अवैध क्लीनिकों पर प्रशासन का प्रहार, दो झोलाछाप डॉक्टरों की दुकानें सील

Advertisements

अवैध क्लीनिकों पर प्रशासन का प्रहार, घुघरी में दो झोलाछाप डॉक्टरों की दुकानें सील

  • बिना पंजीयन प्रैक्टिस करने वालों की अब खैर नहीं
  • स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घुघरी में की बड़ी कार्रवाई

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में गैर-पंजीकृत और अवैध रूप से चिकित्सा कार्य करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला स्तरीय जांच टीम और ब्लॉक संयुक्त टीम ने घुघरी ब्लॉक में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि जांच दल ने घुघरी ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित क्लीनिकों के दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान दो ऐसे चिकित्सक पाए गए जो बिना किसी वैध पंजीयन या अनुमति के मरीजों का उपचार कर रहे थे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जिला और ब्लॉक की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन दोनों गैर-पंजीकृत चिकित्सकों के क्लीनिकों को सील कर दिया है।

स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं 

स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से प्रैक्टिस कर रहे चिकित्सकों में हड़कंप मच गया है। बताया गया कि बिना पात्रता के उपचार करना मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ है। सीएमएचओ ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की जांच जारी रहेगी और नियम विरुद्ध कार्य करने वालों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान जिला स्तरीय टीम के सदस्य, घुघरी ब्लॉक के संबंधित अधिकारी और पुलिस प्रशासन का अमला उपस्थित रहा।



 

Leave a Comment