10 मवेशियों की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश

ग्राम सुखराम में पशुओं पर अज्ञात बीमारी का कहर

  • 10 मवेशियों की मौत से ग्रामीणों में भारी आक्रोश
  • जिला प्रशासन से विशेष टीम भेजने की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सुखराम में इन दिनों मवेशियों में फैली एक अज्ञात बीमारी ने पशुपालकों की नींद उड़ा दी है। बीते कुछ दिनों में यहाँ लगभग 10 मवेशियों की मौत की खबर सामने आई है, जिससे ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है। ग्रामीण इस घटना को किसी गंभीर संक्रमण से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि शुरुआती जांच में पशु चिकित्सा विभाग के दावे अलग हैं।सरपंच कमल सिंह मरावी ने बताया कि गांव में लगातार पशुओं की जान जा रही है। पशुपालक ज्ञान सिंह की गायों की मौत हुई है, वहीं सिंह भौंरे का बैल भी इस बीमारी की भेंट चढ़ गया। इसके अलावा कमल मरावी का बैल, हृदय और अरविंद की गायों की भी मृत्यु हो गई है। लगातार हो रही इन मौतों से किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है।

अनपच और गैस बनी मौत का कारण 

सूचना मिलते ही पशु चिकित्सालय बबलिया से डॉ. अंजनी सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी, डॉ. कंचन कुशवाहा की टीम मौके पर पहुँची। डॉक्टरों द्वारा मृत पशुओं का पोस्टमार्टम किया गया। डॉक्टर अंजलि के अनुसार प्राथमिक जांच में मवेशियों की मृत्यु का कारण अनपच बताया गया है, जिससे पेट में अत्यधिक गैस बनी और पशुओं की जान चली गई। टीम द्वारा बीमार पशुओं का उपचार भी लगातार किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार 

पशु चिकित्सा विभाग के अनपच वाले तर्क से ग्रामीण सहमत नहीं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यह सामान्य अनपच होता तो एक साथ इतने मवेशियों की जान नहीं जाती। यह किसी विशेष बीमारी का प्रकोप लग रहा है। सरपंच कमल सिंह मरावी और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि तत्काल विशेषज्ञों की एक विशेष टीम गांव भेजी जाए। बीमारी की सटीक रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस पर नियंत्रण नहीं पाया गया तो गांव के जान-माल का और अधिक नुकसान हो सकता है।


 

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

Advertisements

Read More Articles