्यम वर्ग खुद को ठगा महसूस कर रहा है। आरोप लगाया गया है कि एक तरफ अमीरों के कारोबार और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई तरह की छूट दी गई हैं, वहीं दूसरी तरफ बेरोजगारी से जूझ रहे लोगों की उम्मीदों की थाली खाली रह गई है।
सामाजिक सुरक्षा पर सवाल
बजट को जनभावनाओं के विपरीत बताते हुए कहा गया कि शोषित और वंचित वर्ग के लिए सामाजिक सुरक्षा केवल कागजी औपचारिकताओं तक सीमित रह गई है। छोटे दुकानदार, मजदूर और श्रमिक इस बजट में अपने लिए राहत की बूंदें दूरबीन लेकर ढूंढ रहे हैं। कुल मिलाकर, इस बजट ने जनता को राहत देने के बजाय उनमें आक्रोश भरने का काम किया है, जिसे पूर्णत: निराशाजनक और निंदनीय बताया जा रहा है।
बायो-फार्मा शक्ति पहल पर उठे सवाल
क्या आदिवासियों और ग्रामीणों तक पहुँचेगा इसका लाभ
- केंद्रीय स्वास्थ्य बजट और बायो-फार्मा शक्ति, एक जमीनी विश्लेषण
मंडला महावीर न्यूज 29. केंद्रीय स्वास्थ्य बजट 2026-27 में घोषित बायो-फार्मा शक्ति पहल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अगले पांच वर्षों में 10 हजार करोड़ रुपये के निवेश के साथ भारत को वैश्विक बायोफार्मा विनिर्माण केंद्र बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस महत्वाकांक्षी योजना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बरगी बांध विस्थापित एवं प्रभावित संघ के राज कुमार सिन्हा ने बजट के उन पहलुओं पर ध्यान केंद्रित किया है जो ग्रामीण और जनजातीय भारत को सीधे प्रभावित करते हैं।
राज कुमार सिन्हा का कहना है कि बायो-फार्मा शक्ति पहल को उच्च-तकनीक, निर्यात और फार्मा उद्योग के नजरिए से देखा जा रहा है। लेकिन मूल प्रश्न यह है कि क्या यह पहल केवल शहरी-कॉरपोरेट स्वास्थ्य तंत्र को मजबूत करेगी या इसका लाभ आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों तक भी पहुंचेगा? उन्होंने आशंका व्यक्त की कि यदि कोल्ड-चेन, स्टोरेज और प्रशिक्षित स्टाफ जैसी बुनियादी सुविधाएं ग्रामीण क्षेत्रों में विकसित नहीं की गईं, तो इन आधुनिक दवाओं का लाभ केवल शहरों तक ही सिमट कर रह जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य चुनौतियां
टिप्पणी में इस बात पर जोर दिया गया कि भारत के आदिवासी इलाकों में आज भी टीबी, सिकल सेल, मलेरिया और कुपोषण जैसी बीमारियां व्यापक हैं। इसके साथ ही अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी कैंसर और डायबिटीज जैसे रोग बढ़ रहे हैं। इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य समस्या केवल बीमारी नहीं, बल्कि उपलब्धता, लागत और दूरी की भी है। वर्तमान में फार्मा आर एंड डी का मुख्य फोकस शहरी-मध्यवर्गीय बीमारियों पर है, जिससे ग्रामीण बीमारियों की अनदेखी होती है।
समन्वय की आवश्यकता
राज कुमार सिन्हा ने कहां है कि यदि बायो-फार्मा शक्ति का समन्वय ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ नहीं हुआ, तो यह पहल सांस्कृतिक और व्यावहारिक रूप से असंगत साबित हो सकती है। जनजातीय क्षेत्रों में महंगी दवाओं का सरकारी योजनाओं में शामिल होना और उनकी जमीनी स्तर पर उपलब्धता सुनिश्चित करना ही इस बजट की वास्तविक सफलता होगी।
विद्यार्थियों ने जाना क्या है सीपीआर और डिफिबरिलेटर
- सांदीपनी विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने किया नर्सिंग कॉलेज का शैक्षणिक भ्रमण
- नर्सिंग क्षेत्र में करियर की संभावनाएं, विशेषज्ञों से लिए करियर टिप्स
मंडला महावीर न्यूज 29. नवीन व्यवसायिक शिक्षा के अंतर्गत सांदीपनी विद्यालय नारायणगंज के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने सरदार पटेल स्कूल ऑफ नर्सिंग, खैरी (मंडला) का दौरा किया, जहाँ उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र की बारीकियों और अत्याधुनिक उपकरणों के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त की।
नर्सिंग कॉलेज के प्रोफेसर शिवम कछवाहा, असिस्टेंट प्रोफेसर नीरज पटेल और नर्सिंग प्रोफेसर विवेक ठाकुर ने विद्यार्थियों को सीपीआर की तकनीक, डिफिबरिलेटर का उपयोग और नर्सिंग की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को डम्मी के माध्यम से समझाया कि आपातकालीन स्थिति में किसी की जान कैसे बचाई जा सकती है। इसके साथ ही फार्मास्युटिकल्स और नर्सिंग क्षेत्र में भविष्य के अवसरों को लेकर करियर काउंसलिंग भी की गई। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ विशेषज्ञों से प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
मार्गदर्शन और नेतृत्व
यह भ्रमण सांदीपनी विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अर्चना नेमा की अध्यक्षता और व्यवसायिक शिक्षा नोडल संगीता गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। पूरे भ्रमण के दौरान व्यवसायिक प्रशिक्षक श्रीमती रुचि प्रदा संत और अवधेश सिंगरोरे ने विद्यार्थियों का नेतृत्व किया और उन्हें प्रयोगात्मक शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था, जिससे वे भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बेहतर करियर चुन सकें।
फुटबॉल के मैदान में मंडला का दबदबा
खेलो एमपी यूथ गेम्स में जबलपुर संभाग की जीत में चमकीं मंडला की 11 बेटियां
- कलेक्टर और एसपी ने खिलाडिय़ों को सराहा
- बालिका फुटबॉल में जबलपुर संभाग बना चैंपियन
- मंडला के 15 खिलाडिय़ों ने बढ़ाया गौरव
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश के प्रतिष्ठित खेलो एमपी यूथ गेम्स में मंडला जिले के खिलाडिय़ों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। बालिका वर्ग के फुटबॉल फाइनल में जबलपुर संभाग की टीम ने भोपाल संभाग को 7-0 के भारी अंतर से शिकस्त देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस विजेता टीम की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसमें मंडला जिले की 11 प्रतिभावान बेटियों ने मैदान पर अपना कौशल दिखाया।
चैंपियन बनी जबलपुर संभाग की टीम में मंडला से रेशू मरावी, नंदनी मरावी, पूजा वाटे, अनुरागनी चक्रवर्ती, मनीषा धुर्वे, ललिता मरावी, सोमनी धुर्वे, अम्बिका धुर्वे, शांति धुर्वे, तेजस्विनी मरावी एवं ब्रजकुमारी मरावी शामिल रहीं। इन खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट तालमेल और आक्रामक खेल की बदौलत टीम ने एकतरफा जीत दर्ज की। वहीं बालक वर्ग में भी जबलपुर संभाग की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर पदक जीता। इस टीम में मंडला के 4 जांबाज खिलाड़ी यावेश संत, अजीत कोर्चे, असीम धुर्वे एवं शिवम धुर्वे शामिल थे।
अधिकारियों ने दी बधाई
खिलाडिय़ों की इस बड़ी उपलब्धि पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाडिय़ों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों की लगन और कठिन परिश्रम ने मंडला को खेल जगत में नई पहचान दी है।
मृदा फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना
जिला खेल अधिकारी विकास खऱाडकर ने खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए मृदा फाउंडेशन के कार्यों की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा जमीनी स्तर पर खिलाडिय़ों को दिया जा रहा प्रशिक्षण और फुटबॉल का प्रचार-प्रसार ही इस सफलता का आधार है। उन्होंने विश्वास जताया कि मंडला के ये खिलाड़ी जल्द ही राष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा लहराएंगे।
पोषक ग्राम तरवानी में विकास कार्यों पर ताला
- 5 साल से खड़े मोबाइल टावर पर नेटवर्क नहीं, अंधेरे में भविष्य
- ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई विकास की गुहार
- जर्जर सड़क, अधूरा आंगनवाड़ी भवन और सिंचाई के अभाव में दम तोड़ रहा गांव
- आजादी के दशकों बाद भी सुविधाओं को तरस रहा पोषक ग्राम तरवानी
मंडला महावीर न्यूज 29. आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला में आज भी ऐसे सैकेड़ों गांव, कस्बा, टोला है, जो विकास से कोसो दूर है। जहां ग्रामीण बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तरस रहे है। संबंधित विभाग और अधिकारी आंखे बंद करके सब देख रहा है। अंतिम छोर के व्यक्तियों को शासकीय योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस डिजिटल इंडिया के दौर में मंडला जिले की ग्राम पंचायत डोभी का ग्राम तरवानी आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रहा है। गांव की बदहाली और प्रशासन की अनदेखी से तंग आकर समस्त ग्रामवासियों ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर पांच मुख्य समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत को बार-बार अवगत कराने के बावजूद उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
जानकारी अनुसार विकासखंड नारायणगंज की ग्राम पंचायत डोभी के पोषक ग्राम तरवानी के ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुँचकर कलेक्टर को ग्राम में व्याप्त समस्या से अवगत कराते हुए कहां कि बार-बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद ग्राम पंचायत के जिम्मेदार द्वारा उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है, जिससे पूरा गाँव उपेक्षित महसूस कर रहा है। जल्द से जल्द गांव की समस्या का समाधान किया जाए, जिससे यहां के ग्रामीणों को इस परेशानी से निजात मिल सके।
डिजिटल दौर में भी नेटवर्क से वंचित ग्रामीण
ग्रामीणों ने बताया कि गाँव में जियो और बीएसएनएल के मोबाइल टावर पिछले 5-8 वर्षों से स्थापित हैं, लेकिन आज तक चालू नहीं किए गए। इसके कारण ग्रामीण न तो अपना केवाईसी करा पा रहे हैं और न ही बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई कर पा रहे हैं। डिजिटल इंडिया के इस दौर में भी यहाँ के निवासी सूचना क्रांति से कटे हुए हैं।
अधूरा भवन से शिक्षा पर संकट
गांव में वर्ष 2022 से स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन आज भी अर्धनिर्मित अवस्था में पड़ा है, जिससे छोटे बच्चे इस महत्वपूर्ण सरकारी सुविधा से वंचित हैं। इसके साथ ही मिडिल स्कूल जाने के लिए बच्चों को गांव से लगभग 3-4 किलोमीटर दूर डोभी जाना पड़ता है। रास्ता कच्चा, ऊबड़-खाबड़ और जंगली क्षेत्र से होकर गुजरता है, जहाँ हमेशा हिंसक पशुओं का डर बना रहता है। बारिश के दिनों में यह मार्ग पूरी तरह बंद हो जाता है, जिससे बच्चों की शिक्षा बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
खेती और बिजली भी बदहाल
गांव की पूरी अर्थव्यवस्था कृषि पर आधारित है, लेकिन सिंचाई का कोई पुख्ता साधन नहीं है। ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग की भूमि पर एक बड़ा डैम बनाया जाए जिससे पेयजल और सिंचाई की समस्या हल हो सके। इसके साथ ही ग्रामीणों ने बिजली की समस्या को लेकर बताया कि गांव में बिजली की अधिक खपत के कारण दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया तो गया है, लेकिन उसे अभी तक चालू नहीं किया गया, जिससे गांव में अंधेरा छाया रहता है और सिंचाई व्यवस्था ठप्प पड़ी है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र ही समस्या का निराकरण किया जाए। समस्या का समाधान न होने पर ग्रामीणों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने अपनी व्यथा बताते हुए शासन-प्रशासन से शीघ्र निराकरण की मांग की है।

