जहर मुक्त खेती से लेकर नाड़ी चिकित्सा के सीखे गुर
- गुरुकुल में तीन दिवसीय राष्ट्रीय वक्ता निर्माण शिविर संपन्न
- युवाओं ने सीखे भारतीय संस्कृति के गुर
मंडला महावीर न्यूज 29. नर्मदा तट स्थित गाजीपुर के जिलहरी घाट में संचालित काशी विश्वनाथ वैदिक गुरुकुल में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय वक्ता निर्माण शिविर का समापन हुआ। 9 जनवरी से प्रारंभ हुए इस शिविर में समाज निर्माण और स्वावलंबन से जुड़े विभिन्न गूढ़ विषयों पर गहन प्रशिक्षण दिया गया।
शिविर के दौरान प्रशिक्षकों ने आधुनिक और प्राचीन भारतीय पद्धतियों के समन्वय पर जोर दिया। प्रशिक्षण के मुख्य विषयों में मनोविज्ञान, गर्भ विज्ञान, जहर मुक्त प्राकृतिक कृषि, नाड़ी चिकित्सा, भारतीय शिक्षा व्यवस्था और गुरुकुल पद्धति शामिल रहे। इसके अतिरिक्त शिविरार्थियों को भारतीय संस्कृति, घरेलू उद्योगों के माध्यम से स्वतंत्र रोजगार, परिवार नियोजन और प्राचीन पशु चिकित्सा विज्ञान की बारीकियों से भी अवगत कराया गया।
हरियाणा से आए प्रशिक्षकों ने दिया मार्गदर्शन
इस शिविर में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में हरियाणा से आए प्रशिक्षक सुनील शर्मा और अंगिरा वैदिक ने अपने ओजस्वी व्याख्यानों और व्यावहारिक ज्ञान से प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने बताया कि कैसे एक प्रभावी वक्ता बनकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
अनेक जिलों से पहुंचे प्रतिभागी
इस तीन दिवसीय आयोजन में जिला मुख्यालय सहित महाराजपुर, गाजीपुर, ग्वारी, पटेहरा, झुरकी एवं पड़ोसी जिलों सिवनी व छिंदवाड़ा से बड़ी संख्या में युवा और धर्मप्रेमी शामिल हुए। शिविर के सफल समापन पर गुरुकुल परिवार ने सभी शिविरार्थियों, सहयोगियों और दानी सज्जनों का आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। गुरुकुल प्रबंधन के अनुसार ऐसे आयोजनों का उद्देश्य राष्ट्र निर्माण के लिए बौद्धिक और शारीरिक रूप से सक्षम युवाओं की टोली तैयार करना है।











