श्री खाटू श्याम के चतुर्थ वार्षिक जन्मोत्सव पर भक्तिमय हुआ मंडला
भजनों की स्वर लहरियों पर झूमे श्याम प्रेमी
- ज्ञानदीप स्कूल परिसर में सजा बाबा का भव्य दरबार, लगा छप्पन भोग
- कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने की शिरकत
मंडला महावीर न्यूज 29. श्री खाटू श्याम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर नगर के श्याम भक्तों द्वारा चतुर्थ वार्षिक उत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। ज्ञानदीप स्कूल परिसर में आयोजित इस भव्य समारोह में श्याम भजनों की मधुर स्वर लहरियों ने ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु भक्ति भाव में सराबोर होकर झूम उठे। आयोजन में बड़ी संख्या में श्याम प्रेमियों ने पहुंचकर बाबा के दरबार में शीश नवाया और सुख-समृद्धि की कामना की।
उत्सव के अवसर पर बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया गया। आकर्षक सजावट के बीच बाबा का मनमोहक श्रृंगार कर अखंड ज्योत प्रज्वलित की गई और विधिवत पूजन-अर्चन संपन्न हुआ। आराध्य को विभिन्न व्यंजनों के साथ छप्पन भोग अर्पित किए गए, वहीं इत्र वर्षा से पूरा परिसर भक्तिमय सुगंध से महक उठा।



जयपुर व इंदौर के कलाकारों ने बांधा समां, श्याम रसोई में बंटी प्रसादी
श्याम प्रेमी मित्र मंडली के तत्वावधान में आयोजित संगीतमय भजन संध्या में जयपुर से आए अभिषेक नामा और मंडला के इंद्रेश तलरेजा ने मधुर श्याम भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी। इंदौर के कार्तिक जैन म्यूजिशियन ग्रुप ने अपने संगीत से भजनों में चार चांद लगा दिए। बाबा श्याम के जयकारों से पूरा आयोजन स्थल गूंज उठा और देर रात तक भक्ति की अविरल धारा बहती रही। कार्यक्रम के दौरान श्याम रसोई में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। सुचारु व्यवस्था बनाए रखने में मंडला कोतवाली प्रभारी शफीक खान के मार्गदर्शन में पुलिस विभाग का सराहनीय सहयोग रहा।

कैबिनेट मंत्री संपतिया ने लिया आशीर्वाद
चतुर्थ वार्षिक जन्मोत्सव में मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके भी शामिल हुईं। उन्होंने बाबा श्याम के दरबार में पहुंचकर परंपरागत रूप से पूजन-अर्चन किया और आशीर्वाद लिया। उन्होंने भजन संध्या का आनंद लेते हुए भक्ति गीतों के बीच अपनी सहभागिता निभाई तथा बाबा के चरणों में शीश नवाकर समस्त क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य एवं सुख-समृद्धि की कामना की।