इनका कहना है
हमारे गांव में वर्षों से मोबाइल टावर खड़े हैं, लेकिन वे सिर्फ शो-पीस बनकर रह गए हैं। आज के डिजिटल युग में भी हमारे बच्चे पढ़ाई के लिए नेटवर्क को तरस रहे हैं और ग्रामीणों का कोई भी ऑनलाइन काम नहीं हो पाता।
शिक्षा की हालत यह है कि बच्चों को कच्ची और पथरीली सड़क से स्कूल जाना पड़ता है। रास्ते में जंगल पड़ता है जहाँ हमेशा जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है। बारिश में तो बच्चों का स्कूल जाना लगभग बंद ही हो जाता है।
गांव में बिजली की खपत ज्यादा है, इसलिए दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया गया था। लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी उसे चालू नहीं किया गया। इससे न तो घर में रोशनी रहती है और न ही हम खेतों में सिंचाई कर पा रहे हैं।
खेती ही हमारे जीवन का आधार है, लेकिन सिंचाई का कोई साधन नहीं है। हमने कलेक्टर साहब से मांग की है कि गाँव की पूर्व दिशा में जो वन विभाग की भूमि है, वहाँ डैम बनाया जाए ताकि हमें साल भर पानी मिल सके।
लापरवाही- ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिर रही ईंटें दे रही हादसे को न्योता, सुरक्षा मानकों की अनदेखी
- झटकों से गिर रही ईंटें, हादसे का डर
- ईंट गिरने से जोखिम में राहगीरों की जान
- अनियंत्रित होकर गिर सकते हैं बाइक सवार
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय को पुरवा मार्ग से जोडऩे वाले झूला पुल पर इन दिनों ट्रैक्टर-ट्रॉली संचालकों की लापरवाही राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। हाल ही में एक मामला सामने आया है जहाँ पुरवा मार्ग की तरफ से ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली झूला पुल से होते हुए रिहायशी क्षेत्र की ओर आ रही थी।
बताया गया गया कि झूला पुल पर ब्रेकर से लगने वाले झटकों के कारण ट्रैक्टर में रखी ईंटें सड़क पर गिर रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली में ईंटों को सुरक्षित रखने के लिए कोई जाली या तिरपाल जैसे सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। स्थिति इतनी खतरनाक थी कि यदि कोई पैदल राहगीर या दोपहिया वाहन चालक पास से गुजरता तो गिरती ईंटें उसे गंभीर रूप से घायल कर सकती थीं।
दोपहिया वाहनों के लिए खतरा
सड़क पर बिखरी ईंटें अन्य वाहन चालकों के लिए भी मौत का जाल बनी हुई हैं। यदि कोई बाइक सवार अचानक इन ईंटों से टकरा जाए, तो वह अनियंत्रित होकर गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा होने की पूरी संभावना बनी रहती है।
प्रशासन और संचालकों से अपील
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि ट्रैक्टर संचालकों को निर्माण सामग्री का परिवहन करते समय सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करना चाहिए। पुलिस और यातायात विभाग को भी ऐसे असुरक्षित वाहनों पर सख्त कार्यवाही करनी चाहिए जिससे किसी अनहोनी को टाला जा सके।
सिंधी प्रीमियर लीग
रोमांचक फाइनल में वननेस टीम ने मारी बाजी
- सुभाष वार्ड स्ट्राइकर्स को 9 रन से हराकर बनी चैंपियन
- महाराजपुर में एसपीएल का समापन
- चिराग रहदवानी बने मैन ऑफ द सीरीज
- विजेता टीम को मिला 21 हजार का पुरस्कार
मंडला महावीर न्यूज 29. श्री झूलेलाल क्रिकेट काउंसिल द्वारा पौड़ी महाराजपुर खेल परिसर में आयोजित सिंधी प्रीमियर लीग का समापन बेहद रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। सिंधी समाज के युवाओं द्वारा आयोजित इस रात्रि कालीन क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में वननेस टीम ने विजय पताका फहराते हुए चैंपियनशिप अपने नाम कर ली।
फाइनल के रोमांचक मुकाबले में फाइनल मैच वननेस टीम और सुभाष वार्ड स्ट्राइकर्स के बीच खेला गया। सुभाष वार्ड स्ट्राइकर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 10 ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 63 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम 10 ओवरों में 6 विकेट खोकर केवल 54 रन ही बना सकी। परिणामस्वरूप वननेस टीम ने यह मुकाबला 9 रन से जीत लिया। फाइनल मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आलोक फागवानी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पुरस्कारों की बौछार
विजेता वननेस टीम को चमचमाती ट्रॉफी के साथ 21 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। वहीं उपविजेता सुभाष वार्ड स्ट्राइकर्स को उपविजेता कप और 11 हजार रुपये से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही मैन ऑफ द सीरीज चिराग रहदवानी, बेस्ट बैट्समैन दक्ष जेठमलानी, बेस्ट बॉलर मोन्टी गिदवानी, बेस्ट फील्डर तुषार सामतानी रहे।
सामाजिक एकता की मिसाल
मैच की शुरुआत भगवान झूलेलाल की आरती और राष्ट्रगान के साथ हुई। इस टूर्नामेंट में कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें नन्हे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छोटे खिलाडिय़ों के उत्साहवर्धन के लिए मां नर्मदा सिंधु सेवा समिति द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह दिए गए। कार्यक्रम में पूज्य सिंधी पंचायत अध्यक्ष पारस असरानी एवं आयोजक मनोज फागवानी ने युवाओं को खेल भावना की सीख दी। इस अवसर पर सिंधु नवयुवक मंडल के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं, पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सदस्यों और सहयोगियों को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
उचित मूल्य दुकान से चोरो ने 32 क्विंटल से अधिक खाद्यान्न उड़ाया
- अमदरा में राशन दुकान के ताले टूटे
- फरवरी माह का गेहूं, चावल और शक्कर चोरी
मंडला महावीर न्यूज 29. थाना टिकरिया अंतर्गत ग्राम अमदरा में बीती रात चोरों ने एक शासकीय उचित मूल्य की दुकान को अपना निशाना बनाया। चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर भारी मात्रा में खाद्यान्न पार कर दिया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी शनिवार सुबह तब लगी जब सरपंच के माध्यम से चोरी की सूचना प्राप्त हुई।
उचित मूल्य दुकान विक्रेता मनोज सोनी ने राशन की चोरी की रिपोर्ट टिकरिया पुलिस थाने में की है। आवेदन में बताया गया कि ग्राम अमदरा एवं कुई वन समिति की सम्मिलित उचित मूल्य दुकान में 30 और 31 जनवरी की दरमियानी रात्रि को अज्ञात चोरों ने सेंधमारी की। दुकान में हाल ही में फरवरी माह के लिए आवंटित खाद्यान्न का स्टॉक आया था। जिस पर अज्ञात चोरों ने हाथ साफ कर दिया है।
मौके पर बना पंचनामा, 112 को दी सूचना
उचित मूल्य दुकान में हुई चोरी के बाद बनाए गए पंचनाम में बताया गया कि चोरी हुए खाद्यान्न में गेहूं लगभग 16 क्विंटल, चावल करीब 15 क्विंटल और शक्कर 1.18 क्विंटल को चोर ले गए है। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने 112 डायल पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर सरपंच अमर लाल, कोटवार विनोद और अन्य पंचों व ग्रामीणों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि चोरी गया अनाज गरीबों के हक का था, जिसे अज्ञात चोरों ने चुरा लिया है।
पुलिस की जांच शुरू
दुकान विक्रेता मनोज सोनी ने थाना प्रभारी टिकरिया को लिखित शिकायत सौंपकर उचित कार्यवाही की मांग की है। पुलिस ने आवेदन लेकर इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
देवहार में विधायक निधि से रंगमंच का भूमि पूजन
- विधायक चेन सिंह ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
- देवगांव को मिला ट्रांसमीटर
- स्कूलों की मरम्मत और तालाब निर्माण का मिला आश्वासन
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम पंचायत देवहार में विकास कार्यों की नई आधारशिला रखी गई। विधायक चेन सिंह वरकड़े के मुख्य आतिथ्य में विधायक निधि से स्वीकृत नवनिर्मित रंगमंच का भूमि पूजन विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम के दौरान न केवल विकास कार्य का शुभारंभ हुआ, बल्कि क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
भूमि पूजन के बाद आयोजित जनसभा में देवहार पंचायत के चारों ग्रामों की सामूहिक समस्याओं को विधायक के समक्ष प्रमुखता से रखा गया। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में अपनी मांगें प्रस्तुत कीं। जिसमें मांग की गई कि अहिरवाड़ा में सिंचाई और जल संचय हेतु नए तालाब का निर्माण किया जाए, देवहार में पेयजल संकट का स्थाई समाधान और हाई स्कूल के अधूरे भवन को पूर्ण कराया जाए, सुरंगवानी में युवाओं के लिए खेल मैदान की व्यवस्था की जाए, देवगांव में बिजली आपूर्ति के लिए ट्रांसमीटर की आवश्यकता। चारों ग्रामों के जर्जर प्राइमरी स्कूल भवनों की मरम्मत और मिडिल स्कूल भवन की मांग की है।
युवाओं और रोजगार के मुद्दों पर चर्चा
कार्यक्रम में सामाजिक सरोकारों और युवाओं के भविष्य पर भी चर्चा हुई। ग्रामीणों ने विधायक जी का ध्यान 9300 जनसेवा मित्रों की पुन: बहाली और युवाओं के लिए आगामी भर्ती परीक्षाओं हेतु विधानसभा में प्रश्न उठाने की ओर आकर्षित किया। इस संबंध में विधायक को एक सामूहिक आवेदन भी सौंपा गया।
विधायक ने दी तत्काल राहत
विधायक चेन सिंह वरकड़े ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने मौके पर ही देवगांव में नए ट्रांसमीटर की स्वीकृति प्रदान कर ग्रामीणों को बड़ी राहत दी। अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए उन्होंने आश्वस्त किया कि वे विभागीय स्तर पर चर्चा कर शीघ्र ही ठोस कदम उठाएंगे।
सराहनीय रहा सहयोग
कार्यक्रम के अंत में विधायक का आभार व्यक्त किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत प्रशासन और आयोजन समिति की भूमिका सराहनीय रही। अवसर पर क्षेत्र के युवा समाजसेवी, मुकदम स्यान, दवान पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बबलिया के निजी स्कूलों में शिक्षा के नाम पर लूट
- भारी फीस और अव्यवस्थाओं से ग्रामीण परेशान, प्रशासन से जांच की मांग
- जेएमआर पब्लिकेशन और सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल पर शोषण के आरोप
- आक्रोशित पालकों ने खोला मोर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय क्षेत्र देवरी कला बबलिया में संचालित निजी स्कूल जेएमआर पब्लिकेशन स्कूल और सरस्वती ज्ञान मंदिर की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। क्षेत्र के आदिवासी छात्र-छात्राओं और उनके पालकों ने स्कूल प्रबंधन पर फीस के नाम पर आर्थिक शोषण करने और मूलभूत सुविधाएं न देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत देवरी कला के सरपंच देवचरण पंद्राम और उपसरपंच संजय सोनी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
पालकों का आरोप है कि ये स्कूल हर वर्ष एडमिशन के नाम पर प्रत्येक छात्र से 500 रुपये अतिरिक्त शुल्क वसूलते हैं, जबकि नियमानुसार एडमिशन एक ही बार होता है। इसके अलावा वार्षिक उत्सव के नाम पर बच्चों से भारी भरकम राशि वसूली जाती है। उदाहरण के तौर पर हाल ही में जेएमआर स्कूल द्वारा प्रति बच्चा 500 रुपये वसूल किए गए, जिससे करीब 75 हजार की राशि एकत्रित हुई, जबकि कार्यक्रम का वास्तविक खर्च महज 24 हजार रुपये बताया जा रहा है।
