पांच हजार किलो महुआ लाहन व 85 लीटर कच्ची शराब जब्त, 5.12 लाख से अधिक का माल नष्ट
- मांद तालाब के किनारे अवैध शराब निर्माण अड्डों पर आबकारी विभाग की दबिश
- आबकारी व पुलिस टीम को देख आरोपी फरार, 4 अज्ञात प्रकरण दर्ज
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध शराब निर्माण और विक्रय के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी सतीश कश्यप के मार्गदर्शन में मंडला वृत्त की टीम ने ग्राम अंजनिया स्थित मांद तालाब के किनारे संचालित अवैध शराब निर्माण के अड्डों पर दबिश दी।
दबिश के दौरान विभिन्न अड्डों से लगभग 500 डिब्बों में रखा करीब 5000 किलोग्राम महुआ लाहन (प्रत्येक डिब्बे में लगभग 10 किलो) और करीब 85 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब बरामद की गई। टीम ने मौके पर ही महुआ लाहन और शराब बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे बर्तनों को नष्ट कर दिया। जब्त मदिरा व लाहन की कुल अनुमानित कीमत 5,12,500 रुपए बताई गई है।

आरोपी फरार, 4 प्रकरण दर्ज
कार्रवाई के दौरान आबकारी और पुलिस बल को आता देख अवैध शराब बनाने वाले लोग मौके से भाग निकले, जिनकी तलाश की जा रही है। मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध कुल 4 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी, शैली सैयाम, सचिन मंडलोई, हरे सिंह उइके, भानु पुशाम, प्रधान आरक्षक विजय कमलेश, कन्हैया उइके, शकुंतला सैयाम, नेतराम काकोटिया तथा पुलिस बल शामिल रहा। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।










