बाल दिवस की धूम, बच्चों ने दिखाया अपना हुनर
सांदीपनि विद्यालय टिकरिया में सजे बाल मेले के आकर्षक स्टॉल
- नन्हें हाथों ने परोसे स्वादिष्ट व्यंजन और खिलाए खेल
- पंडित नेहरू की जयंती पर विद्यार्थियों ने दिखाई अद्भुत रचनात्मकता
मंडला महावीर न्यूज 29. देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले बाल दिवस की धूम नारायणगंज क्षेत्र में भी देखने को मिली। इसी कड़ी में सांदीपनि विद्यालय टिकरिया नारायणगंज में बाल दिवस का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में बाल मेले का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों ने विभिन्न प्रकार के व्यंजनों, मनोरंजक खेलों और अन्य सामग्रियों के आकर्षक स्टॉल लगाकर अपनी रचनात्मकता व अद्भुत हुनर का प्रदर्शन किया।
विद्यालय की प्रभारी नीलू कुशराम ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य किताबी ज्ञान से परे बच्चों को व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से सीखने और अपनी छिपी हुई प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना था। बाल मेले में बच्चों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ अपने-अपने स्टॉल सजाए और अपनी दुकानों का संचालन किया।
इन बच्चों ने लगाए आकर्षक स्टॉल
मेले में छात्रा कात्यायनी मरावी ने स्वादिष्ट फुल्की, अवनि अग्निहोत्री ने इडली-सांभर और अनुष्का ने चटपटी भेलपुरी का शानदार स्टॉल लगाया। वहीं हर्षिता पटवा ने सौंदर्य सामग्री की दुकान सजाई, जबकि छात्र कान्हा नागेश्वर और वैभव परते ने मनोरंजक खेलों के स्टॉल लगाकर वहां मौजूद सभी लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
शिक्षकों ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
आयोजन के दौरान अपनी दुकानों का संचालन करते हुए बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों की इस रचनात्मक पहल का विद्यालय के शिक्षकों ने भी जमकर उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विद्यालय के माध्यमिक शिक्षक चंद्रकांत ठाकुर, अवधेश सिंगरौरे, नीलू कुशराम, सुशीला मार्को, गोमती उईके, दिव्या गढ़वाल, प्रतिभा मिश्रा, निशा श्रीवास, कुंजन पंद्रों, संस्कृति झरिया और सीएसी दिनेश सैयाम सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी की सक्रिय भागीदारी ने बच्चों के लिए इस बाल दिवस को बेहद खास और यादगार बना दिया।