सुविधाओं का अभाव
शिकायत में यह भी बताया गया है कि स्कूलों में छात्र-छात्राओं के बैठने की उचित व्यवस्था नहीं है। पर्याप्त शौचालय और खेल मैदान का भी अभाव है। शिक्षा की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने कहा कि स्कूलों में अप्रशिक्षित बगैर बीएड, डीएड शिक्षकों से कार्य कराया जा रहा है। शिक्षकों को महज ३ से ४ हजार रुपये प्रतिमाह का मानदेय दिया जा रहा है, जिससे उनकी कार्यक्षमता पर असर पड़ता है। इसके साथ ही मेंटेनेंस के नाम पर भी प्रति छात्र २०० रुपये सालाना वसूले जाते हैं।
कमीशनखोरी का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन हर साल जानबूझकर पुस्तकें बदल देता है जिससे पुरानी पुस्तकें किसी अन्य बच्चे के काम न आ सकें। आरोप है कि संचालक स्वयं पुस्तकें खरीदकर एक विशेष दुकान पर रखवा देते हैं और वहां से साठगांठ कर भारी-भरकम बिल बनवाए जाते हैं, जो सीधे तौर पर अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ है।
आंकड़ों का गणित, लाखों की कमाई, सुविधा शून्य
ग्राम पंचायत पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था की वार्षिक आय लगभग ११.९० लाख रुपये है। मकान किराया और शिक्षकों के मानदेय लगभग १४ हजार प्रतिमाह को काटकर संस्था को सालाना १० लाख रुपये की बचत होती है, फिर भी बच्चों को बुनियादी सुविधाएं मुहैया नहीं कराई जा रही हैं।
जांच की मांग
छात्रों के शोषण और टीसी के लिए परेशान किए जाने जैसी शिकायतों से दुखी होकर पालकों और ग्राम पंचायत देवरी कला ने जिला प्रशासन और विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि इन शालाओं की गतिविधियों की तत्काल उच्चस्तरीय जांच की जाए और दोषियों पर कड़ी कार्यवाही कर छात्र-छात्राओं को इस शोषण से मुक्त कराया जाए।
करियर मार्गदर्शन-बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के सिखाए गुर
- लफरा स्कूल में विजयपथ कार्यशाला आयोजित
- करियर काउंसलर ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र
- कलेक्टर की चिट्टी का हुआ वाचन
मंडला महावीर न्यूज 29. शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लफरा में करियर मार्गदर्शन प्रकल्प विजयपथ के अंतर्गत एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के प्रति जागरूक करना और आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए मानसिक रूप से तैयार करना था।
मुख्य वक्ता और करियर काउंसलर अखिलेश उपाध्याय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि 10वीं कक्षा छात्र के जीवन का वह महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहाँ से भविष्य की नींव रखी जाती है। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को भेड़चाल से बचकर अपनी रुचि, कौशल और व्यक्तित्व के आधार पर ही विषयों का चयन करना चाहिए। सही दिशा का चयन न केवल तनाव कम करता है, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ाता है।
आधुनिक करियर विकल्पों पर चर्चा
कार्यशाला में विज्ञान, वाणिज्य और कला जैसे पारंपरिक क्षेत्रों के साथ वर्तमान समय के उभरते हुए करियर विकल्पों जैसे डिजिटल मार्केटिंग, डेटा साइंस और वोकेशनल कोर्सेज पर पीपीटी के माध्यम से विस्तार से प्रकाश डाला गया।
कलेक्टर की चिट्टी और दिए परीक्षा के टिप्स
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के समक्ष कलेक्टर की चिट्टी का वाचन किया गया, जो छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी। काउंसलर ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्तर पुस्तिकाओं को प्रभावी ढंग से लिखने के तरीके और समय प्रबंधन के विशेष टिप्स साझा किए। प्रश्नोत्तर सत्र में छात्रों ने अपनी जिज्ञासाओं को रखा, जिनका विशेषज्ञ द्वारा समाधान किया गया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. एएच खान ने करियर मार्गदर्शन को छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर शिक्षक यतीन्द्र पटेल, नयन हरदहा, निखिल सिंगौर, नितिन चौरसिया, प्रमोद चौरसिया, योगेश सैयाम सहित समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
रसोइयों का हल्ला बोल
- मानदेय वृद्धि और नियमितीकरण को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
- चार हजार में कैसे चलेगा परिवार, कलेक्टर दर पर भुगतान की मांग
- एमडीएम और साझा चूल्हा रसोइयों की हड़ताल की चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के शासकीय स्कूलों में मध्यान्ह भोजन और आंगनबाड़ी केंद्रों में साझा चूल्हा कार्यक्रम के तहत सेवाएं दे रहे रसोइयों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को बड़ी संख्या में एकत्रित हुए रसोइयों ने कलेक्ट्रेट के समीप एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी व्यथा सुनाई।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि वर्तमान में उन्हें प्रतिमाह मात्र चार हजार रुपये मानदेय दिया जा रहा है, जिससे इस महंगाई के दौर में परिवार का भरण-पोषण करना असंभव हो गया है। रसोइयों ने मांग की है कि मानदेय को बढ़ाकर कलेक्टर दर पर भुगतान किया जाए। साझा चूल्हा कार्यक्रम के अंतर्गत आंगनबाड़ी में कार्यरत रसोइयों का मानदेय, जो वर्तमान में मात्र 500 रुपये है, उसे भी बढ़ाकर कलेक्टर रेट पर लाया जाए। हर महीने एक निश्चित तारीख को मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
जून माह के वेतन और छंटनी पर आक्रोश
रसोइयों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 3 वर्षों से उनसे जून की भीषण गर्मी में भी कार्य लिया जा रहा है, लेकिन उस अवधि का मानदेय अब तक अप्राप्त है। साथ ही उन्होंने मांग की है कि स्कूल मर्ज होने या छात्र संख्या कम होने के बहाने रसोइयों को काम से न निकाला जाए। जिन रसोइयों को पूर्व में हटाया गया है, उन्हें तत्काल वापस काम पर लेने की मांग भी उठाई गई है।
काम बंद करने की चेतावनी
सरकार की नीतियों के प्रति कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए रसोइयों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का जल्द निराकरण नहीं किया गया, तो वे जिले भर में भोजन पकाने का कार्य बंद कर देंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में सरकार की इन नीतियों का पुरजोर विरोध किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
खेलो एमपी यूथ गेम्स
मंडला के खिलाडिय़ों ने ग्वालियर में गाड़ा झंडा, पिट्टू में बालक-बालिका दोनों टीमों ने जीते सिल्वर मेडल
- मंडला के पिट्टू खिलाडिय़ों का राज्य स्तर पर दबदबा
- इंदौर से हुआ कड़ा मुकाबला, उपविजेता बनकर बढ़ाया जिले का मान
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्वालियर में आयोजित खेलो एमपी यूथ गेम्स के अंतर्गत राज्य स्तरीय पिट्टू क्रीड़ा प्रतियोगिता में मंडला जिले के खिलाडिय़ों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनाया है। कड़े मुकाबलों के बीच मंडला की बालक और बालिका दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल पर कब्जा किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जबलपुर संभाग जिसका प्रतिनिधित्व मंडला के खिलाड़ी कर रहे थे और इंदौर संभाग के बीच खेला गया। दोनों ही वर्गों में मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। अंतत: मंडला की टीमें उपविजेता रहीं और रजत पदक अपने नाम किया।
राज्य स्तरीय पिट्टू क्रीड़ा प्रतियोगिता में मेडल जीतने वाले होनहार खिलाडिय़ों में शास. उच्च. माध्य. विद्यालय सालीवाड़ा से अभिषेक भंवरे, रवि प्रकाश, अनिल भंवरे, सुजल धुर्वे, रवीना उलाड़ी, संध्या यादव, आस्था परते, खुशबू मर्सकोले रही। शासकीय सर्वोदय उमावि ककैया से सृष्टि झारिया, श्रेया झारिया, रेवती नंदा, मनीष कुमरे, मनोज भंवरे रहे। शासकीय उमावि घुटास से नरेन्द्र परते ने मेडल जीता।
सफलता का गौरवशाली इतिहास
मंडला की पिट्टू टीम पिछले पांच वर्षों से लगातार जिले को गौरवान्वित कर रही है। इससे पूर्व इस टीम ने भारत का नेतृत्व करते हुए साउथ एशियन पिट्टू प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता था। इसके साथ ही पिछले चार वर्षों से यह टीम राष्ट्रीय स्तर पर भी लगातार गोल्ड मेडल जीतती आ रही है।
उपलब्धि से जिले में हर्ष
खिलाडिय़ों की इस सफलता पर मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा, जिला खेल अधिकारी विकास खराडकर, सहायक आयुक्त वंदना गुप्ता, खेल अधिकारी मंगल सिंह पंद्रे और कोच डी.एस. ठाकुर व अवध कुमार पटेल ने खुशी जाहिर की है। सालीवाड़ा प्राचार्या कौशल्या नेटी, ककैया प्राचार्य जयनारायण मिश्रा सहित खेल प्रशिक्षकों, पीटीआई शिक्षकों और खेल प्रेमियों ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। इस उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।
बड़ी कार्रवाई: अवैध कॉलोनी काटने वाली महिला पर FIR दर्ज
प्रशासन ने लगाई रजिस्ट्री पर रोक
- न डायवर्शन, न परमिशन
- चिरइडोंगरी में कृषि भूमि पर अवैध प्लाटिंग का भंडाफोड़
- महिला कॉलोनाइजर के खिलाफ मामला दर्ज
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध कॉलोनाइजरों के विरुद्ध जिला प्रशासन ने अब अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने के एक गंभीर मामले में बम्हनी पुलिस ने नैनपुर तहसील के चिरइडोंगरी क्षेत्र की एक महिला के खिलाफ FIR दर्ज की है। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वाले भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
कृषि भूमि पर अवैध खेल
जांच में यह तथ्य सामने आया कि चिरइडोंगरी क्षेत्र में कृषि भूमि का बिना किसी सक्षम अनुमति और बिना डायवर्शन कराए छोटे-छोटे टुकड़ों में विभाजन किया जा रहा था। नियमों का उल्लंघन करते हुए इस भूमि को अवैध तरीके से कॉलोनी का स्वरूप दिया गया और धड़ल्ले से प्लाट बेचे जा रहे थे।
SDM की जांच के बाद पुलिस की कार्रवाई
मामला तब संज्ञान में आया जब नैनपुर एसडीएम द्वारा इस संबंध में विस्तृत जांच कराई गई। जांच में दोषी पाए जाने पर शोभा सुर नामक महिला के विरुद्ध बम्हनी थाने में मामला दर्ज कराया गया। बताया गया है कि महिला द्वारा कई प्लाट पहले ही बेचे जा चुके थे, जबकि शेष प्लाटों की बिक्री की तैयारी चल रही थी।
रजिस्ट्री पर लगी रोक
प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से संबंधित भूमि की रजिस्ट्री पर रोक लगा दी है। पुलिस ने शोभा सुर के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में अन्य स्थानों पर भी इस तरह की अवैध प्लाटिंग की जांच की जा रही है, ताकि भोले-भाले नागरिकों को ठगी से बचाया जा सके।
लिमरूआ स्कूल में करियर मार्गदर्शन कार्यशाला
- विशेषज्ञों ने बताए बैंकिंग, मेडिकल और आईटी क्षेत्र में सफलता के गुर
- भविष्य की राह चुनने में माहिर होंगे विद्यार्थी
- लिमरूआ में पांच दिवसीय करियर मेला के तीसरे दिन जुटे दिग्गज शिक्षाविद
