भाजपा कार्यालय मंडला में संविधान गौरव दिवस पर प्रबुद्ध जन संगोष्ठी आयोजित
लोकतांत्रिक मूल्यों व राष्ट्र निर्माण पर हुआ मंथन
- कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके ने नागरिकों के अधिकार व कर्तव्यों पर डाला प्रकाश
- राजेश जैन ने संविधान की ऐतिहासिक यात्रा का किया उल्लेख
मंडला महावीर न्यूज 29. भारतीय संविधान के अंगीकरण दिवस को संविधान गौरव दिवस के रूप में मनाते हुए स्थानीय भाजपा कार्यालय में प्रबुद्ध जन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस संगोष्ठी में लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके उपस्थित रहीं।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके ने भारतीय संविधान के महत्व, उसकी मूल भावना तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित जनों से संविधान के प्रति सम्मान, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी के भाव को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।
संविधान की ऐतिहासिक यात्रा और विकास पर हुई चर्चा
कार्यक्रम के संयोजक एवं मुख्य वक्ता राजेश कस्तूरचंद जैन ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से लेकर वर्तमान समय तक की संवैधानिक यात्रा पर अपने विचार रखे। उन्होंने विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था, संविधान की मूल भावना तथा भाजपा व वर्तमान केंद्र सरकार द्वारा संविधान के संरक्षण और संवैधानिक मूल्यों के प्रति किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। साथ ही, देश की लोकतांत्रिक यात्रा और निरंतर विकास के विभिन्न पहलुओं को रेखांकित किया।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम का मंच संचालन जयदत्त झा और आभार प्रदर्शन रानू राजपूत ने किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष राजेश जैन, जयदत्त झा, जिला मंत्री जोरावर सिंह, कृष्णा पंजवानी, विकास यादव, कार्यालय प्रभारी विनय मिश्रा, मोर्चा अध्यक्ष भावना साहू, जुगल बघेल सहित भाजपा के मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि एवं नगर के बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।









