हरि-हर मिलन के पावन पर्व पर शिव और विष्णु मंदिरों में गूंजे जयकारे
- नर्मदा घाटों पर हुआ दीपदान, मंदिरों में सुबह से लगा भक्तों का तांता
- मंडला में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई बैकुंठ चतुर्दशी
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले भर में बैकुंठ चतुर्दशी का पावन पर्व पूरी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर सहित ग्रामीण अंचलों के प्रमुख शिवालयों और विष्णु मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान विष्णु और भगवान शिव की संयुक्त आराधना के इस विशेष दिन पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और महाआरती के आयोजन किए गए।
बताया गया कि पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में सुबह से ही खासा उत्साह देखने को मिला। ब्रह्म मुहूर्त से ही भक्त मां नर्मदा के विभिन्न घाटों पर पवित्र स्नान के लिए पहुंचने लगे थे। स्नान के बाद भक्तों ने मंदिरों में जाकर भगवान विष्णु को कमल के फूल और तुलसी दल अर्पित किए, वहीं भगवान शिव का बेलपत्र और नर्मदा जल से अभिषेक किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बैकुंठ चतुर्दशी के दिन ही भगवान विष्णु ने भगवान शिव की आराधना की थी और सृष्टि का भार पुन: संभाला था, जिसे हरि-हर मिलन के रूप में भी मनाया जाता है।
शहर के प्रमुख मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। दिन भर मंदिरों में भजन-कीर्तन, सुंदरकांड और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चलता रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा प्रसाद वितरण भी किया गया।
शाम के समय मां नर्मदा के तटों पर अद्भुत नजारा देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने नर्मदा के पावन जल में दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। हजारों दीपों की रोशनी से नर्मदा के घाट जगमगा उठे। पर्व के दौरान मंदिरों और घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
कार्तिक पूर्णिमा आज, नर्मदा घाटों पर स्नान के लिए उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब
बैकुंठ चतुर्दशी के बाद आज जिले भर में कार्तिक पूर्णिमा का महापर्व मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर पुण्य स्नान के लिए मां नर्मदा के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। शहर के माहिष्मती घाट, संगम घाट, नाव घाट और सहस्त्रधारा सहित जिले के अन्य प्रमुख तटों पर ब्रह्म मुहूर्त से ही स्नान, पूजन और दान-पुण्य का सिलसिला शुरू हो जाएगा। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और नगर पालिका ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य कर ली है।










