सात करोड़ के बहुप्रतीक्षित पार्किंग प्रोजेक्ट पर लगा ब्रेक
- सुरक्षा इंतजाम नदारद, सीएमओ ने कंपनी को थमाया नोटिस
- अधूरा काम बना दुर्घटना का खतरा
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर के कमानिया गेट के पास बन रहे बहुप्रतीक्षित पार्किंग जोन के निर्माण में ठेका कंपनी की बड़ी लापरवाही सामने आई है। लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत यह प्रोजेक्ट जिसे कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके के प्रयासों से स्वीकृति मिली थी, फिलहाल ठप पड़ा हुआ है। भोपाल की संजय कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्य को अधूरा छोड़कर कंपनी ने काम बंद कर दिया है, जिससे निर्माण स्थल पर गंभीर अनियमितताएं और असुरक्षा की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
जानकारी अनुसार प्रोजेक्ट का कार्य कर रहे ठेकेदार की इस मनमानी के कारण न केवल स्थानीय नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि क्षेत्र में दुर्घटनाओं की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं। निर्माण स्थल पर सुरक्षा के इंतजाम पूरी तरह नदारद हैं, न तो किसी प्रकार के चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही बैरिकेडिंग की गई है, जिससे यह स्थल खुले खतरे का रूप ले चुका है।
बताया गया कि विगत दिनों इस क्षेत्र में हुई एक घटना ने पहले ही विभागीय लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए थे। हॉकर जोन की दीवार गिरने से दो वाहन उसमें समा गए थे, जिसकी खबर भी प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी। प्रशासन और विभागीय अधिकारियों को उस घटना के बाद चेतावनी दिए जाने के बावजूद निर्माण कंपनी द्वारा वही पुरानी लापरवाही दोहराई जा रही है। जगह-जगह मिट्टी और निर्माण सामग्री बिखरी पड़ी है, जिससे खासकर रात के समय राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा पैदा हो गया है।
नागरिकों में रोष, प्रशासन पर सवाल
स्थानीय नागरिकों में ठेका कंपनी के प्रति भारी रोष है। नागरिकों का कहना है कि अगर समय रहते कंपनी पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई और निर्माण कार्य व्यवस्थित तरीके से फिर से शुरू नहीं हुआ, तो यह लापरवाही कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। नागरिकों ने मांग की है कि प्रशासन को तुरंत हस्तक्षेप कर कंपनी को सुरक्षा मानक पूरे करने और काम तत्काल शुरू करने के लिए बाध्य करना चाहिए।
सीएमओ ने जारी किया नोटिस
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी गजानन नाफडे ने बताया कि कंपनी की लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उसे नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही निर्माण कार्य फिर से शुरू किया जाएगा और कंपनी को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि नागरिक इस आश्वासन पर ठोस कार्रवाई चाहते हैं, जिससे दीपावली जैसे बड़े त्योहार से पहले यह अधूरा निर्माण स्थल यातायात और सुरक्षा के लिए जोखिम न बना रहे।











