मंडला फोर्ट स्टेशन की आधी रात की तस्वीर ने खोली यात्री सुविधाओं की पोल

Advertisements

अमृत भारत स्टेशन की जमीनी हकीकत

सुबह 5:10 बजे की ट्रेन पकड़ने के लिए रातभर जमीन पर सोने को मजबूर गरीब आदिवासी यात्री

  • मंडला फोर्ट स्टेशन की आधी रात की तस्वीर ने खोली यात्री सुविधाओं की पोल
  • सीमित रेल कनेक्टिविटी से परेशान ग्रामीण
  • डीआरएम नागपुर व जोन की जवाबदेही पर उठे सवाल

मंडला महावीर न्यूज 29. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से विकसित करने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जनजातीय बहुल मंडला जिले के मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन की जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। 26 नवंबर की रात 12:23 बजे स्टेशन परिसर से सामने आई तस्वीर ने रेलवे के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तस्वीर में गरीब आदिवासी परिवारों के लोग, महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे बच्चे अपने बिस्तर बिछाकर जमीन पर रात गुजारते नजर आ रहे हैं।जानकारी के अनुसार, दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्री जबलपुर-मंडला (51704) सुबह 5:10 बजे की ट्रेन पकड़ने के लिए एक दिन पहले शाम करीब 6 बजे ही स्टेशन पहुंच जाते हैं। सुबह के समय गांवों से स्टेशन तक पर्याप्त परिवहन साधन न होने और निजी बसों के महंगे किराए के कारण इन परिवारों के पास रातभर स्टेशन पर इंतजार करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचता। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अपने ही जिले के स्टेशन पर गरीब यात्रियों को सम्मानजनक तरीके से रात गुजारने की व्यवस्था क्यों नहीं मिल पा रही है।

सुबह 5:10 बजे के बाद रेल कनेक्टिविटी का गहरा संकट

मंडला फोर्ट स्टेशन पर समस्या केवल रात में ठहरने की नहीं है, बल्कि सीमित रेल सेवाएं भी बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई हैं। सुबह 5:10 बजे की ट्रेन के बाद नैनपुर-जबलपुर, नैनपुर-सिवनी-छिंदवाड़ा और मंडला से बालाघाट-गोंदिया के लिए सीधी और सुलभ रेल कनेक्टिविटी का अभाव है। इसके चलते यात्रियों को निजी बसों व अन्य महंगे साधनों का सहारा लेना पड़ता है, जिसका सीधा आर्थिक बोझ गरीब ग्रामीण और आदिवासी परिवारों पर पड़ रहा है।

रेलवे बोर्ड के नाम पर टलती जिम्मेदारी, जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर भी सवाल

स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों और नागरिकों द्वारा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से नई ट्रेनें चलाने और कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए कई बार पत्राचार किया गया है, लेकिन अब तक ठोस परिणाम सामने नहीं आए हैं। आरोप है कि जब भी नागपुर मंडल के रेलवे अधिकारियों से यात्री सुविधाओं और नई ट्रेनों पर सवाल किए जाते हैं, तो मामला रेलवे बोर्ड का बताकर जिम्मेदारी टाल दी जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडल स्तर पर यात्री मांग का आकलन कर महाप्रबंधक (दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर) और रेलवे बोर्ड को ठोस प्रस्ताव भेजना डीआरएम नागपुर मंडल की प्रशासनिक जिम्मेदारी है।

इनका कहना है

नितिन सोलंकी (स्वतंत्र रेल एक्टिविस्ट): “अमृत भारत स्टेशन की परिकल्पना तभी सार्थक होगी, जब स्टेशन पर आने वाले अंतिम व्यक्ति को भी सम्मानजनक यात्री सुविधाएं मिलेंगी। मंडला से लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें चालू होनी चाहिए।”

रामकली उइके (आदिवासी महिला यात्री, बिछिया): “छोटे बच्चों और बुजुर्गों को लेकर रातभर जमीन पर सोना पड़ता है। रेलवे को हमारे लिए बैठने और आराम करने की अच्छी व्यवस्था करनी चाहिए।”

विनोद नंदा (स्थानीय यात्री, मंडला): “मंडला से दूसरी जगह जाने के लिए ट्रेनें सीमित हैं। सुबह की ट्रेन छूट गई तो महंगी बसों में जाना पड़ता है। गरीब आदमी पर दोहरी मार पड़ रही है।”

मंडला फोर्ट स्टेशन से जुड़े प्रमुख सवाल

  • स्टेशन पर रात में आने वाले यात्रियों के लिए पर्याप्त प्रतीक्षालय, आराम और सुरक्षा की व्यवस्था क्यों नहीं है?
  • सुबह 5:10 बजे की ट्रेन पकड़ने के लिए यात्रियों को पिछली शाम ही स्टेशन क्यों पहुंचना पड़ता है?
  • मंडला से नैनपुर-जबलपुर, सिवनी-छिंदवाड़ा और बालाघाट-गोंदिया के लिए बेहतर व सीधी रेल कनेक्टिविटी कब मिलेगी?
  • भोपाल, इंदौर, नागपुर और दिल्ली जैसे प्रमुख शहरों के लिए मंडला फोर्ट से सीधी ट्रेन सेवा से आदिवासी जिला अब तक वंचित क्यों है?
  • डीआरएम नागपुर मंडल ने यात्रियों की समस्याओं को लेकर रेलवे बोर्ड को क्या ठोस प्रस्ताव भेजे हैं और बिलासपुर जोन व नागपुर मंडल के बीच समन्वय क्यों नहीं दिख रहा?
  • मंडला के जनप्रतिनिधियों ने रेल मंत्री के समक्ष उठाई गई मांगों के परिणाम जानने के लिए क्या ठोस पहल की है?

Leave a Comment