हितग्राहियों को सौंपे आवासीय पट्टे और रजिस्ट्री

Advertisements

मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में हितग्राहियों को सौंपे आवासीय पट्टे और रजिस्ट्री

  • देवरीकला बबलिया में विभिन्न विभागों के आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण
  • जनप्रतिनिधियों ने उठाई क्षेत्रीय समस्याएं, अधिकारियों ने दिया तत्काल समाधान का आश्वासन

मंडला महावीर न्यूज 29. मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जनपद पंचायत नारायणगंज के अंतर्गत पुराना बालक छात्रावास परिसर देवरी कला बबलिया में वृहद जनसंवाद शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सीईओ जिला पंचायत शाश्वत सिंह मीना ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।शिविर के दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित अनेक आवेदन प्रस्तुत किए गए, जिनका मौके पर ही संबंधित अधिकारियों द्वारा निराकरण किया गया। इस अवसर पर पात्र हितग्राहियों को भूमि एवं आवासीय पट्टों की रजिस्ट्री भी सौंपी गई, जिससे ग्रामीणों में हर्ष का माहौल रहा। शिविर में उद्यम संवाद एवं कृषक संवाद का भी आयोजन किया गया। उद्यम संवाद में स्थानीय संसाधनों के उपयोग और स्वरोजगार की संभावनाओं पर चर्चा कर युवाओं एवं ग्रामीणों को आजीविका गतिविधियों से जुडऩे के लिए प्रेरित किया गया। वहीं कृषक संवाद में किसानों की समस्याएं सुनकर उन्हें शासन की कृषि कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से योजनाओं की जानकारी भी दी।

अधिकारियों ने दिया समस्याओं के तत्काल निराकरण का आश्वासन 

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और बुनियादी आवश्यकताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने गंभीरता दिखाते हुए सभी क्षेत्रीय समस्याओं के त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।

ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित 

शिविर में प्रमुख रूप से जिला पंचायत सीईओ, निवास एसडीएम सीएल वर्मा, एसडीओपी निवास, नायब तहसीलदार सर्किल बबलिया, जनपद पंचायत नारायणगंज के अध्यक्ष आसाराम भारतीय, जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र वरकड़े सहित समस्त क्षेत्रीय सरपंच, विभागीय कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


 

Leave a Comment