जंपिंग जंप और मिकी माउस का बच्चों ने उठाया लुत्फ

Advertisements

माध्यमिक शाला सर्रा पिपरिया में बाल दिवस की धूम

डीपीसी ने किया बाल कैबिनेट का सम्मान, दी चॉकलेट और पेन

  • जंपिंग जंप और मिकी माउस का बच्चों ने उठाया लुत्फ
  • डीपीसी अशोक शुक्ल ने कहा- योजनाओं में स्कूल को मिलेगी प्राथमिकता

मंडला महावीर न्यूज 29.  विकासखंड नैनपुर के अंतर्गत एकीकृत माध्यमिक शाला सर्रा (दर्रा) पिपरिया में बाल दिवस (14 नवंबर) का कार्यक्रम अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी (डीपीसी) अशोक कुमार शुक्ल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान शाला के शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीण जन-प्रतिनिधियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

‘बाल कैबिनेट’ का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान डीपीसी अशोक कुमार शुक्ल ने ग्राम सरपंच मीराबाई सिंगराम, परदेसी वरकड़े और शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष रुक्मणी उइके की गरिमामयी उपस्थिति में शाला की ‘बाल कैबिनेट’ का सम्मान किया। उन्होंने बाल कैबिनेट की प्रधानमंत्री विभा मर्सकोले, उपप्रधानमंत्री अनुराधा वलाडी, राष्ट्रपति नंदनी उइके और उपराष्ट्रपति आकांक्षा परते सहित सभी मंत्रियों को सम्मानित करते हुए उनकी सक्रिय भागीदारी की जमकर प्रशंसा की।

बच्चों को दी चॉकलेट, खिलाया मिकी माउस

डीपीसी ने बाल दिवस के उपलक्ष्य में स्कूल के सभी बच्चों को पेन और चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। औपचारिक कार्यक्रम के बाद, शाला के प्रधान अध्यापक संजीव सोनी की पहल पर बच्चों के मनोरंजन के लिए प्रांगण में लगाए गए मिकी माउस और जंपिंग जंप का शुभारंभ भी डीपीसी महोदय के हाथों कराया गया। बच्चों ने जमकर उछल-कूद की और डीपीसी के साथ फोटो सेशन में भी भाग लिया।

स्कूल के संसाधनों को सराहा, प्राथमिकता का दिया आश्वासन

इससे पूर्व शाला पहुंचने पर डीपीसी अशोक शुक्ल ने स्कूल में उपलब्ध संसाधनों का बारीकी से निरीक्षण किया। वे शिक्षकों और स्थानीय सहयोग से जुटाए गए संसाधनों को देखकर खासे प्रभावित हुए। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि भविष्य में शासन स्तर से स्कूलों के लिए कोई योजना या सहयोग का प्रावधान आता है, तो उसमें माध्यमिक शाला सर्रा पिपरिया को पूरी प्राथमिकता दी जाएगी।

विशेष मध्यान्ह भोजन से हुआ समापन

कार्यक्रम में शिक्षक सुरेश श्रीवास्तव, दशरथ पगाडे और राजेश उराडे ने पंडित नेहरू के जीवन पर प्रकाश डाला, जबकि पालक शिक्षक संघ की ओर से परदेसी वरकड़े ने स्कूल व ग्रामीणों के आपसी तालमेल की सराहना की। इस अवसर पर महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष सावित्री बाई धुर्वे और सचिव साधना मरावी द्वारा बच्चों व अतिथियों के लिए विशेष मध्यान्ह भोजन (खीर, पूड़ी, दाल, चावल व सब्जी) की शानदार व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन शिक्षिका पार्वती झरिया द्वारा किया गया।


Leave a Comment