मंडला महावीर न्यूज 29. शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लिमरूआ में इन दिनों विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने के उद्देश्य से पांच दिवसीय ‘करियर मार्गदर्शन कार्यशाला’ का आयोजन किया जा रहा है। इस करियर मेले के तीसरे दिन विभिन्न क्षेत्रों के विषय विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को करियर चयन की बारीकियों और आधुनिक अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विद्वानों ने साझा किए अनुभव
कार्यशाला का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। विद्यालय के करियर काउंसलर एवं शिक्षक संजीव दुबे ने कार्यशाला के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए आमंत्रित विशेषज्ञों का परिचय कराया। इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित विशेषज्ञों ने निम्नलिखित क्षेत्रों पर मार्गदर्शन दिया:
- बैंकिंग एवं बीमा: भारतीय स्टेट बैंक बम्हनी के प्रबंधक नितिन चौहान ने बैंकिंग क्षेत्र की कार्यप्रणाली और इसमें रोजगार के अवसरों की जानकारी दी।
- विविध क्षेत्र: शिक्षाविद और पूर्व प्राचार्य एल.पी. सिंगौर एवं शिक्षक प्रकाश सिंगौर ने शिक्षा, मेडिकल, आईटी, प्रशासनिक और कानूनी क्षेत्रों में करियर बनाने के सारगर्भित सुझाव साझा किए।
रुचि और क्षमता के अनुसार करें चयन प्रभारी शिक्षिका श्रीमती जया मिश्रा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपनी रुचि और क्षमता के आधार पर ही करियर का चयन करें और सदैव अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखें। विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक संजय सिंगौर ने करियर संबंधी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं और कार्यक्रम के अंत में सभी का आभार व्यक्त किया।
सराहनीय रहा सहयोग
इस कार्यशाला से विद्यालय के बड़ी संख्या में विद्यार्थी लाभान्वित हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती लक्ष्मी पटेल और आईटी शिक्षक कृष्ण कुमार दुबे का विशेष योगदान रहा।
सिमरिया में त्राहि-त्राहि: बूंद-बूंद पानी को तरसे ग्रामीण
गंदा पानी छानकर पीने की मजबूरी ने रोका रास्ता
- जलसंकट का दंश
- 4 साल से तैयार खड़ी टंकी
- घरों तक पाइप भी बिछे, पर सिमरिया के नलों में आज तक नहीं पहुँचा पानी
- गंदे नाले का पानी पीने को मजबूर ग्रामीण सड़क पर बैठे,
- बर्तन और दूषित जल लेकर चक्काजाम कर जताया विरोध
मंडला महावीर न्यूज 29 | नैनपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत कजरवाड़ा के पोषक ग्राम सिमरिया में पेयजल की समस्या ने विकराल रूप ले लिया है। यहाँ के आदिवासी ग्रामीण वर्षों से बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं, लेकिन अब पानी की किल्लत ने उनके सब्र का बांध तोड़ दिया है। गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, बर्तनों में गंदा पानी लेकर सड़क के बीचों-बीच बैठ गए और चक्काजाम कर दिया।
दूषित जल और बीमारी का डर
ग्रामीणों का दर्द है कि उन्हें पीने के पानी के लिए करीब 2 किलोमीटर दूर तक भटकना पड़ता है। जो पानी उपलब्ध है, वह भी नाले जैसा गंदा और बदबूदार है। मजबूरी में ग्रामीण इस दूषित पानी को कपड़े से छानकर और उबालकर पीते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि “गंदा पानी पीने से बच्चे लगातार बीमार पड़ रहे हैं। हमने कलेक्टर से लेकर मंत्री तक गुहार लगाई, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला।”
करोड़ों का ढांचा बना सफेद हाथी
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, गांव के पास पिछले 4 सालों से पानी की टंकी बनकर तैयार खड़ी है और गलियों में पाइपलाइन भी बिछी है, लेकिन आज तक एक बूंद पानी सप्लाई नहीं किया गया। उचित रख-रखाव के अभाव में अब यह सरकारी ढांचा भी जर्जर होने लगा है।
तहसीलदार और पीएचई अमला पहुँचा मौके पर
चक्काजाम की खबर मिलते ही नैनपुर तहसीलदार पूजा राणा राजस्व और पीएचई (PHE) विभाग के अमले के साथ मौके पर पहुँचीं। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। तहसीलदार ने बताया कि यहाँ पूर्व में बोर खनन किया गया था, लेकिन ग्राउंड वाटर लेवल कम होने के कारण सफलता नहीं मिली। अब वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर पास के ‘मुर्गा टोला’ से सिमरिया तक पानी लाने की योजना पर काम किया जा रहा है।
मजदूरी छोड़ पानी के लिए संघर्ष
पूरी तरह मजदूरी पर आश्रित इस गांव के लोग दिनभर मेहनत करने के बाद शाम को पानी के लिए लंबी कतारों में लगने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ‘मुर्गा टोला’ से पानी लाने की व्यवस्था शुरू नहीं हुई, तो वे पुनः उग्र आंदोलन करेंगे।
भक्ति के रंग में रंगा बीजाडांडी, श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह के प्रसंग पर झूम उठे श्रद्धालु
जगदगुरू नृसिंह पीठाधीश्वर ने समझाया चीर हरण का आध्यात्मिक अर्थ, कहा अहंकार त्याग कर ही मिलते हैं प्रभु
- रुक्मणी विवाह में गूँजे मंगल गान
- सजीव झांकी और फूलों की वर्षा के बीच मना उत्सव
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड मुख्यालय बीजाडांडी में इन दिनों चारों ओर आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण है। यहाँ आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के छठवें दिन कथा व्यास श्रीमद् जगदगुरू नृसिंह पीठाधीश्वर ने अपनी अमृतमयी वाणी से प्रभु श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों का सजीव वर्णन कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कथा के दौरान कथा व्यास श्रीमद् जगदगुरू नृसिंह पीठाधीश्वर ने चीर हरण के मार्मिक प्रसंग की गहन व्याख्या की। उन्होंने बताया कि यह प्रसंग केवल वस्त्रों के हरण का नहीं, बल्कि भक्त के अहंकार और लोक-लाज के त्याग का प्रतीक है। उन्होंने समझाया कि जब तक मनुष्य अपने पुरुषार्थ और सांसारिक साधनों पर भरोसा करता है, तब तक उसे ईश्वर की पूर्ण कृपा प्राप्त नहीं होती। गोपियों के पूर्ण समर्पण के माध्यम से उन्होंने संदेश दिया कि ईश्वर के समक्ष जीव को निश्छल और निष्कपट होकर ही जाना चाहिए।
शहनाइयों की गूंज में संपन्न हुआ रुक्मणी विवाह
छठवें दिन का मुख्य आकर्षण भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मणी का भव्य विवाह उत्सव रहा। कथा व्यास ने प्रसंग सुनाते हुए बताया कि माता रुक्मणी ने मन ही मन भगवान कृष्ण को अपना पति चुन लिया था। जब उनके भाई रुक्मी ने उनका विवाह शिशुपाल से तय किया, तब रुक्मणी के संदेश पर प्रभु द्वारका से आए और उनका हरण कर विवाह रचाया।
पंडाल बना गोकुल, भक्तों ने किया नृत्य
विवाह के दौरान पंडाल में भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मणी की अत्यंत सुंदर सजीव झांकी सजाई गई। जैसे ही विवाह की रस्में शुरू हुईं, पूरा पांडाल नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयकारों से गूँज उठा। महिलाओं ने मंगल गीत गाए और श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा के बीच जमकर नृत्य किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान के स्वरूपों का पूजन कर धर्म लाभ लिया।
नारायणगंज में आनंद उत्सव पर फिरा पानी
- अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ा आनंद मेला
- खिलाडिय़ों को नसीब नहीं हुआ भोजन
- जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने कार्यशैली पर उठाए सवाल
- मोर्चा खोलने की चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत नारायणगंज में आयोजित जनपद स्तरीय आनंद उत्सव विवादों के घेरे में आ गया है। जहाँ एक ओर सरकार इन कार्यक्रमों के माध्यम से खेल और खुशहाली का संदेश देना चाहती है, वहीं नारायणगंज में जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम का बहिष्कार कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली की धज्जियां उड़ा दीं। जनप्रतिनिधियों ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि प्रशासनिक अधिकारियों का व्यवहार और कार्यशैली में परिवर्तन नहीं आया, तो आगामी समय में वे उग्र आंदोलन और पूर्ण बहिष्कार करने मजबूर होंगे।
जनपद पंचायत अध्यक्ष आशाराम भारतीया और उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा ने जनपद सीईओ की कार्यशैली पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि उन्हें कार्यक्रम की न तो पहले से सूचना दी गई और न ही सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम शुरू होने के बाद महज औपचारिकता निभाने के लिए फोन किया गया, जिसे उन्होंने लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों के सम्मान का हनन बताया।
खिलाडिय़ों के हक पर डाला डाका
सूत्रों के अनुसार शासन द्वारा इस आयोजन के लिए लगभग 50 हजार रुपये का बजट आवंटित किया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य खिलाडिय़ों के लिए भोजन और अन्य बुनियादी व्यवस्थाएं करना है। लेकिन कार्यक्रम स्थल पर भारी अव्यवस्था देखने को मिली। दूर-दराज से आए खिलाडिय़ों के लिए भोजन तो दूर, केवल पानी की ही व्यवस्था थी। ग्रामीणों और खिलाडिय़ों में इस लचर व्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी देखी गई। जब इस पूरे विवाद और बजट के दुरुपयोग के आरोपों पर जनपद पंचायत सीईओ से बात करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने अपना पक्ष देने से साफ मना कर दिया।
इनका कहना है
हम जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि हैं। लोकतंत्र में इस तरह का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि सीईओ ने कार्यशैली नहीं सुधारी, तो भविष्य में उनके खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा।
आशाराम भारतीया, अध्यक्ष जनपद पंचायत नारायणगंज
हमें न सूचना मिली, न आमंत्रण। कार्यक्रम शुरू होने के बाद फोन करना महज दिखावा है। हम इस तानाशाहीपूर्ण रवैये की घोर निंदा करते हैं।
अविनाश शर्मा, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत नारायणगंज
मंडला पुलिस की माइक्रो बीट चौपाल
ग्रामीणों को सिखाए सुरक्षा के गुर, हेलमेट और साइबर सुरक्षा पर जोर
- गांव-गांव पहुंची मंडला पुलिस
- चौपाल लगाकर दी नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा की जानकारी
- हेलमेट पहनें और साइबर ठगों से बचें
- पुलिस ने चौपाल के माध्यम से नागरिकों को किया जागरूक
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के पालन में और पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के कुशल मार्गदर्शन में जिलेभर में विशेष माइक्रो बीट पुलिस चौपाल का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नागरिकों को कानून व्यवस्था से जोडऩा रहा।
अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी ग्रामीणों के बीच पहुंचे। जिसमें थाना मवई बहर मुंडा पोड़ी, घुघरी धनगांव, मोहगांव सुडगांव, खटिया कुटवाही, टिकरिया बम्हनी, बिछिया किसली, भीलवानी, विजयनगर, प्रेमनगर, मोतीनाला भालपुरी, चंदगांव एवं चौकी सलवाह व पोड़ी के विभिन्न ग्राम शामिल रहे।
यातायात और साइबर सुरक्षा पर दिया विशेष ध्यान
