मैं भगवान को नहीं मानता-प्राचार्य

प्राचार्य के बयान पर गरमाया महाविद्यालय

  • अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने किया पुतला दहन और तालाबंदी
  • अभाविप ने नैनपुर कॉलेज प्राचार्य को हटाने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के नैनपुर स्थित शासकीय स्नातक महाविद्यालय में बुधवार को उस समय भारी हंगामा हो गया, जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्राचार्य जीसी मेश्राम के धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले कथित बयान के विरोध में कॉलेज में तालाबंदी कर दी और उनका पुतला दहन किया। यह विरोध प्रदर्शन प्राचार्य द्वारा नवरात्रि गरबा महोत्सव की अनुमति न देने के कारण शुरू हुआ।

जानकारी अनुसार राष्ट्रीय कला मंच द्वारा पिछले कुछ वर्षों से नवरात्रि के अवसर पर गरबा महोत्सव का आयोजन किया जाता रहा है। इस वर्ष भी जब छात्र-छात्राएं गरबा आयोजन की अनुमति लेने प्राचार्य के पास पहुँचे, तो प्राचार्य मेश्राम ने कथित तौर पर कहा कि मैं पूजन नहीं करता, मेरी भगवान में आस्था नहीं है, मैं भगवान को नहीं मानता। इस बयान से छात्रों की धार्मिक भावनाएँ आहत हुईं और उनमें भारी आक्रोश फैल गया।
अभाविप के नगर मंत्री रविंद्र यादव ने बताया कि प्राचार्य के इस बयान से छात्रों के मन में गहरा आघात लगा है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले भी विद्यार्थी परिषद ने महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा था, लेकिन प्राचार्य छात्रों के हितों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे उनका भविष्य खतरे में है।

इस घटना के बाद अभाविप के कार्यकर्ताओं और छात्रों ने एकजुट होकर कॉलेज परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने प्राचार्य का पुतला दहन किया और महाविद्यालय के गेट पर तालाबंदी कर दी। विद्यार्थी परिषद की मुख्य मांग है कि प्राचार्य जी.सी. मेश्राम को तत्काल उनके पद से हटाया जाए। अभाविप ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी यह मांग जल्द पूरी नहीं की जाती है, तो वे आगामी समय में चरणबद्ध तरीके से और भी उग्र प्रदर्शन करेंगे। इस घटना से कॉलेज प्रशासन और छात्रों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।


 

Leave a Comment