ग्रामीणों ने लगाया झूठे गांजे के मामले में फंसाने का आरोप, दोबारा जांच के आदेश
मंडला के कछारी गांव में धान की दो बोरियों से शुरू हुआ विवाद पहुंचा एसपी कार्यालय
- बम्हनी बंजर के कछारी मामले में एसपी कार्यालय पहुंचे 100 से अधिक ग्रामीण
- अवैध रेत कारोबार के विरोध को बताया साजिश, एसडीओपी नैनपुर करेंगे जांच
मंडला महावीर न्यूज 29. बम्हनी बंजर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत ककैया के ग्राम कछारी में धान की दो बोरियों से शुरू हुआ मामला अब पुलिस कार्रवाई और साजिश के आरोपों तक पहुंच गया है। शिकायतकर्ता दिमाकू लाल भांवरे ने मंडला पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर कार्रवाई पर सवाल उठाए, वहीं उनके समर्थन में गांव के 100 से अधिक महिला-पुरुष एसपी कार्यालय पहुंचे और निष्पक्ष जांच की मांग की।
शिकायतकर्ता दिमाकू लाल भांवरे ने बताया कि 25 नवंबर को दोपहर करीब 1 से 2 बजे एक अज्ञात व्यक्ति साइकिल से धान की दो बोरियां लेकर उनकी किराना दुकान पर आया था। एक बोरी का सौदा 600 रुपये में तय हुआ, जबकि दूसरी बोरी के पैसे शाम को देने की बात कहकर उसे दुकान पर छोड़ दिया गया। आरोप है कि शाम करीब 5 बजे पुलिस दुकान पर पहुंची और तलाशी के दौरान कथित रूप से 690 ग्राम गांजा मिलने की बात कहते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। शिकायतकर्ता ने पुलिसकर्मियों पर अभद्रता, गाली-गलौज, धमकाने, करीब चार घंटे तक दुकान में बैठाए रखने और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे हटाने का आरोप भी लगाया है, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
अवैध रेत कारोबार के विरोध से जोड़ा घटनाक्रम
शिकायतकर्ता और ग्रामीणों ने इस घटना को गांव में कथित अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के विरोध से जोड़ा है। उनका कहना है कि स्मारक ठाकुर और शिवप्रकाश ठाकुर के खिलाफ ग्रामीण पहले भी अवैध रेत कारोबार को लेकर शिकायत कर चुके हैं और रेत निकाले जाने वाले क्षेत्र में स्थित उनके खेतों तक ट्रैक्टरों की आवाजाही से फसलों को नुकसान होता है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी विरोध के चलते उन्हें झूठे मामले में फंसाने की साजिश रची गई, हालांकि इन आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
एसपी ने एसडीओपी नैनपुर को सौंपी दोबारा जांच
इस मामले में पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की थी, जबकि शिकायतकर्ता ने सूचना को गलत बताते हुए शिकायत दी है। प्रकरण की निष्पक्ष समीक्षा के लिए एसपी ने पूरे मामले की दोबारा जांच के निर्देश एसडीओपी नैनपुर को दिए हैं। अब जांच रिपोर्ट के बाद ही बोरियों के पहुंचने, सूचना के आधार और लगाए गए आरोपों की वास्तविकता सामने आ सकेगी।