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने दो-पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चार-पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की अनिवार्यता समझाई। वर्तमान में बढ़ते डिजिटल अपराधों को देखते हुए, ग्रामीणों और विद्यार्थियों को जागरूक किया गया कि वे किसी भी अनजान कॉल, फर्जी लिंक या ओटीपी को साझा न करें।
नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा का दिया संदेश
पुलिस चौपाल में ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया गया और समाज को नशा मुक्त बनाने की अपील की गई। इसके साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी देते हुए पुलिस ने भरोसा दिलाया कि किसी भी संदिग्ध परिस्थिति या अपराध की स्थिति में नागरिक निडर होकर पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। इस पहल से न केवल जनता और पुलिस के बीच समन्वय बढ़ेगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
किताबों से बाहर निकलकर उद्योग की बारीकियों को समझा
- सांदीपनी विद्यालय के छात्रों ने किया मेगा पाइप प्लांट का भ्रमण
- इंजीनियरों से सीधे संवाद कर जानी कार्यप्रणाली
- नवीन व्यावसायिक शिक्षा के तहत इंडस्ट्रियल विजिट
मंडला महावीर न्यूज 29. नवीन व्यावसायिक शिक्षा योजना के अंतर्गत शासकीय सांदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नारायणगंज के विद्यार्थियों ने मनेरी निवास स्थित मेगा पाइप प्लांट का औद्योगिक भ्रमण किया। इस शैक्षणिक यात्रा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ औद्योगिक कार्यक्षेत्र के व्यावहारिक अनुभव से रूबरू कराना था।
प्लांट पहुंचने पर मेगा पाइप प्लांट के असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट सरोज बी गवाई और उनकी तकनीकी टीम, जिसमें इंजीनियर रामरूप तिवारी, विशाल सिन्हा, रजनीश तिवारी और गणेश कोरी शामिल थे, ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। इंजीनियरों ने पाइप बनाने की संपूर्ण कार्यप्रणाली का विस्तार से विवरण दिया। विद्यार्थियों ने भी अपनी जिज्ञासा शांत करने के लिए विशेषज्ञों के समक्ष कई प्रश्न रखे, जिनका समाधान टीम द्वारा सरल भाषा में किया गया।
छात्रों ने किया तकनीकी प्रक्रियाओं का सजीव अनुभव
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने प्लांट में आधुनिक मशीनों और तकनीकी प्रक्रियाओं को देखा। उन्हें विशेष रूप से आधुनिक मशीनों की जानकारी विस्तार से बताई। जिसमें विशाल पाइपों के लिए कच्चे माल का प्रबंधन। धातु को आकार देने और जोडऩे की तकनीक। गुणवत्ता परीक्षण और पाइपों को जंग से बचाने की कोटिंग प्रक्रिया।
विद्यालय प्रबंधन का दिया मार्गदर्शन
यह औद्योगिक भ्रमण सांदीपनी विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अर्चना नेमा की अध्यक्षता और व्यावसायिक शिक्षा नोडल श्रीमती संगीता गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। भ्रमण का सफल क्रियान्वयन व्यावसायिक प्रशिक्षक हेमंत पटेल द्वारा किया गया। प्राचार्य ने कहा कि ऐसे दौरों से विद्यार्थियों में तकनीकी कौशल और करियर के प्रति नई सोच विकसित होती है।
नैनपुर: चकोर पुल पर डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार, बाल-बाल बची चालक की जान
चकोर पुल के समीप भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी कार
- सुरक्षित बचा चालक पर वाहन के उड़े परखच्चे; स्थानीय लोगों ने मार्ग पर रेडियम और संकेतक लगाने की उठाई मांग
मंडला महावीर न्यूज 29 | नैनपुर-चकोर पुल के समीप शुक्रवार की देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और कार चालक सुरक्षित बच गया।
देर रात हुआ हादसा, बाल-बाल बचा चालक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात एक टाटा पंच कार चकोर पुल से गुजर रही थी, तभी चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और कार सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। दुर्घटना के समय वाहन में केवल चालक ही मौजूद था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज काफी तेज थी, लेकिन सौभाग्यवश चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
पुलिस ने बहाल कराया यातायात
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन सड़क के बीचों-बीच होने के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही नैनपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर किनारे करवाया, जिसके बाद आवागमन फिर से सुचारू हो सका।
ब्लैक स्पॉट बनता जा रहा चकोर पुल मार्ग
इस दुर्घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि चकोर पुल क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी और चेतावनी संकेतकों की कमी है।
-
नागरिकों की मांग: स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल के समीप गति नियंत्रण बोर्ड (Speed Limits), चेतावनी संकेतक (Warning Signs) और रेडियम लाइन लगाई जाए ताकि रात के अंधेरे में वाहन चालकों को डिवाइडर स्पष्ट दिखाई दे सके।
फिलहाल, नैनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️
ऑपरेशन वाइल्ड ट्रैप-2 की सफलता
- शिकारियों के चंगुल से सुरक्षित निकला तेंदुआ
- सिझौरा बफर जोन में गश्ती दल ने फंदे में फंसे तेंदुआ को बचाया
- वायर के फंदे को काटकर तेंदुए का किया सफल रेस्क्यू
- प्राथमिक उपचार के बाद जंगल में छोड़ा
मंडला महावीर न्यूज 29. कान्हा टाइगर रिजर्व के अंतर्गत सिझौरा बफर जोन में वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक तेंदुए की जान बचाई है। ऑपरेशन वाइल्ड ट्रैप-2 के तहत गश्त कर रहे दल को चटुआखार बीट के कक्ष क्रमांक-1438 में वन-राजस्व सीमा के पास एक वन्यजीव की आवाज सुनाई दी। जब टीम ने पास जाकर देखा, तो खेत की बागड़ के पास लगाए गए एक वायर के फंदे में तेंदुआ फंसा हुआ था।
विशेषज्ञ टीम ने किया रेस्क्यू
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्टाफ ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। मौके पर सहायक संचालक सिझौरा, वन्यजीव चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप अग्रवाल और रेस्क्यू दल पहुंचे। क्षेत्र संचालक और उपसंचालक (बफर) के निर्देशानुसार, डॉ. अग्रवाल ने तेंदुए को निश्चेत किया। इसके बाद कटर की सहायता से सावधानीपूर्वक फंदे को काटकर तेंदुए को मुक्त कराया गया।
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सुरक्षित रिहाई
रेस्क्यू के बाद तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण और नापजोख की गई । प्राथमिक उपचार के दौरान पाया गया कि तेंदुए को किसी भी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई है। पूरी तरह स्वस्थ पाए जाने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार तेंदुए को उसके प्राकृतिक आवास (जंगल) में वापस छोड़ दिया गया, जहाँ वह कुछ देर बाद स्वयं जंगल की ओर चला गया।
मामला दर्ज, जांच जारी
घटनास्थल का निरीक्षण क्षेत्र संचालक और उपसंचालक द्वारा किया गया और फील्ड स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस मामले में वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण क्रमांक 46529/06 दर्ज कर लिया है और दोषियों की तलाश के लिए अग्रिम कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
अहमदपुर स्कूल में सजा करियर मेला
- पुलिस ने छात्राओं को दिखाए भविष्य के रास्ते, सुरक्षा के भी दिए मंत्र
- सजग छात्रा, सुरक्षित भविष्य
- करियर काउंसलिंग में पुलिस ने सिखाए साइबर अपराध और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के गुर
मंडला महावीर न्यूज 29 | शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अहमदपुर में बुधवार को छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु ‘करियर काउंसलिंग’ (करियर मेला) का विशेष आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अंजनिया चौकी पुलिस की टीम ने मुख्य रूप से सहभागिता करते हुए छात्राओं का मार्गदर्शन किया।
करियर विकल्पों और साइबर सुरक्षा पर मंथन
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दी, जिससे वे अपनी रुचि के अनुसार सही दिशा चुन सकें। इसके साथ ही, वर्तमान डिजिटल युग की चुनौतियों को देखते हुए पुलिस ने छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के तरीके समझाए।
अपराधों के प्रति दी गई चेतावनी
अंजनिया पुलिस ने छात्राओं को साइबर अपराधों और विशेष रूप से ‘दोस्ती’ के नाम पर होने वाले अपराधों के प्रति सचेत रहने की सलाह दी। एएसआई राजेश सराठे ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें और सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें।
पुलिस स्टाफ की उपस्थिति और अपील
इस अवसर पर अंजनिया चौकी से एएसआई राजेश सराठे, मेजर पंचेश्वर, महिला आरक्षक रितु सहित अन्य पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा। विभाग ने छात्राओं से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या परेशानी की स्थिति में डरे नहीं, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचना दें। विद्यालय प्रबंधन और छात्राओं ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️
हुनर से बढ़ेंगे रोजगार के कदम
बम्हनी महाविद्यालय में छात्रों ने सीखे फूड प्रोसेसिंग और मार्केटिंग के गुर
- सीखने के साथ कमाई– शासकीय कला महाविद्यालय में फूड प्रोसेसिंग प्रशिक्षण का हुआ समापन
- मिलेट्स लड्डू से लेकर महुआ उत्पाद तक; विद्यार्थियों ने सीखे व्यंजन बनाने और स्टार्टअप शुरू करने के तरीके
मंडला महावीर न्यूज 29 | मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वाधान में शासकीय कला महाविद्यालय बम्हनी बंजर में आयोजित ‘फूड प्रोसेसिंग, पैकेजिंग एवं मार्केटिंग’ के अल्पवधि प्रशिक्षण का भव्य समापन हुआ। प्राचार्य डॉ. करुणा नेमा की उपस्थिति में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में चालीस छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
रोजगार की नई राह:
समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. करुणा नेमा ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान तैयार किए गए उत्पाद हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा हैं। यदि छात्र इन्हें व्यावसायिक स्तर पर अपनाते हैं, तो यह उनके लिए स्वरोजगार का एक बेहतरीन जरिया बनेगा। प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. कुंती बराठे ने बताया कि शासन की मंशानुसार छात्रों को ऐसे उत्पाद बनाना सिखाया गया है, जिन्हें बाजार में निरंतर विक्रय किया जा सकता है।
मिलेट्स और पारंपरिक व्यंजनों का प्रशिक्षण:
मुख्य प्रशिक्षक पूजा सोलंकी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने स्वास्थ्यवर्धक और स्वादिष्ट व्यंजन बनाने की कला सीखी। प्रशिक्षण में विशेष रूप से:
- मिलेट्स (बाजरा) लड्डू और महुआ लड्डू।
- रोस्टेड अलसी, नमकीन और तीली लद्दी।
- चटपटी सलोनी, गठिया और सेव चूड़ा। इन उत्पादों को तैयार करने के साथ-साथ सहायक मास्टर ट्रेनर भूमिका पटेल ने प्रोडक्ट पैकेजिंग और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी।
