नारायणगंज के सिंघनपुरी में एक पौधा मां के नाम योजना में धांधली
बिना पौधारोपण और फेंसिंग के ही आहरित कर ली गई राशि
- ग्राम पंचायत शाह में कागजों तक सिमटे बगीचे
- ठेकेदार व अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप
- किसानों ने जिला प्रशासन से की जांच की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत नारायणगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत शाह के ग्राम सिंघनपुरी में एक पौधा मां के नाम योजना के तहत गंभीर अनियमितता और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। आरोप है कि बगीचा निर्माण के नाम पर मौके पर केवल कुछ स्थानों पर गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं। न तो वहां पौधे लगाए गए और न ही सुरक्षा के लिए फेंसिंग की गई, इसके बावजूद योजना की राशि का आहरण कर लिया गया है।
जानकारी अनुसार ग्राम सिंघनपुरी निवासी हितग्राही कृपाल सिंह पिता गुलाब सिंह के खेत में मां के नाम बगीचा स्वीकृत किया गया था। आरोप है कि ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से इस कार्य की राशि आहरित कर ली गई, लेकिन कृषक के खेत में न तो पौधारोपण कराया गया, न ही खंभे लगाए गए और न ही तार खींचकर फेंसिंग की गई।
पंचायत के अन्य बगीचे भी कागजों तक सीमित
ग्रामीणों के अनुसार, यह स्थिति केवल एक खेत की नहीं है। ग्राम पंचायत शाह के अंतर्गत ऐसे अनेक मां के नाम बगीचा स्वीकृत किए गए हैं, जो जमीनी हकीकत के बजाय केवल कागजों तक ही सीमित हैं। कहीं केवल खंभे गाड़कर छोड़ दिए गए हैं, तो कहीं बिना तार फेंसिंग के ही नाममात्र के पौधे लगा दिए गए हैं। कृषकों का कहना है कि शासन के अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत से किसानों के खेतों में नाममात्र का निर्माण कराया गया है। किसानों ने एक पौधा मां के नाम योजना वृक्षारोपण में की गई इस कथित धांधली पर गहरा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन से इस मामले पर तत्काल ध्यान देने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।









