नर्मदा किनारे अवैध शराब अड्डों पर दबिश, 2200 किलो महुआ लाहन नष्ट
- अवैध शराब निर्माण के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान जारी
- 2.26 लाख रुपये से अधिक का महुआ लाहन व कच्ची शराब जब्त
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में अवैध शराब के निर्माण और विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी सतीश कश्यप के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त मंडला की टीम ने ग्राम मानादेही स्थित नर्मदा नदी के किनारे संचालित अवैध शराब अड्डों पर दबिश दी।
220 डब्बों में भरा महुआ लाहन और कच्ची शराब जब्त
छापामार कार्रवाई के दौरान नर्मदा तट के विभिन्न ठिकानों से प्लास्टिक के लगभग 220 डब्बों में भरा 2200 किलोग्राम महुआ लाहन और 45 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब बरामद की गई। टीम ने मौके पर ही महुआ लाहन और शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले बर्तनों को नष्ट कर दिया। जब्त की गई शराब और नष्ट किए गए लाहन की कुल अनुमानित कीमत 2,26,750 रुपये आंकी गई है।

अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तीन मामले दर्ज
आबकारी दल को आता देख शराब निर्माण में लिप्त आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। विभाग ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कुल 03 प्रकरण पंजीबद्ध किए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा निर्माण व विक्रय करने वालों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
कार्रवाई में इनकी रही मुख्य भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी, शैली सैयाम, सचिन मंडलोई, हरे सिंह उइके, भानु पुशाम सहित प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक विजय, कमलेश, कन्हैया उइके, विकास कौरव और हिमांशी धुर्वे की सराहनीय भूमिका रही।










