करोड़ों की लागत से बन रहे स्वास्थ्य भवन में आईं दरारें
- नारायणगंज जनपद अध्यक्ष के औचक निरीक्षण में खुली पोल
- घटिया निर्माण पर जनपद अध्यक्ष बिफरे
- पीडब्ल्यूडी की चुप्पी और ठेकेदार की मनमानी पर उठाए सवाल
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत नारायणगंज के ग्राम देवगांव सिगोंधा में निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला उजागर हुआ है। ग्रामीणों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जनपद पंचायत अध्यक्ष आसाराम भारतीय ने निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान करोड़ों की लागत से बन रहे इस भवन की गुणवत्ता देख अध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी जाहिर की।
निरीक्षण के दौरान मौके पर पाया गया कि भवन का कार्य अभी प्रगति पर है, लेकिन दीवारों में अभी से बड़ी-बड़ी दरारें पडऩी शुरू हो गई हैं। यह घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग का प्रत्यक्ष प्रमाण है। इसके अलावा, निर्माण स्थल पर शासन के नियमों के विपरीत कोई भी सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे लागत और समय-सीमा की जानकारी गुप्त रखी गई है।
निरीक्षण के दौरान जब जनपद अध्यक्ष आसाराम भारतीय ने जवाबदेही तय करने के लिए ठेकेदार से फोन पर संपर्क करना चाहा, तो ठेकेदार ने फोन उठाना भी मुनासिब नहीं समझा। वहीं मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार अपनी मनमानी कर रहा है और विभाग के अधिकारी शिकायत के बावजूद मूकदर्शक बने हुए हैं।
पीडब्ल्यूडी की भूमिका पर उठे सवाल
जनपद अध्यक्ष आशाराम भारतीया ने इस मामले में लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों की सरकारी राशि का दुरुपयोग हो रहा है और विभागीय अधिकारी मौन हैं, जो मिलीभगत की ओर इशारा करता है।
उच्चस्तरीय जाँच की मांग
आसाराम भारतीय ने जिला प्रशासन से इस निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय तकनीकी जाँच कराने और दोषी ठेकेदार व संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े स्वास्थ्य भवनों के निर्माण में गुणवत्ता से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।









