बोरिया में बिराजी मां दुर्गा, 29 सितंबर को देवी जागरण
- प्रसिद्ध भजन गायिका पूजा गोल्हानी देंगी प्रस्तुति
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम बोरिया की पावन धरा पर इन दिनों नवरात्रि का उल्लास छाया हुआ है। माँ दुर्गा अपने दिव्य स्वरूप में बिराजमान हैं, जिससे श्रद्धालुओं के मन में आस्था की ज्योति प्रज्वलित हो उठी है। ढोल-नगाड़ों और देवी गीतों की मंगलमय गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। भक्तगण माँ के दरबार में दीप प्रज्वलित कर सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। सिंह पर आरूढ़ माँ शत्रुनाशिनी, करुणामयी और कल्याणकारी शक्ति का प्रतीक हैं। पूरे ग्राम बोरिया में जय माता दी की गूंज सुनाई दे रही है।
बताया गया कि नवरात्रि महोत्सव के अवसर पर सुभाष नवयुवक मंडल दुर्गात्सव समिति बोरिया द्वारा एक आयोजन किया जा रहा है। समिति प्रांगण में सोमवार 29 सितंबर को रात्रि 8 बजे से विशाल जागरण एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायिका पूजा गोल्हानी अपनी मधुर आवाज में प्रस्तुति देंगी। भजन संध्या का विशेष आकर्षण उनके लोकप्रिय भजन गोल्हानी मेरे भारत का बच्चा-बच्चा और शारदा मैया तेरो झूलना होंगे, जो श्रद्धालुओं को भावविभोर कर देंगे। आयोजक मंडल ने समस्त क्षेत्रवासियों और भक्तगणों से सपरिवार इस धार्मिक आयोजन में आकर माँ जगदम्बा का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।









