पत्नी के फर्जी हस्ताक्षर कर पार्टनरशिप से हटाया, एफआईआर दर्ज

Advertisements

मंडला डायग्नोस्टिक सेंटर फर्जीवाड़ा

पत्नी के फर्जी हस्ताक्षर कर पार्टनरशिप से हटाया, एफआईआर दर्ज

  • हाईकोर्ट के आदेश पर 5 साल बाद हुई कार्रवाई
  • भोपाल की हैंडराइटिंग जांच में पकड़ा गया फर्जीवाड़ा
  • वकील ने लगाया सत्ता के संरक्षण व आरोपियों के फरार होने का आरोप

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला डायग्नोस्टिक सेंटर में पार्टनरशिप और 2 करोड़ रुपए के लोन को लेकर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। फर्जी हस्ताक्षर कर अपनी ही पत्नी को फर्म की पार्टनरशिप से बाहर करने और लाभांश से वंचित करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने सेंटर के संचालक डॉ. मुकेश तिलगाम के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। इसके साथ ही इसमें शामिल अन्य लोगों के विरूद्ध विवेचना जारी है। पुलिस ने यह कार्रवाई भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय की हैंडराइटिंग जांच रिपोर्ट में हस्ताक्षर फर्जी पाए जाने और जबलपुर हाईकोर्ट के निर्देश के बाद की है।

जानकारी अनुसार मंडला कोतवाली थाने में विगत 23 नवंबर को एफआईआर दर्ज की गई। जिसमें बताया गया कि डॉ. भारती तिलगाम का विवाह 21 जनवरी 2012 को डॉ. मुकेश तिलगाम से हुआ था। 5 अगस्त 2021 को दोनों ने पार्टनरशिप में मंडला डायग्नोस्टिक सेंटर रजिस्टर्ड कराया, जिसमें डॉ. भारती निर्देशक थीं। फर्म के लिए दोनों के नाम से एसबीआई बैंक पड़ाव से 2 करोड़ रुपए का ज्वाइंट लोन स्वीकृत हुआ था। कुछ समय बाद घरेलू विवाद के चलते दोनों अलग रहने लगे, जिसके बाद डॉ. भारती ने लोन की बची 30 लाख रुपए की राशि पर बैंक में होल्ड लगवा दिया।

बताया गया कि मई 2022 में बैंक जाने पर डॉ. भारती को पता चला कि उनके पति ने उन्हें पार्टनरशिप से हटाने का आवेदन दिया है। जब उन्होंने सीए अंकित अग्रवाल के कार्यालय से दस्तावेज निकलवाए, तो खुलासा हुआ कि 29 जुलाई 2022 को षड्यंत्रपूर्वक सप्लीमेंट्री एलएलपी एग्रीमेंट तैयार कर उनके फर्जी हस्ताक्षर किए गए और उनका नाम हटाकर डॉ. मुकेश की बहन गंगावती मरावी निवासी महाराजपुर को पार्टनर बना दिया गया। इस दस्तावेज की नोटरी एडवोकेट अल्का वाजपेयी द्वारा सेंटर के कर्मचारी मनीष तिवारी और पंकज श्रीवास की गवाही में की गई, जबकि डॉ. भारती उस समय मौजूद ही नहीं थीं।

भोपाल से आई जांच रिपोर्ट में हुई फर्जी हस्ताक्षर की पुष्टि

शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने कंपनी रजिस्ट्रार कार्यालय ग्वालियर से दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां प्राप्त कीं और उन्हें जांच के लिए राजकीय परीक्षक प्रश्नास्पद प्रलेख, पुलिस मुख्यालय भोपाल भेजा। जांच रिपोर्ट में एग्रीमेंट पर किए गए हस्ताक्षर डॉ. भारती के मानक हस्ताक्षरों से मेल नहीं खाए। इसके बाद थाना प्रभारी शफीक खान के निर्देश पर उपनिरीक्षक प्रीति वर्मा ने डॉ. मुकेश तिलगाम एवं अन्य के विरुद्ध भादंवि की धारा 467, 468, 471 और 120-बी के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की है। मामले में गंगावती मरावी, मनीष तिवारी, पंकज श्रीवास और एडवोकेट अल्का वाजपेयी के विरुद्ध भी जांच जारी है।

सरकारी कर्मचारी को बनाया पार्टनर

डॉ. भारती तिलगाम के अधिवक्ता विजेन्द्र तिवारी ने बताया कि विगत 23 नवंबर को एफआईआर की गई, जिसकी प्रति तत्काल नहीं दी गई। करीब पांच दिन बाद जब डॉ. भारती के वकील साथ में कोतवाली थाने गए, तब जाकर एफआईआर की प्रति उन्हें दी गई। एफआईआर की प्रति मिलने के बाद डॉ. भारती तिलगाम के अधिवक्ता ने पूरे मामले में कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में जब डॉ. भारती सेंटर के संचालन के लिए गईं, तो उन्हें अंदर नहीं घुसने दिया गया और गंगावती मरावी के पति ने उनके साथ मारपीट की, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद था। अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि 2 करोड़ के लोन का पूरा बोझ डॉ. भारती पर डालकर मुनाफा डॉ. मुकेश तिलगाम ले रहे थे। साथ ही गंगावती मरावी जिला शिक्षा विभाग मंडला में सरकारी कर्मचारी हैं, इसके बावजूद उन्हें फर्जी तरीके से फर्म में पार्टनर बना दिया गया।

5 साल तक नहीं हुई सुनवाई, हाईकोर्ट से मिली राहत 

अधिवक्ता विजेन्द्र तिवारी ने बताया कि वे पिछले पांच वर्षों से थाने, जनसुनवाई और एसपी कार्यालय के चक्कर काट रहे थे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंतत: उन्हें जबलपुर हाईकोर्ट की शरण लेनी पड़ी, जहां से एसपी मंडला को जांच व कार्रवाई के आदेश दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि 23 नवंबर को एफआईआर होने के पांच दिन बाद भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए हैं और उनके फरार होने की खबर है। अधिवक्ता विजेन्द्र तिवारी ने उम्मीद जताई है कि पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करेगी।

इनका कहना है

डॉ मुकेश तिलगाम पर एफआईआर दर्ज की गई। मामले की जांच कोतवाली पुलिस कर रही है। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
राजेश सिंह, पुलिस अधीक्षक, मंडला

डॉ मुकेश तिलगाम पर एफआईआर दर्ज की गई है, जो अभी फरार है। अन्य पर अभी एफआईआर दर्ज नहीं है। विवेचना जारी है।
शफीक खान, थाना प्रभारी, कोतवाली, मंडला


 

Leave a Comment