जंगलों में चार हाथियों की दस्तक से वन विभाग अलर्ट

Advertisements

मंडला के जंगलों में चार हाथियों की दस्तक से वन विभाग अलर्ट

गढ़ी बफर परिक्षेत्र में मिली लोकेशन, गांवों में मुनादी कर किया जा रहा सतर्क

  • कान्हा टाइगर रिजर्व व पूर्व सामान्य वनमंडल का अमला मुस्तैद
  • वरिष्ठ अधिकारियों ने बिछिया व सिझोरा में की समीक्षा बैठक
  • ग्रामीणों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के वन क्षेत्रों में चार हाथियों के दल के प्रवेश के बाद वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। विगत दिवस 23 नवंबर को छत्तीसगढ़ की सीमा पार कर मंडला जिले के कान्हा टाइगर रिजर्व अंतर्गत फेन अभ्यारण्य में पहुंचा यह दल अब पूर्व सामान्य वनमंडल के मवई, मोतीनाला और गढ़ी परिक्षेत्रों के जंगलों में विचरण कर रहा है। ग्रामीणों की सुरक्षा और वन्यजीवों के निर्बाध विचरण को सुनिश्चित करने के लिए कान्हा टाइगर रिजर्व तथा पूर्व सामान्य वनमंडल का मैदानी अमला लगातार निगरानी में जुटा है।वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 नवंबर को हाथियों के दल की लोकेशन कान्हा टाइगर रिजर्व के गढ़ी बफर परिक्षेत्र अंतर्गत पाई गई है। परिक्षेत्र अधिकारी गढ़ी प्रिवेश बराड़े के नेतृत्व में मैदानी अमला मौके पर डटा हुआ है और हाथियों की हर गतिविधि पर नजर रख रहा है। आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। इस अभियान में राजस्व, विद्युत, कृषि और पुलिस विभाग का भी निरंतर सहयोग लिया जा रहा है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने बिछिया व सिझोरा में की समीक्षा बैठक 

हाथियों के विचरण और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा के लिए 27 नवंबर को मुख्य वन संरक्षक जबलपुर एमआर बघेल, कान्हा टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक रवीन्द्र मणि त्रिपाठी और पूर्व सामान्य वनमंडल की वनमंडलाधिकारी प्रीता एस.एम. ने बिछिया तथा सिझोरा में विशेष बैठकें आयोजित कीं। अधिकारियों ने लोकेशन ट्रैकिंग, ग्रामीणों की जागरूकता और मानव-वन्यजीव सुरक्षा की विस्तृत समीक्षा करते हुए आपसी समन्वय के साथ सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। बैठक में अपर वनमंडलाधिकारी (बिछिया) चन्द्रिका सिंह, परिक्षेत्र अधिकारी बिछिया अविनाश जैन, परिक्षेत्र अधिकारी मोतीनाला अभय पाण्डेय, परिक्षेत्र अधिकारी मवई साधना चौहान, परिक्षेत्र अधिकारी सिझोरा बफर अभिषेक दुबे और परिक्षेत्र अधिकारी मोतीनाला सामान्य पूजा बघेल सहित अधीनस्थ मैदानी अमला उपस्थित रहा।

वन विभाग की आमजन से अपील 

वन विभाग ने क्षेत्र के नागरिकों और ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों का दल दिखाई देने पर उनके पास न जाएं और न ही उन्हें परेशान या उत्तेजित करने का प्रयास करें। किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं तथा हाथियों की उपस्थिति या गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम वन अमले को दें। विभाग ने मानव सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया है।


Leave a Comment