चोरी की बाइक के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
- मनेरी पुलिस की कार्रवाई, आरोपी को न्यायालय में किया पेश
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मनेरी पुलिस चौकी ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त की गई बाईक की कीमत लगभग 75 हजार रुपये बताई जा रही है। बताया गया कि मनेरी चौकी में दर्ज एक चोरी के मामले की जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली। इस सूचना के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई।
पुलिस की पूछताछ के दौरान संदिग्ध ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 जेडक्यू 1880 बरामद की। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय भागचंद उरेती के रूप में हुई है, जो ग्राम करही का निवासी है। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप पाण्डेय, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक शशांक शुक्ला, प्रधान आरक्षक अभिषेक मिश्रा, आरक्षक आनंद कोरी, मुकेश शान्डिल्य, सूर्यचंद्र बघेल और सैनिक योगेश पटेल की अहम भूमिका रही।









