खेल, रोमांच और सीखने के संगम में विद्यार्थियों ने बिताए यादगार 24 घंटे
ब्रेन चाइल्ड एकेडमी सेमरखापा में वार्षिक स्कूल कैंप व स्पोर्ट्स डे का आयोजन
- पहाड़ी ट्रेकिंग, थांग-ता कार्यशाला से लेकर कैंपफायर तक रही धूम
- रचनात्मक व साहसिक गतिविधियों से निखरा विद्यार्थियों का आत्मविश्वास
मंडला महावीर न्यूज 29. ब्रेन चाइल्ड एकेडमी, सेमरखापा में खेल पखवाड़े के अंतर्गत वार्षिक स्कूल कैंप एवं स्पोर्ट्स डे 2026 का आयोजन बड़े उत्साह और उमंग के साथ किया गया। इस अनूठे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में लगातार 24 घंटे बिताकर खेल, रोमांच, मनोरंजन और रचनात्मक गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया।
शिविर के अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में दौड़, रिले रेस, योग एवं शारीरिक व्यायाम के साथ विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से सेल्फ डिफेंस और थांग-ता (मार्शल आर्ट) कार्यशाला आयोजित की गई। साहसिक गतिविधियों के तहत विद्यार्थियों ने नजदीकी पहाड़ी पर ट्रेकिंग और ट्रेजर हंट में हिस्सा लेकर अद्भुत टीम भावना व आपसी सहयोग का परिचय दिया।

रचनात्मक कार्यशालाओं और कैंपफायर ने बनाया आयोजन को खास
खेल और रोमांच के साथ ही विद्यार्थियों ने डांस वर्कशॉप, आर्ट वर्कशॉप और म्यूजिकल गेम्स के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा पिकनिक, सामूहिक रात्रिभोज, मनोरंजक फिल्म और डांस पार्टी ने बच्चों के उत्साह को दोगुना कर दिया। शाम को आयोजित कैंपफायर में विद्यार्थियों ने आपसी मित्रता और सामूहिक आनंद के यादगार पल बिताए।

डायरेक्टर व प्राचार्य के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ आयोजन
इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं रचनात्मक विकास के साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और सहयोग की भावना को विकसित करना रहा। संपूर्ण आयोजन डायरेक्टर निशांत शुक्ला एवं प्राचार्य डॉ. दिव्या शुक्ला के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में एकेडमिक कोऑर्डिनेटर सोनिया जैन, राजुल सिहानी सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।










