जनहित के मुद्दों पर गोंगपा का हल्ला बोल
वन अधिकार पट्टा, अवैध शराब और सफाई व्यवस्था की अनियमितताओं को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
- जिला अस्पताल में अवैध पार्किंग वसूली व उद्योग विभाग की भूमि के दुरुपयोग की जांच की मांग
- निष्पक्ष जांच समिति गठित कर समयबद्ध कार्रवाई का अनुरोध
मंडला महावीर न्यूज 29. गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने जिले में जनहित से जुड़ी गंभीर समस्याओं और विभिन्न विभागों में व्याप्त अनियमितताओं को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रमोद नरेती एवं जिला संगठन मंत्री समेत उपस्थित सभी लोगों ने ज्ञापन में जनहित और प्रशासनिक पारदर्शिता की दृष्टि से पांच प्रमुख बिंदुओं पर तत्काल संज्ञान लेकर कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि वन अधिकार पट्टा वितरण के नाम पर ग्रामीणों को अनावश्यक परेशान किया जा रहा है। दावा-आपत्ति एवं त्रुटि सुधार के लिए ग्राम स्तर पर शिविर लगाकर समीक्षा की जाए और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण हो। प्रतिबंध और नियमों के बावजूद गांवों, शहरों, मकानों तथा नेशनल हाईवे के ढाबों पर अवैध शराब की बिक्री धड़ल्ले से जारी है। संबंधित स्थानों पर जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। घरों से मासिक शुल्क और नगरपालिका से भुगतान लेने के बावजूद कचरा संग्रहण की गाडिय़ां नियमित नहीं चल रही हैं।
मोहनटोला घाट में खुले में कचरा जलाने तथा टेंचिंग ग्राउंड की महंगी मशीनों के बंद रहने और उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जाए। अस्पताल में वाहन स्टैंड के नाम पर की जा रही मनमानी पार्किंग वसूली तथा ग्रामीणों व आदिवासियों के साथ हो रहे र्दुव्यवहार की शिकायतों की जांच हो। साथ ही, अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों और पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। आवंटित औद्योगिक भूमि का निर्धारित उद्देश्य के विपरीत व्यावसायिक उपयोग किए जाने की शिकायतें हैं। जिले की सभी औद्योगिक इकाइयों की जांच के लिए समिति गठित कर वास्तविक उत्पादन, रोजगार सृजन और भूमि उपयोग की जांच कराई जाए और रिपोर्ट से अवगत कराया जाए।
निष्पक्ष जांच समिति गठित करने की मांग
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि उपरोक्त सभी बिंदुओं की जांच के लिए एक निष्पक्ष जांच समिति गठित कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही पार्टी ने प्रशासन से की गई कार्रवाई की लिखित जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।









