डीपीसी पत्नी सहित 60 हजार रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ धराए
- ईओडब्ल्यू का एक्शन, तीन पर हुई कार्रवाई
- स्कूल की सील खोलने के लिए डीपीसी और एपीसी ने मांगी थी रिश्वत
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मंडला के शिक्षा विभाग में गुरूवार को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ जबलपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला परियोजना समन्वयक अरविंद विश्वकर्मा, उनकी पत्नी आरती विश्वकर्मा और सहायक परियोजना समन्वयक अवधेश नारायण पाण्डेय को 60 हजार रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। यह मामला कैकया ग्राम स्थित विद्या निकेतन स्कूल में बिल्डिंग निर्माण कार्य से जुड़ा है। बताया गया है कि स्कूल संचालक रविकांत नंदा से निर्माण कार्य पूर्ण होने का प्रमाण पत्र देने के एवज में डीपीसी अरविंद विश्कर्मा ने एक लाख बीस हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। जिसके बाद ईओडब्ल्यू ने कार्रवाई करते हुए रंगेहाथ पकड़ा है।
बताया गया कि पीडि़त आवेदक की शिकायत के आधार पर ईओडब्ल्यू ने कार्रवाई की योजना बनाई। स्कूल संचालक रविकांत नंदा पहले ही डीपीसी को 50 हजार रुपए दे चुके थे। गुरुवार को दूसरी किस्त के रूप में 60 हजार रुपए दिए जाने थे। रिश्वत की यह राशि रिलायंस पेट्रोल पंप बिंझिया के पास दी जानी थी। जैसे ही रविकांत नंदा ने यह राशि अरविंद विश्कर्मा को दी, अरविंद विश्कर्मा ने तुरंत रुपयों का पैकेट अपनी पत्नी को रखने के लिए कहा। इसी दौरान पहले से तैयार ईओडब्ल्यू की टीम ने घेराबंदी कर ली और अरविंद विश्कर्मा को रंगे हाथों दबोच लिया। उनकी पत्नी भी इस कार्रवाई के घेरे में आ गई हैं।
स्कूल की रिपोर्ट देने के लिए मांगी थी रिश्वत
बताया गया कि यह कार्रवाई शिकायतकर्ता रविकांत नंदा निवासी ग्राम ककैया बिछिया की शिकायत पर की गई। प्रार्थी का विघा निकेतन स्कूल ककैया जर्जर भवन के कारण सील कर दिया गया था। स्कूल की मरम्मत के बाद उसे दोबारा खोलने के लिए डीपीसी से पक्ष में रिपोर्ट मांगी गई थी। इसी रिपोर्ट को देने के एवज में डीपीसी अरविंद विश्वकर्मा और एपीसी अवधेश नारायण पाण्डेय ने प्रार्थी से 1 लाख 20 हजार रूपए की रिश्वत की मांग की थी। जिसकी दूसरी किस्त 60 हजार रूपए देना था। शिकायत का सत्यापन होने के बाद ईओडब्ल्यू ने रिलायंस पेट्रोल पम्प मंडला पर ट्रैप बिछाया। कार्रवाई के दौरान डीपीसी अरविंद विश्वकर्मा ने रिश्वत की रकम अपनी पत्नी आरती विश्वकर्मा के माध्यम से ली।
बताया गया कि जैसे ही डीपीसी विश्कर्मा की पत्नी ने पैकेट लिया, ईओडब्लू की टीम ने दबिश देकर दोनों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। टीम द्वारा पंप के सीसी टीवी कैमरे रिकार्ड के साथ कार्यालय से अहम दस्तावेज जब्त किए है। ईओडब्लू की टीम के डीएसपी स्वर्णजीत सिंह धामी एवं टीम शामिल रही। ईओडब्लू की टीम ने तीनो के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज कार्रवाई की है।