एक्सपर्ट टिप: बिजनेस और स्टार्टअप:
विशिष्ट अतिथि निशार कुरैशी ने बताया कि फूड प्रोसेसिंग का बाजार बहुत बड़ा है। यहाँ तत्काल उपयोग से लेकर 4 महीने तक सुरक्षित रहने वाले उत्पादों की भारी मांग है। वहीं, ‘जंगल फ्रेश एंटरप्राइजेज’ के संचालक ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्रों को बताया कि कैसे इस प्रशिक्षण के बाद खुद का स्टार्टअप शुरू किया जा सकता है और पढ़ाई के साथ अतिरिक्त आमदनी की जा सकती है। क्रीड़ा अधिकारी डॉ. विवेक जायसवाल ने भी छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
विशेष सहयोग:
कार्यक्रम का सफल संचालन जुली द्वारा किया गया एवं आभार प्रदर्शन डॉ. कुंती बराठे ने किया। इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों द्वारा बनाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में एस.पी. झरिया, आयुष हरदाहा, डॉ. मनीष लांजेकर, सुनैना सिंह, भानुप्रताप सिंह और अन्य स्टाफ का विशेष सहयोग रहा।
वर्षो से उपेक्षित आस्था
200 साल पुराने सिद्धपीठ मंदिर की दहलीज पर मटन-मछली का बाजार
- मुख्यमंत्री के आदेश कागजों तक सीमित, नियमों की उड़ रही धज्जियां
- नैनपुर की दक्षिण मुखी हनुमान गढ़ी की पवित्रता पर संकट
- मंदिर के पास मटन-मछली मार्केट हटाने की उठी मांग
- नैनपुर में सिद्धपीठ मंदिर और स्कूलों के बीच खुलेआम मांस विक्रय से जनआक्रोश
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पदभार संभालते ही प्रदेश में धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों के पास खुले में मांस और मछली के विक्रय पर कड़े प्रतिबंध के निर्देश दिए थे, लेकिन नैनपुर मुख्यालय के बुधवारी बाजार क्षेत्र में इन नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। यहाँ करीब 200 वर्ष पुराना प्राचीन श्री सिद्धपीठ दक्षिण मुखी श्री हनुमान गढ़ी मंदिर स्थित है, जिसकी पावन परिधि में ही मटन और मछली का बाजार संचालित हो रहा है। यह न केवल प्रशासनिक उदासीनता का प्रमाण है, बल्कि हजारों धर्मप्रेमियों की आस्था पर सीधा प्रहार भी है।
स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं का कहना है कि जिस स्थान पर आज मांस का बाजार लग रहा है, वह वर्षों पूर्व आवंटित किया गया था जब नैनपुर एक ग्राम पंचायत थी। आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं। मंदिर और इस मार्केट की दूरी महज 30 मीटर है। मंदिर के पास ही शनि मंदिर भी स्थित है, जहाँ प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुँचते हैं। विडंबना यह है कि श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन के लिए दुर्गंध के बीच से मुंह पर कपड़ा रखकर गुजरना पड़ता है। सावन सोमवार, नवरात्र, नर्मदा जयंती और राष्ट्रीय पर्वों पर भी यहाँ मटन-मछली का विक्रय बंद नहीं होता, जिससे धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुँच रही है।
नियमों को ताक पर रखकर संचालन
नियम कहते हैं कि धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक मार्गों के पास मांस का खुले में विक्रय प्रतिबंधित है। यहाँ न केवल मंदिर है, बल्कि चारों तरफ स्कूल और क्लीनिक भी संचालित हैं। बावजूद इसके प्रशासन ने इस मार्केट को अब तक अन्यत्र शिफ्ट नहीं किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि यहाँ हरी सब्जियों के साथ ही मांस का विक्रय किया जा रहा है, जो स्वच्छता और स्वास्थ्य की दृष्टि से भी गंभीर चिंता का विषय है। पूर्व में इसे शिफ्ट करने का प्लान भी बनाया गया, लेकिन वह फाइलों से बाहर नहीं निकल सका।
इनका कहना है
यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि नैनपुर के सबसे प्राचीन और जाग्रत सिद्धपीठ हनुमान मंदिर के पास मांस का बाजार लग रहा है। विश्व हिंदू परिषद इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। मुख्यमंत्री के स्पष्ट आदेश हैं कि मंदिरों के पास ऐसी गतिविधियां नहीं होंगी, फिर नैनपुर प्रशासन मौन क्यों है, हम चेतावनी देते हैं कि यदि जल्द ही इस मटन-मछली मार्केट को यहाँ से हटाकर कहीं और शिफ्ट नहीं किया गया, तो विहिप उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

रूपेश कुमार सोनी, नगर अध्यक्ष, विश्व हिंदू परिषद
हम किसी के व्यवसाय के विरोधी नहीं हैं, लेकिन स्थान का चयन पवित्रता को ध्यान में रखकर होना चाहिए। यहाँ मंदिर जाने वाली महिलाओं और स्कूल जाने वाले बच्चों को भारी परेशानी होती है। हम कई बार आवेदन-निवेदन कर चुके हैं, लेकिन जनप्रतिनिधि और स्थानीय प्रशासन कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं। आस्था को ताक पर रखकर नियमों की बलि दी जा रही है। इस बाजार का तुरंत स्थाई समाधान निकलना चाहिए।
लापरवाही का अंबार
बाजार में सांडों का तांडव, बाल-बाल बचे
- सांड ने दुकान के अंदर घुसकर मचाई तबाही, मची भगदड़
- दुकान के अंदर घुसा सांड, काउंटर और कांच तोड़े
- तहसील के सामने कचरे के ढेर ने बढ़ाई मुसीबत
- आक्रोशित व्यापारियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में आवारा पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार की रात तहसील के सामने स्थित दरियानामल घन्नूमल शॉप में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो लड़ते हुए सांडों में से एक सांड काउंटर से छलांग लगाकर सीधे दुकान के भीतर घुस गया। इस अचानक हुए हमले से दुकान के अंदर मौजूद ग्राहकों और दुकान मालिक को जान बचाकर भागना पड़ा।

कचरे का ढेर बना मुसीबत की जड़
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तहसील के सामने रोजाना शाम को कचरे का बड़ा ढेर लगा रहता है। सोमवार रात करीब 8:45 बजे इसी ढेर पर दो सांड आपस में भिड़ गए। लड़ाई के दौरान एक सांड बेकाबू होकर दुकान में घुस गया, जिससे दुकान का काउंटर और कांच के सेल्फ टूट गए। इस घटना में सामान का काफी आर्थिक नुकसान हुआ है और एक उपभोक्ता को मामूली चोटें भी आई हैं।

प्रशासनिक उदासीनता- सीएम हेल्पलाइन भी बेअसर
स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि इस समस्या के लिए नगरपालिका और स्थानीय प्रशासन जिम्मेदार है। तहसील के सामने इस जगह पर रोजाना बड़ी मात्रा में कचरा पड़ा रहता है और अक्सर सांड, गाय, बैल भी खड़े रहते हैं। यहां पर गंदगी बदबू के साथ जीना बेहाल हो गया है। आवागमन में बदबू से बेहद तकलीफ होती है, कभी भी सांड, बैलों की लड़ाई होना स्वाभाविक है। इसके लिए वहां के दुकानदारों ने कई बार मुख्य नगरपालिका अधिकारी मंडला एवं सीएम हेल्पलाइन में शिकायत भी की लेकिन हर बार विभाग द्वारा आश्वासन देकर शिकायत वापस करा ली जाती है और समस्या जस की तस बनी रहती है। ऐसी गंभीर परिस्थितियों में यदि कोई बड़ी जनहानि होती है तो इसका जवाबदार कौन होगा।
कलेक्टर से गुहार-स्थाई समाधान की मांग
आए दिन बढ़ती समस्या और हादसे से आक्रोशित स्थानीय व्यापारियों ने मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर मंडला को ज्ञापन सौंपा और उनको लंबे समय से हो रही परेशानी से अवगत कराया। ज्ञापन में सोमवार रात की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि यहां आए दिन दुर्घटना होने की संभावना एवं जान माल के नुकसान की स्थिति बनी रहती है। आवेदन में मांग की गई कि यहां अस्थाई कचरा अड्डे को समाप्त किया जाए, आवेदकों ने कलेक्टर महोदय से जल्द समाधान के लिए अपील की।
जिलेहटा में धूमधाम से रचाया गया, श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह, फूलों की वर्षा के बीच गूँजे मंगल गीत
- भागवत कथा में पहुँचे जूना अखाड़ा के अंतर्राष्ट्रीय संगठन मंत्री महंत भगतगिरि महाराज
- भजनों की धुन पर झूमे श्रद्धालु
मंडला महावीर न्यूज 29. निवास क्षेत्र के ग्राम जिलेहटा में प्रवाहित हो रही संगीतमय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के छठवें दिन बुधवार को भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मणी के विवाह का प्रसंग अत्यंत हर्षोल्लास के साथ सुनाया गया। कथा व्यास आचार्य उदय प्रकाश पाण्डेय नदावन कटनी वाले ने जब विवाह का प्रसंग छेड़ा, तो पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मणी का वेश धारण किए बाल कलाकारों की मनमोहक झांकी सजाई गई। जैसे ही विवाह की रस्में शुरू हुईं, श्रद्धालुओं ने मंगल गीत गाते हुए प्रभु पर जमकर पुष्पवर्षा की। आचार्य जी ने प्रसंग सुनाते हुए बताया कि माता रुक्मणी साक्षात लक्ष्मी जी का अवतार थीं। उन्होंने मन ही मन श्रीकृष्ण को अपना पति स्वीकार कर लिया था, लेकिन उनके भाई रुक्मी के विरोध के कारण भगवान को युद्ध में शिशुपाल और जरासंध जैसे राजाओं को परास्त कर रुक्मणी जी का वरण करना पड़ा।
अंतर्राष्ट्रीय महंत का हुआ स्वागत
बुधवार की कथा में एक विशेष आध्यात्मिक गौरव तब जुड़ा, जब अमोलखोह आश्रम के महंत एवं जूना अखाड़ा के अंतर्राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री 1008 भगतगिरि बच्चू महाराज का कथा स्थल पर आगमन हुआ। आयोजन समिति और श्रद्धालुओं ने बैंड-बाजे, आतिशबाजी और फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया। महंत जी ने अपने आशीर्वचन में उपस्थित जनसमूह को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
आज होगा सुदामा चरित्र और कथा विश्राम
आचार्य उदय प्रकाश पाण्डेय ने श्रद्धालुओं को बताया कि गुरुवार को कथा का अंतिम दिन है। इस दिन मित्रता के अनूठे प्रतीक सुदामा चरित्र का वर्णन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भागवत कथा के अंतिम दिन सम्मिलित होने से संपूर्ण कथा श्रवण का पुण्य फल प्राप्त होता है। समिति ने सभी धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर कथा विश्राम और सुदामा चरित्र प्रसंग का लाभ लेने की अपील की है। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, आयोजन समिति के सदस्य और हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कलेक्टर की पहल: मंडला के आजाद वार्ड में महिलाओं ने शुरू किया घर-घर जल परीक्षण अभियान
- स्वच्छ जल से सुरक्षित होगा कल
- एकता समूह की ‘दीदियां’ फील्ड किट से जाँच रहीं पानी की शुद्धता
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में एक महत्वपूर्ण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महाराजपुर के ‘एकता स्वसहायता समूह’ की महिलाओं ने आजाद वार्ड में मोर्चा संभालते हुए घर-घर जाकर जल परीक्षण (Water Testing) की कमान अपने हाथों में ले ली है।
फील्ड किट से हो रही सूक्ष्म जांच
समूह की सदस्य आधुनिक फील्ड टेस्ट किट (FTK) के माध्यम से वार्ड के प्रत्येक घर के नल और अन्य जल स्रोतों की बारीकी से जांच कर रही हैं। इस परीक्षण के दौरान पानी में मौजूद हानिकारक तत्वों जैसे:
- फ्लोराइड और नाइट्रेट
- आयरन और क्लोराइड
- पानी का खारापन (TDS) इन सभी मानकों की मौके पर ही जांच कर परिणाम साझा किए जा रहे हैं।
बीमारियों के प्रति कर रहीं जागरूक
समूह की दीदियों ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल पानी की जांच करना ही नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। वे वार्ड वासियों को जलजनित बीमारियों जैसे टाइफाइड, हैजा और पीलिया के कारणों और उनसे बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दे रही हैं। महिलाओं द्वारा दी जा रही इस समझाइश का सकारात्मक असर वार्ड में देखा जा रहा है।
नागरिकों ने जताया आभार
आजाद वार्ड के निवासियों ने प्रशासन और एकता स्वसहायता समूह के इस जमीनी प्रयास की जमकर सराहना की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि घर बैठे ही पानी की शुद्धता की जानकारी मिलने से वे अब अपने परिवार के स्वास्थ्य को लेकर अधिक सतर्क हो गए हैं। शासन की इस योजना से न केवल शुद्ध जल सुनिश्चित हो रहा है, बल्कि स्वसहायता समूह की महिलाएं भी तकनीकी रूप से सक्षम और आत्मनिर्भर बन रही हैं।
मधुपुरी में फूटा आक्रोश: बूंद-बूंद पानी को तरसे ग्रामीण
खाली बर्तन लेकर मुख्य मार्ग पर किया 4 घंटे चक्काजाम
- जलसंकट की आग: 3500 की आबादी और मात्र 3 हैंडपंप
- मधुपुरी के ग्रामीणों ने पदमी-घुघरी मार्ग किया ठप
- प्रशासनिक लापरवाही पर भारी पड़ा जनआक्रोश
- दूषित पेयजल और टूटी पाइपलाइन को लेकर कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन
मंडला महावीर न्यूज 29| ग्राम पंचायत मधुपुरी में पिछले कई वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या ने बुधवार को उग्र रूप ले लिया। गांव में व्याप्त भीषण जलसंकट और पिछले 10 दिनों से ठप पड़ी जलापूर्ति से नाराज होकर सैकड़ों ग्रामीणों ने पदमी-घुघरी मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सुबह 9:30 बजे से शुरू हुआ यह प्रदर्शन दोपहर 2:00 बजे तक चला, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
3500 की जनसंख्या और बूंद-बूंद का संघर्ष
ग्रामीणों ने बताया कि 3500 की आबादी वाले इस गांव में केवल 3 हैंडपंप चालू हालत में हैं, जिससे प्यास बुझाना नामुमकिन हो गया है। हाल ही में नाली निर्माण के दौरान लापरवाही बरतते हुए पेयजल की मुख्य पाइपलाइन तोड़ दी गई, जिसे सुधारने का वादा तो किया गया लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। महिलाएं और बच्चे घंटों कतार में लगकर पानी के लिए मोहताज हैं।
दूषित पानी से मंडरा रहा मौत का साया
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जलापूर्ति के वाल्व कुंड (चैंबर) में नाली का गंदा पानी समा रहा है। इंदौर के भगीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों का हवाला देते हुए ग्रामीणों ने कहा कि इसी गंदे पानी की सप्लाई घरों में होने की संभावना है, जिससे कभी भी बड़ी महामारी फैल सकती है। निर्माण कार्य इतना अव्यवस्थित है कि गंदा पानी निकलने का रास्ता ही बंद हो गया है।
अधिकारियों की देरी और तीखी बहस
चक्काजाम की सूचना पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक मर्सकोले और युवा कांग्रेस अध्यक्ष संजू अहिरवार मौके पर पहुंचे। हैरानी की बात यह रही कि करीब 4 घंटे तक न तो पंचायत का कोई प्रतिनिधि और न ही विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। बाद में जब पीएचई (PHE) और एमपीआरडीसी (MPRDC) के अधिकारी पहुंचे, तो ग्रामीणों और नेताओं के साथ उनकी तीखी बहस हुई।
लिखित आश्वासन के बाद खुला जाम
बम्हनी नायब तहसीलदार और पीएचई विभाग के अधिकारी मनोज भास्कर ने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि नाली का गहरीकरण कर पेयजल व्यवस्था को 3 दिनों के भीतर बहाल किया जाएगा। अधिकारियों द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन के बाद दोपहर 2 बजे जाम खोला गया। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
मुख्य मांगें:
- पाइपलाइन को तत्काल दुरुस्त कर पेयजल आपूर्ति बहाल करना।
- नाली निर्माण का गहरीकरण कर गंदे पानी की निकासी सुनिश्चित करना।
- लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई।
- गांव में नए हैंडपंपों की स्थापना।
रिपोर्टर- गर्जेन्द्र पटेल, अंजनिया, मंडला ✍️
निराहार रहकर साढ़े चार वर्षों से नर्मदा साधना कर रहे दादागुरु पहुंचे निवास, जयकारों से गूँज उठा क्षेत्र
महातपस्वी दादागुरु की नर्मदा परिक्रमा यात्रा निवास क्षेत्र पहुंची
- श्रद्धा और भक्ति के अनूठे संगम में उमड़ा जनसैलाब
- नर्मदा जल ही ऊर्जा का स्रोत, वैज्ञानिक भी हैरान
- भारतीय परिधान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर बढ़ रही दादागुरु की यात्रा
मंडला महावीर न्यूज 29. वर्षों से अन्न का त्याग कर केवल नर्मदा जल के आधार पर जीवित रहकर कठिन तपस्या करने वाले महाकौशल के संत भैया जी सरकार (दादागुरु) की नर्मदा परिक्रमा यात्रा बुधवार को निवास क्षेत्र पहुंची। ग्राम हाथीतारा से शुरू हुई यह यात्रा जैसे ही गुंदलई और भीखमपुर पहुंची, पूरा वातावरण नर्मदे हर के जयकारों से गूँज उठा। बैंड-बाजों और पुष्प वर्षा के साथ हजारों श्रद्धालुओं ने दादागुरु का भव्य स्वागत किया।
दादागुरु ने 17 अक्टूबर 2020 से अन्न, भोजन और फलाहार का पूर्ण त्याग कर यह महाव्रत शुरू किया था। ताज्जुब की बात यह है कि बिना कुछ खाए वे प्रतिदिन 25 से 30 किलोमीटर (कभी-कभी 40 किमी) की पैदल यात्रा करते हैं। उनके इस तप को देखकर डॉक्टर और वैज्ञानिक भी हैरान हैं। मेडिकल काउंसिल की टीम ने 7 दिनों तक उनकी सघन जांच की, लेकिन विज्ञान अब तक इस गुत्थी को नहीं सुलझा पाया है कि कोई व्यक्ति इतने वर्षों तक केवल जल पर रहकर इतना सक्रिय कैसे रह सकता है।
पर्यावरण और भारतीय परिधान का संदेश
परिक्रमा के दौरान दादागुरु केवल श्वेत लंगोट धारण करते हैं और अपने अनुयायियों को भी भारतीय परिधान (धोती-कुर्ता) पहनने के लिए प्रेरित करते हैं। उनका स्पष्ट संदेश है कि मां नर्मदा केवल नदी नहीं और वृक्ष केवल लकड़ी नहीं, बल्कि साक्षात देवी-देवता हैं। यात्रा के दौरान जहां कहीं भी कटे हुए वृक्ष दिखाई देते हैं, तो पर्यावरण प्रेमी दादागुरु का क्रोध देख लोग वृक्षों के महत्व को समझते हैं।
स्वागत में उमड़ा प्रशासनिक अमला और जनशक्ति
यात्रा के दौरान मां नर्मदा सेवा समिति निवास द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद यात्रा बिझौली, अमगांव, बिसौरा और मानिकपुर होते हुए देर शाम डिंडोरी जिले के शहपुरा (बिछिया) पहुंची। इस दौरान सुरक्षा और व्यवस्था में निवास थाना प्रभारी वर्षा पटेल, जनपद सीईओ श्रद्धा चौबे सोनी, एसडीएम सी.एल. वर्मा सहित शहपुरा और बिछिया पुलिस का विशेष सहयोग रहा।
दो हजार अनुयायी चल रहे पैदल
दादागुरु के जत्थे में लगभग 2000 अनुयायी पैदल चल रहे हैं। प्रतिदिन सुबह मां नर्मदा की महाआरती के बाद यात्रा शुरू होती है। रात्रि विश्राम के दौरान दादागुरु प्रवचन के माध्यम से जनमानस को नर्मदा संरक्षण, स्वच्छता और प्रकृति की रक्षा के लिए प्रेरित करते हैं। उनका कहना है कि प्रकृति ही हमारा असली आहार है और इसके संरक्षण के बिना जीवन की कल्पना असंभव है।
रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे
सड़क पर उतरे ‘कप्तान’ और ‘कलेक्टर’
हेलमेट न होने पर चालकों को रोककर दी समझाइश, मौके पर मँगवाए हेलमेट
- जीवन रक्षा की अनूठी पहल: मंडला कलेक्टर और एसपी ने खुद संभाला मोर्चा
- बिना हेलमेट वालों की रुकवाई गाड़ियाँ
- पहले समझाइश फिर सख्ती
- परिजनों को बुलाकर मौके पर मँगवाए हेलमेट
- 3 दिन में फोटो भेजने के दिए निर्देश
मंडला महावीर न्यूज 29 | जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने के लिए कलेक्टर सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने एक बेहद संवेदनशील और प्रभावी पहल की है। शुक्रवार को वीरनारायण शाह बस स्टैंड परिसर के सामने मुख्य मार्ग पर दोनों अधिकारियों ने स्वयं खड़े होकर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने का जीवनरक्षक संदेश दिया।
भावनात्मक जुड़ाव: मौके पर मँगवाए हेलमेट
अभियान की सबसे खास बात यह रही कि अधिकारियों ने बिना हेलमेट वाहन चला रहे चालकों को सीधे दंडित करने के बजाय भावनात्मक रूप से जागरूक किया। जिन चालकों के पास हेलमेट नहीं थे, उनकी गाड़ियाँ बस स्टैंड परिसर में खड़ी करवा दी गईं और उनके परिजनों को फोन करके मौके पर हेलमेट लेकर बुलाया गया। प्रशासन का उद्देश्य यह संदेश देना था कि हेलमेट पहनना केवल चालान से बचना नहीं, बल्कि परिवार के पास सुरक्षित लौटने का भरोसा है।
तकनीकी निगरानी: 3 दिन में भेजनी होगी फोटो
सख्ती बरतते हुए प्रशासन ने बिना हेलमेट वाले सभी चालकों के नाम, मोबाइल नंबर और पते दर्ज किए हैं। इन सभी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे तीन दिन के भीतर हेलमेट खरीदकर और उसे पहनकर अपनी एक फोटो संबंधित विभाग के नंबर पर भेजें। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि दी गई समझाइश का पालन वास्तविक रूप में हो रहा है।
अधिकारियों का संदेश
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने कहा कि सड़क सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है, हम चाहते हैं कि लोग खुद अपनी सुरक्षा के लिए जागरूक हों। वहीं, एसपी रजत सकलेचा ने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों को बोझ न समझें और सुरक्षित सफर के लिए इनका पालन करें।
प्रशासनिक अमले की उपस्थिति
इस विशेष अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा, नगर निरीक्षक शफीक खान, यातायात थाना प्रभारी ललित धुर्वे, सीएमओ गजानन नाफड़े, योगेश राजपूत और नायब तहसीलदार राम सिंह उलाड़ी सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी संवेदनशीलता और सख्ती का यह तालमेल लगातार जारी रहेगा।
बीजाडांडी पुलिस की अनूठी पहल
- दोपहिया वाहन चालकों को दिए सुरक्षा का कवच
- नि:शुल्क हेलमेट पाकर खिले चेहरे
- थाना बीजाडांडी के सामने पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने बांटे हेलमेट
- सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
मंडला महावीर न्यूज 29. सड़क हादसों में होने वाली जनहानि को रोकने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस थाना बीजाडांडी के समक्ष एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बीजाडांडी पुलिस, केएमसी ब्लाग्स और आम नागरिकों के सहयोग से हेलमेट वितरित किया गया। इस दौरान पुलिस विभाग द्वारा दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट की उपयोगिता समझाई गई और उन्हें नि:शुल्क हेलमेट प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी अनीता कुड़ापे ने वाहन चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि हेलमेट केवल कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन बचाने वाला सुरक्षा कवच है। पुलिस टीम ने चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने का संकल्प दिलाया और भविष्य में नियमों का पालन करने की समझाइश दी। इस जागरूकता अभियान के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष डुमारी लाल कुम्हरे, पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हेमलता यादव, विकास यादव, अलका कुम्हरे, भागवत गौठरिया, राजेश तिवारी, विमलेश पाठक और फिरदौस खान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पुलिस टीम का रहा सक्रिय सहयोग
आयोजन को सफल बनाने में थाना प्रभारी अनीता कुड़ापे के साथ सहायक निरीक्षक पंकज विश्वकर्मा सहित पूरे पुलिस स्टाफ का सक्रिय योगदान रहा। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस संवेदनशील पहल की सराहना की है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों और पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से बिना हेलमेट जा रहे चालकों को रोककर उन्हें सुरक्षा भेंट स्वरूप हेलमेट पहनाए।
भक्ति के रस में डूबा जनमानस
- बबलिया में 108 रामचरितमानस और सुंदरकाण्ड पाठ का हुआ समापन
- हनुमान मंदिर बस स्टैंड में गूंजे प्रभु श्री राम के जयकारे
- कन्या भोज और भंडारे के साथ अनुष्ठान संपन्न
मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय देवरी कला बबलिया बस स्टैंड स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में आयोजित 108 अखंड रामचरितमानस एवं 108 सुंदरकाण्ड पाठ का समापन किया गया। ग्राम के प्रतिष्ठित गल्ला व्यापारी विष्णुप्रसाद सोनी एवं उनके समस्त परिवार द्वारा आयोजित इस अनुष्ठान में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर धर्म लाभ उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शास्त्री गोवर्धन पाण्डेय के सान्निध्य में वेद मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजन के साथ किया गया। बताया गया कि विगत 10 अक्टूबर 2025 से निरंतर चल रहे 108 अखंड राम चरित मानस पाठ की पूर्णाहूति 28 जनवरी को सुंदरकांड के 108 पाठों के साथ हुई। ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से न केवल जनमानस में आस्था जगती है, बल्कि क्षेत्र की वायु और वातावरण भी शुद्ध होता है।
भक्ति में झूमे श्रद्धालु, कन्या भोज का हुआ आयोजन
हनुमान मंदिर में आयोजित महाआरती और हनुमान चालीसा के पाठ के दौरान भक्तगण भक्ति भाव में सराबोर होकर झूम उठे। अनुष्ठान की पूर्णाहुति पर भव्य हवन-पूजन किया गया, जिसके बाद कन्या भोज और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। महाप्रसाद वितरण के साथ ही उपस्थित साधु-संतों और कन्याओं को श्रद्धापूर्वक विदाई दी गई।
युवा शक्ति का रहा सराहनीय सहयोग
इस वृहद धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा। प्रतिदिन आयोजित होने वाले महा भंडारे में उपसरपंच संजय सोनी, सहायक सचिव दिनेश, मनीष नामदेव सहित युवा टोली ने सक्रिय भूमिका निभाई। भक्तों का मानना है कि ऐसे अनुष्ठानों से हर मस्तिष्क में ईश्वर के प्रति विश्वास गहरा होता है और क्षेत्र में सुख-समृद्धि आती है।
नैनपुर में रफ्तार का कहर
- अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंदा, हालत नाजुक
- इटका, गोंझी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा
- रेलवे स्टेशन से लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
- मानवता की मिसाल पेश कर डायल 112 ने पहुँचाया अस्पताल
मंडला महावीर न्यूज 29. क्षेत्र के इटका, गोंझी सड़क मार्ग पर गुरुवार सुबह लगभग 10 बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। इस दर्दनाक हादसे में युवक सड़क पर काफी दूर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी अनुसार घायल युवक की पहचान 19 वर्षीय आशिष पावले, निवासी ग्राम अतरिया के रूप में हुई है। बताया गया कि आशीष अपने एक रिश्तेदार को नैनपुर रेलवे स्टेशन छोडऩे गया था। वहां से लौटते समय वह किसी आवश्यक कार्य से गोंझी की ओर जा रहा था, इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
डायल 112 की तत्परता से समय पर मिला इलाज
हादसे के बाद सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही आरक्षक मुकेश रंगडाले और पायलट लोकेश जंघेला कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुँचे। उन्होंने मानवता दिखाते हुए घायल आशीष को तत्काल उठाकर सिविल अस्पताल नैनपुर पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों द्वारा उसका सघन उपचार किया जा रहा है।

पुलिस कर रही जांच
सड़क दुर्घटना की इस खबर के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। चिकित्सक ने बताया कि युवक की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है। इधर नैनपुर पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय निवासियों ने इस मार्ग पर अनियंत्रित रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग की है।
फाइटर कप सीजन-2 का शानदार आगाज
- पहले मुकाबले में अमरपुर ने नारायणगंज को 19 रनों से दी शिकस्त
- गांधी स्टेडियम में क्रिकेट का रोमांच शुरू, मैन ऑफ द मैच प्रदीप के दम पर अमरपुर ने मारी बाजी
- प्रवीण के अर्धशतक और गेंदबाजों की धार से जीता अमरपुर
- फाइटर कप के पहले ही मैच में दिखा कड़ा मुकाबला
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के महात्मा गांधी स्टेडियम ग्राउंड में फाइटर स्पोर्ट्स क्लब के तत्वाधान में आयोजित फाइटर कप सीजन-2 का शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में अमरपुर और नारायणगंज की टीमें आमने-सामने थीं, जिसमें अमरपुर ने शानदार खेल दिखाते हुए 19 रनों से जीत दर्ज कर अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर ली।
मैच की शुरुआत में नारायणगंज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। अमरपुर की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और टीम ने जल्दी विकेट खो दिए, लेकिन बल्लेबाज प्रवीण ने एक छोर संभाले रखा। प्रवीण की 61 रनों की आतिशी पारी और राहुल जायसवाल (20), देवेंद्र (19) व शुभम मरावी (18) के योगदान से अमरपुर ने निर्धारित ओवरों में 162 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया। नारायणगंज की ओर से पवन, तोशी और देवी ने 2-2 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने में लडख़ड़ाई नारायणगंज
163 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नारायणगंज की टीम संघर्ष करती नजर आई। अरशद (40) और देवी (25) ने टीम को जीत दिलाने की कोशिश की, लेकिन अमरपुर की सधी हुई गेंदबाजी के आगे पूरी टीम 143 रनों पर सिमट गई। अमरपुर की ओर से रिंकू और प्रदीप बनवासी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट लिए। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रदीप को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
अतिथियों ने बढ़ाया खिलाडिय़ों का उत्साह
टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में वेदप्रकाश उईके और विशिष्ट अतिथि के रूप में शैलेश दुबे उपस्थित रहे। इस दौरान खेल प्रेमियों के साथ रेनू अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, समीर बाजपेई, दीपेश पटेल, दीपक साहू, नीलनिकेश कठोतिया सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मैच में निर्णायक की भूमिका सत्यम बर्मन और ऋषि रघुवंशी ने निभाई, जबकि स्कोरिंग मोहित बरमैया और करन गिलानी ने की।
मित्रता की मिसाल, सुदामा चरित्र सुन भाव-विभोर हुए श्रद्धालु
- जिलेहटा में भागवत कथा का समापन
- कृष्ण-सुदामा मिलन देख छलकीं भक्तों की आँखें
- आज महायज्ञ की पूर्णाहुति और विशाल भंडारे का होगा आयोजन
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम जिलेहटा में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का समापन गुरुवार को सुदामा चरित्र के मर्मस्पर्शी प्रसंग के साथ हुआ। कथा व्यास आचार्य उदय प्रकाश पाण्डेय नदावन कटनी वाले ने जब भगवान श्रीकृष्ण और उनके दरिद्र सखा सुदामा की नि:स्वार्थ मित्रता का वर्णन किया, तो पूरा पंडाल भक्ति और करुणा के भाव में डूब गया।
कथा प्रसंग सुनाते हुए आचार्य जी ने कहा कि मित्रता हो तो कृष्ण और सुदामा जैसी, जहाँ न अमीरी का अहंकार था और न गरीबी का संकोच। उन्होंने आज के दौर की स्वार्थपूर्ण मित्रता पर प्रहार करते हुए कहा कि सच्चा मित्र वही है जो बिना बताए अपने मित्र के दुखों को समझ ले और मदद के लिए हाथ बढ़ा दे।
नंगे पाँव दौड़े आए द्वारकाधीश
कथा के दौरान जब सुदामा के द्वारका पहुँचने और भगवान कृष्ण के नंगे पाँव अपने सखा को गले लगाने का दृश्य वर्णित किया गया, तो श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। आचार्य जी ने बताया कि भगवान केवल प्रेम और अटूट विश्वास के भूखे हैं। सुदामा की दीन-हीन दशा देखकर भगवान ने स्वयं अपने अश्रुओं से उनके पाँव धोए, जो अटूट प्रेम का सर्वोच्च उदाहरण है।
आज होगा हवन और भंडारा
यज्ञ आचार्य रमाकांत शास्त्री ने बताया कि शुक्रवार सुबह 8 बजे से विधि-विधान के साथ यज्ञ की पूर्णाहुति की जाएगी। इसके बाद कन्या भोज और विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कथा के अंतिम दिन समापन अवसर पर आरती के बाद सभी भक्तों को विशेष प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर आयोजन समिति और समस्त ग्रामवासियों ने कथा व्यास का सम्मान करते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
बम्हनी स्कूल में अब स्मार्ट तरीके से होगी पढ़ाई
- डिजिटल क्लासरूम और वॉटर कूलर की मिली सौगात
- आधुनिक शिक्षा की ओर बढ़ते कदम
- बम्हनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्थापित हुई स्मार्ट क्लास
- डिजिटल स्क्रीन और बाला पेंटिंग से बदला ग्रामीण स्कूल का स्वरूप
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को तकनीक और आधुनिक शिक्षा से जोडऩे के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बम्हनी में बदलाव देखने को मिला है। यहां एचडीएफसी बैंक परिवर्तन कार्यक्रम के सहयोग एवं अर्पण सेवा संस्थान के क्रियान्वयन से यहाँ स्मार्ट क्लास की स्थापना की गई है। इस पहल से अब ग्रामीण छात्र भी महानगरों की तर्ज पर डिजिटल माध्यम से शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे।
विद्यालय के स्मार्ट क्लास कक्ष को विशेष रूप से आकर्षक बनाया गया है। यहाँ बाला पेंटिंग कराई गई है, जिससे दीवारें भी बच्चों को सीखने के लिए प्रेरित कर रही हैं। यह बाल सुलभ वातावरण बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा। स्मार्ट क्लास में अत्याधुनिक इंटरएक्टिव पैनल स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से शिक्षक अब वीडियो, चित्र और प्रेजेंटेशन के जरिए कठिन विषयों को आसानी से समझा सकेंगे। डिजिटल कंटेंट के उपयोग से बच्चों की समझने की क्षमता बढ़ेगी और पढ़ाई अधिक रोचक होगी।
बुनियादी सुविधाओं का भी होगा विस्तार
केवल तकनीक ही नहीं, बल्कि बच्चों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा गया है। कार्यक्रम के तहत कक्षा में नए डेस्क-बेंच की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर में शुद्ध पेयजल हेतु वॉटर कूलर भी प्रदान किया गया है।
संस्थानों का जताया आभार
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने एचडीएफसी बैंक और अर्पण सेवा संस्थान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को ऊँचा उठाने और बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में मील का पत्थर साबित होगी।























































































































